You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान

स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ निर्णायक टेस्ट के चौथे दिन की शुरुआत से पहले अपने साथियों को अपने फ़ैसले की जानकारी दी.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, अरशद मिसाल

  1. इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान

    इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ जारी तीसरे टेस्ट मैच के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया है.

    इंग्लैंड के महान ऑलराउंडरों में गिने जाने वाले 35 वर्षीय स्टोक्स नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में गेंदबाज़ी कर रहे थे, तभी एक बयान जारी कर उनके 15 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को समाप्त करने के फ़ैसले की पुष्टि की गई.

    हैरानी की बात यह रही कि रिटायरमेंट की घोषणा सार्वजनिक होने के तुरंत बाद ही स्टोक्स ने अपनी अगली ही गेंद पर जैक फॉल्क्स का विकेट हासिल किया.

    स्टोक्स दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे, क्योंकि वो लंदन के एक नाइटक्लब में हुई एक घटना के कारण टीम से बाहर थे.

    नॉटिंघम में टीम की कप्तानी संभालने से पहले उन्होंने केवल इतना कहा था कि वह "इस सप्ताह" टीम का नेतृत्व करेंगे.

    स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ निर्णायक टेस्ट के चौथे दिन की शुरुआत से पहले अपने साथियों को अपने फ़ैसले की जानकारी दी.

    ड्रेसिंग रूम में भावुक नज़र आए स्टोक्स ने कहा, "संन्यास के कारणों पर बाद में बात होगी, लेकिन मैंने इस टीम, आप लोगों और मुझसे पहले यहां रहे लोगों के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया है. अब मेरे पास देने के लिए बस एक आखिरी प्रयास बचा है."

    स्टोक्स अपना 122वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं. इसके अलावा, वो 114 वनडे (जिसमें 2019 का वर्ल्ड कप जीतना भी शामिल है) और 43 टी20 मैच भी खेल चुके हैं.

  2. आयरलैंड ने भारत को दिया 155 रनों का लक्ष्य, प्रिंस यादव ने लिए तीन विकेट

    आयरलैंड के बेलफ़ास्ट में खेले जा रहे दूसरे टी-20 मैच में आयरलैंड ने भारत को जीत के लिए 155 रनों का लक्ष्य दिया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आयरलैंड की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुक़सान पर 154 रन बनाए.

    आयरलैंड की ओर से सबसे ज़्यादा हैरी टेक्टर ने 53 रन बनाए.

    भारत की ओर से अपने डेब्यू मैच में प्रिंस यादव ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए. वहीं अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे को दो-दो विकेट मिले और हर्षित राणा ने एक विकेट लिया.

    पहले मैच में आयरलैंड ने भारत को हरा दिया था.

  3. सऊदी अरब की तेल कंपनी अरामको का हेलीकॉप्टर क्रैश, कम से कम 14 लोगों की मौत

    सऊदी अरब के पूर्वी तट पर रास तानूरा में रविवार को तेल कंपनी अरामको का हेलीकॉप्टर क्रैश होने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई.

    इस हादसे में मरने वाले सभी सऊदी अरब के नागरिक थे.

    दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है.

    ईरान युद्ध के कारण यहां अरामको ने चार महीने तक काम को बंद किया हुआ था. शुक्रवार से रास तानूरा टर्मिनल पर कच्चे तेल की लोडिंग फिर से शुरू की गई थी.

  4. टी-20 विमेंस वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का किया फ़ैसला

    टी-20 महिला वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया है.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे इस मुक़ाबले को टूर्नामेंट के सबसे अहम मैचों में से एक माना जा रहा है. अगर आज भारतीय टीम मैच हारती है तो वो इस टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

    भारतीय टीम की प्लेइंग 11- स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़

    ऑस्ट्रेलियाई टीम की प्लेइंग 11- बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वॉल, फोबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, फ्रांस में स्काईडाइवर्स को ले जा रहा प्लेन क्रैश, 11 लोगों की मौत

    पूर्वी फ़्रांस के टॉम्ब्लेन शहर में स्काईडाइवर्स को ले जा रहा एक सिविलियन एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया.

    स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में पायलट समेत 11 लोगों की मौत हो गई है.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह विमान एक पैराशूटिंग स्कूल का था और नैंसी-एस्से एयरफील्ड से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    पुलिस ने लोगों से मर्थ-ए-मोसेल डिपार्टमेंट में एयरपोर्ट के आस-पास के इलाक़े से दूर रहने को कहा है.

