आईसीसी महिला वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पहुंचा दक्षिण अफ़्रीका, इंग्लैंड को 125 रनों से हराया

गुवाहाटी में खेले गए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के पहले सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने इंग्लैंड को 125 रनों से हरा दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, संदीप राय

  1. पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के मामले में क्यों कहा- 'भारत हमें छोटे युद्ध में उलझाए रखना चाहता है'

    ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है कि भारत उनके देश को छोटे स्तर के युद्ध में उलझाए रखना चाहता है और अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार इसमें उनकी मदद कर रही है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ मंगलवार की रात ‘जियो न्यूज़’ के कार्यक्रम में ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार को पाकिस्तान से बातचीत का अधिकार नहीं है और न ही इसका पूरे अफ़ग़ानिस्तान पर नियंत्रण है.

    इस कार्यक्रम के प्रसारण के कुछ ही घंटों के भीतर पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान के बीच वार्ता विफल होने की घोषणा कर दी.

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान सरकार की सेना के बीच सीमावर्ती इलाकों में झड़पों के बाद दोनों देशों के बीच शांति के लिए बातचीत की कोशिश नाकाम हो चुकी है.

  2. समुद्री तूफ़ान मेलिसा जमैका से क्यूबा की ओर, तीन लोगों की मौत

    मेलिसा तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जमैका में मेलिसा तूफ़ान के जमीन से टकराने से पहले तीन लोगों की मौत हो चुकी थी.

    समुद्री तूफ़ान मेलिसा जमैका से गुजरने के बाद अब क्यूबा की ओर बढ़ रहा है. यह तूफ़ान अब तक के इतिहास में जमैका को प्रभावित करने वाला सबसे प्रचंड तूफ़ान माना जा रहा है.

    इस तूफ़ान ने अब दोबारा जोर पकड़ लिया है. ये अब कैटेगरी चार के तूफ़ान में बदल गया है. क्यूबा में अब बड़ी संख्या में लोगों को निकाल कर सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है.

    जमैका में तूफ़ान के ज़मीन से टकराने से पहले तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी.

  3. वक़्फ़ बिल पर तेजस्वी के बयान का राष्ट्रीय लोकदल ने किया विरोध, क्या कहा?

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार में महागठबंधन जीता तो वक़्फ़ बिल को कूड़े में डाल दिया जाएगा

    आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की ओर से वक़्फ़ बोर्ड बिल पर दिए गए बयान पर राष्ट्रीय लोकदल ने प्रतिक्रिया दी है.

    आरएलडी के मलूक नागर ने इस पर बयान जारी करते हुए कहा , ‘’तेजस्वी यादव इसे शायद जुमला समझकर कह रहे हैं. उन्होंने इस बिल का अध्ययन नहीं किया है. वक़्फ़ बिल कमज़ोर, ग़रीब और दबे-कुचले मुसलमानों के हक़ में है. दूसरी बात ये है कि तेजस्वी यादव खुद बिहार के डिप्टी सीएम रहे हैं. उनके माता-पिता दोनों मुख्यमंत्री रहे हैं. अगर वो लोकतंत्र के मंदिर यानी संसद से पास बिल के बारे में ऐसा कह सकते हैं इसका मतलब है कि वे संविधान का सम्मान नहीं करते.’’

    तेजस्वी यादव ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान एक रैली में कहा था कि अगर महागठबंधन जीता तो वक़्फ़ बिल को कूड़ेदान में डाल देंगे.

    वक़्फ़ कोई भी चल या अचल संपत्ति होती है, जिसे कोई भी व्यक्ति जो इस्लाम को मानता है अल्लाह के नाम पर या धार्मिक मक़सद या परोपकार के मक़सद से दान करता है.

    अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की तरफ़ से जारी आंकड़ों के मुताबिक़, वक़्फ़ बोर्ड के पास अभी पूरे भारत में लगभग 8.7 लाख संपत्तियां हैं, जो करीब 9.4 लाख एकड़ ज़मीन में फैली हुई हैं. इनकी कुल कीमत लगभग 1.2 लाख करोड़ रुपये बताई जाती है.

  4. ओवैसी ने किसे कहा, ‘’जंगलराज -1 और किसे जंगलराज-2"

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी

    एआईएमआईएम पार्टी के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को महागठबंंधन और एनडीए को निशाने पर लिया.

    मंगलवार को मुंगेर की एक रैली में उन्होंने कहा कि बिहार में पहले जंगलराज-1 चल रहा था, अब जंगलराज-2 चल रहा है.

    उन्होंने कहा, "डबल इंजन की सरकार झूठ बोलने की फैक्ट्री है. बीजेपी ने बिहार में नफ़रत के बीज बो दिए हैं. हर योजना और हर काम के लिए रिश्वत देनी पड़ती है. बिहार में पहले जंगलराज-1 चल रहा था, अब जंगलराज-2 चल रहा है. इससे बिहार के लोगों को छ़ुटकारा दिलाना है."

