You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कर्नाटक: ट्रक में धमाके से दहला पूरा ज़िला, कई लोगों के मारे जाने की आशंका

कर्नाटक के शिवमोगा ज़िले में एक खदान के क़रीब ट्रक में विस्फोट हुआ है जिसमें कई लोगों के मारे जाने की आशंका है.

लाइव कवरेज

  1. बाइडन के शपथ-ग्रहण से पहले वॉशिंगटन में तैनात किये गए 25 हज़ार सैनिक

    अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन 20 जनवरी को देश के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने वाले हैं.

    उनके शपथ-ग्रहण से पहले राजधानी वॉशिंगटन में लॉकडाउन लगा दिया गया है. बताया गया है कि वॉशिंगटन शहर में क़रीब 25 हज़ार सैनिक तैनात किये गए हैं.

    कैपिटल हिल पर हुई घटना और कोरोना महामारी को देखते हुए अमेरिकी प्रशासन सावधानी बरत रहा है.

    मंगलवार को लिंकन मेमोरियल में हुई एक सभा में जो बाइडन ने उन हज़ारों अमेरिकी नागरिकों को श्रद्धांजलि दी जिनकी मौत कोरोना महामारी की वजह से हुई. अमेरिका में अब तक चार लाख, एक हज़ार से ज़्यादा लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी जनता से नये प्रशासन के लिए प्रार्थनाएं करने की अपील की है. लेकिन उन्होंने इस अपील में कहीं भी उस शख़्स का नाम नहीं लिया, जिन्होंने नवंबर में हुये राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें शिकस्त दी.

    160 वर्षों में राष्ट्रपति ट्रंप पहले ऐसे अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे जो अपने बाद उस पद पर आने वाले के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे.

  2. जापान में बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण 130 कारें आपस में भिड़ीं - तस्वीरें

    उत्तरी जापान में बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण हाइवे पर 130 कारें आपस में भिड़ गईं. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत और 10 लोग घायल हो गए हैं.

    मंगलवार को मियागी प्रान्त के तोहोकू एक्सप्रेस वे पर दोपहर तीन बजे बर्फ़ की सफ़ेद चादर बिछ गई और कारें आपस में भिड़ गईं.

    अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के कारण एक्सप्रेस वे पर 200 लोग फ़ंसे हैं जिन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन के ज़रिए बाहर निकाला जा रहा है.

    हालिया हफ्तों में जापान के कुछ इलाकों में ज़बरदस्त बर्फ़बारी हो रही है. ये बर्फ़बारी लगाए गए अनुमान का दोगुना है. हालात को देखते हुए गाड़ियों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तय कर दी गई थी.

    स्थानीय मौसम अधिकारी का कहना है कि जब हादसा हुई तो हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी. स्थानीय मीडिया ने बताया है कि इस इलाके में 15 इंच मोटी बर्फ़ पड़ी है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप का आख़िरी काम, 70 से अधिक लोगों की दया याचिका की स्वीकार

    अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर पद छोड़ने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पुराने सहयोगी रहे स्टीव बैनन की दया याचिका स्वीकार कर ली है.

    राष्ट्रपति के तौर पर काम के अपने आख़िरी घंटों में उन्होंने 73 से अधिक लोगों की दया याचिका स्वीकार कर ली है जबकि 70 और लोगों को सज़ा कम करने का फ़ैसला किया है. इन लोगों में स्टीव बैनन के अलावा रैपर लिल वायने और कोडैक ब्लैक और डेट्रॉयट के पूर्व मेयर क्वामे किलपैट्रिक शामिल हैं.

    2016 के राष्ट्रपति पद के चुनाव अभियान के दौरान स्टीव बैनन ट्रंप के महत्वपूर्ण सलाहकारों में से एक थे. बीते साल अमेरिका-मेक्सिको के बीच दीवार बनाने के लिए उन्हें फंड इकट्ठा करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी.

    अभियोजकों का कहना था कि स्टीव बैनन समेत तीन और लोगों ने मिलकर ‘वी बिल्ड द वॉल’ अभियान के तहत हज़ारों दानकर्ताओं को धोखा दिया. इस अभियान के तहत 250 लाख डॉलर एकत्र किए गए थे.

    बैनन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने पर्सनल खर्च के तौर पर कम से कम 10 लाख डॉलर खर्चे हैं. बैनन अब तक खुद पर लगे आरोपों से इनकार करते रहे हैं.

