लाइव, टीएमसी के फ़्रीज़ किए गए बैंक खातों को लेकर ममता बनर्जी गुट को हाईकोर्ट से राहत

कलकत्ता हाईकोर्ट में तृणमूल कांग्रेस के फ़्रीज़ किए गए तीन बैंक खातों के मामले में गुरुवार को ममता बनर्जी गुट को राहत दी है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • finland wife carrying competition
  • पुणे में बारिश
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • समंदर का पानी खारा, नदी का पानी मीठा क्यों होता है?
  • अमेरिका की आज़ादी के 250 साल पूरे
  • वैभव सूर्यवंशी
  • प्रशांत किशोर

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, शिवांगी जायसवाल

  1. ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता ख़ामेनेई का पार्थिव शरीर उनके जन्मस्थान ले जाया गया, कुछ देर में होगा अंतिम संस्कार

    शोकाकुल लोग

    इमेज स्रोत, Ahmad AL-RUBAYE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कर्बला स्थित इमाम हुसैन दरगाह में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की अंतिम यात्रा में शामिल शोकाकुल लोगों की भीड़. कई दिनों तक चले जनाज़े के बाद उन्हें उनके पैतृक शहर मशहद में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया जा रहा है.

    ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को कुछ समय बाद सुपुर्द-ए-ख़ाक किया जाएगा.

    इसके लिए उनके पार्थिव शरीर को विमान से गुरुवार की दोपहर को ईरान के सबसे पवित्र शहर मशहद पहुँच गया. मशहद में ही उन्हें दफ़्न किया जाएगा. यह शहर उनका जन्मस्थान भी है और शिया मुसलमानों के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है.

    कर्बला स्थित इमाम हुसैन दरगाह में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शोकाकुल लोगों की भीड़ शामिल हुई.

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से संबद्ध तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, पिछले कई दिनों से जारी अंतिम संस्कार समारोहों का अंतिम चरण स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे शुरू होगा.

    अंतिम रस्म-ए-दफ़्न मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह परिसर में अदा की जाएगी.

    भारत और ईरान के समय के बीच लगभग दो घंटे का अंतर है. ऐसे में यह समारोह भारतीय समयानुसार शाम करीब 4 बजे शुरू होने की संभावना है.

    पिछले छह दिनों के दौरान ख़ामेनेई के ताबूत को ईरान और इराक़ के विभिन्न शहरों में आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था.

    ईरानी अधिकारियों का दावा है कि इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों और दुनिया भर से आए क़रीब डेढ़ करोड़ लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कथित तौर पर स्वीकार किया था कि ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ी भारी भीड़ देखकर वे आश्चर्यचकित हैं.

    इस अंतिम संस्कार के कवरेज के लिए सैकड़ों विदेशी पत्रकारों को अनुमति दी गई है. ईरान में इस तरह बड़े पैमाने पर विदेशी मीडिया को पहुंच देना असामान्य माना जाता है.

  2. टीएमसी के फ़्रीज़ किए गए बैंक खातों को लेकर ममता बनर्जी गुट को हाईकोर्ट से राहत, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Debarchan Chatterjee/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, टीएमसी के ममता बनर्जी गुट को हाईकोर्ट ने ज़रूरी खर्चों के लिए बैंक खातों से राशि निकालने की राहत दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कलकत्ता हाईकोर्ट में तृणमूल कांग्रेस के फ़्रीज़ किए गए तीन बैंक खातों के मामले में गुरुवार को ममता बनर्जी गुट को राहत दी है.

    अदालत ने इन खातों के संचालन के लिए एक स्पेशल अधिकारी नियुक्त किया है. ममता गुट इस अधिकारी के जरिए जरूरी ख़र्चों के लिए उन खातों से रक़म ले सकता है.

    हाईकोर्ट के जज सौगत भट्टाचार्य ने अपने अंतरिम आदेश में यह निर्देश दिया है. उन्होंने सेवानिवृत्त जज सुब्रत तालुकदार को स्पेशल आफ़िसर नियुक्त किया है. इस मामले की अगली सुनवाई 21 सितंबर को होगी.

    हाईकोर्ट ने कहा है कि स्पेशल आफ़िसर पार्टी के रोज़मर्रा और कानूनी ख़र्चों के लिए उन खातों से राशि दे सकते हैं. लेकिन वो किसी को बड़ी रक़म नहीं दे सकते.

    न्यायाधीश ने कहा कि भविष्य में अगर चुनाव आयोग टीएमसी के किसी गुट को अंतिम मंज़ूरी देता है तो अदालत में इस फैसले को बदलने की अपील की जा सकेगी.

