कटक टी20 में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को 101 रन से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हार्दिक पांड्या ने भारतीय बल्लेबाज़ी को संभाला
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले जा रहे टी20 सिरीज़ के पहले मैच में भारतीय टीम ने 101 रन से जीत दर्ज की है.
ओडिशा के कटक में खेले जा रहे इस टी20 मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. लेकिन भारत के 176 रनों के टारगेट को चेज़ करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की टीम 74 रन पर ऑल आउट हो गई.
दक्षिण अफ़्रीकी टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. पहले ही ओवर में अर्शदीप के गेंद पर क्विंटन डिकॉक दूसरे स्लिप में खड़े अभिषेक शर्मा को कैच थमा बैठे. इसके बाद लगातार दक्षिण अफ़्रीका के विकेट गिरते रहे.
आठ ओवरों के भीतर दक्षिण अफ़्रीका की आधी टीम आउट हो चुकी थी. कप्तान एडन मारक्रम सिर्फ़ 14 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए. उसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, डॉनोवन फ़रेरा और मार्को यानसन भी कुछ ख़ास नहीं कर पाए.
इसके बाद बुमराह ने 11वें ओवर में ब्रेविस और केशव महाराज को आउट कर मैच पर भारत की पकड़ और मज़बूत कर दी.
भारत की पारी
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए थे.
भारतीय पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी. पहला विकेट शुभमन गिल का गिरा था, वह चार रन बनाकर आउट हो गए थे. इसके बाद सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हो गए.
अभिषेक शर्मा 17 रन बनाकर आउट हुए और चौथा विकेट तिलक वर्मा का 26 रन के स्कोर पर गिरा. अक्षर पटेल 23 रन के स्कोर पर आउट हुए. शिवम दुबे 11 रन पर आउट हुए.
सबसे अधिक नाबाद 59 रन हार्दिक पांड्या ने बनाए. वहीं जितेश शर्मा ने नाबाद 10 रन बनाए.
दक्षिण अफ़्रीका और भारत पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सिरीज़ खेल रहे हैं.
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी संघर्ष पर अमेरिका ने दोनों देशों से क्या कहा?
इमेज स्रोत, Celal Gunes/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दोनों देशों को उनके बीच हाल में हुए शांति समझौते पर अमल करने को कहा
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच दूसरे दिन भी सीमा पर लड़ाई जारी रहने के बाद अमेरिका ने दोनों देशों से तुरंत युद्ध की स्थिति ख़त्म करने के लिए कहा है.
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि दोनों देशों को अक्तूबर में हुए शांति समझौते पर अमल करना चाहिए.
अक्तूबर में, थाईलैंड और कंबोडिया ने मलेशिया में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक समारोह में युद्ध विराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. उस समय, ट्रंप ने सीमा संघर्ष को ख़त्म करने को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया था.
सोमवार को लंबे समय से चले आ रहे ज़मीनी विवाद को लेकर फिर से झड़पें शुरू हो गईं, जिसके कारण हज़ारों नागरिकों को विस्थापित होना पड़ा है.
थाईलैंड ने कहा है कि झड़पें छह सीमावर्ती प्रांतों तक फैल गई हैं, और उसके पांच सैनिक मारे गए हैं. कंबोडिया का कहना है कि थाई हमलों में उसके सात नागरिक मारे गए हैं.
पैप्स के लिए हार्दिक पांड्या का पोस्ट- आज कुछ ऐसा हुआ जिसने सारी हदें पार कर दीं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हार्दिक पांड्या ने कहा कि हर चीज़ को कैप्चर करने की ज़रूरत नहीं है
क्रिकेटर हार्दिक पांड्या ने अपने इंस्टाग्राम स्टेटस पर पैप्स के लिए एक पोस्ट लिखा है. उन्होंने बताया कि एक रेस्तरां से निकलते वक़्त उनकी दोस्त माहिका शर्मा की गलत एंगल से तस्वीर ली गई.
हार्दिक पांड्या ने लिखा, "मैं समझता हूं कि पब्लिक की नज़र में रहने पर तवज्जो दी जाती है और तलाश होती है, यह उस ज़िंदगी का हिस्सा है जिसे मैंने चुना है. लेकिन आज कुछ ऐसा हुआ जिसने सारी हदें पार कर दीं."
