पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच हुए संघर्ष पर अब चीन ने दी ये सलाह

चीन ने सोमवार को पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान से संयम बरतने के साथ बातचीत के ज़रिए आपसी मसलों को सुलझाने की अपील की.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच हुए संघर्ष पर अब चीन ने दी ये सलाह

    तालिबान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी सेना की ओर से बताया गया कि उसके 23 सैनिकों की मौत हुई है और 29 घायल हुए हैं, तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान के 58 सैनिक मारे गए हैं

    चीन ने सोमवार को पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान से संयम बरतने के साथ बातचीत के ज़रिए आपसी मसलों को सुलझाने की अपील की.

    शनिवार रात पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान की सीमा पर सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुई थीं.

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान, दोनों ही देश चीन के पड़ोसी हैं और उससे क़रीबी संबंध भी रखते हैं.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि दोनों देश एक-दूसरे के पड़ोसी हैं और हमेशा रहेंगे.

    उन्होंने कहा, "मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखना, आर्थिक और सामाजिक विकास करना और आतंकवाद का मुक़ाबला करना दोनों पक्षों के लिए ज़रूरी है."

    चीनी विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि दोनों देश व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए संयम बरतेंगे.

    लिन जियान ने कहा, "चीन, पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान संबंधों में सुधार के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार है."

  3. पीएम मोदी ने इसराइली बंधकों की रिहाई को लेकर ट्रंप की तारीफ़ की

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी का कहना है कि हम क्षेत्र में शांति लाने के राष्ट्रपति ट्रंप की कोशिशों का समर्थन करते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसराइली बंधकों की रिहाई का स्वागत किया है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सराहना की है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "दो साल से ज़्यादा समय तक बंधक बनाए रखने के बाद सभी बंधकों को छोड़े जाने का हम स्वागत करते हैं."

    ट्रंप और नेतन्याहू के लिए पीएम ने लिखा, "उनकी (बंधकों की) आज़ादी उनके परिवारों के साहस, राष्ट्रपति ट्रंप के शांति प्रयासों और प्रधानमंत्री नेतन्याहू के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है."

    सोमवार को हमास ने 20 इसराइली बंधकों को छोड़ा है. वहीं, इसराइल ने 1,968 फ़लस्तीनी कैदियों और बंदियों को रिहा किया है.

  4. हमास ने कहा- इसराइल को सौंपेंगे बिपिन जोशी का शव

    नेपाली छात्र बिपिन जोशी

    इमेज स्रोत, The Hostages and Missing Families Forum

    इमेज कैप्शन, नेपाल के 24 साल के बिपिन जोशी कृषि की पढ़ाई करते थे

    हमास की मिलिट्री विंग ने उन चार बंधकों के नामों की पुष्टि की है जिनके शव आज इसराइल को सौंपे जाएंगे.

    इनमें नेपाली छात्र बिपिन जोशी का भी नाम है.

    हमास की ओर से इन चार नामों की पुष्टि की गई:

    • गाइ इलौज़
    • योसी शाराबी
    • बिपिन जोशी
    • डैनियल पेरेट्ज़

    सात अक्तूबर 2023 को हमास ने इसराइल पर हमला कर जिन 251 लोगों को बंधक बनाया था, उनमें नेपाली छात्र बिपिन जोशी भी थे.

    हमास के बंधक कैसे बने नेपाल के बिपिन

    नेपाल के 24 साल के बिपिन जोशी कृषि की पढ़ाई करते थे.

    वह इसी की पढ़ाई के सिलसिले में इसराइल गए थे, जब ग़ज़ा की सीमा के पास एक खेत में काम करने के दौरान उन्हें बंधक बना लिया गया था.

    बिपिन जोशी को किबुत्ज़ अलुमिम से बंधक बनाया गया था.

    सात अक्तूबर, 2023 के एक फ़ुटेज में बिपिन जोशी को ग़ज़ा सिटी के अल-शिफ़ा अस्पताल में प्रवेश करते हुए देखा गया था.

