You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना वायरस: इटली वो तीसरा देश बना जहां कोविड 19 से मरने वालों की संख्या 30 हज़ार से अधिक
अमरीका और ब्रिटेन के बाद इटली वो तीसरा देश है जहां कोविड 19 से मरने वालों की संख्या 30,000 के पार पहुंच गई है.
लाइव कवरेज
इस लाइव पेज के साथ बने रहने के लिए बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों को शुक्रिया. अब यह लाइव पेज यहीं समाप्त हो रहा है. कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के आगे के सभी ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देखने के लिए यहां क्लिक करें.
ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: इटली में मरने वालों की संख्या 30 हज़ार से अधिक
इटली में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30,201 हो गयी है.
अमरीका और ब्रिटेन के बाद इटली वो तीसरा देश है जहां मरने वालों की संख्या 30,000 के पार पहुंच गई है.
कोरोना वायरस के कारण सबसे अधिक मौतें अमरीका में हुई हैं. अमरीका में मरने वालों की संख्या 76 हज़ार से अधिक है जबकि ब्रिटेन में 31 हज़ार मौतें हुई हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या 31 हज़ार से अधिक
- ब्रिटेन में कोविड 19 से मरने वालों की संख्या 31 हज़ार से अधिक हो गई है. बीते 24 घंटे में यहां मौत के 626 नए मामले सामने आए हैं.
- ब्रिटेन में संक्रमण के 2,11,364 मामले हैं, बीते 24 घंटे में 4,649 नए मामले सामने आए हैं.
- ब्रिटेन में अभी तक 1631561 टेस्ट किये जा चुके हैं.
- बीते 24 घंटे में ब्रिटेन में 97,029 टेस्ट किये गए. जोकि सरकार के तय टार्गेट (एक लाख हर रोज़) से कम रहा. यह लगातार छठा दिन है जब तय टार्गेट से कम टेस्ट हुए.
- ब्रिटेन के पर्यावरण मंत्री जॉर्ज यूस्टिस ने दैनिक प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा कोरोना वायरस के कारण जिन लोगों को भोजन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है उनके लिए सरकार ने राहत के तौर पर 16 मिलियन पाउंड की मदद की घोषणा की है.
- पर्यावरण मंत्री ने एकबार फिर दोहराया कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन रविवार को लॉकडाउन में ढील दिए जाने रूपरेखा की घोषणा करेंगे.
दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के 3,875,995 मामले
अमरीका की जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी आंकड़ों के अनुसार दुनिया भर में अब कोरोना संक्रमण के
कुल 3,875,995 मामले हो चुके हैं.
कोविड-19 संक्रमण मामले में टॉप-5 देश:
अमरीका- 12,59,108
स्पेन-2,21,447
इटली- 2,15,858
ब्रिटेन-2,07,977
रूस-1,87,859
महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 20,000 के क़रीब, मुख्यमंत्री ने माना स्थिति बेक़ाबू
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1089 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 24 लोगों की मृत्यु हुई है.
इसके साथ ही महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या बढ़कर 19,063 हो गई है. अब तक कोरोना के कारण मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 731 हो गई है.
पिछले 24 घंटे में सबसे ज़्यादा संक्रमित लोगों की पुष्टि और सबसे ज़्यादा मौतें भी मुंबई में हुई हैं.
मुंबई महानगरपालिका के अनुसार राजधानी में 748 नए मामले दर्ज किए गए हैं जिसके बाद शहर में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 11,967 हो गई है.
मुंबई में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 25 लोगों की मौत हुई है जिसके बाद मुंबई में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 462 हो गई है.
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्वीकार किया है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने में अब तक कामयाबी नहीं मिल सकी है.
उन्होंने कहा कि यदि ज़रूरत हुई तो केंद्रीय बलों की टुकड़ियों को तैनात जाएगा ताकि जो पुलिसकर्मी काम कर रहे हैं उन्हें आराम करने का मौक़ा मिल सके.
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि अस्पतालों में किसी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल के एक वीडियो का ज़िक्र आने पर ये टिप्पणी की जिसमें मरीज़ों का इलाज शवों के पास ही किया जा रहा था.
कोरोना के दौर में ऐसे मनाया गया विश्व युद्ध के ख़त्म होने का जश्न
दिल्ली से मज़दूरों के लिए चली श्रमिक ट्रेन
दिल्ली से मज़दूरों को उनके राज्यों में छोड़ने के लिए श्रमिक ट्रेन की शुरुआत हो गई है.
