You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: सीबीएसई की बची परीक्षाएँ 1-15 जुलाई के बीच

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने शनिवार को इसकी घोषणा की.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस के लक्षण क्या हैं और कैसे कर सकते हैं बचाव

  2. इस लाइव पेज के साथ बने रहने के लिए बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों को शुक्रिया. अब यह लाइव पेज यहीं समाप्त हो रहा है. कोरोना वायरस महामारी से जुड़े देश-दुनिया के आगे के सभी ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देखने के लिए यहां क्लिक करें.

  3. कोरोना वायरस: क्या दफ़्तर काम करने के लिए सुरक्षित रहेंगे?

  4. आईसीएमआर ने देसी टीका बनाने के भारत बायोटेक के साथ किया क़रार

    भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोराना वायरस के संक्रमण को रोकने वाला टीका बनाने के लिए बायोटेक कंपनी भारत बायोटेक के साथ समझौता किया है.

  5. कोरोना वायरस: लॉकडाउन में महिलाओं पर भारी पड़ता वर्क फ्रॉम होम

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्रिटेनः और 346 लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 31,587 हुई

    ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण से और 346 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है.

    इसके साथ ही ब्रिटेन में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 31,587 हो गई है.

    पिछले दिन के मुक़ाबले संक्रमण के 3,896 नए मामलों का पता चला है, जिसके बाद संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 215,260 हो गई है.

    • मृतकः 31,587
    • संक्रमितः 215,260

    ब्रिटेन सरकार ने साथ ही देश में साइक्लिंग और वॉकिंग को बढ़ावा देने के लिए 2 अरब पाउंड के एक पैकेज का एलान किया है.

    ब्रिटेन के यातायात मंत्री ग्रैंट शैप्स ने कहा कि साइक्लिंग और वॉकिंग ब्रिटेन की यातायात नीति का एक अहम बिन्दु होंगे.

    उन्होंने बताया कि ब्रिटेन में साइल्किंग और वॉकिंग करने वाले लोगों की संख्या को 2025 तक दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है.

  7. कोरोना वायरस- क्या स्वस्थ लोगों के लिए लॉकडाउन की सभी पाबंदियां हटा लेनी चाहिए?

  8. गुजरात में 394 नए मामले, और 23 की मौत; एम्स प्रमुख पहुँचे गुजरात

    गुजरात में पिछले 24 घंटों में 394 नए मरीज़ों की पुष्टि हुई है जिससे राज्य में संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 7,797 हो गई है.

    वहीं आज और 23 मरीज़ों की मौत हुई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 472 हो गई है.

    अहमदाबाद राज्य में महामारी का केंद्र बना हुआ है. 394 नए मामलों में से 380 इसी शहर के हैं.

    राज्य में पिछले एक दिन में जिन 23 और लोगों की मौत हुई है उनमें 20 अहमदाबाद के मामले हैं.

    गुजरात में पिछले कुछ दिनों में संक्रमण के मामलों में काफ़ी तेज़ी आई है.

    देश में महाराष्ट्र के बाद गुजरात में संक्रमण के सबसे ज़्यादा मामले आए हैं.

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र के निर्देश पर दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया को गुजरात भेजा गया है.

    डॉक्टर गुलेरिया ने आज अहमदाबाद में प्रदेश के अधिकारियों और चिकित्सकों से मिलकर स्थिति का जायज़ा लिया.

  9. ब्रिटेन जाने वाले लोगों को 14 दिन क्वारंटीन पर भेजने की योजना

    ब्रिटेन में एयरलाइन कंपनियों का कहना है कि उन्हें सरकार ने बताया है कि ब्रिटेन में बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को 14 दिन के क्वारंटीन पर भेजा जाएगा.

    केवल आयरलैंड को इस पाबंदी से बाहर रखा गया है.

    समझा जाता है कि ये व्यवस्था इस महीने के अंत से लागू हो जाएगी.

    ब्रिटेन आने वाले लोगों को ख़ुद को 14 दिन के लिए किसी निजी आवास में ख़ुद को क्वारंटीन करना होगा.

    अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ये पाबंदी कितने समय तक लागू रहेगी.

  10. सीबीएसई की बची परीक्षाएँ 1-15 जुलाई के बीच

    कोरोना महामारी की वजह से सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की टल गईं 29 विषयों की परीक्षाएँ 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच ली जाएँगी.

    केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इन परीक्षाओं के बाद नतीजे भी आ जाएँगे.

    केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पर्चों की जाँच के लिए सीबीएसई के 3000 स्कूलों को चिह्नित किया गया है.

    उन्होंने कहा,"मुझे विश्वास है कि हम 173 विषयों की 1.5 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जल्दी करेंगे और जैसे ही 29 विषयों की परीक्षाएं 1 से 15 जुलाई के बीच में संपन्न होगी, उनके मूल्याकंन के बाद शीघ्र ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे."

  11. बेलारूस में महामारी के बीचे सैन्य परेड

    बेलारूस में दूसरे विश्व युद्ध में मिली जीत की 75वीं वर्षगांठ पर एक भव्य सैन्य परेड निकाली गई जिसे देखने भारी भीड़ जुटी.

    बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्ज़ेंडर लुकाशेंको शुरू से ही कोरोना महामारी को लेकर जारी सलाहों को ख़ारिज करते रहे हैं.

    उन्होंने इसे एक मनोविकृति बताते हुए चेतावनी दी थी कि किसी तरह के लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था को हानि होगी.

    उन्होंने महामारी के दौरान दर्शकों के बीच फ़ुटबॉल मैच भी होते रहने दिए.

    विश्व युद्ध विजय की सालगिरह पर यूरोप के बहुत सारे देशों ने बिना कोई शोर-शराबे के सादे आयोजन किए.

  12. ढाका से 129 भारतीय दिल्ली पहुँचे

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका से आज एयर इंडिया का एक विमान 129 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुँचा. वहाँ से अब उन्हें अपने गंतव्य स्थलों पर ले जाने की व्यवस्था की जा रही है.

  13. प्रवासियों को बुलाने के लिए 10 ट्रेनों को अनुमति दी बंगाल सरकार ने

    प्रभाकर मणि तिवारी

    कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रवासियों की वापसी में पश्चिम बंगाल सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के आरोप के बाद राज्य के गृह सचिव आलापन बनर्जी ने शनिवार को कहा कि सरकार ने विभिन्न राज्यो में फंसे प्रवासी मजदूरों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को बुलाने के लिए 10 ट्रेनों के संचालन की अनुमति दे दी है.

    उन्होंने कहा, “हमने कुल 10 ट्रेनों संचालन की अनुमति दी है. इनमें से राजस्थान और केरल से दो ट्रेनों से लगभग 3,000 लोग लौटे हैं. बाकी ट्रेनें भी शीघ्र आएंगी. बेंगलुरू से राज्य के अलग-अलग टेशनों के लिए तीन ट्रेनें रवाना हो रही हैं.”

    गृह सचिव ने बताया कि सरकार तीर्थयात्रियों को वापस लाने के लिए वृंदावन, मथुरा और वाराणसी से भी तीन ट्रेनें चलाने की अनुमति दे दी है.

    इन तमाम लोगों का यहाँ पहुंचने पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और उनको ज़रूरत के हिसाब से अस्पताल या होम क्वारंटीन में रहने को कहा जाएगा.

    प्रवासियों की वापसी के मुद्दे पर केंद्र सरकार से लेकर भाजपा औऱ कांग्रेस तक राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा करती रही है.

    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष कहते हैं, “सरकार प्रवासियों को वापस बुलाने में दिलचस्पी नहीं ले रही है.”

    कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी भी यही आरोप लगाते हुए कहते हैं कि प्रवासियों की वापसी पर विवाद थमना चाहिए और देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों की वापसी का शीघ्र इंतज़ाम किया जाना चाहिए.

    सीपीएम नेता मोहम्मद सलीम कहते हैं, “सरकार के पास कोई तैयारी नही हैं. इसलिए वह प्रवासियों को बुलाने में हिचक रही है.”

    इससे पहले बीते सप्ताह राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने कहा था, “देश के बाकी हिस्सों में फंसे लोगों को चरणबद्ध तरीके से बुलाया जाएगा. एक साथ लाखों प्रवासी मजदूरों को बुलाना उचित नहीं होगा. इसके लिए विस्तृत योजना जरूरी है. ऐसा नहीं किया गया तो अब तक की सारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा.”

  14. दक्षिण कोरिया में नाइटक्लबों से जुड़े संक्रमण के नए मामले, सोल के क्लब बंद

    दक्षिण कोरिया में संक्रमण के ऐसे नए मामलों का पता चला है जिनमें संक्रमित लोग राजधानी सोल में बार या क्लबों में गए थे.