    दरअसल, बीते 18 जून को बिधाननगर के साइबर थाने में दर्ज़ एक शिक़ायत के आधार पर पुलिस ने एफ़आईआर करके बैंकों को उन खातों से होने वाले लेन-देन पर रोक लगाने का आदेश दिया था.

    पुलिस के इस फ़ैसले के खिलाफ़ ममता बनर्जी गुट ने अदालत में याचिका दायर की थी.

    शिक़ायत में आरोप लगाया गया था कि एक बड़े साइबर घोटाले की कुछ राशि तृणमूल कांग्रेस के बैंक खातों में पहुंचने का संदेह है.

    ममता बनर्जी गुट की ओर से एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत में दलील दी कि बैंक खाते फ़्रीज़ होने के कारण पार्टी का कामकाज प्रभावित हो सकता है.

    उनका कहना था कि इन खातों में जमा रक़म से ही पार्टी के दफ़्तर का किराया, बिजली बिल और कर्मचारियों को वेतन दिया जाता है.

  3. अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगीं.

    बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  4. तेल बेचने वाला रूस ख़ुद तेल संकट में फंसा, देखिए तस्वीरों में

    बीते कुछ दिनों से रूस के गैस स्टेशनों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीते कुछ दिनों से रूस के गैस स्टेशनों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, राजधानी मॉस्को में भी ऊर्जा का यह संकट दिख रहा है

    दुनिया भर के कई देशों को तेल बेचने वाला रूस आजकल ख़ुद ही ऊर्जा संकट से जूझ रहा है.

    रूस के गैस स्टेशनों पर लंबी कतारें लगातार बढ़ रही हैं. इसके साथ ही लोगों में निराशा और अनिश्चितता भी बढ़ती जा रही है.

    ख़बरों के मुताबिक़, कई महीनों से यूक्रेन ने रूस के साथ युद्ध में तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया है और पूरे रूस में ईंधन आपूर्ति को प्रभावित हो गई है.

    बुधवार को मॉस्को के एक गैस स्टेशन पर लगी कारों की लंबी कतार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बुधवार को मॉस्को के एक गैस स्टेशन पर लगी कारों की लंबी कतार
    मॉस्को के बाहरी इलाक़े में गैस की कमी से बंद पड़ा एक स्टेशन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मॉस्को के बाहरी इलाक़े में गैस की कमी से बंद पड़ा एक स्टेशन
    कई महीनों से यूक्रेन ने रूस की तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया है, जिससे पूरे देश में ईंधन आपूर्ति पर असर पड़ा है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कई महीनों से यूक्रेन ने रूस की तेल रिफ़ाइनरियों को निशाना बनाया है, जिससे पूरे देश में ईंधन आपूर्ति पर असर पड़ा है. तस्वीर नोवोसिबिर्स्क के फ़्यूल स्टेशन की है
    मॉस्को की एक रिफ़ाइनरी से कथित तौर पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद उठता धुआं, यह तस्वीर जून महीने की है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मॉस्को की एक रिफ़ाइनरी से कथित तौर पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद उठता धुआं, यह तस्वीर जून की है
  5. यूरेनियम सप्लाई के लिए भारत ने किया ऑस्ट्रेलिया से समझौता

    पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़

    ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ यूरेनियम आपूर्ति समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे बेहद अहम माना जा रहा है.

    इस समझौते पर बातचीत एक दशक से भी अधिक समय से चल रही थी.

    प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा, "आज हम साल 2015 के ऑस्ट्रेलिया-भारत परमाणु सहयोग समझौते के तहत शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए भारत को यूरेनियम निर्यात करने की व्यवस्था पर हस्ताक्षर की पुष्टि कर सकते हैं."

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे में 18 समझौतों पर सहमति बनी है.

    इसमें रक्षा, सुरक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा के लिए रोडमैप, ऊर्जा सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग भी शामिल है.

  6. ईरानी मीडिया ने बताया- अमेरिकी हमले में तीन लोगों की मौत

    सेंटकॉम ने ईरानी ठिकानों पर हमले के ड्रोन वीडियो जारी किए हैं

    इमेज स्रोत, CENTCOM

    इमेज कैप्शन, सेंटकॉम ने ईरानी ठिकानों पर हमले के ड्रोन वीडियो जारी किए हैं

    ईरान में खुज़ेस्तान प्रांत के गवर्नर कार्यालय ने गुरुवार सुबह अहवाज़ में हुए अमेरिकी हमलों में "तीन लोगों" की मौत की जानकारी दी है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, उप सुरक्षा अधिकारी वलीउल्लाह हयाती ने कहा कि इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं.

    उनके अनुसार, इन हमलों के दौरान हुए नुक़सान का आकलन किया जा रहा है.