"माहिका बांद्रा के एक रेस्तरां में सीढ़ियों से नीचे उतर रही थीं, तभी पैप्स ने ऐसे एंगल से उनकी तस्वीर ली, जिस तरह से किसी भी महिला की तस्वीर नहीं खींची जानी चाहिए. एक प्राइवेट पल को घटिया सनसनीखेज़ बना दिया गया."
उन्होंने आगे लिखा, "यह हेडलाइंस या किसने क्या क्लिक किया, इसके बारे में नहीं है, यह बुनियादी सम्मान के बारे में है. महिलाओं को सम्मान मिलना चाहिए. हर किसी को अपनी सीमाएं चाहिए."
हार्दिक ने मीडिया के लोगों से अपील करते हुए लिखा, "मीडिया के उन भाइयों को जो हर दिन कड़ी मेहनत करते हैं: मैं आपकी मेहनत की इज़्ज़त करता हूं, और मैं हमेशा सहयोग करता हूं. लेकिन मैं आप सभी से रिक्वेस्ट कर रहा हूं, कृपया थोड़ा और ध्यान रखें. हर चीज़ को कैप्चर करने की ज़रूरत नहीं है. हर एंगल से फ़ोटो लेने की ज़रूरत नहीं है...थोड़ी इंसानियत बनाए रखें."
दिल्ली में खुले में कूड़ा जलाने और जुर्माना लगाने को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, @gupta_rekha
इमेज कैप्शन, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने लोगों से आग्रह किया है कि खुले में कचरा न जलाया जाए
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उन्होंने निर्देश दिए हैं कि दिल्ली में खुले में कूड़ा जलाने पर प्रतिबंध को सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने बताया है कि ऐसा करने वालों पर पांच हज़ार रुपये तक का जुर्माना लगाने के लिए कहा गया है.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "दिल्ली में वायु प्रदूषण के हर छोटे-बड़े स्रोत पर नियंत्रण के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं. इसी कड़ी में पर्यावरण विभाग को सख़्त निर्देश दिए गए हैं कि ओपन बर्निंग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए."
"ज़िला प्रशासन एवं दिल्ली नगर निगम को यह अधिकार प्रदान किया गया है कि खुले में कूड़ा जलाने वालों पर ₹5000 तक का जुर्माना लगाया जाए. सभी नागरिकों से विनम्र आग्रह है कि खुले में कचरा न जलाएं. आप सभी का एक छोटा सहयोग बड़ा बदलाव ला सकता है."
ब्रेकिंग न्यूज़, कटक टी20: भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को दिया 176 रन का टारगेट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हार्दिक पांड्या ने 25 गेंदों में अर्धशतक लगाया
ओडिशा के कटक में भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले जा रहे टी20 सिरीज़ के पहले मैच में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को 176 रन का लक्ष्य दिया है.
टॉस जीतकर दक्षिण अफ़्रीका ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए.
भारतीय पारी की
शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट शुभमन गिल का गिरा, वह चार रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हो गए.
अभिषेक शर्मा 17 रन बनाकर आउट हुए और चौथा विकेट तिलक वर्मा का 26 रन के स्कोर पर गिरा. अक्षर पटेल 23 रन के स्कोर पर आउट हुए. शिवम दुबे 11 रन पर आउट हुए.
सबसे अधिक नाबाद 59 रन हार्दिक पांड्या ने बनाए. वहीं जितेश शर्मा ने नाबाद 10 रन बनाए.
दक्षिण अफ़्रीका और भारत पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सिरीज़ खेल रहे हैं.
सत्या नडेला ने की घोषणा, भारत में एशिया का सबसे बड़ा निवेश करेगा माइक्रोसॉफ़्ट
इमेज स्रोत, @satyanadella
इमेज कैप्शन, सत्या नडेला ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की
माइक्रोसॉफ़्ट ने भारत में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास के लिए एक 'बड़े निवेश' की घोषणा की है. माइक्रोसॉफ़्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्या नडेला ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.
