You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन और रूस के बीच हुई कै़दियों की सबसे बड़ी अदला-बदली

साल 2022 में रूसी आक्रमण के बाद से यूक्रेन और रूस के बीच कैदियों की सबसे बड़ी अदला-बदली हुई है. दोनों देशों ने 390 सैनिकों और नागरिकों को एक-दूसरे को सौंपा है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यूक्रेन और रूस के बीच हुई कै़दियों की सबसे बड़ी अदला-बदली

    साल 2022 में रूसी आक्रमण के बाद से यूक्रेन और रूस के बीच कैदियों की सबसे बड़ी अदला-बदली हुई है. दोनों देशों ने 390 सैनिकों और नागरिकों को एक-दूसरे को सौंपा है.

    एक हफ़्ते पहले तुर्की में हुई सीधी बातचीत में सहमत हुए एकमात्र समझौते के तहत, दोनों देशों ने बेलारूस के साथ लगने वाली यूक्रेनी सीमा पर 270 सैनिकों और 120 नागरिकों को सौंपा है.

    दोनों पक्षों ने एक हज़ार क़ैदियों की अदला-बदली पर सहमति जताई थी और पुष्टि की थी कि आने वाले दिनों में और भी अदला-बदली की जाएगी.

    हालांकि इससे पहले कई छोटे पैमाने पर कै़दियों की अदला-बदली हो चुकी है, लेकिन अब तक इतने ज़्यादा नागरिक किसी भी मौके पर शामिल नहीं थे.

    रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि जिन सैनिकों और नागरिकों को सौंपा गया है, उनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें हाल के महीनों में यूक्रेन के हमले के दौरान रूस के कुर्स्क सीमा क्षेत्र में यूक्रेनी बलों ने पकड़ा था.

  3. कर्नाटक: गैंगरेप केस में ज़मानत पर रिहा हुए सात लोगों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही क्यों किया गिरफ़्तार?, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक की हावेरी पुलिस ने गैंगरेप केस में ज़मानत पर रिहा किए गए सात लोगों को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ़्तार कर लिया है.

    पुलिस की ओर से यह कार्रवाई तब हुई जब अभियुक्तों ने स्थानीय अदालत से ज़मानत मिलने के बाद दोपहिया वाहनों और कारों के काफ़िले में जुलूस निकाला.

    सातों युवक एक मुस्लिम महिला से गैंगरेप करने के आरोप में जेल में थे.

    उन पर आरोप है कि इन सभी ने एक होटल के कमरे में घुसकर एक मुस्लिम महिला पर हमला किया था, जो एक हिंदू व्यक्ति के साथ थी. आरोप के अनुसार, इसके बाद सातों युवकों ने महिला को कार में ले जाकर सामूहिक बलात्कार किया.

    हनागल पुलिस ने शुरू में होटल कर्मचारी की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, जिसमें गैरक़ानूनी रूप से भीड़ इकट्ठा करना, दंगा, घर में घुसपैठ, महिला की गरिमा भंग करने की नीयत से हमला और आपराधिक धमकी जैसी धाराएं शामिल थीं.

    बाद में जब 28 साल की महिला ने मैजिस्ट्रेट के सामने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दिया, तो पुलिस ने आरोपों में सामूहिक बलात्कार (आईपीसी की धारा 376(डी)) भी जोड़ दिया. इसके साथ ही पुलिस ने अपहरण और यौन उत्पीड़न की धाराएं भी आरोपों में शामिल कर दीं.

    जनवरी 2024 में हनागल पुलिस थाना क्षेत्र में हुए सामूहिक बलात्कार मामले में कुल 19 लोगों को गिरफ़्तार किया गया था.

    अदालत ने पहले 12 लोगों को ज़मानत दी थी. फिर इसके बाद इसी साल 20 मई को बचे 9 अभियुक्तों को भी अदालत ने ज़मानत दे दी.

    जब ज़मानत मिलने के बाद जुलूस निकाला गया और उनके विजय जुलूस के वीडियो वायरल हुए तब पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.

    एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी हिंदी को बताया, "हमने सभी सातों को गिरफ़्तार कर लिया है."

