सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक: ट्रांसफार्मर में विस्फोट से भगदड़, 29 बच्चों की मौत

सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक के एक अस्पताल के निदेशक ने बीबीसी को बताया कि एक विस्फोट के बाद हुई भगदड़ में 29 बच्चों की मौत हो गई.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक: ट्रांसफार्मर में विस्फोट से भगदड़, 29 बच्चों की मौत

    दुर्घटना

    इमेज स्रोत, Ulrich Tobet

    इमेज कैप्शन, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक में भगदड़ से 29 बच्चों की मौत

    सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक के एक अस्पताल के निदेशक ने बीबीसी को बताया कि एक विस्फोट के बाद हुई भगदड़ में 29 बच्चों की मौत हो गई.

    बांगुई सामुदायिक अस्पताल से जुड़े व्यक्ति एबेल अस्से ने बताया कि बिजली ट्रांसफार्मर में विस्फोट हुआ.

    स्थानीय रेडियो स्टेशन एनडेके लूका की रिपोर्ट के अनुसार, "विस्फोट की आवाज और धुएं के कारण राजधानी बांगुई के एक स्कूल में स्नातक की परीक्षा दे रहे करीब छह हजार छात्र घबरा गए."

    इसके बाद भगदड़ मची भगदड़ में 29 बच्चों की मौत हो गई.

    राष्ट्रपति फॉस्टिन-अर्चेंज टौडेरा ने राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. इसके साथ ही उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए 280 से अधिक बच्चों के फ्री इलाज की घोषणा की है.

    राजधानी के पांच अलग-अलग स्कूलों के छात्र स्नातक परीक्षा देने के लिए लिसी बार्थेलेमी बोगांडा स्कूल में जमा थे.

  3. अमेरिका ने ईरान के फ़ोर्दो परमाणु केंद्र की कई तस्वीरें जारी कीं

    फ़ोर्दो परमाणु केंद्र

    इमेज स्रोत, US Department of Defense

    इमेज कैप्शन, फ़ोर्दो परमाणु केंद्र की अमेरिका द्वारा जारी तस्वीरें

    अमेरिका ने ईरान के फ़ोर्दो परमाणु केंद्र की कई तस्वीरें जारी की हैं. अमेरिकी रक्षा विभाग ने इसके साथ ही ईरान का थ्री डी मैप भी जारी किया है.

    अमेरिका ने आज सुबह ये तस्वीरें जारी कीं, इसमें दिखाया गया है कि किस तरह अमेरिकी सेना ने ईरान के फ़ोर्दो परमाणु स्थल पर हमला किया.

    तस्वीरों में परिसर में स्थित दो वेंटिलेशन शाफ्टों को दिखाया गया है, जिसे हमले में निशाना बनाया गया और हमले के बाद उनकी क्या स्थिति है.

    तस्वीरों में शाफ्ट के 2008 से 2025 तक के विकास को भी दिखाया गया है.

    इसके साथ अमेरिकी रक्षा विभाग ने इस स्थल की पूरी रूपरेखा और शाफ्ट के निर्माण पर आंतरिक जानकारी भी दी है.

    अमेरिका ने दोनों शाफ्ट में से प्रत्येक पर छह बमों का इस्तेमाल किया.

  4. ईरान ने निलंबित किया आईएईए से समझौता, शर्तें पूरी होने तक निरीक्षकों पर पाबंदी

    फ़ोर्दो के पहाड़ जहां अमेरिका ने हमला किया था

    इमेज स्रोत, Maxar Technologies/Reuters

    इमेज कैप्शन, फ़ोर्दो के पहाड़ जहां अमेरिका ने हमला किया था

    ईरान की संवैधानिक निगरानी संस्था ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ सहयोग को निलंबित करने संबंधी विधेयक को आधिकारिक रूप से मंजूरी दे दी है.

    यह विधेयक आईएईए निरीक्षकों को ईरानी परमाणु स्थलों तक पहुँचने से रोकता है, जब तक कि कुछ विशेष शर्तें पूरी न हो जाएं. शर्तों में परमाणु अप्रसार संधि के अनुच्छेद 4 के तहत ईरान के यूरेनियम संवर्धन के अधिकार को मान्यता देना शामिल है.

    इस विधेयक को ईरान की संसद ने पहले ही मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही मौलवियों और न्यायविदों के निकाय गार्डियन काउंसिल ने भी इसे मंजूरी दे दी है.

    इसका अर्थ है कि अब यह आधिकारिक रूप से एक कानून है. इसे कब और कैसे लागू किया जाएगा इसका अंतिम अधिकार ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और ईरान के सर्वोच्च नेता के पास है.

    अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा कि सहयोग निलंबित करने के बारे में ईरान ने उसे सूचित नहीं किया है.

    बीबीसी को पुष्टि की है कि, "अभी तक आईएईए को इस मामले पर ईरान से कोई आधिकारिक संदेश नहीं मिला है."

    सहयोग के निलंबन का अर्थ यह होगा कि आईएईए निरीक्षकों को ईरानी परमाणु स्थलों तक पहुंचने पर तब तक प्रतिबंध रहेगा जब तक कि शर्तें पूरी नहीं हो जातीं.

  5. जम्मू: भारतीय सेना के संयुक्त अभियान में एक चरमपंथी की मौत

    भारतीय सुरक्षा बल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय सुरक्षा बल (फ़ाइल फोटो)

    भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने एक संयुक्त अभियान में एक चरमपंथी को मार दिया है.

    अभियान की जानकारी देते हुए भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर लिखा है, "बसंतगढ़ में चल रहे ऑपरेशन बिहाली में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक आतंकवादी को मार दिया है."

    जम्मू जोन के आईजीपी भीम सेन टूटी ने बसंतगढ़ ऑपरेशन के बारे में कहा, "मुठभेड़ सुबह शुरू हुई और ऑपरेशन अभी जारी है."

    उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट पर है.

    अगले महीने 3 जुलाई को अमरनाथ यात्रा को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं.

  6. दिनभर-पूरा दिन, पूरी ख़बर - मोहन लाल शर्मा और संदीप राय से...

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. पाकिस्तान नहीं जाएगा सिंधु का पानी: सीआर पाटिल

    केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल

    पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रमुख और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी के सिंधु जल समझौते को लेकर बयान पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने नई दिल्ली के मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पानी कहीं नहीं जाएगा, उन्हें जो बोलना है बोलते रहें.

    सीआर पाटिल ने कहा, "मैं आपको एक लाइन में इतना कह सकता हूं कि पानी (सिंधु नदी का) कहीं नहीं जाएगा. बाकी बिलावल भुट्टो ज़रदारी क्या कहते हैं, ये उनका प्रश्न है. उनको अपनी पॉलिटिक्स वहां करनी है तो वो कहते रहें, जो कहना है."

    "उन्होंने तो धमकियां भी दी थीं कि पानी नहीं बहेगा तो खून बहेगा, वो भी आपने सुना होगा. ऐसी गीदड़ धमकियों से तो हम डरते नहीं हैं."

    "मगर कुछ बातें समय पर ही अच्छी लगती हैं इसलिए उसका जवाब समय पर ही देना उचित है."

    पिछले दिनों बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने कहा था, "सिंधु नदी का पानी रोका तो सभी छह नदियों पर कब्जा कर लेंगे, युद्ध से भी पीछे नहीं हटेंगे."

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए चरमपंथी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को रोक दिया था.

    भारत ने कहा था कि ये फ़ैसला तब तक लागू रहेगा जब तक पाकिस्तान विश्वसनीय ढंग से सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं कर देता.

  8. अमेरिका के नए वीज़ा नियमों को लेकर ये बोला भारतीय विदेश मंत्रालय

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, MEA

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    अमेरिकी दूतावास ने वीज़ा को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसके अनुसार अब वीज़ा के लिए आवेदन करने वालों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी देनी होगी.

    इसे लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है, "वीज़ा और इमिग्रेशन से जुड़ा मामला देश की संप्रभुता से जुड़ा हुआ है. अमेरिका ने जो गाइडलाइन जारी की है उसे हमने देखा है. उन्होंने वीज़ा एप्लीकेशन में सोशल मीडिया की जानकारी मांगी है."

    विदेश मंत्रालय का प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "विदेश मंत्रालय भारतीयों के हितों के लिए अमेरिका के साथ लगातार संपर्क में है. हमारा मानना है कि वीज़ा एप्लीकेशन को उनकी मेरिट के अनुसार देखा जाना चाहिए."

    इससे पहले अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर लिखा है कि सोशल मीडिया की जानकारी नहीं देने वालों का वीज़ा आवेदन ख़ारिज कर दिया जाएगा और भविष्य में वीज़ा देने को लेकर रोक लगाई जा सकती है.

    अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि सभी आवदेकों को डीएस-160 वीज़ा आवदेन पत्र में पिछले पांच सालों में इस्तेमाल किए गए सभी सोशल मीडिया हैंडल की जानकारी देनी होगी.

