युद्धविराम समझौते के एक दिन बाद ही इसराइल की गोलीबारी में सात फ़लस्तीनियों की मौत

हमास और इसराइल ने एक दूसरे के ख़िलाफ़ सीज़फ़ायर उल्लंघन के आरोप लगाए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, संदीप राय

  1. रूसी विदेश मंत्री लावरोव बोले- ईरान को ज़रूरी सैन्य हथियार देते रहेंगे, बीबीसी फारसी

    सर्गेई लावरोव

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, रूस ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि वह इन प्रतिबंधों को नहीं मानता है

    रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिबंधों के बावजूद रूस का ईरान के साथ सैन्य सहयोग जारी रहेगा. इसके लिए रूस अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का पालन करेगा.

    उन्होंने कहा कि रूस इन प्रतिबंधों को 'नहीं मानता' है.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सैन्य हथियारों से जुड़े प्रतिबंध लगाए थे, जो अक्तूबर 2020 में समाप्त हो गए. इसके तहत ईरान पर हथियारों की ख़रीद और बिक्री से जुड़ा कोई क़ानूनी प्रतिबंध नहीं था, फिर भी सुरक्षा परिषद ने इन प्रतिबंधों को फिर से लागू करने के लिए मतदान किया है.

    अमेरिका ने प्रतिबंधों के पक्ष में मतदान किया, जबकि चीन और रूस ने इसका विरोध किया. रूस ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि वह इन प्रतिबंधों को नहीं मानता है.

    बीबीसी फारसी सेवा के मुताबिक़, लावरोव ने रॉयटर्स ने कहा है, "संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध हटने के बाद ईरान के साथ हमारे सैन्य और तकनीकी सहयोग पर कोई प्रतिबंध नहीं है, इसलिए हम अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का पालन करते हुए ईरान को ज़रूरी उपकरण उपलब्ध करा रहे हैं."

    "मैं फिर से कह रहा हूं कि यह अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का पूरी तरह से पालन करते हुए किया जा रहा है."

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत ने दूसरे टेस्ट में वेस्ट इंडीज़ को सात विकेट से हराया, सिरीज़ 2-0 से जीती

    गिल और राहुल

    इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, भारत को मैच जीतने के लिए वेस्ट इंडीज़ ने 121 रनों का लक्ष्य दिया था

    वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को भारत ने 7 विकेट से जीत लिया है. इसी के साथ भारत ने दो मैचों की सिरीज़ 2-0 से जीत ली है.

    भारत को मैच जीतने के लिए वेस्ट इंडीज़ ने 121 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे भारतीय टीम ने तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.

    दूसरी पारी में भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज़्यादा 60 रन बनाए. उनके अलावा साई सुदर्शन ने 39 रनों की पारी खेली. वेस्ट इंडीज़ के कप्तान रोस्टन चेस ने दो विकेट, जबकि जोमेल वारिकन ने एक विकेट झटके.

    भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनी थी. भारत ने पहली पारी पांच विकेट पर 518 रन बनाकर घोषित कर दी थी. यशस्वी जायसवाल (175) और कप्तान शुभमन गिल (129) ने शतकीय पारी खेली.

    वेस्ट इंडीज़ की पहली पारी 248 रनों पर सिमट गई. इसके बाद फ़ॉलो ऑन खेलने उतरी मेहमान टीम ने दूसरी पारी में 390 रन बनाए और भारत को जीतने के लिए 121 रनों का लक्ष्य मिला.

    वेस्ट इंडीज़ के लिए जॉन कैम्पबेल और शाई होप ने दूसरी पारी में शतक जमाया. कैम्पबेल ने अपनी टीम के लिए सबसे ज़्यादा 115 रन और शाई होप ने 103 रन बनाए.

    इन दोनों के अलावा जस्टिन ग्रीव्स ने 50 रनों की पारी खेली.

    दूसरी पारी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट झटके. वहीं मोहम्मद सिराज को दो और रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिले.

    दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच अहमदाबाद में खेला गया था, जिसे भारत ने पारी और 140 रनों के अंतर से जीत लिया था.

  3. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने ग़ज़ा में युद्धविराम का किया स्वागत, लेकिन जताई यह चिंता

    एंटोनियो गुटेरेस

    इमेज स्रोत, Wang Fan/China News Service/VCG via Getty

    इमेज कैप्शन, एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि ग़ज़ा में लोगों तक लगातार पहुंच और वित्तीय सहयोग बहुत अहम है (फ़ाइल फ़ोटो)

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ग़ज़ा शांति योजना के तहत इसराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम का स्वागत किया है.

    उन्होंने इस युद्धविराम को स्थायी शांति में बदलने की अपील की है. गुटेरेस ने ग़ज़ा में आर्थिक सहयोग को लेकर चिंता भी ज़ाहिर की.

    उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र और उसके साझेदार तेज़ी से राहत कार्य चला रहे हैं. वे उन इलाकों तक पहुंच रहे हैं, जो महीनों से कटे हुए थे."

    "लेकिन, ज़रूरतें अब भी बहुत बड़ी हैं. इसके लिए लगातार पहुंच और वित्तीय सहयोग बहुत अहम है."

    गुटेरेस ने कहा, "मैं सभी से अपील करता हूं कि इस युद्धविराम को मज़बूती दें और इसे स्थायी शांति में बदलें."

    सोमवार को मिस्र में हुए एक शिखर सम्मेलन में ग़ज़ा शांति योजना पर हस्ताक्षर किए गए. इस सम्मेलन में 20 से अधिक देशों के नेताओं ने हिस्सा लिया.

    संबंधित कहानियां:

  4. ईपीएफ़ के नियमों में हुआ बदलाव, अब 100 फ़ीसदी तक पैसे निकाल सकेंगे

    भारतीय रुपये

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईपीएफ़ के सदस्य अब पढ़ाई के लिए 10 बार तक पैसे निकाल सकेंगे (सांकेतिक तस्वीर)

    कर्मचारी भविष्य निधि यानी ईपीएफ़ में जमा पैसे निकालने से जुड़े नियमों में बदलाव किए गए हैं. अब आप कर्मचारी प्रॉविडेंट फंड से 100 फ़ीसदी तक जमा पात्र राशि निकाल सकते हैं.

    सोमवार को सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ ट्रस्टीज़ (सीबीटी) की बैठक में यह फ़ैसला हुआ. इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने की.

    श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, सीबीटी ने 13 जटिल प्रावधानों को मिलाकर एक प्रावधान बनाया है. इसे तीन श्रेणियों में बांटा गया है:

    • आवश्यक ज़रूरतें (बीमारी, शिक्षा, विवाह)
    • घर संबंधी ज़रूरतें
    • विशेष परिस्थितियां

    मंत्रालय ने कहा, "ईपीएफ़ के सदस्य अब अपने भविष्य निधि खाते में जमा पात्र राशि का 100 फ़ीसदी तक निकाल सकेंगे, जिसमें कर्मचारी और एम्प्लॉयर दोनों का हिस्सा शामिल होगा."

    कर्मचारी अब पढ़ाई के लिए 10 बार तक और शादी के लिए पांच बार तक पैसे निकाल सकते हैं. इससे पहले पढ़ाई और शादी के लिए कुल मिलाकर तीन बार पैसे निकालने की अनुमति थी.

    पैसे निकालने के लिए कर्मचारी की न्यूनतम सेवा अवधि को घटाकर 12 महीने किया गया है. इसके साथ ही अब 'विशेष परिस्थितियों' में बिना कारण बताए भी पैसे निकालने के लिए आवेदन किया जा सकेगा.

    इससे पहले 'विशेष परिस्थितियों' यानी प्राकृतिक आपदा, लॉकडाउन या प्रतिष्ठान बंद होने, बेरोज़गारी, महामारी आदि की स्थिति में स्पष्ट कारण बताने पड़ते थे. इसकी वजह से कई आवेदन रिजेक्ट हो जाते थे.

