भारत की मेघना सज्जनार ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में जीता ब्रॉन्ज़ मेडल

मेघना सज्जनार आठ महीने की प्रेग्नेंट हैं. उनकी इस जीत पर मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी रहीं पीवी सिंधु ने भी बधाई दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप उनके साथ लगे लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

  2. भारत की मेघना सज्जनार ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में जीता ब्रॉन्ज़ मेडल

    मेघना सज्जनार

    इमेज स्रोत, @SWRRLY

    इमेज कैप्शन, मेघना सज्जनार (फ़ाइल फ़ोटो)

    मेघना सज्जनार ने शनिवार को नई दिल्ली के डॉक्टर करणी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही राइफल और पिस्टल इवेंट्स की एशियन चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है. वो आठ महीने की प्रेग्नेंट हैं.

    उनकी इस जीत पर भारत की मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी रहीं पीवी सिंधु ने भी बधाई दी है.

    उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "आठ महीने की प्रेग्नेंट होने के बावजूद रेंज में जाकर ब्रॉन्ज़ मेडल जीता. मेघना, मेरी दोस्त, तुम्हें ऐसा करते देखकर मेरे मन में बहुत सम्मान और तारीफ़ की भावना आ रही है.”

    उन्होंने लिखा, “तुम्हारी तरह मज़बूत महिलाएं सिर्फ़ प्रेरणा ही नहीं देतीं, बल्कि हम सभी को थोड़ा और विश्वास दिलाती हैं. ऐसे ही आगे बढ़ते रहो और प्रेरणा देते रहो.”

  3. भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते पर अमित शाह ने ये कहा

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमित शाह ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते की तारीफ़ की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है.

    अमित शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि इससे भारत की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को एक और बढ़ावा मिला है.

    उनके मुताबिक़ यह समझौता , “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विज़न को एक पक्की सच्चाई में बदलते हुए, यह समझौता मेक इन इंडिया, मेहनती किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप इनोवेटर्स और मछुआरों के लिए तरक्की का रास्ता खोलता है.”

    उन्होंने लिखा है कि यह समझौता युवाओं और महिलाओं के लिए रोज़गार भी पैदा करने वाला है.

    वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्रेड डील के ब्योरे को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा है, ''भारत और अमेरिका ने पारस्परिक और आपसी लाभ वाले व्यापार के लिए एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमति बना ली है. इस व्यापक समझौते में भविष्य में बाज़ार तक बेहतर पहुंच और अधिक मजबूत सप्लाई चेन से जुड़े प्रावधान शामिल होंगे.''

    वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, '' भारत और अमेरिका का संयुक्त बयान यह साफ़ तौर पर बताता है कि दोनों देशों के बीच अभी तक कोई द्विपक्षीय व्यापार समझौता नहीं हुआ है.यह केवल "अंतरिम समझौते के लिए एक ढांचा" भर है.''

    ''एक बात बिल्कुल साफ़ है कि फ्रेमवर्क समझौता अमेरिका के पक्ष में झुका हुआ है और इसमें असमानता साफ़ दिखाई देती है.''

  4. सूरजकुंड मेला हादसा: मारे गए और घायल लोगों के प्रति मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जताया दु:ख

    सूरजकुंड

    इमेज स्रोत, ANI

    फ़रीदाबाद के सूरजकुंड मेले में हुए हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दु:ख जताया है.

    एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा, “फ़रीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूँ. इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ. साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित और तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.”

    उनके मुताबिक़, “हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है.

    नायब सिंह सैनी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नायब सिंह सैनी (फ़ाइल फ़ोटो)

    हरियाणा के फ़रीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले में एक झूला टूट जाने से क़रीब 13 लोग घायल हो गए.

    फ़रीदाबाद पुलिस के पीआरओ ने बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को बताया, "यह घटना शाम क़रीब 6 बजे हुई है. झूला टूटने से घायल हुए 12-13 लोगों को हॉस्पिटल भेजा गया है. हॉस्पिटल से पता लग पाएगा कि कितने लोगों को गंभीर चोटें आई हैं."

    इस हादसे में हरियाणा पुलिस के एक इंस्पेक्टर की मौत हो गई है.