सत्या नडेला ने पोस्ट किया है, "भारत की महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए, माइक्रोसॉफ़्ट 17.5 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है- एशिया में हमारा अब तक का सबसे बड़ा निवेश- ताकि भारत के एआई फ़र्स्ट भविष्य के लिए ज़रूरी इंफ़्रास्ट्रक्चर, स्किल्स और क्षमताओं को बनाने में मदद मिल सके."
सत्या नडेला ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सत्या नडेला से बहुत अच्छी बातचीत हुई
इस मुलाक़ात के बाद उन्होंने भारत में एआई के मौकों पर बातचीत के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया.
पीएम मोदी ने नडेला के पोस्ट पर जवाब दिया, "जब एआई की बात आती है, तो दुनिया भारत को लेकर बहुत आशावादी है! सत्या नडेला के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई. यह देखकर खुशी हुई कि भारत वह जगह है जहां माइक्रोसॉफ़्ट एशिया में अपना अब तक का सबसे बड़ा निवेश करेगा."
राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा- वोट चोरी एक एंटी नेशनल काम है
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी भारत के चुनाव आयोग ने सुनिश्चित की थी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाया.
राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा, "ब्राज़ील की एक महिला का नाम हरियाणा की वोटर लिस्ट में 22 बार आया. और सिर्फ़ इतना ही नहीं, एक महिला ऐसी भी है जिसका नाम हरियाणा के एक ही निर्वाचन क्षेत्र में 200 से ज़्यादा बार आया है."
"यह बिल्कुल साफ़ है और मैंने बिना किसी शक के यह साबित किया है कि हरियाणा में चुनाव चोरी हुआ था और ये वोट चोरी भारत के चुनाव आयोग ने सुनिश्चित की थी."
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने उनकी ओर से उठाए गए सवालों का जवाब नहीं दिया.
राहुल गांधी ने बिहार में हुए स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) का ज़िक्र करते हुए कहा, "ऐसा क्यों है कि बिहार में एसआईआर के बाद भी बिहार की वोटर लिस्ट में 1.2 लाख डुप्लीकेट फ़ोटोज़ मौजूद हैं? अगर आपने वोटर लिस्ट साफ़ कर दी है, तो बिहार में 1.2 लाख डुप्लीकेट फ़ोटोज़ क्यों हैं?"
अपने संबोधन के आख़िर में राहुल गांधी ने कहा, "सबसे बड़ा एंटी नेशनल काम जो आप कर सकते हैं, वह है- वोट चोरी. वोट-चोरी से बड़ा कोई एंटी नेशनल काम नहीं है क्योंकि जब आप वोट को ख़त्म करते हैं, तो आप इस देश के ताने-बाने को ख़त्म कर देते हैं. आप मॉडर्न इंडिया को ख़त्म करते हैं, आप इंडिया के आइडिया को ख़त्म करते हैं."
"वोट चोरी एक एंटी नेशनल काम है और जो लोग सदन में दूसरी तरफ़ हैं, वे एंटी नेशनल काम कर रहे हैं."
भारत के साथ पहले टी20 मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टॉस
इमेज स्रोत, Noah SEELAM / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और दक्षिण अफ़्रीका के कप्तान एडन मारक्रम
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सिरीज़ का आग़ाज़ हो गया है.
ओडिशा के कटक में खेले जा रहे पहले मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीत लिया है. दक्षिण अफ़्रीका ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.
टीम इंडिया के प्लेंइंग इलेवन खिलाड़ी- शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.
कर्नाटक हाई कोर्ट ने मेंस्ट्रुअल लीव नोटिफ़िकेशन पर सुबह दिए अपने अंतरिम फ़ैसले को दोपहर में पलटा, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार की सुबह मेंस्ट्रुअल लीव के नोटिफ़िकेशन पर अंतरिम रोक लगा दी थी, लेकिन दोपहर में इस फ़ैसले को पलट दिया
कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार को एडवोकेट जनरल के दख़ल के बाद राज्य सरकार की मेंस्ट्रुअल लीव के नोटिफ़िकेशन पर अंतरिम रोक लगाने के अपने सुबह दिए गए फ़ैसले को बदल दिया है.
