बिहार: मोकामा में जनसुराज का प्रचार कर रहे दुलारचंद की हत्या, इलाके में तनाव
बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई है. दुलारचंद यादव जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे.
सारांश
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के लोधा इलाके़ में चार मंदिरों पर धार्मिक नारे लिखे जाने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ़्तार किया है
मुंबई के पवई इलाके़ में एक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने ऑडिशन के बहाने 17 बच्चों को बुलाकर बंधक बना लिया
बिहार: मोकामा में जनसुराज का प्रचार कर रहे दुलारचंद की हत्या, इलाके में तनाव
इमेज स्रोत, Dularchand/FB
इमेज कैप्शन, दुलारचंद यादव (बीच में)
बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई है. दुलारचंद यादव जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे.
कभी आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ रहे दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पूरे इलाके़ में तनाव है.
मोकामा बिहार विधानसभा की हॉट सीट है. यहां से अनंत सिंह चुनाव जीतते रहे हैं.
अबकी बार भी जेडीयू ने अनंत सिंह को यहां से टिकट दिया है, जबकि आरजेडी ने सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है.
दुलारचंद के परिजनों और जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी ने इस हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगाया है.
जबकि अनंत सिंह ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा, “ हम टाल में वोट मांग रहे थे. एक जगह हमने देखा कि भीड़ लगी है. हमको लगा विपक्षी लोग वोट मांग रहे हैं. हमारी तीस गाड़ियां आगे बढ़ गई और पीछे दस गाड़ियां रह गई जिस पर इन लोगों ने हमला कर दिया. ये सब सूरजभान की साज़िश है.”
पटना जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम ने बयान जारी कर कहा है, “मोकामा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच घोसवरी टाल क्षेत्र में झड़प हुई थी. इस झड़प में संदेहास्पद स्थिति में दुलारचंद यादव की मृत्यु हो गई. दुलारचंद पूर्व में कई आपराधिक कांडों में अभियुक्त रहे है. कांड दर्ज कर छापेमारी की जा रही है. पोस्टमार्टम और आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है.”
वहीं इस मामले में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी टिप्पणी दी है.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “अपराध के लिए कुख्यात मोकामा में सत्ता संरक्षित गुंडों ने एक सामाजिक कार्यकर्ता दुलारचंद की हत्या कर दी. एनडीए प्रत्याशियों का पत्रकारों पर गुस्सा, पूर्व में एके 47 की बरामदगी, पत्रकारों को जान से मारने की बात करने के नतीजे आज दिखाई दे रहे हैं. मुद्दों से डर कर जुमले बाजी करने वाले प्रधानमंत्री को अपना गुंडाराज और महाजंगलराज नहीं दिखता."
वहीं जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, “हमारी पार्टी के नेता मोकामा में गए हैं. ज़्यादा जानकारी मिलने पर वक्तव्य दे पाएंगे. अभी हमारे पास वही जानकारी है जो मीडिया में आई है.”
इस पूरे घटनाक्रम पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ऐसी हत्याएं लोकतंत्र में निंदनीय हैं लेकिन क़ानून अपना काम करेगा.”
मोकामा के स्थानीय पत्रकार अनुभव ने बीबीसी हिन्दी को बताया, “दुलारचंद यादव कभी लालू तो कभी नीतीश के क़रीबी रहे. 90 के दशक में इनका बाढ़ और मोकामा टाल में खासा प्रभाव था और ये बाहुबली के तौर पर जाने जाते थे.”
इससे पहले बुधवार देर शाम को टिकारी विधानसभा क्षेत्र से हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रत्याशी अनिल कुमार पर भी प्रचार के दौरान जानलेवा हमला हुआ था.
हम पार्टी संरक्षक जीतन राम मांझी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये महागठबंधन की हताशा और कायरता का उदाहरण है.
सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं की तारीखों का किया एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएससी) ने वर्ष 2026 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है.
