अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
हमास और इसराइल ने एक दूसरे के ख़िलाफ़ सीज़फ़ायर उल्लंघन के आरोप लगाए हैं.
सुमंत सिंह, संदीप राय
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Getty Images
हमास और इसराइल ने एक दूसरे के ख़िलाफ़ सीज़फ़ायर उल्लंघन के आरोप लगाए हैं.
ग़ज़ा सिविल डिफ़ेंस ने बीबीसी को बताया है कि ख़ान यूनिस में दो अलग-अलग घटनाओं में इसराइली सेना की गोलीबारी में सात लोग मारे गए हैं.
एक दिन पहले ही मिस्र में कई देशों के मध्यस्थ इकट्ठा हुए थे और शांति समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे.
रमल्ला के कुद्स न्यूज़ नेटवर्क ने हमास प्रवक्ता हाज़ेम क़ासेम के हवाले से बताया कि ‘युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए इसराइली सेना ने गोलाबारी की जिसमें ग़ज़ा पट्टी के कई लोग मारे गए.’
हमास संचालित अल-अक़्सा टीवी के अनुसार, ग़ज़ा सिटी और ख़ान यूनिस में इसराइली गोलाबारी में पांच लोग मारे गए.
उधर, इसराइली चैनल 13 ने रिपोर्ट किया है कि जब तक बंधकों के शवों को हमास नहीं सौंपता है, इसराइल ने ग़ज़ा और मिस्र को जोड़ने वाले रफ़ाह क्रॉसिंग को बंद करने और मानवीय सहायता को कम करने का का फ़ैसला किया है.
चैनल 13 के अनुसार, शवों की सुपुर्दगी युद्धविराम का उल्लंघन है. इसमें क़ासेम के हवाले से कहा गया है कि अवशेषों को इकट्ठा करने में हमास को मुश्किलें आ रही हैं.

इमेज स्रोत, ANI
राजस्थान के जैसलमेर से जोधपुर आ रही एसी बस में अचानक़ आग लगने से सोलह यात्री गंभीर रूप से झुलस गए.
मंगलवार दोपहर हुए इस हादसे में घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर से जोधपुर रेफर किया गया है.
जैसलमेर के ज़िला कलेक्टर प्रताप सिंह ने मीडिया को दी जानकारी में बताया है कि एक निजी बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी जिसमें आग लगने की दुखद घटना हुई है.
इस हादसे में एक दर्जन यात्रियों की मृत्यु की आशंका जताई जा रही है. हालांकि आधिकारिक रूप से अभी मृतकों की संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है.
ज़िला कलेक्टर प्रताप सिंह ने कहा, "मैं मृतक परिवारों के परिजनों से अपील करता हूं कि मृतक के सदस्य या परिचित की पहचान सुनिश्चित करने के लिए ज़िला प्रशासन की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं."
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "जैसलमेर में बस में लगी आग की घटना अत्यंत हृदयविदारक है. इस दुखद हादसे से प्रभावित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं...राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है."
इस हादसे में बस पूरी तरह जलकर ख़ाक हो गई है. हादसे की जगह पर आवाजाही को रोक दिया गया है.
एक प्रशासनिक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बीबीसी से बताया है कि बस के भीतर कुछ शव भी मौजूद हैं, जिन्हें कुछ देर बाद निकालने पर मृतकों की संख्या की संख्या मालूम होगी.
हादसे की जांच के लिए और साक्ष्य जुटाने के लिए जोधपुर से फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच रही है.
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई राजनेताओं ने दुख जताया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
हिंद महासागर के द्वीपीय देश मेडागास्कर में सैनिक अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सरकार पर नियंत्रण कर लिया है.
मेडागास्कर की एलीट सैन्य यूनिट (सीएपीएसएटी) ने राष्ट्रपति एंड्री रजोएलिना को सत्ता से बेदख़ल कर सरकार की बागडोर अपने हाथ में ले ली.
दिलचस्प है कि जब 2009 में रजोएलिना ने तत्कालीन राष्ट्रपति मार्क रावालोमानाना को हटाकर सत्ता पर क़ब्ज़ा किया था तो सेना ने उनका समर्थन किया था.

