नेपाल के प्रधानमंत्री केपी ओली ने आज शाम छह बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है.
दोपहर में एक अपील जारी करते हुए ओली ने कहा कि वह सोमवार को राजधानी सहित देश के विभिन्न हिस्सों में हुए विरोध प्रदर्शनों और उसके बाद की घटनाओं से दुखी हैं.
ओली ने कहा कि संबंधित पक्षों के साथ बातचीत शुरू हो गई है और उनसे शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का आग्रह किया गया है.
ओली ने कहा, "मैं सभी भाइयों और बहनों से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि इस कठिन परिस्थिति में संयम बरतें."
प्रदर्शन और मंत्रियों के इस्तीफ़े
सोमवार को नेपाल के युवा सोशल मीडिया पर लगे बैन के खिलाफ भारी संख्या में सड़कों पर उतरे. राजधानी काठमांडू में कुछ युवा संसद परिसर में दाखिल हो गए. प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सुरक्षाबलों ने सख्त कार्रवाई की.
कल के प्रदर्शनों के दौरान कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है. इनमें से 17 की मौत काठमांडू में हुई है.
इसके बाद से नेपाल की कैबिनेट के कई मंत्रियों ने पद छोड़ना शुरू कर दिया है. अब तक तीन वरिष्ठ मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं.
अब से थोड़ी देर पहले पेयजल मंत्री प्रदीप यादव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उससे पहले गृह मंत्री और कृषि एवं पशुधन मंत्री ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
यादव ने लिखा, "प्रिय युवा भाइयों और बहनों, आप मेरे पहले सहयोगी और मेरी ऊर्जा व उत्साह के स्रोत हैं. कल शुरू किए गए आंदोलन के समर्थन में और सरकार के दमन के विरोध में, मैं मंत्री के पद से इस्तीफ़ा देता हूँ."
स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री प्रदीप पौडेल ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया है कि वह आज अपने पद से इस्तीफ़ा दे देंगे.
उन्होंने कहा, "सरकार को ज़ेन ज़ी पीढ़ी द्वारा उठाई गई जायज़ मांगों पर ध्यान देना चाहिए था, लेकिन हम इसमें विफल रहे. इसीलिए मैं समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त करने के लिए इस्तीफ़ा दे रहा हूँ."
इसके अलावा कुछ अन्य सांसदों ने भी इस्तीफ़ा दिया है.