You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: सीबीएसई की बची परीक्षाएँ 1-15 जुलाई के बीच

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने शनिवार को इसकी घोषणा की.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: किंग सलमान ने क्या बड़े संकट से सऊदी अरब को बचा लिया?

    व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और सऊदी अरब के किंग सलमान ने शुक्रवार को फ़ोन पर बात की और दोनों देशों के बीच मज़बूत रक्षा साझेदारी के संकल्प को दोहराया. दोनों राष्ट्र प्रमुखों के बीच यह बातचीत तेल उत्पादन को लेकर जारी तनाव के बीच हुई है.

    अभी ख़बर आई थी कि अमरीका सऊदी अरब से अपनी दो पैट्रीअट एंटी-मिसाइल बैटरी हटाने जा रहा है जो ईरान से सुरक्षा के लिए थी. पिछले महीने ट्रंप ने सऊदी अरब को इस बात पर राज़ी किया था कि वो तेल उत्पादन में कटौती करे. कोरोना वायरस के संक्रमण की शुरुआत में सऊदी ने तेल का उत्पादन बढ़ा दिया था जिससे अमरीकी तेल कंपनियों पर काफ़ी दबाव था.

    व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जड डीर ने कहा, ''दोनों नेताओं के बीच वैश्विक ऊर्जा बाज़ार में स्थिरता की अहमियत को लेकर सहमति है. इसके अलावा दोनों नेताओं ने रक्षा साझेदारी की अहमियत को भी रेखांकित किया. राष्ट्रपति ट्रंप और किंग सलमान के बीच इलाक़े के जटिल और द्विपक्षीय मुद्दों पर भी बात हुई.''

    हालांकि व्हाइट हाउस के बयान में सऊदी अरब में लगी पैट्रीअट मिसाइल का कोई ज़िक्र नहीं था. अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की थी कि अमरीका अपनी मिसाइल सऊदी अरब से हटा सकता है. पॉम्पियो ने बाद में ये भी जोड़ा था कि इसका मतलब यह नहीं है कि अमरीका सऊदी अरब के समर्थन में कोई कमी करने जा रहा है या यह तेल के मसलों पर दबाव बनाने के लिए है.

    अमरीकी विदेश मंत्री ने ये भी कहा था कि इसका मतलब यह भी नहीं है कि ईरान पूरे इलाक़े में शांति और स्थिरता के लिए ख़तरा नहीं है. पॉम्पियो ने बेना शापिरो के रेडियो शो में कहा था, ''पैट्रीअट मिसाइल बैटरी सीमित समय के लिए लगाई गई थी. अब इसे वापस लाने की ज़रूरत है. यह सेना का सामान्य फ़ैसला है.'' सऊदी अरब ने ट्रंप से फ़ोन पर हुई बातचीत को लेकर अपने बयान में कहा है कि अमरीका ने अपने सहयोगियों के हित और सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता जताई है. ट्रंप ने यमन संकट में राजनीतिक समाधान की बात भी दोहराई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन-सलमान को फ़ोन कर कहा था कि वो तेल उत्पादन में कटौती करें नहीं तो सऊदी से अमरीकी सैनिकों को वापस बुला लिया जाएगा. रॉयटर्स ट्रंप ने कहा था कि वो कांग्रेस में सऊदी के ख़िलाफ़ बिल पास होने से नहीं रोक पाएंगे.

  2. ट्रंपः 'वायरस बिना वैक्सीन के ही जाएगा'

    राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि कोरोना वायरस बिना वैक्सीन के ही जाएंगे.

    साथ ही उन्होंने ये भी चेतावनी दी कि अगले साल संक्रमण के मामले दोबारा बढ़ सकते हैं.

    शुक्रवार को वे कांग्रेस सदस्यों से बात कर रहे थे लेकिन उन्होंने इस अनुमान के पक्ष में कोई वैज्ञानिक साक्ष्य नहीं दिया.

