रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने के एलान पर क्या कह रहे हैं बीजेपी नेता?

आरजेडी नेता और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने परिवार से नाता तोड़ने और राजनीति छोड़ने का एलान किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. आईपीएल 2026: रवींद्र जडेजा और संजू सैमसन ने बदली टीम

    रवींद्र जडेजा

    इमेज स्रोत, R.SATISH BABU/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, राजस्थान ने जडेजा को राजस्थान रॉयल्स ने 14 करोड़ क़ीमत दी है

    आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स समेत कई टीमों के बीच प्लेयर्स की ट्रेडिंग हुई है. अब अगले सीज़न में रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलेंगे.

    आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक़, राजस्थान ने जडेजा को 14 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया है. सीएसके उन्हें 18 करोड़ रुपये दे रही थी.

    इसके अलावा, इंग्लैंड के ऑल-राउंडर सैम करन को भी सीएसके से राजस्थान में ट्रेड किया गया है. उन्हें उनकी मौजूदा फ़ीस 2.4 करोड़ रुपए में ही टीम में शामिल किया है.

    वहीं, सीएसके ने राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल किया है. सैमसन को उनकी मौजूदा फ़ीस 18 करोड़ रुपये में ट्रेड किया गया.

    इसके अलावा तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी को लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद से 10 करोड़ रुपये में ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया.

    मयंक मार्कंडेय को मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स से, अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ ने मुंबई से, नीतीश राणा को दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान से और डोनोवन फ़ेरीरा को राजस्थान ने दिल्ली से ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया.

  2. जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने बताया, श्रीनगर के नौगाम थाने के अंदर हुए धमाके में नौ लोग मारे गए

    नलिन प्रभात

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि इस घटना में 27 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं

    जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने बताया है कि श्रीनगर के नौगाम थाने के अंदर हुए धमाके में नौ लोगों की मौत हुई है और 27 पुलिसकर्मी समेत कुल 32 लोग घायल हैं.

    डीजीपी नलिन प्रभात ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया, "एफ़एसएल टीम की ओर से सैंपलिंग की प्रक्रिया बहुत ही सावधानीपूर्वक की गई, मगर इस दौरान दुर्भाग्य से रात क़रीब 11.20 बजे एक दुर्घटना घटी."

    उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर किसी भी अन्य तरह की अटकलें लगाना बेकार है.

    डीजीपी ने बताया, "इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में नौ लोगों की मौत हुई है. इनमें एफ़एसएल टीम के तीन कर्मचारी, दो रेवेन्यू अधिकारी शामिल और अन्य कर्मचारी शामिल हैं. इसके अलावा 27 पुलिसकर्मी, दो रेवेन्यू अधिकारी और तीन नागरिक घायल हुए हैं."

    उन्होंने बताया कि सभी घायलों को निकटतम अस्पताल में शिफ़्ट किया गया है, जहां इनका इलाज चल रहा है.

    उन्होंने कहा, "पुलिस स्टेशन की इमारत को काफ़ी नुक़सान पहुंचा है. इसके अलावा पड़ोस की इमारतें भी इससे प्रभावित हुई हैं. इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है."

    इससे पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि यह धमाका उस वक़्त हुआ, जब 'व्हाइट-कॉलर' टेरर मॉड्यूल मामले से जुड़े विस्फोटकों से सैंपल निकाले जा रहे थे.

    यह विस्फोटक हरियाणा के फ़रीदाबाद से लाया गया था.

  3. बिहार में एनडीए की जीत पर तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने क्या कहा?

    एमके स्टालिन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री स्टालिन ने निर्वाचन आयोग पर निशाना भी साधा (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बिहार में विधानसभा चुनाव जीतने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है.

    एमके स्टालिन ने कहा, "मैं वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को उनकी निर्णायक जीत पर बधाई देता हूं और उन्हें बिहार के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं."

    उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के चुनावी अभियान की भी सराहना की. इसके अलावा, यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता जनता का संदेश समझने और चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक योजना बनाने में सक्षम हैं.

    मुख्यमंत्री स्टालिन ने निर्वाचन आयोग पर निशाना भी साधा.

    उन्होंने कहा, "इस चुनाव का नतीजा निर्वाचन आयोग के ग़लत कामों और लापरवाह कार्रवाइयों को नहीं बदल सकता. निर्वाचन आयोग की साख अपने सबसे निचले स्तर पर है."

    स्टालिन ने कहा, "इस देश के नागरिक एक मज़बूत और अधिक निष्पक्ष निर्वाचन आयोग के हक़दार हैं, जिसकी चुनावी प्रक्रिया पर उन लोगों को भी भरोसा हो, जो चुनाव हार जाते हैं."

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-दक्षिण अफ़्रीका टेस्ट: दूसरे दिन का खेल शुरू, केएल राहुल और सुंदर क्रीज़ पर मौजूद

    केएल राहुल और वाशिंगटन सुंदर

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty

    इमेज कैप्शन, केएल राहुल 13 रन बनाकर क्रीज़ पर हैं

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल शुरू हो गया है.

    दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी. हालांकि, उनका यह निर्णय सही साबित नहीं हुआ. मेहमान टीम पहले दिन ही 159 रन पर ऑल आउट हो गई.

    इसके जवाब में बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले दिन एक विकेट के नुक़सान पर 37 रन बनाए. केएल राहुल (13) और वाशिंगटन सुंदर क्रीज़ (6) पर मौजूद हैं. वहीं यशस्वी जायसवाल 12 रन बनाकर आउट हुए.

