बिहार विधानसभा चुनाव की सभी सीटों के नतीजे घोषित, जानिए किसे मिली कितनी सीटें

बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों के नतीजे आ चुके हैं. इनमें से सबसे ज़्यादा बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं. वहीं सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, संदीप राय

  1. बिहार विधानसभा चुनाव की सभी सीटों के नतीजे घोषित, जानिए किसे मिली कितनी सीटें

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बिहार चुनाव में भारी जीत के बाद जश्न मनाते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों के नतीजे आ चुके हैं.

    राज्य की 243 सीटों में से सबसे ज्यादा बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं. वहीं सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं.

    एनडीए में शामिल चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास ) को 19 सीटें मिली हैं.

    जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को पांच सीटें मिली हैं. उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा चार सीटें जीतने में सफल रही है.

    राष्ट्रीय जनता दल का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा. महागठबंधन का नेतृत्व कर रही पार्टी को सिर्फ 25 सीटों पर संतोष करना पड़ा है.

    वहीं सहयोगी दल कांग्रेस को छह सीटें मिली हैं.

    भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन को दो सीटें मिलीं.

    जबकि असदुद्दीन औवेसी की पार्टी एआईएमआईएम पांच सीटें जीतने में कामयाब रही.

    इंडियन इन्क्लुसिव पार्टी, माकपा और बहुजन समाज पार्टी को एक-एक सीट मिली है.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. बिहार विधानसभा चुनाव नतीजेः अब तक 234 सीटों पर परिणाम घोषित, बीजेपी-जेडीयू को 169 सीटें

    बीजेपी के सपोर्टर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजेपी ने 87 सीटों पर जीत दर्ज की है

    बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना में रात 10 बजे तक 243 में से कुल 234 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ एनडीए को अब तक 196 सीटें मिली हैं.

    बीजेपी ने 87 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि जेडीयू ने 82 सीटों पर और एलजेपी (आर) ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की है.

    महागठबंधन के खाते में अब तक 34 सीटें आई हैं. आरजेडी एक सीट पर आगे चल रही है.

    पार्टीवार आंकड़े इस प्रकार हैं -

    बीजेपी - 87

    जेडीयू - 82

    आरजेडी - 24

    एलजेपी (आर) - 18

    कांग्रेस - 6

    एआईएमआईएम - 5

    हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) - 5

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा - 4

    सीपीआई(एमएल) - 2

    सीपीएम - 1

    इंडियन इनक्लूसिव पार्टी - 0 (एक सीट पर आगे)

    बहुजन समाज पार्टी - 0 (एक सीट पर आगे)

  4. बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर क्या बोले राहुल गांधी?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    एक्स पर लिखे एक पोस्ट में चुनावी नतीजों को चौंकाने वाला बताया.

    उन्होंने लिखा, "मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है."

    "हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था. यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है. कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे."

    इन चुनावों में एनडीए को भारी बहुमत हासिल हुआ है जबकि महागठबंधन काफ़ी पीछे रहा है. कांग्रेस को केवल 6 सीटें मिली हैं.

  5. बिहार चुनाव नतीजेः खेसारीलाल और तेज प्रताप यादव कितने वोटों से हारे

    खेसारीलाल यादव और तेज प्रताप यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, खेसारीलाल यादव और तेज प्रताप यादव

    बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी के उम्मीदवार गायक खेसारीलाल और अलग पार्टी बनाकर मैदान में उतरे तेज प्रताप यादव हार गए हैं.

    शत्रुघ्न यादव (खेसारीलाल) छपरा से मैदान में थे. यहां से बीजेपी उम्मीदवार छोटी कुमारी ने 7600 वोटों से जीत दर्ज की, उन्हें 86,845 वोट मिले.

    खेसारीलाल को कुल 79,245 वोट मिले. यहां से जनसुराज पार्टी को 3,433 मिले जबकि नोटा पर 2,706 वोट पड़े.

    यहां तीसरे नंबर पर रहीं स्वतंत्र उम्मीदवार राखी गुप्ता, जिन्हें 11,488 वोट मिले.

    तेज प्रताप यादव महुआ सीट से मैदान में थे. यहां से चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी राम विलास के संजय कुमार सिंह ने 44,997 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

    उन्हें कुल 87641 वोट मिले. जबकि दूसरे नंबर पर 42644 वोटों के साथ राजद उम्मीदवार मुकेश कुमार रौशन रहे.

