You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ओमान में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत ख़त्म, जानिए क्या हुआ फ़ैसला

ओमान की राजधानी मस्कट में ईरान और अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत ख़त्म हो गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप उनके साथ लगे लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

  2. ओमान में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत ख़त्म, जानिए क्या हुआ फ़ैसला

    ओमान की राजधानी मस्कट में ईरान और अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत ख़त्म हो गई है.

    बातचीत के बाद सरकारी टेलीविज़न पर ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा कि बातचीत करने वाले सलाह-मशविरे के लिए अपनी राजधानियों में लौटेंगे, लेकिन उन्होंने इस मीटिंग को "एक अच्छी शुरुआत" बताया.

    ईरान ने पहले कहा था कि बातचीत सिर्फ़ उसके परमाणु कार्यक्रम तक ही सीमित रहेगी. अमेरिका ईरान से अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम को रोकने और एनरिच्ड यूरेनियम के अपने स्टॉक को ख़त्म करने की मांग कर रहा है.

    अमेरिका ने कहा था कि इस बातचीत में ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों और क्षेत्र के सशस्त्र समूहों के लिए ईरान के समर्थन के मुद्दे को भी शामिल किया जाना चाहिए.

    आज की बातचीत के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रखने के समझौते के साथ यह बैठक ख़त्म हुई है. दोनों पक्षों ने अपने-अपने नज़रिए और मांग को रखते हुए अपने नेताओं से सलाह के बाद बातचीत के अगले दौर के बारे में फैसला लेने पर सहमति जताई है."

  3. दिल्ली में बच्चों के लापता होने की ख़बरों और अफ़वाहों से नाम जोड़े जाने पर यशराज फ़िल्म्स का जवाब

    दिल्ली में बच्चों के लापता होने की ख़बरों और अफ़वाहों के साथ नाम जोड़े जाने पर यशराज फ़िल्म्स ने बीबीसी हिन्दी के सहयोगी पत्रकार रवि जैन से अपना बयान साझा किया है.

    दिल्ली में जनवरी के पहले 15 दिनों में ही 807 लोगों के लापता होने की ख़बरों/अफ़वाहों के बीच कई लोगों ने सोशल मीडिया में आरोप लगाते हुए कहा कि यह यशराज फ़िल्म्स की ओर से एक पेड प्रमोशन की रणनीति के तहत किया जा रहा है.

    ऐसे में सोशल मीडिया पर दिल्ली में गायब होने की ख़बरों/अफ़वाहों को फ़िल्म 'मर्दानी 3' के प्रचार के इस्तेमाल किए जाने का आरोप सोशल मीडिया पर लग रहा है.

    बीबीसी हिन्दी ने यशराज फ़िल्म्स से इस संबंध में संपर्क किया तो उन्होंने अपनी ओर से प्रतिक्रिया भेजी है.

    यशराज फ़िल्म्स के एक प्रवक्ता ने कहा, “यशराज फ़िल्म्स एक 50 साल पुरानी कंपनी है जो अत्यंत नैतिक और पारदर्शी होने के मूल सिद्धांतों पर बनी है. हम सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों का ज़ोरदार खंडन करते हैं कि ‘मर्दानी 3’ के प्रमोशनल कैंपेन ने जानबूझकर इस तरह के संवेदनशील मुद्दे को सनसनीखेज बनाया है."

    उन्होंने आगे कहा, “हमें अपने अधिकारियों पर पूरा भरोसा है कि वे सही समय पर सभी तथ्य और सच सामने लाएंगे.”

    दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “कुछ सुराग फ़ॉलो करने के बाद, हमने पाया कि दिल्ली में लापता लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर जो हंगामा हो रहा है, उस अफ़वाह को पैसे देकर प्रमोट किया जा रहा है. पैसे के लालच में डर फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और हम ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करेंगे.

    इससे पहले दिल्ली पुलिस के जन संपर्क अधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने एक वीडियो संदेश भी दिया था.

    दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे 'बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में अचानक वृद्धि' की अफ़वाहों पर भरोसा न करें.

    दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, "हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि की अफ़वाहों का शिकार न हों."

    दिल्ली पुलिस ने 'लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि' के दावों का खंडन किया है. साथ ही, अफ़वाह फैलाने वालों को आंकड़ों को गलत तरीके से पेश करके बेवजह डर फ़ैलाने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

  4. अंडर-19 वर्ल्ड कप: विराट कोहली और गौतम गंभीर ने भारत की जीत पर ये कहा

    भारतीय टीम के अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने पर क्रिकेटर विराट कोहली ने टीम को बधाई दी है.

    विराट कोहली ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "अंडर-19 भारतीय टीम को एक बार फिर वर्ल्ड कप जीतने पर बहुत-बहुत बधाई. एज ग्रुप क्रिकेट और उससे आगे भी हमारा दबदबा जारी है. शाबाश पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ."

    टीम की इस जीत पर पूर्व क्रिकेटर और अब भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी बधाई दी है.

    गौतम गंभीर ने एक्स पर लिखा, “हमें आप पर गर्व है. आपका उज्ज्वल भविष्य है.”

    भारतीय टीम ने मेंस अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीत लिया है. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 412 रन की बड़ी चुनौती रखी थी. इंग्लैंड की टीम 311 रनों पर ऑल आउट हो गई.

  5. अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर राजीव शुक्ला ने दी भारतीय टीम को बधाई, वैभव सूर्यवंशी के बारे में ये कहा

    मेन्स अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड जीतने पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारतीय टीम को बधाई दी है.

    राजीव शुक्ला ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, "फिर से वर्ल्ड चैंपियन. अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम को बहुत-बहुत बधाई. पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन, और फ़ाइनल में वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी ने इसे और भी ख़ास बना दिया. इस यादगार जीत के लिए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बहुत-बहुत बधाई."

    आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मैच में भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की तूफ़ानी पारी खेली.

    वैभव ने 80 गेंदों की अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उनकी इस तूफ़ानी पारी की बदौलत भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने 412 रनों का लक्ष्य रखा था.

    हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 412 रनों की बड़ी चुनौती रखी थी और भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हरा दिया.

    वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ़ द मैच और प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट घोषित किया गया.

  6. ईरान ने कहा, 'हम युद्ध नहीं चाहते लेकिन ये हुआ तो हम तैयार हैं'

    भारत में ईरान के राजदूत ने अमेरिका के साथ चल रहे तनाव पर प्रतिक्रिया दी है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़तहाली पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.

    इसी दौरान उनसे पूछा गया कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है या मौजूदा तनाव बड़े युद्ध में बदल जाए तो ईरान इसके लिए कितना तैयार है?

    मोहम्मद फ़तहाली ने कहा, "ईरान बिल्कुल भी युद्ध नहीं चाहता. लेकिन हम सभी विकल्पों के लिए तैयार हैं. युद्ध के नतीजों को भी देखना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "हम बातचीत के लिए तैयार हैं, और हम इस बातचीत के नतीजे का इंतज़ार कर रहे हैं. हमारा मानना ​​है कि बातचीत अच्छी होनी चाहिए. हम बातचीत का कोई मौक़ा नहीं छोड़ते हैं लेकिन बदकिस्मती से, दूसरी तरफ वाले छोड़ देते हैं और हमला करते हैं. अब वे हमारे साथ अच्छी बातचीत करना चाहते हैं..."

    इस बीच बीबीसी के मध्य-पूर्व संवाददाता ह्यूगो बाशेगा के मुताबिक़ ऐसे वक़्त में जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव की आशंका बढ़ गई है,दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी ओमान में बातचीत के लिए मौजूद हैं.

    ये बातचीत पिछले महीने ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर हुई हिंसक कार्रवाई के जवाब में मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना की तैनाती के बाद हो रही है, जिसके बारे में मानवाधिकार समूहों का कहना है कि इसमें हज़ारों लोग मारे गए थे.