  4. इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू के आरोपों पर फ्रांस का आया जवाब

    फ्रांस ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के आरोपों का जवाब दिया है.

    नेतन्याहू ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और कनाडा के पीएम मार्क कार्नी पर हमास का साथ देने का आरोप लगाया था.

    नेतन्याहू ने आरोप लगाया, "वे हत्यारों, बलात्कारियों, बच्चों के हत्यारों और अपहरणकर्ताओं का साथ दे रहे हैं."

    इस आरोप के जवाब में फ्रांसीसी सरकार की प्रवक्ता सोफी प्रीमस ने कहा कि हम इस आरोप को स्वीकार नहीं करते.

    प्रीमस ने कहा, "हम इसराइल के लोगों को बिन्यामिन नेतन्याहू की ओर से आज अपनाई जा रही नीतियों से भ्रमित नहीं करते, ग़ज़ा में जो कुछ भी हो रहा है आप जानते हैं उसे लेकर हमारा क्या विचार है."

    फ्रांसीसी सरकार की प्रवक्ता ने कहा, "मुझे लगता है कि हमें बढ़ते तनाव को कम करना चाहिए और इसराइल और फ़लस्तीन के लिए स्थायी शांति समाधान खोजने के लिए काम करना चाहिए."

    ब्रिटेन के एक रक्षा मंत्री ने भी नेतन्याहू की आलोचना को ख़ारिज करते हुए कहा, "हम इसराइल के आत्मरक्षा के अधिकार के समर्थन में हैं, बशर्ते वे इसे अंतर्राष्ट्रीय मानवीय क़ानून के दायरे में रखें."

    कुछ दिन पहले, ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा ने ग़ज़ा में इसराइल के बढ़ते हमले की निंदा करते हुए उसे 'अत्यधिक' बताया था और वहां की मानवीय स्थिति को 'असहनीय' कहा था.

  5. आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा गिरफ़्तार, जानिए क्या है पूरा मामला, प्रदीप शर्मा, बीबीसी हिन्दी के लिए

    पंजाब के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने जालंधर सेंट्रल हलके से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को गिरफ़्तार किया है.

    विजिलेंस डिपार्टमेंट ने आज रमन अरोड़ा के घर पर छापा मारा. आज सुबह क़रीब 10 बजे विजिलेंस की टीम रमन अरोड़ा के जालंधर के अशोक नगर स्थित घर पहुंची थी.

    रेड के दौरान पुलिस ने रमन अरोड़ा के मोहल्ले में लगी गलियों के सभी गेट बंद कर दिए और किसी को भी बाहर से अंदर आने की इजाज़त नहीं दी जा रही थी.

    आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी इस बारे में जानकारी साझा की है, जिसमें उन्होंने एक पोस्टर साझा करते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामले में जालंधर से मौजूदा विधायक रमन अरोड़ा के घर विजिलेंस ने छापा मारा.

    उन्होंने यह भी लिखा कि जालंधर नगर निगम अधिकारियों के ज़रिए लोगों को झूठे नोटिस भेजकर मामले को रफा-दफा करने के बदले रमन अरोड़ा द्वारा बड़ी रकम ली जाती थी.

    पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि यह कार्रवाई सबूतों के आधार पर ही की जा रही है.

    हाल ही में रमन अरोड़ा को दी गई सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी.

    रमन अरोड़ा ने 2022 में आम आदमी पार्टी की ओर से पहली बार जालंधर सेंट्रल विधानसभा हलके से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्होंने अपने कांग्रेस विरोधी राजिंदर बेरी और बीजेपी के मनोरंजन कालिया को हराया था.

  6. हमास संचालित एजेंसी का दावा- इसराइली हमले में ग़ज़ा में 18 लोगों की मौत

    ग़ज़ा में हमास संचालित सिविल डिफेंस एजेंसी ने कहा है कि शुक्रवार को इसराइली हमलों में 18 लोग मारे गए हैं.