इमेज स्रोत, Getty Images
सेना ने घोषणा की कि संवैधानिक अदालत और चुनाव आयोग सहित प्रमुख लोकतांत्रिक संस्थाओं को निलंबित कर दिया गया है.
यह क़दम ऐसे समय में उठाया गया है जब राष्ट्रीय संसद ने राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पारित किया था.
राष्ट्रपति रजोएलिना ने इस मतदान को ‘अवैध’ बताते हुए ख़ारिज कर दिया था और अज्ञात स्थान पर चले गए थे. फ़ेसबुक लाइव प्रसारण में उन्होंने दावा किया कि अभी भी वो वैध राष्ट्रपति हैं.
देश में बीते कई हफ्तों से उनके शासन के ख़िलाफ़ व्यापक विरोध प्रदर्शन जारी हैं, जिनमें आर्थिक स्थिति और राजनीतिक भ्रष्टाचार के आरोप मुख्य मुद्दे रहे हैं.
भारत पाक संबंधों को लेकर ट्रंप के बयान पर आज का कार्टून.


इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया टूर पर टेस्ट मैच की टीम से बाहर किए जाने के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया दी है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उन्होंने कहा कि बंगाल में रणजी ट्रॉफ़ी के लिए उनकी "उपलब्धता इस बात का सबूत है कि फ़िट हैं" और पैनल को "इस बारे में जानकारी देना उनका काम नहीं है."
शमी पिछली बार चैंपियंस ट्रॉफ़ी में भारतीय टीम की ओर से खेले थे और वरुण चक्रवर्ती के साथ भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने थे.
वह ऐड़ी और घुटने की चोटों से जूझ रहे थे और 2023 के वर्ल्ड कप के बाद इसके लिए सर्जरी से भी होकर गुज़रना पड़ा था.
35 साल के शमी कुछ समय से भारतीय टेस्ट टीम में नहीं हैं और अंतिम बार उन्होंने जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भाग लिया था.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, Getty Images
गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट भारत में एक नया एआई डेटा हब बनाने के लिए 15 अरब डॉलर का निवेश करेगी.
गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कूरियन ने आज दिल्ली में बताया, “अमेरिका से बाहर दुनिया में निवेश किया जाने वाला यह सबसे बड़ा एआई हब है.”
गौतम अदानी ने बताया कि अदानी ग्रुप इस प्रोजेक्ट में गूगल के साथ साझेदारी कर रहा है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “विशाखापत्तनम में भारत के सबसे बड़े एआई डेटा सेंटर कैंपस को बनाने में गूगल के साथ साझेदारी पर गर्व है.”
उन्होंने आगे लिखा, “डीप लर्निंग, न्यूरल नेटवर्क ट्रेनिंग और बड़े पैमाने पर एआई मॉडल इनफ़ेरेंस के लिए ज़रूरी टीपीयू और जीपीयू-आधारित कंप्यूटिंग क्षमता इस फ़ेसिलिटी में होगी. इसके साथ ही यह एक ऐसा एआई इकोसिस्टम तैयार करेगी जो भारत के प्रमुख क्षेत्रों-स्वास्थ्य, कृषि, लॉजिस्टिक्स और फ़ाइनांस—में एआई-आधारित समाधान विकसित करने को गति देगा.”
यह फ़ेसिलिटी विशाखापत्तनम में बनेगी और 12 देशों में फ़ैले गूगल के एआई सेंटर्स के ग्लोबल नेटवर्क का हिस्सा होगी.
थॉमस कूरियन ने यह भी कहा कि यह निवेश अगले पांच सालों के दौरान किया जाएगा.
यह घोषणा ऐसे दौर में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी कंपनियों से घरेलू निवेश बढ़ाने का दबाव डाल रहे हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
सोने की क़ीमतें आसमान छू रही हैं. भारत में सोने के दाम प्रति तोला सवा लाख से अधिक हो गए हैं.
उधर, पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी सोने की क़ीमतों में आज भारी उछाल देखा गया.
पाकिस्तान में सोने की क़ीमत मंगलवार को 6,900 रुपये प्रति तोला बढ़कर 4 लाख 35 हज़ार 100 पाकिस्तानी रुपया प्रति तोला हो गई.
भारतीय रुपये में यह एक लाख 37 हज़ार 324 रुपये होती है.
सोने की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी के पीछे वैश्विक बाज़ार में सोने की क़ीमतों में भारी वृद्धि को कारण माना जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में सोने की क़ीमत 69 डॉलर प्रति औंस बढ़कर लगभग 4,126 डॉलर हो गई, जो ऐतिहासिक रूप से सबसे अधिक है.
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का लेटेस्ट डेटा कहता है कि दुनियाभर के सेंट्रल बैंक अपना गोल्ड रिज़र्व बढ़ा रहे हैं और गोल्ड ईटीएफ़ यानी एक्सचेंज ट्रेडेड फ़ंड में निवेश पर दुनियाभर में लोगों का रुझान बढ़ा है.

