You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ओमान में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत ख़त्म, जानिए क्या हुआ फ़ैसला

ओमान की राजधानी मस्कट में ईरान और अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत ख़त्म हो गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. लोकसभा 9 फ़रवरी की सुबह 11 बजे तक स्थगित, नहीं चला प्रश्नकाल

    लोकसभा की कार्यवाही 9 फरवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.

    लोकसभा में शुक्रवार को भी प्रश्नकाल नहीं चला और कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों की नारेबाज़ी पर आपत्ति जताते हुए कहा, "आप नियोजित तरीके से सदन नहीं चलाना चाहते, गतिरोध पैदा करना चाहते हैं...अगर आप सदन की मर्यादाओं को समाप्त करना चाहते हैं, तो ऐसे में सदन नहीं चल सकता."

    इसके बाद लोकसभा की कार्यावाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में उसे फिर से स्थगित कर दिया गया.

    नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी - कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर आज़ाद ने कहा, "सदन नहीं चला क्योंकि सत्ता आलोचना सुनना नहीं चाहती. जब तक सत्ता नहीं चाहेगी, सदन नहीं चलेगा. मैं विपक्ष के साथियों को भी कहूंगा कि उन्हें कोशिश करनी चाहिए कि सदन चले."

  2. मायावती ने 'घूसखोर पंडत' पर प्रतिबंध लगाने की मांग की

    बीएसपी प्रमुख मायावती ने केंद्र सरकार से फ़िल्म 'घूसखोर पंडत' पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "यह बड़े दुख व चिन्ता की बात है कि पिछले कुछ समय से अकेले यूपी में ही नहीं बल्कि अब तो फ़िल्मों में भी 'पंडित' को घुसपैठिया बताकर पूरे देश में जो इनका अपमान व अनादर किया जा रहा है."

    मायावती ने लिखा कि इससे ब्राह्मण समाज में इस समय 'ज़बरदस्त रोष' है और इसकी उनकी पार्टी भी 'कड़े शब्दों में निंदा' करती है.

    उन्होंने लिखा, "ऐसी इस जातिसूचक फ़िल्म पर केंद्र सरकार को तुरंत प्रतिबन्ध लगाना चाहिए."

    'घूसखोर पंडत' के डायरेक्टर और टीम के ख़िलाफ़ लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर भी दर्ज की गई है.

    वहीं फ़िल्म मेकर नीरज पांडे ने एक बयान जारी कर कहा है कि फ़िल्म किसी जाति, धर्म या समुदाय पर कोई टिप्पणी नहीं करती, यह एक फ़िक्शनल कॉप ड्रामा है.

    हालांकि, उन्होंने फ़िलहाल इसके सभी प्रमोशनल मटेरियल हटाने का फ़ैसला किया है.

  3. 'घूसखोर पंडत' के ख़िलाफ़ यूपी में केस, फ़िल्म मेकर नीरज पांडे ने क्या कहा?

    'घूसखोर पंडत' के डायरेक्टर और टीम के ख़िलाफ़ लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए प्रेस नोट में इसकी जानकारी दी गई है.

    प्रेस नोट में इस फ़िल्म पर जातिगत अपमान, सामाजिक आक्रोश और शांति भंग करने की कोशिश का आरोप लगाया है.

    इसमें कहा गया, "इसका शीर्षक एक विशेष समुदाय/जाति (ब्राह्मण) को लक्षित कर अपमानित करने के उद्देश्य से रखा गया है."

    "फ़िल्म के नाम और सामग्री को लेकर ब्राह्मण समाज और कई सामाजिक संगठनों में भारी गुस्सा है. संगठनों ने इसके ख़िलाफ़ उग्र प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है."

    वहीं फ़िल्म मेकर नीरज पांडे ने भी अपनी फ़िल्म 'घूसखोर पंडत' पर आधिकारिक बयान जारी किया है.

    उन्होंने पोस्ट किया, "हमारी फ़िल्म एक फ़िक्शनल कॉप ड्रामा है, और 'पंडत' शब्द का इस्तेमाल सिर्फ़ एक काल्पनिक किरदार के बोलचाल वाले नाम के तौर पर किया गया है."

    "कहानी एक व्यक्ति के काम और फ़ैसलों पर केंद्रित है और किसी जाति, धर्म या समुदाय पर कोई टिप्पणी नहीं करती या उसका प्रतिनिधित्व नहीं करती."

    उन्होंने लिखा, "हम जानते हैं कि फ़िल्म के टाइटल से कुछ दर्शकों को ठेस पहुंची है, और हम उन भावनाओं को समझते हैं."

    "इन चिंताओं को देखते हुए, हमने फ़िलहाल सभी प्रमोशनल मटीरियल हटाने का फ़ैसला किया है क्योंकि हमारा मानना ​​है कि फ़िल्म को पूरी तरह से उस कहानी के संदर्भ में समझा जाना चाहिए जो हम बताना चाहते थे, न कि कुछ हिस्सों को देखकर कोई राय बनाई जाए."

