You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: 1 जून से चलने वाली 200 ट्रेनों में कल से होगा रिज़र्वेशन

भारतीय रेलवे ने 1 जून से चलने वाली 200 ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया है. इन ट्रेनों में जनरल कोच में भी रिज़र्वेशन होगा.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोविड-19: बीते 24 घंटे में 5,611 नए मामले, 140 लोगों की मौत

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की संख्या में अब तक का ‘सबसे तेज़ उछाल’ दर्ज किया गया है.

    मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में 5,611 नए मामले सामने आये हैं.

    • इसके साथ भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1 लाख 6 हज़ार 750 हो गई है.
    • बीते 24 घंटे में 140 लोगों की कोविड-19 से मौत भी हुई है और मरने वालों की कुल संख्या अब हो गई है 3,303.
    • केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार भारत में फ़िलहाल कोविड-19 के 61,149 संक्रिय मरीज़ हैं और क़रीब 42 हज़ार लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है.
    • महाराष्ट्र अब भी कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक मामलों के साथ नंबर 1 पर बना हुआ है.
    • महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु (12,448), गुजरात (12,140) और दिल्ली (10,554) में कोविड-19 के सर्वाधिक मामलों की पुष्टि हुई है.
    • पीआईबी के अनुसार भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के एक लाख आठ हजार 121 नमूनों की जाँच की गई. अब तक देश भर में 25 लाख 12 हजार 388 लोगों की जाँच की जा चुकी है.
    • कोरोना वायरस के प्रकोप को सीमित करने के लिए गृह मंत्रालय ने लॉकडाउन को 31 मई तक के लिए बढ़ा तो दिया है, लेकिन कई आर्थिक गतिविधियों की अब अनुमति दे दी गई है जिसकी वजह से कई बड़े शहरों में सोमवार से भीड़भाड़ देखने को मिल रही है.
  2. तस्वीरों में: कोविड-19 महामारी के दौरान दक्षिण अमरीका के हालात

    बीते चार दिनों में ब्राज़ील ने तेज़ी से बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण के कारण सुर्खियों में अपनी जगह बनाई है.

    • चीन, यूरोप और अमरीका के बाद अब दक्षिण अमरीका को इस महामारी का नया केंद्र माना जा रहा है.
    • ब्राज़ील में हाल ही में एक दिन में कोविड-19 से 1,179 लोगों की मौत हुई है, जो एक दिन में इस बीमारी से मौत का सबसे बड़ा आँकड़ा है.
    • ब्राज़ील में फ़िलहाल रोज़ाना संक्रमण के औसतन 18,000 नए मामले सामने आ रहे हैं और दक्षिण अमरीका के इस घनी आबादी वाले देश में महामारी तेज़ी से फैल रही है.
    • पेरू की सरकार ने भी लोगों का मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है.
    • पेरू में अब तक क़रीब एक लाख लोगों के इस वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि का गई है और लगभग तीन हज़ार लोग कोविड-19 की वजह से मारे जा चुके हैं.
    • यह तस्वीर वेनेज़ुएला की है जहाँ कराटे के एक खिलाड़ी को अपने घर की छत पर प्रैक्टिस करते देखा गया.
    • वेनेज़ुएला में अब तक 600 लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई है, लेकिन लॉकडाउन की वजह से पहले ही आर्थिक परेशानियाँ झेल रहे इस देश की दिक्कतें और बढ़ गई हैं.
    • अर्जेन्टीना में अपने पड़ोसी देश ब्राज़ील की तुलना में स्थिति काफ़ी बेहतर है, यहाँ अब तक सिर्फ़ 9000 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है.
    • लेकिन अर्जेन्टीना के डॉक्टरों की चिंता है कि स्थिति आने वाले समय में बिगड़ भी सकती है.
    • चिली में क़रीब 50 हज़ार केस सामने आये हैं और 500 लोग अब तक कोविड-19 के कारण मारे जा चुके हैं.
    • मंगलवार के दिन चिली में पुलिस फ़ोर्स को कुछ प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना पड़ा, कुछ को गिरफ़्तार करना पड़ा क्योंकि लोगों की भीड़ खाने-पीने की सप्लाई में आ रहीं दिक्कतों और नौकरियाँ जाने से परेशान हो गये हैं.
  3. अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा- 'कोविड-19 के 15 लाख मामलों की पुष्टि कर पाना हमारे लिए गर्व की बात है'