    ह्यूगो बाशेगा के मुताबिक़, माना जा रहा है कि ये बातचीत अप्रत्यक्ष है और इसका दायरा अभी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि दोनों देशों के बीच आपसी भरोसे की कमी के कारण उनके रुख़ में काफी अंतर है.

    इस बातचीत में अमेरिकी दल की अगुवाई विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, जबकि ईरानी टीम की अगुवाई विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची कर रहे हैं.

  7. दिल्ली: राहुल गांधी ने जनकपुरी हादसे पर कहा, 'ये हादसा नहीं हत्या है'

    राजधानी दिल्ली के जनकपुरी में एक गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की हुई मौत के मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सवाल उठाए हैं.

    जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के काम के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसमें गिरकर 25 साल के कमल ध्यानी की मौत हो गई है.

    राहुल गांधी ने इस मामले पर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “यह हादसा नहीं, हत्या है - और हत्यारी है जवाबदेही से भागती सत्ता. असली क़ातिल सड़क नहीं, गैरज़िम्मेदार सत्ता है.”

    राहुल गांधी ने आगे लिखा, “क्योंकि यहां न इस्तीफ़ा होता है, न सज़ा मिलती है, न किसी की अंतरात्मा जागती है. इंदौर का ज़हरीला पानी, नोएडा में युवराज की जान लेने वाली सड़क, गिरते पुल, टकराती ट्रेनें, दम घोंटता प्रदूषण…”

  8. दिल्ली: गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत, पिता ने कहा दिल्ली जल बोर्ड की ग़लती

    राजधानी दिल्ली के जनकपुरी में एक गड्ढे में गिरने के बाद कमल ध्यानी नाम के युवक की मौत के मामले में उनके पिता ने दिल्ली जल बोर्ड पर आरोप लगाए हैं.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “सब प्रशासन की ग़लती है, दिल्ली जल बोर्ड की ग़लती है. परसों तक वहां गड्ढा नहीं था. वो गड्ढा खुदा तो उसे (बेटे को) पता नहीं था, वो गड्ढे में गिर गया.”

    वहीं युवक के दोस्त ने बताया, "मेरी दोस्त से रात 11:53 पर बात हुई थी. उसने कहा था कि ‘डिस्ट्रिक्ट सेंटर पहुंच गया हूं 15 मिनट में घर पहुंच जाऊंगा’. जब वो एक घंटे तक घर नहीं आया तो हम उसे ढूंढने आए. उसका फोन नहीं लग रहा था, वो नहीं मिल रहा था, उसकी बाइक नहीं दिख रही थी. हम शिकायत करने गए तो कहा गया कि सुबह ग्यारह बजे के बाद शिकायत लिखेंगे..."

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले पर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "ये हादसा नहीं, बल्कि हत्या है. नोएडा की घटना से भी बीजेपी ने कुछ नहीं सीखा. घोर लापरवाही और गैरजिम्मेदार रवैया अब बीजेपी सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाज़ा आम जनता भुगत रही है."

    दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने भी इस मामले में दिल्ली जल बोर्ड पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

    दिल्ली कांग्रेस ने लिखा, "कमल दफ़्तर से घर लौट रहे थे. रास्ते में खुला पड़ा गड्ढा उनकी मौत का कारण बन गया. यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड ने खोदा था, लेकिन न कवर किया गया, न बैरिकेड और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया."

    दिल्ली कांग्रेस ने कहा है, "कुछ दिन पहले नोएडा में 27 साल के इंजीनियर युवराज की भी पानी से भरे गड्ढे में गिरकर मौत हो चुकी है. ये हादसे नहीं, सिस्टम की घोर लापरवाही हैं. ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों के बीच बीजेपी का नाकारा सिस्टम आम लोगों की जान ले रहा है."

    दिल्ली सरकार के मंत्री ने क्या कहा

    जनकपुरी में हुए हादसे पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है.

    प्रवेश वर्मा ने लिखा, "जनकपुरी लाइन रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट साइट पर हुए दुखद हादसे को गंभीरता से लिया गया है. दिल्ली जल बोर्ड ने घटना की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च-स्तरीय जांच समिति का गठन किया है."