    यहां तेज प्रताप यादव 35,703 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे. बहुजन समाज पार्टी की रिमझिम देवी को 6739 वोट मिले.

    एआईएमआईएम के अमित कुमार 15783 वोटों के साथ चौते स्थान पर रहे और जन सुराज पार्टी के इंद्रजीत प्रधान को 2,386 वोट मिले.

  6. स्टॉकहोम में बस स्टॉप से टकराई बस, कई लोगों की मौत

    स्वीडन में बस स्टॉप से टकराई

    इमेज स्रोत, TT/EPA/Shutterstock

    स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम के सेंट्रल इलाके में एक बस, बस स्टॉप से टकरा गई. इस दुर्घटना में कई लोग मारे गए हैं.

    कुछ लोग घायल भी हुए हैं. यह जानकारी स्वीडिश पुलिस ने दी है.

    पुलिस ने बयान में कहा कि इस घटना को गंभीर 'गैर-इरादतन हत्या' के रूप में दर्ज किया गया है.

    पुलिस के अनुसार, फ़िलहाल प्रभावित लोगों की संख्या या उम्र के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की जाएगी.

    स्वीडन के सरकारी मीडिया संस्थान एसवीटी ने ट्रांसडेव के एक कम्युनिकेशन मैनेजर के हवाले से बताया कि कंपनी उत्तर स्टॉकहोम में लोकल बस सर्विस चलाती है और हादसे में शामिल डबल डेकर बस उन्हीं की थी.

    बस स्टॉप के पास दुकान चलाने वाले एक चश्मदीद ने एसवीटी को बताया कि बस ने शेल्टर के सामने लगे खंभे को टक्कर मारी. उन्होंने कहा कि कई लोग चीखते हुए उनकी दुकान की ओर भागे.

  7. बिहार विधानसभा चुनाव नतीजेः अबतक 200 सीटों पर परिणाम घोषित, बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी

    बीजेपी कार्यकर्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा चुनावों में बीजेपी को भारी बढ़त मिली है.

    बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना में शाम 8.30 बजे तक कुल 202 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ एनडीए को अबतक 168 सीटें मिली हैं.

    और अभी बीजेपी 9 सीटों पर आगे है, जबकि जेडीयू 17 सीटों पर आगे चल रही है.

    महागठबंधन के खाते में अबतक 26 सीटें आई हैं. आरजेडी पांच सीटों और कांग्रेस एक सीट पर अभी आगे चल रही है.

    पार्टीवार आंकड़े इस प्रकार हैं-

    भारतीय जनता पार्टी - बीजेपी- 80

    जनता दल (यूनाइटेड) - जेडीयू- 67

    राष्ट्रीय जनता दल- आरजेडी-20

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)- एलजेपीआरवी- 16

    इंडियन नेशनल कांग्रेस- आईएनसी- 4

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन-एआईएमआईएम- 5

    हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर)- एचएएमएस- 4

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा- आरएसएचटीएलकेएम- 3

    कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (एमएल) लिबरेशन- सीपीआई(एमएल)(एल)- 2

    कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सवादी)- सीपीएम- 1

    इंडियन इनक्लूसिव पार्टी- आईआईपी- 0 (एक सीट पर आगे)

    बहुजन समाज पार्टी- बीएसपी- 0 (एक सीट पर आगे)

  8. बिहार चुनाव नतीजेः एआईएमआईएम को इतनी सीटें पर जीत मिली, ओवैसी ने क्या कहा

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार विधानसभा चुनावों में हैदाराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के खाते में पांच सीटें आई हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़, जोकीहाट से मोहम्मद मुर्शीद आलम, बहादुरगंज से मौहम्मद तौसीफ़ आलम, कोचधामन से मोहम्मद सरवर आलम, अमौर से अख़्तरुल ईमान और बैसी से ग़ुलाम सरवर जीते हैं.

    इन नतीजों के बाद किसी भी सीट पर एआईएमआईएम की बढ़त नहीं है.

