You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: फ्रांस में 24 घंटों में 499 की मौत, संक्रमितों की संख्या हुई 52,128

वर्ल्ड बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना वायरस की महामारी के कारण एशिया में ग़रीबी का दायरा बढ़ सकता है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस के डर से अमेज़न के कर्मचारियों ने की हड़ताल

    अमरीका में कोरोना वायरस के डर के चलते ई-कॉमर्स साइट अमेज़न समेत दूसरी कई कंपनियों पर दबाव बढ़ता हुआ दिख रहा है.

    अमरीकी फूड डिलीवरी फर्म इंस्टाकार्ट और अमेजन के कुछ कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी जताते हुए काम करने से इनकार कर दिया है.

    अमरीकी सीनेटर्स ने भी अमेज़न के मालिक जेफ़ बेजोस से बात करके इस बारे में चिंता जताई हैं.

    वहीं, अमेज़न के प्रवक्ता ने कहा है, “हम अपनी इमारतों की साफ-सफाई के लिए बेहद गंभीर कदम उठा रहे हैं. इसके साथ ही अपने कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग और दूसरे अन्य कदमों को उठाने में मदद कर रहे हैं. जो लोग काम पर नहीं आना चाहते हैं, उनका स्वागत हैं. वे अपने वैतनिक और अवैतनिक अवकाश से जुड़े विकल्पों को इस्तेमाल कर सकते हैं और इस प्रक्रिया में हम उनकी मदद करेंगे.”

    हालांकि, अमेजन कर्मचारियों के संघ ने रॉयटर्स से बात करते हुए कहा है कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में मास्क आदि नहीं मिल रहे हैं.

    संघ ने कहा है, “कंपनी के दफ़्तर में काम करने वाले कई कर्मचारी एक ही मास्क को कई दिनों तक इस्तेमाल करते हैं. उन्हें हर रोज़ नए मास्क नहीं मिलतेहैं.”

    बीते साल अमेजन को अपने 1900 पार्ट टाइम कर्मचारियों को मिलने वाले हेल्थकेयर लाभों को कम करने की वजह से आलोचना का सामना करना पड़ा था.

  2. कोरोना वायरस: निज़ामुद्दीन की घटना पर केजरीवाल ने क्या कहा

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने माना है कि मरकज से गए लोगों में से बहुत सारे लोगों के संक्रमित होने की संभावना है और उनकी रिपोर्ट अगले दो तीन दिनों में आ सकती है.

  3. छत्तीसगढ़ में दो कोरोना वायरस संक्रमित लोग ठीक हुए

    रायपुर में मौजूद पत्रकार आलोक प्रकाश पुतुल ने बताया है कि छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस से संक्रमित दो लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है.

    इसके बाद रायपुर के एम्स में भर्ती दोनों मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

    राज्य में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित आठ लोगों को इलाज के लिये भर्ती किया गया था.

    इन दोनों मरीज़ों के ठीक होने के बाद यह संख्या घट कर छह रह गई है.

    जिस मरीज़ की रिपोर्ट निगेटिव आई है, उसमें 68 साल के एक बुजर्ग भी शामिल हैं, जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी. इसके अलावा एक अन्य संक्रमित की उम्र 33 साल थी.

    एम्स के अधीक्षक डॉक्टर किरण पिपरे ने कहा कि राज्य में सोमवार की शाम तक 580 मरीज़ों की जांच की गई है. इसके अलावा 41 सैंपल की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है.

  4. निज़ामुद्दीन के धार्मिक आयोजन में शामिल हुए थे असम के 299 लोग

    दिलीप कुमार शर्मा

    गुवाहाटी से

    असम में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित होने का एक भी मामला सामने नहीं आया है लेकिन दिल्ली में निज़ामुद्दीन के मरकज़ बिल्डिंग में तबलीग़ी जमात के धार्मिक आयोजन में असम के 299 लोगों के शामिल होने की एक जानकारी राज्य सरकार ने साझा की है.

    इस जानकारी के सामने आने के बाद राज्य में लोगों के बीच भय का माहौल उत्पन्न हो गया है. इसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही हैं.

    राज्य के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने जानकारी साझा करते हुए कहा, "असम सरकार के पास उन 299 लोगों की सूची है, जो निजामुद्दीन दरगाह और उस हॉटस्पॉट में मौजूद थे. हमने जिला प्रशासन को इन लोगों के असम लौटने की जानकारी हासिल करने को कहा है. अगर वे लोग असम में है तो उन्हे क्वॉरन्टीन में रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए है."