बोर्ड ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति यानी (एनईपी-2020) के मुताबिक़ कक्षा 10वीं के लिए दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित कराई जाएगी.
बोर्ड की ओर से जारी डेटशीट के मुताबिक़, परीक्षाएं 17 फ़रवरी 2026 से शुरू होंगी.
कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च 2026 को ख़त्म होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2026 तक चलेंगी.
बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी डेटशीट देख सकते हैं.
परीक्षा सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित की जाएगी.
दुर्गापुर गैंगरेप मामले में 20 दिनों के भीतर आरोपपत्र दायर, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली ओडिशा की छात्रा के साथ गैंगरेप के मामले में पुलिस ने 20 दिनों के भीतर स्थानीय अदालत में आरोपपत्र दायर कर दिया है.
इसमें उसके सहपाठी के ख़िलाफ़ रेप और तीन अभियुक्तों के ख़िलाफ़ गैंगरेप का आरोप लगाया गया है. दो अन्य अभियुक्तों के ख़िलाफ़ पैसे छीनने का आरोप है.
इस मामले के विशेष सरकारी वकील विभाष चटर्जी ने अदालत के बाहर पत्रकारों को बताया, "आरोपपत्र में सभी छह अभियुक्तों के नाम हैं. उनके ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत रेप, गैंगरेप और पैसे छीनने के आरोप लगाए गए हैं."
उन्होंने बताया कि अदालत ने इस मामले की त्वरित सुनवाई का निर्देश दिया है. चटर्जी ने दो महीने के भीतर सुनवाई पूरी होने की उम्मीद जताई.
पुलिस ने क्या बताया
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि रेप एक ही अभियुक्त ने किया था. बाकी दो ने इसमें उसकी मदद की थी. इसलिए गैंगरेप का आरोप लगाया गया है.
10 अक्तूबर की रात हुई इस घटना के बाद पांच युवकों के अलावा उस छात्रा के एक सहपाठी को भी गिरफ़्तार किया गया था. वह छात्रा उसी सहपाठी के साथ रात को कॉलेज परिसर से बाहर निकली थी. उसी समय कुछ युवकों ने उनको घेर लिया था और गैंगरेप किया था.
फिलहाल वह लोग जेल हिरासत में हैं और शुक्रवार को उनको दुर्गापुर की अदालत में पेश किया जाएगा.
उस छात्रा ने बीते 24 अक्तूबर को जेल में अभियुक्तों की शिनाख्त के लिए टीआई परेड में हिस्सा लिया था. उन्होंने सभी अभियुक्तों की शिनाख्त कर ली थी और एक युवक को मुख्य अभियुक्त बताया था.
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों की शिनाख्त के बाद छात्रा को ओडिशा में उसके घर भेज दिया गया है. ज़रूरत पड़ने पर वह दोबारा दुर्गापुर आएगी.
जस्टिस सूर्यकांत होंगे भारत के अगले सीजेआई, इस दिन संभालेंगे पदभार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई ने जस्टिस सूर्यकांत को भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफ़ारिश की थी
जस्टिस सूर्यकांत को गुरुवार को भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है. वह 24 नवंबर को पदभार संभालेंगे.
केंद्र के क़ानून मंत्रालय के न्याय विभाग ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की है.
जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस भूषण आर. गवई के उत्तराधिकारी होंगे, जो 23 नवंबर को पद छोड़ेंगे.
अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत को 24 नवंबर 2025 से भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किए जाने की घोषणा की है.
कोलकाता नाइट राइडर्स के नए मुख्य कोच बने अभिषेक नायर
इमेज स्रोत, KolkataKnightRiders/X
इमेज कैप्शन, टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बाद नायर को टीम इंडिया के सहायक कोच पद से हटा दिया गया था.
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने गुरुवार को पूर्व भारतीय सहायक कोच अभिषेक नायर को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है.