    लिल वायने और कोडैक ब्लैक पर हथियार रखने का आरोप है जबकि क्वामे किलपैट्रिक को भ्रष्टाचार के आरोप में 28 साल के जेल की सज़ा मिली है.

    अमेरिका में राष्ट्रपति के तौर पर कार्यकाल खत्म करने के पहले सज़ा काट रहे कुछ लोगों की दया याचिका स्वीकार करने की परंपरा रही है.

  4. महीनों ग़ायब रहने के बाद जैक मा आए सामने

    अलीबाबा कंपनी के संस्थापक जैक मा युन कई सप्ताह बाद एक बार फिर मीडिया के सामने आए हैं. बीते साल नवंबर की शुरूआत से उन्हें सार्वजनिक तौर पर देखा नहीं गया था.

    अपने चैरिटी फाउंडेशन के एक अभियान के लिए उन्होंने वीडियो लिंक के ज़रिए ग्रांमीण इलाक़ों के स्कूलों में काम कर रहे शिक्षकों से बात की. अलीबाबा कंपनी शुरू करने से पहले जैक मा खुद अंग्रेज़ी भाषा के शिक्षक रह चुके हैं.

    चीनी सरकार समर्थित मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.

    ग्लोबल टाइम्स का कहना है कि हाल में वित्तीय नियामकों ने अलीबाबा कंपनी को लेकर जांच शुरू की थी जिसके बाद पहली बार अलीबाबा मीडिया में दिखे हैं.

    सीएनबीसी के अनुसार जैके मा के वीडियो के सामने आने के बाद उनकी हांग-कांग स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड उनकी कंपनी के स्टॉक की कीमतें पांच फीसदी तक बढ़ गई हैं.

    बीते साल अक्तूबर में एंट ग्रूप (पहले इसे एंट फाइनेन्शियल एंड अलीपे के नाम से जाना जाता था) के आईपीओ के जारी किए जाने को लेकर जैक मा ने कहा था कि ये अब तक का दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ होगा. उन्होंने दावा किया था कि साल भर पहले हुए सऊदी अरामको के आईपीओ से भी ये अधिक बड़ा हो सकता है.

    शंघाई में हुए एक सम्मेलन में उन्होंने कहा था, “पांच साल पहले तक या फिर तीन साल पहले तक मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी लेकिन ये जादू है जो हो रहा है.“

    उनके इस बयान के बाद चीन के वित्तीय नियामकों ने उनकी कंपनी की जांच शुरू कर दी थी और इसके बाद से जैक मा मीडिया में नज़र नहीं आए थे. ऐसे में कयास लगाए जाने लगे थे कि वो लापता हैं.

    ब्लूमबर्ग का कहना है कि अब तक इस बात पता नहीं चला है कि जैक मा फिलहाल कहां हैं. लेकिन सार्वजनिक तौर पर उनके सामने आने से अब उनके बारे में हो रही चर्चा ख़त्म होगी.

  5. केंद्र सरकार ने वॉट्सऐप से पूछे सवाल, सात दिन में जवाब देने को कहा

    भारत सरकार ने वॉट्सऐप से कहा है कि प्रस्तावित प्राइवेसी पॉलिसी मंज़ूर नहीं है. सरकार ने कहा है कि वॉट्सऐप की प्रस्तावित प्राइवेसी पॉलिसी से भारतीय यूज़र्स की निजता का हनन और सुरक्षा जोख़िम को देखते हुए इसे मंज़ूर नहीं किया जा सकता.

    अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार प्राइवेसी पॉलिसी में वॉट्सऐप की भेदभावपूर्ण नीति को लेकर भी सरकार ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है.

    टेलिकॉम मंत्रालय ने वॉट्सऐप के सीईओ को पत्र लिख इस संबंध में कई सवाल पूछे हैं और सात दिनों के भीतर उनके जवाब मांगे हैं. इनमें भारतीय यूज़र्स का डेटा किस सर्वर में रखा जाता है और क्या व्हाट्सऐप यूज़र्स की जानकारी किसी और ऐप या कंपनी के किसी और यूनिट के साथ साझा करता है, जैसे सवाल शामिल हैं.

    आगामी आठ फ़रवरी से वॉट्सऐप ने भारत में अपनी नई प्राइवेसी पॉलिसी लागू करने की बात कही थी लेकिन व्यापक विरोध को देखते हुए इसे 15 मई तक के लिए टाल दिया गया है.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, कोविड-19: अमेरिका में मौतों का आंकड़ा 4 लाख के पार पहुंचा

    मंगलवार को अमेरिका में कोरोनो वायरस के संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या 4 लाख से ज्यादा हो गई.

    जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के डैशबोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार शाम तक अमेरिका में 401,553 लोगों की कोविड -19 से मौत हो चुकी है.

    अमरीका के लगभग इतने लोग द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान मारे गए थे जो तीन साल और 9 महीने तक जारी रहा था.

    जो बाइडन प्रसाशन में सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल और प्रीवेंशन के होने वाले प्रमुख रोशेल वेलेनस्की ने पूर्वानुमान लगाते हुए कहा है कि फरवरी के मध्य तक कोरोना से अमरीका में मरने वालों की संख्या 5 लाख तक पहुंच सकती है.

    दुनिया भर में कोरोना के कारण अब तक 20 लाख 56 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें सबसे अधिक मौतें अमेरिका में हुई हैं.

    कोरोना से मौतों के मामले में अमेरिका के बाद ब्राज़ील, भारत, मेक्सिको और का नाम शामिल हैं. जहां ब्राज़ील में अब तक कोरोना से 211,491 लोगों की मौत हुई है, वहीं भारत में 152,556 मौतें, मेक्सिको में 142,832 और यूके में 91,643 मौतें हुई हैं.

  7. किसान आंदोलनः SC समिति के सदस्य बातचीत में अपनी निजी राय नहीं आने देंगेः घनवत

    कृषि कानूनों पर बातचीत करने के लिअए बनाई गई सुप्रीम कोर्ट की समिति के प्रमुख सदस्य अनिल घनवत ने कहा कि विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से क़ानून पर बातचीत करने के दौरान समिति के सदस्य अपनी निजी राय को हावी नहीं होने देंगे.

    उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि वे किसी पक्ष या सरकार के पक्ष में नहीं हैं.

    गुरुवार को किसानों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ सुप्रीम कोर्ट की समिति की पहली बैठक प्रस्तावित है.

    11 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने चार सदस्यीय समिति का गठन किया था लेकिन नियुक्त सदस्यों ने इस समिति के गठन से पहले लेख और बयानों के माध्यम से कृषि कानूनों का समर्थन किया था. प्रदर्शनकारी किसानों ने इसे लेकर सवाल भी उठाया था. किसानों ने कहा है कि वह इस समिति के सामने पेश नहीं होंगे.

    समिति के एक सदस्य भूपिंदर सिंह मान ने पहले ही खुद को इससे अलग कर लिया है.

  8. नेपाली पर्वतारोहियों ने K2 को फ़तह कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

    दुनिया के दूसरे सबसे ऊंचे पर्वत K2 को सर्दी के मौसम में फ़तह कर और वर्ल्ड रिकॉर्ड बना कर 10 नेपाली पर्वतारोहियों का दल अब सुरक्षित नीचे उतर आया है.

    इस चोटी पर चढ़ाई को बेहद मुश्किल माना जाता रहा है. पूर्व गोरखा और ब्रिटिश स्पेशल फ़ोर्स के सैनिक रहे निर्मल पुरजा भी पर्वतारोहियों की इस टीम में शामिल थे.

    उनसे बात की बीबीसी संवाददाता सिकंदर किरमानी ने

  9. किसान आंदोलनः सरकार और किसानों के बीच आज होगी 10वें दौर की बातचीत

    बुधवार को किसानों और सरकार के बीच 10वें दौर की बातचीत होगी. ये बैठक पहले 19 जनवरी को तय की गई थी जिसे सरकार ने एक दिन के लिए टालकर 20 जनवरी कर दिया.

    इस बैठक से पहले ही भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह टिकैत ने ये कहा है कि उन्हें इस बातचीत से कोई हल मिलने की उम्मीद कम है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने सोमवार को कहा था कि "हमारी बात सरकार से होने वाली है, लेकिन इससे कोई निष्कर्ष निकलेगा इसकी हमें उम्मीद नहीं है."

    इससे पहले दोनों पक्षों के बीच 15 जनवरी को 9वें दौर की बातचीत बेनतीजा ख़त्म हुई थी.

    इस बैठक के बाद कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा था कि उन्होंने किसानों से छोटे-छोटे अनौपचारिक समूह बना कर इस पर विचार करने और अपनी मांगों का एक मसौदा सरकार को सौंपने के लिए कहा था.