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तर्क दिया है कि अमरीका का कोविड-19 के सबसे अधिक मामलों की पुष्टि कर पाना उनके लिए ‘बैज ऑफ़ ऑनर’ यानी ‘फ़ख़्र की बात’ है.

    व्हाइट हाउस में उन्होंने कहा, “मैं निश्चित तौर पर इसे एक सम्मान के रूप में देखता हूँ, ये एक अच्छी बात है, क्योंकि इसका मतलब ये भी है कि हमारा टेस्टिंग प्रोटोकॉल वाक़ई काफ़ी बेहतर है.”

    • अमरीका की जॉन्स हॉप्किंस यूनिवर्सिटी के अनुसार अमरीका में अब तक 15 लाख से ज़्यादा लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और लगभग 92 हज़ार लोग कोविड-19 की वजह से मर चुके हैं.
    • वहीं कोरोना वायरस संक्रमण के क़रीब तीन लाख मामलों के साथ रूस दूसरे स्थान पर है.

    ट्रंप ने कहा क्या?

    अमरीका में कोरोना वायरस महामारी फैलने के बाद, सोमवार को पहली बार राष्ट्रपति ट्रंप ने कैबिनेट की बैठक की.

    इस बैठक के बाद हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने एक रिपोर्टर से कहा, “वैसे जब आप कहते हैं कि अमरीका कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में सबसे आगे चल रहा है तो मेरे ज़ेहन में एक ही बात आती है, वो ये कि हमारे यहाँ बाक़ियों की तुलना में ज़्यादा टेस्ट किया जा रहा है.”

    उन्होंने कहा, “इसलिए जब बात आती है कि हमारे यहाँ सबसे ज़्यादा मामले हैं, तो मैं इसे बुरी चीज़ के रूप में नहीं देखता, बल्कि मैं इसे निश्चित रूप से एक सम्मान के रूप में देखता हूँ, क्योंकि यह अच्छी बात है, हमारा टेस्टिंग प्रोटोकॉल ज़्यादा बेहतर है.”

    इसके बाद उन्होंने कहा, “मेरी नज़र में यह ‘बैज ऑफ़ ऑनर’ है. वाक़ई, एक ‘बैज ऑफ़ ऑनर’. यह टेस्टिंग और उन सभी कार्यों के लिए एक महान श्रद्धांजलि है जो बहुत सारे अमरीकी पेशेवरों ने किए हैं”

    अमरीका की केंद्रीय एजेंसी, सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल के अनुसार अमरीका में मंगलवार तक एक करोड़ 26 लाख से ज़्यादा लोगों के कोविड-19 टेस्ट किए जा चुके हैं.

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप ने यह टिप्पणी जिस सवाल के जवाब में की थी, वह सवाल था कि क्या वे लैटिन अमरीकी देशों, ख़ासकर ब्राज़ील के ट्रैवल बैन के बारे में विचार कर रहे हैं? जहाँ अमरीका और रूस के बाद सबसे ज़्यादा संक्रमण के मामले पाये गए हैं.

    विपक्षी डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी ने राष्ट्रपति ट्रंप के इस बयान की कड़ी आलोचना की है

    कमेटी ने कहा है कि अमरीका में 15 लाख से ज़्यादा लोगों का कोरोना वायरस से संक्रमित होना ‘लीडरशिप के पूरी तरह फेल होने की निशानी’ है.