यह फ़ैसला चंद्रकांत पंडित के तीन सीज़न के कार्यकाल के बाद उनके पद छोड़ने के बाद लिया गया.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अभिषेक नायर 2018 से केकेआर से जुड़े हुए हैं और टीम की थिंक-टैंक का अहम हिस्सा माने जाते हैं.
टीम चयन से जुड़े कई निर्णयों में उनका प्रभाव महत्वपूर्ण माना जाता है.
एक्सीडेंट या मर्डर? बेंगलुरु पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के ज़रिए खोला राज़, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Bengaluru police
इमेज कैप्शन, 35 साल के मार्शल आर्ट टीचर मनोज कुमार, जिनपर आरोप है कि उन्होंने अपनी कार से स्कूटर सवार को टक्कर मारी
सड़क किनारे लगे सीसीटीवी से मिले सबूतों के आधार पर बेंगलुरु पुलिस ने सड़क दुर्घटना के कथित मामले में हुई मारपीट की एक घटना को हत्या के मामले में तब्दील कर दिया है.
दक्षिण बेंगलुरु के जेपी नगर इलाके़ में हुई रोड रेज की घटना के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस टीम ने एक कलारीपयट्टू मार्शल आर्ट टीचर और उसकी पत्नी को गिरफ़्तार कर लिया है.
35 साल के मार्शल आर्ट टीचर मनोज कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपनी कार से स्कूटर सवार का पीछा किया और फिर पीछे से टक्कर मार दी.
इससे मौके़ पर ही 24 साल के डिलीवरी एजेंट दर्शन एन. की मौत हो गई. स्कूटर की पिछली सीट पर बैठे वरुण जी. को चोटें आई हैं.
बेंगलुरु दक्षिण के डीसीपी लोकेश बी जगलासर ने बीबीसी हिन्दी को बताया कि इस दौरान कोई बहस नहीं हुई.
उन्होंने कहा, "दोपहिया पर सवार लोग शराब के नशे में थे. कथित तौर पर, विपरीत दिशा से आ रही एक कार के पास से गुज़रते समय, उनका स्कूटर कार के रियर व्यू मिरर टकरा गया. बताया जा रहा था कि इससे कार ड्राइवर मनोज कुमार भड़क गया और उसने अपनी कार मोड़कर दोपहिया वाहन का पीछा किया और पीछे से टक्कर मार दी."
यह घटना 25 अक्तूबर की रात क़रीब 11.30 बजे घटी.
पुलिस अधिकारी ने साफ़ किया, "सड़क बड़ी है…यह कोई छोटी सड़क नहीं है. ऐसा लगता है कि स्कूटर सवारों ने कार के पास से गुज़रते समय जानबूझकर अपने हाथों से रियर व्यू मिरर को नुक़सान पहुंचाया."
उन्होंने आगे कहा, "एक घंटे बाद, रात 12:30 से 1 बजे के बीच, कार ड्राइवर अपनी पत्नी आरती शर्मा के साथ सड़क पर गिरी कार के क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाने के लिए घटनास्थल पर लौटा था. दोनों ने मास्क पहने हुए थे."
दोनों अभियुक्तों के ख़िलाफ़ बीएनएस की अलग-अलग धाराओं में हत्या, हत्या के लिए सज़ा, अपराध के सबूतों को गायब करना या अपराधी को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना और नुक़सान पहुंचाने वाली शरारत करने का मामला दर्ज किया गया है.
बेंगलुरु में इससे पहले भी कई बार रोड रेज के मामले हुए हैं, जिनमें लोगों की जान गई है.
अप्रैल 2022 में चंद्रू नाम के एक शख़्स की हत्या कर दी गई थी. चंद्रू की बाइक टी शाहिद पाशा और एम शाहिद पाशा की बाइक से टकरा गई थी. इसके बाद दोनों ने चंद्रू पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था.
उस समय बीजेपी की सरकार थी. तब के गृहमंत्री अरग ज्ञानेंद्र ने शुरू में कहा था कि चंद्रू उर्दू नहीं बोल रहे थे इसलिए उनपर चाकू से हमला किया गया.