    मैड्रिड और बार्सिलोना में लॉकडाउन से राहत नहीं

    स्पेन में लॉकडाउन से छूट के लिए आहिस्ता-आहिस्सा क़दम उठाए जा रहे हैं लेकिन मैड्रिड और बार्सिलोना जैसे शहरों में फ़िलहाल राहत नहीं मिलने वाली है.

    नए नियमों के तहत बार, रेस्तरां और चर्च को सीमित लोगों की मौजूदगी की शर्त के साथ खोलने की इजाज़त दी जा सकती है. बताया गया है कि पाबंदियों में छूट के लिए जो शर्तें तय की गई हैं, उसके पैमाने पर मैड्रिड और बार्सिलोना खरे नहीं उतर पाए.

    स्पेन में चार चरणों में लॉकडाउन ख़त्म करने का फ़ैसला लिया गया है लेकिन ये इस बात पर निर्भर करेगा कि जिन इलाक़ों को छूट मिलेगी, वहां संक्रमण की स्थिति क्या है?

    स्पेन के कोरोना संक्रमण के तकरीबन आधे मामले कैटालोनिया (बार्सिलोना जिसकी राजधानी है) और मैड्रिड में ही पाए गए हैं.

    कोलंबिया की राजधानी

    बगोटा शहर के मेयर ने कहा है कि पुरुषों और महिलाओं पर अलग-अलग दिन ख़रीदारी करने के लिए तय किया गया नियम हटा लिया जाएगा.

    पिछले एक महीने से कोलंबिया की राजधानी बगोटा में ये नियम लागू था. सोमवार को इस पाबंदी का आख़िरी दिन होगा. लातिन अमरीका की कुछ दूसरी जगहों पर भी ऐसे ही क़दम उठाए गए थे. एलजीबीटी समूहों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों ने इन पाबंदियों की आलोचना की थी.

    सुरक्षा परिषद में अमरीका का वीटो

    कोविड-19 की महामारी को देखते हुए विश्व स्तर पर संघर्ष विराम लागू किए जाने के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद में अमरीकी वीटो का सामना करना पड़ा.

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने इस संघर्ष विराम की अपील की थी. छह हफ़्तों तक इस प्रस्ताव की रूपरेखा पर बातचीत चली जिसमें अमरीका ये चाहता था कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का ज़िक्र न किया जाए.

    अमरीकी शर्त के मुताबिक़ ज़रूरी बदलाव कर भी लिए गए थे और ये उम्मीद की जा रही थी कि प्रस्ताव पारित हो जाएगा. लेकिन शुक्रवार को अमरीका ने ये संकेत दिया कि ये प्रस्ताव फिर भी उसके लिए अस्वीकार्य है और इस पर आगे बढ़ने से रोक दिया.

    जर्मन प्रांत में फिर लागू होगा लॉकडाउन

    जर्मनी के नॉर्थ राइन-वेस्टफालिया प्रांत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद लॉकडाउन दोबारा से लागू करने की तैयारियां कर ली गई हैं.

    कोज़फील्ड ज़िले में एक बूचड़खाने के 1200 कर्मचारियों से 150 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं. इस वजह से अधिकारियों ने पाबंदियों में ढील दिए जाने का प्रस्ताव स्थगित कर दिया है. पहले ये कहा गया था कि रेस्तरां, जिम, पर्यटन स्थल और बड़ी दुकानें 11 मई से हफ़्ते भर किए खोली जाएंगी.

  3. लॉकडाउन के कारण ऑनलाइन ऐप पर यूं हो रही शादियां, देखिए वीडियो रिपोर्ट

  4. भारत में कोरोना वायरस की ताज़ा स्थिति

    स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक़, भारत में संक्रमण के कुल 56342 मामले हैं.

    कोविड19 के कारण अभी तक 1886 लोगों की मौत हो चुकी है.

    इलाज के बाद ठीक होने वालों की संख्या 16,540 है.

    देश में सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है.

    संक्रमण के मामले -17974

    मरने वालों की संख्या- 694

    ठीक हुए लोगों की संख्या- 3301

    संक्रमण के मामलों के आधार पर दूसरे स्थान पर गुजरात है.

