You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: इटली वो तीसरा देश बना जहां कोविड 19 से मरने वालों की संख्या 30 हज़ार से अधिक

अमरीका और ब्रिटेन के बाद इटली वो तीसरा देश है जहां कोविड 19 से मरने वालों की संख्या 30,000 के पार पहुंच गई है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना से जुड़ा आपका सवाल और बीबीसी का जवाब

    गर्मी बढ़ रही है तो एयर कंडीशनर का इस्तेमाल भी बढ़ेगा, लेकिन क्या ये कोरोना संक्रमण का ख़तरा बढ़ा देगा?

    पवन कुमार ने बीबीसी के फ़ेसबुक पन्ने पर पूछा है कि क्या सेंट्रलाइज़ एयर कंडीशनर कोरोना संक्रमण फैलने की वजह बन सकता है? वो ऐसी जगह काम करते हैं जहाँ सेंट्रलाइज़ एयर कंडीशनर काम करता है.

    बीबीसी ने कोरोना से जुड़े कई सवालों को जवाब खोजने की कोशिश की है.

    ये है इस सवाल का जवाब:

  2. कोरोना वायरस: आख़िर कैसे काम करती है कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग?

  3. कोरोना वायरस: यूरोप में क्या चल रहा है?

    कई यूरोपीय देशों में द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ती के 75 वर्ष पूरे होने पर कुछ सभाओं का आयोजन किया गया है, लेकिन इनमें गिने-चुने नेताओं के अलावा भीड़ को जमा होने की अनुमति नहीं है.

    फ़्रांस और जर्मनी के सर्वोच्च नेताओं ने युद्धा में मारे गए लोगों को याद किया और ब्रिटेन में भी इस अवसर पर कुछ जगहों पर मौन रखा गया है.

    • स्पेन में मैड्रिड शहर की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रमुख योलांडा फ़्यून्टेस ने सरकार के लॉकडाउन में ढील देने के फ़ैसले से नाराज़ होकर इस्तीफ़ा दे दिया है. स्पेन के मैड्रिड शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे ज़्यादा मामले दर्ज किये गए हैं. हालांकि अब संक्रमण दर में कुछ गिरावट देखी गई है.
    • रूस में लगातार छठे दिन भी 10,000 से ज़्यादा नए मामले सामने आये हैं.
    • डेनमार्क ने भी लॉकडाउन ख़त्म करने का एक प्लान तैयार किया है. डेनमार्क की सरकार ने अप्रैल की शुरुआत में लॉकडाउन के दौरान कुछ प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू की थी. अब सरकार ने कहा है कि सोमवार से सभी शॉपिंग सेंटर खुल सकेंगे और बंद दरवाज़ों के पीछे कुछ पेशेवर खेलों की भी शुरुआत होगी.
    • सर्बिया ने भी गुरुवार रात से इमरजेंसी हटा ली है.
    • जर्मनी ने बताया है कि मार्च के महीने में उनका निर्यात 11.8 प्रतिशत घटा जो 1990 के एकीकरण के बाद उनके निर्यात में सबसे बड़ी गिरावट है.
    • ब्रिटिश रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और सरकार के कुछ सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि 18 मई से ब्रिटेन में रेलवे 70 फ़ीसद ट्रेनें शुरू कर देगा. लोगों के घरों से काम करने की वजह से रेल सेवा को 50 फ़ीसद से भी कम कर दिया गया था.
    • सूत्रों ने बताया कि ब्रिटेन की सरकार ने ट्रेनें बढ़ाने का निर्णय इसलिए लिया है ताकि लोग काम पर लौटें, तो उन्हें लाने-ले जाने के लिए पर्याप्त ट्रेनें हों. हालांकि उम्मीद जताई गई है कि ट्रेवल करने से संबंधित प्रतिबंधों को धीरे-धीरे ही हटाया जाएगा.
  4. सिंगापुर: रोबोट कुत्ते करेंगे सेफ़ डिस्टेंसिंग की निगरानी

    इवेट टन

    सिंगापुर

    सिंगापुर के एक पार्क में इन दिनों एक मशीनी कुत्ता या रोबोट डॉग चक्कर लगाता दिखाई देता है. ये स्पॉट रोबोट है जिसे जानी-मानी रोबोटिक्स कंपनी बोस्टन डायनमिक्स ने बनाया है.

    सिंगापुर की सरकारी एजेंसी गवटेक के मुताबिक़ स्पॉट सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने में मदद करेगा. लेकिन कई लोग इससे परेशान हैं और सवाल उठा रहे हैं.

    सोशल मीडिया पर एक यूज़र ने लिखा, "जल्दी ही रोबोट हम पर राज करेंगे."