इमेज स्रोत, Getty Images
हमास और इसराइल के बीच हुए युद्धविराम समझौते के बाद सोमवार को हुए बंधकों और क़ैदियों की अदला बदली के मौके पर इसराइली संसद में ट्रंप के भाषण पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
इस समझौते पर अंतिम हस्ताक्षर मिस्र के शर्म अल शेख़ शहर में एक शिखर सम्मेलन हुआ था जिसमें 20 देशों के नेता जुटे थे, हालांकि ईरान इसमें शामिल नहीं हुआ, ना ही इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू गए थे.
लेकिन इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप इसराइल पहुंचे और इसराइली संसद में उनका सम्मान किया जहां उन्होंने लगभग एक घंटे लंबा भाषण दिया.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची ने एक्स पर लिखा, “अब पूरी तरह साफ़ हो चुका है कि अमेरिकी राष्ट्रपति को यह झूठी जानकारी दी गई कि ईरान का शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम इसी वसंत तक हथियार बनाने के कगार पर था. यह एक बड़ा झूठ है और उन्हें बताया जाना चाहिए था कि इसका कोई सबूत नहीं है. उनकी अपनी ख़ुफ़िया एजेंसियों ने भी पुष्टि की है.”

इमेज स्रोत, Getty Images
उन्होंने इसराइल को मध्य पूर्व का ‘धमकाने वाला’ बताया और उस पर लंबे समय से ‘अमेरिका को धमकाने' और उसका ‘फ़ायदा उठाने’ वाला बताया.
उन्होंने कहा कि ‘ईरान की जनता उस सुलह की पेशकश पर कैसे भरोसा करे, जो वही लोग बढ़ा रहे हैं जिन्होंने चार महीने पहले ही ईरान पर बमबारी की थी.’
अब्बास अराघची ने लिखा, “कोई भी व्यक्ति खुद को 'शांति का राष्ट्रपति' नहीं कह सकता जबकि वह लगातार युद्धों को उकसाता हो और युद्ध अपराधियों का साथ देता हो. ट्रंप या तो शांति के राष्ट्रपति हो सकते हैं या युद्ध के, दोनों एक साथ नहीं.”

