You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

विमेंस प्रीमियर लीग: दूसरी बार चैंपियन बनी आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया

विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुक़ाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, रौनक भैड़ा

  1. विमेंस प्रीमियर लीग: दूसरी बार चैंपियन बनी आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया

    विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुक़ाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया है.

    वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी के सामने 204 रन का लक्ष्य रखा था.

    कप्तान स्मृति मंधाना की 87 और जॉर्जिया वॉल की 79 रन की पारी की बदौलत आरसीबी ने इस लक्ष्य को दो गेंद शेष रहते हुए चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.

    हालांकि फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी.

    इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम की कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स ने 37 गेंद पर 57 रन की पारी खेली. जबकि लौरा वोल्वाडर्ट ने 25 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली. चिनेल हेनरी ने भी नाबाद रहते हुए 15 गेंद पर 35 रन बनाए.

    इन पारियों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 203 रन बनाए.

    ये विमेंस प्रीमियर लीग का चौथा सीजन था. चारों बार दिल्ली कैपिटल्स की टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही. लेकिन एक बार भी खिताब नहीं जीत पाई.

    विमेंस प्रीमियर लीग का पहला और तीसरा सीजन मुंबई इंडियंस ने जीता है. वहीं आरसीबी दूसरे और चौथे सीजन में चैंपियन बनी है.

  2. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप उनके साथ लगे लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

  3. मेघालय खदान हादसा: मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हुई, दिलीप कुमार शर्मा, बीबीसी हिन्दी के लिए

    मेघालय कोयला खदान में हुए हादसे के संबंध में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जल्द कार्रवाई करने की बात कही है.

    हादसे में प्रशासन ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है.

    उन्होंने बीबीसी को बताया "अभी तक खदान में काम करने वाले लोगों के शवों की पहचान नहीं हो पाई है. हादसे में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए शिलांग के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है."

    "हम खदान मालिक और इस खदान को चलाने वाले लोगों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं. जल्द ही ज़रूरी कार्रवाई करेंगे." हालांकि, बचाव दल और अधिकारी यह पक्का नहीं बता पा रहे हैं कि खदान के अंदर और कितने लोग फंसे हो सकते हैं.

    इस हादसे के बाद ज़िले में बीते कई महीनों से ग़ैर-कानूनी तरीके से एक रैट-होल कोयला ख़दान में मज़दूरों के काम करने की बात सामने आई है.

    साल 2014 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने कोयले की माइनिंग और उसके ट्रांसपोर्टेशन पर बैन लगा दिया था. ट्रिब्यूनल ने इलाक़े में कोयला निकालने के लिए ख़तरनाक 'रैट-होल' यानी चूहे के छोटे बिल जैसी माइनिंग के काम को लेकर चिंता जताई थी.

    इससे पहले 2018 में एक ग़ैर-कानूनी कोयला ख़दान में कम से कम 15 मज़दूर 370 फीट अंदर फंस गए थे.

  4. विमेंस प्रीमियर लीग: दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को 204 रन का लक्ष्य दिया

    विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 204 रन का लक्ष्य दिया है. दिल्ली ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 203 रन बनाए हैं.

    यह इस लीग का सबसे अधिक स्कोर है. हालांकि, इससे पहले आरसीबी इसी लीग में 202 रन का लक्ष्य चेज़ कर चुकी है. यदि आरसीबी को यह मुक़ाबला अपने नाम करना है, तो उसे अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ना होगा.

    यह डब्ल्यूपीएल के इतिहास में फ़ाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है, इससे पहले किसी टीम ने इतना बड़ा स्कोर नहीं बनाया.

    दिल्ली कैपिटल्स टीम की कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स ने 37 गेंद पर 57 रन की पारी खेली. जबकि लौरा वोल्वाडर्ट ने 25 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली. चिनेल हेनरी ने भी नाबाद रहते हुए 15 गेंद पर 35 रन बनाए.

    वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में हो रहे मुक़ाबले में आरसीबी ने टॉस जीता था और गेंदबाज़ी चुनी.

  5. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने किस बात पर मांगी माफ़ी, बोले- 'लोगों के ग़ुस्से को महसूस कर रहा हूं'

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने एक साल पहले पीटर मैंडलसन को वॉशिंगटन में ब्रितानी राजदूत के तौर पर नियुक्त करने पर माफ़ी मांगी. किएर स्टार्मर ने कहा कि वह लोगों के उस ग़ुस्से को महसूस करते हैं जब ताक़तवर लोग जांच से बच जाते हैं.