    संक्रमण के मामले -7012

    मरने वालों की संख्या- 425

    ठीक हुए लोगों की संख्या- 1709

    तीसरे स्थान पर देश की राजधानी दिल्ली है.

    संक्रमण के मामले- 5980

    मरने वालों की संख्या- 66

    ठीक हुए लोगों की संख्या- 1931

  5. कोरोना वायरस: कुवैत में संक्रमण के मामले 7000 के पार, 20 दिन के लॉकडाउन की घोषणा

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई की ख़बर के अनुसार, कुवैत ने अपने यहां 20 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है. कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए यह देशव्यापी लॉकडाउन लगाया जा रहा है.

    रविवार से लॉकडाउन की यह अवधि शुरू हो जाएगी.

    एजेंसी के मुताबिक़, कुवैत में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिन्हें देखते हुए यह फ़ैसला लिया गया है. सिर्फ़ शुक्रवार को ही कुवैत में संक्रमण के 641 नए मामले सामने आए.

    कुवैत में अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है.

    कुवैत में संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि 24 फरवरी को हुई थी.

  6. मेडास्कर के राष्ट्रपति ने हर्बल ड्रिंक से कोरोना ठीक होने का किया दावा, WHO ने किया ख़ारिज

    तंजानिया को मेडागास्कर से हर्बल टॉनिक की एक खेंप मिली है.

    इस हर्बल टॉनिक के बारे में मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना का दावा है कि यह कोरोना वायरस का इलाज है.

    हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ऐसे किसी भी दावे को ख़ारिज कर दिया है. साथ ही इसके वैज्ञानिक परीक्षण से पहले इसके इस्तेमाल को लेकर भी चेतावनी जारी की है.

  7. कोरोना वायरस: कनाडा में 82 फ़ीसदी मौतें केयर होम्स में हुईं

    कनाडा में कोरोना वायरस के कारण अब तक चार हज़ार से अधिक मौतें हो चुकी हैं.

    इन मौतों में से 82 फ़ीसदी मौतें केयर होम्स में हुई हैं. मरने वालों में ज़्यादातर उम्रदराज़ लोग थे जो लंबे समय से केयर होम्स में रह रहे थे.

    बढ़ती उम्र को लेकर कनाडा के नेशनल इंस्टिट्यूट द्वारा जारी की गई एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है.

    दुनिया के दूसरे हिस्सों में कम-ज़्यादा यही हाल है. कोरोना वायरस कमज़ोर-बीमार और बुज़ुर्गों को सबसे अधिक प्रभावित करता है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: सीरिया की चुनौतियां

    ये तस्वीरें सीरिया के उस इलाके की हैं जहां विद्रोहियों का कब्ज़ा है. जहां घर मिट्टी में मिल चुके हैं. साफ़-सफ़ाई से रहना एक चुनौती है और फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती है कोरोना वायरस से सुरक्षित रहना.

    इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि बच्चे और बड़े इफ़्तार के लिए एक कतार में बैठे हुए हैं.

    हर साल रमजान के दिनों में लाखों मुसलमान सूर्योदय से सूर्यास्त तक 30 दिनों के लिए रोज़ा रखते हैं और शाम को इफ़्तार करते हैं.

    सीरिया में कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के लिए अप्रैल माह से उपाय लागू किये गए लेकिन युद्ध के चलते बुरी तरह प्रभावित इलाक़ों में ज़्यादातर घर बर्बाद हो चुके हैं. यहां साफ़-सफ़ाई की भारी कमी है. सोशल डिस्टेंसिंग और हाइजीन के नियमों का अनुपालन यहां एक बड़ी चुनौती है.

    यह तस्वीर अलेप्पो पश्चिमी क्षेत्र अतरेब की है. जहां कुछ लोग इफ़्तार के लिए बैठे हैं. इस इफ़्तार का आयोजन करने वाले संस्थान का कहना है कि लोगों के बैठने से पहले इस जगह को सिविल डिफेंस वर्कर्स ने अच्छी तरह कीटाणुनाशक से साफ़ किया है.

