अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.
कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप उनके साथ लगे लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.
पाकिस्तान के बलूचिस्तान के खुजदार ज़िले में अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में एक हिंदू व्यापारी सहित तीन लोग मारे गए और दो अन्य घायल हो गए.
सुरभि गुप्ता, रौनक भैड़ा
अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.
कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप उनके साथ लगे लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के बलूचिस्तान के खुजदार ज़िले में अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में एक हिंदू व्यापारी सहित तीन लोग मारे गए और दो अन्य घायल हो गए.
खुजदार पुलिस अधिकारी वहाब बलूच ने बताया कि इन लोगों पर खुजदार के नाल इलाक़े में हमला किया गया.
उनके अनुसार, मृतक और घायल लोग खुजदार ज़िले के वध क्षेत्र के रहने वाले थे और पिकनिक के लिए नाल के हरनबो बांध क्षेत्र में गए थे.
उन्होंने बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने उन पर गोलियां चलाईं.
उन्होंने कहा कि गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतकों में मल्लु मल नामक एक हिंदू व्यापारी भी शामिल हैं जबकि अन्य दो की पहचान अब्दुल राशिद और अब्दुल सबूर के रूप में हुई है.
वहाब बलूच ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उन्होंने कहा कि इस हमले के मक़सद का पता नहीं चल पाया है और इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है.
इस हमले के विरोध में पीड़ितों के रिश्तेदारों और वध में रहने वाले अन्य लोगों ने क्वेटा और कराची के बीच राजमार्ग को जाम कर दिया.

इमेज स्रोत, Asif Ali
अंकिता भंडारी हत्याकांड में 'अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच' के आह्वान पर रविवार को देहरादून में एक महापंचायत आयोजित की गई. इस महापंचायत में कांग्रेस, उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) समेत 40 से अधिक सामाजिक, कर्मचारी और जन संगठन शामिल हुए.
आयोजकों का कहना था कि भले ही मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई हो, लेकिन अब भी कई अहम सवालों के जवाब नहीं मिले हैं.
इस महापंचायत में अंकिता भंडारी के माता-पिता भी पहुंचे थे. इस दौरान अंकिता के माता-पिता की ओर से सीएम को सौंपे गए सीबीआई जांच पत्र को ही शिकायती पत्र मानने, डॉक्टर अनिल प्रकाश जोशी की एफ़आईआर ख़ारिज करने जैसे प्रस्ताव पेश किए गए, जो सर्वसम्मति से पास हुए.
अंकिता के पिता ने कहा, “मुझे यहां इसलिए आना पड़ा क्योंकि बहुत से लोगों में भ्रम था कि अंकिता के माता-पिता बिक चुके हैं, लेकिन मैं न समझौता करने वालों में हूं, न बिकने वालों में.”
उन्होंने आगे कहा, “बच्ची वीआईपी के आगे झुकी नहीं, तो भला मैं कैसे झुक सकता हूं. मैंने मुख्यमंत्री को प्रस्ताव बनाकर भेजा है कि सीबीआई की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में हो.”
“अनिल प्रकाश जोशी ने हमारी तरफ़ से एफ़आईआर क्यों की? मैंने उन्हें नहीं जानता. अगर कार्रवाई होगी तो मेरी एफ़आईआर पर होगी.”
उत्तराखंड महिला मंच की संयोजक कमला पंत ने कहा, “जब वीआईपी कहे जाने वाले दो लोगों के नाम संदेह के घेरे में आ चुके हैं, तो उन्हें अब तक जांच के दायरे में क्यों नहीं लाया गया.”
भाकपा (माले) के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने बीबीसी हिंदी से कहा कि 'आज की महापंचायत, अंकिता भंडारी मामले से जुड़े आंदोलन का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है.'
उन्होंने कहा, “सीबीआई जांच की घोषणा के बाद भी आंदोलन से जुड़े लोगों को संदेह है कि सरकार वीआईपी लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है.”
मैखुरी के अनुसार, “यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक वीआईपी लोगों को सज़ा नहीं हो जाती.”

