बिहार: मोकामा में जनसुराज का प्रचार कर रहे दुलारचंद की हत्या, इलाके में तनाव

बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई है. दुलारचंद यादव जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. भारतीय बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर ने अपनी चोट के बारे में ये बताया

    अय्यर

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, श्रेयस अय्यर को 25 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे मैच के दौरान एक कैच पकड़ने में चोट लगी थी

    भारतीय बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर ने बताया है कि वो चोट से रिकवर कर रहे हैं और हर गुज़रते दिन के साथ बेहतर महसूस कर रहे हैं.

    अय्यर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “मेरे लिए जो दुआएं की गईं और मुझे जिस तरह का सहयोग मिला है उसके लिए मैं तहेदिल से आभारी हूं. यह काफ़ी मायने रखता है. मुझे याद रखने के लिए आप सभी का धन्यवाद.”

    श्रेयस अय्यर को 25 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे मैच के दौरान एक कैच पकड़ने में चोट लगी थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    अय्यर को यह चोट 34वें ओवर में लगी, जब वह एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने के दौरान बुरी तरह से गिर गए थे.

    दर्द से कराहते अय्यर का पहले मैदान पर ही उपचार किया गया और फिर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

    बीसीसीआई ने सोमवार को एक बयान में कहा था, "श्रेयर अय्यर को 25 अक्तूबर 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान फ़ील्डिंग करते समय बाईं पसली के निचले हिस्से में चोट लगी. इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया."

    बयान में कहा गया था, "स्कैन में उनके स्प्लीन में चोट पाई गई है. उनका इलाज चल रहा है, उनकी हालत स्थिर है और वो अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं."

  2. महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप: आज स्मृति मंधाना पर क्यों होगी लोगों की नज़र

    स्मृति मंधाना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ बीचे पांच वनडे मुक़ाबलों में स्मृति मंधाना शानदार फ़ॉर्म में दिखी हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफ़ाइनल में गुरुवार को भारत का मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया से होने जा रहा है. यह मैच मुंबई में खेला जा रहा है. इस मैच की विजेता टीम 2 नवंबर को फ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका से भिड़ेगी.

    बुधवार को गुवाहाटी में खेले गए पहले सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने इंग्लैंड को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई है.

    भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में काफ़ी अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में उसका प्रदर्शन कमज़ोर होता दिखा है. हालाँकि टीम ने सेमीफ़ाइनल में जगह बनाने में कामयाबी हासिल कर ली है.

    भारत की तरफ से इस मैच में स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना पर ख़ास नज़र होगी.

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पिछले पांच वनडे मैचों में स्मृति का प्रदर्शन काफ़ी अच्छा रहा है.

    उनके बल्ले से इन मैचों में 105, 58, 117, 125 और 80 रन निकले हैं.

  3. प्रैक्टिस के दौरान चोट लगने से युवा ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर की मौत

    बेन

    इमेज स्रोत, Waverley Park Hawks Junior Football Club

    इमेज कैप्शन, बेन महज़ 17 साल के थे और ऑटोमैटिक बॉलिंग मशीन के सामने प्रैक्टिस कर रहे थे

    ऑस्ट्रेलिया के एक युवा क्रिकेटर की मेलबर्न में प्रैक्टिस के दौरान चोट लगने से मौत हो गई है.

    बेन ऑस्टिन नाम के 17 साल के क्रिकेटर नेट प्रैक्टिस कर रहे थे, जब ऑटोमेटिक बॉलिंग मशीन से फेंकी गई गेंद से उनके सिर और गर्दन पर चोट लगी.

    माना जा रहा है कि प्रैक्टिस के दौरान उन्होंने हेलमेट पहन रखा था.

    मंगलवार को जब उन्हें चोट लगी तो आपातकालीन सेवा को बुलाया गया. हॉस्पिटल ले जाने के बाद बेन को लाइफ़ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था. लेकिन बुधवार को बेन की मृत्यु हो गई.

    उनके क्रिकेट क्लब ने बताया है कि बेन एक हुनरमंद और लोकप्रिय खिलाड़ी थे.

