You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: फ्रांस में 24 घंटों में 499 की मौत, संक्रमितों की संख्या हुई 52,128

वर्ल्ड बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना वायरस की महामारी के कारण एशिया में ग़रीबी का दायरा बढ़ सकता है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: इटली में थम नहीं रहा मौत का सिलसिला

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक़ इटली में मरने वालों की संख्या 11,591 हो गई है.

    कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे अधिक मौतें इटली में ही हुई हैं. यहां हर रोज़ मरने वालों की संख्या औसतन छह सौ से अधिक है. बीते दिन भी इटली में सात सौ से अधिक मौतें हुईं.

    इटली का लोम्बार्डी इलाक़ा कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित है.

    इटली में अभी तक संक्रमण के एक लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं. वहीं 14 हज़ार से अधिक लोग री-कवर भी हो चुके हैं.

    इटली के साथ ही स्पेन में भी मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. कल तक जहां छह हज़ार से अधिक मौतों की पुष्टि की गई थी वहीं आज ये आंकड़ा बढ़कर सात हज़ार के पार पहुंच गया है.

    स्पेन में 16 हज़ार से अधिक लोग री-कवर कर चुके हैं लेकिन यहां संक्रमित लोगों की संख्या 87 हज़ार से अधिक है.

    कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या के आधार पर स्पेन दूसरे नंबर पर है. इटली इस सूची में पहले स्थान पर है.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: अमरीका में मौत का आँकड़ा तीन हज़ार के पार

    अमरीका में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा तीन हज़ार के पार पहुंच गया है.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के ताजा आँकड़ों के मुताबिक़ अमरीका में अभी तक कुल तीन हज़ार आठ (3008) लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    जिसमें सबसे अधिक मौतें न्यूयॉर्क सिटी में हुई हैं. यहां 914 लोगों की मौत हुई है. न्यू यॉर्क सिटी के बाद न्यूजर्सी अमरीका का सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाक़ा है. यहां अब तक 198 लोगों की मौत हो चुकी है.

    अमरीका में फ़िलहाल दुनिया के सबसे अधिक कोरोना वायरस संक्रमित लोग हैं, जिनकी संख्या एक लाख 63 हज़ार से भी अधिक है.

    अमरीकी राष्ट्रंपति डोनाल्ड ट्रंप जो कोरोना वायरस संक्रमण के शुरुआती चरण में यह कह रहे थे कि अमरीका इससे निपट लेगा उन्होंने 30 मार्च को दिए अपने एक बयान में कहा "अमरीका में अगर हम मौत के आँकड़ों को कम करने या रोकने में कामयाब रहे तो हम ये मानेंगे कि हमने बहुत अच्छा काम किया."

    वहीं अमरीकी सरकार में संक्रामक बीमारी के विशेषज्ञ डॉ एंथोनी फाउची ने चेताया है कि अमरीका में कोरोना वायरस एक से दो लाख लोगों की जान ले सकता है.

  3. निज़ामुद्दीन गए यूपी के लोगों का कोरोना टेस्ट होगा

    उत्तर प्रदेश पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि दिल्ली के निज़ामुद्दीन में हुए धार्मिक आयोजन में शामिल हुए प्रदेश के सभी लोगों के कोरोना टेस्ट कराए जाएंगे.

    आदेश के अनुसार निज़ामुद्दीन में तबलीग़-ए-जमात के कार्यक्रम में जो भी शामिल हुए थे उनका तुंरत टेस्ट कराया जाएगा और ज़रूरत पड़ने पर अस्पताल में भरती भी कराया जाएगा.

  4. राजस्थान में एक परिवार के आठ लोग कोरोना संक्रमित

    राजस्थान के अलवर में एक ही परिवार के आठ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं.

    प्रदेश स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अलवर के एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए थे. ये व्यक्ति हाल में फिलीपीन्स से लौटे थे.

  5. तेलंगाना के 6 लोगों की मौत, दिल्ली में हुए कार्यक्रम में की थी शिरकत

    तेलंगाना सरकार ने कहा है कि दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में शामिल 6 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई है. हाल में दिल्ली के निज़ामुद्दीन में 1 मार्च से 15 मार्च के बीच तबलीग़-ए-जमात के एक कार्यक्रम का आय़ोजन किया गया था जिसमें बड़ी तादाद में लोगों ने शिरकत की थी. इसमें तेलंगाना समेत भारत के दूसरे हिस्सों से आए हुए क़रीब छह सौ लोग थे. साथ ही इंडोनेशिया और मलेशिया से आए लोग भी इसमें शामिल थे.

  6. दिल्ली में कोरोना के 97 मामले, स्टेडियम को बनाया गया क्वारंटीन सेंटर

    दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में इज़ाफ़ा होने के बाद प्रदेश सरकार ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को कोरोना वायरस क्वारंटीन सेंटर के तौर पर इस्तेमाल करने का फ़ैसला किया है.

    दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के डीएम ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं और कहा है कि तुरंत प्रभाव से संक्रमित मरीज़ों को अलग रख कर उनका इलाज करने के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का किया जाएगा.

    दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 25 ताज़ा मामले सामने आने के बाद यहां कुल आंकड़ा अब 97 तक पहुंच चुका है.

  7. ओडिशा में 1400 लोग गिरफ्तार

    भुवनेश्वर से स्थानीय पत्रकार सुब्रत कुमार पति के मुताबिक़ लॉक डाउन के समय अपने घर से बिना कोई ठोस वजह के निकल कर घूमने वाले 1500 से अधिक लोगों के ख़िलाफ़ ओडिशा पुलिस ने मामला दायर किया है.

    अब तक 1400 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

    पुलिस डीजी अभय ने कहा कि घर में न रहकर बाहर घूम रहे लोगो के ख़िलाफ़ पुलिस अब और सख्त कार्रवाई करेगी.

  8. निज़ामुद्दीन में धार्मिक जलसे पर एफ़आईआर का आदेश

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निज़ामुद्दीन में तबलीग़-ए-जमात के द्वारा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कराने पर एफ़आईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है.

  9. कोरोना वायरसः दिल्ली के निज़ामुद्दीन में संक्रमण की घटना कैसे हुई

    कम से कम सौ लोगों का इनमें से टेस्ट हो चुका है. इनकी रिपोर्ट मंगलवार तक आने की संभावना है. इस पूरे इलाके को सील कर दिया गया है. इसमें तबलीग़-ए-जमात का मुख्य केंद्र भी है. इस केंद्र के सटे हुए निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन हैं और बगल में ही ख्वाजा निज़ामुद्दीन औलिया की दरगाह है.

    अधिकारियों का कहना है कि वे लोगों की पहचान करके उन्हें अस्पताल में क्वारंटाइन के लिए भेज रहे हैं. इस जमावड़े में शामिल एक 60 साल के बुजुर्ग की श्रीनगर में मौत होने के बाद इस तरफ प्रशासन का ध्यान गया.

  10. दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 97 तक पहुँचे

    दिल्ली में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 25 नए मामले सामने आए. दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 97 हुए.

  11. केरल में कोरोना संक्रमण के 32 नए मामले

    केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया है कि राज्य में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 32 नए मामले सामने आए हैं.

  12. पीएम केयर्स फंड में 500 करोड़ देने की रिलांयस की घोषणा

    रिलांयस इंडस्ट्री लिमिटेड ने पीएम केयर्स फंड में 500 करोड़ देने की घोषणा की है. इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात दोनों राज्यों को पांच-पांच करोड़ देंगी.

  13. दिल्ली के निज़ामुद्दीन इलाके में कई लोगों में कोरोना के लक्षण

    दिल्ली के निज़ामुद्दीन में एक धार्मिक जलसे के आयोजन के बाद कई लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण दिखे हैं. इसके बाद पुलिस ने इस इलाके की घेराबंदी कर दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने इस इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस का कहना है कि करीब 200 लोग बिना किसी अनुमति के यहाँ पर इकट्ठा हुए थे.

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "जब हमें पता चला कि इस तरह का आयोजन हुआ है तो फिर हमने इस मामले में लॉकडाउन का उल्लंघन करने के लिए नोटिस जारी किया."

    उन्होंने बताया, "कई लोगों को उनमें कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के बाद अस्पताल ले जाया गया है और उनका टेस्ट किया जा रहा है."

    इस महीने के शुरुआत में ही दिल्ली सरकार ने किसी भी तरह के धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजनों पर 31 मार्च तक के लिए पाबंदी लगा दी थी.

    इसके अलावा विरोध-प्रदर्शनों में 50 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगा दी थी.

    प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए 25 मार्च से 21 दिनों की लॉकडाउन की घोषणा कर रखी है. लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ड्रोन से नज़र रख रही है.

  14. टोक्यो ओलंपिक के लिए नए तारीखों की घोषणा

    कोरोना वायरस की वजह से एक साल के लिए टाल दिए गए टोक्यो ओलंपिक की नई तारीखों की घोषणा कर दी गई है.

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने घोषणा की है कि टोक्टो ओलंपिक अब 23 जुलाई 2021 से 8 अगस्त 2021 तक आयोजित किया जाएगा.

    पहले इस साल के 24 जुलाई से ही इसका आयोजन किया जाना था. पैरालंपिक की तारीख 24 अगस्त, 2021 से 5 सितंबर, 2021 तक तय की गई है.

  15. यूपी में 2430 सैंपल में 2305 के नतीजे निगेटिव

    उत्तर प्रदेश के मुख्य स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि कोरोना वायरस टेस्ट के 2,430 सैंपल अलग-अलग लैब में भेजे गए थे जिनमें से 2,305 सैंपल के टेस्ट निगेटिव पाए गए हैं.

