रूसी सेना के हाई प्रोफ़ाइल जनरल को गोली मारने वाला संदिग्ध दुबई में पकड़ा गया
इमेज स्रोत, Russian Defence Ministry
इमेज कैप्शन, यूक्रेन युद्ध के दौरान जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव की अहम भूमिका रही है
रूसी सरकारी मीडिया का कहना है कि एक सीनियर जनरल पर हमले के संदिग्ध बंदूकधारी को दुबई में हिरासत में ले लिया गया है.
मिलिट्री इंटेलिजेंस के डिप्टी हेड व्लादिमीर अलेक्सेयेव को शुक्रवार को मॉस्को में गोली मारी गई थी और वह घायल हो गए थे.
रूसी सुरक्षा सेवा ने कहा कि मुख्य संदिग्ध, एक रूसी नागरिक, को यूएई के अधिकारियों की मदद से गिरफ़्तार किया गया है, और अभियुक्त को प्रत्यर्पित किया जा रहा है.
रूसी सुरक्षा सेवा के मुताबिक़ संदिग्ध के एक कथित साथी को भी मॉस्को में हिरासत में लिया गया है. क्रेमलिन ने गोलीबारी के लिए यूक्रेन को दोषी ठहराया है, जिसे यूक्रेन ने नकार दिया है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026: अफ़ग़ानिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को दिया 183 रन का टारगेट
इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड और अफ़ग़ानिस्तान के बीच आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बल्लेबाज़ी करते गुलबदीन नईब
चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप मैच मेंअफ़ग़ानिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को 183 रन का टारगेट दिया है.
अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. अफ़ग़ानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुक़सान पर 182 रन बनाए हैं. टीम की ओर से सबसे अधिक 63 रन गुलबदीन नईब ने बनाए.
अफ़ग़ानिस्तान के इस खिलाड़ी ने पाकिस्तान सुपर लीग से नाम वापस लेने की घोषणा की, ये वजह बताई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रहमानउल्लाह गुरबाज़ को पाकिस्तान सुपर लीग फ़्रेचाइज़ी पेशावर ज़ालमी ने विदेशी खिलाड़ी के तौर पर साइन किया था
अफ़ग़ानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज़ रहमानउल्लाह गुरबाज़ ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 11वें सीज़न से अपना नाम वापस लेने की घोषणा की है.
उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, "वर्ल्ड कप के बाद, मैं इस सीज़न में पीएसएल के लिए उपलब्ध नहीं रहूंगा. मैं अफ़ग़ानिस्तान में अपने फ़ाउंडेशन के काम पर ज़्यादा ध्यान दूंगा. आपके प्यार और समर्थन लिए धन्यवाद."
बीबीसी न्यूज़ उर्दू के मुताबिक़ पाकिस्तान सुपर लीग फ़्रेचाइज़ी पेशावर ज़ालमी ने रहमानुल्लाह गुरबाज़ सीधे विदेशी खिलाड़ी के तौर पर साइन किया था.
नये ऑक्शन मॉडल के तहत हर फ़्रेंचाइज़ी को किसी विदेशी खिलाड़ी को सीधे साइन करने की मंज़ूरी मिली है.
अमेरिका के ख़िलाफ़ फ़ील्डिंग करने क्यों नहीं आए थे अभिषेक शर्मा, मोहम्मद सिराज ने बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अभिषेक शर्मा और मोहम्मद सिराज
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच में शनिवार को भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराया. हालांकि, पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ख़राब रही थी.
अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पहली गेंद पर ही पवेलियन वापस लौट गए थे. इसके बाद अभिषेक ने फ़ील्डिंग नहीं की.
मैच में बढ़िया गेंदबाज़ी कर तीन विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज से प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान अभिषेक शर्मा के फ़ील्डिंग नहीं करने को लेकर सवाल किया गया.
इस पर मोहम्मद सिराज ने बताया, "सब ठीक है, उसका (अभिषेक शर्मा का) टमी थोड़ा अपसेट है, तो इसलिए वह फ़ील्ड पर नहीं आए. अगले मैच में आ जाएंगे और अपने बैट से जादू भी दिखा देंगे."
टी20 वर्ल्ड कप 2026: अफ़ग़ानिस्तान का न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला
इमेज स्रोत, Joe Allison-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, टॉस के दौरान न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर और अफ़ग़ानिस्तान के कप्तान राशिद ख़ान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चौथा मैच रविवार को अफ़ग़ानिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच चेन्नई में खेला जा रहा है.
अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फ़ैसला किया है.
मलेशियाई पीएम के साथ पीएम मोदी की प्रेस वार्ता, मलेशिया में नया कॉन्सुलेट खोलने की घोषणा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम
मलेशिया दौरे पर पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की. इसके बाद दोनों की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई.