    फ्रांस के गृह मंत्रालय ने बताया कि गृह मंत्री घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं.

  6. भारत ने दूसरे टी-20 मैच में आयरलैंड के ख़िलाफ़ पहले गेंदबाज़ी का किया फ़ैसला

    आयरलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी-20 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है.

    पहले मैच में आयरलैंड ने भारत को हरा दिया था और वह इस सिरीज़ में 1-0 से आगे है.

    रविवार को भारत की ओर से दो खिलाड़ी प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे डेब्यू कर रहे हैं. इस मैच में भी युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह नहीं मिली है.

    टॉस जीतने के बाद भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “मौसम को देखते हुए हम पहले गेंदबाज़ी करेंगे. कभी भी बारिश हो सकती है, इसलिए हम इसका ज़्यादा से ज़्यादा फायदा उठाना चाहते हैं. मुझे लगता है कि ट्रेंड यह है कि जितनी जल्दी हो सके हालात के हिसाब से ढलना ज़रूरी है.”

  7. कराची में हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को किया ख़ारिज

    कराची में शनिवार रात पाकिस्तान रेंजर्स के सिंध कैंप पर हुए हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए. पाकिस्तानी सेना ने यह भी बताया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर भी मारे गए हैं.

    पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी.

    साथ ही आईएसपीआर ने अपने बयान में लिखा, "क्षेत्र में किसी दूसरे भारतीय प्रायोजित आतंकवाद को समाप्त करने के लिए सैनिटाइजेशन ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं."

    इसके बाद भारत सरकार ने जवाब दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स पर अपना बयान शेयर किया है.

    बयान में कहा गया है, "हमने कराची में हाल ही में हुई घटना के संबंध में भारत पर लगाए गए पाकिस्तानी रिपोर्टों के निराधार आरोप देखे हैं. हम उन्हें स्पष्ट रूप से ख़ारिज करते हैं. दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय, पाकिस्तान को अपने भीतर झांकना चाहिए, अपने क्षेत्र में मौजूद आतंकवादी ढांचे के ख़िलाफ़ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए और आतंकवाद को राज्य नीति के एक साधन के रूप में अपनाने की अपनी प्रवृत्ति से खुद को मुक्त करना चाहिए."

  8. अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामला: अखिलेश यादव बोले, 'बीजेपी के शब्दकोश में न धर्म है, न शर्म'

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी मामले पर एक बार फिर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

    प्रयागराज में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के शब्दकोश में न धर्म है, न शर्म. इनके लिए प्राथमिकता धर्म नहीं, धन है. इनके लिए 'नेशन फ़र्स्ट' नहीं, बल्कि 'डोनेशन फ़र्स्ट' है.”

    उन्होंने आगे कहा, “क्या कोई कल्पना कर सकता था कि श्रद्धा और आस्था के साथ इतना बड़ा खिलवाड़ होगा? इनकी चतुराई है, चालबाज़ी है. सीसीटीवी फुटेज है जिससे पता चलता है कि कैमरे कितनी बार बंद किए गए. इसके आंकड़े भी सामने आए हैं. अब और क्या बताया जाए.”

  9. सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू, अभिजीत दीपके ने पुलिस पर लगाए ये आरोप

    सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर रविवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है.

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) नीट-यूजी पेपर लीक मामले पर देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग कर रही है. यह भूख हड़ताल भी इसी प्रदर्शन का हिस्सा है.

    सीजेपी के मुताबिक, ये भूख हड़ताल तब तक चलेगी जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं दे देते.

    सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल पर बैठने के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है.

    अभिजीत दीपके ने एक्स पर लिखा, "सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर साफ़-सफ़ाई की सुविधाएं बंद कर दी हैं. वहां पानी का कनेक्शन और साफ़-सफ़ाई का कोई इंतज़ाम नहीं है."

    "बार-बार गुहार लगाने और वांगचुक जी की उम्र और सेहत से जुड़ी चिंताओं के बारे में बताने के बावजूद, पुलिस सहयोग नहीं कर रही है. हमें आशंका है कि ऐसी ही दूसरी बुनियादी सुविधाएं भी बंद कर दी जाएंगी. पुलिस क्या करने की कोशिश कर रही है?"

  10. अखिलेश यादव के अयोध्या वाले बयान पर योगी आदित्यनाथ ने दिया जवाब

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में एक सभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "मैं कल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का बयान पढ़ रहा था. उन्होंने कहा है कि वे सरकार में आएंगे तो अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे."

