कांग्रेस से निकाली गईं नवजोत कौर सिद्धू ने कहा है कि वह अब भी 'कांग्रेस के साथ हैं और आगे भी रहेंगी'
आईसीसी की ताज़ा वनडे रैंकिंग में भारतीय स्टार क्रिकेटर विराट कोहली दूसरे नंबर पर आ गए हैं
लाइव कवरेज
संदीप राय, सुमंत सिंह
दिल्ली धमाका मामले में एनआईए ने आठवें अभियुक्त को दिल्ली से किया गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, Getty Images
पिछले महीने दिल्ली के लाल क़िला के पास हुए कार बम धमाका मामले में एनआईए ने आठवें अभियुक्त को गिरफ़्तार किया है.
एनआईए ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, "मंगलवार को दिल्ली बम धमाका मामले में एक और मुख्य अभियुक्त को गिरफ़्तार किया गया है."
एजेंसी के अनुसार, अभियुक्त बिलाल नासिर माल्ला जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं और दिल्ली से गिरफ़्तार किया गया.
बयान के अनुसार, "एनआईए ने पाया कि लाल क़िला इलाक़े में हुए टेररिस्ट हमले की साज़िश में अभियुक्त की भूमिका थी. इस धमाके में 11 लोग मारे गए जबकि कई लोग मारे गए."
एनआईए ने दावा किया है कि बिलाल ने, इस हमले में मारे गए उमर उन नबी की जान-बूझकर मदद की थी.
वंदे मातरम को लेकर इक़रा हसन ने अटल बिहारी वाजपेयी को क्यों याद किया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इक़रा हसन उत्तर प्रदेश के कैराना से सपा की सांसद हैं.
उत्तर
प्रदेश के कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इक़रा हसन ने वंदे मातरम को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया है.
उन्होंने
एक्स पर लिखा, “हम मुसलमान भारतीय हैं, चांस से नहीं बल्कि चॉइस
से. वंदे मातरम को थोपना या सांप्रदायिक रंग देना गीत के मूल भाव के ख़िलाफ़ है.”
“अटल बिहारी वाजयेपी ने
राजधर्म का पालन करते हुए यह सुनिश्चित किया था कि वंदे मातरम किसी पर थोपा न जाए,
बल्कि लोग इसे सम्मानपूर्वक गाएं.”
वंदे मातरम
के 150 साल पूरे
होने पर संसद के मौजूदा शीतकालीन सत्र में 10 घंटों तक बहस हुई थी.
मेहुल चौकसी की प्रत्यर्पण के ख़िलाफ़ अपील बेल्जियम सुप्रीम कोर्ट से ख़ारिज
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मेहुल चोकसी पर हज़ारों करोड़ रुपये के गबन का आरोप है.
बेल्जियम के सुप्रीम कोर्ट (कोर्ट ऑफ़ कैसेशन) ने मंगलवार को प्रत्यर्पण के ख़िलाफ़ दायर मेहुल चोकसी की अपील को ख़ारिज कर दिया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भारत ने बेल्जियम से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण की अपील की थी. भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने एंटवर्प कोर्ट में इसे चुनौती दी थी लेकिन निचली कोर्ट ने उनकी अपील ख़ारिज कर दी थी.
बीते अक्तूबर में इसके ख़िलाफ़ मेहुल चौकसी ने सर्वोच्च अदालत में अपील की थी.
चौकसी के प्रत्यर्पण के लिए भारतीय
एजेंसियों, प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई ने बेल्जियम कोर्ट में अपील की थी.
ऑल इंडिया रेडियो के मुताबिक़, चोकसी बीते
अप्रैल से ही एंटवर्प जेल में बंद हैं. उन पर कुल 13,000 करोड़ रुपये के बैंक
फ़्रॉड का आरोप है.
ट्रंप ने कहा- कंबोडिया और थाईलैंड के बीच लड़ाई जंग रुकवाने के लिए 'फ़ोन करेंगे'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने दावा किया कि वह बीते दस महीनों में 8 युद्ध ख़त्म करवा चुके हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच जंग रुकवाने का दावा किया.