इमेज स्रोत, ANI
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य में एनडीए के साझेदार जीतन राम मांझी ने कहा है कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को सीट न मिलने के बावजूद दो जगहों से उम्मीदवार खड़ा किया जाएगा.
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा, “नीतीश कुमार से सहमत होते हुए हम भी दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे- बोधगया और मखदूमपुर से.”
उन्होंने कहा, “उनका (नीतीश कुमार का) ग़ुस्सा एकदम ज़ायज है. मैं उनके गुस्से से सहमत हूं. जब सीट बंटवारे पर सहमति हो गई है तो जदयू की सीट पर क्यों कोई दूसरा अपना कैंडिडेट उतारेगा.”
मखदूमपुर और बोधगया दोनों ही सीटें जीतन राम मांझी की परंपरागत सीटें मानी जाती हैं, लेकिन सीट शेयरिंग में ये दोनों सीटें चिराग पासवान की एलजीपी (आर) की पार्टी को दी गई हैं.
माना जा रहा है कि जीतन राम मांझी इससे नाख़ुश बताए जाते हैं.
एनडीए में सीटों के बंटवारे के तहत बीजेपी और जदयू को 101- 101 सीटें मिली हैं, जबकि बाकी छोटे दलों में सबसे अधिक 29 सीटें चिराग पासवान को मिली हैं. जीतनराम मांझी की पार्टी के हिस्से में छह सीटें आई हैं.

इमेज स्रोत, ANI
बिहार विधानसभा के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है जिसमें कई नेताओं के टिकट कट गए हैं.
इन्हीं नेताओं में बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर भी हैं जो फिलहाल पटना साहिब से विधायक हैं लेकिन पार्टी ने उनकी जगह रत्नेश कुश्वाहा को टिकट दिया है.
नंदकिशोर पटना साहिब से सात बार विधायक रहे हैं.
टिकट की घोषणा के बाद उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, "मैं भारतीय जनता के निर्णय के साथ हूं. पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है. मुझे पार्टी से कोई शिकायत नहीं है. पार्टी में नई पीढ़ी का स्वागत अभिनंदन है."
"पटना साहिब के लोगों ने मुझे लगातार सात बार विजयी बनाया है. एक बीजेपी उम्मीदवार के रूप में पटना साहिब के लोगों ने जो प्यार और स्नेह दिया है उसे मैं भूल नहीं पाऊंगा. सबका आभार."

इमेज स्रोत, Facebook
महाराष्ट्र में एनसीपी (अजित पवार गुट) के विधायक संग्राम जगताप के ‘दिवाली पर हिंदू दुकानों से ख़रीदारी करने’ के बयान पर राज्य के अल्पसंख्यक आयोग ने प्रतिक्रिया दी है.
महाराष्ट्र अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन प्यारे ख़ान ने कहा, “संग्राम जगताप एक संवैधानिक पद पर बैठे हैं. उन्हें ऐसी भाषा इस्तेमाल नहीं करनी चाहिए. देश के बड़े सनातनी लोगों के मुंह से कभी ऐसे शब्द इस्तेमाल नहीं किए गए. उन्होंने हमेशा जोड़ने की बात की है. यह देश बिना हिंदू-मुसलमान के चल नहीं सकता. यह देश दोनों से चलने वाला है.”
उन्होंने कहा, “इस तरह के बयान से देश का माहौल ख़राब होता है. इससे बचना चाहिए.”
दो दिन पहले एक रैली में संग्राम जगताप ने कहा था, "मैं सभी से अनुरोध करना चाहूंगा कि दिवाली के अवसर पर ख़रीदारी करते समय हमें दिवाली इस तरह मनानी चाहिए कि हमारा पैसा और हमारा मुनाफ़ा केवल हिंदुओं को मिले."
इस बयान के बाद विवाद शुरू हो गया और उन पर समाज में दरार डालने का आरोप भी लगा.
पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी जगताप के बयान पर सार्वजनिक रूप से नाराज़गी जताई.
पार्टी के विधायक इंद्रीस नायकवाड़ी ने कहा, "हमने उनसे साफ़ कह दिया है कि अगर वह हमारी विचारधारा से सहमत नहीं हैं तो उन्हें इस्तीफ़ा दे देना चाहिए. अगर वह इस्तीफ़ा नहीं देते हैं तो मेरी पार्टी और मेरे नेता उनके ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई करने और उन्हें मुक्त कराने का रास्ता निकालने में सक्षम हैं."
हालाँकि, इसके बाद भी संग्राम जगताप के रुख़ में कोई बदलाव नहीं आया.