  4. वीडियो रिपोर्ट: लॉकडाउन-4 में कैसा है दिल्ली के बाज़ारों का हाल

  5. लॉकडाउन के बीच कैसे बीत रहा है तुर्की में रमज़ान का महीना

  6. कोरोना वायरस का कहर ब्राज़ील पर कैसे टूटा

  7. बीबीसी कहासुनी: हमें बताएं अपनी राय...

  8. कोरोना वायरस: पंजाब के दूध किसान क्यों हैं परेशान?

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, ऑस्ट्रेलिया और चीन का तनाव किसके लिए घातक?

    चीन के सरकारी मीडिया ने ऑस्ट्रेलिया का जमकर मज़ाक उड़ाया है. ग्लोबल टाइम्स ने ऑस्ट्रेलिया को लेकर लिखा है कि कंगारू अमरीका की कठपुतली बन गया है.

    ग्लोबल टाइम्स ने अपनी संपादकीय में लिखा है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन में यूरोपीय यूनियन के प्रस्ताव के साथ ऑस्ट्रेलिया का होना बताता है वो पूरे मामले में नाकाम रहा है.

    संपादकीय में लिखा है, ''ऑस्ट्रेलिया कोरोना वायरस की उत्पति को लेकर स्वतंत्र जांच की मांग कर रहा है और उसका लक्ष्य चीन है. ऑस्ट्रेलिया के इस रुख़ के बारे में स्पष्ट है कि वो अमरीका के कहे पर चल रहा है. वहां के नेता चीन की आलोचना कर रहे हैं लेकिन इससे नुक़सान उन्हीं का हो रहा है.''

    दूसरी तरफ़ ऑस्ट्रेलिया के वाणिज्य मंत्री ने चीनी दूतावास की टिप्पणी पर कड़ा एतराज जताया है. ऑस्ट्रेलिया स्थित चीनी दूतावास ने कहा था कि कोरोना वायरस को लेकर स्वतंत्र जांच की मांग एक मज़ाक से ज़्यादा कुछ नहीं है.

    ऑस्ट्रेलिया के वाणिज्य मंत्री सिमोन बर्मिंगम ने स्काई न्यूज़ से कहा है, ''हम कोविड 19 जैसे गंभीर मसले पर सस्ती बहस में नहीं पड़ना चाहते हैं. हम चीनी दूतावास के साथ सस्ती बहस में नहीं करेंगे.

    चीन और ऑस्ट्रेलिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. चीन ने ऑस्ट्रेलिया से जौ आयात पर 80 फ़ीसदी टैरिफ लगाने का फ़ैसला किया है. चीन और ऑस्ट्रेलिया के बीच कारोबारी रिश्ता काफ़ी अहम है.

    अगर दोनों देशों के बीच कारोबारी संबंध में तनाव आता है तो ऑस्ट्रेलिया के लिए इसकी भरपाई आसान नहीं होगा. 2018 में बीफ़, वाइन, पर्यटन और चीनी स्टूडेंट से ऑस्ट्रेलिया को चीन से 18 अरब डॉलर का कारोबार मिला.

  10. कोविड-19: दुनिया में संक्रमण के 49 लाख मामले, 3 लाख 23 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत

    अमरीका की जॉन्स हॉप्किंस यूनिवर्सिटी शुरुआत से ही कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों का डेटा तैयार कर रही है जिसके अनुसार अब तक दुनिया में लगभग 49 लाख लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं.

    यूनिवर्सिटी के डेटा ट्रैकर के अनुसार अब तक 3 लाख 23 हज़ार 285 लोग कोविड-19 की वजह से मर चुके हैं.

    यूनिवर्सिटी का मानना है कि ‘कुछ देशों में कोविड-19 की टेस्टिंग बहुत ही कम की जा रही है, ऐसे में ना सिर्फ़ संक्रमित लोगों की असल संख्या, बल्कि इससे मरने वालों की वास्तविक संख्या भी थोड़ी ज़्यादा हो सकती है.’