    उन्होंने कहा कि वे मैंडलसन की फ़ाइलें जितनी जल्दी हो सके जारी करना चाहते हैं, लेकिन यह पुलिस की दी गई सलाह के ख़िलाफ़ है. इससे आगे की जांच या क़ानूनी प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है.

    स्टार्मर ने बताया कि वे इससे निजी तौर पर परेशान हैं लेकिन राजनीतिक रूप से ऐसे लुभावने क़दम नहीं उठाएंगे, जो पीड़ितों के लिए न्याय को ख़तरे में डालें.

    उन्होंने कहा, "एप्सटीन के पीड़ितों ने ऐसा दर्द झेला है जिसे हम में से ज़्यादातर समझ भी नहीं सकते. माफ़ी चाहता हूं कि मैंने मैंडलसन के झूठ पर भरोसा किया और उसे नियुक्त किया."

    किएर स्टार्मर ने दिसंबर 2024 में पीटर मैंडलसन को वॉशिंगटन में ब्रिटेन का राजदूत बनाया था. अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने बीते हफ़्ते ही एप्सटीन की कुछ अन्य फ़ाइल जारी की, इनमें वे ईमेल भी शामिल थे जो मैंडलसन और एप्सटीन के रिश्ते की पुष्टि करते हैं.

  6. मेघालय: कोयला खदान में मारे गए लोगों के लिए पीएम ने मुआवज़े का एलान किया

    मेघालय के ईस्ट जयंति‍या हिल्स में एक अवैध कोयला खदान में हुए भीषण धमाके में मारे गए लोगों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुआवज़े का एलान किया है.

    पीएमओ के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "मेघालय के ईस्ट जयंति‍या हिल्स में हुई दुर्घटना से दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजन खोए हैं, उन्हें संवेदना. घायल लोग जल्दी ठीक हों."

    आगे लिखा, "पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे"

    इससे पहले मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने एक्स पोस्ट में लिखा, "मेघालय सरकार ने इस घटना की पूरी जांच के आदेश दिए हैं. ज़िम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों पर सख़्त कानूनी कार्रवाई होगी. लोगों की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा. इस दुख के समय में राज्य सभी प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ गुरुवार, पांच फ़रवरी को मेघालय के ईस्ट जयंति‍या हिल्स ज़िले में एक अवैध कोयला खदान में धमाका हुआ. इसमें 16 मज़दूरों की मौत हो गई है. कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है.

  7. डोनाल्ड ट्रंप ने जो बाइडन को 'सबसे ख़राब राष्ट्रपति' बताया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जो बाइडन को 'सबसे ख़राब राष्ट्रपति' बताया. ट्रंप ने कहा कि बाइडन को यह भी नहीं पता कि मैं क्या कह रहा हूं.

    डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में कहा, "बाइडन सबसे ख़राब राष्ट्रपति रहे हैं. उन्हें पता ही नहीं था कि राष्ट्रपति होना क्या होता है."

    उन्होंने आगे कहा, "मैं नहीं चाहता कि वह इसे निजी तौर पर लें. वह हमारे सबसे ख़राब राष्ट्रपति थे."

    "हमारे पास कुछ और भी ख़राब राष्ट्रपति रहे हैं, जैसे ओबामा, जो देश को बांटने वाले थे. लेकिन यक़ीन मानिए, हम देश को एक साथ ला रहे हैं."

    उन्होंने दावा किया, "हम आज अपने देश में उतना निवेश ला रहे हैं, जितना कोई देश पहले नहीं ला पाया."

  8. अमेरिकी अख़बार वॉशिंगटन पोस्ट में छंटनी, कार्यकारी संपादक ने कर्मचारियों से क्या कहा?, डेनिएल केय

    अमेरिकी अख़बार द वॉशिंगटन पोस्ट ने छंटनी की घोषणा की है. वह अपने कर्मचारियों में से एक-तिहाई को नौकरी से निकाल रहा है.

    बुधवार को किए गए एलान के मुताबिक़, यह कटौती कई विभागों में होगी, जिसमें स्पोर्ट्स, लोकल और इंटरनेशनल से जुड़ी टीम पर सबसे ज़्यादा असर पड़ेगा.