  16. लॉकडाउन से भारत में कम हुआ वायु प्रदूषण

    भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण और उसे लेकर लॉकडाउन से ज़िदगी मुश्किल हो गई है लेकिन इससे वायु प्रदूषण का स्तर बहुत कम हो गया है.

    भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 21 दिनों का लॉकडाउन है और इसके छठे दिन पर्यावरण पर असर दिखने लगा.

    पिछले साल नवंबर में दिल्ली जहां ख़राब हवा के लिए चर्चा में थी अब वही दिल्ली साफ़ हवा के कारण चर्चा में है.

    दिल्ली का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 50 के नीचे आ गया है और इसे बहुत अच्छा माना जाता है. दिल्ली में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स शायद ही कभी इस स्तर पर आता है.

  17. जर्मनी मे संक्रमण के मामले बढ़े

    जर्मनी की पब्लिक हेल्थ एजेंसी के मुताबिक़ यहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 4,751 हो गई है. रविवार को पूरे जर्मनी में कोरोना वायरस से संक्रमण के 4,751 नए मामले सामने आए. जर्मनी में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 455 हो गई है. रविवार को 66 लोगों की जान गई.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका में दो लाख मौत की बात क्यों कही जा रही?

    अमरीका के जाने-माने संक्रामक बीमारी विशेषज्ञ डॉक्टर एंथोनी फाउची ने कहा है कि अमरीका में कोरोना वायरस के संक्रमण से एक से दो लाख लोगों की जान जा सकती है.

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस को लेकर जो टास्क फ़ोर्स बनाया है, एंथोनी उसके भी सदस्य हैं. डॉ एंथोनी ने अमरीका में जिस गति से कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है उसके आधार पर ये बात कही है.

    फाउची ने ये बात सीएनएन से कही है. अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दुनिया भर में सबसे ज़्यादा हो गई है. यहां एक लाख 25 हज़ार से ज़्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और 2200 लोगों की मौत हुई है.

    अमरीका के पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट का भी कहना है कि देश के हिस्सों में कोरना वायरस के संक्रमण के ऐसे मामले भी हैं जिन्हें दर्ज नहीं किया जा सका है.

    सेंटर फोर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन के अनुसार अमरीका में 2010 से हर साल सीज़नल फ़्लू से 12 हज़ार से 61 हज़ार के बीच लोगों की जान जा रही है.

    कोरोना वायरस से होने वाली मौत की दर फ्लू से बहुत ज़्यादा है. बुज़ुर्गों की आबादी में कोरोना वायरस से मरने की दर फ्लू की तुलना में छह गुना ज़्यादा है. ख़तरे को देखते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल डिस्टेंसिंग की समय सीमा 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है.

  19. भारत के किस राज्य में हुई कितनी मौतें

  20. कोरोना वायरस: बार-बार बदल रहा है ट्रंप का बयान

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लगातार बदलते बयानों से अब यह स्पष्ट हो चुका है कि उनका देश एक बेहद मुश्किल दौर से गुज़र रहा है और चुनौतियों का सामना कर रहा है.

    अमरीका में संक्रमण का आँकड़ा दुनिया भर में सबसे अधिक है.

    अमरीका में संक्रमण के मामले बढ़कर एक लाख के पार पहुंच गए हैं. ये वाक़ई डराने वाली बात है और अब जिस तरह के बयान अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ़ से आ रहे हैं उससे यह स्पष्ट हो चुका है कि ख़ुद राष्ट्रपति मान चुके हैं कि स्थिति ख़राब है.

    एक नज़र ट्रंप के बदलते बयानों पर...

    30 जनवरी: "यह पूरी तरह से हमारे नियंत्रण में है. मौजूदा समय में हमारे देश में यह समस्या बेहद छोटी और मामूली है. सिर्फ़ पांच मामले और इन लोगों को अस्पताल में सफलतापूर्वक भर्ती कराया गया है."

    10 फरवरी: "ऐसा लग रहा है कि अप्रैल तक, जब थोड़ी गर्मी बढ़ेगी तो यह चमत्कारिक रूप से ख़ुद ही दूर हो जाएगा."

    27 फरवरी: "यह ख़त्म होने वाला है. एक दिन चमत्कार की तरह यह ग़ायब हो जाएगा."

    17 मार्च: "मुझे लगा कि जब इसे महामारी कहा गया उसके बहुत पहले से यह महामारी थी. मैंने इसे हमेशा से बहुत गंभीरता से देखा."

    25 मार्च: "हम बहुत जल्दी ही सबकुछ खोलने वाले हैं...मैं देश को जल्द खोलना पसंद करूंगा. और ईस्टर पर जाने के लिए उत्सुक भी हूं."

    30 मार्च: ट्रंप ने वायरस के प्रसार को अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है और कहा है कि "अमरीका में अगर हम मौत के आँकड़ों को कम करने या रोकने में कामयाब रहे तो हम ये मानेंगे कि हमने बहुत अच्छा काम किया."