  5. इसराइल से रिहा हुए फ़लस्तीनी क़ैदियों के स्वागत में उमड़ी भीड़, देखें तस्वीरें

    इसराइल की जेल से रिहा हुए फ़लस्तीनी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इसराइल के जेल विभाग का कहना है कि उसने युद्धविराम समझौते के तहत 1,968 फ़लस्तीनी कैदियों और बंदियों को रिहा किया है.

    इसराइल की जेल से रिहा हुए फ़लस्तीनी

    इमेज स्रोत, Reuters

    हमास के नियंत्रण वाले स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि रिहा किए गए फ़लस्तीनियों की ग़ज़ा के अस्पतालों में मेडिकल देखभाल की जा रही है.

    इसराइल की जेल से रिहा हुए फ़लस्तीनी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ग़ज़ा के दक्षिण में ख़ान यूनिस स्थित नासेर अस्पताल के बाहर इसराइल की जेल से रिहा हुए लोगों के स्वागत के लिए भारी भीड़ देखी गई.

    इसराइल की जेल से रिहा हुए फ़लस्तीनी

    इमेज स्रोत, Reuters

    सोमवार को इसराइल की ओर से फ़लस्तीनी कैदियों और बंदियों को दो समूहों में रिहा किया गया. इनमें से कुछ फ़लस्तीनियों को वेस्ट बैंक और कुछ को ग़ज़ा भेजा गया.

  6. ये उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का पहला देश बना मालदीव, डब्ल्यूएचओ ने दी बधाई

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने एक्स पर पोस्ट किया कि मालदीव ने इतिहास रचा है

    दक्षिण एशिया के देश मालदीव ने मां से बच्चे में हेपेटाइटिस बी के ट्रांसमिशन का उन्मूलन किया है. इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मालदीव को बधाई दी है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक़ मालदीव दुनिया का पहला ऐसा देश है, जिसने 'ट्रिपल एलिमिनेशन' हासिल किया है.

    संगठन ने जानकारी दी है कि मां से बच्चे में हेपेटाइटिस बी के ट्रांसमिशन का उन्मूलन करने के अलावा देश मां से बच्चे में एचआईवी ट्रांसमिशन और मां से बच्चे में सिफलिस ट्रांसमिशन का उन्मूलन पहले ही कर चुका है.

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज मालदीव ने इतिहास रचा है. हमें दुनिया का पहला ऐसा देश होने पर गर्व है जिसने एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस बी के मां से बच्चे में संक्रमण के उन्मूलन का लक्ष्य हासिल किया है."

  7. इसराइली संसद में ट्रंप के भाषण के दौरान हंगामा, क्या रही वजह?

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Evelyn Hockstein - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल की संसद में ट्रंप का भाषण

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के भाषण के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइली संसद क्नेसेट को संबोधित किया.

    इसराइल-ग़ज़ा युद्ध का ज़िक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि क्षेत्र अब "शांति" में है और उम्मीद है कि ये शांति "हमेशा के लिए" रहेगी.

    ट्रंप के संबोधन के दौरान इसराइली संसद में कुछ हंगामा भी हुआ, जिसके कारण कुछ देर के लिए ट्रंप को अपना भाषण रोकना पड़ा.

    दरअसल, ट्रंप के संबोधन के दौरान इसराइल के एक विपक्षी सांसद ने एक कागज़ दिखाया, जिस पर लिखा था "फ़लस्तीन को मान्यता दो".

    विपक्षी सांसद ने एक कागज़ दिखाया

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, जब कुछ देर के लिए ट्रंप को अपना भाषण रोकना पड़ा

    इसके बाद विपक्ष के उस सांसद को तुरंत बाहर कर दिया गया.

    इसके बाद अपना भाषण दोबारा शुरू करते हुए ट्रंप ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को धन्यवाद दिया. ट्रंप ने उन अरब देशों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने इसराइल-हमास बातचीत में मध्यस्थता की.

    ट्रंप ने कहा, "मध्य पूर्व में, अराजकता, आतंक और बर्बादी की ताकतें, जिन्होंने दशकों से इस क्षेत्र को त्रस्त किया, अब कमज़ोर, अलग-थलग और पूरी तरह से हार गई हैं."