    कार्यकारी संपादक मैट मरे ने कहा कि यह क़दम 'स्थिरता' लाएगा. लेकिन कर्मचारियों और कुछ पूर्व नेताओं ने इस फ़ैसले की आलोचना की. एक कर्मचारी ने इसे अख़बार के इतिहास का सबसे 'डार्क डे' बताया.

    मैट मरे ने बुधवार को स्टाफ को लिखे नोट में कहा कि आज की ख़बर दुखद है, यह कठिन क़दम है. उन्होंने लिखा, "अगर हमें आगे बढ़ना है, सिर्फ़ टिके नहीं रहना तो हमें अपनी पत्रकारिता और बिज़नेस मॉडल को नए जोश के साथ बदलना होगा."

    उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल में अख़बार का ऑनलाइन ट्रैफ़िक काफ़ी गिर गया, ख़ासकर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के दौर में. हम अच्छा काम करते हैं, लेकिन अक्सर एक ही नज़रिए से लिखते हैं और सिर्फ़ एक हिस्से के पाठकों के लिए.

    इस एलान से पहले फ़ॉरेन और लोकल रिपोर्टरों ने अख़बार के मालिक जेफ़ बेज़ोस से अपनी नौकरियां बचाने की अपील की थी.

    वॉशिंगटन पोस्ट गिल्ड ने बुधवार को बयान में कहा, "कर्मचारियों को लगातार हटाना अख़बार को कमज़ोर करेगा, पाठकों को दूर करेगा और अख़बार के मिशन को नुक़सान पहुंचाएगा."

  9. विमेंस प्रीमियर लीग: आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी, दिल्ली कैपिटल्स के साथ है फ़ाइनल मैच

    विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के फ़ाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी है. आरसीबी का मुक़ाबला दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से है.

    दोनों टीमों के बीच वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में हो रहा है. आरसीबी की कप्तानी स्मृति मंधाना कर रही हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की कमान जेमिमा रॉड्रिग्ज़ के हाथ में है.

    दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह लगातार चौथा फ़ाइनल है. वे डब्ल्यूपीएल फ़ाइनल में तो पहुंचे हैं, लेकिन ख़िताब अपने नाम नहीं कर पाए हैं.

    दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्ज़ ने कहा कि बड़े मैचों में टॉस हारना टीम के लिए अच्छा होता है. हमने यहां एलिमिनेटर खेला था, तो हमें पता है कैसा खेलना है.

    स्मृति मंधाना ने कहा, "हम आज पहले गेंदबाज़ी करना चाहेंगे. यही इस टूर्नामेंट का ट्रेंड रहा है. पिछले दो-तीन दिन हम सबने साथ में प्रैक्टिस की."

  10. पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- 'उन्होंने सिखों का अपमान किया है'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने उस वाक़ये का ज़िक्र किया, जब राहुल गांधी ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहा था.

    पीएम मोदी ने कहा, "कल जो घटना घटी, इसी सदन के एक सांसद (राहुल गांधी) ने उनको (रवनीत सिंह बिट्टू) गद्दार कह दिया. कांग्रेस को छोड़कर कितने ही लोग गए गए, कितने ही टुकड़े हुए, लेकिन पहले तो किसी को गद्दार नहीं कहा."

    "लेकिन कल उन्होंने एक सांसद को इसलिए गद्दार कहा क्योंकि वे सिख थे. यह सिखों का अपमान था, गुरुओं का अपमान था. कांग्रेस में सिखों के प्रति नफ़रत भरी पड़ी है, ये उसकी अभिव्यक्ति थी."

    उन्होंने आगे कहा, "उन्हें इसको लेकर ज़रा भी दर्द नहीं है, वरना आज खड़े होकर कह सकते थे कि कल जो हुआ वह संसद की गरिमा के अनुरूप नहीं था, हमें खेद है. एक शब्द तो बोल देते. लेकिन सिखों के प्रति उनमें नफ़रत है. उन्होंने अपने राजनीतिक विचारों में परिवर्तन किया इसलिए गद्दार हो गए?"

    "गद्दार शब्द छोटा नहीं है, मेरे देशवासी को कोई गद्दार कहे, ये देश कैसे सहन करेगा. बहुत दुर्भाग्य की बात है कि गद्दार सिर्फ़ इसलिए कहा गया क्योंकि वे सिख थे."