    मंत्री ने अपने आधिकारिक ट्वीटर पर लगातार एक के बाद एक ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि राज्य के सभी जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ तत्काल वीडियों कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस बारे में सलाह दी गई है कि वे निज़ामुद्दीन के धार्मिक आयोजन में शामिल हुए और उस इलाके के आस-पास से लौटे लोगों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई करे.

    ऐसे लोगों को शिनाख्त कर उन्हें आज शाम तक क्वारंटीन किया जाए. मंत्री ने एक और ट्वीट में ऐसे और 157 लोगों की जानकारी मिलने की बात कही है.

    दरअसल दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ये बताया है कि दिल्ली निज़ामुद्दीन के धार्मिक आयोजन में शामिल हुए 24 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, बाक़ी लोगों की जांच जारी है.

    हाल ही में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री शर्मा ने दावा किया था कि उनका विभाग कोराना वायरस से उत्पन्न चुनौतियों से लड़ने के लिए तौयार है और इस समय करीब 5 हजार मरीजों के इलाज से जुड़ी व्यवस्था विभाग ने कर रखी है.

  5. स्वास्थ्यकर्मियों के संक्रमित होने पर सरकार ने दी सफाई

    स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से स्वास्थ्य कर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर स्पष्टीकरण आया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, स्वास्थ्य कर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की वजह लापरवाही नहीं है.

  6. बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाज़ार

    मंगलवार का दिन ख़त्म होते होते शेयर बाज़ार में उछाल देखा गया.

    बाज़ार बंद होने पर सेंसेक्स 1028.17 अंकों की बढ़त के साथ 29,468.49 अंकों पर बंद हुआ.

    इसके साथ ही निफ़्टी 316.65 अंक बढ़कर 8597.75 अंकों पर बंद हुआ है.

  7. जम्मू – कश्मीर में संक्रमित लोगों की संख्या 55 हुई

    जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है.

    पीटीआई न्यूज़ के मुताबिक़, जम्मू-कश्मीर में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 55 हो चुकी है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह तक मिली जानकारी के मुताबिक़, अब तक जम्मू-कश्मीर में 2 लोगों की मौत हो चुकी है.

    इसके साथ ही देश भर में इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो चुकी है और संक्रमित लोगों की संख्या 1251 हो गई है.

  8. निजामुद्दीन मामला सामने आने के बाद मेरठ और मुज्जफरनगर अलर्ट पर

    दिल्ली के निज़ामुद्दीन इलाके में कई लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की ख़बर आने के बाद उत्तर प्रदेश के मेरठ और मुज्जफरनगर ज़िलों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है.

    प्रसार भारती न्यूज़ सर्विस के मुताबिक़, इन ज़िलों के कई लोग तबलीग़ी जमात के धार्मिक आयोजन में शामिल हुए थे. इसके तहत मेरठ में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है और हालात पर 24 घंटे निगाह रखी जा रही है.

  9. चीन को वर्ल्ड बैंक ने किया आगाह

    वर्ल्ड बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना वायरस की महामारी के कारण एशिया में ग़रीबी का दायरा बढ़ सकता है. इस रिपोर्ट के अनुसार कोरोना वायरस के कारण पर्यटन, ट्रेड और वस्तुओं की ख़रीद-बिक्री पर आधारित अर्थव्यवस्था ख़तरे में है.

    इससे एशिया में बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका प्रभावित होगी. ग़रीब और ग़रीब होंगे और यहां तक कि अमीर देश भी कई तरह के संकट से जूझेंगे. रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना वायरस की महामारी के कारण चीन की अर्थव्यवस्था थम जाएगी. आर्थिक वृद्धि दर 6.1 फ़ीसदी से 2.3% हो सकता है.

    अगर महामारी बहुत ही बुरी स्थिति में पहुंच गई तो इस साल चीन की आर्थिक वृद्धि दर 0.1% पर पहुंच सकती है. चीन की तरह आसपास के देशों की अर्थव्यवस्था की हालत होगी.

    विश्व बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, ''इससे पूरे इलाक़े में ग़रीबी बढ़ेगी और लोगों के पास कमाई के ज़रिए न के बराबर बचेंगे. वर्ल्ड बैंक ने ये भी कहा है कि कोरोना वायरस की महामारी से अर्थव्यवस्था को जो नुक़सान होगा उसकी भरपाई में लंबा वक़्त लगेगा.