बाद में जब पुलिस जाँच में पता चला कि यह रोड रेज का मामला था, तो उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया. दोनों अभियुक्तों को पिछले महीने सात साल कै़द की सज़ा सुनाई गई थी.
नवंबर 2023 में, 77 वर्षीय वी.वी. कृष्णप्पा की सरफराज ने पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी.
शुरुआत में यह मामला सड़क दुर्घटना के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा के बाद इसे हत्या के मामले में बदल दिया गया.
अगस्त 2024 में, स्कूटर चला रहे महेश (21) को कार में बैठे बैंक कर्मचारी अरविंद ने टक्कर मार दी थी, क्योंकि उसने कुछ देर के लिए कार का रास्ता रोक दिया था.
मई 2025 में, सेल्स एग्जीक्यूटिव प्रतीक आर. देर रात सड़क किनारे एक ठेले वाले सिगरेट विक्रेता के पास रुके और ठेले के पास खड़े चेतन और संजय से सिगरेट लाने को कहा.
बहस के बाद, प्रतीक अपनी एसयूवी से उतरकर उन दोनों युवकों पर हमला करने लगा.
उसकी पत्नी ने बीच-बचाव करके उसे वापस कार तक पहुंचाया.
बाद में प्रतीक ने अपनी एसयूवी चलाई और उस दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी जिस पर चेतन और संजय घर जा रहे थे. बाद में चेतन की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई.
मुंबई: पवई इलाके़ में बंधक बनाए गए 17 बच्चों को बचाया गया, किडनैपर के बारे में और क्या पता चला
इमेज स्रोत, UGC/Rohit Arya
इमेज कैप्शन, रोहित आर्या, जिसने बच्चों को बंधक बनाया था
मुंबई के पवई इलाके़ में एक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने ऑडिशन के बहाने 17 बच्चों को बुलाकर बंधक बना लिया.
अभियुक्त की पहचान रोहित आर्या के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
रोहित आर्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने कुछ मांगें रखीं और कुछ ख़ास लोगों से बात करने की मंशा जताई थी.
उसने धमकी दी थी कि अगर उसकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो बच्चों को नुक़सान पहुंच सकता है.
जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके़ पर पहुंचे. अधिकारियों ने आरोपी को दरवाज़ा खोलने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया.
इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस ने ज़बरदस्ती बाथरूम के रास्ते अंदर प्रवेश किया.
मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि 17 बच्चों, एक बुजुर्ग और एक अन्य व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सभी बच्चों को उनके माता-पिता के हवाले कर दिया गया है.
अभियुक्त कौन है?
रोहित आर्या पुणे निवासी हैं और एक व्यवसायी के रूप में जाने जाते हैं.
पुलिस ने अभी तक रोहित आर्या के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
पुलिस ने कहा है कि जांच के दौरान जो भी अतिरिक्त जानकारी सामने आएगी, उसे उपलब्ध कराया जाएगा.
ट्रंप के परमाणु परीक्षण वाले बयान पर आज का कार्टून
अलीगढ़ में चार मंदिरों पर धार्मिक नारे लिखे जाने के मामले में 4 लोग गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, Devendra
इमेज कैप्शन, पुलिस का कहना है कि जो धार्मिक नारे लिखे गए थे उनमें स्पेलिंग मिस्टेक थीं
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के लोधा इलाके़ में चार मंदिरों पर धार्मिक नारे लिखे जाने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ़्तार किया है.
घटना इसी महीने 25 अक्तूबर की है, जिसे लेकर पुलिस ने गुरुवार यानी आज इससे जुड़ी जानकारी दी है.
पुलिस ने बताया, "पुलिस को सूचना मिली थी कि चार मंदिरों में धार्मिक नारे लिख दिए गए हैं, फिर पुलिस मौके़ पर पहुंची और वहां से धार्मिक नारों को हटाया."
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने जानकारी दी कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ़्तार किया है.