    गौरतलब है कि यह घटना बुधवार की है, जब राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाते हुए कहा 'हैलो माय ट्रेटर फ्रेंड'. बिट्टू ने राहुल गांधी से हाथ मिलाने से इनकार करते हुए उनकी तरफ़ इशारा किया और उन्हें 'देश के दुश्मन' कहकर संबोधित किया.

  11. पीएम मोदी का टीएमसी पर तीखा निशाना, बोले- 'घुसपैठियों की वकालत करके यहां उपदेश दे रहे हैं'

    राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि हमारे देश में घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर दबाव बनाया जा रहा है.

    पीएम मोदी ने कहा, "टीएमसी के साथियों ने काफ़ी कुछ कहा, लेकिन वे ख़ुद भी अपने गिरेबान में देखें. निर्मम सरकार के जितने मापदंड हैं, उन सबमें वो नए-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं और यहां उपदेश दे रहे हैं."

    "ऐसी निर्मम सरकार के कारण वहां के लोगों का भविष्य अंधकार में डूब रहा है. लेकिन इनको कोई परवाह नहीं है. सत्ता सुख के अलावा कोई आकांक्षा नहीं है."

    "दुनिया का हर समृद्ध देश अपने यहां से ग़ैरकानूनी नागरिकों को बाहर निकाल रहा है. जबकि हमारे देश में घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर भी दबाव बनाया जा रहा है."

    उन्होंने आगे कहा कि मेरे देश का नौजवान ऐसे लोगों को कैसे माफ़ करेगा, जो घुसपैठियों की वकालत कर रहे हैं. घुसपैठिये नौजवानों के हक़ छीन रहे हैं, उनकी रोज़ी-रोटी छीन रहे हैं, आदिवासियों की ज़मीन छीन रहे हैं. जिनको सत्ता नीति के अलावा कुछ करना नहीं, वे यहां आकर हमें उपदेश दे रहे हैं.

    गौरतलब है कि बुधवार को ही टीएमसी नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समावेशी प्रक्रिया नहीं है. उन्होंने इसे विभाजनकारी बताते हुए कोर्ट से कहा "कृपया हमारे लोकतंत्र को बचा लें."

  12. राज्यसभा में बोले पीएम मोदी, 'भारत ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज़, हमने 9 बड़ी ट्रेड डील की'

    राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का वर्ल्ड ऑर्डर बदल रहा है और झुकाव भारत की तरफ़ है.

    उन्होंने कहा "आज दुनिया संभल नहीं पा रही है. ऐसे में साफ़-साफ़ नज़र आ रहा है कि दुनिया एक नए वर्ल्ड ऑर्डर की ओर बढ़ रही है. दूसरे विश्व युद्ध के बाद जो वर्ल्ड ऑर्डर बना, वह अब बदल रहा है. सारी घटनाओं का ग़ैर राजनीतिक और निष्पक्ष भाव से विश्लेषण करें तो झुकाव भारत की तरफ़ है."

    "विश्वमित्र और विश्वबंधु के रूप में आज भारत अनेक देशों का विश्वस्त साझेदार बना है. हम कंधे से कंधा मिलाकर विश्व कल्याण में उचित भूमिका निभा रहे हैं. आज पूरा विश्व ग्लोबल साउथ की चर्चा करता है. लेकिन उस चर्चा के सूत्रधार के रूप में आज भारत वैश्विक मंचों पर ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज़ बन गया है."

    उन्होंने हाल में हुई ट्रेड डील्स पर कहा, "अनेक देशों के साथ भारत फ़्यूचर रेडी ट्रेड डील्स कर रहा है. पिछले कुछ ही समय में हमारी 9 बड़ी ट्रेड डील हुई हैं. इसमें मदर ऑफ़ ऑल डील्स भी है, जो एक साथ 27 यूरोपीय देशों के साथ हुई है."

    पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "जो लोग थक गए या यहां से चले गए, उन्हें कभी न कभी तो जवाब देना पड़ेगा कि देश की हालत कैसी थी कि दुनिया का कोई देश हमसे डील करने नहीं आता था. आपने कोशिश की होगी, पीछे-पीछे चक्कर लगाए होंगे. लेकिन किसी ने आपकी तरफ़ देखा तक नहीं."