    एक अन्य यूज़र ने लिखा, "इसे किसी का पीछा करते देखना बड़ा डरावना होगा."

    मगर स्पॉट अभी किसी का पीछा करने नहीं जा रहा. अभी वो एक रिकॉर्डेड संदेश बजाएगा जिसमें लोगों से कहा जाएगा कि वो दूरी बनाए रखने का ध्यान रखें. स्पॉट के ऊपर एक कैमरा भी लगा होगा जिससे ये अनुमान लगेगा कि पार्क में कितने लोग आए.

    आज से सिंगापुर के बिशन-ऐंग मो कियो पार्क के एक हिस्से में इसका परीक्षण शुरू होगा और इसके साथ एक ऑफ़िसर को तैनात किया जाएगा जो इस पर नज़र रखेगा कि ये ठीक से काम कर रहा है या नहीं.

    योजना ये है कि अगर सब ठीक रहा तो इस रोबोट डॉग को दूसरे पार्कों में भी भेजा जा सके.

  5. लॉकडाउन में हेल्थकेयर सर्विस की कमी पूरी कर सकती है टेलीमेडिसिन?

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: रूस में छठे दिन भी 10,000 से ज़्यादा नए मामले

    रूस में लगातार छठे दिन भी 10,000 प्रति दिन के औसत से मामले सामने आये हैं.

    सरकारी डेटा के अनुसार रूस में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 10,699 नए मामलों की पुष्टि हुई है.

    इसके साथ ही रूस में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,87,859 हो गए हैं.

    बीते 24 घंटे में 98 लोगों की मौत भी हुई है जिसके बाद कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 1,723 हो गई है.

  7. ब्राज़ील: कोरोना से ज़्यादा अर्थव्यवस्था का डर

    ब्राज़ील के वित्त मंत्री ने चेतावनी दी है कि ‘देश की अर्थव्यवस्था बर्बादी की ओर जा रही है.’

    वित्त मंत्री पाओलो गुएडेस ने कहा है कि ‘लॉकडाउन की वजह से देश में खाने-पीने की सामग्री की किल्लत होगी जिससे देश में सामाजिक अशांति फैल सकती है.’

    वित्त मंत्री ने कई उद्योगपतियों के साथ मिलकर देश के सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन भी किया. ये लोग उन गवर्नरों के ख़िलाफ़ हैं जिन्होंने अपने राज्यों में लॉकडाउन के प्रतिबंध लागू कर रखे हैं.

    • गुएडेस के अनुसार अगर काम शुरू नहीं किया गया तो अगले 30 दिन में ब्राज़ील में खाने-पीने की सामग्री की किल्लत होने लगेगी.
    • दक्षिण अमरीका में ब्राज़ील अब इस महामारी का केंद्र बन गया है जहाँ अब तक 1,30,000 से अधिक लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है और क़रीब 9,000 लोग कोविड-19 की वजह से मारे गए हैं.
    • इस महामारी से कैसे लड़ा जाए, इसे लेकर ब्राज़ील के भीतर भारी मतभेद दिखाई दे रहा है.
    • एक ओर जहाँ डॉक्टर कह रहे हैं कि लॉकडाउन को बढ़ाया जाए और सोशल डिस्टेन्सिंग पर विशेष ज़ोर दिया जाए, वहीं सरकार का कहना है कि कड़े प्रतिबंधों के चक्कर में देश की अर्थव्यवस्था का नाश हो रहा है जो कोरोना वायरस की मार से भी ज़्यादा ख़तरनाक है.
  8. कोरोना वायरस: इंडोनेशिया में हिन्दू रीति-रिवाजों की तारीफ़ क्यों

  9. कोरोना वायरस के संक्रमण से भारत के न्यूज़ रूम में तबाही क्यों

  10. यूएन चीफ़ ने कहा- 'हर जगह फैला नफ़रत का सूनामी'

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियोगुटेरेस ने कोरोना वायरस महामारी से दुनिया भर में बदले सामाजिक हालात पर एक करारा संदेश दिया है.

    उन्होंने कहा है कि ‘इस महामारी ने हर जगह नफ़रत का सूनामी फैला दिया है.’