    यूनिवर्सिटी के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक मामले जिन 15 देशों में हैं, वो हैं:

    • अमरीका: 1,527,895
    • रूस: 299,941
    • ब्राज़ील: 271,885
    • ब्रिटेन: 250,138
    • स्पेन: 232,037
    • इटली: 226,699
    • फ़्रांस: 180,933
    • जर्मनी: 177,778
    • तुर्की: 151,615
    • ईरान: 124,603
    • भारत: 106,475
    • पेरू: 99,483
    • चीन: 84,063
    • कनाडा: 80,493
    • सऊदी अरब: 59,854
  11. कोरोना वायरस महामारी: फ़लस्तीनियों के लिए संयुक्त अरब अमीरात ने भेजी मदद

    संयुक्त अरब अमीरात ने इसराइल के लिए अपनी पहली, सार्वजनिक रूप से घोषित फ़्लाइट भेजी है जो फ़लस्तीनियों के लिए मेडिकल सप्लाई लेकर गई है ताकि कोरोना वायरस महामारी से निपटने में उनकी मदद हो सके.

    फ़लस्तीनियों तक पहुँचने के लिए इसराइल का ही रास्ता लिया जा सकता है क्योंकि इसराइल का इस क्षेत्र पर नियंत्रण है.

    जॉर्डन और मिस्र को छोड़कर, अरब देशों के इसराइल के साथ कोई आधिकारिक संबंध नहीं हैं, लेकिन संयुक्त अरब अमीरात जैसे अरब देशों और यहूदी देशों ने हाल ही में ईरान पर चिंता व्यक्त की है.

    एतिहाद एयरवेज़ के एक प्रवक्ता ने कहा कि “19 मई को फ़लस्तीनियों को चिकित्सा आपूर्ति प्रदान करने के लिए एक समर्पित कार्गो फ़्लाइट भेजी गई थी जिसमें कोई यात्री सवार नहीं था.”

    संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम ने कहा है कि ‘इस फ़्लाइट में 14 टन चिकित्सा सामग्री थी जिसका तत्काल प्रभाव से इस्तेमाल होना है, इससे फ़लस्तीनियों के क्षेत्र में कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी.’

  12. महामारी के प्रबंधन पर यूएन महासचिव ने कहा- 'अफ़्रीकी देशों से सबक ले सकते हैं विकसित देश'

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एनटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि ‘विकसित देश कोरोना वायरस महामारी पर अफ़्रीकी देशों से सबक ले सकते हैं कि उन्होंने अपने यहाँ इस संक्रमण के प्रकोप पर कैसे लगाम लगाई.’

    बुधवार को फ़्रांस के एक रेडियो चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा, “महामारी को लेकर शुरुआत में जिस तरह के अनुमान लगाए गए थे, कोविड-19 ने अफ़्रीकी देशों में उससे काफ़ी धीमी प्रगति की है.”

    उन्होंने कहा, “इसकी बड़ी वजह है कि अधिकांश अफ़्रीकी सरकारों और संस्थाओं ने इस महामारी को देखते हुए सही समय पर सही क़दम उठाए और यही सबक है क्योंकि विकसित देशों ने ऐसा नहीं किया.”

    अफ़्रीकी महाद्वीप में कोविड-19 की वजह से 3,000 से भी कम लोगों की मौत हुई है और संक्रमण के अब तक 88,000 मामले सामने आए हैं.

    जबकि पूरी दुनिया में अब तक तीन लाख बीस हज़ार से ज़्यादा लोग कोरोना वायरस से होने वाली बीमारी कोविड-19 से मारे जा चुके हैं.

  13. देखिए फ़ेसबुक लाइव में देर रात प्रवासी मज़दूरों से हुई बीबीसी की बातचीत

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत तेज़ी से बढ़ते कोविड-19 के मामलोंं को कैसे संभाल पाएगा?

    भारत सरकार ने मंगलवार को कहा कि बड़े शहरों से प्रवासी मज़दूरों को घर भेजने के लिए और स्पेशल ट्रेनों के साथ बड़ी संख्या में बसें भी चलाई जाएंगी. लॉकडाउन के कारण मज़दूरों के पास खाने-पीने के लिए कुछ नहीं है और वो सड़क पर आ गए हैं. हर दिन सड़कों से विचलित करने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं.