    'घूसखोर पंडत' में मनोज बाजपेयी ने मुख्य भूमिका निभाई है. वहीं नुसरत भरूचा और साकिब सलीम भी अहम भूमिकाओं में हैं.

  4. अमेरिका ने ईरान में अपने नागरिकों के लिए जारी किया सुरक्षा अलर्ट

    ईरान में अमेरिका के वर्चुअल दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों के लिए के एक सुरक्षा अलर्ट जारी किया है.

    इसमें कहा गया है कि ईरान में सड़कों को बंद करना, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इंटरनेट सुविधा में रुकावटें जारी हैं.

    "ईरान सरकार मोबाइल, लैंडलाइन और नेशनल इंटरनेट नेटवर्क तक पहुंच को लगातार सीमित कर रही है. एयरलाइंस ईरान आने-जाने वाली उड़ानों को सीमित या कैंसिल कर रही हैं."

    अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे संपर्क के दूसरे तरीकों पर विचार करें और अगर सुरक्षित हो, तो आर्मीनिया या तुर्की के रास्ते ईरान छोड़ने की सोचें.

    ईरान और अमेरिका के बीच शुक्रवार को ओमान में परमाणु वार्ता होनी है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं, जब तक कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए कोई नई डील नहीं कर लेता.

    वहीं ईरान ने कहा है कि वह परमाणु मुद्दे पर बात करने को तैयार है, लेकिन अपने मिसाइल कार्यक्रम को सीमित करने जैसी मांगों पर वह बात नहीं करेगा.

  5. लापता बच्चों के मामलों में दिल्ली पुलिस की अपील

    दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे 'बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में अचानक वृद्धि' की अफ़वाहों पर भरोसा न करें.

    दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, "हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि की अफ़वाहों का शिकार न हों."

    दिल्ली पुलिस ने 'लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि' के दावों का खंडन किया है. साथ ही, अफ़वाह फैलाने वालों को आंकड़ों को गलत तरीके से पेश करके बेवजह डर फ़ैलाने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ दिल्ली पुलिस के आधिकारिक डेटा में ये बताया गया था कि 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोग लापता हुए, जिसमें हर दिन औसतन 54 लोग लापता हुए.

    इस डेटा के जारी होने के बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा कि "घबराने या डरने की कोई बात नहीं है" क्योंकि ये आंकड़े पिछले सालों की इसी अवधि की तुलना में असल में कमी दिखाते हैं.

    दिल्ली पुलिस के जन संपर्क अधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने कहा, "दिल्ली में लापता व्यक्तियों विशेषकर बच्चों के संबंध में घबराने या डरने की कोई वजह नहीं है."

    "पहले की तुलना में दिल्ली में लापता व्यक्तियों के मामलों में कोई वृद्धि नहीं हुई है. जनवरी 2026 के महीने में पिछले वर्षों की समान अवधि की तुलना में गुमशुदगी के मामलों में कमी दर्ज की गई है."

  6. मेघालय खदान हादसे पर क्या बोले कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी

    मेघायल खदान हादसे पर कोयला और खदान मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा है कि उन्होंने राज्य सरकार से इस पर रिपोर्ट मांगी है.

    गुरुवार, पांच फ़रवरी को मेघालय के ईस्ट जयंति‍या हिल्स ज़िले में एक अवैध कोयला खदान में धमाका हुआ था. इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    इस हादसे पर जी किशन रेड्डी ने कहा, "मेघालय में जो अवैध कोयला खदान चलते हैं, उसमें एक्सिडेंट हुआ है. कई लोगों की मौत हो गई. मेघालय में भारत सरकार का कोई कोयला खदान नहीं है."

    "आज तक कोयला खदान का एक भी ब्लॉक नीलाम नहीं हुआ है. वहां न तो पीएयू कोयला खदानें हैं और न ही कमर्शियल कोयला खदानें हैं. वहां अवैध कोयला खनन होता है. इसे राज्य सरकार की देखरेख में रोका जाना चाहिए."

    "हम अवैध कोयला खनन को रोकने के लिए राज्य सरकारों को बार-बार लिखते रहे हैं. फिर भी, कुछ माफ़िया अलग-अलग जगहों पर अवैध कोयला खदानें चलाते हैं और आम लोगों से वहां काम करवाते हैं."

  7. ओमान पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री, अमेरिका के साथ आज होगी बातचीत

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ओमान पहुंच गए हैं. यहां आज यानी शुक्रवार, 6 फ़रवरी को राजधानी मस्कट में उनकी अमेरिकी दूतों के साथ बातचीत होनी है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं, जब तक कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए कोई नई डील नहीं कर लेता.

    ईरान ने कहा है कि वह परमाणु मुद्दे पर बात करने को तैयार है, लेकिन अपने मिसाइल कार्यक्रम को सीमित करने जैसी मांगों पर वह वार्ता नहीं करेगा.

    व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप ईरानी अधिकारियों के साथ होने वाली बातचीत पर नज़र रख रहे हैं ताकि यह देखा जा सके कि ईरान के साथ कोई डील हो सकती है या नहीं.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.