    शुक्रवार को सरकार के अधीन क्षेत्र में संक्रमण के दो और नए मामलों की पुष्टि की गई. न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की ख़बर के मुताबिक़, इसके साथ ही यहां संक्रमण के मामले बढ़कर 64 हो गए हैं.

    विद्रोहियों के कब्ज़े वाले उत्तर पश्चिमी सीरिया में अभी तक किसी भी मामले की पुष्टि नहीं की गई है. इसका एक बड़ा कारण यह माना जा रहा है कि चालीस लाख की आबादी में अभी तक सिर्फ़ कुछ सौ टेस्ट ही हुए हैं.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका के उप-राष्ट्रपति माइक पेंस की सहयोगी कोरोना पॉज़िटिव

    अमरीका के उप-राष्ट्रपपति माइक पेंस की एक शीर्ष सहयोगी का कोरोना टेस्ट पॉज़ीटिव आया है. इससे ठीक एक दिन पहले व्हाइट हाउस के एक स्टाफ़ सदस्य का भी टेस्ट पॉज़ीटिव आया था.

    माइक पेंस की प्रेस सेक्रेटरी कैटी मिलर का कोरोना टेस्ट पॉज़ीटिव आया है. शुक्रवार को यह बात सामने आई.

    इससे एक दिन पहले अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सहायक का टेस्ट रिज़ल्ट पॉज़ीटिव आया था.

    व्हाइट हाउस ने अब दैनिक तौर पर माइक पेंस और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टेस्ट करना शुरू कर दिया है.

    व्हाइट हाउस की तरफ़ से यह दावा किया गया है कि राष्ट्रपति को सुरक्षित रखने के लिए हर ज़रूरी सावधानी का पालन किया जा रहा है.

    अमरीका में मरने वालों की संख्या 76 हज़ार के पार पहुंच गई है. वहीं दूसरी ओर स्टेट्स धीरे-धीरे दोबारा खुलना शुरू हो रहे हैं.

  10. कोरोना वायरस:इटली में मरने वालों की संख्या तीस हज़ार के पार पहुंची

    इटली में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीस हज़ार के पार पहुंच गई है. शुक्रवार को यहां मौत के 243 नए मामले सामने आए. हालांकि यह संख्या गुरुवार की तुलना में कम है. गुरुवार को यहां 274 लोगों के मरने की पुष्टि की गई थी.

    इटली में संक्रमण के मामलों और मरने वालों की संख्या में पहले की तुलना में कुछ कमी ज़रूर आयी है लेकिन आंकड़े थमे अभी भी नहीं हैं.

    इटली में संक्रमण के कुल 2,17,185 मामले हैं.

    अमरीका में मरने वालों की संख्या 76 हज़ार से अधिक है. जबकि ब्रिटेन में यह आंकड़ा 31 हज़ार के पार पहुंच चुका है.

    इटली यूरोप का वो पहला देश था जिसने कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के शुरुआती दौर में ही लॉकडाउन की घोषणा कर दी थी.

    हालांकि इटली ने अब अपने यहां प्रतिबंधों में धीरे-धीरे ढील देना शुरू किया है लेकिन सोशल मीडिया पर इटली की जो तस्वीरें आ रही हैं उनके देखा जा रहा है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और कई तस्वीरों में तो लोग बिना मास्क के भी नज़र आ रहे हैं.

  11. कोरोना वायरस: ख़तरे के बावजूद कुछ मुस्लिम देशों में खुलीं मस्जिदें

    दुनिया के कई मुस्लिम देशों ने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए हफ़्तों पहले मस्जिदें बंद कर दी थी. लेकिन रमज़ान के दौरान शुक्रवार को नमाज़ के लिए कुछ देशों में मस्जिदें खोल दी गईं.