    भारत की ओर से तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट झटके. वहीं कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज को दो-दो विकेट और अक्षर पटेल को एक विकेट मिला.

  5. जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन के अंदर देर रात धमाका, माजिद जहांगीर, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर से

    सीआरपीएफ़ के जवान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एएनआई के मुताबिक़, सीआरपीएफ़ के आईजी पवन कुमार शर्मा ने नौगाम पुलिस स्टेशन का दौरा किया

    जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के नौगाम इलाक़े में स्थित पुलिस स्टेशन के अंदर शुक्रवार देर रात एक धमाका हुआ है. इस विस्फोट में कई पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है और दर्जनभर से ज़्यादा घायल बताए जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि इस धमाके में आठ लोगों की मौत हुई है और 27 लोग घायल हैं.

    हालांकि, अभी पुलिस की तरफ़ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

    सूत्रों ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि यह कोई चरमपंथी हमला नहीं था. पुलिस स्टेशन के अंदर कुछ अमोनियम नाइट्रेट (विस्फोटक) रखा हुआ था, जो कि फट गया.

    बताया जा रहा है कि ब्लास्ट इतना ज़ोरदार था कि कई किलोमीटर तक उसकी आवाज़ सुनाई दी और पुलिस स्टेशन के अंदर रखी गई गाड़ियों को भी ज़बरदस्त नुक़सान पहुंचा है.

    अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि यह धमाका उस वक़्त हुआ, जब 'व्हाइट-कॉलर' टेरर मॉड्यूल मामले से जुड़े विस्फोटकों से सैंपल निकाले जा रहे थे. यह विस्फोटक हरियाणा के फ़रीदाबाद से लाया गया था.

    अधिकारियों के मुताबिक़, यह धमाका शुक्रवार देर रात हुआ, जिसमें छह लोगों की मौत हुई और 27 लोग घायल हुए. इनमें ज़्यादातर पुलिसकर्मी और फॉरेंसिक अधिकारी हैं.

    इस घटना के बारे में एक स्थानीय शख़्स तारिक़ अहमद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया, "शुक्रवार रात 11:22 जोरदार धमाका हुआ. हम लोग डर गए, 15-20 मिनट तो समझने में लगा कि हुआ क्या है. जब लोग बाहर निकले तब पता चला कि थाने में कुछ हुआ है."

    उन्होंने बताया, "जब हम भागकर गए तो देखा कि चारों ओर धुआं था, लाशें थीं. इसमें लोग मरे हैं. हमारे साथी मरे हैं. पड़ोस में रहने वाले मरे हैं."

  6. बिहार चुनाव: जन सुराज की एकमात्र ट्रांसजेंडर प्रत्याशी को कितने वोट मिले?

    ट्रांसजेंडर प्रीति किन्नर
    इमेज कैप्शन, जनसुराज पार्टी ने बिहार में भोरे विधानसभा क्षेत्र से प्रीति किन्नर को अपना उम्मीदवार बनाया था

    बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं. एनडीए ने राज्य की 243 सीटों में से 202 सीटों पर जीत हासिल की है.

    जन सुराज के टिकट पर गोपालगंज की भोरे सीट से चुनाव लड़ने वालीं ट्रांसजेंडर प्रीति किन्नर चुनाव हार गई हैं. वह तीसरे नंबर पर रहीं.

    इस सीट पर जनता दल (यूनाइटेड) के सुनील कुमार ने 16 हज़ार से अधिक वोटों से जीत हासिल की है. उन्हें एक लाख से अधिक वोट मिले.

    वहीं सीपीआई(एमएलएल) के धनंजय कुमार क़रीब 85 हज़ार वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे और जन सुराज की प्रीति किन्नर 8,602 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहीं.

    इस बार के चुनाव में बीजेपी सबसे ज़्यादा सीटें (89) जीतने वाली पार्टी बनी है. वहीं जेडीयू ने 85, आरजेडी ने 25 और कांग्रेस ने महज़ छह सीटों पर जीत हासिल की है.

  7. ट्रंप ने कहा, पैनोरामा एडिट पर बीबीसी के ख़िलाफ़ करूंगा क़ानूनी कार्रवाई

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Al Drago/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि वह इस मुद्दे पर वीकेंड में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से बात करेंगे

    बीबीसी की ओर से पैनोरामा एडिट मामले में माफ़ी मांगने के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह उसके ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई करेंगे.

    शुक्रवार शाम एयर फ़ोर्स वन पर मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "अगले हफ़्ते हम उन पर एक अरब से लेकर पांच अरब डॉलर तक का मुक़दमा करेंगे."

    उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर वीकेंड में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से बात करेंगे.

    शुक्रवार को बीबीसी ने एक बयान जारी कर कहा था कि छह जनवरी 2021 की स्पीच के एडिट से "ग़लत धारणा बनी कि राष्ट्रपति ट्रंप ने सीधे तौर पर हिंसक कार्रवाई की अपील की थी."

    इस मामले में बीबीसी ने माफ़ी मांगी लेकिन यह भी कहा कि संस्था किसी तरह का वित्तीय मुआवजा नहीं देगी.

    इस हफ़्ते की शुरुआत में ट्रंप के वकीलों ने बीबीसी को चेतावनी दी थी कि अगर बीबीसी ने अपना बयान वापस नहीं लिया, माफ़ी नहीं मांगी और मुआवजा नहीं दिया तो वे उस पर एक अरब डॉलर के हर्जाने का मुक़दमा करेंगे.

    इस विवाद की वजह से पिछले हफ़्ते रविवार को बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और हेड ऑफ़ न्यूज़ डेबोरा टर्नेस को इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.