    ईरान की समाचार एजेंसी आईआरएनए ने यह भी बताया कि अहवाज़ शहर पर हुए हमलों के ख़िलाफ़ सशस्त्र बलों के रक्षात्मक अभियानों में रिवोल्यूशनरी गार्ड एयरोस्पेस फ़ोर्स के एक जवान की मौत हो गई.

    इस बीच, ईरान रेलवे ने घोषणा की है कि गुरुवार सुबह तेहरान-मशहद रेलवे लाइन के एक प्वाइंट पर हुए हमले के बाद इस रूट पर यात्री ट्रेनों का संचालन निलंबित कर दिया गया है.

    अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने बीती रातों में दो चरणों में ईरान में 170 ठिकानों पर हमले किए हैं.

  7. ईरान युद्ध: खाड़ी के कई देशों ने जारी की हमले की चेतावनी, लोगों से किया ये आग्रह

    ईरान में कई जगहों पर विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई दी हैं

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान में कई जगहों पर विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई दी हैं

    ईरान पर अमेरिका की ओर से नए हवाई हमले शुरू करने के बाद, खाड़ी क्षेत्र के कई देशों से हमलों की ख़बरें सामने आई हैं.

    ईरान के सैन्य जनसंपर्क विभाग ने घोषणा की है कि उसने अमेरिकी हमलों के जवाब में कुवैत, क़तर और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है.

    इससे पहले बहरीन के गृह मंत्रालय ने ऐसे हमले के बारे में एक्स पर कई पोस्ट किए. उसने लिखा, ''सुरक्षा की वजहों से अलार्म सक्रिय कर दिया गया है. हम देश के लोगों से आग्रह करते हैं कि वे शांत रहें और क़रीबी सुरक्षित ठिकानों में शरण लें.''

    बहरीन ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों की सूचना पर ही भरोसा करें.

    कुवैत आर्मी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "कुवैत का एयर डिफ़ेंस सिस्टम इस समय दुश्मन की मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहा है. सेना के जनरल स्टाफ ने कहा है कि यदि विस्फोट की आवाज़ें सुनाई दें, तो वे एयर डिफ़ेंस सिस्टम की ओर से दुश्मन के हमलों को रोकने की कार्रवाई का हिस्सा हैं."

    पोस्ट में कहा गया है, "सभी लोगों से अनुरोध है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें."

    कुवैत सेना के जनरल कमांड ने नागरिकों और देश में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे इंटरसेप्शन कार्रवाई के दौरान गिरे मलबे के पास न जाएं. साथ ही, मलबे की तस्वीरें या वीडियो न लें और उन्हें किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा या प्रसारित न करें, ताकि सार्वजनिक सुरक्षा बनी रहे.

    जनरल कमांड ने यह भी कहा है कि सभी लोग संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और जानकारी केवल अधिकृत स्रोतों से लें.

    ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने अमेरिकी हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा, "अमेरिका ने अब तक यह नहीं सीखा है कि धमकाने और अपने वादे तोड़ने की क़ीमत अब चुकानी पड़ती है. मैं साफ़ शब्दों में कहता हूं- अगर आप हमला करेंगे, तो जवाबी हमला भी झेलेंगे.

    इससे पहले अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान पर फिर से हमला किया है.

    ईरानी मीडिया के अनुसार, देश के दक्षिणी तटीय इलाक़ों में विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गई हैं और फ़ारस की खाड़ी में ईरान के नियंत्रण वाले द्वीपों को निशाना बनाया गया है.

  8. अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का 'राम मंदिर चढ़ावा चोरी' मामले में सीएम योगी पर तंज़

    शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बयान दिया है

    उत्तराखंड के जोशीमठ स्थित ज्योतिर्मठ (ज्योतिष पीठ) के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर बयान दिया है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "घोटाला किया है... मुख्यमंत्री क्या कार्रवाई कर रहे हैं. वो कह रहे हैं कि कार्रवाई होगी.''

    ''कार्रवाई तो होगी ही, जब आप मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और जब नया मुख्यमंत्री आएगा तब कठोर कार्रवाई होगी. बिल्कुल सही कह रहे हैं मुख्यमंत्री जी… कार्रवाई तो होगी ही.''

    इससे पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाक़ात की.

    अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर लगातार आरोपों का सिलसिला जारी है. इस मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री पद से वीएचपी नेता चंपत राय ने इस्तीफ़ा दे दिया है.

    विपक्षी दल लगातार इस मामले में ''छोटे पदों पर बैठे लोगों को निशाना बनाने और बड़े लोगों को बचाने'' का आरोप लगा रहे हैं.