    इसके साथ ही उन्हें यह भी प्रमाणित करना होगा कि दी गई सभी जानकारियां सत्य और सही हैं.

    राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा का हवाला देते हुए अमेरिका ने सोमवार को कहा था कि छात्र वीज़ा के लिए सभी आवेदकों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक करने होंगे.

  9. अगर फिर हमला हुआ तो दुश्मन को चुकानी पड़ेगी भारी कीमत: ख़ामेनेई

    सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई (फ़ाइल फोटो)

    ईरान और इसराइल के बीच युद्ध विराम की अमेरिका की घोषणा के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने आज अपना पहला वीडियो संदेश जारी किया है.

    ख़ामेनेई ने साफ कहा है, "अगर (ईरान पर) हमला हुआ तो दुश्मन और हमलावर को निश्चित रूप से भारी कीमत चुकानी पड़ेगी."

    उन्होंने क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर और हमले करने की भी धमकी दी है.

    ख़ामनेई ने कहा, "ट्रंप ने ईरान के आत्मसमर्पण की बात कही लेकिन यह 'छोटे मुंह बड़ी बात' जैसा है."

    ख़ामेनेई की यह टिप्पणी ईरान और इसराइल के बीच 12 दिनों से चल रहे युद्ध के समाप्त होने के दो दिन बाद आई है.

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इसराइली हमलों में कम से कम 627 नागरिक मारे गए हैं. एएफपी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार इसराइल पर ईरानी हमलों में 28 लोगों की मौत हुई है.

  10. अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा में 180 कंपनियां तैनात

    सुरक्षा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवान (फ़ाइल फोटो)

    जम्मू- कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमले के बाद अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा घेरा और भी बढ़ा दिया गया है.

    जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया है कि इस साल यात्रा की सुरक्षा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कुल 180 कंपनियां तैनात की गई हैं. यह पिछले वर्षों के मुकाबले में 30 अधिक हैं.

    उन्होंने कहा, "तीर्थ यात्रियों से यह गुजारिश है कि वह स्वतंत्र रूप से यात्रा करने के बजाय अधिकारिक काफ़िले में यात्रा करें."

    समुद्र तल से करीब 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा की यात्रा इस बार 38 दिन की निर्धारित की गई है. यह यात्रा अनंतनाग और गांदरबल दोनों मार्गों से 3 जुलाई को शुरू होगी.

  11. ईरान के लिए आत्मसमर्पण का उल्लेख ही अपमान है: ख़ामेनेई

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने अपने भाषण में कहा है कि ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला करके अमेरिका "कुछ नहीं कर पाया है."

    उन्होंने कहा, "जो कुछ हुआ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है. उनकी बात सुनकर कोई भी व्यक्ति बता सकता है कि वो सच्चाई को तोड़-मरोड़ रहे थे."

    उन्होंने कहा, "हमने इस क्षेत्र में अमेरिका के एक प्रमुख अड्डे पर हमला किया और अमेरिका ने इसे कमतर आंकने की कोशिश की."

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने कहा कि ट्रंप ने ईरान से "आत्मसमर्पण" की बात करके बहुत बड़ी बात कह दी. "ईरान जैसे महान देश और राष्ट्र के लिए आत्मसमर्पण का उल्लेख ही अपमान है."

    उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने गलती से एक सच्चाई उजागर कर दी कि अमेरिकी शुरू से ही ईरान विरोधी रहे हैं.

    अमेरिका की सैन्य कार्रवाई भी परमाणु संवर्धन को लेकर नहीं थी बल्कि ईरान का "आत्मसमर्पण" कराने के लिए थी. इस हमले के मूल में हमेशा एक ही बात रही, "ईरान आत्मसमर्पण कर दे."

  12. आईएसएस पहुंचे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सहित चार अंतरिक्ष यात्री

    भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (सबसे बाएं) एक्सियम-4 मिशन के अन्य तीन साथियों के साथ.

    इमेज स्रोत, Axiom Space

    इमेज कैप्शन, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (सबसे बाएं) एक्सियम-4 मिशन के अन्य तीन साथियों के साथ

    एक्सियम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष की यात्रा पर भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को लेकर गया स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईआईएस) से जुड़ गया है.

    ड्रैगन कैप्सूल पहले से तय समय से 20 मिनट पहले डॉक हुआ. इसके बाद करीब दो घंटे की जांच होगी. इससे हवा के रिसाव और दबाव की स्थिरता की पुष्टि होगी. इसके बाद क्रू अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश करेगा.