    बीते 50 से ज़्यादा दिनों से तीन कृषि कानून के ख़िलाफ़ दिल्ली को हरियाणा, पंजाब और यूपी से जोड़ने वाली सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों और सराकर के बीच नौ बार बैठक हो चुकी है और ये सभी बैठकें बेनतीज़ा रही है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी एक समिति के गठन का आदेश दिया है जो किसान संगठनों और सरकार से बातचीत कर एक रिपोर्ट कोर्ट में पेश करेगी.

  10. कोरोना वायरस के नए वैरिएंट पर वैक्सीन कितनी कारगर?

    एक तरफ कोरोना वायरस की तमाम वैक्सीन सामने आ रही है तो दूसरी तरफ इस वायरस के कई नए वैरिएंट्स भी ब्रिटेन, दक्षिण अफ़्रीका, ब्राज़ील और जर्मनी जैसे देशों में पाए जा रहे हैं. ऐसे में वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ गई है.

    अब वैज्ञानिक स्टडी करने में जुटे हैं कि इन नए वैरिएंट्स पर वैक्सीन कितनी कारगर साबित होगी.

  11. 'कोवैक्सीन और कोवशील्ड सुरक्षित हैं'

    नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वीके पाल ने कहा है कि कोरोना की वैक्सीन सुरक्षित है और इसे लेकर लोगों के मन में कोई शंका नहीं होनी चाहिए.

    उन्होंने कहा कि आंकड़ों में ये बात स्पष्ट हुई है कि कोरोना वैक्सीन सुरक्षित है.

    बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि “कोरोना महामारी ख़त्म हो इसके लिए ये ज़रूरी है कि वैक्सीन को लेकर हिचक ख़त्म हो क्योंकि वैक्सीन लगवाना ही महामारी जल्द ख़त्म करने का रास्ता है.”

    डॉक्टर वीके पाल ने कहा ”मैंने खुद भारत बायोटेक की कोवैक्सीन लगवाई है. मुझमें इसका कोई साइड इफेक्ट देखने को नहीं मिला है. हो सकता है कि सभी में ऐसा न हो लेकिन आपको डेटा देखना चाहिए. डेटा बताते हैं कि कोवैक्सीन और कोविशील्ड दोनों ही सुरक्षित हैं.”

    उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया वैक्सीन पाने की कोशिश में है. अगर हम अब भी इसे अपनाएंगे नहीं तो ये दुखद होगा. मैं सभी स्वास्थ्यकर्मियों से अपील करूंगा कि वो इसका समर्थन करें. कोविड-19 के अलावा दूसरी स्वास्थ्य सेवाएं हमें शुरू करनी हैं और जिन्हें कोरोना वैक्सीन मिल रही है उन्हें इसे लगवाना चाहिए.”

    वहीं स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि स्वास्थय मंत्रायल विस्तृत तरीके से साइड इफेक्ट के बारे में रोज़ाना डेटा इकट्ठा कर रहा है.

    उन्होंने कहा, "हमें इस सोच को ख़त्म करना होगा एडवर्स इफ़ेक्ट फ़ॉलोइंग इम्यूनाइज़ेशनका मतलब किसी का बेहोश हो जाना या फिर उसका अस्पताल में भर्ती कराना होता है. वैक्सीन लगवाने के बाद किसी व्यक्ति का चिंतित होने या परेशान होने को भी साइड इफेक्ट के तौर पर दर्ज किया जाता है, और हो सकता है कि ये दस-पंद्रह मिनट में या एक कप चाय के बाद ख़त्म हो जाए.“

    इसी सप्ताह भारत सरकार ने फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोरोना की वैक्सीन लगाने को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया है. लेकिन इसे लेकर फ्रंट लाइन वर्कर्स में एक हिचक देखने को मिल रही है. ये बात आँकड़ों से भी साबित होती है. भारत सरकार, वैक्सीन लगाने के अपने लक्ष्य से 20-30 फ़ीसदी पीछे चल रही है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 16 जनवरी को शुरू किए टीकीकरण अभियान के चौथे दिन शाम के छह बजे तक देश में 6,31,417 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की वैक्सीन दी जा चुकी है.

    मंत्रालय के अनुसार वैक्सीन लगवाने के बाद अब तक एडवर्स इफ़ेक्ट फ़ॉलोइंग इम्यूनाइज़ेशन (AEFI) के 9 ऐसे मामले दर्ज किए गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.

  12. नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. मंगलवार की ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.