    • किसी देश का नाम लिये बग़ैर उन्होंने आह्वान किया कि ‘इस नफ़रत को समाप्त करने के लिए सभी देशों को हर संभव प्रयास करने चाहिए.’
    • उन्होंने कहा कि दुनिया भर में प्रवासी और शरणार्थी लोग विशेष रूप से प्रभावित हैं जिन्हें कोरोना वायरस का स्रोत माना जा रहा है और कई जगह उन्हें उपचार से भी वंचित रखा गया है.
    • उन्होंने कहा, “पत्रकारों, स्वास्थ्यकर्मियों, राहत पहुँचाने वालों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को उनका काम करने के लिए निशाना बनाया जा रहा है.”
    • संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने मीडिया, विशेषकर ऑनलाइन मीडिया संस्थानों से ‘नस्लवादी, दुर्भावनापूर्ण और हानिकारक सामग्री’ को हटाने का भी आह्वान किया है.
    • साथ ही उन्होंने कहा है कि शिक्षण संस्थानों को इस समय में डिजिटल साक्षरता पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए ताकि लोग फ़र्ज़ी ख़बरों को पहचानना सीखें.
  11. 'बिना मास्क के काम' कर रहे रूस के डॉक्टर

    रूस में जैसे-जैसे संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, वहाँ के पुराने और खस्ताहाल सरकारी अस्पताल संक्रमण का केंद्र बनते जा रहे हैं. रूस में हेल्थ वर्करों और डॉक्टरों के संक्रमित होकर बीमार पड़ने और मरने की संख्या बढ़ती जा रही है.

    • राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने माना है कि ‘हेल्थ वर्करों के पास पीपीई किट और अन्य सुरक्षा संबंधी सामानों की कमी है.’ जिसे देखते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने इनके उत्पादन को बढ़ाने के आदेश दिये हैं.
    • इसके बावजूद रूस के डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी खुलकर इस परेशानी की शिक़ायत करने से डर रहे हैं. डॉक्टरों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर ज़रूर शेयर हो रहे हैं जिनमें वे मास्क व अन्य ज़रूरी सामानों की किल्लत के बारे में बात कर रहे हैं.
  12. बांग्लादेश सरकार ने मस्जिदें खोलने की इजाज़त दी

    बांग्लादेश में कोविड-19 के 12,000 से ज़्यादा मामले हैं, जिनमें 200 से ज़्यादा लोगों की अब तक मौत हो चुकी है और नए मामले अब भी सामने आ रहे हैं.

    उधर बांग्लादेश सरकार लॉकडाउन के प्रतिबंधों में थोड़ी ढील देने की घोषणा कर चुकी है जिसके अनुसार देश की सभी मस्जिदों को क़रीब एक महीने बाद खोल दिया गया है.

    लेकिन बांग्लादेश के अख़बार ‘द ढाका ट्रिब्यून’ के एक पत्रकार ने पाया कि राजधानी ढाका की मस्जिदों में भी उन गाइडलाइंस का पालन नहीं हो रहा जिन्हें सरकार ने बाध्यकारी बताया है.

    अपनी रिपोर्ट में उन्होंने लिखा है कि ‘अधिकांश मस्जिदें हैंड सेनेटाइज़र नहीं जुटा पाई हैं और मस्जिदों में आ रहे लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं. हालांकि मस्जिदें खुलने का यह पहला दिन है, मगर हालात ऐसे ही रहे तो परेशानी तेज़ी से बढ़ सकती है.’

    शहर की एक बड़ी मस्जिद के प्रमुख फ़ज़्लुल हक़ी का बयान इस रिपोर्ट में छपा है, जिन्होंने माना है कि ‘कुछ चीज़ों में गाइडलाइंस का पालन नहीं हो पा रहा.’ उन्होंने यह भी कहा है कि ‘वे सभी नियमों को ठीक तरह से लागू करने की पुरज़ोर कोशिश कर रहे हैं.’

    अप्रैल में बांग्लादेश के स्थानीय मीडिया ने यह रिपोर्ट प्रकाशित की थी कि ‘दो दर्जन से ज़्यादा लोगों के एक समूह को नमाज़ पढ़वा रहे बांग्लादेश के एक मौलवी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है.’ इस घटना के बाद बांग्लादेश सरकार ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी थी और मस्जिदों को बंद करवा दिया गया था.

    बांग्लादेश से पहले पाकिस्तान भी तमाम चिंताओं के बीच मस्जिदों को खोले जाने का निर्णय ले चुका है.

  13. कोरोना वायरस: क्या दूसरे विश्व युद्ध के बाद की दुनिया अब नहीं रहेगी?

  14. राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में क्या कहा? देखिए वीडियो

    राहुल गाँधी ने कहा, ''केवल एक मज़बूत लीडर नहीं, बहुत सारे मज़बूत सीएम, मज़बूत डीएम और एक मज़बूत पीएम होना चाहिए जो कोरोना को लोकल लेवल पर हरा सकें.”

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: भारत में अब 56,000 से ज़्यादा मामले

    भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 56,342 हो गए हैं जिनमें से 1,886 लोगों की कोविड-19 से मौत हो चुकी है और 16,540 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि गुरुवार को 3,392 नए मामले सामने आए.