    एक्सियम-4 मिशन के तहत ये चारों अंतरिक्ष यात्री 14 दिनों तक आईएसएस में रहेंगे. इससे पहले राकेश शर्मा पहले भारतीय थे, जो साल 1984 में रूसी मिशन के तहत स्पेस में गए थे.

    एक्सियम स्पेस नाम की अमेरिकी कंपनी, नासा और स्पेस एक्स के साथ मिलकर ऑपरेट कर रही है. यह कंपनी का चौथा मिशन है और इसमें पहली बार कोई भारतीय एस्ट्रोनॉट शामिल है.

  13. इसराइल को बचाने के लिए युद्ध में उतरा अमेरिका: आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई कुछ देर में देश को संबोधित करेंगे. ईरान और इसराइल के बीच युद्ध विराम की अमेरिका की घोषणा के बाद यह उनका पहला संदेश होगा.

    इससे पहले आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने एक्स पर इसराइल पर "विजय" के लिए ईरानी लोगों को बधाई दी है. उन्होंने लिखा, "मैं झूठे यहूदी शासन पर विजय के लिए (ईरान को) बधाई देता हूं."

    उन्होंने कहा कि अमेरिका "प्रत्यक्ष युद्ध में इसलिए उतरा क्योंकि उसे लगा कि अगर वह ऐसा नहीं करेगा तो इसराइल पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा."

    ख़ामेनेई ने आगे कहा कि अमेरिका को "इस युद्ध से कोई उपलब्धि हासिल नहीं हुई और ईरान 'विजयी' बनकर उभरा है. ईरान ने 'अमेरिका के चेहरे पर जोरदार तमाचा मारा है'."

    उन्होंने लिखा, "तीसरी बधाई, ईरानी राष्ट्र की एकता के लिए." करीब 9 करोड़ की आबादी वाला देश सशस्त्र बलों के समर्थन में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है.

    "ईरानी राष्ट्र ने अपने विशिष्ट चरित्र का प्रदर्शन किया और दिखाया कि जब भी आवश्यकता होगी, इस राष्ट्र की एक ही आवाज़ होगी."

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को एक सप्ताह से अधिक समय से नहीं देखा गया है. उन्होंने आखिरी बार 18 जून को एक अज्ञात स्थान से टेलीविज़न पर बयान दिया था.

  14. दो​पहिया वाहनों पर टोल टैक्स की ख़बरों पर नितिन गडकरी ने ये कहा

    केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी

    इमेज स्रोत, x.com/nitin_gadkari

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी

    केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स नहीं लगाया जा रहा है. ऐसी ख़बरें पूरी तरह से भ्रामक हैं.

    उन्होंने एक्स पर लिखा है, "कुछ मीडिया हाउसेस द्वारा दो-पहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाए जाने की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है. ऐसा कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं है."

    उन्होंने लिखा है कि दोपहिया वाहनों को टोल की छूट पूरी तरह जारी रहेगी.

    गडकरी ने लिखा है, "बिना सच्चाई जाने भ्रामक खबरें फैलाकर सनसनी पैदा करना स्वस्थ पत्रकारिता के लक्षण नहीं है. मैं इसकी निंदा करता हूं."

  15. अहमदाबाद विमान हादसा: दिल्ली लाया गया ब्लैक बॉक्स? जानिए क्या है नया अपडेट

    एयर इंडिया

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया का विमान 12 जून को अहमदाबाद में टेक ऑफ़ के फ़ौरन बाद पास के रिहायशी इलाके में गिर गया था

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि शिकागो कन्वेंशन समझौते के अनुसार एआई-171 विमान दुर्घटना की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने शुरू कर दी है.

    अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुसार जांच के लिए एएआईबी के महानिदेशक ने नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है.

    इसमें एक विमानन चिकित्सा विशेषज्ञ, एक एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल अधिकारी और अमेरिका की सरकारी जांच एजेंसी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) के प्रतिनिधि भी शामिल हैं.

    लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. एयर इंडिया ने बताया था कि विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई. इस हादसे में सिर्फ़ एक ही यात्री बच पाया था.

    इस हादसे में ज़मीन पर विमान की चपेट में भी कुछ लोग आए और कुल मिलाकर कम से कम 270 लोगों की मौतें हुई. यह भारत के इतिहास में सबसे दर्दनाक विमान दुर्घटनाओं में से एक है.

    मंत्रालय ने बताया है कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (एफडीआर) दोनों बरामद कर लिए गए हैं.

