ज़ेलेंस्की ने रूस के साथ शांति वार्ता पर क्या कहा?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की गुरुवार को तुर्की की राजधानी अंकारा पहुंचे. उन्होंने तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन से मुलाकात की.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और कीर्ति रावत

  1. युक्रेन-रूस जंग: शांति वार्ता में राष्ट्रपति पुतिन के शामिल होने को लेकर क्रेमलिन ने क्या कहा

    रूसी राष्ट्रपति

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पुतिन के क़रीबी व्लादिमीर मेडिंस्की करेंगे.

    गुरुवार को तुर्की के इस्तांबुल में यूक्रेन और रूस के बीच शांति वार्ता प्रस्तावित है और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने पुतिन से वार्ता में शामिल होने की अपील की थी.

    लेकिन रूस के राष्ट्रपति कार्यालय से जो बयान जारी हुआ है, उसमें इस शांति वार्ता में पुतिन का नाम नहीं है.

    क्रेमलिन के बयान के अनुसार, रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पुतिन के क़रीबी व्लादिमीर मेडिंस्की करेंगे.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इससे पहले कहा था कि अगर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन वार्ता में भाग लेंगे और पुतिन चाहेंगे तो वो उनसे मिलेंगे.

    उन्होंने यह भी कहा था कि वह पुतिन के साथ बैठक करने की हर संभव कोशिश करेंगे.

    मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस बैठक में शामिल नहीं होंगे.

    हालांकि, ट्रंप ने पहले संकेत दिया था कि अगर पुतिन बैठक में शामिल होते तो वह इसमें शामिल हो सकते थे.

  2. कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी के ख़िलाफ़ टिप्पणी पर मंत्री विजय शाह ने कहा- दिल से माफ़ी मांगता हूं

    विजय शाह और कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी

    इमेज स्रोत, @KrVijayShah/ EPA

    इमेज कैप्शन, विजय शाह के ख़िलाफ़ मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एफ़आईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं

    मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी के ख़िलाफ़ की गई अपनी टिप्पणी पर माफ़ी मांगी है.

    एमपी के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने कहा, "हाल में मेरे दिए गए बयान से हर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं. उसके लिए मैं दिल से न केवल शर्मिंदा हूं, दुखी हूं, बल्कि माफ़ी चाहता हूं.’’

    हाल ही में कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी तब चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने भारतीय सेना के चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विंग कमांडर व्योमिका सिंह और भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ प्रेस वार्ताएं की थीं.

    विजय शाह ने सोफ़िया क़ुरैशी को देश की बहन बताते हुए कहा, "उन्होंने राष्ट्र धर्म निभाते हुए जाति और समाज से ऊपर उठकर काम किया है."

    उन्होंने कहा, "वह हमारी सगी बहन से भी अधिक सम्मानित हैं."

    विजय शाह ने कहा, "हाल के भाषण में मेरी इच्छा और मंशा यही थी कि मैं कर्नल सोफ़िया की बात को अच्छे से समाज के बीच में रखूं, लेकिन ‘दुखी और विचलित मन से’ उनके मुंह से कुछ शब्द ग़लत निकल गए."

    "आज मैं खुद शर्मिंदा हूं. पूरे समाज से और समुदाय से माफ़ी मांगता हूं. बहन सोफिया और देश की सम्माननीय सेना का हमेशा सम्मान करता हूं और आज हाथ जोड़ कर सबसे मैं दिल से माफ़ी चाहता हूं."

    बुधवार को विजय शाह के ख़िलाफ़ मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एफ़आईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.