कर्नाटक सरकार के नोटिफ़िकेशन के ख़िलाफ़ बेंगलुरु होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन और अविराता एएफ़एल कनेक्टिविटी सिस्टम्स लिमिटेड ने याचिका दायर की थी.
मंगलवार सुबह याचिकाकर्ताओं की दलील सुनने के बाद जस्टिस ज्योति एम ने राज्य सरकार की मेंस्ट्रुअल लीव के नोटिफ़िकेशन पर अंतरिम रोक लगा दी थी.
याचिका में सरकार के 20 नवंबर के नोटिफ़िकेशन को चुनौती दी गई थी, जिसमें विभिन्न क़ानूनों के तहत सरकारी और प्राइवेट दोनों क्षेत्रों में महिलाओं को हर महीने एक दिन की पेड मेंस्ट्रुअल लीव देने की बात कही गई है.
याचिकाकर्ताओं ने कहा कि नोटिफ़िकेशन में बताए गए क़ानूनों में कोई ख़ास प्रावधान महिला कर्मचारियों को मेंस्ट्रुअल लीव नहीं देता है, उसमें कोई क़ानून भी नहीं था.
सुबह मामले की सुनवाई करते हुए, जज ने याचिकाकर्ताओं से पूछा कि क्या सरकार ने नोटिफ़िकेशन जारी करने से पहले उनकी राय ली थी.
जब याचिकाकर्ताओं ने इससे इनकार किया, तो जज ने सरकारी वकील से याचिकाओं पर ध्यान देने को कहा और अधिसूचना पर अंतरिम रोक लगा दी.
हालांकि, कोर्ट के लंच के लिए उठने से पहले, एडवोकेट जनरल शशि किरण शेट्टी बेंच के सामने पेश हुए. उन्होंने बताया कि वह कोर्ट को सूचित करना चाहते हैं कि अंतरिम आदेश के ख़िलाफ़ अपील दायर करने के बजाय वह कोर्ट के ध्यान में लाना चाहते हैं कि उसका फ़ैसला सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसलों के ख़िलाफ़ है.
उनके दख़ल के बाद, कोर्ट ने अपने पहले के आदेश को बदल दिया और मामले को कल यानी बुधवार को सुनवाई के लिए लिस्ट करने को कहा.
पेड मेंस्ट्रुअल लीव का मुद्दा राज्य सरकार के लिए प्रतिष्ठा का विषय है क्योंकि
सरकारी और प्राइवेट दोनों क्षेत्रों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की महिला कर्मचारियों के लिए ऐसा प्रावधान करने वाला कर्नाटक पहला राज्य है.
वहीं बिहार देश का पहला राज्य है जो 1991 से सरकारी क्षेत्र में हर महीने दो दिन की पेड मेंस्ट्रुअल लीव देता है.
लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने उठाए ये तीन सवाल
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर चुनावों को प्रभावित करने का आरोप लगाया
लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग पर 'क़ब्ज़ा' किए जाने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, "भारत की संस्थाओं पर क़ब्ज़ा कर लिया गया है, और मैं इस बात पर आऊंगा कि चुनाव आयोग पर भी क़ब्ज़ा कर लिया गया है...मैं यह बिना सबूत के नहीं कह रहा हूं. मैंने इस बारे में काफ़ी सबूत पेश किए हैं कि चुनाव आयोग कैसे सत्ता में बैठे लोगों के साथ मिलकर चुनावों को कैसे प्रभावित कर रहा है."
"लेकिन मैं पहले तीन सवाल पूछना चाहता हूं, जिससे यह बिल्कुल साफ़ हो जाएगा कि बीजेपी भारत के लोकतंत्र को नुक़सान पहुंचाने के लिए चुनाव आयोग को निर्देश दे रही है और उसका इस्तेमाल कर रही है."
राहुल गांधी ने कहा, "पहला सवाल, ऐसा क्यों हुआ कि चीफ़ जस्टिस को चुनाव आयुक्त के सेलेक्शन पैनल से हटा दिया गया."