    एजेंसी के मुताबिक़ इसराइल ने ग़ज़ा के कई इलाक़ों में हमला किया, जिसमें उत्तर और मध्य शहर दीर-अल-बलाह शामिल हैं.

    सिविल डिफेंस एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी ग़ज़ा के जबालिया इलाक़े में इसराइली हमलों में एक महिला और उनका बच्चा मारा गया.

    हालांकि यह साफ़ नहीं है कि महिला और बच्चा 18 मौतों में शामिल हैं या नहीं.

    इसराइली रक्षा बलों ने टेलीग्राम पर कहा कि उनकी वायु सेना ने पिछले दिनों ग़ज़ा में 75 से ज़्यादा ठिकानों पर हमला किया है.

    सात अक्तूबर 2023 को हमास के इसराइल पर हमले के बाद से ही इसराइल के साथ उसका संघर्ष जारी है. तब से लेकर अब तक ग़ज़ा में कम से कम 53 हज़ार लोग मारे गए हैं.

  7. हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने विदेशी छात्रों के दाखिले पर रोक के लिए ट्रंप प्रशासन पर किया मुकदमा

    हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय स्टूडेंट्स के दाखिले पर लगाई रोक के लिए ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा दायर किया है.

    इससे पहले, अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री क्रिस्टी नोएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रशासन ने हार्वर्ड के "कानून का पालन नहीं कर पाने के कारण अंतरराष्ट्रीय छात्र दाखिला कार्यक्रम को रद्द कर दिया है."

    हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने ट्रंप के इस क़दम को एक बयान में 'गैरक़ानूनी' बताया था.

    ट्रंप प्रशासन के इस फै़सले से हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले हज़ारों अंतरराष्ट्रीय स्टूडेंट्स पर असर पड़ सकता है.

    हार्वर्ड विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक़ पिछले शैक्षणिक वर्ष में छह हज़ार सात सौ से ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय स्टूडेंट्स ने दाखिला लिया था. यह कुल स्टूडेंट्स की संख्या का 27 फ़ीसदी है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने अब आईफ़ोन और यूरोपीय संघ के सामान पर टैरिफ़ लगाने की दी धमकी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एपल को अमेरिका के बाहर बने आईफ़ोन पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है. उन्होंने साथ ही जून महीने से यूरोपीय संघ पर 50 फ़ीसदी टैरिफ लगाने की बात कही है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "मैंने पहले ही एपल के टिम कुक को यह बता दिया है कि जो आईफ़ोन अमेरिका में बेचे जाएंगे, उन्हें अमेरिका में ही बनाया जाना चाहिए न कि भारत या किसी और देश में."

    उन्होंने कहा, "अगर ऐसा नहीं होता, तो एपल को अमेरिका को कम से कम 25 फ़ीसदी टैरिफ़ देना होगा."

    ट्रंप ने अपने दूसरे पोस्ट में यूरोपीय संघ पर टैरिफ़ लगाने को लेकर कहा, "मूल रूप से अमेरिका से व्यापार में फ़ायदा उठाने के लिए बनाए गए यूरोपीय संघ से समझौता करना बहुत मुश्किल रहा है."

    उन्होंने कहा, "उनके ट्रेड बैरियर्स, वैट टैक्स, बेवजह कॉर्पोरेट पेनल्टी, मॉनिटरी मैन्युपुलेशन और अमेरिकी कंपनियों पर अनुचित मुकदमे जैसे कारणों से अमेरिका को हर साल 25 करोड़ डॉलर से ज़्यादा का व्यापार घाटा हो रहा है, जो कि पूरी तरह से अस्वीकार्य है."

    "हमारी बातचीत उनसे किसी नतीजे पर नहीं पहुंच रही है. इसलिए मैं 1 जून, 2025 से यूरोपीय संघ पर सीधे 50 फ़ीसदी का टैरिफ़ लगाने की सिफारिश कर रहा हूं."

    हालांकि ट्रंप ने ये साफ़ किया है कि अगर कोई उत्पाद अमेरिका में बना या तैयार किया गया है, तो उस पर कोई टैरिफ़ नहीं लगेगा.