  9. ईरानी राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने शहबाज़ शरीफ़ को लेकर कहा, 'हम उनके समर्थन को नहीं भूलेंगे'

    शहबाज़ शरीफ़ ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ का शुक्रिया अदा किया है.

    पेज़ेश्कियान ने एक बयान जारी कर कहा, "शहीद सर्वोच्च नेता की विदाई और राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की सराहना करता हूं."

    उन्होंने लिखा, "हम उनके समर्थन को नहीं भूलेंगे. ईरान और पाकिस्तान दोनों ही देश हमेशा एक-दूसरे के आंसू और खुशी के साझेदार रहे हैं."

    उन्होंने इस बयान में उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच रिश्ते भविष्य में और बेहतर होंगे.

    ईरान के सुप्रीम लीडर दिवंगत आयतुल्लाह को श्रद्धांजलि देने दुनिया भर के नेता पहुंचे थे. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई साल 1989 से लेकर इस साल फ़रवरी में अपनी मौत तक इस्लामिक गणराज्य ईरान के सुप्रीम लीडर बने रहे.

    दिवंगत सुप्रीम लीडर के आधिकारिक अंतिम संस्कार की रस्में शुक्रवार से शुरू हुई थीं.

  10. इस साल भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.4% होने का आईएमएफ़ ने लगाया अनुमान

    भारतीय रुपया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईएमएफ़ ने इस साल वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर 3.0 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है (सांकेतिक तस्वीर)

    अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ़ ने साल 2026 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.4% रहने का अनुमान लगाया है. अमेरिका के लिए यह अनुमान 2.3% जबकि रूस के लिए 1.1% रखा गया है.

    वहीं आईएमएफ़ के मुताबिक़, इस साल जर्मनी 0.7%, फ़्रांस 0.6% और जापान 0.6% की दर से आर्थिक वृद्धि कर सकता है.

    आईएमएफ़ ने इस साल वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर 3.0 प्रतिशत और साल 2027 में 3.4 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है.

    यह अप्रैल 2026 में जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के अनुमान के तकरीबन बराबर है. हालांकि इन अनुमानों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की तस्वीर समान नहीं है.

    आईएमएफ़ के मुताबिक़ (ईरान) युद्ध का असर ऊर्जा आयात करने वाले और कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देशों पर पड़ रहा है, जबकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बढ़ती मांग का फायदा उन देशों को मिल रहा है, जो वैश्विक प्रौद्योगिकी वैल्यू चेन से जुड़े हैं.

    आईएमएफ़ का कहना है कि वैश्विक स्तर पर महंगाई में आ रही गिरावट की रफ्तार थम गई है. अप्रैल की तुलना में जोखिम अब अधिक संतुलित हैं, लेकिन नए संघर्ष और वित्तीय बाजारों में कीमतों के दोबारा आकलन से जुड़े जोखिम अब भी बने हुए हैं.

  11. अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, ‘एच-1बी वीज़ा धोखेबाज़ों के लिए नहीं’

    जेडी वेंस

    इमेज स्रोत, @RapidResponse47

    इमेज कैप्शन, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिकी नौकरियां, अमेरिका के लोगों के लिए हैं

    उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिका का एच-1बी वीज़ा असाधारण प्रतिभा वाले लोगों के लिए है, धोखेबाज़ों के लिए नहीं.

    अमेरिकी करदाताओं के पैसे की सुरक्षा से जुड़े एक कार्यक्रम में वेंस ने कहा, "हमारे पास एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम है. हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि करदाताओं के पैसे का सही इस्तेमाल हो और कोई धोखेबाज़ इस वीजा कार्यक्रम का ग़लत फ़ायदा न उठा सके."

    उन्होंने कहा, "यह वीज़ा कार्यक्रम इसलिए बनाया गया था ताकि अगर कोई असाधारण प्रतिभा वाला प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, वैज्ञानिक या डॉक्टर हों, तो वह अमेरिका आकर इस वीज़ा कार्यक्रम का लाभ ले सके."

    उन्होंने बताया कि उन दर्जनों विदेशी धोखेबाज़ों के ख़िलाफ़ समन जारी किए गए हैं और जांच शुरू की गई है, जो एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम का ग़लत फ़ायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं.

    वेंस ने कहा, "अमेरिकी नौकरियां अमेरिकी कामगारों को मिलनी चाहिए, न कि ऐसे विदेशी धोखेबाज़ों को जो इस व्यवस्था का दुरुपयोग करना चाहते हैं."

