लाइव, ट्रंप के संघर्ष विराम ख़त्म करने से जुड़े बयान के क्या हैं मायने, वार्ता का रास्ता क्या बंद हुआ?

ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष खत्म करने के लिए हुआ समझौता ज्ञापन (एमओयू) अभी एक महीने भी पुराना नहीं है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • वैभव सूर्यवंशी
  • अमेरिका की आज़ादी के 250 साल पूरे
  • प्रशांत किशोर
  • ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार
  • समंदर का पानी खारा, नदी का पानी मीठा क्यों होता है?
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • जापान की पीएम

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, शिवांगी जायसवाल

  1. ट्रंप के संघर्ष विराम ख़त्म करने से जुड़े बयान के क्या हैं मायने, वार्ता का रास्ता क्या बंद हुआ?, कैरी डेविस, बीबीसी संवाददाता

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, SAUL LOEB / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम (सीज़फायर) अब ख़त्म हो गया है

    ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष खत्म करने के लिए हुआ समझौता ज्ञापन (एमओयू) अभी एक महीने भी पुराना नहीं है.

    तकनीकी रूप से युद्धविराम (सीज़फायर) अप्रैल की शुरुआत से लागू. हालांकि, पहले भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जवाबी हमलों के दौरान सीज़फायर का उल्लंघन करने का आरोप लगाते रहे हैं.

    अब बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम (सीज़फायर) अब ख़त्म हो गया है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के वार्ताकार बातचीत जारी रख सकते हैं.

    उनके इस बयान से एक तरफ़ समझौते का रास्ता बंद होता दिखता है, तो दूसरी तरफ बातचीत की थोड़ी गुंज़ाइश भी बनी रहती है.

    उनका यह रुख़ पहले दिए गए बयानों जैसा ही है. उस समय भी उन्होंने ईरान को समझौता करने पर कई फ़ायदे देने का संकेत दिया था. वहीं, समझौता न होने पर कड़ी कार्रवाई और तबाही की चेतावनी भी दी थी.

    ट्रंप के ताज़ा बयान से उनकी नाराज़गी और निराशा भी झलकती है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इससे दोनों देशों के बीच फिर से तनाव और सैन्य टकराव बढ़ेगा?

    ट्रंप के बयानों में बार-बार बदला रुख

    21 अप्रैल - आठ अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच हुए अस्थायी युद्धविराम के बाद ट्रंप ने 21 अप्रैल को कहा कि वह दो सप्ताह का युद्धविराम आगे बढ़ाना नहीं चाहते क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही फिर बमबारी शुरू होगी. हालांकि, उसी दिन बाद में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के अनुरोध पर अमेरिकी हमले रोक दिए गए हैं.

    8 मई - ट्रंप ने कहा कि दुनिया को पता चल जाएगा कि सीज़फायर खत्म हो गया है, जब ईरान से "एक बड़ी चमक" दिखाई देगी.

    11 मई - कुछ दिनों बाद ट्रंप ने कहा कि सीज़फायर "किसी तरह जीवनरक्षक सिस्टम पर टिका हुआ है."

    11 जून - ट्रंप ने संकेत दिया कि युद्धविराम समाप्त हो चुका है. उन्होंने ईरान पर बहुत कड़ी कार्रवाई की धमकी दी. लेकिन उसी शाम उन्होंने प्रस्तावित हमले रोक दिए.

    17 जून - युद्ध समाप्त करने के शुरुआती समझौते पर हस्ताक्षर करते समय ट्रंप ने कहा, "अगर उन्होंने ठीक व्यवहार नहीं किया, तो हम फिर से बमबारी शुरू कर देंगे."

    8 जुलाई - ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि सीज़फायर ख़त्म हो चुका है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के वार्ताकार बातचीत जारी रख सकते हैं.

  2. ट्रंप के ईरान पर बयान के बाद भारतीय शेयर बाज़ार में गिरावट

    भारतीय शेयर बाजार

    इमेज स्रोत, Punit PARANJPE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बुधवार को कारोबार के अंतिम घंटों में सेंसेक्स और निफ्टी 2% से ज्यादा टूट गए

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीज़फ़ायर को खत्म हो चुका बताने के बाद भारतीय बाज़ारों पर असर पड़ा है.