    उन्होंने बताया, "समिति को ये निर्देश दिए गए हैं कि दुर्घटना स्थल का तुरंत निरीक्षण करें; सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज और ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा करें, सभी सुरक्षा नियमों के पालन की पुष्टि करें और जहां भी लापरवाही पाई जाए, जिम्मेदारी तय करें."

  9. पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने इस्लामाबाद में हुए धमाके पर ये कहा

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने इस्लामाबाद में हुए धमाके की निंदा की है.

    इसहाक़ डार ने लिखा, “मैं इस्लामाबाद में एक शिया इमामबाड़े में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान बेगुनाह नमाज़ियों पर हुए कायरतापूर्ण आत्मघाती हमले की कड़ी निंदा करता हूँ, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए.”

    उन्होंने आगे लिखा, “इबादत की जगह और नागरिकों को निशाना बनाना इंसानियत के ख़िलाफ़ एक जघन्य अपराध है और इस्लामी सिद्धांतों का खुला उल्लंघन है. पाकिस्तान आतंकवाद के सभी स्वरूपों के ख़िलाफ़ एकजुट है. यह बर्बरता हमें डरा नहीं पाएगी और चरमपंथियों को उनके किए की पूरी सज़ा मिलेगी.”

    इस घटना पर इस्लामाबाद में अमेरिकी एम्बेसी ने भी सोशल मीडिया एक्स पर प्रतिक्रिया दी है.

    इसमें कहा गया है, “अमेरिका आज इस्लामाबाद में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है, जिसमें निर्दोष श्रद्धालु मारे गए हैं और घायल हुए हैं. हम इस हमले सहित आतंकवाद और हिंसा के सभी मामलों की निंदा करते हैं.”

    इससे पहले इस्लामाबाद के तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 160 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पुलिस अधिकारियों ने इसे 'आत्मघाती हमला' बताया है.

  10. वैभव सूर्यवंशी की तूफ़ानी पारी के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ये कहा

    आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मैच में भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की तूफ़ानी पारी खेली है. उनकी इस पारी पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया दी है.

    नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है.”

    नीतीश कुमार ने आगे लिखा, “वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं. मेरी शुभकामना हैं कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें.

    वैभव ने 80 गेंदों की अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उनकी इस तूफ़ानी पारी की बदौलत भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने 412 रनों का लक्ष्य रखा है.

  11. अंडर 19 वर्ल्ड कप फ़ाइनल: इंग्लैंड के सामने भारत ने रखा 412 रनों का विशाल लक्ष्य

    आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मैच में भारत ने इंग्लैंड के सामने 412 रनों का लक्ष्य रखा है. भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुक़सान पर 411 रन बनाए.

    भारतीय पारी में बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 175 रन बनाए. उन्होंने 80 गेंदों की अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए.

    वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रनों की पारी खेली. भारत के मध्य क्रम के बल्लेबाज़ों ने टीम के स्कोर में अच्छा योगदान दिया. हालाँकि तेज़ रन बनाने की कोशिश में भारत के विकेट भी लगातार गिरते रहे.

    फ़ाइनल मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.

    ये मैच ज़िम्बाब्वे की राजधानी हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है.

  12. जालंधर: आम आदमी पार्टी के नेता की हत्या, गुरुद्वारे के बाहर हुआ हमला

    पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की हत्या कर दी गई है. यह घटना जालंधर के मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने लकी ओबेरॉय पर हमला किया.

    जालंधर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह के वक़्त हुई है.

    पुलिस के अनुसार, लकी ओबेरॉय अपनी कार से गुरुद्वारे पहुंचे थे, तभी दोपहिया वाहन पर सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं.

    बीबीसी संवाददाता प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लकी ओबेरॉय को घायल होने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

    पुलिस का कहना है कि इलाक़े में लगे सीसीटीवी कैमरों की जाँच की जा रही है.

    जालंधर पुलिस के एडीसीपी-2 हरिंदर सिंह गिल ने बताया, "शुक्रवार सुबह दो हमलावर स्कूटी पर सवार होकर मॉडल टाउन के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर आए और लकी ओबेरॉय नाम के एक युवक पर गोलियां चलाईं.”