    पाँच जगहें जहाँ संक्रमण सबसे ज़्यादा:

    महाराष्ट्र – 17,974 कुल मामले, 694 की मौत

    गुजरात – 7,012 कुल मामले, 425 की मौत

    दिल्ली – 5,980 कुल मामले, 66 की मौत

    तमिलनाडु – 5,409 कुल मामले, 37 की मौत

    राजस्थान – 3,427 कुल मामले, 97 की मौत

    • अधिकारियों ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात 55 वर्षीय सीआईएसएफ़ जवान की कोविड-19 से मौत हुई है. इनके अलावा बीएसएफ़ के दो जवान भी इस बीमारी से मरे हैं.
    • बीएसएफ़ ने बताया है कि उनके 41 और जवान कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं. इसके साथ ही बीएसएफ़ के संक्रमित जवानों की संख्या बढ़कर 193 हो गई है.
  16. ब्रेकिंग न्यूज़, अफ़्रीका में 83 हज़ार से एक लाख 90 हज़ार तक हो सकती हैं मौतें

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि अगर कोरोना वायरस के संक्रमण को सख़्ती से नहीं रोका गया तो अफ़्रीका में 83 हज़ार से एक लाख 90 हज़ार तक लोगों की जान ले सकता है.

    • WHO ने ये भी कहा है कि पहले साल में यहां कोरोना वायरस से 2.9 करोड़ से 4.4 करोड़ लोग संक्रमित हो सकते हैं.
    • WHO की यह नई स्टडी है और इसे कई आधार पर तैयार किया गया है. अफ़्रीका में कोरोना वायरस को लेकर बहुत गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है.
  17. अमरीकी सीनेटरों ने चीनी दूतावास की सड़क का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा

    अमरीकी सीनेट के कई सदस्यों ने यह प्रस्ताव रखा है कि वॉशिंगटन शहर की जिस स्ट्रीट पर चीन का दूतावास स्थित है, उसका नाम चीनी डॉक्टर ली वेनलियांग के नाम पर रखा जाए.

    डॉक्टर ली वेनलियांग ने ही चीन के वुहान शहर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की सबसे पहले पहचान की थी. उन्होंने अपने साथी डॉक्टरों को बताया था कि ‘उन्होंने कुछ मरीज़ों में सार्स जैसी बीमारी के लक्षण देखे हैं.’

    मगर चीन के स्थानीय प्रशासन ने उस समय डॉक्टर ली की चेतावनी को कोरी अफ़वाह बताते हुए उन्हें ‘फ़र्ज़ी बयानबाज़ी ना करने की हिदायत’ दी थी.

    बाद में कोविड-19 की वजह से डॉक्टर ली वेनलियांग की मौत हो गई थी जिसे लेकर चीनी सोशल मीडिया पर लोगों में काफ़ी गुस्सा भी देखने को मिला था.

    वॉशिंगटन की जिस स्ट्रीट पर चीन का दूतावास स्थित है, उसे इंटरनेशनल प्लेस के नाम से जाना जाता है और इसकी संभावना कम ही लगती है कि इसे बदला जाएगा. साल 2014 में भी सेनेटरों ने कोशिश की थी कि स्ट्रीट को चीन के एक नोबेल पुरस्कार विजेता के नाम पर रखा जाए.

    हालांकि अमरीकी सेनेटरों का यह नया प्रस्ताव दोनों देशों के बीच शुरू हुए नए बखेड़े के दरमियान चीन की सरकार को चिढ़ाने के लिए काफ़ी है.

  18. कोरोना वायरस से जंग जीतने के लिए टेस्ट क्यों है ज़रूरी? देखिए वीडियो रिपोर्ट-

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, चीन जाँच का करेगा समर्थन

    चीन ने कहा है कि वो कोरोना वायरस की उत्पति को लेकर जांच में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की मदद करेगा. हालांकि चीन ने ये भी कहा है कि जांच वैज्ञानिक होनी चाहिए न कि राजनीतिक.

    अमरीका हमेशा से आरोप लगाता रहा है कि चीन ने पूरे मामले में पारदर्शिता नहीं बरती है. अमरीका का ये भी कहना है कि चीन संक्रमण को अपने तक ही रोकने में नाकाम रहा है.

    हालांकि चीन इन तमाम आरोपों को सिरे से ख़ारिज करता रहा है. चीन ने तो यहां तक कह दिया था कि कोरोना वायरस की उत्पति चीन से बाहर हुई है. चीनी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा है कि अमरीका एक झूठ को छुपाने के लिए दूसरा झूठ बोल रहा है.

  20. कोराना वायरस से पर्यावरण को कितना ख़तरा? देखिए यह रिपोर्ट