  10. क्या कोरोना से मिल रही है दुनिया भर के तानाशाहों को शह?

  11. कोरोना वायरस: विदेश से आने वालों पर प्रतिबंध लगाएगा इंडोनिशिया

    इंडोनेशिया का कहना है कि वो विदेशियों के आने पर प्रतिबंध लगाएगा. इसके साथ ही कनेक्टिंग फ़्लाइट्स पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की बात की जा रही है.

    हालांकि इंडोनेशिया के स्थायी निवासियों के लिए, जो वीज़ा लेकर अस्थायी प्रवास पर हैं उनके लिए या फिर जो राजनयिक हैं उनके लिए छूट होगी.

    इंडोनेशिया के विदेश मंत्री रेटनो मार्सुडी का कहना है कि सरकार मंगलवार तक इन प्रतिबंधों को लागू करने पर विचार कर रही है. हालांकि इन्हें अमल में कब से लाया जाएगा इसकी अभी घोषणा नहीं की गई है.

    इंडोनेशिया अपने यहां स्क्रीनिंग को भी बढ़ाने पर विचार कर रहा है. दुनिया के दूसरे देशों में रह रहे कई इंडोनेशियाई वापस अपने देश लौट रहे हैं.

    इंडोनेशिया में अभी तक संक्रमण के 1414 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 122 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है.

  12. कोरोना वायरस: जर्मनी में 128 और मौतें

    कोरोना वायरस के संक्रमण से जर्मनी में 128 और मौतों की पुष्टि हुई है. साथ ही संक्रमण के साढ़े चार हज़ार से अधिक मामले भी सामने आए हैं.

    जर्मन पब्लिक हेल्थ एजेंसी रॉबर्ट कोच यूनिवर्सिटी के हवाले से न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने इस ख़बर की पुष्टि की है.

    इसी के साथ यहां संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 61 हज़ार 913 हो गए हैं जबकि 583 लोगों के मौत की पुष्टि की जा चुकी है.

    जर्मनी के पूर्वी शहर जेना में दुकानदारों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में यात्रा करने वालों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने को कहा गया है.

    मास्क नहीं होने की स्थिति में लोगों को कोई कपड़ा बांधना अनिवार्य होगा. जिससे मुंह और नाक ढकी हो.

    जेना शहर के सिटी काउंसिल ने कहा है कि ये प्रतिबंध अगले सप्ताह तक जारी रहेंगे.

  13. कोरोना वायरस: महाराष्ट्र में संक्रमण के पांच नए मामले, आंकड़ा 225 पहुंचा

    महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 225 हो गए हैं.

    महाराष्ट्र हेल्थ डिपार्टमेंट के हवाले से न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने ख़बर दी है कि इन पांच नए मामलों के आने से राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 225 हो गए हैं.

    भारत में महाराष्ट्र कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक है.

    भारत में कोरोना वायरस से अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है और 1200 से ज़्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. वहीं 101 लोग री-कवर हुए हैं.

  14. कोरोना वायरस: निज़ामुद्दीन में तबलीगी जमात के 24 लोग संक्रमित, 700 को क्वॉरन्टीन भेजा गया- सत्येंद्र जैन

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, निज़ामुद्दीन में तबलीगी जमात के आयोजन में एक अनुमान के मुताबिक़ 1700 लोग शामिल हुए थे- सत्येंद्र जैन

    दिल्ली में निज़ामुद्दीन के मर्कज़ बिल्डिंग में तबलीगी जमात के धार्मिक आयोजन को लेकर मामला गर्म है. इस आयोजन में कुछ ऐसे लोगों के शामिल होने की ख़बर है जो कोरोना वायरस से संक्रमित थे. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि एक अनुमान के मुताबिक़ इस आयोजन में 1500 से 1700 लोग शामिल हुए थे.

    जैन ने कहा, ''यहां से 1033 लोगों को निकाला गया है. 334 लोगों को हॉस्पिटल में भेजा गया है और 700 लोगों को क्वॉरन्टीन में भेजा गया है.'' सत्येंद्र जैन ने कहा, ''इस कार्यक्रम के आयोजकों ने बड़ी ग़लती की है. दिल्ली में डिजास्टर एक्ट एवं संक्रामक बीमारी एक्ट लागू है. इसके तहत पाँच से ज़्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकते हैं. यह अब भी लागू है. मैंने लेफ्टिनेंट गवर्नर को लिखा है कि इनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए. दिल्ली की सरकार ने एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है.''