  5. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- 'संघ को पावर नहीं चाहिए'

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, @RSSorg

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने संघ के सौ साल पूरा होने के मौक़े पर मुंबई व्याख्यानमाला में अपना भाषण दिया है.

    मोहन भागवत ने कहा है, “संघ किसी दूसरी संस्था की प्रतिस्पर्धा में नहीं निकला है, न ही किसी रिएक्शन या विरोध में निकला है. हमारा काम बिना किसी का विरोध किए है.”

    उन्होंने कहा, “संघ को लोकप्रियता नहीं चाहिए. संघ को पावर नहीं चाहिए. जितने भी भले काम देश में हो रहे हैं, वे ठीक से हो जाएं.उन्हें करने के लिए संघ है.”

    मोहन भागवत ने कहा है कि ''संघ का काम अनोखा है, पूरी दुनिया में ऐसा काम नहीं है. अब तो यह प्रत्यक्ष अनुभव हो रहा है.''

  6. इस्लामाबाद धमाके पर बोले मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़, 'इबादत की जगह पर खून-खराबा बहुत परेशान करने वाला'

    मीरवाइज़

    इमेज स्रोत, @mirwaizmanzil

    शुक्रवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है. इस मामले पर कश्मीर के धर्मगुरु और अलगाववादी नेता मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने सोशल मीडिया एक्स पर टिप्पणी की है.

    उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान एक इमामबाड़े में हुआ भयानक आत्मघाती बम हमला बहुत ही दुखद और कड़ी निंदा के लायक है, जिसमें तीस से ज़्यादा नमाज़ियों की मौत हो गई."

    "इबादत की जगह पर इस तरह से खून-खराबा बहुत परेशान और बेचैन करने वाला है. मेरी दिली संवेदनाएं और दुआएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. ऐसी दुखद स्थिति में शांति, सब्र और एकता बनी रहे."

  7. सूरजकुंड मेले में हादसा, झूला टूटने से 13 लोग घायल

    सूरजकुंड मेला

    इमेज स्रोत, haryanatourism

    इमेज कैप्शन, फ़रीदाबाद के सूरजकुंड में 39वां क्राफ़्ट मेला चल रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    हरियाणा के फ़रीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले में एक झूला टूट जाने से क़रीब 13 लोग घायल हो गए हैं.

    फ़रीदाबाद पुलिस के पीआरओ ने बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार को बताया, "यह घटना शाम क़रीब 6 बजे हुई है. झूला टूटने से घायल हुए 12-13 लोगों को हॉस्पिटल भेजा गया है. हॉस्पिटल से पता लग पाएगा कि कितने लोगों को गंभीर चोटें आई हैं."

    उन्होंने बताया है कि मेले के दौरान एक छोटा गेट भी गिर गया था. हालाँकि इसमें किसी के घायल होने की उन्होंने कोई पुष्टि नहीं की.

    हरियाणा के सूरजकुंड में इन दिनों क्राफ़्ट मेला चल रहा है. यह मेला 31 जनवरी से शुरू हुआ है और 15 फ़रवरी तक चलेगा.

  8. टीम 20 वर्ल्ड कप: अमेरिका के ख़िलाफ़ पहले भारत की बल्लेबाज़ी

    वर्ल्ड कप ट्रॉफ़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का पहला मैच अमेरिका के साथ हो रहा है. इस मैच में अमेरिका ने टॉस जीत लिया है और पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    भारतीय टीम में तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह शामिल नहीं हैं. बीसीसीआई ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि बीमारी की वजह से वो इस मैच में नहीं खेल रहे हैं.

    दोनों टीमें इस तरह हैं-

    भारत- अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शिराज और वरुण चक्रवर्ती.

    अमेरिका- सैतेजा मुक्कमल्ला, एंड्रिज़ गॉस, मोनाक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्ममूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैंड्ली वैन, सौरभ नेत्रावलकर और अली ख़ान.

    ख़बर अपडेट किए जाने तक भारत ने चौथे ओवर में एक विकेट के नुक़सान पर 30 रन बना लिए हैं. ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए हैं.