पेनसिल्वेनिया में एक
रैली के दौरान ट्रंप ने कहा, "बीते दस महीनों में मैंने आठ युद्ध ख़त्म किए,
जिनमें कोसोवो-सर्बिया, पाकिस्तान और भारत शामिल हैं. इसराइल और ईरान,
मिस्र और इथियोपिया, आर्मेनिया और
अज़रबैजान, ये सब भी आमने-सामने थे.”
उन्होंने कहा, “मुझे ये कहते हुए अच्छा नहीं लग रहा, कंबोडिया और थाईलैंड आज फिर शुरू हो गए. कल मुझे एक फ़ोन कॉल करना
है...मैं फ़ोन करूंगा और दो बहुत ताक़तवर देशों, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे युद्ध को रोक दूंगा.”
उन्होंने कहा, “वे फिर आमने-सामने हैं. लेकिन मैं कर दूंगा. हम ताकत के साथ शांति बना
रहे हैं..."
सोमवार से ही थाईलैंड और कंबोडिया के
बीच सीमाई इलाक़ों में फिर से संघर्ष छिड़ गया है.
इसी साल मई में दोनों पड़ोसी मुल्कों
के बीच जब संघर्ष छिड़ा था तो ट्रंप ने मध्यस्थता का दावा किया था और संघर्षविराम पर सहमति
बनी थी. दोनों देशों के बीच संघर्षों में मई से अबतक 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
सरकार ने इंडिगो की उड़ानों में 10 प्रतिशत कटौती की, और क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंडिगो एयरलाइन की घरेलू एविएशन क्षेत्र में हिस्सेदारी 65 प्रतिशत है.
घरेलू उड्डयन क्षेत्र में मोनोपोली
के आरोपों के बीच सरकार ने इंडिगो को अपनी उड़ानों में 10 प्रतिशत कटौती करने का आदेश जारी
किया है.
मंगलवार को केंद्रीय उड्डयन मंत्री
राम मोहन नायडू ने एक्स पर लिखा, "मंत्रालय को लगता है कि इंडिगो के रूट्स में कटौती ज़रूरी है. इससे
संचालन स्थिर होगा और कैंसिलेशन कम होंगे. कंपनी को 10 प्रतिशत कटौती का आदेश दिया गया है."
उन्होंने कहा कि इंडिगो के सीईओ पीटर
एल्बर्स को एयरलाइन की स्थिरीकरण प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए मंत्रालय में
तलब किया गया था.
नायडू ने लिखा, “इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स को फिर मंत्रालय में तलब किया गया. उन्होंने पुष्टि की कि 6 दिसंबर तक प्रभावित सभी उड़ानों के रिफंड 100 प्रतिशत पूरे कर दिए गए हैं. शेष रिफंड और बैगेज हैंडओवर को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया है."
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, यह तस्वीर सोमवार को नई दिल्ली एयरपोर्ट की है. इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों के लगेज की लंबी क़तार लग गई.
डीजीसीए ने 5% कटौती के दिए थे आदेश
इससे पहले आठ दिसंबर को उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कंपनी से पांच प्रतिशत उड़ानें कम करने को कहा था.
डीजीसीए ने कंपनी को भेजे नोटिस में कहा था कि नवंबर में इंडिगो ने मंज़ूर 64,346 उड़ानों में से सिर्फ 59,438 उड़ानें ही संचालित कीं और 951 उड़ानें रद्द हुईं. इसके अलावा कंपनी को 403 विमानों की मंज़ूरी मिली है लेकिन उसने केवल 344 विमान ही संचालित किए.
डीजीसीए ने बुधवार शाम पांच बजे तक नए संशोधित शिड्यूल जारी करने का आदेश दिया.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, इंडिगो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है और इसका घरेलू बाज़ार में हिस्सा करीब 65 प्रतिशत है. एयरलाइन रोजाना 2,300 से ज्यादा उड़ानें संचालित करती है, जिनमें लगभग 2,150 घरेलू उड़ानें होती हैं. घरेलू उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती का मतलब है कि इंडिगो की रोजाना घरेलू उड़ानें 1,950 से कम रह जाएंगी.