    चुनावी नतीजों पर औवेसी ने कहा, "मैं सीमांचल की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारे पांच विधायकों को जिताया... हम आज भी सीमांचल के इंसाफ़ की लड़ाई लड़ रहे हैं... यह बिहार की जनता का फ़ैसला है और हमें इसे इज़्ज़त की निगाहों से स्वीकार करना है."

    उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद कर रहा था कि एनडीए बड़ी जीत हासिल करेगी, लेकिन 200 सीटों तक जाएगी, यह अंदाज़ा नहीं था. जो भी है, यह बिहार के लोगों का जनमत है और हमें इसे पूरी तरह स्वीकार करना होगा. मैं नीतीश कुमार को भी बधाई देता हूं, और अगर वह सच में सीमांचल के विकास पर ध्यान देना चाहते हैं, तो हम रचनात्मक सहयोग करेंगे. मैं सीमांचल आना जारी रखूंगा."

  9. बिहार में एक नया एम-वाई फ़ार्मूला बना है: चुनाव परिणाम पर पीएम मोदी

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने अपने भाषण में नीतीश कुमार की तारीफ़ की है

    बिहार चुनाव परिणामों पर बीजेपी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "लोहा लोहे को काटता है. बिहार में कुछ दलों ने तुष्टिकरण वाला एम-वाई फ़ॉर्मूला बनाया था. आज की जीत ने नया सकारात्मक एम-वाई फार्मूला दिया है- महिला और यूथ."

    "आज बिहार देश के उन राज्यों में है जहां सबसे ज़्यादा युवाओं की संख्या है और इसमें हर धर्म हर जाति के युवा हैं. उनकी इच्छा है उनकी आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वालों के पुराने सांप्रदायिक एम-वाई फ़ॉर्मूले को ध्वस्त कर दिया है. मैं बिहार के युवाओं, बहनों बेटियों, किसानों, श्रमिकों, दुकानदारों, मछलीपालकों को बधाई देता हूं."

    "नीतीश जी ने शानदार नेतृत्व दिया. बीजेपी के नेताओं ने बहुत मेहनत की. एनडीए के कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल पर अद्भुत तालमेल बिठाया."

    बिहार में एनडीए को भारी बढ़त मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है.

  10. पीएम मोदी बीजेपी मुख्यालय में चुनाव परिणाम पर बोले, “बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है”

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार चुनाव के परिणामों के बाद पीएम नरेंद्र मोदी दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पहुंचे

    बिहार विधानसभा चुनाव के मतगणना के रुझानों में एनडीए को मिली भारी बढ़त के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया है.”

    नई दिल्ली में बीजेपी के मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि "बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. मैंने बिहार के लोगों से प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था और जनता ने माना. साल 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश दिया."

    "हम एनडीए के लोग जनता जनार्दन के सेवक हैं. हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं. हम तो जनता जनार्दन का दिल चुराकर बैठे हुए हैं. इसीलिए पूरे बिहार ने बता दिया है कि फिर एक बार एनडीए सरकार."

    "मैंने चुनाव में बार बार कहा था और बिहार के चुनाव में जंगलराज की बात करता था, कट्टा सरकार की बात करता था तो आरजेडी को लोग विरोध नहीं करते थे लेकिन कांग्रेस को बुरा लगता था. अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार."

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा है कि अच्छे शासन की जीत हुई है

    उन्होंने कहा, यहां भी मखाना की खीर सबको खिलाई गई है.

    शाम क़रीब सात बजे पीएम मोदी दिल्ली में बीजेपी के मुख्यालय पहुंचे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें मखाना की माला पहनाई.

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन नतीजों को प्रधानमंत्री के प्रति ‘अटूट विश्वास’ बताया और 'महिलाओं को विशेष तौर पर धन्यावाद' दिया.

    पार्टी मुख्यालय जाने से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "अच्छे शासन की जीत हुई है. विकास की जीत हुई है. जनता के पक्ष वाली सोच की जीत हुई है. सामाजिक न्याय की जीत हुई है."

  11. बिहार विधानसभा चुनाव नतीजेः अबतक 101 सीटों पर परिणाम घोषित, किसे कितनी सीटें मिलीं

    बीजेपी कार्यकर्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा चुनावों में एनडीए की बढ़त पर कोलकाता में बीजेपी कार्यकर्ता खुशी मना रहे हैं.

    बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना में शाम 6.30 बजे तक कुल 101 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ एनडीए को अबतक 87 सीटें मिली हैं.

    बीजेपी 41 सीटों पर आगे है, जबकि जेडीयू 52 सीटों पर आगे चल रही है.

    महागठबंधन के खाते में अबतक 10 सीटें आई हैं.

    पार्टीवार आंकड़े इस प्रकार हैं-

    भारतीय जनता पार्टी - बीजेपी- 50

    जनता दल (यूनाइटे) - जेडीयू- 31

    राष्ट्रीय जनता दल- आरजेडी- 7

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)- एलजेपीआरवी- 4

    इंडियन नेशनल कांग्रेस- आईएनसी- 1

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन-एआईएमआईएम- 4

    हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर)- एचएएमएस- 1

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा- आरएसएचटीएलकेएम- 1

    कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (एमएल) लिबरेशन- सीपीआई(एमएल)(एल) 1

    कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सवादी)- सीपीएम 1

    इंडियन इनक्लूसिव पार्टी- आईआईपी- 0 (एक सीट पर आगे)

    बहुजन समाज पार्टी- बीएसपी- 0 (एक सीट पर आगे)

  12. बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने क्या कहा

    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार ने एनडीए गठबंधन के नेताओं का आभार जताया है.

    बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रतिक्रिया दी है.

    एक्स पर लिखे एक पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी और गठबंधन के अन्य सहयोगियों का आभार जताया.

    उन्होंने लिखा, “बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है. इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद. आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद.

    “एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है. इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों- श्री चिराग पासवान जी, श्री जीतन राम मांझी जी एवं श्री उपेन्द्र कुशवाहा जी को भी धन्यवाद एवं आभार. आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज़्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा.”

    इस चुनाव के रुझानों में एनडीए पूर्ण बहुमत की ओर जाती दिख रही है.

    एनडीए 203 सीटों पर आगे है जबकि महागठबंधन 34 सीटों पर आगे है.

    अभी तक घोषित नतीजों में बीजेपी 42 सीटों और जेडीयू 28 सीटों पर विजयी हुई है.

  13. बिहार चुनाव नतीजेः अबतक 50 सीटों पर परिणाम घोषित, किसे कितनी सीटें मिलीं

    बिहार चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रुझानों में एनडीए के आगे रहने पर खुशी मनाते कार्यकर्ता.

    बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना में शाम 5.30 बजे तक कुल 50 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़ एनडीए को अबतक 39 सीटें मिली हैं (बीजेपी-26, जेडीयू-12, एलजेपी (आरवी)-2, हम-1)

    बीजेपी 66 सीटों पर आगे है, जबकि जेडीयू 71 सीटों पर आगे चल रही है.

    जबकि महागठबंधन के खाते में अबतक पांच सीटें (राजद-5, 1 कांग्रेस) गई हैं.

    राजद 22 सीटों पर और कांग्रेस 4 सीटों पर आगे है.

    एआईएमआईएम के खाते में 3 सीटें गई हैं जबकि दो सीटों पर वो आगे है.

  14. बिहार चुनावः मुकेश सहनी ने महागठबंधन की हार स्वीकार की, बताई ये वजह

    मुकेश सहनी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुकेश सहनी महागठबंधन की सहयोगी पार्टी वीआईपी के नेता हैं.

    बिहार विधानसभा चुनावों में महागठबंधन की सहयोगी पार्टी वीआईपी के मुकेश सहनी ने हार स्वीकार की है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "हम इस जनादेश को स्वीकार करते हैं और जो जीते हैं-एनडीए, उनको मैं बधाई देता हूं. माताओं-बहनों का वोट एनडीए के पक्ष में गिरा है, जिसके कारण उनकी इतनी बड़ी जीत हो रही है."

    "मैं जनादेश का सम्मान करते हुए इसे (हार) स्वीकार करता हूं. आने वाले समय में हम और मंथन करेंगे कि विफल होने का क्या कारण है."

    इस चुनाव के रुझानों में एनडीए पूर्ण बहुमत की ओर जाती दिख रही है.

    एनडीए 203 सीटों पर आगे है जबकि महागठबंधन 34 सीटों पर आगे है.

    वीआईपी का कोई भी उम्मीदवार किसी भी सीट पर आगे नहीं है.