इमेज स्रोत, ANI
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि ट्रेड डील में ऐसी चर्चा नहीं होती कि कौन क्या और कहां से ख़रीदेगा. उन्होंने कहा कि यह तो कंपनियां ख़ुद तय करेंगी.
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए पीयूष गोयल ने कहा, "अमेरिका से कच्चा तेल या एलएनजी, एलपीजी ख़रीदना भारत के अपने रणनीतिक हित में है. क्योंकि हम अपने तेल के अलग-अलग स्रोत बना रहे हैं. लेकिन फ़ैसले ख़रीदार यानी कंपनियां ख़ुद लेती हैं."
उन्होंने आगे कहा, "ट्रेड डील में यह चर्चा नहीं होती कि कौन क्या और कहां से खरीदेगा. ट्रेड डील सुनिश्चित करती है कि व्यापार का रास्ता आसान हो और हमें पहुंच मिले. एफटीए का मतलब ही है कि आपको अपने प्रतिद्वंदियों के मुक़ाबले अधिक पहुंच मिले."
पीयूष गोयल ने कहा कि आज जब हम पर 18% का टैरिफ़ ही है, तो हमें उन दूसरे विकासशील देशों पर बढ़त मिलती है जो आमतौर पर हमारे मुक़ाबले में होते हैं.

इमेज स्रोत, @AHindinews
बिहार के दरभंगा में एक नाबालिग़ बच्ची के बलात्कार और हत्या के बाद लोगों ने हिंसक प्रदर्शन किया है.
पुलिस के मुताबिक़ उन्हें बलात्कार के बारे में सूचना रात क़रीब डेढ़ बजे मिली थी.
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने इस मामले पर बयान दिया है.
उन्होंने बताया, “हमने अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया. उसने पूछताछ में अपना अपराध क़बूल भी कर लिया है. लोग मांग कर रहे थे हम अभियुक्त को उन्हें सौंप दें, जो क़ानूनन नहीं हो सकता. इसी बात पर लोगों ने हंगामा किया और थोड़ी-बहुत पत्थरबाज़ी भी हुई. हमने लोगों को समझा दिया है. अब हालात शांतिपूर्ण हैं.”
एसएसपी के मुताबिक़ इस हंगामे के बाद कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है.

इमेज स्रोत, @yadavtejashwi
दरभंगा में हुई इस घटना पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, "बिहार के दरभंगा में 6 साल की नाबालिग़ बच्ची के साथ दुष्कर्म बाद नृशंस हत्या कर दी गई है.”
“बिहार में पीड़ितों और गरीबों की कहीं कोई सुनने वाला नहीं. पुलिस की रिकॉर्डतोड़ नाकामयाबी, कम कन्विक्शन दर और ज्वलंत घटनाओं पर मुख्यमंत्री की अनभिज्ञता के चलते जनता अब सड़कों पर उतर चुकी है.”

इमेज स्रोत, Robert Cianflone/Getty Images
टी-20 वर्ल्ड कप के छठे मुक़ाबले में श्रीलंका ने आयरलैंड को 164 रन का टारगेट दिया है. टीम ने 6 विकेट खोकर 163 रन बनाए.
श्रीलंका के स्कोर में सबसे ज़्यादा योगदान कुसल मेंडिस का रहा, उन्होंने अर्धशतक लगाते हुए 56 रन की पारी खेली. जबकि कामिंदु मेंडिस अर्धशतक से चूक गए, उन्होंने 44 रन बनाए.
इससे पहले आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी. टूर्नामेंट में ग्रुप बी का यह पहला मुक़ाबला है.
श्रीलंका की कमान संभाल दासुन शनाका के हाथ में है, जबकि आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग हैं.
दोनों टीमें कुछ इस प्रकार हैं-
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, पवन रत्नानायके, दासुन शनाका (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, डुनिथ वेलालागे, वानिन्दु हसरंगा, महेश थीक्षाना, दुष्मंथ चमीरा, मथीशा पथिराना.
आयरलैंड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, कर्टिस कैम्फ़र, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडायर, बैरी मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ़्रीस.