    इस साल ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों का ज़िक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि इसके बिना ग़ज़ा को लेकर शांति समझौता संभव नहीं हो सकता था.

  8. ट्रंप की मौजूदगी में इसराइल की संसद में क्या बोले नेतन्याहू?

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल की संसद क्नेसेट में पीएम नेतन्याहू और राष्ट्रपति ट्रंप

    इसराइल पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसराइली संसद क्नेसेट को संबोधित करने वाले हैं. ट्रंप से पहले इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भाषण दिया.

    इस दौरान पीएम नेतन्याहू ने राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा, "हम इस पल का काफ़ी समय से इंतज़ार कर रहे थे और मैं पूरे देश की ओर से आपको व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देना चाहता हूं."

    उन्होंने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपतियों में अब तक डोनाल्ड ट्रंप इसराइल के सबसे अच्छे दोस्त हैं."

    नेतन्याहू ने ट्रंप के ग़ज़ा प्रस्ताव को शांति की दिशा में एक 'महत्वपूर्ण' कदम बताते हुए कहा, "मैं शांति के लिए प्रतिबद्ध हूं, आप भी इस शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं और हम सब मिलकर इस शांति को बनाए रखेंगे."

    नेतन्याहू ने आगे कहा, "आज यहूदी कैलेंडर के अनुसार दो साल से चल रहे युद्ध का अंत हो रहा है."

    नेतन्याहू का कहना है कि उन्हें लगता है कि ट्रंप के नेतृत्व से इसराइल को अरब देशों के साथ संबंध सुधारने में मदद मिलेगी.

  9. नेतन्याहू ग़ज़ा शांति सम्मेलन में हिस्सा लेने नहीं जाएंगे मिस्र, बताई ये वजह

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मिस्र का शर्म अल-शेख़ शहर सोमवार 13 अक्तूबर को एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें क़रीब बीस देशों के नेता और प्रतिनिधि शामिल होंगे.

    हालांकि, इस ग़ज़ा शांति सम्मेलन में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू हिस्सा नहीं लेंगे.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय ने सोमवार को शर्म अल-शेख़ में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था.

    लेकिन इसराइली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि नेतन्याहू इस सम्मेलन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. इसका कारण जल्द ही मनाए जाने वाले यहूदी त्योहार सुकोट को बताया गया है.

    बयान में कहा गया है कि नेतन्याहू ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके 'शांति के प्रयासों' के लिए धन्यवाद दिया है.

    फ़िलहाल ग़ज़ा में युद्धविराम हो चुका है, लेकिन लंबे दौर के शांति समझौते पर अभी सहमति नहीं बन पाई है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर सहित दुनिया भर के लगभग 20 नेता शर्म अल-शेख़ सम्मेलन में इस पर चर्चा करेंगे.

    इसके लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शामिल होने का न्योता दिया गया था, हालांकि वो इस सम्मेलन में शामिल नहीं हो रहे हैं.

  10. अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार 2025 की घोषणा, जानिए किन्हें मिला ये सम्मान

    इकोनॉमिक्स के नोबेल पुरस्कार 2025 की घोषणा

    इमेज स्रोत, X/@NobelPrize

    इमेज कैप्शन, तीनों अर्थशास्त्रियों को “नवाचार आधारित आर्थिक विकास की व्याख्या करने के लिए” मिला नोबेल

    साल 2025 का अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार तीन अर्थशास्त्रियों जोएल मोकिर, फिलिप अघियन और पीटर हॉविट को दिया गया है.

    रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज़ ने कहा कि इन तीनों अर्थशास्त्रियों को ये पुरस्कार आर्थिक विकास की 'नई व्याख्या' करने के लिए दिया जा रहा है.

    अमेरिका के नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के जोएल मोकिर को “तकनीकी विकास के जरिए सतत विकास की ज़रूरी शर्तों की पहचान" करने के लिए ये पुरस्कार दिए जाने का फ़ैसला किया गया है.