इन मज़दूरों को अलग-अलग शेल्टर होम से डीटीसी बसों के ज़रिए रेलवे स्टेशन तक लाया गया. देखिए क्या है रेलवे स्टेशन का हाल.
वीडियोः चिंकी सिन्हा और पीयूष नागपाल
ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका में बेरोज़गारी दर हुई 14.7 फीसदी
कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल अप्रैल में अमरीका में 2.05 करोड़ लोग बेरोज़गार हुए हैं जिसके बाद यहां बेरोज़गारी दर बढ़ कर 14.7 फीसदी हो गई है.
1930 में आए ग्रेट डिप्रेशन के बाद से ये बेरोज़गारी दर अब तक सबसे कम है.
दो महीने पहले तक देश में बेरोज़गारी की दर 3.5 फीसदी थी जो बीते पचास सालों में सबसे कम था.
हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा है कि उन्हें बेरोज़गारी दर के बढ़ने की पूरी आशंका था और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में अर्थव्यवस्था में विकास होगा.
फॉक्स न्यूज़ चैनल पर एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अप्रैल में नौकरियां जाने की बात "चौंकाने वाली" नहीं है और इसकी उन्हें "पूरी आशंका" थी.
फॉक्स ऐंड फ्रेंड्स नाम के इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि "इसके लिए डेमोक्रेट नेता भी उन्हें दोष नहीं दे रहे. लेकिन जो काम मैं कर सकता हूं वो है इन नौकरियों को फिर से वापस लाना."
कोरोना महामारी की शुरुआत के वक्त से ही इसका असर अमरीका की अर्थव्यवस्था पर पड़ता दिख रहा है और यहांबीते सालों की अपेक्षा विकास दर में गिरावट नज़र आ रही है.
कोरोना के कारण दुकानें बंद हैं और रीटेल सेल्स में रिकॉर्ड गिरावट आई है.
सरकार के ब्यूरो ऑफ़ लेबर स्टैटिस्टिक्स की प्रमुख रह चुकी अर्थशात्री एरिका ग्रोशेन मौजूदा स्थिति को ऐतिहासिक बताती हैं. वो कहती हैं, "इस महामारी से मुक़ाबला करने के लिए हमने अपनी अर्थव्यवस्था को एक तरह के कोमा में डाल दिया है. इसका नतीजा ये हुआ है कि बड़े पैमाने पर लोगों की नौकरियां छिन गई हैं."
एरिका ग्रोशेन फिलहास कॉर्नेल यूनिवर्सिटी में पढ़ाती हैं.
अमरीकी लेबर विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अर्थव्यवस्था के सभी सेक्टर में गिरावट दर्ज की जा रही है.
सबसे अधिक प्रभावित हॉस्पिटालिटी सेक्टर है जहां क़रीब 77 लाख नौकरियां गई हैं. वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में करीब 25 लाख नौकरियां और रीटेल सेक्टर में क़रीब 21 लाख लोगों की नौकरियां गई हैं.
लेबर विभाग का कहना है कि 1.81 करोड़ नौकरियां अस्थाई रूप से गई हैं और कंपनियों को उम्मीद है कि स्थिति में सुधार के साथ अर्थव्यवस्था भी फिर से दुरुस्त हो जाएगी.
हालांकि अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इस महामारी के कारण कंपनियों के काम करने के तरीकों में बदलाव होगा और इसका असर लंबे वक्त तक रह सकता है.
उनका मानना है कि लॉकडाउन जितनी अधिक समय तक रहेगा, अर्थव्यवस्था को नुक़सान उतना ही अधिक होगा.
Corona Virus पर BBC Hindi का ख़ास Digital कार्यक्रम 'इंडिया बोल' फ़ेसबुक पर
Corona Virus पर BBC Hindi का ख़ास Digital कार्यक्रम 'इंडिया बोल' यूट्यूब
चीन कोरोना वायरस पर अंतरराष्ट्रीय समीक्षा का करेगा समर्थन
चीन ने कहा है कि वो कोरोना महामारी ख़त्म होने के बाद संक्रमण को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन की अगुआई में होने वाली समीक्षा का समर्थन करेगा.
चीन इससे पहले इस वायरस के जन्म के बारे में स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जाँच की माँग को ख़ारिज करता रहा था जिसके बाद उसपर दबाव बढ़ता जा रहा था.