  9. बिहार: सांसद पप्पू यादव की ज़मानत याचिका पर कोर्ट ने क्या कहा

    पप्पू यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने गिरफ़्तार किया था

    पप्पू यादव के वकील शिवनंदन भारती ने बताया है कि कोर्ट ने सांसद पप्पू यादव को इलाज के लिए न्यायिक हिरासत में पीएमसीएच भेज दिया है और उनकी ज़मानत पर सोमवार को सुनवाई करेगा.

    सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने साल 1995 के एक मामले में गिरफ़्तार किया था और उन्हें आज कोर्ट में पेश किया गया.

    शिवनंदन भारती ने आरोप लगाया, “पप्पू यादव ने सभी मीडिया वालों के सामने पुलिस से सहयोग किया लेकिन फिर भी कहा गया कि उन्होंने पुलिस के काम में बाधा पहुंचाई और उनके ऊपर एक नया एफ़आईआर दर्ज किया गया है. इससे पुलिस का मंसूबा साफ़ ज़ाहिर होता है.”

    शिवनंदन भारती ने कहा, “29 जुलाई 2025 को इनका बेल बॉन्ड कैंसिल हुआ था और वारंट भी जारी हुआ था. इस पर अभी तक क्यों नहीं कुछ किया गया. वो जब भी पटना आते थे तो एसपी को सूचना देते थे, क्योंकि उन्हें वाई ग्रेड की सुरक्षा मिली है और एसपी की अनुशंसा पर ही यह सुरक्षा मिलती थी.”

    शिवनंदन भारती

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पप्पू यादव के वकील ने आरोप लगाया है कि इस पुराने मामले को इसलिए बचाकर रखा गया था ताकि सही मौक़े पर पप्पू यादव के ख़िलाफ़ इसका इस्तेमाल कर सकें

    फिर भी इस मामले को बचाकर रखा गया क्योंकि इन लोगों को लगता था कि जब भी राजनीतिक चीज़ों को ख़तरा होगा तब पप्पू यादव को उठा लेंगे और उसी फ़ायदा अब उठाया गया है.

    बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को 1995 के एक मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात उनके घर से गिरफ़्तार किया है.

    पटना के एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने बताया, "यह 1995 का एक मामला है, बीएनएस के स्थान पर जो पहले आईपीसी थी, उसकी धारा 419 (ग़लत पहचान बताकर धोखाधड़ी), 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति सौंपने के लिए प्रेरित करना), 468 (धोखा देने के मक़सद से फ़र्ज़ी दस्तावेज बनाना), 448 (किसी के घर में अवैध रूप से प्रवेश), 506 (आपराधिक धमकी) और 120बी (आपराधिक साजिश), के तहत गिरफ़्तारी सुनिश्चित की जा रही है."

    "यह पटना के गर्दनीबाग थाने का मामला है. इसमें न्यायालय द्वारा ट्रायल केस चल रहा था, जिसमें सांसद को उपस्थित होना था लेकिन वे तय तारीख़ पर उपस्थित नहीं हुए थे. इस कारण उनकी गिरफ़्तारी की जा रही है."

  10. इस्लामाबाद हमला: पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर लगाए आरोप

    इस्लामाबाद पीड़ित

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद के तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में शुक्रवार को हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है

    पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार ने तरलाई हमले की निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि अफ़ग़ानिस्तान की धरती का इस्तेमाल पाकिस्तान के ख़िलाफ़ किया जा रहा है.

    उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट हो गया कि आत्मघाती हमलावर अफ़ग़ानिस्तान की यात्रा पर था और उसने वहां प्रशिक्षण हासिल किया था.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इस्लामाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन में अताउल्लाह तरार ने कहा कि 'आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता, उनकी विचारधारा आतंक फैलाना है.'

    उन्होंने कहा कि सरकार मस्जिदों और इमामबाड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठा रही है.

    सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा, "आतंकवादियों को सहायता देने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. शुक्रवार की नमाज के दौरान मुसलमानों को निशाना बनाने वालों को कड़ी सज़ा दी जाएगी.

    उन्होंने कहा, "आतंकवाद को जड़ से ख़त्म करना बेहद जरूरी है और देश में सांप्रदायिकता और नफ़रत के लिए कोई जगह नहीं है."