    बुधवार को कारोबार के अंतिम घंटों में सेंसेक्स और निफ्टी 2% से ज्यादा टूट गए.

    बुधवार को कारोबार के आखिरी घंटों में बीएसई सेंसेक्स 1,677.12 अंक यानी 2.15% गिरकर 76,503.60 पर बंद हुआ.

    वहीं एनएसई निफ्टी 516.65 अंक यानी 2.12% टूटकर 23,882.05 के स्तर पर बंद हुआ

    निवेशकों को चिंता है कि अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. इसी वजह से बाज़ार में बिकवाली बढ़ गई.

    हालिया घटनाक्रम का असर एशियाई बाजारों में मिला-जुला देखने को मिला है.

    एशिया के बाज़ारों का हाल

    दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 5.35% गिर गया. वहीं, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 2.11% और चीन का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स 0.49% नीचे बंद हुआ.

    हालांकि इसके उलट, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 2.99% की बढ़त के साथ बंद हुआ.

    मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे.

    शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 393.19 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की.

  3. सीज़फ़ायर पर ट्रंप के बयान से कच्चे तेल की कीमतों में 5% से ज़्यादा उछाल

    होर्मुज़ स्ट्रेट

    इमेज स्रोत, maps4media via Getty Images

    इमेज कैप्शन, होर्मुज़ स्ट्रेट की सैटेलाइट तस्वीर; इस क्षेत्र में तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने से तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है जिससे कच्चे तेल दाम बढ़ गए

    युद्धविराम ख़त्म होने से जुड़ी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 5% से अधिक वृद्धि देखी गई है.

    ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम (सीज़फायर) को लेकर बुधवार को कहा, ''मेरे हिसाब से यह अब ख़त्म हो चुका है. मैं अब उनसे कोई बातचीत नहीं करना चाहता. वे घटिया लोग हैं."

    इस बयान के साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के प्रमुख मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 3.5% बढ़कर 78.09 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई.

    होर्मुज़ स्ट्रेट में तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने से तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. इसी कारण कच्चे तेल के दामों पर दबाव बना और कीमतें ऊपर चली गईं.

    दूसरी ओर, नेटो शिखर सम्मेलन में दिए राष्ट्रपति ट्रंप के बयानों का सीधा असर यूरोपीय शेयर बाजार पर पड़ा है.

    यूरोप का प्रमुख स्टॉक्स 600 इंडेक्स 1.6% गिरकर 636.08 अंक पर पहुंच गया. यह एक सप्ताह का सबसे निचला स्तर है.

    ग़ौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध रोकने के समझौते से जुड़े एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने के बाद कच्चे तेल के दाम युद्ध से पहले से स्तर पर पहुंच गए थे.

  4. ईरान ने सीज़फ़ायर टूटने का अमेरिका पर लगाया आरोप, जवाबी हमलों को लेकर ये कहा

    तेहरान में अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम विदाई के दौरान डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला पोस्टर लिए एक स्थानीय व्यक्ति (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Kaveh Kazemi/Getty Images

    इमेज कैप्शन, तेहरान में अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम विदाई के दौरान डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला पोस्टर लिए एक स्थानीय व्यक्ति (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीज़फ़ायर को "ख़त्म हो चुका" बताने के बाद ईरान की प्रतिक्रिया आई है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरानी सशस्त्र बल उन जगहों को निशाना बना सकते हैं, जहाँ से उनके ऊपर हमले किए गए हैं या जिनकी योजना बनाई गई है.

    साथ ही ईरान ने कहा है कि खाड़ी देश किसी भी अमेरिकी कार्रवाई के लिए अपनी जमीन या सुविधाओं का इस्तेमाल न होने दें. साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा करना अमेरिका का साथ देने और अपराध में भागीदार बनने जैसा होगा.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि अमेरिका ने उसके दक्षिणी तट के पास मौजूद कई निग़रानी और सर्विलांस केंद्रों पर हमला किया है. यह युद्ध समाप्ति से जुड़े समझौते का उल्लंघन है.

    विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरान से जुड़ी व्यवस्थाओं का उल्लंघन हुआ है. इसके अलावा, लेबनान पर इज़राइल के हमले भी जारी हैं.

    ईरान का कहना है कि इन वजहों से युद्ध ख़त्म करने वाले समझौते के कई महत्वपूर्ण हिस्से प्रभावहीन हो गए हैं. ईरान ने इसके लिए अमेरिका को ज़िम्मेदार ठहराया है.

  5. ईरान पर बोले ट्रंप, 'उनसे बात करना समय की बर्बादी, वे झूठ बोलते हैं'

    ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, ''मेरे हिसाब से यह अब ख़त्म हो चुका है"

    उन्होंने नेटो शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से कहा, ''मैं अब उनसे कोई बातचीत नहीं करना चाहता. वे घटिया लोग हैं"

    ट्रंप ने कहा, "जहां तक मेरा सवाल है, यह मामला ख़त्म हो चुका है. उनसे बात करना समय की बर्बादी है. वे झूठ बोलते हैं."

    उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के वार्ताकार चाहें तो बातचीत कर सकते हैं, लेकिन 'वे अपना समय बर्बाद कर रहे हैं.'

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के वार्ताकारों को लेकर कहा, "वे वास्तव में मानसिक रूप से बीमार हैं. उनके नेता मानसिक रूप से बीमार लोग हैं. मेरी नज़र में उनसे निपटना सिर्फ़ समय की बर्बादी है."

    ट्रंप ने आगे कहा कि वह "स्टीव विटकॉफ़ और जेराल्ड कुशनर से बात करेंगे." लेकिन उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि "वार्ता की मेज़ पर वापस लौटना तेहरान के ऊपर निर्भर है."

    एक अन्य सवाल के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "सब लोग इस बात से सहमत हैं कि उनके पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए. हम एक समझौते तक पहुंच गए मगर बाद में वे मीडिया के सामने यह दिखाने की कोशिश करते हैं कि ऐसी कोई बातचीत हुई ही नहीं थी."

    ट्रंप का यह बयान ईरान और अमेरिका के बीच हुए जवाबी हमलों के बाद आया. दोनों देशों ने एक-दूसरे पर युद्धविराम (सीज़फायर) समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.

  6. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगीं.

    बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    बारुईपुर नाबालिग रेप और मर्डर केस: अभियुक्त की एनकाउंटर में मौत, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

    अर्जेंटीना के ख़िलाफ़ मिली हार के बाद मिस्र ने क्यों कहा- 'हुई नाइंसाफ़ी', मेसी पर भी साधा निशाना

  7. ईरान के विदेश मंत्री ने कहा, 'अमेरिकी हमले के बाद समझौते के 'अहम और बुनियादी' हिस्से बेअसर'

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि अमेरिकी हमले से समझौते का असर काफ़ी हद तक ख़त्म हो गया है

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने अमेरिका के बीच समझौते के एमओयू के उल्लंघन के आरोप लगाया है.

    उन्होंने एक बयान में कहा कि अमेरिका के हमले, ईरानी तेल की बिक्री पर फिर से लगाए गए प्रतिबंध और हिज़्बुल्लाह के साथ लेबनान में इसराइल का जारी संघर्ष, युद्ध रोकने के समझौते के ‘अहम और बुनियादी हिस्सों को बेअसर’ कर चुके हैं.

    उन्होंने कहा कि ईरान अपनी "क्षेत्रीय अखंडता, राष्ट्रीय संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा" की रक्षा के लिए कोई भी कदम उठाने से नहीं हिचकेगा."

    अराग़ची ने उन खाड़ी देशों को चेतावनी दी है जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं.

    अराग़ची ने कहा कि अगर वहां से ईरान पर कोई हमला हुआ तो वो "हमले के स्रोत और उसके शुरू वाली जगह को निशाना बनाया जाएगा. "

    ईरान का ये बयान अमेरिकी सेंटकॉम के उस दावे के बाद आया है कि जिसमें कहा गया था अमेरिका की सेना ने ईरान के 80 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है.