प्रेस वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों को सपोर्ट करने के लिए भारत मलेशिया में नयाकॉन्सुलेट भी खोलने जा रहा है.
पीएम मोदी ने कहा, "भारत और मलेशिया के संबंध बहुत विशेष हैं. हम समुद्री पड़ोसी हैं. सदियों से हमारे लोगों के बीच गहरे और आत्मीय रिश्ते रहे हैं. आज मलेशिया भारतीय मूल की आबादी वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है."
"पिछले कुछ वर्षों में हमारे संबंधों ने एक नई रफ़्तार पकड़ी है और इसमें मेरे मित्र प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का विशेष योगदान है. हमारे बीच ऊर्जा, इन्फ़्रास्ट्रक्चर और मैन्युफ़ैक्चरिंग में सहयोग बहुत मजबूत हुआ है."
पीएम मोदी ने बताया, "डिजिटल इकोनॉमी, बायोटेक और आईटी में आपसी निवेश बढ़ा है. इन्हीं उपलब्धियों से प्रेरित होकर आज हमने हमारी साझेदारी में अभूतपूर्व गति और गहराई लाने का निर्णय लिया है."
"सुरक्षा के क्षेत्र में, हम आतंकवाद, खुफ़िया जानकारी साझा करना और समुद्री सुरक्षा में सहयोग मजबूत करेंगे. हम रक्षा सहयोग को भी और व्यापक बनाएंगे. एआई और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ, हम सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे."
"मलेशिया में भारत के वर्कर्स के संरक्षण के लिए सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट, टूरिज़्म के लिए ग्रेटिस ई-वीज़ा और डिजिटल इंटरफ़ेस यूपीआई का मलेशिया में लागू होना. ये सभी क़दम दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को सरल बनाएंगे."
पीएम मोदी ने कहा, "मलेशिया में भारत के वर्कर्स के संरक्षण के लिए सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट, टूरिज़्म के लिए ग्रेटिस ई-वीज़ा और डिजिटल इंटरफ़ेस यूपीआई का मलेशिया में लागू होना. ये सभी क़दम दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को सरल बनाएंगे."
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया को तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भी जोड़ता है.
"मलेशिया में तमिल की मजबूत उपस्थिति शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में दिखाई देती है. आज के ऑडियो-विज़ुअल एग्रीमेंट से फ़िल्म और संगीत विशेष रूप से तमिल फ़िल्में हमारे दिलों को और पास लाएंगी."
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि भारत और मलेशिया व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी और रक्षा के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करना जारी रखे हुए हैं.
उन्होंने कहा, "पर्यटन और कनेक्टिविटी ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर हमें और ज़्यादा ज़ोर देना होगा. हमने पिछले साल इसमें शानदार बढ़ोतरी देखी है, और हमें उम्मीद है कि वीज़ा नियमों में ढील और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाकर हमें और फ़ायदा होगा."
मोहम्मद सिराज ने कहा- सूर्या भाई की बात पर यकीन नहीं हुआ था
इमेज स्रोत, MB Media/Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के ख़िलाफ़ शनिवार के मैच में मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट लिए
मोहम्मद सिराज जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत के एक दिन पहले तक टीम का हिस्सा नहीं थे, उन्होंने इस टूर्नामेंट में शनिवार को अमेरिका के ख़िलाफ़ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुक़ाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से मात दी है.
भारत की जीत के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे जिन्होंने 84 रन की तूफ़ानी पारी खेली. इसके साथ ही मोहम्मद सिराज ने तीन, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मोहम्मद सिराज ने बताया कि उन्होंने ये सोचा भी नहीं था कि वह ये टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे.
उन्होंने कहा, "मैं फ़ैमिली के साथ वक़्त बिता रहा था. अचानक सूर्या भाई ने कॉल किया कि 'रेडी हो जा, बैग पैक करके आ जा'. मैं बोला, 'सूर्या भाई मज़ाक मत करो क्योंकि ये सब होने वाला नहीं है.'
वो बोले, 'मैं सच कह रहा हूं, रेडी हो जा'."
"फिर ओझा भाई (प्रज्ञान ओझा) का कॉल आया तो ये अचानक से मेरे लिए एक शॉकिंग न्यूज़ थी. ऊपर वाले ने जो लिखा, उसको कोई बदल नहीं सकता. मैं आया और फ़िर मैच भी खेल लिया."
मोहम्मद सिराज से पूछा गया कि टीम में शामिल किए जाने से पहले उनका फ़रवरी का क्या प्लान था. इस पर सिराज ने कहा कि वह 15 फ़रवरी को होने वाले रियल मैड्रिड और रियल सोसाइडाड का मैच देखने जाने वाले थे.
मोहम्मद सिराज को हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद टीम में शामिल किया गया है, जिसकी जानकारी बीसीसीआई ने शुक्रवार को दी थी.