    इस बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं.

    बाजवा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "भगवंत मान के शासन में पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. जालंधर के एक गुरुद्वारे के बाहर आप नेता लकी ओबेरॉय की दिनदहाड़े हुई हत्या इस भयावह वास्तविकता को उजागर करती है. अगर सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों के लिए क्या उम्मीद बची है?"

  13. अंडर 19 वर्ल्ड कप: वैभव सूर्यवंशी ने लगाई छक्कों की झड़ी, फ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 175 रनों की तूफ़ानी पारी

    आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मैच में भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी 175 रन बनाकर आउट हो गए हैं.

    उन्होंने 80 गेंदों की अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उनकी इस तूफ़ानी पारी की बदौलत भारतीय टीम का स्कोर ख़बर लिखे जाने तक 29 ओवर में 275 रन हो गया है.

    फ़ाइनल मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    ये मैच ज़िम्बाब्वे की राजधानी हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है.

    इससे पहले वैभव ने महज़ 55 गेंदों में 8 चौके और 8 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया था.

  14. प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ये कहा

    राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रतिक्रिया दी है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "संसद में 97 मिनट के भाषण में उन्होंने एक भी जवाब नहीं दिया, जो हमने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर विचार रखे थे और वो केवल 100 साल, 75 साल और 50 साल की बात करते रहे लेकिन एक भी जवाब नहीं दिया."

    "आप संसद में कैसे बोल रहे हैं कि जनरल नरवणे वो किताब प्रकाशित नहीं हुई है. आप उस किताब से इनकार कर रहे हैं, ये तो विशेषाधिकार का मामला बनता है. (अमित) शाह और रक्षा मंत्री बार-बार बोल रहे थे, लेकिन वो किताब तो प्रकाशित हुई है. सत्य सुनो और फिर जवाब दो."

    संसद के बजट सत्र में इस हफ़्ते की शुरुआत से ही काफ़ी हंगामा देखा गया. इसकी वजह कांग्रेस के सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भाषण रहा.

    उन्होंने कारवां मैगज़ीन में एक किताब (फ़ॉर स्टार्स ऑफ़ डेस्टिनी) पर छपे लेख के अंश पढ़ने की कोशिश की थी. यह किताब पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद (एमएम) नरवणे ने लिखी है.

    राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा था, "यह कहते हैं कि आतंकवाद से लड़ते हैं, लेकिन ये एक उद्धरण से डरते हैं. इसमें क्या लिखा है जिससे वो घबरा रहे हैं और मैं बोल नहीं पा रहा हूं. अगर ये डर नहीं रहे हैं तो मुझे पढ़ने की इजाज़त दें."

  15. इस्लामाबाद: इमामबाड़ा में बड़ा धमाका, कई लोगों के घायल होने की ख़बर और मौतों की भी आशंका

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तरलाई इलाक़े के इमाम बारगाह में धमाके में कई लोग घायल हो गए हैं. बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ इस धमाके में कुछ लोगों की मौत की भी आशंका है.

    इस्लामाबाद पुलिस के एक प्रवक्ता ने बीबीसी उर्दू के शहजाद मलिक को बताया कि विस्फोट इमामबाड़ा के प्रांगण में हुआ.

    रेस्क्यू 1122 सेवा के मुताबिक़ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जबकि आईजी इस्लामाबाद ने शहर में आपातकाल की घोषणा कर दी है.

    यह विस्फोट तरलाई के इमाम बारगाह खदीजतुल कुबरा में हुआ.

  16. मेघालय कोयला खदान विस्फोटः मुख्यमंत्री ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, दो खदान मालिक गिरफ़्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार ईस्ट जयंतिया हिल्स कोयला खदान विस्फोट के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई कर रही है.

    ईस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बीबीसी न्यूज हिंदी को बताया," इस घटना को लेकर पुलिस ने दो खदान मालिकों को गिरफ्तार किया है और अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है."