    "आप क्या धार्मिक नगरी बनाएंगे, आप अपना इतिहास देखिए. राम भक्तों पर गोली आपके लोगों ने ही चलाई थी. आपकी सरकार ने ही गोली चलवाई थी."

    "अभी हमारे जनप्रतिनिधि कह रहे थे कि हाथरस में 22 से ज़्यादा मंदिरों का सौंदर्यीकरण हुआ. क्या यह समाजवादी पार्टी के समय में संभव था? उस समय संभव नहीं था क्योंकि उस समय पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के लिए जाता था और उसी को हमने मंदिरों की ओर डायवर्ट किया है."

    अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था, "हम धर्मनिष्ठता और सत्यनिष्ठता के साथ ये संकल्प लेते हैं कि नई सरकार बनाकर ‘अयोध्या’ को एक ऐसी अनुपम-अनुकरणीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करेंगे, जहाँ दुनिया भर से आए श्रद्धालु सच्ची आध्यात्मिकता का अद्वितीय अनुभव करेंगे."

    इसी बयान के जवाब में योगी आदित्यनाथ ने कहा, "अखिलेश जी, अयोध्या को तो राम भक्तों ने सजा और संवार दिया है. आप उसकी चिंता मत करिए, पश्चाताप कीजिए. और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, इससे आपको एक बार फिर सद्बुद्धि आएगी."

  11. सीएम भगवंत मान बोले, 'हमारे विधायक अकाल तख़्त साहिब के सामने अपना पक्ष रखेंगे'

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को अमृतसर में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया कि उनके विधायक और मंत्री सोमवार को अकाल तख़्त साहिब के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे.

    इस प्रेस कॉन्फ़्रेस में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे.

    भगवंत मान ने कहा, "हमारे विधायकों और मंत्रियों को कल श्री अकाल तख़्त साहिब में पेश होकर सर्वोच्च धार्मिक प्राधिकरण के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है. जिन-जिन विधायकों और मंत्रियों को तलब किया गया है, वे सभी वहां उपस्थित होंगे."

    दरअसल, अकाल तख़्त ने पंजाब कैबिनेट और सभी पार्टियों के सिख विधायकों को 29 जून को पेश होने के लिए बुलाया है. उनसे यह जवाब मांगा गया है कि सिखों के धार्मिक मामलों से जुड़ा कानून उनसे सलाह किए बिना कैसे पास कर दिया गया.

    भगवंत मान ने आगे कहा, "हम श्री अकाल तख़्त साहिब की सर्वोच्चता को सर्वोपरि मानते हैं. जब मुझे पहले बुलाया गया था, तब मैंने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को छोड़कर श्री अकाल तख़्त साहिब में मत्था टेकने और वहां उपस्थित होने का निर्णय लिया था."

    "कल हमारे सभी विधायक अपना पक्ष वहां रखेंगे. इसके बाद जो भी निर्णय या घटनाक्रम होगा, उसकी जानकारी आपको हमारे विधायक और मंत्री वहां से बाहर निकलने के बाद दे देंगे. हमारे सभी विधायक और मंत्री दिए गए निर्देशों के अनुसार उपस्थित होंगे. कुछ मंत्रियों से केवल लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है और वे नियमानुसार अपना लिखित जवाब सौंपेंगे."

    जिस कानून की बात हो रही है, वो 'जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) बिल, 2026' है. इसे पंजाब विधानसभा ने 13 अप्रैल को पास किया था और कुछ ही दिनों में इसे गवर्नर की मंज़ूरी भी मिल गई थी.

  12. ममता बनर्जी के ख़ेमे ने टीएमसी के बाग़ी विधायकों के ख़िलाफ़ पुलिस में की शिकायत, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बाग़ी गुट पर पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह की आड़ में कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है.

    इन आरोपों को लेकर ममता ख़ेमे की ओर से सांसद डोला सेन ने कोलकाता के कालीघाट और न्यू टाउन थाने में शिकायत दर्ज की है.

    इसमें ऋतब्रत बनर्जी के अलावा जावेद ख़ान, संदीपन साहा और विप्लव मित्र के नामों का ज़िक्र है. ममता के क़रीबी टीएमसी के एक नेता ने इसकी जानकारी दी.

    दूसरी ओर, बाग़ी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने पत्रकारों से कहा कि कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है. लेकिन देश में क़ानून और चुनाव आयोग नाम की चीज़ भी है, जिन पर उनका भरोसा है.