    देश के सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रीवेंशन ने शनिवार को 18 नए मामलों को रिपोर्ट किया जिसके बाद देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 10,840 हो गई है.

    इन नए 18 मामलों में से 17 के तार 29 साल के एक व्यक्ति से जुड़े हैं जो पिछली वीकेंड को सोल के एक इलाक़े में रात को बाहर निकला था.

    स्वास्थ्य अधिकारी अब उन जगहों पर गए लोगों का पता लगाने और उनके टेस्ट करने की कोशिश कर रही है ताकि उन्हें एकांत में रहने के लिए कहा जा सके.

    सोल के मेयर ने शहर के सभी बार और क्लबों को अगले आदेश तक बंद करवा दिया है.

    मेयर ने कहा,"लापरवाही से संक्रमण तेज़ी से फैल सकता है."

    कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की तैयारियों को लेकर दक्षिण कोरिया की काफ़ी सराहना हुई है.

    दक्षिण कोरिया में अब पाबंदियों में ढील देने की तैयारी हो रही है.

  15. नोएडा में कोरोना से दूसरी मौत

    समाचार एजेसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से ख़बर दी है कि नोएडा यानी उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर ज़िले में कोविड-19 से दूसरे व्यक्ति की मौत हुई है. ज़िले में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 216 हो गई है.

  16. स्लोवेनियाः साइकिलों पर निकलकर लॉकडाउन का विरोध

    यूरोपीय देश स्लोवेनिया की राजधानी लुब्लियाना में हज़ारों लोगों ने साइकिलों पर निकलकर लॉकडाउन का विरोध किया है. देश में मार्च के मध्य से ही लॉकडाउन लगा है.

    वहाँ दो हफ़्ते पहले कुछ ढील दी गई थी मगर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री यानेज़ यान्सा पर आरोप लगाया है कि वो महामारी के बहाने आज़ादी पर लगाम लगाने की कोशिश कर रहे हैं.

    स्लोवेनिया में अब तक 1,450 मामले सामने आ चुके हैं और 100 लोगों की मौत हो चुकी है.

  17. शराब बिक्री पर मद्रास हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती

    सुचित्र मोहंती

    बीबीसी हिन्दी के लिए

    तमिलनाडु सरकार ने शराब की बिक्री के बारे में मद्रास हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.

    मद्रास हाई कोर्ट ने कल सभी सरकारी शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश देते हुए कहा था कि लॉकडाउन के दौरान शराब की केवल ऑनलाइन बिक्री होनी चाहिए.

    हाई कोर्ट ने शराब की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने की शिकायतें मिलने के बाद ये आदेश दिया था.

    अदालत के सामने इस संबंध में कई याचिकाएँ आई थीं जिनमें अभिनेता कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम की एक याचिका भी शामिल थी.

    अदालत ने कहा,"शराब आवश्यक वस्तु नहीं है, और इसलिए इसकी दुकानों पर बिक्री 17 मई तक बंद की जाए जबकि केंद्र की ओर से लागू लॉकडाउन समाप्त होने वाला है."

  18. जे पी नड्डा ने अमित शाह को लेकर अफ़वाहों की निंदा की

    भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गृह मंत्री अमित शाह की सेहत को लेकर जारी अफ़वाहों की निंदा करते हुए ट्वीट किया है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, अमित शाह ने कहा - मैं बिल्कुल ठीक हूँ

    गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर अपने बारे में एक बयान जारी कर कहा है कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है. पढ़िए उनका पूरा संदेश -

  20. लंदन से भारतीयों को वापस लेकर आने वाली पहली फ़्लाइट

    ब्रिटेन से फँसे भारतीयों को देश वापस लाने के लिए एयर इंडिया की पहली फ़्लाइट आज लंदन से मुंबई के लिए रवाना हो रही है.

    इसमें लगभग 250 भारतीय छात्र और यात्री सवार हैं जो लगभग दो महीने से ब्रिटेन में फँसे हुए थे.

    लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के अनुसार सारी सीटें बुक हो चुकी हैं.

    आने वाले दिनों में ऐसी और कई फ़्लाइटों से ब्रिटेन में फँसे भारतीयों को वापस लाया जाएगा.

    एयर इंडिया ब्रिटेन से भारत के छह शहरों में विमानों को चलाएगा.

    इन फ़्लाइटों में भारत से ब्रिटेन जाना चाहने वाले कुछ लोगों को भी ले जाया जाएगा.