    इस्लामाबाद के तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में शुक्रवार को हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 160 से ज़्यादा लोग घायल हो गए. पाकिस्तान ने इसे आत्मघाती हमला बताया है.

  11. मलेशिया: पीएम मोदी ने भारतीय मूल के लोगों को किया संबोधित, जानिए क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मलेशिया दौरे में राजधानी कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित किया है.

    पीएम मोदी ने कहा, "पहले भारत को सिर्फ एक बड़े बाज़ार के तौर पर देखा जाता था. अब हम निवेश और व्यापार का हब हैं. भारत को विकास के लिए एक भरोसेमंद पार्टनर के तौर पर देखा जाता है.”

    उन्होंने कहा, “चाहे वह ब्रिटेन हो, संयुक्त अरब अमीरात हो, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, ओमान, यूरोपीय यूनियन या अमेरिका हो. कई देशों के भारत के साथ ट्रेड डील हैं."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर गए हैं.

    मलेशिया में भारत के उच्चायुक्त बीएन रेड्डी के मुताबिक़, "प्रधानमंत्री की इस यात्रा का प्रमुख मक़सद व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग पर विशेष ध्यान देना है. दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब डॉलर पहुंच चुका है."

    उन्होंने कहा, "यात्रा के एजेंडे में 10वां भारत-मलेशिया सीईओ फ़ोरम, सीईसीए की समीक्षा और आसियान-भारत फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट में हुई प्रगति पर चर्चा शामिल है."

    कुआलालंपुर में भारतीय उच्चायोग के मुताबिक़, मलेशिया में भारतीय मूल के क़रीब 30 लाख लोग हैं. यह मलेशिया की आबादी का क़रीब 9% है.

    इनमें क़रीब 20 लाख मलेशियाई तमिल भाषा बोलते हैं. जबकि भारतीय मूल के काफ़ी लोग तेलुगु, मलयालम और पंजाबी भाषा भी बोलते हैं. यहाँ गुजराती, बंगाली और उर्दू बोलने वाले भारतीय मूल के लोग भी मौजूद हैं.

  12. ईरानी विदेश मंत्री ने कहा, 'न्यूक्लियर एनरिचमेंट ईरान का अधिकार और अमेरिका हमला करके भी इसे ख़त्म नहीं कर पाया'

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि ईरान का मिसाइल कार्यक्रम उसकी सुरक्षा से जुड़ा है और इसपर कोई बातचीत नहीं हो सकती

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला करने के बाद भी अमेरिका उसे ख़त्म नहीं कर पाया और यूरेनियम संवर्धन ईरान का अधिकार है, जो जारी रहना चाहिए.

    ईरान के आधिकारिक न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए (इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज़ एजेंसी) के मुताबिक़ अराग़ची ने अल जज़ीरा को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "अमेरिका के साथ ईरान की हालिया बातचीत एक अच्छी शुरुआत थी."

    हालांकि उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच भरोसा बनाने के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना है. अराग़ची ने इस बात पर ज़ोर दिया कि शुक्रवार को हुई बातचीत अप्रत्यक्ष थी और सिर्फ़ परमाणु मुद्दे तक ही सीमित थी.

    विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा, "ईरान के नज़रिए से यूरेनियम संवर्धन पर प्रतिबंध के मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हो सकती. यूरेनियम संवर्धन ईरान का अधिकार है और यह निश्चित तौर पर जारी रहना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "वे (अमेरिका) बमबारी करके भी इस क्षेत्र में ईरान की क्षमताओं को ख़त्म नहीं कर पाए."

    ईरान के मिसाइल प्रोग्राम के बारे में बात करते हुए अराग़ची ने दोहराया, "न तो अभी और न ही भविष्य में मिसाइलों पर बातचीत हो सकती है, क्योंकि यह सुरक्षा से जुड़ा हुआ है."

    विदेश मंत्री ने अमेरिका के किसी भी संभावित हमले पर ईरान की प्रतिक्रिया के बारे में भी बात की और कहा कि ‘अगर ईरान पर हमला होता है, तो हम इस क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाएंगे.’

    अराग़ची ने आगे कहा कि युद्ध की संभावना हमेशा बनी रहती है और ईरान ऐसे हालात के लिए तैयार है.

    ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत का नया दौर शुक्रवार ओमान की राजधानी मस्कट में शुरू हुआ है.

    इस बातचीत के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी..

    उनके मुताबिक़, "दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रखने के समझौते के साथ यह बैठक ख़त्म हुई है. दोनों पक्षों ने अपने-अपने नज़रिए और मांग को रखते हुए अपने नेताओं से सलाह के बाद बातचीत के अगले दौर के बारे में फैसला लेने पर सहमति जताई है."

  13. इस्लामाबाद हमला: पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने दुनियाभर के नेताओं से ये कहा

    इसहाक़ डार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने इस्लामाबाद में हुए धमाकों पर संवेदना जताने वाले दुनियाभर के नेताओं के प्रति आभार जताया है.

    इसहाक़ डार ने कहा है कि इस मुश्किल समय में दुनियाभर से मिले समर्थन और एकजुटता के लिए वो दिल से आभारी हैं.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के ख़िलाफ़ दृढ़ता से खड़ा है और अपने लोगों की रक्षा करने, शांति बनाए रखने और इस साझा वैश्विक ख़तरे से लड़ने के लिए अंतराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है."

    "हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शहीदों, घायलों और उनके परिवारों के साथ हैं. पाकिस्तान सरकार प्रभावित लोगों को सभी जरूरी सहायता और मदद पहुँचा रही है. पाकिस्तान अपनी शांति और स्थिरता के ख़िलाफ़ किसी भी ख़तरे का निर्णायक रूप से जवाब देना जारी रखेगा."

    इस्लामाबाद के तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में शुक्रवार को हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 160 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

    इस धमाके पर भारत के विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी करते हुए इसकी निंदा की है.

  14. इस्लामिक स्टेट ने इस्लामाबाद आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली

    इस्लामाबाद घटनास्थल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद में घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और जांच अधिकारी

    इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) ने इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में शुक्रवार की नमाज के दौरान खदीजात-ए-कुबरा मस्जिद पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है.

    बीबीसी मॉनिटरिंग के अनुसार, यह दावा समूह के टेलीग्राम चैनलों पर सामने आया है, जिसके अनुसार पाकिस्तान में सक्रिय एक आईएसआईएस समूह इस हमले के पीछे है और यह एक आत्मघाती बम हमला था.

    आईएसआईएस की समाचार एजेंसी, 'अमाक' ने भी एक बयान जारी किया है जिसमें कथित नकाबपोश हमलावर की तस्वीर साझा की गई है.

    इस्लामाबाद के तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में शुक्रवार को हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 160 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

  15. पप्पू यादव की गिरफ़्तारी पर राहुल और प्रियंका ने उठाए सवाल, लगाए ये आरोप

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर इसे 'राजनीतिक प्रतिशोध' बताया

    बिहार में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ़्तारी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा कि पप्पू यादव पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले में न्याय की आवाज़ बनकर मज़बूती से खड़े हुए और उनकी गिरफ़्तारी 'राजनीतिक प्रतिशोध' है.

    राहुल गांधी ने कहा कि पप्पू यादव को इसलिए गिरफ़्तार किया गया ताकि 'जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज़ को डराया और दबाया जा सके'.

    राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "पटना में नीट की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है."

    "पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना बीजेपी-एनडीए मॉडल सामने आ गया- केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो."

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने पप्पू यादव की गिरफ़्तारी पर प्रतिक्रिया दी है

    वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है.

    उन्होंने लिखा, "पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है. यह केस सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफ़नाक है. एफ़आईआर दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है. यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?"

    "हाथरस, उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक. जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह जो आरोपों से घिरा हो उसके साथ खड़ी हो जाती हैं. इस केस में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव जी की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है."

    प्रियंका गांधी ने आरोप लगाए, "बीजेपी और उनके सहयोगियों का एजेंडा स्पष्ट है. वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं."

  16. टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने संघर्षपूर्ण मैच में नीदरलैंड्स को हराया

    फ़हीम अशरफ़

    इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़हीम अशरफ़ ने सिर्फ़ 11 गेंदों पर 29 रन बनाकर मैच का पासा पलट दिया

    टी-20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में पाकिस्तान की टीम ने नीदरलैंड्स को तीन विकेट से हरा दिया.

