You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, फ्रांस में स्काईडाइवर्स को ले जा रहा प्लेन क्रैश, 11 लोगों की मौत

स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह विमान एक पैराशूटिंग स्कूल का था और नैंसी-एस्से एयरफील्ड से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, अरशद मिसाल

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, फ्रांस में स्काईडाइवर्स को ले जा रहा प्लेन क्रैश, 11 लोगों की मौत

    पूर्वी फ़्रांस के टॉम्ब्लेन शहर में स्काईडाइवर्स को ले जा रहा एक सिविलियन एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया.

    स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में पायलट समेत 11 लोगों की मौत हो गई है.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह विमान एक पैराशूटिंग स्कूल का था और नैंसी-एस्से एयरफील्ड से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    पुलिस ने लोगों से मर्थ-ए-मोसेल डिपार्टमेंट में एयरपोर्ट के आस-पास के इलाक़े से दूर रहने को कहा है.

    फ्रांस के गृह मंत्रालय ने बताया कि गृह मंत्री घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं.

  2. भारत ने दूसरे टी-20 मैच में आयरलैंड के ख़िलाफ़ पहले गेंदबाज़ी का किया फ़ैसला

    आयरलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी-20 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है.

    पहले मैच में आयरलैंड ने भारत को हरा दिया था और वह इस सिरीज़ में 1-0 से आगे है.

    रविवार को भारत की ओर से दो खिलाड़ी प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे डेब्यू कर रहे हैं. इस मैच में भी युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह नहीं मिली है.

    टॉस जीतने के बाद भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “मौसम को देखते हुए हम पहले गेंदबाज़ी करेंगे. कभी भी बारिश हो सकती है, इसलिए हम इसका ज़्यादा से ज़्यादा फायदा उठाना चाहते हैं. मुझे लगता है कि ट्रेंड यह है कि जितनी जल्दी हो सके हालात के हिसाब से ढलना ज़रूरी है.”

  3. कराची में हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को किया ख़ारिज

    कराची में शनिवार रात पाकिस्तान रेंजर्स के सिंध कैंप पर हुए हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए. पाकिस्तानी सेना ने यह भी बताया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर भी मारे गए हैं.

    पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी.

    साथ ही आईएसपीआर ने अपने बयान में लिखा, "क्षेत्र में किसी दूसरे भारतीय प्रायोजित आतंकवाद को समाप्त करने के लिए सैनिटाइजेशन ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं."

    इसके बाद भारत सरकार ने जवाब दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स पर अपना बयान शेयर किया है.

    बयान में कहा गया है, "हमने कराची में हाल ही में हुई घटना के संबंध में भारत पर लगाए गए पाकिस्तानी रिपोर्टों के निराधार आरोप देखे हैं. हम उन्हें स्पष्ट रूप से ख़ारिज करते हैं. दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय, पाकिस्तान को अपने भीतर झांकना चाहिए, अपने क्षेत्र में मौजूद आतंकवादी ढांचे के ख़िलाफ़ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए और आतंकवाद को राज्य नीति के एक साधन के रूप में अपनाने की अपनी प्रवृत्ति से खुद को मुक्त करना चाहिए."

  4. अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामला: अखिलेश यादव बोले, 'बीजेपी के शब्दकोश में न धर्म है, न शर्म'

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी मामले पर एक बार फिर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

    प्रयागराज में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के शब्दकोश में न धर्म है, न शर्म. इनके लिए प्राथमिकता धर्म नहीं, धन है. इनके लिए 'नेशन फ़र्स्ट' नहीं, बल्कि 'डोनेशन फ़र्स्ट' है.”

    उन्होंने आगे कहा, “क्या कोई कल्पना कर सकता था कि श्रद्धा और आस्था के साथ इतना बड़ा खिलवाड़ होगा? इनकी चतुराई है, चालबाज़ी है. सीसीटीवी फुटेज है जिससे पता चलता है कि कैमरे कितनी बार बंद किए गए. इसके आंकड़े भी सामने आए हैं. अब और क्या बताया जाए.”