"दूसरा सवाल, यह बहुत ही ख़तरनाक है. भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री ने ऐसा नहीं किया है. दिसंबर 2023 में, इस सरकार ने क़ानून बदल दिया. उन्होंने क़ानून इसलिए बदला ताकि यह पक्का हो सके कि कोई भी चुनाव आयुक्त अपने पद पर रहते हुए किए गए किसी भी काम के लिए सज़ा से बच सके."
कांग्रेस नेता ने सवाल किया, "प्रधानमंत्री और गृह मंत्री चुनाव आयुक्त को यह इम्युनिटी का तोहफ़ा क्यों देंगे? उन्हें यह इतना बड़ा तोहफ़ा देने की क्या ज़रूरत है, जो आज तक किसी प्रधानमंत्री ने चुनाव आयुक्त को नहीं दिया?"
"सीसीटीवी और उसमें मौजूद डेटा से जुड़ा क़ानून क्यों बदला गया? ऐसा क़ानून क्यों बनाया गया जो चुनाव आयोग को चुनाव के 45 दिन बाद सीसीटीवी फ़ुटेज नष्ट करने की इजाज़त देता है? इसकी क्या ज़रूरत है? जवाब दिया गया है कि यह डेटा का सवाल है. लेकिन यह डेटा का सवाल नहीं है. यह चुनाव में धांधली करने का सवाल है."
इंडिगो की अब क्या स्थिति है एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने एयरलाइन की ऑपरेशनल रुकावटों पर बयान जारी किया है. उन्होंने कहा है कि एयरलाइन का ऑपरेशन अब व्यवस्थित है.
उन्होंने कहा, "इंडिगो फिर से पटरी पर आ गया है और हमारा ऑपरेशन स्थिर है...शुरुआत में हमारी प्राथमिकता एयरपोर्ट पर फंसे सभी कस्टमर्स को सुरक्षित उनके डेस्टिनेशन तक या वापस उनके घरों तक पहुंचाना था."
"इसके बाद हमने रिफ़ंड की प्रक्रिया शुरू की. लाखों कस्टमर्स को उनका पूरा रिफ़ंड मिल गया है, और हम रोज़ाना ऐसा करना जारी रखे हुए हैं. एयरपोर्ट पर फंसे ज़्यादातर सामान लोगों के घरों तक पहुंचा दिए गए हैं."
पीटर एल्बर्स ने बताया कि 5 दिसंबर को एयरलाइन सिर्फ़ 700 फ़्लाइटें उड़ा सकी थी, इसके बाद स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ. पीटर एल्बर्स के मुताबिक़ 6 दिसंबर को 1500 फ़्लाइटें, 7 दिसंबर को 1650 फ़्लाइटें,
8 दिसंबर को 1800 फ़्लाइटों ने उड़ान भरी.
उन्होंने कहा, "हम अपने नेटवर्क में सभी 138 डेस्टिनेशंस के लिए फिर से उड़ान भर रहे हैं...अब 9 दिसंबर को मैं ये कन्फ़र्म कर सकता हूं हमारा ऑपरेशन सुचारू रूप से चालू हो गया है."
बीते हफ़्ते इंडिगो संकट की वजह से हज़ारों हवाई यात्रियों को परेशानी हुई. बुधवार, 3 दिसंबर को ये संकट तब शुरू हुआ, जब इंडिगो की 150 उड़ानें रद्द हो गईं और दर्जनों उड़ानें डिले हो गईं.
इसके बाद से एयरलाइन की हज़ारों उड़ाने रद्द हुईं, जिसके कारण यात्रियों को काफ़ी दिक्कतें हुईं.
बुलंदशहर में मुसलमान फेरीवाले को पीट-पीटकर मारने के आरोप में दो गिरफ़्तार, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी हिन्दी
इमेज कैप्शन, बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तेजवीर सिंह
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक मुसलमान फेरीवाले की हत्या के मामले में पुलिस ने दो स्थानीय हिंदू युवकों को गिरफ़्तार किया है.
मृतक युसूफ़ की पत्नी शकीला की तरफ़ से पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि उनके पति के साथ 2-3 अज्ञात लोगों ने मारपीट की. बुलंदशहर पुलिस ने भी अपने बयान में कहा है कि यूसुफ़ के साथ मारपीट की गई.