    ईरान ने कहा है कि उसने इसके जवाब में बहरीन में कुछ अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

  8. राम जन्मभूमि ट्रस्ट से अलग किए गए गोपाल राव ने कहा, 'हर जगह झूठ और अफ़वाहों का बाज़ार गर्म है', प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता

    राम मंदिर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में जिन तीन लोगों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से दूर किया गया है, उनमें एक गोपाल राव भी हैं.

    गोपाल राव मंदिर के दैनिक प्रशासन जैसे दर्शन व्यवस्था और संचालन से जुड़े थे. वह ट्रस्ट के सदस्य नहीं थे पर ट्रस्ट की बैठकों में विशेष आमंत्रण पर शामिल होते थे.

    सोमवार को हुई ट्रस्ट की बैठक के बाद निर्णय लिया गया कि उन्हें आगे से बैठकों में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में भी नहीं बुलाया जाएगा.

    उन पर मंदिर प्रशासन से जुड़ी उनकी भूमिका और प्रशासनिक निगरानी में कथित चूक को लेकर सवाल उठे हैं.

    अपने ऊपर हुई इस कार्रवाई और आरोपों पर बीबीसी हिन्दी से बात करते हुए गोपाल राव ने कहा, ''हम अभी किसी भी मीडिया के लोगों से बात नहीं कर रहे. हर जगह झूठ और अफ़वाहों का बाज़ार गर्म है.’’

    ''मैं तभी बोलूंगा जब एसआईटी की फ़ाइनल रिपोर्ट सामने आएगी. मेरे पास भी कई विकल्प होंगे तब, जैसे - मानहानि का मुकदमा आदि. मीडिया के लोगों ने बहुत ग़लत खबरें दिखाई हैं, जिससे उनकी विश्वसनीयता पर गहरा सवाल खड़ा होता है. मैं समय आने पर विस्तृत रूप से अपनी बात रखूंगा.''

    अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. जबकि राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा इस्तीफ़ा दे चुके हैं.

  9. ईरान का दावा, बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

    बहरीन

    इमेज स्रोत, AFP VIA GETTY IMAGES

    इमेज कैप्शन, बहरीन में मौजूद एक अमेरिकी सैन्य ठिकाना (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी सेना ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ ईरानी सेना के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बहरीन में शेख ईसा अड्डे पर स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था.

    बयान के मुताबिक़,यह कार्रवाई दक्षिणी ईरान में सैन्य और गैर-सैन्य क्षेत्रों पर अमेरिकी हमलों और 14 सूत्रीय एमओयू के उल्लंघन के जवाब में की गई थी. ईरानी सेना का कहना है कि यह हमला ड्रोन के जरिए किया गया था.

    ईरानी सेना के बयान में 'युद्धविराम के उल्लंघन के नतीजो की चेतावनी भी दी गई और कहा गया कि 'क्षेत्र में सभी अमेरिकी ठिकाने ईरानी ड्रोन के निशाने पर होंगे.'

    ईरानी सेना ने ये दावा ऐसे समय में किया है जब बहरीन में एक बार फिर विस्फोटों की खबरें सुनी गई हैं.

    बहरीन में मौजूद एएफपी संवाददाता के मुताबिक़, देश के उत्तरी हिस्सों में तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं.

    ईरानी सेना का यह बयान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के उस दावे के कुछ ही समय बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान पर अमेरिकी हमलों के जवाब में बहरीन और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर 85 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया गया है.

  10. अमेरिका का दावा, ईरान के 80 ठिकानों पर हमला किया

    अमेरिकी सेंट्रल कमान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेंट्रल कमान के मुताबिक़, ईरान पर नए अमेरिकी हमलों के बाद अज्ञात जगह से उठता धुआं दिखा है

    अमेरिकी सेंट्रल कमान (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि उसने ईरान के ख़िलाफ़ सिलसिलेवार हमलों में 80 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक पोस्ट में, सेंटकॉम ने कहा कि यह कार्रवाई होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले कॉमर्शियल जहाजों पर ईरान के हालिया हमलों के जवाब में की गई थी.

