You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस के हवाई हमले में यूक्रेन के 24 लोगों की मौत, 19 घायल

यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लीमेंको ने बताया कि रूस ने गाइडेड एयर बम से हमला किया है

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और उपासना

  1. उपराष्ट्रपति चुनावः पीएम मोदी ने डाला पहला वोट, एनडीए उम्मीदवार के समर्थन पर कांग्रेस ने जगन मोहन पर साधा निशाना

    आज 15वें उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. पहला वोट पीएम नरेंद्र मोदी ने डाला.

    इससे पहले कांग्रेस ने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी प्रमुख जगन मोहन रेड्डी पर एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने के लिए निशाना साधा है.

    कांग्रेस ने उन पर एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों के साथ न खड़े होने का आरोप लगाया.

    कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि आंध्र प्रदेश की जनता उनके ‘विश्वासघात’ को नहीं भूलेगी.

    उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के हितों की जगह सीबीआई मामलों के ‘डर में आरएसएस उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है.’

    टैगोर ने लिखा, "इतिहास जगन के इस विश्वासघात को नहीं भूलेगा. उपराष्ट्रपति चुनाव में आरएसएस समर्थित उम्मीदवार का समर्थन करके उन्होंने आंध्र प्रदेश के हितों के बजाय सीबीआई मामलों के डर को चुना है."

  2. काठमांडू के कई इलाक़ों में अनिश्चितकालीन कर्फ़्यू

    नेपाल में सोमवार को हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद काठमांडू के तीन ज़िलों के कई इलाक़ों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाने की घोषणा की गई है.

    इसके अलावा इटाहारी और सुनसरी में भी अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है.

    काठमांडू ज़िला प्रशासन के आदेश के अनुसार, काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी रिंग रोड क्षेत्र में सुबह 8:30 बजे से प्रभावी होगा.

    सुनसरी जिले के इटाहारी में सोमवार को लगाया गया अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी रहेगा, जहां सोमवार को दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई थी.

    सुनसरी के मुख्य जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा द्वारा सोमवार को इटाहारी क्षेत्र में जारी अनिश्चितकालीन कर्फ्यू का आदेश मंगलवार को भी लागू रहेगा.

    इटाहारी उप-महानगरीय शहर के कुछ इलाकों में सभाओं, जुलूसों, प्रदर्शनों, बैठकों और घेराबंदी पर रोक लगाते हुए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू आदेश जारी किया गया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर पाबंदी के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों में 19 लोगों की मौत हुई है.

  3. भारत पर लगे टैरिफ़ को चीनी राजदूत ने बताया अनुचित, और क्या कहा

    चीन ने भारत पर 50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ़ का कड़ा विरोध किया है और टैरिफ़ को 'अनुचित और गैर-तर्कसंगत' क़रार दिया.

    भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने कहा कि नई दिल्ली और बीजिंग को आर्थिक संबंधों को और मज़बूत कर, मिलकर इस चुनौती का सामना करना चाहिए.

    शू फेइहोंग, जापान पर चीन की जीत की 80वीं वर्षगांठ के मौके पर सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में भाषण देने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका टैरिफ़ को एक "हथियार" की तरह इस्तेमाल कर रहा है, जिससे विभिन्न देशों से "बेहद ऊंची कीमत" वसूली जा रही है.

    उन्होंने कहा, "ट्रेड वॉर की शुरुआत अमेरिका ने की. अंतरराष्ट्रीय व्यापार को एक-दूसरे का पूरक होना चाहिए और पारस्परिक लाभकारी सहयोग की ओर ले जाना चाहिए. अमेरिका को लंबे समय तक मुक्त व्यापार से फायदा होता रहा है, लेकिन अब वह टैरिफ़ को एक हथियार या उपकरण की तरह इस्तेमाल कर रहा है."

    शू ने कहा, "अमेरिका भारत पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगा रहा है. यह अनुचित और गैर-तर्कसंगत है, चीन इसका कड़ा विरोध करता है."