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चनयिंग ने शुक्रवार को कहा कि चीन इस वायरस के जन्म के बारे में WHO के किसी भी प्रयास के साथ सहयोग करेगा.
मगर उन्होंने इसे जाँच मानने से इनकार कर दिया.
प्रवक्ता ने कहा कि समीक्षा को ये पता लगाना चाहिए कि महामारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का अनुभव कैसा रहा और उनमें क्या कमियाँ रहीं.
साथ ही इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन के काम को और मज़बूत करना चाहिए और ऐसी बड़ी बीमारियों के फैलने पर अंतरराष्ट्रीय तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए सुझाव देना चाहिए.
भारत की मदद के लिए AIIB के साथ 50 करोड़ डॉलर का प्रोजेक्ट
भारत सरकार ने कोरोना महामारी से निबटने में सहयोग के लिए एशियन इन्फ़्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) के साथ 50 करोड़ डॉलर के एक प्रोजेक्ट पर हस्ताक्षर किया है.
वित्त मंत्रालय के अनुसार ये इस बैंक ने पहली बार भारत को स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग देने के लिए कोई समझौता किया है.
कोरोना: विदेश में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने की ये है सरकार की योजना
सऊदी अरब कमाने के लिए गए थे, अब किराए के भी पैसे नहीं हैं
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर आज का कार्टून...
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोविड-19 का रिकवरी रेट 29.36%: स्वास्थ्य मंत्रालय
पिछले 24 घंटे में भारत में कोविड-19 संक्रमण के 3,390 नए मामले सामने आये हैं, जबकि 1,273 लोगों को पूरी तरह ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
ये आंकड़े केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार शाम हुई प्रेस वार्ता में दिये हैं.
उन्होंने बताया कि 'देश में कोरोना का मौजूदा रिकवरी रेट 29.36 प्रतिशत है.' इसके अलावा उन्होंने कहा:
- देश के 42 ज़िलों में पिछले 28 दिनों में कोरोना संक्रमण का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया.
- 29 ज़िलों में पिछले 21 दिनों में कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है.
- 36 ज़िलों में पिछले 14 दिनों में संक्रमण का कोई नया मामला नहीं देखा गया है.
- 46 ज़िलों में पिछले सात दिनों में कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है.
- अब तक देश के 216 ज़िलों में कोविड-19 संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है.
SC ने लौटते मज़दूरों को लेकर ओडिशा हाई कोर्ट के आदेेश पर लगाई रोक
- सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगा दी है जिसमें ओडिशा सरकार को निर्देश दिया गया था कि वो ये सुनिश्चित करे कि बाहर से लौटनेवाले प्रवासी मज़दूर गाड़ी में बैठने से पहले कोविड टेस्ट में निगेटिव पाए गए हैं.
1 से 15 जुलाई के बीच CBSE करवाएगा 10वीं 12वीं की परीक्षाएं
- मानव संसाधन मंत्रालय ने कहा है कि जुलाई 1 से 15 तारीख़ के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) दसवीं और बारहवीं की वो परीक्षाएं करवाएगा जो कोरोना के कारण शुरू हुए लॉकडाउन की वजह से नहीं हो पाई थीं.
मालदीव से सैकड़ों भारतीयों को वापस ला रही है भारतीय नौसेना
विदेशों में फँसे हज़ारों भारतीयों की सुरक्षित वापसी के अभियान 'वंदे भारत' में भारत की नौसेना भी हाथ बँटा रही है.
- नौसेना ने मालदीव से 700 से ज़्यादा नागरिकों को वापस लाने का मिशन शुरू किया है.
- इससे पहले दुबई और अबू धाबी से दो विमान 300 से ज़्यादा भारतीय लोगों को लेकर वापस लौटे.
- सिंगापुर से भी एक विमान 234 यात्रियों को लेकर दिल्ली लौटा.
- अगले एक हफ़्ते में भारत से 12 देशों में 64 फ़्लाइट जाएँगी जो लगभग 15,000 भारतीयों को स्वदेश लाएँगी.
- समझा जा रहा है कि इस अभियान के तहत अंततः 2,00,000 (दो लाख) भारतीयों को विदेशों से वापस लाया जाएगा.
- ये अभियान 1990 के खाड़ी युद्ध के बाद से भारत का ऐसा सबसे बड़ा अभियान बताया जा रहा है जब कुवैत में फँसे 1,70,000 भारतीयों को वापस लाया गया था.