  5. सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू, अभिजीत दीपके ने पुलिस पर लगाए ये आरोप

    सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर रविवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है.

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) नीट-यूजी पेपर लीक मामले पर देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग कर रही है. यह भूख हड़ताल भी इसी प्रदर्शन का हिस्सा है.

    सीजेपी के मुताबिक, ये भूख हड़ताल तब तक चलेगी जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं दे देते.

    सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल पर बैठने के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है.

    अभिजीत दीपके ने एक्स पर लिखा, "सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर साफ़-सफ़ाई की सुविधाएं बंद कर दी हैं. वहां पानी का कनेक्शन और साफ़-सफ़ाई का कोई इंतज़ाम नहीं है."

    "बार-बार गुहार लगाने और वांगचुक जी की उम्र और सेहत से जुड़ी चिंताओं के बारे में बताने के बावजूद, पुलिस सहयोग नहीं कर रही है. हमें आशंका है कि ऐसी ही दूसरी बुनियादी सुविधाएं भी बंद कर दी जाएंगी. पुलिस क्या करने की कोशिश कर रही है?"

  6. अखिलेश यादव के अयोध्या वाले बयान पर योगी आदित्यनाथ ने दिया जवाब

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में एक सभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "मैं कल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का बयान पढ़ रहा था. उन्होंने कहा है कि वे सरकार में आएंगे तो अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे."

    "आप क्या धार्मिक नगरी बनाएंगे, आप अपना इतिहास देखिए. राम भक्तों पर गोली आपके लोगों ने ही चलाई थी. आपकी सरकार ने ही गोली चलवाई थी."

    "अभी हमारे जनप्रतिनिधि कह रहे थे कि हाथरस में 22 से ज़्यादा मंदिरों का सौंदर्यीकरण हुआ. क्या यह समाजवादी पार्टी के समय में संभव था? उस समय संभव नहीं था क्योंकि उस समय पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के लिए जाता था और उसी को हमने मंदिरों की ओर डायवर्ट किया है."

    अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था, "हम धर्मनिष्ठता और सत्यनिष्ठता के साथ ये संकल्प लेते हैं कि नई सरकार बनाकर ‘अयोध्या’ को एक ऐसी अनुपम-अनुकरणीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करेंगे, जहाँ दुनिया भर से आए श्रद्धालु सच्ची आध्यात्मिकता का अद्वितीय अनुभव करेंगे."

    इसी बयान के जवाब में योगी आदित्यनाथ ने कहा, "अखिलेश जी, अयोध्या को तो राम भक्तों ने सजा और संवार दिया है. आप उसकी चिंता मत करिए, पश्चाताप कीजिए. और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, इससे आपको एक बार फिर सद्बुद्धि आएगी."

  7. सीएम भगवंत मान बोले, 'हमारे विधायक अकाल तख़्त साहिब के सामने अपना पक्ष रखेंगे'

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को अमृतसर में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया कि उनके विधायक और मंत्री सोमवार को अकाल तख़्त साहिब के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे.

    इस प्रेस कॉन्फ़्रेस में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे.

    भगवंत मान ने कहा, "हमारे विधायकों और मंत्रियों को कल श्री अकाल तख़्त साहिब में पेश होकर सर्वोच्च धार्मिक प्राधिकरण के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है. जिन-जिन विधायकों और मंत्रियों को तलब किया गया है, वे सभी वहां उपस्थित होंगे."

    दरअसल, अकाल तख़्त ने पंजाब कैबिनेट और सभी पार्टियों के सिख विधायकों को 29 जून को पेश होने के लिए बुलाया है. उनसे यह जवाब मांगा गया है कि सिखों के धार्मिक मामलों से जुड़ा कानून उनसे सलाह किए बिना कैसे पास कर दिया गया.

    भगवंत मान ने आगे कहा, "हम श्री अकाल तख़्त साहिब की सर्वोच्चता को सर्वोपरि मानते हैं. जब मुझे पहले बुलाया गया था, तब मैंने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को छोड़कर श्री अकाल तख़्त साहिब में मत्था टेकने और वहां उपस्थित होने का निर्णय लिया था."