इमेज स्रोत, ANI
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया है कि उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. समाचार एजेंसी एएनआई की तरफ से सोशल मीडिया एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में सौरभ भारद्वाज को पुलिस की गाड़ी में बैठते हुए भी देखा जा सकता है.
सौरभ भारद्वाज और आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता जनकपुरी में उसी जगह इकट्ठा होने का प्रयास कर रहे थे, जहां बीते दिनों कमल ध्यानी नाम के एक युवक की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "आप तानाशाही का स्तर देख सकते हैं. किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं की, जबकि कमल ध्यानी के माता-पिता छह पुलिस स्टेशनों में गए थे. जब हम सब उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हुए हैं, तो पुलिस हमें हिरासत में ले रही है."
इससे पहले सौरभ भारद्वाज ने एक पोस्ट में लिखा था, “आज हम जनकपुरी में मारे गए कमल ध्यानी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. पुलिस ने जगह जगह आज बैरिकेड लगा दिए. हमने कहा कोई नारेबाज़ी नहीं हो रही , सिर्फ़ मोमबत्ती जलाकर चले जाएँगे.”
उन्होंने आरोप लगाया, “क्या अब इतना भी करना अपराध है?”

इमेज स्रोत, @Saurabh_MLAgk
कमल ध्यानी की 5 फ़रवरी को जनकपुरी में अपनी बाइक से घर लौटते हुए गड्ढे में गिरने के बाद मौत हो गई थी.
उनके पिता ने इस हादसे का आरोप दिल्ली जल बोर्ड पर लगाया था. पुलिस ने भी बताया था कि वह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड के काम के लिए खोदा गया था.

इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली में पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में तीन शव मिले. दिल्ली पुलिस के अनुसार, शवों पर चोट के कोई निशान नहीं हैं.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, शुरुआती जांच से लगता है कि यह आत्महत्या का मामला है.
डीसीपी आउटर दिल्ली सचिन शर्मा ने कहा, "हमें फ़ोन आया कि एक कार में कुछ लोगों की मौत हो सकती है. जब हम पहुंचे, तो कार में तीन लोग मृत मिले."
"मृतकों की पहचान हो चुकी है. इनमें दो पुरुष और एक महिला हैं. अब तक कोई संदिग्ध चीज़ नहीं मिली है."

इमेज स्रोत, ANI
आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के ख़िलाफ़ मैच का बॉयकॉट करने के पाकिस्तान के फैसले पर भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने हैरानी जताई है.
सौरव गांगुली ने पत्रकारों से कहा, "किस बात के लिए वर्ल्ड कप से पीछे हट रहे हैं? वे वैसे भी श्रीलंका में खेल रहे हैं. मुझे पाकिस्तान के पीछे हटने पर हैरानी हो रही है."
उन्होंने आगे कहा, "वर्ल्ड कप में हर पॉइंट ज़रूरी होता है. आप एक भी पाइंट गंवा नहीं सकते. मैं थोड़ा हैरान हूँ, लेकिन ये उनका अपना फ़ैसला है."
भारत और श्रीलंका में 7 फ़रवरी से शुरू हुआ आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप आठ मार्च तक चलेगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच मुक़ाबला तय है.
लेकिन एक फ़रवरी को पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर एक बयान जारी करते हुए '15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मैदान में नहीं उतरने की जानकारी दी थी.'
हालांकि, पाकिस्तान सरकार की ओर से इस फ़ैसले को लेकर कोई कारण नहीं बताया गया था.
दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने इस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ज़मीन पर मैच खेलने से इनकार कर दिया और फिर आईसीसी ने उसे इस टूर्नामेंट से बाहर करते हुए स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया.
इस मुद्दे पर पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया और कहा कि "अगर कोई देश सुरक्षा कारणों से किसी देश में खेलने से मना करता है, तो बांग्लादेश को भी यह अधिकार होना चाहिए."

