ट्रंप के इस फ़ैसले से सीरियाई शरणार्थियों में जगी उम्मीद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को रियाद में आयोजित सऊदी-अमेरिका इन्वेस्टमेंट फ़ोरम में सीरिया पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने का एलान किया. जिसके बाद से सीरियाई शरणार्थी सीरिया लौटने की उम्मीद में हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और कीर्ति रावत

  1. 'दुनिया के सबसे ग़रीब राष्ट्रपति' रहे होज़े मुहिका का 89 साल की उम्र में निधन

    उरुग्वे के पूर्व राष्ट्रपति होज़े मुहिका

    इमेज स्रोत, AFP/Getty Images

    इमेज कैप्शन, उरुग्वे के पूर्व राष्ट्रपति होज़े मुहिका

    लैटिन अमेरिकी देश उरुग्वे के पूर्व राष्ट्रपति होज़े मुहिका का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है.

    होज़े मुहिका को "पेपे" के नाम से जाना जाता था.

    2010 से 2015 तक उरुग्वे के राष्ट्रपति रहे पूर्व गुरिल्ला नेता होज़े मुहिका अपनी साधारण ज़िंदगी के लिए दुनिया के "सबसे ग़रीब राष्ट्रपति" के नाम से जाने जाते थे.

    उरुग्वे के वर्तमान राष्ट्रपति यामांडू ओरसी ने एक्स पर होज़े मुहिका की मृत्यु की जानकारी देते हुए लिखा, "आपने हमें जो कुछ भी दिया, उसके लिए और अपने लोगों के प्रति आपके गहरे प्यार के लिए धन्यवाद."

    पूर्व राष्ट्रपति मुहिका की मृत्यु कैसे हुई अभी साफ़ नहीं है, हालांकि वह ओसोफ़ेजियल कैंसर से पीड़ित थे.

  2. भारत और पाकिस्तान संघर्ष को लेकर सऊदी अरब में क्या बोले ट्रंप?

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सऊदी अरब के दौरे पर हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को भारत और पाकिस्तान के सीज़फ़ायर में अमेरिका की भूमिका को फिर दोहराया है.

    सऊदी अरब पहुंचे राष्ट्रपति ट्रंप ने रियाद में आयोजित सऊदी-अमेरिका इन्वेस्टमेंट फ़ोरम को संबोधित करते हुए भारत पाकिस्तान का ज़िक्र किया और कहा कि उस संघर्ष में लाखों लोग मारे जा सकते थे.

    ट्रंप ने कहा, "मेरी सबसे बड़ी आशा है कि मैं शांति स्थापित करने वाला और लोगों को जोड़ने वाला बनूं. मुझे युद्ध पसंद नहीं."

    उन्होंने कहा, "कुछ दिन पहले ही मेरे प्रशासन ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए एक ऐतिहासिक युद्धविराम कराने में सफलता पाई है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "मैंने इसमें व्यापार का भरपूर इस्तेमाल किया. मैंने कहा चलो समझौता करते हैं, व्यापार करते हैं. परमाणु मिसाइलों का व्यापार न करें, बल्कि उन चीज़ों का व्यापार करें जिन्हें आप इतनी खूबसूरती से बनाते हैं."

    उन्होंने दोनों देशों (भारत और पाकिस्तान) के नेताओं को बहुत शक्तिशाली और मजबूत नेता बताया है.

    इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच सीज़फ़ायर पर सहमति बनाने में अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो की ख़ास तौर पर सराहना की.

  3. सीज़फ़ायर के बाद भारत-पाकिस्तान ने अब एक-दूसरे ख़िलाफ़ उठाए ये क़दम

    भारत-पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images/ANI

    इमेज कैप्शन, पहलगाम हमले के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है

    पाकिस्तान ने मंगलवार देर रात भारत पर जवाबी कार्रवाई करते हुए इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय उच्चायोग के एक कर्मचारी को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' यानी अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया है.

    इससे पहले भारत ने मंगलवार को नई दिल्ली में मौजूद पाकिस्तान उच्चायोग में एक पाकिस्तानी कर्मचारी को अवांछित घोषित कर दिया था.

    भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, अधिकारी को 24 घंटे के अंदर भारत छोड़ने के लिए कहा गया.

    इसके जवाब में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी कर कहा है कि, "पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के एक कर्मचारी को पर्सोना नॉन ग्राटा घोषित कर दिया है. अधिकारी को 24 घंटे के अंदर पाकिस्तान छोड़ने का निर्देश दिया गया है."

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव इतना बढ़ा कि ये सैन्य संघर्ष में बदल गया.

    दोनों देशों के बीच सात मई से शुरू हुआ सैन्य संघर्ष 10 मई की शाम को संघर्ष विराम पर सहमति के एलान के साथ थमा.

  4. ग़ज़ा के अस्पताल पर इसराइली हमले में 28 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

    ग़ज़ा
    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा के एक यूरोपीय अस्पताल पर इसराइल ने हमला किया है

    ख़ान यूनिस के एक यूरोपीय अस्पताल पर इसराइली हवाई हमले में 28 लोग मारे गए और दर्जनों लोग घायल हो गए हैं.

    यह जानकारी हमास की ओर से संचालित नागरिक सुरक्षा एजेंसी के एक प्रवक्ता ने दी है.

    स्थानीय सूत्रों के मुताबिक़, ग़ज़ा के इस अस्पताल पर इसराइली लड़ाकू विमानों ने एक साथ 6 बम गिराए, जो इस अस्पताल के आंगन और आसपास के इलाक़ों पर गिरे.

    इसराइली सेना ने कहा कि उसने "कमांड और कंट्रोल सेंटर में हमास आतंकवादियों पर सटीक हमला" किया है. इसराइल ने दावा किया कि ये सेंटर अस्पताल के नीचे था.

    ग़ज़ा में बीबीसी के लिए काम कर रहे एक फ़्रीलांस पत्रकार भी इस हवाई हमले में घायल हुए हैं. हालांकि इलाज के बाद अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

    इसराइल और हमास के बीच 7 अक्तूबर 2023 से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक ग़ज़ा में 50 हज़ार से भी ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. कल की कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.