इमेज स्रोत, X/@aligarhpolice
नीरज कुमार जादौन के मुताबिक़ गिरफ़्तार लोगों में कोई भी मुस्लिम युवक शामिल नहीं है.
पुलिस ने कहा, "जो नारे लिखे गए थे, उसमें स्पेलिंग मिस्टेक थीं."
पुलिस के मुताबिक़, इस नारे को लिखने के पीछे कुछ लोगों में आपसी अनबन थी, जो इस नारे का इस्तेमाल करके उन्हें गिरफ़्तार कराना चाहते थे.
पुलिस का कहना है कि इस मामले में एक राहुल नाम के व्यक्ति फ़रार है.
ईरान के चाबहार बंदरगाह को लेकर भारत को मिली यह छूट, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
इमेज स्रोत, Indiaportsgloballimited
इमेज कैप्शन, चाबहार बंदरगाह के विकास के लिए भारत और ईरान के बीच साल 2003 में सहमति बनी थी
ईरान के चाबहार बंदरगाह पर मिली छूट के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बयान दिया है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, "हमें उस बंदरगाह पर लागू अमेरिकी प्रतिबंधों से छह महीने की अवधि के लिए छूट दी गई है."
भारत को यह छूट उस निर्णय के बाद मिली है जब अमेरिका ने चाबहार बंदरगाह का संचालन करने वाले लोगों पर सितंबर महीने के अंत से प्रतिबंध लागू कर दिया था.
भारत ईरान के साथ मिलकर ओमान की खाड़ी पर स्थित इस बंदरगाह में टर्मिनल का विकास कर रहा है.
13 मई 2024 को भारत ने इस बंदरगाह के संचालन के लिए 10 साल का कॉन्ट्रैक्ट किया था, जिससे उसे मध्य एशिया के देशों के साथ व्यापार बढ़ाने में मदद मिलेगी.
यह पहला मौक़ा था, जब भारत ने विदेश में किसी बंदरगाह के प्रबंधन की ज़िम्मेदारी ली थी.
चाबहार पोर्ट इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर यानी आईएनएसटीसी के लिए काफ़ी अहमियत रखता है.
इस रूट से भारत की यूरोप तक पहुँच आसान हो जाती, साथ ही ईरान और रूस को भी फ़ायदा होता.
जम्मू-कश्मीर पर इस्लामिक देशों के संगठन ओआईसी के बयान पर भारत ने कही ये बात
इमेज स्रोत, Randhir Jaiswal/X
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ओआईसी के बयान को ख़ारिज किया है
जम्मू-कश्मीर पर इस्लामिक देशों के संगठन ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) के बयान पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफ़िंग में ओआईसी के बयान ख़ारिज किया है.
उन्होंने कहा, "ओआईसी सचिवालय की ओर से जो बयान दिया गया है, हम उसे पूरी तरह ख़ारिज करते हैं."
रणधीर जायसवाल ने कहा, "उन्हें भारत के आंतरिक मामलों पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है."
ओआईसी ने सोमवार को एक बयान जारी किया था, जिसमें उसने जम्मू-कश्मीर के लोगों के 'आत्मनिर्णय के अधिकार की वैध मांग' के समर्थन में एक बार फिर 'पूरी एकजुटता' जताई थी.
ओआईसी की ओर से जारी बयान में कहा गया था, "27 अक्तूबर 2025 को जम्मू और कश्मीर पर भारत के ग़ैरक़ानूनी कब्ज़े को 78 साल पूरे हो गए. इस मौके़ पर ओआईसी के जनरल सेक्रेटरिएट ने जम्मू-कश्मीर के लोगों के आत्मनिर्णय के वैध अधिकार की मांग के प्रति एक बार फिर पूरा समर्थन और एकजुटता जताई है."
क़तर कर रहा ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की कोशिश
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, क़तर पहले भी ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता कर चुका है
क़तर का कहना है कि वह एक बार फिर ईरान और अमेरिका को बातचीत की मेज पर लाने की कोशिश कर रहा है.
