कोरोना वायरसः अब तक दुनिया भर में जो कुछ हुआ
पुतिन ने स्वीकार की ट्रंप की मदद
राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने मेडिकल हेल्प के लिए अमरीकी मदद की पेशकश स्वीकार कर ली है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ ट्रंप ने कहा कि कोविड-19 की महामारी के ख़िलाफ़ जारी लड़ाई में रूस मुश्किल दौर से गुजर रहा है. गुरुवार को कोरोना संक्रमण के मामलों में रूस ने जर्मनी और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है.
कोरोना वायरस से संक्रमण के 177,160 मामलों की पुष्टि के साथ ही रूस दुनिया में सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों में पाँचवें स्थान पर आ गया है. ट्रंप और पुतिन के बीच गुरुवार को फ़ोन पर बात हुई.
व्हाइट हाउस ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच कोरोना वायरस के अलावा हथियारों पर नियंत्रण के मुद्दे पर भी बात की.
दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण 265,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.
अमरीका और ब्रिटेन का हाल
कोरोना संक्रमण और इससे हुई मौत से जुड़े आँकड़ों पर नज़र रखने वाली जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार कोविड-19 से अब तक दुनिया भर में 268,999 लोगों की मौत हो चुकी है. साथ ही संक्रमण के 3,836,215 मामलों की पुष्टि अब तक हुई है.
अमरीका में कोरोना संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 75 हज़ार पार कर गई है. जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के आँकड़ों के अनुसार दुनिया भर में कोरोना के कारण सबसे ज़्यादा मौत अमरीका में हुई है जहां 75,447 लोगों की जान गई है.
अमरीका में एक दिन में मरने वालों की संख्या तकरीबन दो हज़ार बढ़ी है. इसके बाद ब्रिटेन दूसरे नंबर पर है जहां, 30,689 लोगों की मौत हुई है.
चीन पर ट्रंप प्रशासन ने क्या कहा
उधर, राष्ट्रपति ट्रंप अब भी बिना किसी सबूत के इस बात पर ज़ोर दे रहे हैं कि कोरोना वायरस लैब में तैयार किया गया है. क्या कोरोना वायरस वुहान इंस्टिट्यूट ऑफ़ वायरोलॉजी से रिलीज़ किया गया है?
इस सवाल पर ट्रंप ने ओवल ऑफ़िस में अमरीकी पत्रकारों से कहा, "कुछ हुआ तो है." टेक्सस के गवर्नर से मुलाक़ात के दौरान उन्होंने कहा, "मुमकिन है कि कोई गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ हो. कोई तो बेवकूफ़ रहा होगा."
इससे पहले अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने दावा किया था कि उन्होंने ऐसे 'बहुत सारे सबूत' देखे हैं जिससे पता चलता है कि वायरस लैब में तैयार किया गया था.
ट्रंप का कोरोना टेस्ट
एक सहायक के कोरोना टेस्ट पॉज़िटिव आने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप का टेस्ट निगेटिव रहा है. एक प्रवक्ता ने बताया, "व्हॉइट हाउस परिसर में काम करने वाले अमरीकी सेना के एक अधिकारी के संक्रमित होने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति माइक पेंस का टेस्ट कराया गया था, जो निगेटिव रहा है."
अमरीका में बेरोज़गारी
अमरीका में बेरोज़गारी के आँकड़े भी भयावह तस्वीर पेश कर रहे हैं.अमरीका में कोविड-19 की महामारी के कारण तीन करोड़ 33 लाख लोगों की नौकरी जा चुकी है.पिछले हफ़्ते 32 लाख अमरीकियों ने बेरोज़गारी भत्ते के लिए आवेदन दिया था.
फ्रांस का हाल
फ्रांस में कोरोना के कारण मरने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है.वहां कोविड-19 के कारण 178 लोगों की मौत हुई है. पिछले दिन की तुलना में ये संख्या कम बताई जा रही है. मार्च के आख़िरी हफ़्ते के बाद से फ्रांस में ऐसा पहली बार हुआ है कि इंटेसिव केयर यूनिट्स में रखे गए मरीज़ों की संख्या 3000 से कम है. फ्रांस ने फ़ैसला किया है कि वो कम से कम 15 जून तक अपनी सीमाएं बंद रखेगा.
पर्यटन क्षेत्र
दुनिया भर में पर्यटन उद्योग का बुरा हाल है. माना जा रहा है कि इस सेक्टर में 80 फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. विश्व व्यापार संगठन के अनुसार कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण साल 2020 में एक देश से दूसरे देश जाने वाले सैलानियों की संख्या 60 से 80 फ़ीसदी की गिरावट हो सकती है.
ब्रितानी मंत्री की चेतावनी
ब्रिटेन में कोविड-19 के कारण 539 और लोगों की मौत हुई है.ब्रितानी विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने सरकार की तरफ़ से जारी किए जाने वाले कोरोना ब्रीफिंग के दौरान बताया कि ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30,615 हो गई है.
उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को नज़रअंदाज किए जाने पर चेतावनी देते हुए कहा कि अगर लोग इसका पालन नहीं करेंगे तो कोरोना वायरस समय के साथ और फैलेगा.