वीडियो: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार ने दिया ब्योरा, लेकिन रूसी तेल पर साफ़ जवाब नहीं आया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की प्रेस कॉन्फ़्रेंस
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील हो चुकी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक़ इस डील की एक अहम शर्त ये थी कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा.
इसी शर्त पर अमेरिका ने भारत के ख़िलाफ़ लगाए गए 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को घटाकर 18 फ़ीसदी किया है.
भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील का ब्योरा दिया, लेकिन उन्होंने रूसी तेल की ख़रीद से जुड़ी शर्त के बारे में जवाब देने से इनकार कर दिया.
उन्होंने कहा, ''मैंने कई बार कहा है, इस सवाल का जवाब विदेश मंत्रालय देगा.''
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
राजस्थान के कोटा में इमारत ढही, दो लोगों की मौत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कोटा के इंद्र विहार में एक बिल्डिंग गिरी
राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार रात एक तीन मंजिला इमारत ढह गई. हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई.
जानकारी मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया और मलबे में दबे लोगों को निकाला गया.
कोटा मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉक्टर संगीता सक्सेना ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि घटनास्थल से कुल 10 लोग अस्पताल लाए गए थे, जिनमें से दो लोगों को मृत लाया गया था.
लोकसभा स्पीकर और कोटा से सांसद ओम बिरला ने एक्स पर पोस्ट किया, "कोटा के इंद्र विहार में बिल्डिंग गिरने की घटना अत्यंत पीड़ादायक है. ज़िला प्रशासन के निरंतर संपर्क में हूं."
"हादसे में घायल सभी व्यक्तियों के समुचित एवं शीघ्र उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है. मैं ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."
रूस की एक यूनिवर्सिटी में चाकू से हमले में चार भारतीय छात्र घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस के उफ़ा शहर की घटना (सांकेतिक तस्वीर)
रूस के उफ़ा शहर में हुए एक हमले में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं. ये जानकारी रूस में भारत के दूतावास ने दी है.
भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, "उफ़ा में हमले की एक दुःखद घटना हुई है. चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं."
भारतीय दूतावास ने बताया कि अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए उफ़ा जा रहे हैं.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ रूस के उफ़ा शहर की एक यूनिवर्सिटी में चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें कम से कम छह लोग घायल हुए हैं.
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, बाश्ख़ोर्तोस्तान गणराज्य के उफ़ा में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के एक हॉस्टल में चाकू लिए एक किशोर घुस गया. उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया.
इस्लामाबाद हमले के मास्टरमाइंड के बारे में पाकिस्तान के गृह मंत्री ने ये बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने बताया है कि इस्लामाबाद के इमामबाड़ा में हुए धमाके के मास्टरमाइंड को पकड़ लिया गया है.
इस्लामाबाद में तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में शुक्रवार को हुए आत्मघाती धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई है.
शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान नक़वी ने कहा कि धमाके का मास्टरमाइंड आईएसआईएस से जुड़ा एक अफ़ग़ान नागरिक है.
उन्होंने बताया कि चार लोगों को पकड़ा गया है, जिन पर शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती बम धमाके में मदद करने का शक है. उनके मुताबिक़ पकड़े गए इन चार लोगों में हमले का मास्टरमाइंड भी शामिल है.
नक़वी ने आरोप लगाया कि हमले की सारी प्लानिंग और ट्रेनिंग अफ़ग़ानिस्तान में हुई थी.
उन्होंने कहा, "अब हमारे पास ऐसे लोग हिरासत में हैं, जिन्होंने इस बारे में पूरी जानकारी दी है कि हमलावर को कैसे लाया गया और ट्रेनिंग दी गई."
नक़वी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में हो रहे 'आतंकवाद की जड़ें' अफ़ग़ानिस्तान में हैं. वहीं अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार पाकिस्तान के आरोपों का खंडन करती रही है.
पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के साथ-साथ भारत पर भी आरोप लगाए हैं.
शनिवार की अपनी प्रेस कॉन्फ़्रेंस ने नक़वी ने ये आरोप लगाया कि 'अफ़ग़ानिस्तान से ऑपरेट हो रहे आतंकवादी नेटवर्क को भारत फ़ंड दे रहा' है. हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया.
वहीं भारत का विदेश मंत्रालय पाकिस्तान के दावों को पहले ही ख़ारिज कर चुका है.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को ही बयान जारी कर कहा था, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई मौतों पर शोक ज़ाहिर करता है."
"यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपनी सामाजिक समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने की बजाए, अपनी घरेलू बुराइयों के लिए दूसरों को दोष देकर ख़ुद को धोखा दे रहा है."
"भारत ऐसे किसी भी आरोप को ख़ारिज करता है, जो कि आधारहीन है."
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.