इंडिगो ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि उसका संचालन अब स्थिर और सामान्य हो गया है. एयरलाइन ने मंगलवार को 1,800 से ज्यादा उड़ानें चलाईं और अपने सभी डेस्टिनेशन पर सेवाएं दीं. ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 80 प्रतिशत से ऊपर लौट आया है.
एयरलाइन बुधवार को लगभग 1,900 उड़ानें संचालित करने की उम्मीद कर रही है.
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आग से 22 लोगों की मौत, डियरबेल जॉर्डन
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, पुलिस के अनुसार, मरने वालों में अधिकांश महिलाएं हैं.
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के एक ऑफ़िस बिल्डिंग में लगी आग में कम से कम 22 लोगों की मौत हुई है.
सात मंज़िला इस बिल्डिंग में मंगलवार दोपहर आग लगी. शहर के पुलिस प्रमुख सुसात्यो पुरनोमो कॉन्ड्रो ने बताया कि आग लगने के समय कुछ कर्मचारी दोपहर का खाना खा रहे थे.
पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया है कि पहली मंज़िल पर एक बैटरी फटने से आग शुरू हुई और फिर ऊपर की ओर फैल गई. यह बिल्डिंग ड्रोन बनाने वाली एक कंपनी की है.
पुलिस के अनुसार, मरने वालों में ज़्यादातर महिलाएं हैं, जिनमें एक महिला गर्भवती थी. पुलिस को आशंका है कि अधिकतर लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई है.
राहत और बचाव के लिए फ़ायर ब्रिगेड ने 28 गाड़ियां और करीब 100 दमकलकर्मी को तैनात किया था.
हालांकि आग बुझा दी गई है और रेस्क्यू टीमें अब ऊपरी मंज़िलों पर तलाशी अभियान चला रही हैं.
यूरोपीय देशों पर फिर भड़के ट्रंप, यूक्रेन जंग के लिए की तीखी आलोचना
इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में यूरोप को 'अहमियत खोते' देश बताया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
एक बार फिर यूरोपीय देशों की तीखी आलोचना की है.
उन्होंनं यूरोपीय नेताओं को ‘कमज़ोर’ बताया,
हालांकि साथ ही ये भी संकेत दिया कि अमेरिका यूक्रेन को मिलने वाला समर्थन कम कर
सकता है.
'पॉलिटिको' को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि
‘अपनी अहमियत खोते’ यूरोपीय देश न तो माइग्रेशन नियंत्रित कर पाए
हैं और न ही रूस के साथ चल रहे युद्ध को ख़त्म करने के लिए कोई ठोस कदम उठा पाए
हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोपीय देश
यूक्रेन को ‘अंतिम सांस’ तक लड़ने दे रहे हैं.
यूरोपीय नेता इस बात की कोशिश कर रहे
हैं कि वे युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका की अगुवाई में चल रही कोशिशों में अपनी
भूमिका तय करें, क्योंकि उन्हें डर है कि जल्दी
समाधान की कोशिश महाद्वीप के दीर्घकालिक हितों को नुकसान पहुंचा सकती है.
ट्रंप के बयान पर ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने कहा कि उन्हें यूरोप में ‘सिर्फ ताक़त’ दिख रही है. उन्होंने रक्षा क्षेत्र में निवेश
और यूक्रेन के लिए फ़ंडिंग का उदाहरण दिया.
उन्होंने यह भी कहा कि दो राष्ट्रपति
शांति के लिए काम कर रहे हैं (ट्रंप और ज़ेलेंस्की) जबकि राष्ट्रपति पुतिन सिर्फ़
ड्रोन और मिसाइल हमलों से संघर्ष को और बढ़ाने की कोशिश में लगे हैं."
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर
आपका स्वागत है. मैं बीबीसी
संवाददाता संदीप राय अब से
दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.