    सेंटकॉम के मुताबिक़,अमेरिकी सेना ने होर्मुज़ स्ट्रेट और उसके आसपास ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम,कमान और कंट्रोल नेटवर्क, तटीय रडार ठिकानों,एंटी एयरक्राफ़्ट मिसाइल सिस्टम और 60 से अधिक छोटे आईआरजीसी जहाजों को निशाना बनाया.

    अपने बयान में सेंटकॉम ने कहा कि इन अभियानों का मक़सद अंतरराष्ट्रीय व्यापार गलियारों से गुजरने वाले जहाजों पर ईरान की ओर से लगातार हमले करने की क्षमता को कमजोर करना है.

    सेंटकॉम के मुताबिक़, ईरान ने हाल ही में होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहे तीन कॉमर्शियल जहाजों पर हमला किया, जिनमें मार्शल द्वीप समूह के झंडे वाला एम/टी अल-रक्कायत, सऊदी अरब के झंडेवाला वाला एम/टी विद्यान और लाइबेरिया के झंडे वाला एम/टी साइप्रस प्रॉस्पेरिटी शामिल हैं.

    दूसरी ओर ईरान के उप विदेश मंत्री ने चेतावनी दी है कि उनका देश इन हमलों के ख़िलाफ़ 'निर्णायक कदम' उठाएगा.

  11. बारुईपुर रेप-मर्डर मामला : कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अभियुक्त की मां ने कहा, 'मेरे बेटे को सजा मिल गई'

    बारुईपुर रेप-मर्डर केस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बारुईपुर रेप-मर्डर केस के अभियुक्त प्रभाष मंडल की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद उनकी मां ने कहा कि वो अपने बेटे की लाश नहीं लेंगीं

    बारुईपुर रेप और मर्डर मामले में अभियुक्त प्रभाष मंडल की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद उनकी मां की प्रतिक्रिया आई है.

    प्रभाष मंडल की मां ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "दो पुलिसकर्मी मेरे घर आए थे. मैं अभी-अभी उठी थी. उन्होंने मुझे बताया कि मेरे बेटे की मौत हो गई है और पूछा कि क्या मैं अस्पताल जाना चाहती हूं. मैंने उनसे कहा कि मैं नहीं जा सकती, क्योंकि मेरे पति बीमार हैं.''

    ''मैंने कहा कि आप लोग जो करना चाहते हैं, करिए. मुझे कोई आपत्ति नहीं है.''

    ''मेरे बेटे ने जो किया, उसकी उसे सज़ा मिल गई. मैं उसका शव स्वीकार नहीं करूंगी. मैं उसका शव अपने घर भी नहीं लाऊंगी.''

    ''उसने कोई अच्छा काम नहीं किया. उसने गलत किया था और उसी की उसे सज़ा मिली है. उसे मार दें या जो करना हो करें, मुझे कोई आपत्ति नहीं है. मुझे उसकी लाश नहीं चाहिए.''

    पुलिस के मुताबिक़ जब वो घटना की कड़ी जोड़ने के लिए प्रभास को घटनास्थल पर ले गई तो उन्होंने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी.

    जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो प्रभास मंडल को लगी. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

    कोलकाता से सटे दक्षिण 24-परगना जिले के बारुईपुर में रविवार को तालाब से एक किशोरी का शव बरामद किया गया था.

    इसके बाद इलाके के लोगों की नाराजगी भड़क उठी और उन्होंने एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी.

    रेप और हत्या मामले में मुख्य अभियुक्त समेत तीन लोगों, आनंद सरदार, प्रभाष मंडल और दिवाकर सरदार को गिरफ्तार किया गया था.

  12. अर्जेंटीना की जीत के बाद भावुक हुए लियोनेल मेसी, तस्वीरों में देखें

    लियोनेल मेसी

    इमेज स्रोत, Europa Press via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मिस्र के ख़िलाफ़ अर्जेंटीना की जीत के बाद स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी रो पड़े

    अर्जेंटीना ने फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में आख़िरी वक़्त में किए गए गोल की बदौलत मिस्र को 3-2 से हरा दिया.