  4. दक्षिण कोरिया में डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच मुलाक़ात शुरू

    ट्रंप शी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मुलाक़ात शुरू हो गई है. उनकी यह मुलाक़ात दक्षिण कोरिया में हो रही है. इस मुलाक़ात में दोनों नेता ट्रेड डील के मुद्दे पर बातचीत करेंगे.

    इस मुलाक़ात के पहले डोनान्ड ट्रंप ने अपनी छोटी सी टिप्पणी में कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि यह बैठक काफ़ी कामयाब रहेगी.

    ट्रंप ने कहा है, "दोनों देशों के बीच हमेशा अच्छे रिश्ते रहे हैं."

    वहीं शी जिनपिंग ने अपनी शुरुआती टिप्पणी में कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी ट्रंप से तीन बार बात हुई है.

    शी जिनपिंग ने कहा कि वो अमेरिका के साथ मिलकर दोनों देशों और पूरी दुनिया की भलाई के लिए और ज़्यादा महान और ठोस काम करना चाहते हैं.

    दक्षिण कोरिया में एशिया पेसिफ़िक इकोनॉमिक कोऑपरेशन शिखर सम्मेलन हो रहा है, जिसमें दोनों नेताओं ने शिरकत की है.

  5. 'अमेरिका परमाणु हथियारों का परीक्षण फ़ौरन करेगा शुरू': डोनाल्ड ट्रंप

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास सबसे ज़्यादा परमाणु हथियार हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास किसी भी अन्य देश के मुक़ाबले ज़्यादा परमाणु हथियार हैं.

    उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट ट्रुथ सोशल पर लिखा, “यह उपलब्धि मेरे पहले कार्यकाल के दौरान हासिल हुई, जब मौजूदा हथियारों को पूरी तरह आधुनिक और नया किया गया.”

    उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों की "भारी विनाशकारी ताक़त" के कारण वे ऐसा नहीं करना चाहते थे, लेकिन "उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं था."

    उनके मुताबिक, रूस इस सूची में दूसरे स्थान पर है और चीन तीसरे स्थान पर है, लेकिन चीन अगले पांच साल में बराबरी पर पहुंच सकता है.

    उन्होंने कहा कि अन्य देशों के परमाणु परीक्षण कार्यक्रमों को देखते हुए उन्होंने "डिपार्टमेंट ऑफ वॉर" को अमेरिकी परमाणु हथियारों के परीक्षण शुरू करने के निर्देश दिए हैं. उनके अनुसार, यह प्रक्रिया तुरंत शुरू होगी.

  6. जमैका में शक्तिशाली चक्रवाती तूफ़ान मेलिसा की वजह से कई लोगों की मौत

    जमैका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, देश के ज़्यादातर हिस्सों में बुनियादी सेवाओं पर असर पड़ा है

    जमैका के इतिहास के सबसे शक्तिशाली चक्रवाती तूफ़ान मेलिसा ने कैरेबियाई द्वीप में भीषण तबाही मचा दी है. तेज़ हवाओं और भारी बारिश ने घरों और बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया. इससे कई जगहों में बाढ़ आ गई और दर्जनों लोगों की जान चली गई है.

    बुधवार को जमैका में इसका असर सबसे ज़्यादा दिखा, जब यह कैटेगरी 5 का तूफान सीधे इस इलाक़े से टकराया.

    हैती में भी बाढ़ के कारण कम से कम 20 लोगों की जान गई है.

    जमैका में कई लोग अब भी छतों पर फंसे हैं और बिजली आपूर्ति ठप है. प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने पूरे देश में "पूर्ण तबाही" की स्थिति बताई है.

    इस तूफ़ान के बाद देश के ज़्यादातर हिस्सों में अंधेरा छा गया है और फ़ोन सेवाएं ठप हो गई हैं.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    बिहार चुनाव के प्रचार में राहुल गांधी की एंट्री और पीएम मोदी पर टिप्पणी, अमित शाह क्या बोले

    दिल्ली में 'क्लाउड सीडिंग' नहीं रही सफल, कृत्रिम बारिश की योजना क्यों हुई नाकाम

    टाटा ग्रुप में छिड़ी कलह की जड़ में क्या है?