इमेज स्रोत, Sanjit Pariyar/NurPhoto via Getty Images
आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में इंग्लैंड ने नेपाल को क़रीबी मुकाबले में हरा दिया. इस पर नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने कहा है कि मायने यह रखता है कि हमने कैसा खेला.
उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "हार-जीत खेल का नियम है. मायने यह रखता है कि हमने कैसा खेला. आज नेपाली टीम का प्रदर्शन सराहनीय है. उम्मीद अभी भी बाकी है."
इससे पहले जैसे ही इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी पूरी हो गई थी, प्रधानमंत्री कार्की ने लिखा था, "आईसीसी टी-20 विश्व कप क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ नेपाल का मैच. गेंदबाज़ी अच्छी रही, उम्मीद है बल्लेबाज़ी भी अच्छी होगी."
इस पोस्ट में पीएम कार्की ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वे मैच देखती हुई नज़र आ रही हैं.
दरअसल, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में इंग्लैंड की टीम ने नेपाल को 185 रन का टारगेट दिया था. लेकिन नेपाल की टीम इस कांटे के मुकाबले में महज़ 4 रन से हार गई.
नेपाल और इंग्लैंड के बीच का यह मुकाबला आख़िरी गेंद तक रोचक बना रहा. 20वें ओवर की आख़िरी गेंद पर नेपाल को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे, लेकिन वो केवल एक रन बना सकी.

इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में इंग्लैंड ने नेपाल को हरा दिया है. नेपाल को 185 रन का टारगेट हासिल करना था, जिसमें वह असफल रही. टीम 180 रन ही बना पाई और 4 रन से हार गई.
नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी अर्धशतक के क़रीब पहुंचे, लेकिन 44 रन बनाकर आउट हो गए. रोहित पौडेल ने 34 गेंद खेलते हुए 39 रन बनाए. कुशाल भुर्टेल ने 17 गेंदों में 29 रन बनाए. लेकिन भरसक कोशिश के बाद भी नेपाल की टीम इस लक्ष्य को चेज़ नहीं कर पाई.
इंग्लैंड की टीम की ओर से जैकब बेथेल ने अर्धशतक लगाया, उन्होंने 55 रन की पारी खेली. जबकि हैरी ब्रूक ने भी शानदार पारी खेलते हुए 53 रन बनाए.
यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ, जहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी की थी. टीम की शुरुआत खराब प्रदर्शन के साथ हुई थी, दूसरे ओवर की शुरुआत में ही पहला विकेट चला गया था, तब तक टीम का स्कोर 5 रन पर ही था. हालांकि, बाद में टीम ने एक बड़ा स्कोर बनाया और जीत दर्ज की.

इमेज स्रोत, Buddhika Weerasinghe/Getty Images
जापान में चुनाव की वोटिंग ख़त्म हो गई है. शुरुआती अनुमान बता रहे हैं कि वर्तमान प्रधानमंत्री सनाई तकाइची की पार्टी लिबरल डेमोक्रेट पार्टी (एलडीपी) को बड़ी जीत मिल सकती है.
देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने के सिर्फ़ चार महीने बाद ही उन्होंने जनता से स्पष्ट बहुमत पाने के लिए यह चुनाव करवाया है. उन्होंने अचानक से चुनाव का एलान कर दिया था.
जापान में ज़्यादातर समय एलडीपी की अगुवाई वाली सरकार रही है क्योंकि वहां मज़बूत विपक्ष नहीं है. कुछ लोगों ने इस चुनाव को जोखिम भरा क़दम कहा था, क्योंकि एलडीपी संसद के दोनों सदनों में बहुमत खो चुकी थी और कोमेइटो पार्टी के साथ उसका पुराना गठबंधन भी टूट गया था.
लेकिन तकाइची की लोकप्रियता ने पार्टी को मज़बूत किया है. उनकी सरकार की अप्रूवल रेटिंग ज़्यादातर समय 70% से ऊपर रही है.
ताज़ा आंकड़े बताते हैं कि एलडीपी और जापानी इनोवेशन पार्टी का गठबंधन निचले सदन की 465 में से क़रीब 300 सीटें जीत सकता है.