    संबंधित कहानियां:

  5. किएर स्टार्मर ने ग़ज़ा शांति योजना पर ट्रंप की तारीफ़ की, बोले- यह आपकी उपलब्धि

    ट्रंप और स्टार्मर

    इमेज स्रोत, X/@Keir_Starmer

    इमेज कैप्शन, स्टार्मर ने ट्रंप को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने ग़ज़ा शांति योजना पर हस्ताक्षर होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ़ की है.

    स्टार्मर ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप, यह आपकी उपलब्धि है. इस मौक़े के लिए आपने जो अथक प्रयास किए हैं, उसके लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं."

    पीएम स्टार्मर ने कहा कि ब्रिटेन इस शांति योजना को पूरी तरह से लागू करने के लिए अपना समर्थन देने को तैयार है.

    मिस्र में सोमवार को आयोजित एक शिखर सम्मेलन में ग़ज़ा शांति योजना पर हस्ताक्षर हुए. इस सम्मेलन में दुनियाभर के 20 से अधिक नेता शामिल हुए.

    इस योजना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मिस्र, क़तर और तुर्की के नेताओं ने हस्ताक्षर किए.

    संबंधित कहानियां:

  6. भारत ने ग़ज़ा शांति योजना का किया स्वागत, विदेश राज्य मंत्री ट्रंप से मिले

    डोनाल्ड ट्रंप और कीर्ति वर्धन सिंह

    इमेज स्रोत, X/@MEAIndia

    इमेज कैप्शन, कीर्ति वर्धन सिंह, पीएम मोदी के विशेष प्रतिनिधि के तौर पर मिस्र गए हैं

    भारत ने मिस्र में आयोजित शिखर सम्मेलन में ग़ज़ा शांति योजना पर बनी सहमति का स्वागत किया है. यह सम्मेलन मिस्र के शर्म अल-शेख़ शहर में हुआ.

    इस योजना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मिस्र, क़तर और तुर्की के नेताओं ने हस्ताक्षर किए.

    भारत की ओर से इस सम्मेलन में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह शामिल हुए. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तेह अल-सीसी से भी मुलाक़ात की.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष प्रतिनिधि के तौर पर राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह शर्म अल-शेख़ में ग़ज़ा शांति सम्मेलन में शामिल हुए."

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "भारत इस ऐतिहासिक शांति समझौते पर हस्ताक्षर का स्वागत करता है और इससे क्षेत्र में स्थायी शांति के की उम्मीद करता है."

    संबंधित कहानियां:

  7. मिस्र: ग़ज़ा शांति योजना पर हुए हस्ताक्षर, ट्रंप बोले- अब पुनर्निर्माण शुरू हो रहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Suzanne Plunkett - Pool / Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि एक नए और खूबसूरत दिन की शुरुआत हो रही है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मिस्र, क़तर और तुर्की के नेताओं ने ग़ज़ा में शांति की बहाली के लिए एक घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं.

    ये हस्ताक्षर सोमवार को मिस्र के शर्म अल-शेख़ में आयोजित एक सम्मेलन में हुए, जिसमें 20 से अधिक देशों के नेता शामिल हुए.

    इस मौक़े पर ट्रंप ने कहा, "एक नए और खूबसूरत दिन की शुरुआत हो रही है, अब पुनर्निर्माण शुरू हो रहा है."

    उन्होंने इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम कराने में मदद करने वाले मध्य-पूर्व देशों के नेताओं की सराहना की.

    वहीं, मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तेह अल-सीसी ने इस दिन को "ऐतिहासिक" बताया.

    भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह इस सम्मेलन में शामिल हुए.

    ट्रंप की ग़ज़ा शांति योजना के पहले चरण के तहत सोमवार को इसराइली बंधकों और फ़लस्तीनी क़ैदियों की अदला-बदली हुई. इस चरण में हमास की ओर से 28 इसराइली बंधकों के शवों को वापस करना भी शामिल है.

    संबंधित कहानियां:

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.