चरमपंथ के ख़िलाफ़ संदेश लेकर विदेश जा रहे दल में शामिल ओवैसी ने क्या कहा?
पहलगाम हमला और उसके बाद भारत की तरफ़ से हुई कार्रवाई को बताने के लिए बीजेपी सांसद बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल बहरीन के लिए रवाना हुआ है.
सांसदों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का पहला पड़ाव बहरीन होगा उसके बाद ये दल कुवैत, सऊदी अरब और अल्जीरिया जाएगा.
बहरीन के लिए रवाना होने से पहले एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "पहलगाम का जा दर्दनाक वाक़या हुआ हम उसे इन देशों में जाकर बताएंगे."
उन्होंने कहा, "हमारा पड़ोसी मुल्क अपनी धरती से आतंकी कैंप चला रहा है और उन्हें सहायता और सहयोग दे रहा है और ये आतंकी हमारे मुल्क में आकर आतंकी गतिविधियां कर रहे हैं. इन्हीं बातों को हम इन देशों के सामने रखेंगे."
भारत ने 59 सांसदों का सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल बनाया है, जो दुनिया के 33 देशों में जाकर पहलगाम हमले और उसके बाद हुई कार्रवाई के बारे में इन देशों में अपनी बात रखेंगे.