    लेकिन पाकिस्तान की टीम को ये मैच जीतने में कड़ा संघर्ष करना पड़ा.

    कोलंबो में खेले गए इस मैच में नीदरलैंड्स ने पहले बल्लेबाज़ी की और उनकी पूरी टीम 19.5 ओवरों में 147 रन बनाकर आउट हो गई.

    जवाब में खेलने उतरी पाकिस्तान की टीम के विकेट लगातार अंतराल के बाद गिरते रहे और एक समय उनका स्कोर 7 विकेट पर 114 रन था और जीत के लिए उन्हें 23 गेंदों पर 34 रन चाहिए थे.

    लेकिन आख़िरी लम्हों में फ़हीम अशरफ़ ने सिर्फ़ 11 गेंदों पर 29 रन बनाकर मैच का पासा पलट दिया और पाकिस्तान को 20वें ओवर में तीन विकेट से जीत दिला दी.

  17. अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दौरे पर रवाना, पीएम अनवर इब्राहिम से करेंगे मुलाक़ात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के एजेंडे में फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बातचीत भी शामिल है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं.

    उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "अपने मित्र प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर मैं मलेशिया की यात्रा पर जा रहा हूं… मलेशिया ऐसा देश है, जिसके साथ भारत के गहरे और व्यापक संबंध रहे हैं… मलेशिया में बड़ी और सक्रिय भारतीय प्रवासी आबादी रहती है."

    उन्होंने लिखा, "मलेशिया में भारतीय मूल के 30 लाख लोग रहते हैं, जो कि दुनिया में भारतीयों के सबसे बड़े प्रवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व करता है. मलेशिया की प्रगति में उनका महत्वपूर्ण योगदान और दोनों देशों के बीच दोस्ती में उनकी भूमिका हमारी ऐतिहासिक दोस्ती की मजबूत बुनियाद बनाती है."

    मलेशिया में भारत के उच्चायुक्त बीएन रेड्डी ने कहा, "प्रधानमंत्री की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग पर विशेष ध्यान देना है. दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब डॉलर पहुंच चुका है."

    उन्होंने कहा, "यात्रा के एजेंडे में 10वां भारत-मलेशिया सीईओ फ़ोरम, सीईसीए की समीक्षा और आसियान-भारत फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट में हुई प्रगति पर चर्चा शामिल है."

  19. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आग़ाज़, पहला मैच नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के बीच

    श्रीलंका में नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबला

    इमेज स्रोत, Robert Cianflone/Getty Images

    इमेज कैप्शन, श्रीलंका में नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबला

    आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज़ हो गया है. इसकी मेज़बानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं.

    टूर्नामेंट का पहला मैच श्रीलंका में नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के बीच चल रहा है. नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान को 148 रनों का टारगेट दिया है.

    इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

    बल्लेबाज़ी करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम ने 147 रन बनाए, टीम 19.5 ओवर में ऑल आउट हो गई.

    टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा मैच स्कॉटलैंड और वेस्ट इंडीज़ के बीच कोलकाता में दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा.

    वहीं टूर्नामेंट का तीसरा मैच भारत और अमेरिका के बीच शाम सात बजे से मुंबई में होगा.

  20. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 विजेता भारतीय टीम के लिए बीसीसीआई ने की इनाम की घोषणा

    आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप

    इमेज स्रोत, Ashley Allen-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने फ़ाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराया

    बीसीसीआई ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ़ के लिए 7.5 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है.

    ये जानकारी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी है.

    उन्होंने कहा, "हमारी अंडर-19 टीम ने जिस तरीके से हरारे में इंग्लैंड को हराया, उससे बीसीसीआई और पूरा देश बहुत ख़ुश है. टीम टूर्नामेंट में एक भी मैच हारे बिना चैंपियन बनी है."

    सैकिया ने बताया कि बीसीसीआई ने टीम की परफ़ॉर्मेंस देखते हुए 7.5 करोड़ रुपये इनाम की घोषणा की है, जो टीम के खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ़ में बांटा जाएगा.