पुलिस ने बताया कि ये घटना रविवार शाम क़रीब पांच बजे की है.
बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तेजवीर सिंह ने बीबीसी को बताया, “शाम क़रीब पांच बजे थाना डिबाई में सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक के साथ दो-तीन युवकों ने मारपीट की है. मौक़े पर पहुंची पुलिस को यूसुफ़ नाम का व्यक्ति पुलिस को घायल अवस्था में मिला था, पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया. बाद में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफ़र किया गया जहां उसकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया है.”
पुलिस के मुताबिक़ गिरफ़्तार किए गए व्यक्तियों के नाम भारत और राजेंद्र वर्मा है. ये घटना बुलंदशहर के डिबाई थानाक्षेत्र के भीमपुर गांव के पास की है.
यूसुफ़ घटनास्थल से क़रीब बीस किलोमीटर दूर बुलंदशहर के ही छतारी थाना क्षेत्र के बंजारा नंगला गांव के रहने वाले थे और फेरी लगाकर आर्टिफ़िशियल जूलरी बेचते थे.
उनकी पत्नी ने मीडिया को दिए बयान में कहा है, “वो घर से सामान बेचने निकले थे, पुलिस का फ़ोन आया कि उन्हें चोट लगी है. उन्हें क्यों मारा इस बारे में हमें पता नहीं है.”
बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तेजवीर सिंह ने बीबीसी से कहा, “इलाज के दौरान मौत के बाद क़त्ल का मुक़दमा दर्ज किया गया है. ये घटना क्यों हुई इसकी अभी जांच की जा रही है.”
वहीं युसूफ़ की बुज़ुर्ग मां ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मेरे बेटे को दुश्मनों ने मार दिया."
वंदे मातरम पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद प्रमुख बोले- मुसलमानों की देशभक्ति के लिए किसी प्रमाण-पत्र की ज़रूरत नहीं
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख अरशद मदनी (फ़ाइल फ़ोटो)
वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने पर संसद में हो रही चर्चा के बीच जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.
अरशद मदनी ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट किया, "हमें किसी के 'वंदे मातरम' पढ़ने या गाने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन मुसलमान केवल एक अल्लाह की इबादत करता है और अपनी इबादत में अल्लाह के सिवा किसी दूसरे को शामिल नहीं कर सकता."
उन्होंने लिखा, "और 'वंदे मातरम' का अनुवाद शिर्क से संबंधित मान्यताओं पर आधारित है. इसके चार श्लोकों में देश को देवता मानकर 'दुर्गा माता' से तुलना की गई है और पूजा के शब्दों का प्रयोग हुआ है. 'माँ, मैं तेरी पूजा करता हूँ' यही वंदे मातरम का अर्थ है."
"यह किसी भी मुसलमान की धार्मिक आस्था के ख़िलाफ़ है. किसी को उसकी आस्था के ख़िलाफ़ कोई नारा या गीत गाने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. क्योंकि भारत का संविधान हर नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता (अनुच्छेद 25) और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता (अनुच्छेद 19) देता है."
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख ने अपनी पोस्ट में लिखा कि देश से प्रेम करना और उसकी पूजा करना दो अलग बातें हैं.
उन्होंने लिखा, "मुसलमानों की देशभक्ति के लिए किसी के प्रमाण-पत्र की आवश्यकता नहीं है."
सोमवार को लोकसभा में चर्चा के दौरान एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस मुद्दे को उठाया था.
उन्होंने कहा, "हमारे मुल्क के संविधान की शुरुआत 'भारत माता' से नहीं बल्कि 'हम भारत के लोग' से होती है. बाबा साहेब आंबेडकर ने मदर इंडिया के विचार को ख़ारिज कर दिया था."
"अगर 'भारत में रहना है तो वंदे मातरम गाना होगा' का नारा अनिवार्य करना है तो यह संविधान और सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ है. मैं एक मुसलमान हूं और इस्लाम को मानता हूं और ख़ुदा के अलावा मैं किसी को नहीं मानता हूं और इसका अधिकार मुझे संविधान देता है. इससे हमारे मुल्क की मोहब्बत मेरे धर्म के बीच नहीं आती है."