इमेज स्रोत, NIHARIKA KULKARNI/AFP via Getty Images
कांग्रेस पार्टी ने असम बीजेपी के एक्स हैंडल से पोस्ट हुए एक वीडियो की निंदा की है. कांग्रेस ने कोर्ट से अपील करते हुए 'ऐसे खुले तौर पर हिंसा का आह्वान करने वालों' पर सख़्त कार्रवाई करने के लिए कहा.
दरअसल, असम के बीजेपी हैंडल से एक्स पर एक वीडियो शेयर किया गया. इसमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को मुसलमानों पर निशाना लगाते हुए दिखाया गया है. वीडियो वायरल होने पर इसकी निंदा हुई, जिसके बाद बीजेपी ने वीडियो हटा दिया.
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "बीजेपी के ऑफ़िशियल असम प्रदेश हैंडल ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें अल्पसंख्यकों की टार्गेटेड, ‘पॉइंट-ब्लैंक’ हत्या को बढ़ावा देते हुए दिखाया गया है."
"यह बहुत ही घिनौना और परेशान करने वाला है और इसे किसी सामान्य ट्रोल कंटेंट की तरह नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. यह समाज में बड़े पैमाने पर हिंसा और नरसंहार की पुकार करने जैसा है."
कांग्रेस ने इसमें आगे लिखा है कि 'यह इस फ़ासीवादी सरकार का असली चेहरा दिखाता है, जिसने दशकों से इस नफ़रत को पनपने दिया और पिछले 11 सालों में इसे सामान्य बनाने की कोशिश की. मामले की गंभीरता को देखते हुए इस तरह समाज में ज़हर और अशांति फैलाने वाले काम पर सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए.'
कांग्रेस ने कहा, "यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री से न तो निंदा की उम्मीद है और न ही ज़िम्मेदारी तय करने की. लेकिन न्यायपालिका को इसमें मज़बूती से क़दम उठाना चाहिए."

इमेज स्रोत, Nikhil Patil/Getty Images
टी-20 वर्ल्ड कप के पांचवें मैच में इंग्लैंड और नेपाल आमने-सामने हैं. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नेपाल को 185 रन का टारगेट दिया है. इंग्लैंड ने 7 विकट खोकर 184 रन बनाए थे.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चल रहे मुक़ाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों का यह पहला मुक़ाबला है.
इंग्लैंड को पहला झटका दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ही लग गया था, जब फ़िलिप सॉल्ट महज़ 1 रन बनाकर आउट हो गए थे. उन्हें शेर मल्ला की गेंद पर संदीप लामिछाने ने कैच आउट किया था.
इस मैच की दोनों टीमें इस तरह हैं-
इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन: फ़िलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ़्रा आर्चर, आदिल राशिद, ल्यूक वुड
नेपाल प्लेइंग इलेवन: कुशाल भुर्टेल, आसिफ़ शेख (विकेट कीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), दीपेंद्र सिंह ऐरी, आरिफ़ शेख, लोकेश बाम, गुलशन झा, करण केसी, नंदन यादव, संदीप लामिछाने, शेर मल्ला

