सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक: ट्रांसफार्मर में विस्फोट से भगदड़, 29 बच्चों की मौत

सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक के एक अस्पताल के निदेशक ने बीबीसी को बताया कि एक विस्फोट के बाद हुई भगदड़ में 29 बच्चों की मौत हो गई.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी में गिरा टेम्पो ट्रेवलर, 2 लोगों की मौत, 10 यात्री लापता, आसिफ़ अली, उत्तराखंड से बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तराखंड, रुद्रप्रयाग हादसा

    इमेज स्रोत, Rudraprayag District Administration

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में टेम्पो ट्रेवलर के खाई में गिरने के बाद बचाव कार्य जारी है

    उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. चारधाम यात्रा पर जा रहा एक टेम्पो ट्रेवलर वाहन स्टेट बैंक मोड़, घोलतीर के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और अलकनंदा नदी में समा गया.

    ज़िला प्रशासन के अनुसार, “ दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो ट्रेवलर रुद्रप्रयाग से बद्रीनाथ की ओर जा रहा था. घटना की सूचना आज सुबह क़रीब 8:00 बजे मिली, जिसके बाद ज़िला पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन इकाई और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.”

    “बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में चालक सहित कुल 20 लोग सवार थे. यह एक 31-सीटर टेम्पो ट्रेवलर था, जिसमें उदयपुर (राजस्थान) और गुजरात से आया परिवार चारधाम यात्रा पर था.”

    रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने बताया, “हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 यात्री लापता हैं. नदी में बही बस की खोजबीन और लापता यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है."

    ज़िला प्रशासन के मुताबिक़, “वाहन के नदी में गिरने से पहले कुछ यात्री खिड़कियों और दरवाज़ों से बाहर छिटक गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीमों और स्थानीय लोगों ने खाई से निकालकर ऊपर सड़क तक पहुंचाया. घायल यात्रियों को तत्काल ज़िला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया है.”

    फिलहाल बचाव कार्य जारी है. प्रशासन और राहत टीमें मौके पर तैनात हैं.

    इस बीच मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेम्पो ट्रेवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुखद है."

    उन्होंने कहा, "एसडीआरएफ सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं. ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं."

  2. तिरुवनंतपुरम में खड़े ब्रिटिश लड़ाकू विमान की मरम्मत के लिए इंजीनियर आएंगे: ब्रिटेन का रक्षा मंत्रालय, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    एफ़-35 लड़ाकू विमान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एफ़-35 लड़ाकू विमान ने इमरजेंसी लैंडिंग की थी

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़े एफ-35बी लड़ाकू विमान की मरम्मत के लिए यूके से इंजीनियर भेजे जाएंगे. उनके पहुंचने के बाद विमान को मरम्मत के लिए हैंगर में ले जाया जाएगा.

    यह लड़ाकू विमान एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स से उड़ान भरने के बाद 14 जून को तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कर उतरा था. खराब मौसम के कारण यह विमान रॉयल नेवी के एयरक्राफ्ट कैरियर पर वापस नहीं लौट सका.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बीबीसी हिंदी के सवालों के जवाब में कहा,"विमान में लैंडिंग के बाद एक तकनीकी समस्या आ गई थी, जिससे इसका लौटना संभव नहीं हो पाया. एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स के इंजीनियरों ने विमान का मूल्यांकन किया और तय किया कि यूके स्थित इंजीनियरिंग टीम की सहायता ज़रूरी है. इस समय यह कहना संभव नहीं है कि मरम्मत में कितना वक़्त लगेगा."

    प्रवक्ता ने बताया कि नियमित एयरपोर्ट संचालन में बाधा न आए, इसके लिए विमान को इंजीनियरिंग टीम के आने के बाद एमआरओ (मेंटेनेन्स, रिपेयर एंड ओवरहॉल) सुविधा के तहत एक निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा, "इस दौरान हमने भारतीय वायुसेना, नौसेना और तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा समेत सभी भारतीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया और हम उनके सहयोग के लिए आभारी हैं."

    प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा, "विमान की सुरक्षित लैंडिंग, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा में भारत की मदद यह दिखाती है कि भारत और ब्रिटेन की सेनाओं के बीच समन्वय और आपसी सहयोग लगातार गहराता जा रहा है."

  3. चीन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले, 'आतंकवाद और शांति साथ-साथ नहीं चल सकते'

    राजनाथ सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)

    चीन में हो रहे शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ के सम्मेलन में गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले का जिक्र किया.

    चीन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "पहलगाम में हुए आतंकी हमले और लश्कर-ए- तैयबा के भारत में किए गए पहले के आतंकी हमलों में समानता देखी जा सकती है."