    "कल हमारे सभी विधायक अपना पक्ष वहां रखेंगे. इसके बाद जो भी निर्णय या घटनाक्रम होगा, उसकी जानकारी आपको हमारे विधायक और मंत्री वहां से बाहर निकलने के बाद दे देंगे. हमारे सभी विधायक और मंत्री दिए गए निर्देशों के अनुसार उपस्थित होंगे. कुछ मंत्रियों से केवल लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है और वे नियमानुसार अपना लिखित जवाब सौंपेंगे."

    जिस कानून की बात हो रही है, वो 'जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) बिल, 2026' है. इसे पंजाब विधानसभा ने 13 अप्रैल को पास किया था और कुछ ही दिनों में इसे गवर्नर की मंज़ूरी भी मिल गई थी.

  8. ममता बनर्जी के ख़ेमे ने टीएमसी के बाग़ी विधायकों के ख़िलाफ़ पुलिस में की शिकायत, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बाग़ी गुट पर पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह की आड़ में कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है.

    इन आरोपों को लेकर ममता ख़ेमे की ओर से सांसद डोला सेन ने कोलकाता के कालीघाट और न्यू टाउन थाने में शिकायत दर्ज की है.

    इसमें ऋतब्रत बनर्जी के अलावा जावेद ख़ान, संदीपन साहा और विप्लव मित्र के नामों का ज़िक्र है. ममता के क़रीबी टीएमसी के एक नेता ने इसकी जानकारी दी.

    दूसरी ओर, बाग़ी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने पत्रकारों से कहा कि कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है. लेकिन देश में क़ानून और चुनाव आयोग नाम की चीज़ भी है, जिन पर उनका भरोसा है.

    ऋतब्रत गुट ने बीते 22 जून को न्यू टाउन इलाक़े में तृणमूल का एक विशेष अधिवेशन बुलाकर एक नई राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया था. उसमें ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को जगह नहीं दी गई थी.

    ममता ख़ेमे ने बाग़ी गुट के अधिकारों पर सवाल उठाया है. एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि ऋतब्रत ने विधानसभा अध्यक्ष को बीते सोमवार को भेजे एक पत्र में ख़ुद को पार्टी का महासचिव बताया है. लेकिन पार्टी ने उनको ऐसा कोई पद नहीं दिया है.

    डोला सेन ने दोनों थानों में भेजी अपनी शिकायत में कहा है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गुमराह करने के लिए ही ऋतब्रत के नेतृत्व में अवैध रूप से समानांतर संगठन चलाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही तृणमूल कांग्रेस की छवि ख़राब करने का प्रयास किया जा रहा है.

    उन्होंने पुलिस से इस पत्र के आधार पर एफ़आईआर दर्ज कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करने की मांग की है.

    सेन का आरोप है कि पार्टी के नाम का इस्तेमाल कर अवैध काम भी किए जा रहे हैं. हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

  9. अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  10. कैलाश मानसरोवर की यात्रा करने गए भारतीय नेपाल में फंसे, विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवाइज़री

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने निजी टूर ऑपरेटर्स की मदद से कैलाश मानसरोवर की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    इसमें विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उसे ऐसे कई भारतीय नागरिकों से मदद और सहायता के अनुरोध प्राप्त हुए हैं, जो निजी टूर ऑपरेटर्स की ओर से आयोजित कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान नेपाल में फंस गए हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक़, ये लोग चीन में प्रवेश के लिए ज़रूरी परमिट और वीज़ा के बिना यात्रा करने के कारण नेपाल में फंस गए हैं.

    विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे ज़रूरी दस्तावेज़ के बिना कैलाश मानसरोवर की यात्रा शुरू न करें.

    इसके अलावा विदेश मंत्रालय ने यात्रियों से टूर ऑपरेटर्स के वैरिफ़िकेशन की सलाह भी दी है.

  11. ईरान के सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय का आया बयान

    ईरान के सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी सेना के ताज़ा हमलों के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी हमलों की निंदा की है और 'ईरान की संप्रभुता की रक्षा के अधिकार' पर ज़ोर दिया.

    विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी हमलों को युद्धविराम समझौते का 'स्पष्ट उल्लंघन' बताया है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने 27 जुलाई की सुबह हुए अमेरिकी सैन्य हवाई हमलों की निंदा करते हुए लिखा, "अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताओं को जरा भी महत्व नहीं देता और वादे तोड़ना उनकी नेचर का हिस्सा है."

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने रविवार को बताया कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट के नज़दीक ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं.

    अमेरिकी सेना ने आरोप लगाया कि ईरान ने पनामा के झंडे वाले एक तेल टैंकर को निशाना बनाया, जिसके बाद अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए.

  12. कराची में रेंजर्स कैंप पर हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए, पाकिस्तानी सेना ने क्या बताया

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना ने पुष्टि की है कि शनिवार रात कराची में पाकिस्तान रेंजर्स सिंध कैंप पर हुए हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं.

    सेना ने यह भी बताया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर भी मारे गए हैं.

    पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान एक हमलावर को घायल अवस्था में गिरफ़्तार किया गया है. यह हमलावर एक अफ़ग़ान नागरिक है.

    शनिवार रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाक़े में रेंजर्स कार्यालय के पास धमाका और गोलीबारी हुई थी.

    यह घटना गुलिस्तान-ए-जौहर के ब्लॉक पांच में स्थित रेंजर्स भवन के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बीबीसी को बताया कि पहले एक धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई.

    चरमपंथी संगठन जमात-उल-अहरार से जुड़े एक समूह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

  13. वेनेज़ुएला में भूकंप से मौत का आंकड़ा बढ़ा, अब तक 1430 लोगों के मारे जाने की पुष्टि, निकोल कोलस्टर और एलिसिया हेर्नांदेज़, बीबीसी न्यूज़ मुंडो, ला गुएरा, वेनेज़ुएला और लंदन

    वेनेज़ुएला में बुधवार को आए दो तेज़ भूकंपों में अब तक कम से कम 1,430 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

    अब भी लोग अपने प्रियजनों और सामान की तलाश में बेताबी से मलबा खंगाल रहे हैं. वे किसी भी ऐसी आवाज़ को सुनने की कोशिश कर रहे हैं जो यह संकेत दे सके कि कंक्रीट और लोहे के मलबे के नीचे कोई व्यक्ति ज़िंदा फंसा हुआ है.

    बुधवार को वेनेज़ुएला में चंद सेकेंड के अंदर लगातार दो भूकंप आए. इनमें से एक 7.5 तीव्रता का भूकंप पिछले एक सदी में देश में दर्ज सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक था.

    इन भूकंपों से देश की राजधानी काराकास के नज़दीक स्थित तटीय राज्य ला गुआइरा सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में से एक है.

    मृतकों और घायलों की संख्या हर घंटे बढ़ रही है. संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि क़रीब 50,000 लोग लापता हैं.

    देश में बचाव दलों की संख्या सीमित है, हालांकि मेक्सिको, स्पेन, अमेरिका और ब्रिटेन से अंतरराष्ट्रीय बचावकर्मी राहत और बचाव अभियान में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं. लेकिन यह अब भी काफ़ी नहीं है.

  14. ईरान फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप से हुआ बाहर, जॉर्डन के ख़िलाफ़ मेसी ने बनाया यह रिकॉर्ड

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया का मैच 3-3 से ड्रॉ पर ख़त्म हुआ. इसी के साथ ईरान के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीद समाप्त हो गई.

    अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया ग्रुप-जे में हैं.

    ग्रुप-जे के एक अन्य मुक़ाबले में अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हरा दिया.

    अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने इस मैच में एक गोल करके एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के लगातार सात मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.

  15. महिला टी-20 वर्ल्ड कप: अब तक ये टीमें सेमीफ़ाइनल में पहुंचीं, भारत का मैच आज

    आईसीसी विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लीग मुक़ाबले में इंग्लैड ने मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड को हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की कर ली है.