इमेज स्रोत, Waseem Andrabi/Hindustan Times via Getty Images
तिब्बती बौद्ध धर्म के सबसे बड़े आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने एपस्टीन फ़ाइल्स पर अपना बयान जारी किया है. उन्होंने कहा है कि वे कभी भी जेफ़री एपस्टीन से नहीं मिले.
दलाई लामा के कार्यालय की ओर से रविवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, "हाल की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स में एपस्टीन फ़ाइल्स को लेकर यह दलाई लामा को जेफ़री एपस्टीन से जोड़ने की कोशिश की जा रही है."
इसमें आगे कहा गया है, "हम साफ़ तौर पर बताते हैं कि दलाई लामा ने कभी जेफ़री एपस्टीन से मुलाक़ात नहीं की"
"न ही उन्होंने किसी को अपनी ओर से उससे (जेफ़री एपस्टीन) मिलने या बातचीत करने की इजाज़त दी है."
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दलाई लामा को अमेरिकी अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जोड़ा जा रहा था.
इसी संबंध में अब दलाई लामा के कार्यालय ने आधिकारिक बयान जारी किया है.

इमेज स्रोत, RSS
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि जब संघ कहेगा, वे अपनी ज़िम्मेदारी से मुक्त हो जाएंगे. हालांकि, उन्होंने कहा कि इसके बाद भी काम करने से मुक्ति नहीं होगी.
आरएसएस शताब्दी समारोह के मौक़े पर आयोजित एक कार्यक्रम में भागवत ने रविवार को कहा कि 'हम आमतौर पर ऐसा सोचते हैं कि 75 की उम्र के बाद बिना दायित्व के कार्य करना चाहिए. इसको संघ की अनुमति मिलेगी तब होगा, जैसे मेरी बात है, मेरी उम्र 75 हो गई.'
उन्होंने कहा, "मैंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब हो गया. इस पर उन्होंने मुझसे कहा कि 'आपको क्या हुआ है, आप घूम रहे हैं, और काम करो.' इसलिए मैं रुक गया हूं."
भागवत ने आगे कहा, "मैं यहां रहूं ये मेरी इच्छा नहीं है, मैं यहां न रहूं ये भी मेरी इच्छा नहीं है. यह संघ का ऑप्शन है. जब संघ कहेगा, दायित्व से निवृत्ति होगी, कार्य से निवृत्ति नहीं होगी. दायित्व से निवृत्त होने के बाद भी जीवनभर काम चलता रहता है."
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सितंबर 2025 में 75 साल के हो गए हैं और वो अपने पद पर बने हुए हैं.

इमेज स्रोत, ANI
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुए बम धमाके पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह की प्रतिक्रिया सामने आई है. अब्दुल्लाह ने धमाके पर अफ़सोस व्यक्त किया.
उन्होंने कहा, "ये दिखाता है कि हम अल्लाह से कितनी दूर हैं. हम उस मंज़िल की ओर चल रहे हैं, जिसके लिए जहन्नुम तैयार है."
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस पार्टी (जेकेएनसी) के प्रमुख फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने आगे कहा, "हर जगह ब्लास्ट हो रहे हैं, कौन-सी जगह बाकी रह गई है. मुझे बताइए मुल्कों की हालत क्या है, जब अल्लाह से दूर हो जाते हैं तो ऐसा ही होता है.:
गौरतलब है कि हाल ही में इस्लामाबाद के तरलाई इलाक़े के इमामबाड़े में धमाका हुआ, इसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई. 160 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पुलिस अधिकारियों ने इसे 'आत्मघाती हमला' बताया है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने विस्फोट के ज़िम्मेदारों को सख़्त सज़ा देने की बात कही.