  9. राजस्थान: जेल गए बीजेपी नेता की विधायकी ख़त्म, 20 साल पुराने मामले में हुई थी सज़ा, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के बारां ज़िले की अंता सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक कंवर लाल मीणा की विधायकी ख़त्म कर दी गई है. ये कार्रवाई बीस साल पुराने मामले में उन्हें हुई तीन साल की सज़ा के बाद की गई है.

    विधानसभा ने इसकी अधिसूचना जारी की है, एक मई से उनकी विधायकी ख़त्म मानी जाएगी.

    राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राज्य के महाधिवक्ता और वरिष्ठ वकीलों से राय मांगी थी, जिसके बाद कंवर लाल मीणा की विधायकी ख़त्म करने की अधिसूचना जारी की गई है.

    विधायक कंवर लाल को बीस साल पहले एसडीएम पर पिस्तौल तानने के आरोप में तीन साल की सज़ा सुनाई गई थी.

    इसके ख़िलाफ़ विधायक ने सात मई को सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की थी जिसे ख़ारिज कर दिया गया और दो सप्ताह में उन्हें ट्रायल कोर्ट में सरेंडर करने के आदेश दिए.

    सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद नौ मई को ट्रायल कोर्ट से उनके ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी वारंट जारी हुआ था.

    कंवर लाल मीणा ने बुधवार को ट्रायल कोर्ट में सरेंडर किया था. कोर्ट के आदेश पर उन्हें झालावाड़ की अकलेरा जेल भेजा गया था.

    विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने इस फै़सला को लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा की जीत बताते हुए कहा, 'सत्यमेव जयते'.

    उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी के सतत संघर्ष और कोर्ट में 'अवमानना' याचिका दायर किए जाने के बाद अंततः आपराधिक मामले में दोषी ठहराए गए विधायक कंवर लाल की विधानसभा सदस्यता रद्द करनी पड़ी."

    इस पूरे मामले पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का कहना है कि, "महाधिवक्ता की राय शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे मिलते ही विधायक कंवर लाल मीणा की सदस्यता खत्म कर दी गई. मैं किसी दबाव में काम नहीं करता. इस मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं की जानी चाहिए."

  10. कर्नल सोफ़िया कुरैशी पर टिप्पणी करने वाले एमपी के मंत्री विजय शाह ने अब क्या कहा?

    कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर विवादित टिप्पणी करने वाले मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने फिर माफ़ी मांगी है.

    उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरा राष्ट्र के प्रति अपार प्रेम और भारतीय सेना के प्रति आदर एवं सम्मान हमेशा रहा है."

    बीजेपी नेता विजय शाह ने कहा, "मेरे द्वारा कहे गए शब्दों से समुदाय, धर्म, देशवासियो को दुख पहुँचा है. यह मेरी भाषाई भूल थी, मेरा आशय किसी भी धर्म, जाति और समुदाय को ठेस पहुँचाने, आहत करने का नही था."

    उन्होंने लिखा, "मैं भूलवश अपने द्वारा कहे गए शब्दों के लिए पूरी भारतीय सेना से, बहन कर्नल सोफ़िया से और समस्त देशवासियों से पूरी तरह से क्षमा प्रार्थी हूँ और पुनः हाथ जोड़कर माफी माँगता हूँ."

    क्या है पूरा मामला?

    बीजेपी नेता विजय शाह ने कुछ दिन पहले इंदौर ज़िले के महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

    उनके इस संबोधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.

    जिसमें उन्होंने भारतीय सेना की पहली महिला इंफेंट्री अधिकारी, कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी, को "आतंकवादियों की बहन" बताया.

    वीडियो के वायरल होने के बाद न सिर्फ़ मध्य प्रदेश, बल्कि देशभर में शाह के ख़िलाफ़ लोगों ने विरोध व्यक्त किया है.

    हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने माफ़ी मांगी थी.

    इस टिप्पणी पर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट दोनों ने विजय शाह को फटकार लगाई.

    मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने 14 मई को इस मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था.