  13. विदेश मंत्री एस जयशंकर बोले- 'भारत और अमरीका की ट्रेड डील आख़िरी चरण में'

    भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर का अमेरिकी दौरा पूरा हो गया है. उन्होंने इसे 'सफल और सकारात्मक' बताया.

    एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "अमेरिका का दौरा सफल और सकारात्मक रहा. विदेश मंत्री मार्को रुबियो का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद"

    उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर लिखा कि ये ऐतिहासिक व्यापार समझौता आख़िरी चरण में है और बहुत जल्द पूरा होगा. यह हमारे रिश्तों में एक नया दौर शुरू करेगा, जिसमें आगे बहुत मौक़े हैं.

    जयशंकर ने आगे लिखा, "हमारा अहम खनिज सहयोग भी तेज़ी से बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में रणनीतिक मुद्दों, रक्षा और ऊर्जा पर बातचीत होगी. कुल मिलाकर, मज़बूत गति साफ दिखाई दे रही है."

    विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को अमेरिका में क्रिटिकल मिनरल्स पर हुई एक बैठक में शामिल हुए थे.

    उन्होंने बताया था, "मैं यहां क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्ट्रियल में शामिल होने आया हूं, जिसे अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और कई देशों ने बुलाया था, यहां पर लगभग 50 देश थे."

  14. प्रियंका गांधी बोलीं, 'पीएम को चोट पहुंचाने का सवाल ही नहीं, वे अब स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं'

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री सदन में आते तो विपक्षी सदस्यों की ओर से कोई अप्रिय घटना हो सकती थी.' इसके जवाब में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है, पीएम को चोट पहुंचाने का सवाल ही नहीं था.

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री अब स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं, उनमें कल सदन में आने की हिम्मत नहीं हुई."

    "आप सरकार से क्यों नहीं पूछते कि सदन में नेता प्रतिपक्ष को क्यों नहीं बोलने दिया जाता. क्या उनके पास कोई भी आधार है कि वे एक सोर्स का उद्धरण देने से रोक दें, उनके पास ये अधिकार नहीं है. तथ्य यह है कि चर्चा इसलिए नहीं हुई, क्योंकि सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं थी."

    शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत में सबसे सुरक्षित व्यक्ति हैं, उनके लिए यह कहना कि उन्हें महिला सांसदों से ख़तरा था, यह महिला सांसदों पर दी गई दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणी है.

    इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, लोकसभा स्पीकर के दफ़्तर से मीडिया में खबरें डलवाई जा रही हैं कि कांग्रेस पार्टी ने महिला सांसदों के ज़रिए कल प्रधानमंत्री पर 'हमला' करने की योजना बनाई थी.

    उन्होंने आगे लिखा, "क्या किसी महिला का विरोध करना आतंकवाद माना जाता है, क्या वे उन्हें अछूत मानते हैं, मोदी सरकार और उसके चापलूस पत्रकारों को देश की महिलाओं से, ख़ासकर दलित महिलाओं से माफ़ी मांगनी चाहिए."

  15. कार्टून: वो गाँधी है

    ऑस्ट्रेलिया में महात्मा गाँधी की प्रतिमा चोरी होने पर आज का कार्टून.

  16. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बोले, 'मेरे कहने पर प्रधानमंत्री सदन में नहीं आए'

    लोकसभा की कार्यवाही कल 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा करते समय स्पीकर ओम बिरला ने बताया कि उनके आग्रह पर प्रधानमंत्री मोदी सदन में उपस्थित नहीं हुए.

    उन्होंने कहा, "प्रतिपक्ष के सदस्यों ने जो व्यवहार अध्यक्ष के कार्यालय में किया, वह हमारी संसदीय परंपराओं के लिए अनुचित था. मैं कहूंगा कि वह एक ब्लैक स्पॉट की तरह था."

    "मेरे पास ऐसी पुख़्ता जानकारी आई कि कांग्रेस पार्टी के कई सदस्य प्रधानमंत्री के आसन पर पहुंचकर कोई भी अप्रत्याशित घटना कर सकते थे. अगर यह घटना हो जाती तो यह अत्यंत अप्रिय होता, जो देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को तार-तार कर देती."