इमेज स्रोत, Getty Images
टी20 वर्ल्ड कप मैच में न्यूज़ीलैंड ने अफ़ग़ानिस्तान को हरा दिया है. न्यूज़ीलैंड ने अफ़ग़ानिस्तान को 5 विकेट से हराया. टीम ने 183 रन का टारगेट 17.5 ओवर में 5 विकेट खोकर चेज़ किया. यह ग्रुप-डी का पहला मैच था.
न्यूज़ीलैंड की टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर चेज़ किया. इससे पहले साल 2021 में टीम ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अबु धाबी में 167 रन का स्कोर चेज़ किया था.
अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीता था और पहले बल्लेबाज़ी की, उसने न्यूज़ीलैंड की टीम को 183 रन का लक्ष्य दिया था. अफ़ग़ानिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन बनाए. टीम में सबसे अधिक रन गुलबदीन नईब ने बनाए, उन्होंने 63 रन की पारी खेली थी. रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 27 और दरविश रसूली ने 20 रन बनाए.
चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूज़ीलैंड के प्लेइंग इलेवन में फ़िन ऐलन, टिम साइफ़र्ट (विकेटकीपर), रचिन रविंद्र, ग्लेन फ़िलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जिमी नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फ़र्ग्युसन, जेकब डफ़ी शामिल थे.
जबकि अफ़ग़ानिस्तान के प्लेइंग इलेवन में रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इब्राहिम ज़दरान, सिद्दीक़ुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई, गुलबदीन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद ख़ान (कप्तान), फ़ज़लहक़ फ़ारूक़ी, जियाउर रहमान, मुजीब उर रहमान शामिल थे.

इमेज स्रोत, Getty Images
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख़ के कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ गोगोई से कनेक्शन का आरोप लगाया.
उन्होंने इस मामले को सामान्य जांच से कहीं ज़्यादा गंभीर मामला बताया है.
गोगोई ने सीएम के आरोपों को सी ग्रेड फ़िल्म से भी बदतर बताया है.
सीएम ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "ये बहुत गंभीर आरोप हैं. जब एक मौजूदा सांसद और कांग्रेस पार्टी के डिप्टी लीडर पाकिस्तान के साथ शामिल होते हैं, तो मामला और भी ज़्यादा गंभीर हो जाता है."
उन्होंने कहा, "रिपोर्ट की जांच करने के बाद, राज्य कैबिनेट की राय है कि इस मामले की जांच एक केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए. हमने आगे की जांच के लिए इस मामले को गृह मंत्रालय को भेजने का फ़ैसला किया है."
इससे पहले बीते 5 फ़रवरी को पत्रकारों से बात करते हुए सीएम ने कांग्रेस सांसद गोगोई पर एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ के "पाकिस्तान में चालू बैंक खाते" हैं.
दरअसल अगले दो महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भ्रष्टाचार समेत कई मामलों को लेकर सीएम सरमा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई आमने-सामने हैं.
हाल ही में असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने एक वेबसाइट “हू इज़ एचबीएस” लॉन्च की थी जिसमें कथित तौर पर सीएम पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और सांस्कृतिक हस्तियों का अपमान करने के आरोप लगाए गए थे.
वहीं सीएम सरमा ने कांग्रेस नेता के कथित 'पाकिस्तान कनेक्शन' को लेकर मोर्चा खोल रखा है.
गोगोई का जवाब
सीएम सरमा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'पाकिस्तान कनेक्शन' के जवाब में सांसद गोगोई ने एक्स पर लिखा, "मुझे दिल्ली और असम के उन पत्रकारों पर दया आती है, जिन्हें सदी की सबसे फ़्लॉप प्रेस कॉन्फ़्रेंस झेलनी पड़ी."
"यह एक सी ग्रेड सिनेमा से भी बदतर था, तथाकथित राजनीतिक रूप से चतुर मुख्यमंत्री ने सबसे बेवकूफी भरे और फ़र्ज़ी पॉइंट दिए."
गौरव गोगोई ने आगे लिखा, "यह #सुपरफ्लॉप हमारी #XomoyParivartanYatra के बिल्कुल उलट है, जो मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कब्ज़ा की गई 12,000 बीघा ज़मीन खुलासा करने में हिट रही है."
कांग्रेस सांसद से जुड़े इस मामले की शुरुआती जांच असम पुलिस की एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने की थी, जिसके बाद सीआईडी पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक मामला दर्ज किया गया था.
अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.