    इंग्लैंड की टीम ने न्यूज़ीलैंड को नौ विकेट से हराया है. इंग्लिश बैटर डैनी वायट हॉज ने 53 गेदों पर 89 रन की पारी खेली. वह नॉटआउट रहीं.

    मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड इस हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. इंग्लैंड की टीम ग्रुप-बी में पांचों मैच जीतकर शीर्ष पर है.

    ग्रुप-बी के एक अन्य मुक़ाबले में वेस्ट इंडीज़ ने श्रीलंका को पांच विकेट से हरा दिया है. इसी के साथ वेस्ट इंडीज़ ने भी सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की कर ली है.

    ग्रुप-बी में वेस्ट इंडीज़ और श्रीलंका ने पांच मैचों में तीन-तीन मैच जीते हैं और दोनों ही टीमों के छह-छह अंक हैं. ऐसे में नेट रनरेट के आधार पर वेस्ट इंडीज़ को सेमीफ़ाइनल में जगह मिली.

    वहीं, ग्रुप-ए के आख़िरी दो लीग मैच रविवार को होने हैं. भारतीय टीम का मुक़ाबला ग्रुप की टॉप टीम ऑस्ट्रेलिया से आज शाम सात बजे से होगा, जबकि दक्षिण अफ़्रीकी टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी.

    ऑस्ट्रेलिया का सेमीफ़ाइनल में जाना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि भारत और दक्षिण अफ़्रीका में से कोई एक टीम ही सेमीफ़ाइनल में जाएगी.

  16. अमेरिकी सेना ने ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया

    अमेरिकी सेना ने अपने ताज़ा बयान में दावा किया है कि उसके लड़ाकू विमानों ने होर्मुज़ स्ट्रेट के नज़दीक स्थित ईरान के क़रीब 10 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक्स पर बताया, "ईरान की ओर से एम/टी किकू पर किए गए ड्रोन हमले के जवाब में अमेरिकी नौसेना और वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने शनिवार रात होर्मुज़ स्ट्रेट और उसके आसपास कई स्थानों पर ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले किए."

    सेंटकॉम ने इस बयान के साथ एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें रात के अंधेरे में धमाके होते दिख रहे हैं.

    इससे पहले एक अन्य बयान में सेंटकॉम ने बताया था कि उसने ईरान पर ताज़ा हमले किए हैं. सेंटकॉम ने कहा था कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से पनामा के झंडे वाले एम/टी किकू जहाज़ पर हमले के बाद की गई.

    उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इन हमलों की पुष्टि की और ईरान को चेतावनी दी कि अगर वह युद्धविराम का उल्लंघन करता रहेगा तो उसका 'अस्तित्व ख़त्म कर दिया जाएगा'.

  17. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: कोलंबिया ने पुर्तगाल को ड्रॉ पर रोका, इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराया

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के एक ग्रुप स्टेज मुक़ाबले में कोलंबिया ने पुर्तगाल को ड्रॉ पर रोक दिया है. इसी के साथ कोलंबिया ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर ग्रुप स्टेज मुक़ाबले ख़त्म किए.

    ग्रुप-के में पुर्तगाल ने दूसरे नंबर पर ख़त्म किया है.

    इस मैच में कोलंबिया के डेविन्सन सांचेज़ ने एक गोल मारा, जो कि उनकी टीम के लिए संभावित विजयी गोल हो सकता था. लेकिन मामूली ऑफ़साइड फ़ैसले के कारण उनके गोल को मान्यता नहीं मिली.

    ग्रुप-के के एक अन्य मुक़ाबले में कांगो डीआर ने उज़्बेकिस्तान को 3-1 से हराया.

    वहीं, ग्रुप-एल के मुक़ाबलों में इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराया, जबकि क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से मात दी.

    इंग्लैंड ने इस जीत के साथ ही अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए ग्रुप स्टेज़ ख़त्म किया.

  18. ईरान ने कुवैत और बहरीन स्थित इन अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने कहा है कि उसने रविवार सुबह 'कुवैत स्थित अली अल-सलेम एयरबेस और बहरीन में अमेरिका के पांचवें बेड़े के मुख्यालय से संबंधित आठ ठिकानों को निशाना बनाया' है.