    उन्होंने कहा, ‘’बीजेपी हमेशा यह कहकर लोगों को भ्रमित करते रहती है कि देश से घुसपैठियों को निकालना है. कोई घुसपैठिए बाहर से नहीं आए हैं. नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने खुद बांग्लादेश के घुसपैठियों को भारत में रखा हुआ है. उन्होंने मुसलमानों की हिस्सेदारी की बात करते हुए कहा कि आज 17 फ़ीसदी आबादी वाले मुसलमानों को आरजेडी नजरअंदाज़ कर रही है. जबकि 14 फ़ीसदी वाले अपने लोगों को 36 फ़ीसदी सीटें दे रही है. मोदी तीन बार बिहार का वोट लेकर देश के पीएम बन गए.’’

  5. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सिरीज़ का पहला मैच आज, किसका पलड़ा है भारी

    भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वनडे सिरीज़ में 1-2 से हारने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारत टी-20 सिरीज़ जीतने के लिए पूरा जोर लगाएगा

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज ( 29 अक्टूबर) से पांच टी20 मैचों की सिरीज़ शुरू हो रही है. दोनों टीमों के बीच पहला मैच कैनबरा में होगा.

    एशिया कप जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में उतरने वाली भारतीय टीम टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को हराने के लिए अपनी पूरी ताक़त झोंकना चाहेगी. क्योंकि भारत को वनडे सिरीज में 1-2 से हार झेलनी पड़ी है.

    भारत का ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टी-20 में रिकॉर्ड अच्छा रहा है. दोनों के बीच अब तक 32 टी-20 मुक़ाबले हुए हैं. इनमें से 20 मैच भारत ने जीते हैं और 11 ऑस्ट्रेलिया ने. एक मैच बेनतीजा रहा है.

    यह सिरीज़ इसलिए भी अहम है क्योंकि दोनों टीमें 2026 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही हैं. ये वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका में होगा.

  6. ट्रंप के दक्षिण कोरिया पहुंचने से पहले उत्तर कोरिया ने किया मिसाइल टेस्ट

    उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण कोरिया पहुंचने से कुछ ही घंटों पहले उत्तर कोरिया ने एक और मिसाइल का परीक्षण किया है.

    ट्रंप दक्षिण कोरिया के रास्ते में हैं. वो वहां एशिया पैसिफिक़ इकोनॉमिक को-ऑपरेशन की बैठक में हिस्सा लेंगे.

    उत्तर कोरिया ने दावा किया है कि उसने ज़मीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का परीक्षण किया है.

    बीबीसी के दक्षिण कोरिया संवाददाता जेक क्वोन के मुताबिक़, यह परीक्षण उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों को वैध ठहराने की एक छोटी प्रतीकात्मक कोशिश मानी जा रही है.

    सरकारी मीडिया के मुताबिक़ मिसाइलों को सीधा ऊपर की ओर दागा गया और वे लगभग 7,800 सेकंड तक हवा में रहीं.

    फ़िलहाल ऐसे कोई संकेत नहीं हैं कि ट्रंप अपने दक्षिण कोरिया की यात्रा के दौरान उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से मुलाक़ात करेंगे.

    आज ट्रंप की मुलाक़ात दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग से होगी. दक्षिण कोरिया पर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने का दबाव है.

  7. चक्रवाती तूफ़ान मोंथा आंध्र में अब दक्षिण की ओर बढ़ा, मौसम विभाग ने दी अहम जानकारी

    चक्रवात तूफ़ान

    इमेज स्रोत, SUBRAT KUMAR PATI

    चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ ने मंगलवार की रात को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कालींगपट्टनम के बीच, दक्षिण में काकीनाडा को पार कर लिया.

    हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अब ये थोड़ा कमजोर पड़ गया है.

    यह भीषण चक्रवाती तूफ़ान मंगलवार शाम सात बजे आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के पास ज़मीन से टकराया था.

    यह तूफ़ान मंगलवार शाम तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश लेकर आया.

    सोमवार को उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में तबाही मचाने के बाद, बारिश की गतिविधि दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के एसपीएसआर नेल्लोर और प्रकाशम ज़िलों की ओर बढ़ गई थी.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    रेयर अर्थ मिनरल्स पर काबिज़ चीन को क्या ट्रंप के नए सौदे चुनौती दे पाएंगे?

    दुनिया से पूरी तरह अलग-थलग, अब भी तन्हा कैसे रह रहे हैं ये लोग

    दिल्ली में हुई 'क्लाउड सीडिंग', मंत्री सिरसा ने कहा- "ट्रायल के रिज़ल्ट जल्द किए जाएंगे जारी"

    श्रेयस अय्यर की तबीयत पर बीसीसीआई ने जारी किया नया बयान