    "आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपने रक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए और सीमा पार से होने वाले आतंकी हमलों को रोकने और उन्हें कमज़ोर करने के लिए भारत ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' सफलतापूर्वक शुरू किया. इसका मक़सद सीमा पार के आतंकवादी इंफ्रास्ट्रक्चर को ध्वस्त करना था."

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साथ ही कहा है कि 'आतंकवाद और शांति' साथ-साथ नहीं चल सकते हैं.

  4. हमास ने इसराइल के साथ सीज़फ़ायर समझौते को लेकर अब क्या कहा?

    ईसराइल के हमले के बाद एक घर की तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईसराइल के हमले के बाद एक घर की तस्वीर

    हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी से कहा है कि मध्यस्थों ने ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों को रिहाई को लेकर नई डील की कोशिश तेज़ कर दी है, लेकिन इसराइल से वार्ता अभी भी नहीं हो रही है.

    ये बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान और इसराइल के सीज़फ़ायर के लिए राज़ी होने के बाद से 'बेहतरीन प्रगति' हो रही है.

    ट्रंप ने दावा किया कि मध्य पूर्व के लिए उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ का मानना है कि इसराइल और हमास समझौते के 'बहुत क़रीब' है.

    इस बीच हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि बुधवार को हुए इसराइली हमले में 45 फ़लस्तीनियों की मौत हो गई.

    वहीं, इसराइली सेना ने बताया है कि मंगलवार को हुए एक बम हमले में उसके सात सैनिक मारे गए. इस हमले की जिम्मेदारी हमास ने ली है.

  5. हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा में भारी बारिश से दो लोगों की मौत, कुल्लू में बादल फटने के बाद तबाही

    हेमराज बैरवा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा

    हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िले में भारी बारिश के कारण दो लोगों की मौत हो गई. इसकी पुष्टि कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा ने की.

    इसके अलावा राज्य के कुल्लू ज़िले में भी कम से कम तीन जगहों पर बादल फटने के बाद नदियां और नाले उफान पर हैं.

    स्थानीय विधायक और बीजेपी नेता सुरेंद्र शौरी ने कहा, "मुझे सैंज इलाके समते कई जगहों से बहुत सारे फ़ोन आए हैं. भारी बारिश के कारण बहुत ज़्यादा नुकसान हो गया है. लोगों से गुजारिश है कि नदी-नालों के पास न जाएं."

    उधर कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, "हमने दो शव बरामद किए हैं. एसडीआरएफ, पुलिस और ज़िला प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है."

    उन्होंने कहा है कि हम लापता लोगों की संख्या का पता लगाने के लिए लोगों की गिनती कर रहे हैं.

    हेमराज बैरवा ने बताया है कि मनुनी खड्ड के पास एक छोटी जलविद्युत परियोजना है. इसके पास कुछ मजदूर रहते थे. यह कई धाराओं का संगम स्थल है. भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ गया, जिससे कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए. हम अभी सही संख्या नहीं बता सकते.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक ये दो शव मनुनी खड्ड से बरामद किए गए हैं.

  6. ब्रिक्स ने की इसराइल के ईरान पर हमले की आलोचना, क्या कहा?

    पीएम मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ये तस्वीर पिछले साल अक्तूबर की है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (फाइल फोटो)

    ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका सहित अन्य देशों वाले ‘ब्रिक्स’ समूह ने ईरान के ख़िलाफ़ हुए सैन्य हमलों पर चिंता जताई है.

    ‘ब्रिक्स’ ने साझा बयान जारी किया है. बयान में कहा, "हम 13 जून से ईरान के ख़िलाफ़ हुए सैन्य हमलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं. यह हमला अंतरराष्ट्रीय क़ानून और और संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का उल्लंघन है."

    ब्रिक्स ने साथ ही सभी पक्षों से मौजूदा संवाद और कूटनीति के माध्यम से बातचीत करने की अपील करते हुए शांतिपूर्ण तरीकों से मतभेदों को सुलझाया की बात कही.

    ब्रिक्स का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब हाल ही में भारत ने शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन यानी एससीओ के उस बयान से खुद को अलग कर लिया था, जिसमें ईरान पर हमले के लिए इसराइल की आलोचना की गई थी.

    लेकिन ब्रिक्स के इस बयान से भारत ने खुद को अलग नहीं किया है.

    समूह ने साथ ही कहा कि हम उस 'शांतिपूर्ण परमाणु प्रतिष्ठानों’ के ख़िलाफ़ किसी भी हमले पर 'गंभीर चिंता' व्यक्त करते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय क़ानून और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रासंगिक प्रस्तावों का उल्लंघन करते हुए किए जाते हैं.

    अमेरिका और इसराइल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले किए थे.

    ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका से बने इस ग्रुप को ब्रिक्स कहा जाता था, लेकिन इसका विस्तार हुआ.

    ब्रिक्स में अब सऊदी अरब, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया भी शामिल है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.