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, क़तर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल-थानी ने कहा कि उनका देश ईरान और अमेरिका को वार्ता की मेज पर वापस लाने का प्रयास कर रहा है.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने कहा है कि ईरान सक्रिय रूप से यूरेनियम संवर्धन नहीं कर रहा है.
हालांकि, उनके अनुसार, ईरान के यूरेनियम संवर्द्धन केंद्र के पास कुछ गतिविधियां देखी गई हैं.
इस साल ईरान और अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता की मध्यस्थता ओमान ने की थी.
ईरान और अमेरिका के बीच पांच दौर की वार्ता हुई थी, लेकिन 12 दिनों के युद्ध के दौरान इसराइल और फिर अमेरिका की ओर से ईरान पर हमला किए जाने के बाद तेहरान ने अमेरिका के साथ बातचीत रद्द कर दी.
अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने क़तर स्थित अमेरिकी एयर बेस पर मिसाइल हमले किए, जिसका क़तर ने सुरक्षा परिषद में विरोध किया.
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप: भारत के ख़िलाफ़ ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला जा रहा है.
ऑस्ट्रेलियाईटीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी है.
टूर्नामेंट में अब तक ऑस्ट्रेलिया अजेय रही है और 7 मैचों में 13 पॉइंट्स के साथ तालिका में शीर्ष पर है.
वहीं, भारतीय टीम ने 7 पॉइंट्स के साथ सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई है.
इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका ने सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में इंग्लैंड को हराकर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी.
नमस्कार!
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
'आमार शोनार बांग्ला' गीत विवाद पर महुआ मोइत्रा ने बीजेपी पर साधा निशाना, जानिए क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, महुआ मोइत्रा (फ़ाइल फ़ोटो)
‘आमार शोनार बांग्ला’ गीत को लेकर चल रहे विवाद पर तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा टिप्पणी की है.
असम में हाल ही में कांग्रेस की एक बैठक में इस गीत को गाया गया था, जो बांग्लादेश का राष्ट्रगान भी है. उसके बाद से ही इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद छिड़ा हुआ है.
इस विवाद पर तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “साल 1905 में अंग्रेजों ने बंगाल का विभाजन किया था, जिसके विरोध में टैगोर ने ‘आमार शोनार बांग्ला’ गीत लिखा था. इसकी पहली 10 पंक्तियाँ साल 1971 में बांग्लादेश ने राष्ट्रगान के रूप में अपनाया. ‘आमार शोनार बांग्ला’ हम सभी बंगालियों की भावनाओं के जुड़ा है…”
महुआ मोइत्रा ने कहा है कि "भगवा ट्रोल" को यह बात समझ में नहीं आएगी.
बीते दिनों असम में कांग्रेस पार्टी की करीमगंज मीटिंग में इस गीत को गाया गया था, जिसपर राज्य में सत्ता में मौजूद बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी.
असम के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “आमार शोनार बांग्ला गीत कांग्रेस की श्रीभूमि की बैठक में गाया गया. ये वही देश है जो नॉर्थ-ईस्ट को भारत से अलग कराना चाहता था.”
उन्होंने लिखा, “अब यह स्पष्ट है कि कांग्रेस दशकों से असम में मियां (मुसलमानों) के अवैध घुसपैठ की अनुमति और उसे बढ़ावा दे रहा है. इसका मक़सद ग्रेटर बांग्लादेश बनाने और अपने वोट बैंक को बढ़ाने के लिए राज्य की आबादी में बदलाव करना है.”
इन आरोपों के बाद कांग्रेस सांसद गोरव गोगोई ने भी बीजेपी पर निशाना साधा.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद गोरव गोगोई ने बीजेपी पर निशाना साधा
गोरव गोगोई ने कहा, “इस गीत की रचना रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी और बंगाल की संस्कृति से जुड़ी संवेदना लोगों तक पहुंचाई थी. बीजेपी ने हमेशा बंगाली भाषा, बांग्ला संस्कृति और बंगाल के लोगों का अपमान किया है.”