    पुलिस अधिकारी के अनुसार इस घटना में अब तक मरने वालों संख्या 18 है. जबकि आपदा प्रबंधन की टीम अंदर फंसे होने की आशंका वाले अन्य खनिकों को बचाने के लिए ऑपरेशन जारी रखे हुए है.

    इस बीच सीएम संगमा ने जमीनी हालात का जायज़ा लेने के लिए दो कैबिनेट मंत्रियों को भी घटनास्थल भेजा है.

    सीएम संगमा ने कहा, "पुलिस को इस घटना के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. इलाके में अवैध माइनिंग गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

    मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार की सुबह एक अवैध कोयला खदान में संदिग्ध डायनामाइट धमाके में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई थी.

    कोयला खदान में मरने वाले मजदूरों में तीन असम के निवासी थे. ये तीनों मजदूर बराक घाटी के काटीगोरा इलाक़े के रहने वाले थे.

    असम सरकार ने मारे गए राज्य के तीन मजदूरों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है.

    मेघालय में साल 2018 में भी एक गैरकानूनी कोयला खदान में कम से कम 15 मजदूर 370 फीट अंदर फंस गए थे. जिसमें सभी की मौत हो गई थी. जबकि साल 2014 में ही नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने कोयले की माइनिंग और उसके ट्रांसपोर्टेशन पर बैन लगा रखा है.

  17. अंडर 19 वर्ल्ड कप: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ फ़ाइनल में सिर्फ़ 55 गेंदों पर जड़ा शतक

    आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मैच में भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शतक लगाया है.

    फ़ाइनल मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    ये मैच ज़िम्बाब्वे की राजधानी हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है.

    वैभव ने महज़ 55 गेंदों में 8 चौके और 8 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया.

    ख़बर लिखे जाने तक भारतीय टीम का स्कोर 2 विकेट पर 177 रन है.

    फ़िलहाल वैभव सूर्यवंशी 110 रनों पर नाबाद हैं.

  18. अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  19. 'घूसखोर पंडत' के प्रमोशनल मटीरियल हटाए जाने पर क्या बोले मनोज वाजपेयी

    फ़िल्म 'घूसखोर पंडत' पर जताई जा रही आपत्तियों और फ़िल्म मेकर नीरज पांडे की ओर से जारी बयान के बाद इस पर एक्टर मनोज बाजपेयी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    फ़िल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले मनोज बाजपेयी ने एक्स पर पोस्ट किया, "एक एक्टर के तौर पर, मैं किसी फ़िल्म में अपने किरदार और कहानी के ज़रिए आता हूं."

    "मेरे लिए, यह ('घूसखोर पंडत' का किरदार) एक कमज़ोर इंसान और उसकी आत्म-पहचान की यात्रा को दिखाने के बारे में था. इसका मकसद किसी भी समुदाय के बारे में कोई बयान देना नहीं था."

    "नीरज पांडे के साथ काम करने के मेरे अनुभव में, उन्होंने जिस तरह से अपनी फ़िल्मों पर काम किया है, उसमें लगातार गंभीरता और सावधानी रही है."

    "लोगों की भावनाओं को देखते हुए, फ़िल्म बनाने वालों ने प्रमोशनल मटीरियल हटाने का फ़ैसला किया है. यह दिखाता है कि चिंताओं को कितनी गंभीरता से लिया जा रहा है."

  20. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फ़ाइनल, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टीम इंडिया ने जीता टॉस

    आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मैच में आज टीम इंडिया का मुक़ाबला इंग्लैंड से है.

    टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    ये मैच ज़िम्बाब्वे की राजधानी हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है.

    टीम इंडिया- प्लेइंग इलेवन

    ऐरन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडु, अमब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन

    टीम इंग्लैंड- प्लेइंग इलेवन

    बीजे डॉवकिंस, जोसेफ़ मूर्स, बेन मेयस, थॉमस रियू (कप्तान), केलब फॉकनर, रलफ़ी एलबर्ट, फ़रहान अहमद, सेबेस्तियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, ऐलेक्स ग्रीन