    ऋतब्रत गुट ने बीते 22 जून को न्यू टाउन इलाक़े में तृणमूल का एक विशेष अधिवेशन बुलाकर एक नई राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया था. उसमें ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को जगह नहीं दी गई थी.

    ममता ख़ेमे ने बाग़ी गुट के अधिकारों पर सवाल उठाया है. एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि ऋतब्रत ने विधानसभा अध्यक्ष को बीते सोमवार को भेजे एक पत्र में ख़ुद को पार्टी का महासचिव बताया है. लेकिन पार्टी ने उनको ऐसा कोई पद नहीं दिया है.

    डोला सेन ने दोनों थानों में भेजी अपनी शिकायत में कहा है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गुमराह करने के लिए ही ऋतब्रत के नेतृत्व में अवैध रूप से समानांतर संगठन चलाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही तृणमूल कांग्रेस की छवि ख़राब करने का प्रयास किया जा रहा है.

    उन्होंने पुलिस से इस पत्र के आधार पर एफ़आईआर दर्ज कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करने की मांग की है.

    सेन का आरोप है कि पार्टी के नाम का इस्तेमाल कर अवैध काम भी किए जा रहे हैं. हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

  13. अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. कैलाश मानसरोवर की यात्रा करने गए भारतीय नेपाल में फंसे, विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवाइज़री

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने निजी टूर ऑपरेटर्स की मदद से कैलाश मानसरोवर की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    इसमें विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उसे ऐसे कई भारतीय नागरिकों से मदद और सहायता के अनुरोध प्राप्त हुए हैं, जो निजी टूर ऑपरेटर्स की ओर से आयोजित कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान नेपाल में फंस गए हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक़, ये लोग चीन में प्रवेश के लिए ज़रूरी परमिट और वीज़ा के बिना यात्रा करने के कारण नेपाल में फंस गए हैं.

    विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे ज़रूरी दस्तावेज़ के बिना कैलाश मानसरोवर की यात्रा शुरू न करें.

    इसके अलावा विदेश मंत्रालय ने यात्रियों से टूर ऑपरेटर्स के वैरिफ़िकेशन की सलाह भी दी है.

  15. ईरान के सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय का आया बयान

    ईरान के सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी सेना के ताज़ा हमलों के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी हमलों की निंदा की है और 'ईरान की संप्रभुता की रक्षा के अधिकार' पर ज़ोर दिया.

    विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी हमलों को युद्धविराम समझौते का 'स्पष्ट उल्लंघन' बताया है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने 27 जुलाई की सुबह हुए अमेरिकी सैन्य हवाई हमलों की निंदा करते हुए लिखा, "अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताओं को जरा भी महत्व नहीं देता और वादे तोड़ना उनकी नेचर का हिस्सा है."

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने रविवार को बताया कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट के नज़दीक ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं.

    अमेरिकी सेना ने आरोप लगाया कि ईरान ने पनामा के झंडे वाले एक तेल टैंकर को निशाना बनाया, जिसके बाद अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए.

  16. कराची में रेंजर्स कैंप पर हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए, पाकिस्तानी सेना ने क्या बताया

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना ने पुष्टि की है कि शनिवार रात कराची में पाकिस्तान रेंजर्स सिंध कैंप पर हुए हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं.

    सेना ने यह भी बताया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर भी मारे गए हैं.

    पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान एक हमलावर को घायल अवस्था में गिरफ़्तार किया गया है. यह हमलावर एक अफ़ग़ान नागरिक है.

    शनिवार रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाक़े में रेंजर्स कार्यालय के पास धमाका और गोलीबारी हुई थी.

    यह घटना गुलिस्तान-ए-जौहर के ब्लॉक पांच में स्थित रेंजर्स भवन के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बीबीसी को बताया कि पहले एक धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई.

    चरमपंथी संगठन जमात-उल-अहरार से जुड़े एक समूह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

  17. वेनेज़ुएला में भूकंप से मौत का आंकड़ा बढ़ा, अब तक 1430 लोगों के मारे जाने की पुष्टि, निकोल कोलस्टर और एलिसिया हेर्नांदेज़, बीबीसी न्यूज़ मुंडो, ला गुएरा, वेनेज़ुएला और लंदन

    वेनेज़ुएला में बुधवार को आए दो तेज़ भूकंपों में अब तक कम से कम 1,430 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

    अब भी लोग अपने प्रियजनों और सामान की तलाश में बेताबी से मलबा खंगाल रहे हैं. वे किसी भी ऐसी आवाज़ को सुनने की कोशिश कर रहे हैं जो यह संकेत दे सके कि कंक्रीट और लोहे के मलबे के नीचे कोई व्यक्ति ज़िंदा फंसा हुआ है.