    इसके बाद, 15 मई को हाई कोर्ट ने पुलिस द्वारा दायर की गई एफ़आईआर की आलोचना की. कोर्ट ने कहा था कि मध्य प्रदेश पुलिस ने बहुत कमज़ोर धाराओं में एफ़आईआर दायर की है.

    इसके बाद, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जाँच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है. हालाँकि, सुप्रीम कोर्ट ने विजय शाह की गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी.

  11. इसराइल ने ग़ज़ा युद्ध को लेकर ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा पर क्या आरोप लगाया?

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, फ्रांस और कनाडा के नेताओं पर ग़ज़ा युद्ध को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा है कि इन नेताओं ने ऐसा बयान दिया है जिससे लगता है कि वे चाहते हैं कि हमास सत्ता में बना रहे.

    नेतन्याहू ने आरोप लगाया, "वे (स्टार्मर, इमैनुएल मैक्रों और मार्क कार्नी) हत्यारों, बलात्कारियों, बच्चों के हत्यारों और अपहरणकर्ताओं का साथ दे रहे हैं."

    कुछ दिन पहले, ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा ने ग़ज़ा में इसराइल के बढ़ते हमले की निंदा करते हुए उसे 'अत्यधिक' बताया था और वहां की मानवीय स्थिति को 'असहनीय' कहा था.

    इसराइल के क़रीबी सहयोगी ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा 19 महीने पहले हमास के नेतृत्व में हुए घातक हमलों के बाद इसराइल के समर्थन में सामने आए थे.

    इसराइल और ग़ज़ा के बीच सात अक्तूबर से संघर्ष जारी है. तब से लेकर ग़ज़ा में कम से कम 53 हज़ार लोग मारे गए हैं.

  12. राहुल गांधी ने पूछा- 'ट्रंप को भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने के लिए किसने कहा?'

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर का एक इंटरव्यू शेयर करते हुए तीन सवाल किए हैं.

    इंटरव्यू में विदेश मंत्री भारत और पाकिस्तान संघर्ष पर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं.

    राहुल गांधी ने सबसे पहला सवाल पूछा, "भारत को पाकिस्तान के साथ क्यों जोड़ा गया है?"

    दूसरे सवाल में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "पाकिस्तान की निंदा करने में एक भी देश ने हमारा साथ क्यों नहीं दिया?"

    भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के बाद 10 मई को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम समझौते की घोषणा की थी.

    राहुल गांधी ने इसी संदर्भ में अपना तीसरा सवाल किया, "ट्रंप को भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने के लिए किसने कहा?"

    22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हमले के बाद छह मई और सात मई की दरमियानी रात भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हवाई हमले किए थे.

    भारत ने इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था. जिसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत के कई सीमावर्ती इलाकों में गोलाबारी शुरू कर दी थी और ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे.

  13. ख़राब मौसम में पाकिस्तान ने नहीं दी हवाई क्षेत्र प्रयोग की अनुमति : डीजीसीए

    एयर टर्बुलेंस में फंसे इंडिगो एयरलाइंस के विमान के बारे में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शुक्रवार को बयान जारी किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक डीजीसीए ने कहा है​ कि 21 मई को पठानकोट के पास जब विमान उड़ान पर था तो अचानक मौसम ख़राब हो गया.

    मौसम की स्थिति को देखते हुए विमान संख्या 6ई-2142 के चालक दल ने लाहौर से संपर्क कर पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र को प्रयोग करने का अनुरोध किया लेकिन इसे अस्वीकार कर दिया गया.

    दिल्ली से श्रीनगर जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के चालक दल ने अनुमति नहीं मिलने पर, खराब मौसम के बीच ही सभी प्रोटोकॉल्स का पालन करते हुए विमान को श्रीनगर में सुरक्षित उतार लिया.

    डीजीसीए ने अपने बयान में कहा कि विमान में सवार किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है लेकिन विमान के आगे का हिस्सा ‘‘नोज रेडोम’’ क्षतिग्रस्त हो गया है.