    वहीं द लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस फिलिप अघियन और अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी के पीटर हॉविट दोनों को “रचनात्मक विनाश के जरिए विकास के सिद्धांत” के लिए ये पुरस्कार दिया जा रहा है.

    रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज़ ने कहा कि तीनों अर्थशास्त्रियों ने ये दिखाया कि कैसे नई तकनीक विकास को गति दे सकती है.

  11. महागठबंधन कब करेगा सीटों के बंटवारे की घोषणा, कांग्रेस ने क्या बताया?

    राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सितंबर में 'अति पिछड़ा न्याय संकल्प' की लॉन्चिंग के दौरान राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए गठबंधन ने रविवार को सीट बंटवारे की घोषणा की. अब सवाल उठ रहे हैं कि महागठबंधन सीटों के बंटवारे की घोषणा कब करेगा.

    कांग्रेस का कहना है कि सीटों की घोषणा की तैयारी चल रही है.

    दिल्ली में मीडिया के सवालों पर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा, "सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने के बाद लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी. हमारी कोशिश बिहार की जनता के लिए एक अच्छी सरकार बनाने की है, जिससे गठबंधन को भी नुकसान न हो और बिहार को फ़ायदा हो."

    वहीं बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने मीडिया के सवालों पर जवाब दिया, "इंडिया गठबंधन में सभी विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें राहुल गांधी और दूसरे वरिष्ठ नेता शामिल थे. सभी विषयों पर बहुत सकारात्मक चर्चा हुई."

    राजेश राम के मुताबिक़ सोमवार को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के साथ बैठक की संभावना है.

    वहीं एनडीए की ओर से रविवार को घोषणा की गई कि बिहार में बीजेपी 101, जेडीयू 101 और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

    एनडीए के अन्य सहयोगी दल जैसे- जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम पार्टी (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के हिस्से में छह-छह सीटें आई हैं.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, हमास ने कहा- सभी ज़िंदा इसराइली बंधक छोड़े गए, रुश्दी अबूअलुफ़, ग़ज़ा संवाददाता, इंस्तांबुल से

    इसराइल-ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Khames Alrefi/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रेड क्रॉस के अधिकारी बंधकों के दूसरे समूह को लेकर इसराइल के लिए रवाना

    हमास ने कहा है कि उसने सभी ज़िंदा इसराइली बंधकों को छोड़ दिया है. मृत बंधकों के शव बाद में सौंपे जाएंगे.

    इसराइली मीडिया के मुताबिक़, हमास ने 13 इसराइली बंधकों के दूसरे समूह को दक्षिणी ग़ज़ा में रेड क्रॉस को सौंपा.

    रेड क्रॉस के अधिकारी इन बंधकों को लेकर इसराइल पहुंचे. इसराइली सेना ने कहा है कि हमास की ओर से मुक्त किए गए इसराइली बंधकों का दूसरा समूह उनके पास पहुंच गया है.

    इससे पहले, हमास ने सात इसराइली बंधकों के पहले समूह को सोमवार सुबह रेड क्रॉस के अधिकारियों को सौंपा था. इसराइली सेना ने कुछ बंधकों की पहली तस्वीरें भी जारी की हैं.

    अब इसराइल फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा. इसराइली बंधकों के बदले इसराइल को 250 फ़लस्तीनी कैदियों और ग़ज़ा के 1,700 से ज़्यादा बंदियों को रिहा करना है.

  13. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइली सेना ने बंधकों की रिहाई के बाद उनकी पहली तस्वीरें जारी कीं

    गली और ज़िव बर्मन

    इमेज स्रोत, IDF

    इमेज कैप्शन, जुड़वां भाई गली और ज़िव बर्मन एक-दूसरे को गले लगाते हुए

    इसराइली सेना ने सोमवार सुबह हमास की ओर से रिहा किए गए कुछ बंधकों की पहली तस्वीरें जारी की हैं. इन बंधकों को रेड क्रॉस की मदद से ग़ज़ा से इसराइल लाया गया.

    इन तस्वीरों में अलोन ओहेल अपनी रिहाई के बाद ग़ज़ा में इसराइली सैनिकों से मिलते हुए दिख रहे हैं. एक अन्य तस्वीर में जुड़वां भाई गली और ज़िव बर्मन एक-दूसरे को गले लगाते दिख रहे हैं.