    बुधवार को वेनेज़ुएला में चंद सेकेंड के अंदर लगातार दो भूकंप आए. इनमें से एक 7.5 तीव्रता का भूकंप पिछले एक सदी में देश में दर्ज सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक था.

    इन भूकंपों से देश की राजधानी काराकास के नज़दीक स्थित तटीय राज्य ला गुआइरा सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में से एक है.

    मृतकों और घायलों की संख्या हर घंटे बढ़ रही है. संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि क़रीब 50,000 लोग लापता हैं.

    देश में बचाव दलों की संख्या सीमित है, हालांकि मेक्सिको, स्पेन, अमेरिका और ब्रिटेन से अंतरराष्ट्रीय बचावकर्मी राहत और बचाव अभियान में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं. लेकिन यह अब भी काफ़ी नहीं है.

  18. ईरान फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप से हुआ बाहर, जॉर्डन के ख़िलाफ़ मेसी ने बनाया यह रिकॉर्ड

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया का मैच 3-3 से ड्रॉ पर ख़त्म हुआ. इसी के साथ ईरान के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीद समाप्त हो गई.

    अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया ग्रुप-जे में हैं.

    ग्रुप-जे के एक अन्य मुक़ाबले में अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हरा दिया.

    अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने इस मैच में एक गोल करके एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के लगातार सात मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.

  19. महिला टी-20 वर्ल्ड कप: अब तक ये टीमें सेमीफ़ाइनल में पहुंचीं, भारत का मैच आज

    आईसीसी विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लीग मुक़ाबले में इंग्लैड ने मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड को हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की कर ली है.

    इंग्लैंड की टीम ने न्यूज़ीलैंड को नौ विकेट से हराया है. इंग्लिश बैटर डैनी वायट हॉज ने 53 गेदों पर 89 रन की पारी खेली. वह नॉटआउट रहीं.

    मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड इस हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. इंग्लैंड की टीम ग्रुप-बी में पांचों मैच जीतकर शीर्ष पर है.

    ग्रुप-बी के एक अन्य मुक़ाबले में वेस्ट इंडीज़ ने श्रीलंका को पांच विकेट से हरा दिया है. इसी के साथ वेस्ट इंडीज़ ने भी सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की कर ली है.

    ग्रुप-बी में वेस्ट इंडीज़ और श्रीलंका ने पांच मैचों में तीन-तीन मैच जीते हैं और दोनों ही टीमों के छह-छह अंक हैं. ऐसे में नेट रनरेट के आधार पर वेस्ट इंडीज़ को सेमीफ़ाइनल में जगह मिली.

    वहीं, ग्रुप-ए के आख़िरी दो लीग मैच रविवार को होने हैं. भारतीय टीम का मुक़ाबला ग्रुप की टॉप टीम ऑस्ट्रेलिया से आज शाम सात बजे से होगा, जबकि दक्षिण अफ़्रीकी टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी.

    ऑस्ट्रेलिया का सेमीफ़ाइनल में जाना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि भारत और दक्षिण अफ़्रीका में से कोई एक टीम ही सेमीफ़ाइनल में जाएगी.

  20. अमेरिकी सेना ने ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया

    अमेरिकी सेना ने अपने ताज़ा बयान में दावा किया है कि उसके लड़ाकू विमानों ने होर्मुज़ स्ट्रेट के नज़दीक स्थित ईरान के क़रीब 10 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक्स पर बताया, "ईरान की ओर से एम/टी किकू पर किए गए ड्रोन हमले के जवाब में अमेरिकी नौसेना और वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने शनिवार रात होर्मुज़ स्ट्रेट और उसके आसपास कई स्थानों पर ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले किए."

    सेंटकॉम ने इस बयान के साथ एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें रात के अंधेरे में धमाके होते दिख रहे हैं.

    इससे पहले एक अन्य बयान में सेंटकॉम ने बताया था कि उसने ईरान पर ताज़ा हमले किए हैं. सेंटकॉम ने कहा था कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से पनामा के झंडे वाले एम/टी किकू जहाज़ पर हमले के बाद की गई.

    उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इन हमलों की पुष्टि की और ईरान को चेतावनी दी कि अगर वह युद्धविराम का उल्लंघन करता रहेगा तो उसका 'अस्तित्व ख़त्म कर दिया जाएगा'.