    सीरिया में सराकर के नियंत्रण वाले इलाक़ों में कुछ मस्जिदें खोली गईं. हालांकि इन मस्जिदों को कीटाणुरहित बनाने के बाद ही खोला गया. साथ ही प्रार्थना करने आए लोगों ने मास्क पहन रखा था. सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया गया. इमाम ने दस मिनट तक धर्म से जुड़ी बातें बताईं.

    ईरान के 180 शहरों और कस्बों में भी लोग मस्जिदों में जमा हुए लेकिन तेहरान में मस्जिदें अब भी पूरी तरह से बंद हैं. तेहरान सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाक़ा है.

    गुरुवार के दिन बांग्लादेश में मस्जिदों को दोबारा से खोलने की इजाज़त दे दी गई थी लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग की एहतियात के साथ.

    लेकिन दक्षिणी सूडान, अल्जीरिया, ट्यूनिशिया और मोरक्को में रमज़ान के इस महीने में भी लोगों को घर पर ही रहकर इबादत करने को कहा गया है.

  12. कोरोना वायरस: अब तक के महत्वपूर्ण अपडेट

    इटली

    इटली में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30,201 हो गयी है. अमरीका और ब्रिटेन के बाद इटली वो तीसरा देश है जहां मरने वालों की संख्या 30,000 के पार पहुंच गई है.कोरोना वायरस के कारण सबसे अधिक मौतें अमरीका में हुई हैं. अमरीका में मरने वालों की संख्या 76 हज़ार से अधिक है जबकि ब्रिटेन में 31 हज़ार से अधिक मौतें हुई हैं.

    ब्रिटेन

    ब्रिटेन में कोविड19 से मरने वालों की संख्या 31 हज़ार से अधिक हो गई है. बीते 24 घंटे में यहां मौत के 626 नए मामले सामने आए हैं.ब्रिटेन में संक्रमण के 2,11,364 मामले हैं, बीते 24 घंटे में 4,649 नए मामले सामने आए हैं.ब्रिटेन में अभी तक 1631561 टेस्ट किये जा चुके हैं.बीते 24 घंटे में ब्रिटेन में 97,029 टेस्ट किये गए. जोकि सरकार के तय टार्गेट (एक लाख हर रोज़) से कम रहा. यह लगातार छठा दिन है जब तय टार्गेट से कम टेस्ट हुए.

    अमरीका

    अमरीका में कोविड 19 से मरने वालों की संख्या 76 हज़ार के पार पहुंच गई है. अमरीका में संक्रमण के कुल मामले 12 लाख 68 हज़ार से अधिक है. कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल अप्रैल में अमरीका में 2.05 करोड़ लोग बेरोज़गार हुए हैं जिसके बाद यहां बेरोज़गारी दर बढ़ कर 14.7 फीसदी हो गई है. हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें इसकी पूरी आशंका थी और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में अर्थव्यवस्था में विकास होगा.

    व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने दैनिक प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा कि यह वादा है कि अमरीकी अर्थव्यवस्था एक बार फिर से बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था पर रोक लगानी ही पड़ी, क्योंकि यही विकल्प था. उन्होंने आगे कहा की अमरीका के राष्ट्रपति ने यह निर्णय इस लिए लिया क्योंकि उन्हें 2.2 मिलियन और उससे भी अधिक ज़िंदगियों को बचाना था.

    चीन

    चीन ने कहा है कि वो कोरोना महामारी ख़त्म होने के बाद संक्रमण को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन की अगुआई में होने वाली समीक्षा का समर्थन करेगा.चीन इससे पहले इस वायरस के जन्म के बारे में स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जाँच की माँग को ख़ारिज करता रहा था जिसके बाद उसपर दबाव बढ़ता जा रहा था. चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चनयिंग ने शुक्रवार को कहा कि चीन इस वायरस के जन्म के बारे में WHO के किसी भी प्रयास के साथ सहयोग करेगा.मगर उन्होंने इसे जाँच मानने से इनकार कर दिया.

  13. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.