    इसराइली बंधक

    इमेज स्रोत, IDF

    इमेज कैप्शन, रिहा होने के बाद अलोन ओहेल इसराइली सैनिक से मिले
    इसराइली बंधक

    इमेज स्रोत, IDF

    इमेज कैप्शन, गली बर्मन इसराइली सैनिक से मिलते दिखे
    इसराइली बंधक

    इमेज स्रोत, IDF

    इमेज कैप्शन, रिहा होने के बाद गिल्बोआ डाला इसराइल के सैन्य अधिकारी से बात करते हुए
    इसराइली बंधक

    इमेज स्रोत, IDF

    इमेज कैप्शन, मतन अंग्रेस्ट इसराइली सैन्य अधिकारी से बात करते हुए
    इसराइली बंधक

    इमेज स्रोत, IDF

    इमेज कैप्शन, रिहाई के बाद एतान मोर इसराइली सैनिक से बात करते हुए
  15. प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ बोले- पाकिस्तान की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, AHMAD GHARABLI/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के मुताबिक़ उसके 23 सैनिक मारे गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि पाकिस्तान की सुरक्षा के साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा.

    प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "पाकिस्तान की सुरक्षा को लेकर कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा और हर एक उकसावे का जवाब मज़बूत और प्रभावशाली तरीक़े से दिया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान उम्मीद करता है कि अफ़ग़ानिस्तान की अंतरिम सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आतंकवादी तत्व पाकिस्तान के ख़िलाफ़ उसकी ज़मीन का इस्तेमाल नहीं कर पाएं."

    शनिवार रात पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान की सीमा पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और तालिबान के बलों के बीच झड़पें हुईं थीं.

    पाकिस्तान के मुताबिक़ इन झड़पों में उसके 23 सैनिक मारे गए. हालांकि तालिबान ने दावा किया है कि उसकी 'कार्रवाई' में 58 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं.

    तालिबान ने यह भी बताया कि इन झड़पों में उसके नौ कर्मी मारे गए और 20 से अधिक घायल हुए.

    संबंधित कहानियां:

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, ग़ज़ा: रेड क्रॉस के अधिकारी इसराइली बंधकों के दूसरे समूह को लेने पहुंचे

    इसराइली बंधक

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना का एक काफ़िला सात बंधकों को लेकर इसराइली सीमा में प्रवेश कर चुका है

    बीबीसी के ग़ज़ा संवाददाता रुश्दी अबुअलूफ़ के मुताबिक़, रेड क्रॉस के अधिकारी इसराइली बंधकों के दूसरे समूह को वापस लाने के लिए ग़ज़ा के ख़ान यूनिस पहुंच गए हैं.

    इससे पहले इसराइली सेना ने बताया था कि रेड क्रॉस के अधिकारी बंधकों के दूसरे समूह को वापस लाने के लिए दक्षिणी ग़ज़ा रवाना हो गए हैं.

    हमास ने सात इसराइली बंधकों के पहले समूह को सोमवार सुबह रिहा किया. ये सातों इसराइली सीमा में प्रवेश कर चुके हैं.

    सभी बंधकों का दक्षिणी इसराइल में स्वागत किया जाएगा. उन्हें एक किट भी दी जाएगी, जिसमें इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू का लिखा पत्र और लैपटॉप, मोबाइल फ़ोन, टैबलेट और कपड़े होंगे.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप को मिलेगा इसराइल का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

    ट्रंप और नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत इसराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने किया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इसराइल का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाएगा. इसराइली राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग के कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है.

    इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप इसराइल पहुंच गए हैं. उनका स्वागत इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने किया.

    इसराइल के बाद ट्रंप मिस्र की यात्रा करेंगे, जहां वह अन्य देशों के नेताओं के साथ ग़ज़ा में शांति को लेकर बातचीत करेंगे.

    हमास ने सात इसराइली बंधकों को रिहा कर दिया है. इसराइली सेना ने बताया है कि ये सातों इसराइल की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं.