उन्होंने कहा, “आईटी सेल ने पहले भी बंगाल के लोगों का अपमान किया है. उनलोगों ने रवींद्रनाथ टैगोर के बारे में नहीं जानने की नासमझी दिखाई है. मुझे लगता है कि देश के हर हिस्से में रहने वाले बंगाल के लोग और बंग्ला बोलने वालों को यह समझ में आ गया है कि बीजेपी केवल वोट के लिए उनका इस्तेमाल करती है.”
"आमार शोनार बांग्ला, आमि तोमाए भालोबाशी... चिरोदिन तोमार आकाश, तोमार बाताश, आमार प्राने बजाए बाशी...." गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के इस गीत का हिंदी अनुवाद कुछ इस तरह से है-
"मेरा प्रिय बंगाल, मेरा सोने जैसा बंगाल, मैं तुमसे प्यार करता हूँ... सदैव तुम्हारा आकाश, तुम्हारी वायु, मेरे प्राणों में बाँसुरी सी बजाती है..."
टैगोर ने साल 1905 में 'बंगभग' के समय इस गीत की रचना की थी और 66 साल बाद जब बांग्लादेश वजूद में आया तो यह गीत उसका राष्ट्रगान बना.
पीएम मोदी ने कहा, 'बिहार में दो युवाओं ने झूठे वादों की दुकान खोली है'
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार कर रहे हैं
पीएम मोदी ने बिहार चुनाव प्रचार के दौरान आरोप लगाया है कि 'दो युवाओं की एक जोड़ी जो ख़ुद को युवराज समझती है, उन्होंने झूठे वादों की दुकान खोली हुई है.'
उनका इशारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव की ओर था.
उन्होंने कहा, "इनमें से एक युवराज देश के सबसे भ्रष्ट परिवार से है, जबकि दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार से है. दोनों ही इस वक़्त करोड़ों के घोटाले में ज़मानत पर बाहर हैं."
उन्होंने बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर में एक चुनावी सभा में दावा किया कि पूरे राज्य में बीजेपी और एनडीए के पक्ष में जबरदस्त लहर है. उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर 'छठी मैया के अपमान' का आरोप भी लगाया है.
छठ बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश का बड़ा त्योहार होता है. इस साल का छठ पर्व संपन्न हो चुका है, लेकन इस मुद्दे पर बिहार से लेकर दिल्ली तक कई तरह के बयान और विवाद देखने को मिले हैं.
पीएम मोदी ने कहा, "ये कांग्रेस और ये आरजेडी के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं. आप मुझे बताइए क्या कोई कभी चुनाव में वोट मांगने के लिए छठी मैया का अपमान कर सकता है? क्या ऐसा अपमान बिहार सहन करेगा?.. "
उन्होंने कहा, "आरजेडी-कांग्रेस.. कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं. उनके लिए तो छठी मैया की पूजा एक ड्रामा है, नौटंकी है."
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि बिहार की जनता ने हर चुनाव में एनडीए को भरपूर आशीर्वाद दिया है.
बिहार चुनाव: तेजस्वी यादव ने कहा, 'बाहरी लोग बिहार को ग़ुलाम बनाना चाहते हैं'
इमेज स्रोत, @yadavtejashwi
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव विपक्षी गठबंधन की तरफ से सीएम के उम्मीदवार है
राष्ट्रीय जनता दल के नेता और महागठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा है कि बाहरी लोग बिहार को अपना ग़ुलाम बनाना चाहते हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा, “‘बाहरी’ लोग बिहार को अपना उपनिवेश बनाना चाहते है. ये लोग बिहार को कब्ज़ाना चाहते है. हम बिहार के लोगों से अपील करते है कि इस बार नया बिहार बनाने का सुनहरा मौक़ा है.