    एक समय में अर्जेंटीना मैच में पिछड़ रहा था. लेकिन मेसी ने एक गोल कर मैच को 2-2 से बराबर कर लिया.

    इसके बाद एन्ज़ो फर्नांडीज़ ने स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में हेडर से गोल किया और पूरे स्टेडियम में मौजूद अर्जेंटीना के फ़ैंस ख़ुशी से झूम उठे.

    मैच ख़त्म होते ही मेसी बेहद भावुक हो गए और रो पड़े.

    अर्जेंटीना

    इमेज स्रोत, FIFA via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस मैच में सब कुछ था- मेसी का पेनल्टी मिस करना, एक रद्द किया गया गोल, एक रेड कार्ड और साथ ही एक रोमांचक वापसी
    अर्जेंटीना

    इमेज स्रोत, Fantasista/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेसी अर्जेंटीना के इतिहास में एक ही वर्ल्ड कप में 8 गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, उन्होंने माराडोना के रिकॉर्ड की बराबरी की
    जीत के बाद मेसी को हवा में उछालते साथी खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जीत के बाद मेसी को हवा में उछालते साथी खिलाड़ी
    लियोनेल मेसी

    इमेज स्रोत, FIFA via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैच के बाद मैदान से बाहर जाते लियोनेल मेसी
  13. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में तीन अभियुक्तों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस पहुंची

    राम मंदिर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के तीन अभियुक्तों को हिरासत में लेने के लिए यूपी पुलिस अयोध्या जेल पहुंची है.

    अयोध्या पुलिस ने जेल में बंद तीन अभियुक्तों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे की सात दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी. इस पर सोमवार को अदालत में सुनवाई हुई थी.

    जांच अधिकारी (आईओ) ने अदालत को बताया कि मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए तीनों से पुलिस हिरासत में पूछताछ करना ज़रूरी है.

    इससे पहले, रविवार को पुलिस टीम ने जेल के भीतर इस मामले के पांच आरोपियों से पूछताछ की थी.

    पुलिस का कहना है कि उस पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर अदालत से तीनों अभियुक्तों की पुलिस हिरासत की मांग की गई.

    चढ़ावा चोरी के मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. जबकि राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा अपने पद से इस्तीफ़ा दे चुके हैं.

  14. छत्तीसगढ़ : रायपुर में फ़ैक्ट्री में विस्फोट, तीन मज़दूरों की मौत, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में फ़ैक्ट्री में विस्फोट

    इमेज स्रोत, ALOK PUTUL

    इमेज कैप्शन, रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में फ़ैक्ट्री में विस्फोट

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में एक थ्रीडी फ़ैक्ट्री में विस्फोट में तीन मज़दूरों की मौत हो गई.

    मृतकों में से दो मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के रहने वाले थे, जबकि एक मृतक का घर छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में है.

    रायपुर के डीसीपी मयंक गुर्जर ने कहा कि फ़ैक्ट्री में कच्चा लोहा बनाने का काम होता है, जिससे गाड़ियों के कल-पुर्जे तैयार होते हैं.

    उन्होंने कहा कि फ़ैक्ट्री के फर्नेस के पास ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट होने से हादसा हुआ है और इसके आसपास काम कर रहे मजदूर चपेट में आए हैं.

    घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस, फायर ब्रिगेड और फ़ैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली करा दिया है.

    राज्य आपदा प्रबंधन और पुलिस की टीम ने शाम से ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जो देर रात तक जारी था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके के बादफ़ैक्ट्री परिसर में धुआं फैल गया.

    विस्फोट की आवाज़ करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी.

  15. होर्मुज़ स्ट्रेट में फिर तनाव, टैंकरों पर अटैक के बाद अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, एमी वाकर और टैबी विलसन

    ईरान और अमेरिका

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, कमर्शियल जहाजों पर हमले के जवाब में अमेरिका ने भी किए हमले

    अमेरिका ने होर्मुज़ स्ट्रेट में तीन कमर्शियल जहाज़ों पर हुए हमलों के जवाब में ईरान पर कई 'जोरदार' हवाई हमले किए हैं.