    भारतीय वायु सेना के विमान से ब्लैक बॉक्स को पूरी सुरक्षा के साथ 24 जून 2025 को अहमदाबाद से एएआईबी लैब दिल्ली लाया गया है.

    लैब में एएआईबी और एनटीएसबी के तकनीकी सदस्यों की टीम ने सुरक्षित रूप से डेटा निकाल लिया गया है. इसके साथ ही सीवीआर और एफडीआर डेटा का विश्लेषण शुरू हो गया है.

  16. ईरान से 272 भारतीय और तीन नेपाली नागरिक पहुंचे दिल्ली

    26 जून को ईरान से भारत पहुंचे लोग

    इमेज स्रोत, @MEAIndia

    इमेज कैप्शन, 26 जून को ईरान से भारत पहुंचे लोग

    ईरान से 26 जून को 272 भारतीय और तीन नेपाली नागरिक दिल्ली पहुँचे.

    इसकी जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दी.

    रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है कि 'ऑपरेशन सिंधु' के तहत अब तक ईरान से 3426 भारतीयों को निकाला गया है.

    इसराइल और ईरान के बीच हुए संघर्ष के बाद भारत सरकार ने 'ऑपरेशन सिंधु' शुरू किया था.

  17. राजनाथ सिंह ने चीन में रूस के रक्षा मंत्री से की मुलाक़ात, क्या चर्चा हुई?

    राजनाथ सिंह के साथ रूस के रक्षा मंत्री

    इमेज स्रोत, @rajnathsingh

    इमेज कैप्शन, राजनाथ सिंह के साथ रूस के रक्षा मंत्री

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को चीन में रूस के रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव से मुलाक़ात की.

    राजनाथ सिंह ने रूस के रक्षा मंत्री के साथ हुई मुलाक़ात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी.

    उन्होंने कहा है कि रूस के रक्षा मंत्री से मिलकर खुशी हुई.

    राजनाथ सिंह ने बताया है कि उन्होंने रूस के रक्षा मंत्री से भारत-रूस रक्षा संबंधों को बढ़ावा देने पर चर्चा की.

    राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ के सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन के दौरे पर हैं.

  18. सीआईए के निदेशक ने कहा, 'ईरान के परमाणु ठिकानों को गंभीर नुक़सान हुआ'

    अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के डायरेक्टर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ

    अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए के निदेशक ने कहा है कि अमेरिका के हमलों ने ईरान के परमाणु ठिकानों को 'गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त' किया है. इसने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को कई साल पीछे कर दिया है.

    सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने कहा है कि हमलों ने प्रमुख ठिकानों को नष्ट कर दिया है. हालांकि उन्होंने ये नहीं कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से ख़त्म हो गया.

    ये बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन की शुरुआती ख़ुफ़िया मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार, परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों से ईरान का परमाणु कार्यक्रम नष्ट नहीं हुआ, बल्कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम कुछ महीनों के लिए पीछे चला गया है.

    सीएनएन और न्यूयॉर्क टाइम्स जैसे कई बड़े अमेरिकी मीडिया संस्थानों ने भी रक्षा ख़ुफ़िया एजेंसी के हवाले से ये ख़बर दी थी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस रिपोर्ट से संबंधित ख़बरों को 'फ़ेक न्यूज़' बताया था.

  19. बिहार से दिल्ली जा रही बस हाईवे के नीचे गिरी, दो लोगों की मौत, 50 घायल, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    बस में सवार एक यात्री ने बताया है कि बस चालक की गलती के कारण हादसा हुआ है

    इमेज स्रोत, Manoj Kumar

    इमेज कैप्शन, बस में सवार एक यात्री का आरोप है कि बस चालक की ग़लती के कारण हादसा हुआ

    लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर गुरुवार को सड़क हादसा हो गया. इसमें दो लोगों की मौत हो गई और 50 लोग घायल हो गए हैं.

    घायल हुए लोगों में नेपाल के एक नागरिक भी हैं.

    बिहार के दरभंगा से दिल्ली आ रही स्लीपर बस सड़क हादसे का शिकार हुई है. इस बस में लगभग 60 से 65 यात्री मौजूद थे.

    स्लीपर बस में मौजूद सभी घायल यात्रियों को सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है.

    यह स्लीपर बस बालू से लदे ट्रक से हुई टक्कर की वजह से अनियंत्रित हो गई थी. बस हाईवे के नीचे 30 फ़ुट खाई में जा गिरी.

    सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती घायल यात्रियों ने आरोप लगाया है कि बस चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है.