    ओम बिरला ने कहा कि इसको टालने के लिए मैंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि उन्हें सदन में नहीं आना चाहिए. सदन के नेता ने सदन में उपस्थित न होकर, मेरे आग्रह को मानकर सदन को अप्रिय दृश्य से बचाया. मैं प्रधानमंत्री का इसके लिए आभार व्यक्त करता हूं."

    गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल सदन में भाषण होना था, लेकिन विपक्ष के हंगामे के बाद नहीं हुआ था.

  17. क्या वेनज़ुएला से तेल ख़रीदेगा भारत, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने दिया ये जवाब?

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारत कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए व्यावसायिक संभावनाएं देखने को तैयार है, इनमें वेनज़ुएला भी शामिल है.

    उन्होंने विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस वार्ता में बताया, "ऊर्जा के क्षेत्र में वेनज़ुएला भारत का लंबे समय से साथी रहा है. वित्त वर्ष 2019–20 तक भारत के लिए वेनज़ुएला कच्चे तेल का बड़ा स्रोत था, लेकिन प्रतिबंधों के बाद यह बंद हो गया. वित्त वर्ष 2023–24 में वेनज़ुएला से आयात फिर शुरू हुआ, लेकिन प्रतिबंध दोबारा लगने के कारण फिर से रोक दिया गया."

    जायसवाल ने आगे बताया, "भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (पीएसयू) का वेनज़ुएला की राष्ट्रीय तेल कंपनी पीडीवीएसए के साथ साझेदारी रही है और वे 2008 से वहां मौजूद हैं."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि भारत अब रूस के बजाय अमेरिका और वेनज़ुएला से तेल ख़रीदेगा. ट्रंप के दावे के बाद से ही इस मामले पर भारत की प्रतिक्रिया का इंतज़ार किया जा रहा था, जो अब सामने आ गई है.

  18. अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  19. शशि थरूर बोले- विपक्ष के नेता को बोलने देना चाहिए

    संसद में पूर्व सेना प्रमुख नरवणे के संस्मरण को लेकर हुए विवाद के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि विपक्ष के नेता को बोलने की मंज़ूरी मिलनी चाहिए.

    उन्होंने कहा, "विपक्ष के नेता को बोलने देना चाहिए. वह जिस मामले का ज़िक्र कर रहे हैं, वह पहले से ही पब्लिक डोमेन में है. यह पहले ही एक मैगज़ीन में छप चुका है."

    "इसलिए, यह अब कोई अनपब्लिश्ड चीज़ नहीं है, यह एक मैगज़ीन में छप चुकी है. इतनी बड़ी आपत्ति उठाकर और उन्हें बोलने न देकर, एक बहुत बड़ी समस्या खड़ी कर दी गई है."

    सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का कुछ अंश पढ़ना चाहते थे, जिसकी अनुमति नहीं दी गई, जिसका कांग्रेस ने विरोध किया है.

    गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन ने भी लोकसभा में राहुल गांधी को नहीं बोलने देने का मुद्दा उठाया.

  20. इमरान ख़ान के बेटे ने कहा- वीज़ा नहीं दे रही पाकिस्तान सरकार

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के बेटे कासिम ख़ान ने पाकिस्तानी सरकार पर उनके पिता को सही मेडिकल देखभाल नहीं देने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने ये भी आरोप लगाया है कि पाकिस्तान सरकार 'जानबूझकर' उनका और उनके भाई का वीज़ा प्रोसेस नहीं कर रही है.

    कासिम ख़ान ने एक्स पर पोस्ट किया, "मैं और मेरा भाई अपने पिता से मिलने के लिए पाकिस्तान जाने की कोशिश कर रहे हैं."

    "914 दिनों से उन्हें अकेले जेल में रखा गया है, जबकि उनकी सेहत ख़राब हो रही है और उन्हें स्वतंत्र रूप से मेडिकल देखभाल नहीं मिल रही है."

    "अब सरकार जानबूझकर हमारे वीज़ा प्रोसेस करने से मना कर रही है. किसी कैदी को इलाज न देना क्रूरता है. उसके बच्चों को उससे मिलने का अधिकार न देना सामूहिक सज़ा है."

    कासिम ख़ान ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थानों और सरकारों से इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने की अपील की है.

    इमरान ख़ान के दोनों बेटे क़ासिम ख़ान और सुलेमान ख़ान ब्रिटेन में रहते हैं.