    हमले में कई लोग घायल हुए हैं, लेकिन अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है. यूएस सेंटकॉम ने मंगलवार को कहा कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में बेकसूर चालक दल वाले कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाए जाने के ख़िलाफ़ शुरू किया गया है.

    दूसरी ओर ईरान के उप विदेश मंत्री ने इन हमलों को पिछले महीने हुए अमेरिका-ईरान अंतरिम समझौते के ख़िलाफ़ बताया है. उन्होंने कहा कि ईरान इसके ख़िलाफ़ 'निर्णायक कदम' उठाएगा. ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार हमले केशम द्वीप, बंदर अब्बास और सिरिक में हुए.

    अमेरिका पहले ही कह चुका था कि अगर टैंकरों पर हमले हुए तो ईरान को नतीजे भुगतने होंगे. मंगलवार रात जारी बयान में यूस सेंटकॉम ने कहा कि ये हमले 'ईरान के हमलों के जवाब'में किए गए हैं.

    सेंटकॉम ने कहा, 'ईरान की आक्रामक कार्रवाई बेवजह, ख़तरनाक और युद्धविराम का साफ़ उल्लंघन थी.' इन हमलों से पहले मंगलवार को अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने वो अस्थायी छूट वापस ले ली थी, जिसके तहत ईरान पर तेल संबंधी प्रतिबंधों में कुछ समय के लिए ढील दी गई थी.

  16. शारजाह से कराची जा रहा पाकिस्तान का कार्गो विमान लापता, तलाश जारी

    पाकिस्तान का कार्गो विमान

    इमेज स्रोत, SOCIAL MEDIA

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान का एक कार्गो विमान शारजाह से कराची के रास्ते में लापता हो गया है

    शारजाह से कराची जा रहे पाकिस्तान के2 एयरवेज़ का एक कार्गो विमान (बोइंग 737) अचानक लापता हो गया है.

    बीबीसी उर्दू सर्विस के मुताबिक़ विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे.

    बीबीसी की उर्दू सर्विस ने पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के हवाले से ख़बर दी है कि मंगलवार को पाकिस्तान के समयानुसार रात 9.18 बजे विमान के नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना मिली.

    इसके बाद कराची एरिया कंट्रोल सेंटर ने तुरंत विमान को गाइड करना शुरू किया. लेकिन रात 9.21 बजे रडार पर विमान तेजी से नीचे उतरता दिखाई दिया और उसकी दिशा अचानक बदल गई.

    इसके कुछ ही देर बाद कराची से लगभग 155 नॉटिकल माइल पश्चिम में विमान से रडार और रेडियो संपर्क पूरी तरह टूट गया.

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty/Pakistan Navy

    इमेज कैप्शन, जहाज के तलाशी अभियान में पाकिस्तान की नेवी और एयरफ़ोर्स भी शामिल हो गई है

    लापता विमान की तलाश के लिए पाकिस्तानी नेवी, एयर फ़ोर्स और दूसरी एजेंसियां शामिल हो गई हैं. पाकिस्तानी नौसेना का जहाज पीएनएस जुल्फ़िकार को प्रभावित इलाके में भेजा गया है.

    पाकिस्तानी नौसेना का एक एटीआर विमान तुरबत से उड़ान भर चुका है, जबकि पाकिस्तान नेशनल शिपिंग कॉर्पोरेशन का कॉमर्शियल जहाज लाहौर भी खोज और बचाव अभियान में उतर चुका है.

    पाकिस्तान में विमान दुर्घटना की पिछली बड़ी घटना 2020 में हुई थी. उस समय पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक घरेलू यात्री विमान कराची हवाई अड्डे पर उतरने से ठीक पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

    विमान में सवार 99 लोगों में से केवल दो ही जीवित बच पाए थे.