    आईआरजीसी के मुताबिक़, उसने ये हमले एक संयुक्त अभियान के तहत किए. इस दौरान 'बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन' दागे गए.

    बयान में दावा किया गया है कि ये हमले हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में किए गए. अमेरिकी अधिकारियों ने अब तक किसी भी नुक़सान या हताहतों के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है.

    आईआरजीसी का यह भी कहना है कि अमेरिका ने पहले आईआरजीसी नौसेना और एक जहाज़ का आमना-सामना होने के बहाने ईरान की पांच तटीय चौकियों पर हमला किया था.

    बयान में इस बात पर ज़ोर दिया गया कि इस्लामाबाद समझौते के आधार पर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में यातायात को नियंत्रित करने के लिए ज़िम्मेदार है और आईआरजीसी अब से उन जहाज़ों के ख़िलाफ़ अधिक कठोर कार्रवाई करेगा जिन्हें वह 'उल्लंघनकर्ता' मानता है.

    आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि युद्धविराम का उल्लंघन करने से इस्लामाबाद समझौते की आगे की प्रक्रियाएं रुक सकती हैं.

    इससे पहले बीबीसी फ़ारसी सेवा ने रिपोर्ट किया कि कुवैत की सेना ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की पुष्टि की है.

    कुवैती सेना के जनरल स्टाफ़ ने कहा कि देश के एयर डिफ़ेंस सिस्टम 'दुश्मन' मिसाइल और ड्रोन हमलों का मुक़ाबला कर रहे हैं.

  19. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नष्ट करने की नई धमकी दी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर युद्धविराम का उल्लंघन जारी रहा तो 'ईरान का अस्तित्व मिट जाएगा'.

    ट्रंप की यह धमकी ईरान पर अमेरिका के ताज़ा हमलों के बाद आई है. अमेरिकी सेना ने दावा किया कि ईरान ने पनामा के झंडे वाले एक तेल टैंकर को निशाना बनाया, जिसके बाद उसने ईरान पर हमले किए.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा, "युद्धविराम समझौते का फिर से उल्लंघन करने पर अमेरिकी विमानों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज ठिकानों और रडार ठिकानों पर हमले किए हैं."

    उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह संभव है कि वे कभी सबक न सीखें. ऐसा समय आ सकता है जब हम उचित रवैया अपनाने की स्थिति में नहीं रहेंगे और हमें उस काम को सैन्य बल से पूरा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा जिसकी शुरुआत हमने बहुत सफलतापूर्वक की थी."

    "अगर ऐसा हुआ, तो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान अस्तित्व में नहीं रहेगा."

  20. अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हमला, बताई ये वजह

    होर्मुज़ स्ट्रेट में पनामा के झंडे वाले जहाज़ पर शनिवार को ड्रोन हमले के बाद अमेरिका ने ईरान पर नए हमले किए हैं.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाया. यह कार्रवाई कारोबारी जहाज़ों के ख़िलाफ़ 'लगातार आक्रामक गतिविधियों' के सीधे जवाब में की गई.

    सेंटकॉम ने जिन ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही, उनमें सैन्य साजो-सामान, कम्युनिकेशन सिस्टम, एयर डिफ़ेंस और ड्रोन स्टोरेज से जुड़े ठिकाने शामिल थे.

    सेंटकॉम ने एक बयान में कहा, "ईरान को युद्धविराम समझौते का सम्मान करने का मौक़ा दिया गया था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. उसकी सेना ने एकतरफ़ा हमले वाले ड्रोन से एम/टी किकू पर हमला किया."

    एम/टी किकू पनामा के झंडे वाला एक टैंकर है. सेंटकॉम के मुताबिक़, यह टैंकर दो मिलियन बैरेल से अधिक कच्चा तेल लेकर स्ट्रेट के पास से गुज़र रहा था.

    सेंटकॉम ने यह भी कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट से कारोबारी जहाज़ों की आवाजाही जारी है.

    ईरान ने अब तक इन ताज़ा हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.