    दूसरी तरफ़ भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण भी तेज़ी से बढ़ रहा है. जो बड़े शहरों से वापस अपना पैतृक घर जा रहे हैं उनमें से कई लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. भारत में मार्च महीने से ही लॉकडाउन लागू है और तब से ही मज़दूरों के सामने ख़ुद को ज़िंदा रखने का संकट है.

    गृह मंत्रालय ने कहा है कि मज़दूरों को पैदल जाने से रोकने के लिए और स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. भारत में मंगलवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख पार हो गई थी. यह तादाद चीन से भी ज़्यादा है जबकि इसकी शुरुआत वहीं से पिछले साल हुई थी. अब चिंता यह बढ़ रही है कि भारत में कोरोना के हॉटस्पॉट मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद से जो प्रवासी मज़दूरों अपने-अपने घर जा रहे हैं वो साथ में वायरस भी ले जाएंगे.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बिहार के शीर्ष के स्वास्थ्य अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि मई महीने की शुरुआत से बिहार में कोरोना वायरस से संक्रमण के जितने मामले आए हैं उनमें से 70 फ़ीसदी का संबंध प्रवासी मज़दूरों से है. ओडिशा सरकार के डेटा के अनुसार मंगलवार तक कुल 978 संक्रमण के मामलों में 851 बाहर से आए लोगों में मिले हैं.

    सरकार के अधिकारियों का कहना है कि यह प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है. ओडिशा के गंजम ज़िले में मार्च महीने की शुरुआत से अब तक 53 हज़ार से ज़्यादा प्रवासी मज़दूरों की जांच हुई है और उन्हें क्वॉरंटीन किया गया. राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस महीने दो लाख और प्रवासी मज़दूरों की जांच और क्वॉरंटीन की व्यवस्था करनी होगी.

  15. कोरोना वायरस: दुनिया भर में अब तक जो कुछ हुआ

    • जॉन्स हॉप्किंस यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के अनुसार दुनिया भर में कोविड-19 की महामारी के कारण अब तक 322,457 लोगों की जान जा चुकी है. महामारी की शुरुआत के बाद दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमण के कम से कम 48,81,619 मामलों की पुष्टि हुई है.
    • ये आंकड़े सरकार और मीडिया के रिपोर्टों पर आधारित हैं. दुनिया भर टेस्टिंग और संक्रमण के मामलों को दर्ज करने की अलग-अलग प्रक्रिया और पैमानों को देखते हुए कहा जा सकता है कि ये आँकड़े कहीं ज़्यादा हो सकते हैं.

    विश्व बैंक की चेतावनी

    • विश्व बैंक के प्रमुख ने चेतावनी दी है कि ग़रीबी उन्मूलन की दिशा में पिछले तीन सालों में जो कुछ भी हासिल किया था, दुनिया भर में जारी लॉकडाउन इन सब पर पानी फेर देगा.
    • डेविड मालपास का कहना है कि विश्व बैंक के अनुमान के मुताबिक़ वैश्विक अर्थव्यवस्था में पांच फ़ीसदी की गिरावट होने की वजह से छह करोड़ लोग ग़रीबी रेखा के नीचे रहने के लिए मजबूर हो जाएंगे.

    कनाडा और मेक्सिको से लगने वाली अमरीकी सीमा रहेगी सील

    • मेक्सिको और कनाडा से लगने वाली अमरीकी सीमा ग़ैर-ज़रूरी यात्राओं के लिए सील रहेगी. एक अमरीकी अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में कनाडा और मेक्सिको से अमरीका ने समझौता किया है. ये बंदी पहले से थी और इसकी मियाद इस हफ़्ते ख़त्म होने वाली थी.