इमेज स्रोत, ANI
बिहार चुनाव में एनडीए के बीट सीट साझेदारी को लेकर नीतीश कुमार की नाराजगी की अटकलों पर जेडीयू ने सफ़ाई दी है.
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, "एनडीए में जो कुछ भी तय हो रहा है वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात करने के बाद ही तय हो रहा है."
उन्होंने विपक्ष पर 'भ्रांतियां फैलाने और निराधार स्टोरी प्लांट करवाने के आरोप लगा रहे हैं.'

इमेज स्रोत, ANI
संजय कुमार झा ने कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. एक-एक चीज़ पर ख़ुद उनकी नज़र है. सारे लोगों से वे ख़ुद बात कर रहे हैं."
उन्होंने कहा, "एनडीए के घटक दलों के नेतागण, ख़ासकर दिल्ली में बीजेपी के जो बड़े नेता हैं, उनसे भी मुख्यमंत्री जी की बात हो रही है. जो कुछ भी तय हो रहा है, मुख्यमंत्री जी से बात करके ही तय हो रहा है."
बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए के घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति के बाद टिकट की जद्दोजहद शुरू हो गई है.
भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से जेडीयू के सांसद अजय कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने सांसद पद से इस्तीफ़े की पेशकश की है. उनका आरोप है कि टिकट वितरण को लेकर उनसे कोई सलाह नहीं ली गई है.
उधर, जेडीयू विधायक गोपाल मंडल टिकट की मांग को लेकर नीतीश कुमार के आवास के बाहर धरने पर बैठे हैं.
एनडीए में सीट शेयरिंग पर बनी सहमति के मुताबिक़, जेडीयू और बीजेपी दोनों ही 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी.
वहीं एलजेपी (रामविलास) 29 सीटों पर, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ने वाली हैं.
बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होना है. इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
संबंधित कहानियां:

इमेज स्रोत, ANI
बीजेपी ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है.
इस सूची में 71 नाम शामिल हैं, जिनमें नौ महिलाएं भी हैं.
पार्टी ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर से, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय से, राज्य में मंत्री नितिन नबीन को बांकीपुर से और बेतिया से रेनू देवी को टिकट दिया है.
इसके अलावा, गायत्री देवी परिहार से, नीरज कुमार सिंह बबलू छातापुर से, तारकिशोर प्रसाद कटिहार से, मंगल पांडे सिवान से और डॉ. प्रेम कुमार गया टाउन से लड़ेंगे.
रामकृपाल को दानापुर से टिकट दिया गया है.
लेकिन सूची में नंदकिशोर का नाम शामिल नहीं है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, X/@AjayMandalMPbgp
बिहार के भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और जेडीयू नेता अजय कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने सांसद पद से इस्तीफ़े की पेशकश की है.
इसके लिए उन्होंने नीतीश कुमार को एक पत्र लिखा है. मंडल ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण को लेकर उनसे कोई सलाह नहीं ली गई है.
अजय कुमार मंडल ने नीतीश कुमार को टैग करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी, सांसद पद से त्यागपत्र देने के लिए अनुमति प्रदान कीजिए."
उन्होंने कहा, "स्थानीय सांसद होने के बावजूद टिकट वितरण में मेरी किसी भी प्रकार की सलाह नहीं ली गई है. इसलिए मेरा सांसद पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं रह जाता है."
इससे पहले ख़बर आई कि जेडीयू विधायक गोपाल मंडल टिकट की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर धरने पर बैठे हैं.
उनका कहना है कि जब तक उन्हें टिकट का आश्वासन नहीं मिल जाता वह धरने पर ही बैठे रहेंगे.
एनडीए में सीट शेयरिंग पर बनी सहमति के मुताबिक़, जेडीयू और बीजेपी दोनों ही 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी.
वहीं एलजेपी (रामविलास) 29 सीटों पर, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ने वाली हैं.
बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होना है. इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
संबंधित कहानियां:

इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा के पुलिस अधिकारी आईपीएस वाई पूरन कुमार के परिवार से मुलाक़ात की है. उन्होंने पुलिस अधिकारी के कथित आत्महत्या मामले में कार्रवाई की मांग की है.
राहुल गांधी ने कहा, "यह एक संवेदनशील मामला है. एक सेवारत अधिकारी, देश समझता है कि इन पर कैसे दबाव आ सकता है. तुरंत इन अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. आप इन्हें गिरफ़्तार करिए, ग़लत केस लगाया गया है."
परिवार से मुलाक़ात को लेकर उन्होंने कहा, "परिवार एक सिंपल मैसेज दे रहा है. वे कह रहे हैं कि हमें सम्मान चाहिए. आपने हमारे पति का अनादर किया, आपने उनके करियर को ख़त्म करने की कोशिश की. उन्होंने आत्महत्या की. अब मरने के बाद उन्हें सम्मान दीजिए. और अगर सम्मान नहीं देंगे तो यह हमें मंज़ूर नहीं है."
राहुल गांधी ने कहा, "यह एक परिवार के सम्मान की बात नहीं है, हिंदुस्तान के हर दलित भाई-बहन के सम्मान की बात है."
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की.
वाई पूरन कुमार का शव पिछले हफ़्ते चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित उनके आवास पर मिला था. पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इसे आत्महत्या का मामला बताया.
इस मामले में राज्य सरकार ने डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है. उनकी जगह पर आईपीएस ओम प्रकाश सिंह को हरियाणा डीजीपी का अतिरिक्त पदभार दिया गया है.
इससे पहले राज्य सरकार ने रोहतक के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारिया का ट्रांसफ़र किया था.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है.अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं, तो भारत सरकार की स्पाउस हेल्पलाइन 1800 233 3330 पर मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

इमेज स्रोत, ANI
हरियाणा सरकार ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है. उनकी जगह पर आईपीएस ओम प्रकाश सिंह को हरियाणा डीजीपी का अतिरिक्त पदभार दिया गया है.
ओम प्रकाश सिंह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. वह हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने कहा, "हां, सरकार ने डीजीपी को छुट्टी पर भेजा है."
आईपीएस वाई पूरन कुमार की कथित आत्महत्या को लेकर विपक्ष, बीजेपी सरकार पर हमलावर है. उधर, पूरन कुमार के परिवार ने उन्हें परेशान करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.
इससे पहले राज्य सरकार ने रोहतक के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारिया का ट्रांसफ़र किया था.
वाई. पूरन कुमार का शव पिछले हफ्ते चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित उनके आवास पर मिला था. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच से पता चला है कि यह आत्महत्या का मामला है, जिसकी जांच की जा रही है.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है.अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं, तो भारत सरकार की स्पाउस हेल्पलाइन 1800 233 3330 पर मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

इमेज स्रोत, ANI
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक गोपाल मंडल विधानसभा चुनाव में टिकट की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं.
गोपाल मंडल गोपालपुर से विधायक हैं. उनका कहना है कि जब तक उन्हें टिकट का आश्वासन नहीं मिल जाता वह धरने पर ही बैठे रहेंगे.
समाचार एजेंसी पीटीआई से गोपाल मंडल ने कहा कि वह टिकट के लिए इंतज़ार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उन्हें टिकट दिया जाएगा या नहीं.
जब उनसे सवाल पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार उनसे नाराज़ हैं? इस पर गोपाल मंडल ने कहा, "नाराज़ नहीं हैं."
बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होना है. इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
एनडीए में सीट शेयरिंग पर बनी सहमति के मुताबिक़, जेडीयू और बीजेपी दोनों ही 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. जबकि एलजेपी (रामविलास) 29 सीटों पर, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ने वाली हैं.
संबंधित कहानियां: