You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना अपडेट: 12 मई से बहाल होगी रेल सेवा, फ़िलहाल केवल 15 ट्रेनें चलेंगी
भारतीय रेल मंत्रालय के अनुसार 11 मई को शाम चार बजे से ट्रेन की टिकटों की बिक्री शुरू होगी.
लाइव कवरेज
इस लाइव पेज के साथ बने रहने के लिए बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों को शुक्रिया. अब यह लाइव पेज यहीं समाप्त हो रहा है. कोरोना वायरस महामारी से जुड़े देश-दुनिया के आगे के सभी ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देखने के लिए यहां क्लिक करें.
कोरोना वायरसः नियम तोड़ने वालों की शिकायत करना कितना सही?
ब्रिटेन में और 269 लोगों की मौत
ब्रिटेन में रविवार को और 269 लोगों के मारे जाने की सूचना दी गई है.
इसके साथ ही ब्रिटेन में मरने वाले संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 31,855 हो गई है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आज शाम सात बजे (भारतीय समय 11:30) देश को संबोधित करने वाले हैं.
समझा जाता है कि इसमें वो लॉकडाउन में किसी तरह के बदलाव और ख़तरे के एलर्ट सिस्टम के बारे में कोई एलान कर सकते हैं.
कोरोना: कश्मीर के ये शख़्स अपनी फ़ैक्टरी में बना रहे हैं पीपीई किट
ब्रेकिंग न्यूज़, 12 मई से चलना शुरू होंगी ट्रेन, पहले केवल 15 रेलगाड़ियाँ, कल से मिलेगा टिकट
भारतीय रेलवे ने 12 मई यानी मंगलवार से ट्रेनों को फिर से चलाने का फ़ैसला किया है.
शुरूआत में केवल 15 रेलगाड़ियों को चलाया जाएगा जो गंतव्य स्थलों तक जाकर वापसी यात्रा भी करेंगी.
टिकटों की बिक्री 11 मई यानी सोमवार शाम 4 बजे से शुरू होगी.
रेल मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में ये जानकारियाँ दी गई हैं -
- 12 मई से चलेंगी 15 जोड़ी रेलगाड़ियाँ, यानी कुल 30 रेलगाड़ियाँ चलाई जाएँगी
- ये सभी विशेष रेलगाड़ियाँ होंगी
- ये रेलगाड़ियाँ नई दिल्ली से इन 15 शहरों में आएँगी और जाएँगी - पटना, रांची, हावड़ा, डिब्रूगढ़, अगरतला, बिलासपुर, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरू, चेन्नई, तिरुअनंतपुरम, मडगाँव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी
- 11 मई को शाम चार बजे से टिकटों की बुकिंग शुरू होगी
- टिकट केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट से लिए जा सकेंगे
- केवल टिकटधारी यात्रियों को ही स्टेशन के भीतर जाने दिया जाएगा
- यात्रियों को मास्क लगाना होगा, स्क्रीनिंग होगी, और जिनमें कोई लक्षण नहीं होगा उन्हें ही रेल पर सवार होने दिया जाएगा
- ट्रेनों के समय की सूचना बाद में दी जाएगी
- अन्य मार्गों पर विशेष ट्रेनों का परिचालन बाद में होगा
कोरोना: लॉकडाउन में मनरेगा योजना बन गई है मज़दूरों की लाइफ़लाइन
पश्चिम बंगाल में 24 घंटे में 14 की मौत
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में 14 और संक्रमित लोगों की मौत हुई है.
इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है.
पिछले 24 घंटे में राज्य में 153 नए लोग पॉज़िटिव पाए गए हैं.
इसके बाद राज्य में कोविड-19 मरीज़ों की संख्या बढ़कर 1939 हो गई है.
ब्रेकिंग न्यूज़, वुहान में महीने भर बाद पहला संक्रमण
चीन के वुहान शहर से एक महीने से ज़्यादा अर्से के बाद संक्रमण का पहला मामला सामने आया है.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ 89 वर्षीय रोगी की हालत गंभीर है और उसमें पहले इस रोग के लक्षण नहीं देखे गए थे.
बताया जा रहा है कि इस मरीज़ के आस-पास के लोगों पर सख़्त पाबंदी लगा दी गई है.
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने संक्रमण के 14 नए मामलों को दर्ज किया है जिनमें वुहान का मामला भी शामिल है.
चीन में अब तक संक्रमण के 82,901 मामले सामने आए हैं.
वहाँ इससे 4,633 लोगों की मौत हुई है.
चीन में हुवेइ प्रांत की राजधानी वुहान से ही कोरोना महामारी की शुरूआत हुई थी.
इसके बाद वहाँ सख़्त लॉकडाउन लगा दिया गया जिससे स्थिति पर क़ाबू किया जा सका.
ब्रेकिंग न्यूज़, दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या 40 लाख पहुँची
अमरीका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के जुटाए आँकड़ों के अनुसार सारी दुनिया में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 40 लाख तक पहुँच गई है.
कोरोना संक्रमण से मारे गए लोगों की संख्या 277,000 हो गई है.
इनमें एक तिहाई संक्रमण के मामले अमरीका से हैं.
मारे गए कुल लोगों में से एक चौथाई लोगों की मौत अमरीका में हुई है.
जानकारों ने चेतावनी दी है संक्रमित रोगियों की संख्या कहीं ज़्यादा होगी क्योंकि कई देशों में टेस्ट कम होने से सही आँकड़े सामने नहीं आ रहे.
नीचे दिए गए ग्राफ़ मे देखा जा सकता है कि मार्च के बाद से संक्रमण के मामलों में काफ़ी तेज़ी आई है.
इतिहासकार हरि शंकर वासुदेवन की कोरोना संक्रमण से मौत
प्रभाकर मणि तिवारी
कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
कोलकाता में कोरोना संक्रमण की वजह से मशहूर इतिहासकार की मौत हो गई है.
68 साल के वासुदेवन की रविवार तड़के महानगर के एक निजी अस्पताल में मौत हुई.
वासुदेवन यूरोपीय और रूसी इतिहास के साथ ही भारत-रूस संबंधों के विशेषज्ञ थे.
कोलकाता विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर रहे वासुदेवन ने केंब्रिज विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन से पीएचडी तक की पढ़ाई की थी.
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया,“वासुदेवन को चार मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अगले दिन उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉज़िटिव आई थी. शनिवार रात को उनको दो बार दिल का दौरा पड़ा था.”
वासुदेवन कलकत्ता विश्वविद्यालय में चाइना सेंटर के निदेशक थे.
उससे पहले वे मौलाना अबुल कलाम आज़ाद इंस्टीट्यूट ऑफ़ एशियन स्टडीज के निदेशक रहे थे.
वे वर्ष 2011 से 2014 के बीट इंडियन काउंसिल ऑफ़ हिस्टोरिकल रिसर्च के सदस्य भी रहे.
राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत तमाम हस्तियों ने वासुदेवन के निधन पर शोक जताया है.
'ब्रिटेन में जनता के साथ नंबर का नाटक खेल रही है सरकार'
केम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के एक प्रतिष्ठित सांख्यिकीविद् ने बीबीसी से कहा है कि ब्रिटेन में सरकार जनता को सही सूचना देने की जगह नंबर का नाटक खेल रही है.
डेविड स्पीजलहाल्टर ने सरकार की दैनिक ब्रीफ़िंग की आलोचना की और कहा कि ऐसा लगता है कि ये ब्रीफ़िंग प्रधानमंत्री कार्यालय की सूचना देने वाली टीम की तैयारी से होती है ना कि विशेषज्ञों से.
उन्होंने कहा,"मैं केवल ये चाहता हूँ कि ये आँकड़े ऐसे लोग तैयार करते और पेश करते जिन्हें इसकी ताक़त और कमियों का पता होता और जो दर्शकों का थोड़ा सम्मान करते."
कोरोना वायरस: क्या अब हम कभी हाथ मिला पाएंगे?
उम्मीद है मॉनसून सत्र समय पर शुरू होगाः ओम बिरला
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उम्मीद जताई है कि मॉनसून सत्र समय पर शुरू हो सकेगा.
स्पीकर बिरला ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा,"कोविड-19 संकट के बावजूद, मैं आशावान हूँ कि सत्र समय पर आरंभ हो सकेगा. हालाँकि ये तब की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा."
मॉनसून सत्र आम तौर पर जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह में शुरू होता है.
पिछले वर्ष ये सत्र 20 जून से 7 अगस्त तक चला था.
दिल्लीः 381 नए मामले; संख्या 7,000 के पास
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना महामारी पर ताज़ा स्थिति बताई है -
- नए मामले - 381
- कुल मामले - 6923
- मौत - 73
प्रधानमंत्री मोदी की कल मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सूचना दी गई है कि पीएम मोदी सोमवार दोपहर तीन बजे सारे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए चर्चा करेंगे.
कोरोना संकट पर प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ ये पाँचवीं बैठक होगी.
ब्रेकिंग न्यूज़, रूस में कोरोना मरीज़ों की संख्या 2 लाख के पार
रूस में पिछले 24 घंटे में 11,012 लोगों के पॉज़िटिव पाए जाने के बाद देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 209,688 हो गई है.
रविवार को और 88 लोगों की मौत की पुष्टि हुई जिसके बाद वहाँ मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,915 हो गई है.
रूस में पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन 10,000 से ज़्यादा लोगों के संक्रमित होने की रिपोर्ट आ रही है.
अधिकारियों का कहना है कि मामलों में तेज़ी टेस्ट बढ़ने की वजह से आई है.
रूस अब संक्रमित रोगियों की संख्या के हिसाब से दुनिया में पाँचवें नंबर पर आ गया है.
अमरीका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार दुनिया में सबसे ज़्यादा प्रभावित देशः
- अमरीका - 1,309,541
- स्पेन - 223,578
- इटली - 218, 268
- ब्रिटेन - 216,525
- रूस - 209,688
मेलबोर्न में लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया में लॉकडाउन के विरोध में एक प्रदर्शन हुआ जिसके बाद पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया.
विक्टोरिया प्रदेश की राजधानी मेलबोर्न में लगभग 150 लोगों ने प्रदेश के संसद भवन के बाहर धरना दिया.
पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर लॉकडाउन नियम तोड़ने के लिए 1,600 ऑस्ट्रेलियन डॉलर यानी लगभग 80,000 रूपए तक का जुर्माना लग सकता है.
ऑस्ट्रेलिया में चरणबद्ध तरीक़े से लॉकडाउन में ढील दी जा रही है और योजना है कि जुलाई तक देश की अर्थव्यवस्था कोविड मुक्त कर लिया जाएगा.
मगर मेलबोर्न में एक कसाईख़ाने से जुड़े मामले संक्रमण में तेज़ी आने के बाद विक्टोरिया सरकार ने ढील देने की प्रक्रिया को धीमा कर दिया है.
रविवार को मेलबोर्न में हुए प्रदर्शन से पहले अमरीका, ब्राज़ील और कई अन्य देशों में लोगों ने पाबंदियों को नकारते हुए सड़कों पर आकर प्रदर्शन किए हैं.
पिछले 24 घंटों में 10 राज्यों में एक भी नया संक्रमण नहींः हर्षवर्धन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में 10 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है.
इनमें से चार राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक एक. भी व्यक्ति संक्रमित नहीं हुआ है.
दिल्ली में एक कोविड केयर सेंटर का दौरा करने पहुँचे स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों को ये जानकारी दी
ये दुनिया, ये महफ़िल...ग़रीबों के काम की नहीं