    इस विमान में 227 यात्री सवार थे.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थें.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. अमेरिका ने कहा सूडान ने इस्तेमाल किए रासायनिक हथियार, उठाया ये क़दम

    अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि सूडान की सेना ने अपने विरोधी रैपिड सपोर्ट फ़ोर्सज़ (आरएसएफ़) के ख़िलाफ़ रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया है.

    सूडान के गृहयुद्ध में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की बात चलने के बाद अमेरिका ने सूडान पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है.

    अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने बताया है कि छह जून से सूडान कोई भी सामान नहीं किया जाएगा. इसके अलावा अमेरिका ने सूडान को दिए जाने वाले कर्ज़ को भी सीमित करने की घोषणा की है.

    सूडान के गृहयुद्ध में दोनों पक्षों पर पहले भी युद्ध अपराध के आरोप लगते रहे हैं.

    देश में करीब दो साल से सूडान की सेना और आरएसएफ के बीच सत्ता के लिए भीषण संघर्ष चल रहा है. इस संघर्ष में अब तक डेढ़ लाख से अधिक लोग मारे गए हैं.

    बीबीसी ने अमेरिकी कार्रवाई पर प्रतिक्रिया के लिए सूडान से संपर्क किया है लेकिन अधिकारियों ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है.

  16. अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते के लिए फिर बातचीत

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ़ नीति के एलान के बाद अमेरिका और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए गुरुवार को फिर से वॉशिंगटन में बैठक हुई.

    बैठक में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा की.

    इससे पहले 20 मई को भी पीयूष गोयल ने व्यापार समझौते को लेकर लुटनिक के साथ बैठक की थी.

    पीयूष गोयल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है, "दोनों देशों के व्यापारिक हितों के लिए अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के साथ सकारात्मक वार्ता हुई. हम अपने व्यवसायों और लोगों के लिए अवसरों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    अमेरिका ने भारत पर 26% टैरिफ लगाया था, लेकिन फिर इस पर 90 दिनों की रोक की घोषणा की थी, जो 8 जुलाई की मध्यरात्रि को समाप्त हो रही है.

  17. ब्रिटेन ने मॉरीशस को सौंपा चागोस द्वीप समूह, डिएगो गार्सिया पर क्या कहा?

    हिंद महासागर में स्थित चागोस द्वीप समूह को ब्रिटेन ने मॉरीशस को सौंप दिया है. दोनों देशों के बीच इसको लेकर संधि पर गुरुवार को हस्ताक्षर किया गया.

    चागोस द्वीप समूह के सबसे बड़े टापू डिएगो गार्सिया पर ब्रिटेन और अमेरिका सेनाओं का सामरिक रूप से अहम नौसैनिक और बमवर्षक अड्डा स्थित है.

    ब्रिटेन ने कहा कि यह कदम अमेरिका-ब्रिटिश सैन्य अड्डे के भविष्य को सुनिश्चित करता है जोकि सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है.

    यही वजह है कि डिएगो गार्सिया अब भी ब्रिटेन-अमेरिका के नियंत्रण में रखा जाएगा.

    यह द्वीप कई सालों से ब्रिटेन के कब्ज़े में था. इसे लेकर लंबे समय से दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही थी.

  18. बांग्लादेश : मोहम्मद यूनुस इस्तीफ़ा देने पर कर रहे हैं विचार - नाहिद इस्लाम

    बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस इस्तीफ़ा देने के बारे में सोच रहे हैं.

    इस मामले को लेकर छात्र नेता और नेशनल सिटिजन पार्टी के संयोजक नाहिद इस्लाम ने मोहम्मद यूनूस से उनके निवास जमुना पर मुलाक़ात की.

    नाहिद इस्लाम ने बीबीसी बांग्ला से कहा, "हम देश के मौजूदा हालात को लेकर सर के इस्तीफ़े की ख़बरें सुन रहे थे. इसलिए मैं उनसे मिलने गया. इस मुलाक़ात के दौरान मुख्य सलाहकार ने चिंता व्यक्त की कि देश की वर्तमान स्थिति में वह काम नहीं कर पाएंगे."