  15. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी बधाई

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार विधानसभा चुनावों में एनडीए के भारी बढ़त मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गठबंधन के अन्य नेताओं को बधाई दी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है. लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विज़न को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है."

    उन्होंने आगे लिखा, "मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं."

    202 सीटों पर बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी के गठबंधन वाला एनडीए आगे चल रहा है जबकि आरजेडी-कांग्रेस वाला महागठबंधन सिर्फ़ 35 सीटों पर आगे है.

  16. बिहार चुनावों के रुझानों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बोले

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना में एनडीए के पक्ष में भारी रुझान के बाद बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने एनडीए को यह जनादेश दिया है, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार इसे और भी अधिक समर्पण के साथ पूरा करेगी."

    उन्होंने आगे लिखा, "बिहार की जनता का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खिलवाड़ करने वाले घुसपैठियों और उनके समर्थकों के विरुद्ध मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है. वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है."

    "बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके विरुद्ध राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है. इसीलिए, राहुल गांधी के नेतृत्व में, कांग्रेस पार्टी आज बिहार में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई है."

    203 सीटों पर बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी के गठबंधन वाला एनडीए आगे चल रहा है जबकि आरजेडी-कांग्रेस वाला महागठबंधन सिर्फ़ 34 सीटों पर आगे चल रहा है.

  17. बडगाम विधानसभा उप चुनाव में पीडीपी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतज़िर जीते

    महबूबा मुफ़्ती के साथ आगा सैयद मुंतज़िर

    इमेज स्रोत, @MehboobaMufti

    इमेज कैप्शन, महबूबा मुफ़्ती के साथ आगा सैयद मुंतज़िर

    जम्मू-कश्मीर के बडगाम विधानसभा उपचुनाव में पीडीपी के उम्मीदवार को जीत मिली है.

    17वें राउंड की मतगणना के बाद पीडीपी के आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी ने 4479 वोटों के अंतर से जीत हासिल की.

    दूसरे नंबर पर आगा सैयद महमूद अल-मोसावी रहे.

    बीजेपी के उम्मीदवार आगा सैय्यद मोहसिन मोसवी छठे नंबर रहे, उन्हें कुल 2619 वोट मिले.

    यहां नोटा पर 544 वोट पड़े. इस उप चुनाव में 17 उम्मीदवार मैदान में थे.

    जीत के बाद आगा सैयद मुंतज़िर ने कहा, "यह जीत हमारे अकेले जमात की नहीं है, पूरे बडगाम ज़िले और इस चुनाव क्षेत्र की है. 70 साल से नाइंसाफ़ियों के ख़िलाफ़ ग़म और ग़ुस्से का इजहार करने और मतों के रूप में इसे ज़ाहिर करने का आज उन्हें मौका मिला. इन्हें मौक़ा मिला बदलाव का झंडा गाड़ने का."

    पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने हा, "यह पीडीपी की नहीं बल्कि यहां की जनता की जीत है... उमर अब्दुल्लाह ने जो वादा यहां की जनता से किया था, उन्होंने उसके बाद उससे हमेशा यू-टर्न लिया है. आज बडगाम की जनता ने उसका जवाब दे दिया है. बडगाम के लोग उमर अब्दुल्लाह से बहुत नाराज़ थे. यहां के लोगों में जश्न का माहौल है."

  18. बिहार चुनाव नतीजे: मोकामा से अनंत सिंह जीते

    अनंत सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार की मोकामा सीट से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अनंत सिंह चुनाव जीत गए हैं.

    उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की वीणा देवी को 28,206 वोटों से हरा दिया. जनसुराज पार्टी के प्रियदर्शी पीयूष तीसरे नंबर पर रहे.

    चुनाव प्रचार के दौरान मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी. इस हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगा, जिसके बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.

    बिहार चुनाव नतीजे 2025

    अब तक के रुझानों के हिसाब से बीजेपी-जेडीयू के गठबंधन वाला एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाने की ओर बढ़ रहा है.

    243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में एनडीए 208 सीटों पर आगे है जबकि आरजेडी-कांग्रेस वाला महागठबंधन सिर्फ़ 29 सीटों पर आगे है.

    राघोपुर से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के तेजस्वी यादव बीजेपी के सतीश कुमार से क़रीब पांच हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं.