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड बैंक ने चीन को किया आगाह

    वर्ल्ड बैंक ने चीन को चेतवानी देते हुए कहा है कि कोरोना वायरस के कारण उसकी अर्थव्यवस्था की ग्रोथ ठहर सकती है. वर्ल्ड बैंक ने कहा कि पूर्वी एशिया में 1.1 करोड़ लोग ग़रीबी में जाल में फँस रहे हैं. वर्ल्ड बैंक के अनुसार कोरोना वायरस की महामारी के वैश्विक अर्थव्यवस्था को गहरी चोट लगने जा रही है.

    वर्ल्ड बैंक प्रधान अर्थशास्त्री आदित्या मट्टू ने कहा, ''एशिया में ग़रीबी बढ़ सकती है. चीन की अर्थव्यव्स्था की वृद्धि दर 2.3 फ़ीसदी पर आ सकती है.'' कुछ महीने पहले ही वर्ल्ड बैंक ने कहा था कि चीन की वृद्धि दर 5.9 फ़ीसदी रहेगी लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण हालात और ख़राब हो गए हैं.

  17. कोरोना वायरस: जेंडर के आधार पर क्वारंटीन करने की घोषणा

    सेंट्रल अमरीका के देश पनामा ने अपने यहां जेंडर के आधार पर क्वारंटीन करने की घोषणा की है.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के मुताबिक़, देश में कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं और लोगों को घरों में रहने को कहा है. लोगों से कहा गया है कि वो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें. क्वारंटीन को लेकर भी आदेश जारी किये गए हैं.

    पनामा के नागरिकों के लिए जारी आदेश में महिलाओं और पुरुषों को अलग-अलग रखा गया है.

    पनामा बीते एक सप्ताह से लॉकडाउन में है लेकिन संभावना जताई जा रही है कि यह अभी आने वाले 15 दिनों तक भी जारी रहेगा.

    नए आदेशों के मुताबिक़, अब महिलाएं केवल सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ही दो घंटे के लिए ज़रूरी सामान की ख़रीदारी के लिए घर से बाहर निकल सकेंगी.

    इसके अलावा पुरुषों को केवल मंगलवार, गुरुवार और शनिवार ही घर से बाहर निकलने की अनुमति होगी.

    रविवार को कोई भी घर से बाहर नहीं निकल सकेगा.

    रक्षा मंत्री जुआन पिनो ने अपने एक बयान में कहा कि क्वारंटीन सिर्फ़ लोगों की ज़िंदगियां बचाने के लिए लागू किया गया है.

    पनामा में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला तीन हफ़्ते पहले सामने आया था. फिलहाल वहां एक हज़ार से अधिक लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जबकि 27 लोगों की मौत हो चुकी है.