उन्होंने कहा, “अगर ये लोग सत्ता में आ गए तो बिहार का पीछे जाना तय है. इन्हें बिहार का भला करना होता तो 12 साल से डबल इंजन की सरकार है और 20 साल से यहाँ शासन में हैं.”
बिहार में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार ज़ोरों पर है. इस बीच कई नेताओं की तरफ से लगातार बयानबाज़ी हो रही है और कई बयानों पर विवाद भी हुआ है.
ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ मुलाक़ात पर पत्रकारों को ये बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया की यात्रा के दौरान शी जिनपिंग से मुलाक़ात की है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एयर फ़ोर्स वन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई अपनी बैठक पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने क़रीब 15 मिनट तक सवालों के जवाब दिए, लेकिन चीन के साथ हुए समझौते पर ज़्यादा जानकारी नहीं दी.
ट्रंप ने कहा है कि चीन के साथ रेयर अर्थ्स के व्यापार का विवाद सुलझ गया है. उन्होंने कहा, “अब चीन की तरफ़ से कोई अड़चन नहीं है."
चीन रेयर अर्थ्स के महत्वपूर्ण मिनिरल्स की प्रोसेसिंग पर एकाधिकार रखता है और हाल के समय में उसने इसके निर्यात पर अपना नियंत्रण बढ़ा दिया है.
हालांकि ट्रंप ने इसकी जानकारी नहीं दी है कि समझौते के तहत किस बात पर सहमति हुई है.
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चीन से आने वाले सभी सामान पर लगाए गए टैरिफ़ को तुरंत प्रभाव से घटाएगा. ये शुल्क पहले फ़ेंटेनिल से जुड़े केमिकल की आपूर्ति को लेकर लगाए गए थे.
ट्रंप ने यह भी बताया है कि अमेरिका और चीन यूक्रेन में चल रहे युद्ध पर "साथ मिलकर काम करेंगे", लेकिन दोनों नेताओं के बीच ताइवान का मुद्दा नहीं उठा है.
ट्रंप ने बातचीत को "बेहद सफल" और एक "शानदार बैठक" बताया. उन्होंने कहा कि वे अगले साल अप्रैल में चीन जाएंगे, और उनकी यात्रा के बाद शी जिनपिंग अमेरिका का दौरा करेंगे.
सूडान: विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक़ अल-फ़शर में सैकड़ों नागरिकों की हत्या
इमेज स्रोत, AFP/Getty Images
इमेज कैप्शन, सूडान में हिंसाग्रस्त इलाक़ों से बचकर निकले लोगों ने अल-फ़शर में हिंसा के बारे में बताया है
डब्लूएचओ यानी विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने कहा है कि सूडान के अल-फ़शर शहर पर क़ब्ज़ा करने के बाद, रैपिड सपोर्ट फ़ोर्सेज़ (आरएसएफ़) के लड़ाकों ने यहां के मुख्य अस्पताल में सैकड़ों आम लोगों की हत्या कर दी.
डब्लूएचओ के प्रमुख टेड्रोस गेब्रेयेसस ने कहा, कि एजेंसी "अल-फ़शर अस्पताल में 460 लोगों की हत्या की ख़बर से स्तब्ध और बेहद दुखी" है.
इससे पहले, सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने कहा था कि मंगलवार को आरएसएफ़ के लड़ाकों ने "अस्पताल में मौजूद हर शख़्स को बेरहमी से मार डाला, जिनमें मरीज़, उनके परिजन और अन्य लोग शामिल थे."
सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने इसकी संख्या नहीं बताई, लेकिन कहा कि शहर के कई अस्पताल "मानव कत्लगाहों" में बदल गए हैं.
सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने आरएसएफ़ पर छह स्वास्थ्यकर्मियों के अपहरण का आरोप भी लगाया है, जिनमें 4 डॉक्टर भी शामिल हैं.
सूडान के दक्षिणी दार्फ़ुर की राजधानी अल-फ़शर आख़िरी ऐसा शहर है जो आरएसएफ़ के ख़िलाफ़ खड़ा था.