इंडिगो संकट पर नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने लोकसभा में क्या कहा
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कड़े कदम उठाए जाएंगे
नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि हाल ही में इंडिगो फ़्लाइट्स की परिचालन संबंधी समस्याओं की वजह से उपजी अव्यवस्था तेज़ी से स्थिर हो रही है.
उन्होंने कहा, "इस मामले में जवाबदेही तय की जाएगी. डीजीसीए ने इंडिगो के सीनियर लीडिरशिप को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और एक विस्तृत जांच शुरू की है."
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जांच रिपोर्ट, विमान नियम और अधिनियम के तहत उचित और कड़े क़दम उठाए जाएंगे. किसी भी एयरलाइन को, चाहे वह कितनी भी बड़ी क्यों न हो, ऑपरेशन की विफलता, वैधानिक प्रावधानों का पालन न करने और यात्रियों के लिए परेशानी पैदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी."
बीते हफ़्ते इंडिगो संकट की वजह से हज़ारों हवाई यात्रियों को परेशानी हुई. बुधवार को यह संकट तब शुरू हुआ जब इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द हो गईं और दर्जनों उड़ानें डिले हुईं.
ब्रेकिंग न्यूज़, 'वंदे मातरम' पर संसद में चर्चा: अमित शाह ने नेहरू और इंदिरा का ज़िक्र कर क्या कहा
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, अमित शाह ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है
'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे होने पर संसद में चर्चा जारी है. मंगलवार को राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि 'कांग्रेस ने तुष्टिकरण के तहत वंदे मातरम के दो टुकड़े किए'.
उन्होंने कहा, "जब वंदे मातरम के पचास साल हुए, देश आजाद नहीं हुआ था. जब स्वर्ण जयंती हुई, 1937 में, तब जवाहरलाल नेहरू जी ने वंदे मातरम के दो टुकड़े करके उसको दो अंतरों तक सीमित करने का काम किया."
अमित शाह ने कहा, "पचासवें पड़ाव पर वंदे मातरम को सीमित कर दिया गया. वहीं से तुष्टिकरण की शुरुआत हुई और वो आगे देश के विभाजन में बदली. अगर तुष्टिकरण के तहत वंदे मातरम के दो टुकड़े नहीं करते तो देश का बंटवारा नहीं होता."
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, "जब यह सौ साल का हुआ तो वंदे मातरम बोलने वाले लोगों को इंदिरा जी ने जेल में डाल दिया. इस देश में आपातकाल लगाया गया. विपक्ष के लाखों लोगों को, समाजसेवियों को, स्वयंसेवी संगठनों को जेल में भर दिया गया. पूरे देश को बंदी बनाकर रख दिया गया."
इसके अलावा अन्य मुद्दों पर चर्चा को लेकर अमित शाह ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा करने से नहीं डरती. उन्होंने कहा, "संसद का बहिष्कार हम नहीं करते हैं. कोई भी मुद्दा हो हम चर्चा के लिए तैयार हैं."
सोमवार को लोकसभा में 'वंदे मातरम' पर चर्चा हुई. चर्चा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी. उन्होंने भी पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी पर निशाना साधा था.
कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी ने नेहरू के ज़िक्र पर जवाब दिया था.
चुनाव सुधार पर लोकसभा में चर्चा, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने उठाए ये मुद्दे
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, मनीष तिवारी ने वीवीपैट से चुनाव कराए जाने की मांग की
लोकसभा में आज (मंगलवार) इलेक्शन रिफ़ॉर्म्स यानी चुनाव सुधार पर चर्चा हो रही है. इसकी शुरुआत कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने की.
मनीष तिवारी ने अपने भाषण में निर्वाचन आयुक्त के चुनाव की प्रक्रिया में सुधार की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग की ओर से कराए जाए वाले एसआईआर को 'ग़ैर-क़ानूनी' बताया.