  18. कोरोना वायरस के संक्रमण से जुड़ी आज की ख़ास बातें

    • दुनिया भर मे कोरोना वायरस संक्रमण के सात लाख 85 हज़ार से अधिक मामलों की पुष्टि की गई है. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, दुनिया भर में कोरोना वायरस की वजह से कुल 37,686 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि एक लाख 65 हज़ार से अधिक लोग री-कवर भी हुए हैं.
    • कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर लगातार शोध हो रहे हैं. हर देश अपने स्तर पर शोध कर रहा है ताकि इस वायरस के बारे में अधिक से अधिक जानकारी हासिल करके इसकी वैक्सीन तैयार की जा सके. इसी बीच एक शोध में अधेड़ उम्र के लोगों के लिए इसके ख़तरे को लेकर आगाह किया गया है. कोविड-19 को लेकर चीन में हुए एक शोध में कहा गया है कि चीन में कोरोना वायरस की वजह से हुई मौतों और अस्पताल में भर्ती हुए लोगों पर किए गए अध्ययन से पता चला है कि 'मिडिल-एज पेशेंट्स' के लिए इसका ख़तरा बढ़ा है.
    • चीन के वुहान शहर में कोरोना वायरस संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है. वुहान में एक सप्ताह से कोई नया केस रजिस्टर नहीं हुआ था. ऐसे में एक सप्ताह के अंतराल में संक्रमण का यह पहला मामला है. लेकिन 30 मार्च को देश में कुल 48 नए मामले सामने आए. ये सभी 48 लोग विदेश से लौटे हैं. इसके साथ ही चीन के हुबे प्रांत में एक व्यक्ति के मौत की भी ख़बर है.
    • दुनिया के दूसरे देशों की तरह कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहे फ्रांस के लिए 30 मार्च इस संक्रमण के दौर का सबसे बुरा दिन साबित हुआ. फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बीते दिन 418 लोगों के मौत की पुष्टि की है. इसी के साथ ही फ्रांस में संक्रमण से मरने वालों की संख्या तीन हज़ार के पार (3024) पहुंच गई है. इन बढ़े हुए आँकड़ों के साथ ही फ्रांस दुनिया का ऐसा पाँचवा देश बन गया है जहां तीन हज़ार से अधिक मौतें हो चुकी हैं. चीन, स्पेन, इटली और अमरीका में भी मौत का आँकड़ा तीन हज़ार के पार है.
    • इटली में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 11 हज़ार के पार है. लेकिन लोग ठीक भी हो रहे हैं. इलाज के बाद री-कवर होने वालों की संख्या भी 14 हज़ार से अधिक है.
    • कोरोना वायरस संक्रमण कुछ मानव समुदायों के अस्तित्व के लिए ख़तरा बन गया है. दक्षिण अमरीका के कुछ स्थानीय समुदायों पर ख़तरा मंडरा रहा है. महाद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह के समुदायों का नेतृत्व करने वालों का कहना है कि यह उनके अस्तित्व पर संकट है. इसमें अमेज़न और चाको के आदिवासियों ने सरकार से गुहार लगायी है कि उनकी और उनके इलाक़े की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए.
    • दुनिया भर के देश अपने लोगों को दूसरे मुल्कों से वापस लाने का काम कर रहे हैं. हालांकि इससे कोरोना वायरस का ख़तरा बढ़ने की आशंका भी है. ब्रिटेन के दसियों हज़ार नागरिक अभी दूसरे मुल्कों में हैं जिन्हें वापस लाया जाना है. ब्रिटिश एयरवेज़, वर्जिन अटलांटिक और टाइटन एयरवेज़ से इन लोगों को वापस लाया जाएगा. देश के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने इस बात की घोषणा की कि विदेश में फंसे ब्रिटिश लोगों को वापस लाने के लिए प्राइवेट कंपनियों से भी मदद ली जाएगी.
    • इसरायल के प्रधानमंत्री सेल्फ़ आइसोलेशन में हैं. बिन्यामिन नेतन्याहू और उनके प्रमुख सलाहकार ने ख़ुद को आइसोलेट कर लिया है. दरअसल, प्रधानमंत्री के एक सहयोगी का टेस्ट पॉज़ीटिव पाया गया है जिसके बाद से दोनों सेल्फ़-आइसोलेशन में चले गए हैं.
    • कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की वजह से दुबई एक्स्पो 2020 को फ़िलहाल के लिए टाल दिया गया है. करोड़ों के इस व्यापार मेले में आयोजकों को उम्मीद थी कि करीब 25000000 लोग जुटेंगे.
    • ऑस्ट्रेलिया में दुकानदारों के लिए फेस-मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है. ऑस्ट्रेलियाई चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज़ ने कहा कि हवा में तैरते वायरस से संक्रमण ना बढ़े इसलिए यह क़दम उठाया जाना अनिवार्य हो गया है.
    • कोरोना वायरस महामारी के दौर में हंगरी की संसद ने एक बड़ा क़दम उठाते हुए मौजूदा प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन को शासन की असीमित शक्तियां दे दी हैं. कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह क़दम उठाया गया है. सोमवार को यहां संसद में एक ऐसा बिल पास हुआ जिसके मुताबिक़, विक्टर अब अनिश्चितकाल तक देश के शासक बने रहेंगे. हालांकि इस क़दम की आलोचना भी हो रही है.
    • अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमण का मामला चीन से क़रीब दोगुना हो गया है. कोरोना वायरस से संक्रमण की शुरुआत भले चीन से हुई थी लेकिन अब चीन संक्रमण और इससे होने वाली मौत को नियंत्रित करने में दुनिया के बाक़ी देशों की तुलना में सफल रहा है.
    • अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यहां तक कह दिया है कि अगर अमरीका कोरोना वायरस से होने वाली मौतों को एक लाख तक भी रोक लिया तो बड़ी उपलब्धि होगी. अमरीका में कोरोना से संक्रमित लोगों की तादाद एक लाख 60 हज़ार हो गई है जबकि चीन में 82,198 है.
    • संक्रमण के मामले में दूसरे नंबर पर इटली है. यहां संक्रमण के अब तक एक लाख मामले सामने आ चुके हैं जबकि 85,195 के साथ स्पेन तीसरे नंबर पर है.
    • दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस संक्रमण के 125 नए मामले सामने आए हैं. कोरिया सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक़, इसके साथ ही दक्षिण कोरिया में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 9,786 हो गई है.
  19. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना से संक्रमण के मामले अमरीका में चीन से दोगुने हुए

    अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमण का मामला चीन से क़रीब दोगुना हो गया है. कोरोना वायरस से संक्रमण की शुरुआत भले चीन से हुई थी लेकिन अब चीन संक्रमण और इससे होने वाली मौत को नियंत्रित करने में दुनिया के बाक़ी देशों की तुलना में सफल रहा है.

    अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यहां तक कह दिया है कि अगर अमरीका कोरोना वायरस से होने वाली मौतों को एक लाख तक भी रोक लिया तो बड़ी उपलब्धि होगी.

    अमरीका में कोरोना से संक्रमित लोगों की तादाद एक लाख 60 हज़ार हो गई है जबकि चीन में 82,198 है. संक्रमण के मामले में दूसरे नंबर पर इटली है. यहां संक्रमण के अब तक एक लाख मामले सामने आ चुके हैं जबकि 85,195 के साथ स्पेन तीसरे नंबर पर है.

    चीन के वुहान शहर में कोरोना वायरस संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है. वुहान में एक सप्ताह से कोई नया केस रजिस्टर नहीं हुआ था. ऐसे में एक सप्ताह के अंतराल में संक्रमण का यह पहला मामला है.

    लेकिन 30 मार्च को देश में कुल 48 नए मामले सामने आए. ये सभी 48 लोग विदेश से लौटे हैं. इसके साथ ही चीन के हुबे प्रांत में एक व्यक्ति के मौत की भी ख़बर है.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, चीन में अभी तक संक्रमण के 82 हज़ार से अधिक मामले सामने आ चुके हैं.

    चीन में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से तीन हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि 75 हज़ार से अधिक री-कवर करने में सफल रहे हैं.

    कोरोना वायरस की शुरुआत चीन के वुहान शहर से ही हुई थी. जहां बीते साल दिसंबर में कोरोना वायरस संक्रमण के शुरुआती मामले आए थे.

  20. कोरोना वायरस: दक्षिण कोरिया में संक्रमण के 125 नए मामले

    दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस संक्रमण के 125 नए मामले सामने आए हैं.

    कोरिया सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक़, इसके साथ ही दक्षिण कोरिया में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 9,786 हो गई है.

    दक्षिण कोरिया में बीते तीन सप्ताह से हर रोज़ संक्रमण के जो नए मामले सामने आए हैं वो सौ से कम रहे हैं या सौ ही रहे हैं.

    कोरोना वायरस संक्रमण पर क़ाबू पाने को लेकर दक्षिण कोरिया के प्रयासों को सराहा जा रहा है.

    दक्षिण कोरिया में हर रोज़ क़रीब 20 हज़ार लोगों की जांच की जा रही है. टेस्ट किए जाने का ये आँकड़ा दुनिया के किसी भी दूसरे देश से कहीं अधिक है.

    इसकी एक बड़ी वजह है कि दक्षिण कोरिया में टेस्टिंग किट्स की कोई कमी नहीं है. चार कंपनियों को टेस्टिंग किट बनाने के लिए अप्रूवल दिया गया है. इसका मतलब ये हुआ कि दक्षिण कोरिया के पास पूरी क्षमता है कि वो हर सप्ताह क़रीब एक लाख चालीस हज़ार टेस्ट कर सके.

    विशेषज्ञों का मानना है कि दक्षिण कोरिया में जो टेस्ट किए जा रहे हैं उनकी प्रमाणिकता 98 फ़ीसदी है.

    दक्षिण कोरिया ने कोरोना वायरस टेस्ट के लिए 96 पब्लिक और प्राइवेट लैब का निर्माण किया है.