  12. प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में ऊर्जा संकट और अनिश्चितता को लेकर ये कहा

    मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में मौजूदा दौर में ऊर्जा संकट, सप्लाई चेन में रुकावट और दुनियाभर में फ़ैली अनिश्चितता को लेकर बयान दिया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनिया इस समय अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट जैसे दौर से गुजर रही है. ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे बढ़ना स्वाभाविक भी है, और ज़रूरी भी है."

    उन्होंने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में हमने दोनों देशों की क्षमताओं के साथ भावी साझेदारी का मजबूत ढांचा तैयार किया है. साल 2022 में रिकॉर्ड समय में किए गए ईसीटीए (आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता) से हमारी आर्थिक साझेदारी और मजबूत हुई है."

    "इसके लागू होने के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हो गया है और दोनों देशों के कारोबारियों को नए बाज़ारों तक पहुंच का लाभ मिला है."

    पीएम मोदी फ़िलहाल ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं. इस यात्रा में वे आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत करेंगे.

  13. लापता पाकिस्तानी विमान का मलबा अरब सागर में मिला, चालक दल की तलाश जारी

    विमान का मलबा निकालते नौसैनिक

    इमेज स्रोत, @Pk_PAA_Official

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा ने समुद्र में 12 घंटे के अभियान में मलबे की तलाश की

    शारजाह से कराची जा रहे पाकिस्तान के एक कार्गो विमान का मलबा मिल गया है. ये विमान पाकिस्तानी तट के पास लापता हो गया था, लेकिन विमान में सवार लोगों की तलाश अभी भी जारी है.

    बुधवार को अरब सागर में लापता हुए एक निजी कंपनी के मालवाहक विमान का मलबा ओरमारा के तट से 53 समुद्री मील दक्षिण में मिला.

    पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा ने समुद्र में 12 घंटे के अभियान में मलबे की तलाश की.

    पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (पीएए) का कहना है कि विमान के चालक दल को खोजने के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है.

    पीएए के अनुसार, पाकिस्तानी नौसेना और वायु सेना खोज अभियान में लगी हुई है.

    पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात 9:21 बजे रडार पर विमान को तेजी से नीचे उतरते हुए देखा गया और उसकी दिशा अचानक बदल गई, जिसके बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में विमान से रडार और संचार संपर्क टूट गया था.

    लापता विमान एक बोइंग 737 है और यह पाकिस्तान के कराची स्थित एक निजी एयरलाइन के2 एयरवेज़ का है.

    एयरलाइन का कहना है कि विमान में मोहम्मद रिज़वान इदरीस (पायलट इन कमांड), फ़ैसल महमूद (फर्स्ट ऑफिसर), मोहम्मद तौफीक़ ख़ान (लोड मास्टर), आरिफ़ सिद्दीकी (इंजीनियर) और मोहम्मद हामिद (इंजीनियर) सहित चालक दल के पांच सदस्य सवार थे.

  14. संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान की किस बात को लेकर कहा, 'घोर अन्याय'

    महरंग बलोच के समर्थन में बैठे लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, महरंग बलोच के पिता को साल 2009 में कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों ने अगवा कर लिया था, बाद में उनका शव मिला (फ़ाइल फ़ोटो)

    संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने बलोच मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉक्टर महरंग बलोच को सुनाई गई उम्रकैद की सज़ा की कड़ी निंदा की है.

    उन्होंने इसे घोर अन्याय बताया है और कहा, "इस सज़ा से बलूचिस्तान में स्वतंत्र आवाज़ों के दबने और नागरिकों के लिए काम करने की संभावना कम होने का ख़तरा है."

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में कुछ लोगों को जबरन ग़ायब किए जाने के मामलों के ख़िलाफ़ लंबे समय से अभियान चलाने वाली प्रमुख मानवाधिकार कार्यकर्ता महरंग बलोच को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई है.

    बलोच याकजेती कमेटी (बीवाईसी) की नेता डॉक्टर महरंग बलोच और उनके साथी कार्यकर्ता सिबग़तुल्लाह के साथ हत्या और चरमपंथ के आरोपों में दोषी ठहराया गया है.

    अभियोजन पक्ष ने दोनों पर आरोप लगाया कि उन्होंने भीड़ को उकसाया, जिसने अर्द्धसैनिक बल के जवान शब्बीर अहमद पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.

  15. पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से होगी मुलाक़ात

    मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गए हैं

    पीएम मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न पहुंच गए हैं. इस यात्रा में रक्षा सहयोग को लेकर बातचीत होने की उम्मीद है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि ‘यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगी.’

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, "पीएम मोदी प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ तीसरे सालाना शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे."

    उन्होंने आगे लिखा है कि इस यात्रा में आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत होगी.

  16. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.