    ब्रिटेन में वॉर वेटरन को नाइटहुड

    • ब्रिटेन की हेल्थ एजेंसी एनएचएस के लिए 33 मिलियन पाउंड का चंदा जुटाने वाले वॉर वेटरन को नाइटहुड से सम्मानित किए जाने का फ़ैसला किया गया है. प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इस सम्मान के लिए कैप्टन टॉम मूरे के नाम की सिफारिश की है. बुधवार को इसकी औपचारिक तौर पर घोषणा की जाएगी.

    अल अक्सा मस्जिद फिर से खुलेगी

    • यरूशलम में स्थित इस्लामी दुनिया की तीसरी सबसे पवित्र जगह अल अक्सा मस्जिद अगले हफ़्ते से खोल दी जाएगी. अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है.
    • अल अक्सा मस्जिद की देखरेख का ज़िम्मा जॉर्डन के पास है और मार्च में इसे आम लोगों के लिए बंद करने का अभूतपूर्व क़दम उठाया गया था. कोरोना संक्रमण को देखते हुए मध्य पूर्व के देशों में कई मस्जिदें बंद कर दी गई थीं.

    कोरोना पर होगी अंतरराष्ट्रीय जांच

    • कोविड-19 की महामारी कहां से शुरू हुई और इसे किस तरह से हैंडल किया गया, जैसे सवालों पर अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग से जुड़े प्रस्ताव को विश्व स्वास्थ्य संगठन की मंत्री स्तरीय वार्षिक बैठक में समर्थन मिल गया है.
    • इस सिलसिले में यूरोपीय संघ ने सौ से भी ज़्यादा देशों की तरफ़ से एक प्रस्ताव रखा था. इन सौ देशों में ऑस्ट्रेलिया, चीन और जापान भी शामिल थे. विश्व स्वास्थ्य संगठन के 194 सदस्य देश हैं और किसी भी देश ने इस प्रस्ताव का विरोध नहीं किया था.

    अफ़ग़ानिस्तान का सबसे बुरा दिन

    • अफ़ग़ानिस्तान के लिए पिछले 24 घंटे बेहद ख़राब कहे जा सकते हैं. किसी एक दिन में दर्ज किए जाने वाले संक्रमण के मामलों के लिहाज़ से मंगलवार को सबसे ज़्यादा केस सामने आए.
    • स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 1200 सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए भेजे गए थे जिसमें 581 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. इससे पहले सबसे अधिक मामलों का रिकॉर्ड 414 का था. वहां पिछले 24 घंटों में पांच लोगों की मौत भी हुई है. अफ़ग़ानिस्तान में कोरोना संक्रमण के कारण अब तक 178 लोगों की मौत हो चुकी है.

    ब्रिटेन में 545 और लोगों की मौत

    • ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण के कारण 545 और लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही देश में कोविड-19 की वजह से मरने वालों का आँकड़ा 35,341 तक पहुंच गया है.
    • ब्रिटेन के पर्यावरण मंत्री जॉर्ज इउस्टिस ने महामारी से जुड़े ताज़ा आँकड़े शेयर करते हुए ये जानकारी दी. मरने वालों की संख्या के लिहाज से ब्रिटेन अमरीका के बाद दुनिया का दूसरा सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है.
  16. वीडियो रिपोर्ट: रमज़ान के दिनों में बिना कुछ खाये पिये कोरोना से कैसे लड़ रहे हैं स्वास्थ्यकर्मी

  17. कैमब्रिज यूनिवर्सिटी ने फ़ेस-टू-फ़ेस लेक्चर्स से बनाई दूरी

    ब्रिटेन के प्रतिष्ठित कैमब्रिज विश्वविद्यालय ने घोषणा की है कि 2020-21 शैक्षणिक सत्र में कोई भी ‘फ़ेस-टू-फ़ेस लेक्चर्स’ नहीं होगा.

    लेक्चर सिर्फ़ वर्चुअली होंगे लेकिन अगर किन्हीं छोटे समूहों में संभव हुआ तो वे ‘सोशल डिस्टेंसिंग के मापदंडों’ को पूरा करते हुए शारीरिक रूप से आमने-सामने लेक्चर कर सकते हैं.

    विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने कहा, “यह देखते हुए कि सोशल डिस्टेंसिंग की आवश्यकता बनी रहेगी, विश्वविद्यालय ने फ़ैसला किया है कि अगले शैक्षणिक सत्र में फ़ेस-टू-फ़ेस लेक्चर नहीं होंगे.”

    विश्वविद्यालय ने कहा कि आधिकारिक सलाह बदलने पर वो फ़ैसले की समीक्षा करेगा.

  18. ट्रंप ने कहा, हाइड्रोक्सिक्लोरोक्वीन लेना ‘उचित’

    व्हाइट हाउस में दो लोगों के कोरोना वायरस टेस्ट में पॉज़िटिव पाए जाने के बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें लगता है कि हाइड्रोक्सिक्लोरोक्वीन लेना ‘उचित’ है.

    सोमवार को अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि वो मलेरिया और लूपस की दवा का प्रयोग कर रहे हैं, हालांकि सार्वजनिक स्वास्थ्यकर्मियों ने इसको लेकर चेतावनी दी है कि इसका इस्तेमाल करना असुरक्षित हो सकता है.

    मंगलवार को कैबिनेट मीटिंग में कैमरे के आगे उन्होंने विस्तार से कहा, “एक शख़्स जो मेरे बेहद क़रीब हैं, वो बेहद अच्छे इंसान हैं पॉज़िटिव पाए गए हैं.”

    “मैं माइक (पेंस, उप-राष्ट्रपति) के साथ ज़्यादा काम करता हूं और उनका एक क़रीबी शख़्स भी पॉज़िटिव पाया गया है. तो मुझे लगता है कि मेरे हिसाब से इसे लेने का बुरा वक़्त नहीं है क्योंकि हमारे पास इसका मेल है.”

    साथ ही ट्रंप ने पुष्टि की है कि वो ब्राज़ील से अमरीका की यात्रा पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं. दुनिया में सबसे अधिक संक्रमण के मामले में ब्राज़ील तीसरे नंबर पर है.

    उन्होंने कहा, “मैं नहीं चाहता कि लोग यहां आएं और हमारे लोगों को संक्रमित करें.”

    “मैं नहीं चाहता कि वहां के लोग भी बीमार हों. हम वेंटिलेटर्स के ज़रिए ब्राज़ील की मदद कर रहे हैं. ब्राज़ील को कुछ समस्याएं हो रही हैं, उसके बारे में कोई सवाल नहीं.”

  19. दुनियाभर में कोरोना वायरस के कारण क्या है स्थिति..

    अमरीका और चीन के बीच ज़ुबानी जंग और विश्व स्वास्थ्य संगठन पर हमले के अलावा भी दुनिया में कोरोना वायरस के कारण बहुत कुछ हो रहा है. आइये जानते हैं..

    • कोरोना वायरस महामारी के कारण हमारे पर्यावरण में काफ़ी बदलाव आए हैं और इसके प्रमाण भी मौजूद हैं. वैज्ञानिकों का कहना है कि दुनिया भर में लॉकडाउन के कारण रोज़ाना उत्सर्जित होने वाली कार्बन डाइऑक्साइड में 17 फ़ीसदी की गिरावट आई है.
    • अमरीका के वित्त मंत्री स्टीवन न्यूचन ने चेतावनी दी है कि अगर लॉकडाउन जारी रहा तो अमरीकी अर्थव्यवस्था की ‘स्थाई क्षति’ बरक़रार रखेगी.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस अदानॉम गेब्रिएसिस ने कहा है कि महामारी के ख़िलाफ़ दुनियाभर की प्रतिक्रिया का आंकलन करना चाहिए लेकिन उसमें सिर्फ़ विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रदर्शन को ही नहीं देखना चाहिए.
    • पुर्तगाल ने लॉकडाउन में ढील के तहत कैफ़े, रेस्टॉरेंट और दूसरी दुकानें खोलने की अनुमति दे दी है.
    • क़तर की एक जेल में कोरोना वायरस के 12 मामलों का पता चला है.