  4. नेपाल ने विरोध प्रदर्शनों के बाद सोशल मीडिया पर लगा बैन हटाया

    नेपाल ने सोशल मीडिया पर लगी रोक हटा दी है. यह कदम उन विरोध प्रदर्शनों के बाद उठाया गया जिनमें 19 लोगों की मौत हो गई थी.

    रॉयटर्स को यह जानकारी मंगलवार को नेपाल की कैबिनेट के प्रवक्ता और संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने दी.

    गुरुंग ने रॉयटर्स को बताया कि नेपाल सरकार ने पिछले हफ्ते लगाए गए सोशल मीडिया बैन को वापस ले लिया है.

    यह फ़ैसला सोमवार को हुए प्रदर्शनों के बाद लिया गया, जिनमें भ्रष्टाचार और बैन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे 19 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए.

    सोशल मीडिया बहाल

    गुरुंग ने रॉयटर्स से कहा, "हमने सोशल मीडिया बैन को हटा लिया है. अब ये चल रहे हैं."

    अपने बयान में गुरुंग ने कहा कि सूचना मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों को सोशल मीडिया साइटों को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे दिया है.

    सोमवार को इस बैन के ख़िलाफ़ हज़ारों युवा सड़कों पर उतरे और काठमांडू के बीचोंबीच संसद के सामने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया.

    नेपाल ने हाल ही में फ़ेसबुक और 'एक्स' समेत 26 सोशल मीडिया साइटों पर बैन लगाने का आदेश दिया था. गुरूंग ने विरोध कर रहे युवाओं से अपना विरोध प्रदर्शन बंद करने की अपील भी की.

  5. नेपाल का ज़ेन ज़ी प्रोटेस्टः देखिए काठमांडू की सड़कों पर हुए उग्र प्रदर्शन की तस्वीरें

    नेपाल की राजधानी काठमांडू ने सोमवार को पिछले कई सालों में पहली बार इतने व्यापक प्रदर्शनों और हिंसा को देखा.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ार्मों पर नेपाली सरकार की पाबंदी के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर प्रदर्शनकारी सोमवार को काठमांडू और अन्य शहरों में सड़कों पर उतरे.

  6. नेपालः संयुक्त राष्ट्र और एमनेस्टी ने पुलिस कार्रवाई की स्वतंत्र जांच करने की मांग की

    नेपाल में सोशल मीडिया प्लेटफ़ार्मों पर पाबंदी से उपजे आक्रोश के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों में अबतक 19 प्रदर्शनकारियों के मारे जाने की ख़बर है.

    इस विरोध प्रदर्शन को 'ज़ेन ज़ी' प्रोटेस्ट कहा जा रहा है क्योंकि इसमें युवाओं-छात्रों की भागीदारी अधिक है.

    संयुक्त राष्ट्र ह्यूमन राइट्स ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों के मारे जाने और उनके घायल होने की घटना हैरान करने देने वाली और इसकी तुरंत पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए.

    संयुक्त राष्ट्र की इस संस्था ने एक बयान जारी कर नेपाली सरकार से सोशल मीडिया प्लेटफ़ार्मों पर लगाई गई पाबंदी पर फिर से विचार किए जाने की मांग की है.

    इंटरनेशनल एमनेस्टी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिबंध समेत अभिव्यक्ति की आज़ादी को रोकने की सरकार की कोशिशों की निंदा की है.

    एक बयान जारी कर इस मानवाधिकार संस्था ने तनाव को तुरंत कम किए जाने और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग न करने की मांग की है.

    सोमवार शाम को नेपाल के गृह मंत्री रमेश लेखक ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    प्रशासन ने कई जगहों पर कर्फ़्यू लगाया है. ख़ुद को 'जेन ज़ी' यानी नई पीढ़ी बताने वाले प्रदर्शनकारी सिस्टम में फैले कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठा रहे हैं.