    सभी बंधकों का दक्षिणी इसराइल में स्वागत किया जाएगा, जहां वे अपने परिवार से मिलेंगे.

  18. 'आईआरसीटीसी स्कैम' मामले में लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव के ख़िलाफ़ आरोप तय

    लालू, राबड़ी और तेजस्वी

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहे (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने कथित "आईआरसीटीसी स्कैम" मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनके बेटे और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और अन्य अभियुक्तों के ख़िलाफ़ आरोप तय किए हैं.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, अदालत ने लालू यादव के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप तय किए हैं. जबकि तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी पर साजिश और धोखाधड़ी समेत कई आरोप लगे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, स्पेशल जज विशाल गोगने ने यह आरोप तय किए हैं.

    लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहे.

    यह मामला 2004 से 2009 के बीच लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए आईआरसीटीसी के दो होटलों के प्रबंधन और मरम्मत के ठेकों में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है.

    इस मामले की जांच कर रही सीबीआई का आरोप है कि ओडिशा के पुरी और झारखंड के रांची स्थित आईआरसीटीसी के होटलों के प्रबंधन का ठेका पटना की कंपनी सुजाता होटल को आवंटित करने के लिए ठेके की शर्तों में बदलाव किए गए. इसके बदले में कंपनी ने लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़े लोगों को पटना में सस्ती दरों पर महंगी ज़मीन दी.

    इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहा है.

    सीबीआई ने जुलाई 2017 में इस कथित भ्रष्टाचार के मामले में एफ़आईआर दर्ज की थी और जुलाई 2018 में आरोप पत्र दायर किया था.

    लालू प्रसाद यादव का परिवार इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताकर ख़ारिज करता रहा है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, सात इसराइली बंधकों को लेकर आईडीएफ़ के अधिकारी इसराइल रवाना

    एतान मोर

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, एतान मोर को सात अक्तूबर 2023 को बंधक बनाया गया था

    इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने कहा है कि रेड क्रॉस ने सात इसराइली बंधकों को उन्हें सौंप दिया है. आईडीएफ़ ने कहा है कि इन सात बंधकों को इसराइल लाया जा रहा है.

    इसराइली विदेश मंत्रालय ने इन सात बंधकों के नाम भी जारी किए हैं. विदेश मंत्रालय ने एक बंधक की तस्वीर भी साझा की है.

    इसराइल में नेपाल के राजदूत ने बताया है कि जिन 20 बंधकों को सोमवार को रिहा किया जाना है, उनमें नेपाली स्टूडेंट का नाम शामिल नहीं है.

    नेपाली स्टूडेंट बिपिन जोशी को हमास ने सात अक्तूबर 2023 को अन्य इसराइली नागरिकों के साथ बंधक बनाया था.

    जोशी, इसराइल में एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहे थे.

  20. तस्वीरें: बंधकों की रिहाई पर इसराइलियों ने मनाया जश्न

    इसराइल के लोग सोमवार सुबह से ही तेल अवीव के होस्टेज़ स्क्वायर में इकट्टा होने लगे थे. यहां पर लोगों की भारी भीड़ है, जो बंधकों का इंतज़ार कर रहे हैं.

    इसराइल के लोग

    इमेज स्रोत, Chris McGrath/Getty

    इमेज कैप्शन, इसराइली मीडिया के मुताबिक़, हमास ने सात इसराइली बंधकों को ग़ज़ा में रेड क्रॉस के अधिकारियों को सौंप दिया है
    इसराइल के लोग

    इमेज स्रोत, AHMAD GHARABLI/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने बंधकों को रेड क्रॉस को सौंपे जाने की पुष्टि की है
    इसराइल के लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमास ने भी पुष्टि की है कि उसने सात इसराइली बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है
    इसराइल के लोग

    इमेज स्रोत, AHMAD GHARABLI/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, इसराइल के लोग बंधकों की रिहाई पर ख़ुशियां मना रहे हैं
    इसराइल के लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बंधकों की रिहाई पर कई इसराइली बेहद भावुक नज़र आए