उन्होंने निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम पर भी सवाल उठाए. इसके अलावा उन्होंने वीवीपैट से चुनाव कराए जाने की मांग की. कांग्रेस सांसद ने 'वन नेशन वन इलेक्शन' के मुद्दे पर भी बात की.
मनीष तिवारी ने कहा, "पिछले 78 साल में अगर सबसे बड़ा चुनाव सुधार हुआ तो वो भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने किया, जब उन्होंने मतदान की आयु सीमा 21 से घटाकर 18 किया और करोड़ों भारतीय नौजवानों को मतदान का अधिकार दिया."
थाईलैंड-कंबोडिया के बीच जारी संघर्ष में लोगों ने ऐसे बिताई रात, देखिए तस्वीरें
थाईलैंड का कहना है कि कंबोडिया ने उसके रिहायशी इलाक़ों पर फ़ायरिंग की है. थाई सेना ने कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें घरों को हुए नुक़सान को देखा जा सकता है.
वहीं कंबोडिया के हज़ारों लोग संघर्ष की वजह से विस्थापित हुए हैं. इन लोगों को शेल्टरों में रात बितानी पड़ी.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, थाईलैंड की ओर से हुई गोलाबारी में कंबोडिया के चार नागरिकों की मौत हुई है
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, कंबोडिया के सीमावर्ती इलाक़े से विस्थापित लोगों को सोमवार की रात शेल्टर होम्स में गुज़ारनी पड़ी
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ताज़ा संघर्ष में अब तक कुल छह लोगों की मौत हुई है
इमेज स्रोत, Thai Army
इमेज कैप्शन, थाईलैंड का कहना है कि कंबोडिया की ओर से हुई फ़ायरिंग से साकेओ प्रांत में नुक़सान हुआ है
इमेज स्रोत, Thai Army
इमेज कैप्शन, ताज़ा संघर्ष में थाईलैंड के एक सैनिक की भी मौत हुई है
इमेज स्रोत, Thai Army
इमेज कैप्शन, जुलाई में हुए सीज़फ़ायर के बाद से यह दोनों देशों के बीच सबसे गंभीर टकराव है
ओडिशा: महिला का शव मिलने के बाद दो गांवों के बीच तनाव, इंटरनेट सेवा बंद, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati
इमेज कैप्शन, मलगानगिरी के दो गांवों में तनाव बना हुआ है
ओडिशा के आदिवासी बहुल मलकानगिरी ज़िले में दो समुदायों के बीच हिंसा की वजह से इंटरनेट सेवा मंगलवार शाम 6 बजे तक बंद कर दी गई है.
पुलिस के मुताबिक एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद दो गांवों के बीच यह तनाव पैदा हुआ. एमवी-26 और राखेलगुडा गांवों के बीच तनाव अब भी बना हुआ है.
राखेलगुडा गांव की एक महिला पिछले हफ़्ते लापता हो गई थी. चार दिसंबर को उसका शव पास की एक नदी के किनारे पर मिला. पुलिस की जांच टीम और डॉग स्क्वाड महिला के शव का अन्य हिस्सा ढूंढ रही है.
पुलिस ने महिला की हत्या के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ़्तार किया है.
इस घटना के विरोध में कई जगह स्थानीय लोगों ने पारंपरिक हथियारों के साथ विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कुछ घरों को तोड़ दिया और कुछ घरों को आग के हवाले कर दिया.
इमेज स्रोत, Subrat Kumar Pati
इमेज कैप्शन, पुलिस ने कहा है कि स्थिति उनके नियंत्रण में है
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की. घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है.
ओडिशा के गृह विभाग की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया कि असामाजिक तत्व स्थिति का फ़ायदा उठाते हुए ग़लत सूचना न फैलाएं, इसलिए इंटरनेट सेवा बंद की गई है.
मलकानगिरी के एसपी विनोद पाटिल ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा कि स्थिति नियंत्रण में है. इंटरनेट सेवा बंद है, ज़रूरत पड़ने पर आगे भी इसे बंद रखा जाएगा.
उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में मंगलवार को मृत महिला का अंतिम संस्कार किया जाएगा. एसपी विनोद पाटिल के मुताबिक़ इस मामले की उच्च स्तरीय जांच जारी है.