  19. कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने दी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को 'बधाई'

    भूपेश बघेल और मुख्य चुनाव आयुक्त

    इमेज स्रोत, Getty Images/ ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

    बिहार विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है और रुझानों में महागठबंधन के पिछड़ने पर कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है.

    छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "जो रुझान दिखाई दे रहे हैं उसमें एनडीए तीन चौथाई बहुमत की ओर जा रही है. इसके बारे में अमित शाह पहले बोल चुके थे."

    भूपेश बघेल ने कहा, "इस पूरे चुनाव में अगर कोई एक व्यक्ति ज़िम्मेदार है तो वो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हैं. इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं. निर्वाचन आयोग ने जिस तरह काम किया है उससे ये साफ़ है. बिहार चुनाव में ज्ञानेश कुमार की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण थी."

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा, "लोकतंत्र खतरे में है. जो हालात हरियाणा के बाद महाराष्ट्र में बने हैं वही हालात यहां बने हैं... जिस प्रकार से ये धन बल का प्रयोग करते हैं लोग कल्पना नहीं कर सकते हैं... चुनाव आयोग इनका साथ दे रहा है.”

    “अगर निष्पक्ष चुनाव नहीं होते हैं तो वो वोट चोरी है. चुनाव चलते हुए 1 करोड़ 35 लाख महिलाओं के खाते में 10 हजार गए. चुनाव आयोग को क्या हो गया है?... राजस्थान में चुनाव की घोषणा के बाद पेंशन मिलना बंद हो गई थी. वहां सब जारी रहा."

  20. अभिनेत्री कामिनी कौशल का 98 साल की उम्र में निधन, रवि जैन, मुंबई से बीबीसी हिन्दी के लिए

    कामिनी कौशल

    इमेज स्रोत, Pradeep Sardana/BBC

    अपने दौर की मशहूर अभिनेत्री कामिनी कौशल का‌ आज सुबह मुंबई स्थित अपने घर में निधन हो गया.

    98 साल की कामिनी कौशल उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं.

    परिवार से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से बात करते हुए वरिष्ठ अभिनेत्री के निधन की पुष्टि की.

    कामिनी कौशल का जन्म 25 फ़रवरी, 1927 में लाहौर (अविभाजित भारत) में हुआ था. उनका असली नाम‌ उमा कश्यप था.

    कामिनी कौशल

    इमेज स्रोत, Kamini Kaushal

    कई फ़िल्मों में बतौर लीड अभिनेत्री किया काम

    कामिनी‌ कौशल ने 40 के दशक के मध्य से लेकर 60 के दशक के शुरुआती सालों तक कई फ़िल्मों में लीड हीरोइन के रूप में काम किया था.

    बाद के सालों में उन्होंने कई फ़िल्मों में एक सशक्त चरित्र अभिनेत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई थी और टीवी सीरियल्स में भी काम किया था.

    कामिनी कौशल ने निर्देशक चेतन आनंद की बेहद चर्चित फ़िल्म 'नीचा नगर' से शुरुआत की थी. कामिनी कौशल ने दो भाई, शहीद, ज़िद्दी, शबनम, पारस, नमूना, आरजू, बिराज बहू, झांझर, आबरू, बड़े सरकार, जेलर, नाइट क्लब और गोदान जैसी फ़िल्मों में लीड अभिनेत्री रहीं.

    उन्होंने अपने दौर में अशोक कुमार, दिलीप कुमार, राज कपूर, देव आनंद जैसे अभिनेताओं के साथ बतौर हीरोइन काम किया. कामिनी कौशल आखिरी बार साल 2022 में रिलीज़ हुई आमिर ख़ान‌ की फ़िल्म 'लाल सिंह चड्ढा' में नज़र आईं थीं.

    उन्होंने 'कबीर सिंह' में शाहिद कपूर की तो वहीं 'चेन्नई एक्सप्रेस' में शाहरुख़ ख़ान की दादी की भूमिकाएं निभाईं थीं.

    कामिनी कौशल के तीन बेटे थे. जिनमें से उनके बेटे राहुल सूद उन्हीं के साथ घर में रहकर उनकी देखभाल किया करते थे लेकिन कोविड के दौरान उनकी मौत हो गई थी.