    इससे पहले मोहम्मद यूनुस ने ढाका में एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में देश के हालात पर नाराजगी जताई थी.

    उधर राजनीतिक पार्टियां भी अंतरिम सरकार पर दबाव बना रही हैं.

    पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की पार्टी बीएनपी ने गुरुवार को अंतरिम सरकार ने कुछ सलाहकारों को हटाने की मांग की थी.

  19. इसराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की हत्या का संदिग्ध अदालत में पेश, पुलिस ने क्या बताया?

    वाशिंगटन डीसी में एक यहूदी संग्रहालय के बाहर इसराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या करने वाले संदिग्ध पर हत्या के अलावा हथियार रखने संबंधी आरोप लगाए गए हैं.

    अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बुधवार रात के हमले की घृणा अपराध के रूप में जांच की जा रही है, अभी और भी आरोप लगाए जा सकते हैं.

    उन्होंने गुरुवार को कहा, "यह मामला मृत्युदंड योग्य है."

    एफबीआई ने इस हत्या को 'यहूदी समुदाय के विरुद्ध एक आतंकवादी और निर्देशित हिंसा का कृत्य' बताया है.

    पुलिस ने बताया कि बुधवार को स्थानीय समयानुसार रात 9:08 बजे वाशिंगटन डीसी में कैपिटल यहूदी संग्रहालय में एक कार्यक्रम के बाद यारोन लिस्चिंस्की और सारा लिन मिलग्रिम की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    पुलिस ने बताया कि संदिग्ध ने कार्यक्रम से बाहर निकल रहे चार लोगों पर गोली चलाई, इसमें से दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने संदिग्ध की पहचान शिकागो निवासी 30 वर्षीय एलियास रोड्रिगेज़ के रूप में की है.

    उसे गोलीबारी के तुरंत बाद घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए जाते समय उसने 'फ़लस्तीन को आज़ाद करो' के नारे लगाए.

    गुरुवार को अदालत में हुई सुनवाई में संदिग्ध पर आरोप लगाए गए और उसे 18 जून तक हिरासत में भेज दिया गया.

  20. सैन डिएगो विमान हादसे में मेटल बैंड के पूर्व ड्रमर डेनियल विलियम्स के मारे जाने की आशंका

    अमेरिका के सैन डिएगो में गुरुवार की सुबह एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान दुर्घटना में प्रमुख म्यूजिक एजेंट डेव शापिरो की मौत हो गई है.

    शापिरो साउंड टैलेंट ग्रुप के सह संस्थापक थे. वह 'सम 41', 'स्टोरी ऑफ द ईयर' और 'पियर्स द वेल' जैसे रॉक बैंड में शामिल थे.

    इस दुर्घटना में मेटल बैंड 'द डेविल वियर्स प्राडा' के पूर्व ड्रमर डेनियल विलियम्स के भी मारे जाने की आशंका है. मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक़ उन्होंने इसी विमान से सोशल मीडिया पोस्ट किया था.

    विमान दुर्घटना की चपेट में आकर मर्फी कैन्यन में एक घर नष्ट हो गया और आसपास की दस अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है. इससे सड़कों पर जली हुई कारें और उनका मलबा फैल गया है. इसमें आठ अन्य लोग घायल भी हुए हैं.

    साउंड टैलेंट ग्रुप के प्रवक्ता ने बीबीसी को दिए एक बयान में कहा, "हम अपने सह-संस्थापक, सहकर्मियों और मित्रों को खोकर स्तब्ध हैं. हमारी संवेदनाएं उनके परिवारों और आज की त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं."

    विमानन कंपनी ने कहा है कि इस विमान दुर्घटना में उसके तीन कर्मचारी मारे गए हैं. उनके साथ शापिरो भी शामिल हैं. कंपनी ने अन्य की पहचान सार्वजनिक नहीं की है.

    सैन डिएगो के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में कम से कम दो लोग मारे गए हैं, हालांकि दुर्घटना की जांच कर रहे राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने कहा है कि मृतकों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं है.

    अधिकारियों ने मारे गए लोगों में से किसी का नाम जारी नहीं किया है.