  17. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मिली बड़ी हार पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने ये कहा

    श्रेयस अय्यर

    इमेज स्रोत, Alex Livesey/Getty Images

    इमेज कैप्शन, कप्तान श्रेयस अय्यर ने भारतीय टीम के प्रदर्शन को 'बेहद खराब' बताया है

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत को रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी. मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम के प्रदर्शन को "बेहद खराब" बताया.

    पांच मैचों की सिरीज़ में इंग्लैंड ने 2-0 की बढ़त ले ली है, दोनों टीमों के बीच एक मुक़ाबला बारिश में धुल गया था.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारा प्रदर्शन बेहद खराब था. सच कहूं तो इसके लिए इससे बेहतर शब्द मेरे पास नहीं है."

    फिल सॉल्ट के 70 रन और सैम करन की आतिशी पारी की बदौलत इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 201 रन बनाए. जवाब में जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की तेज़ गेंदबाज़ी के सामने भारतीय बल्लेबाज़ पूरी तरह बिखर गए.

    भारत की पूरी टीम सिर्फ़ 76 रन पर सिमट गई, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उसका दूसरा सबसे कम स्कोर है. टीम का कोई भी बल्लेबाज़ 13 रन से अधिक का स्कोर नहीं बना सका. वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने सबसे अधिक 13 रन बनाए.

    मैच के बाद अय्यर ने कहा, "इतने बड़े अंतर से हारना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. सबसे पहले हमें इस हार को स्वीकार करना होगा और फिर ड्रॉइंग बोर्ड पर लौटकर यह समझना होगा कि हमसे कहां गलती हुई."

    उन्होंने पिच का ज़िक्र करते हुए कहा, "विकेट को देखकर मुझे नहीं लगता कि यह 200 रन बनाने वाली पिच थी लेकिन जिस तरह हमने बल्लेबाज़ी की, हमने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए. वहीं से हमारी लय टूट गई और मुझे लगता है कि मैच भी वहीं हाथ से निकल गया."

    सिरीज़ में अभी दो मैच बाकी हैं. ऐसे में श्रेयस अय्यर ने अपने साथियों से व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी लेने और मैच जिताऊ प्रदर्शन करने की अपील की.

    उन्होंने कहा, "हमने निश्चित रूप से बहुत खराब क्रिकेट खेली है, लेकिन इससे हमें कई सीख भी मिली हैं. हर खिलाड़ी को यह सोचना होगा कि वह टीम पर कैसे असर डाल सकता है और मैच का मोमेंटम अपनी टीम के पक्ष में कैसे ला सकता है."

    अय्यर ने कहा, "हर खिलाड़ी को खुद जिम्मेदारी लेनी होगी और यह सोचना होगा कि वह टीम के लिए मैच कैसे जिता सकता है."

  18. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: स्विट्ज़रलैंड ने कोलंबिया को 4-3 से हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में ली एंट्री

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप

    इमेज स्रोत, Curtis Wong/Eurasia Sport Images/Getty Images

    इमेज कैप्शन, वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में 7 जुलाई को खेले गए फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के प्री क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबले में कोलंबिया के डेविनसन सांचेज़ (बाएं) गेंद के लिए स्विट्ज़रलैंड के ब्रील एम्बोलो (दाएं) से संघर्ष करते हुए

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के एक प्री-क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में स्विट्ज़रलैंड ने पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को 4-3 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली है.

    मैच के निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद मुक़ाबले का फ़ैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ.

    पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को दो बड़े झटके लगे. डेविडसन सांचेज की पेनल्टी क्रॉसबार से टकरा गई, जबकि कुशो हर्नांदेज का शॉट स्विट्ज़रलैंड के गोलकीपर ने रोक लिया.

    लेकिन स्विट्जरलैंड के रूबेन बरगास ने निर्णायक पेनल्टी पर गोल करके अपनी टीम को क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचा दिया.

    स्विट्ज़रलैंड वर्ल्ड कप के इतिहास में 13वीं बार खेल रहा है. इस दौरान उसकी चौथी बार क्वार्टर फ़ाइनल में एंट्री हुई है.

    1954 के बाद यह पहली बार है जब टीम वर्ल्ड कप के अंतिम आठ में पहुंची है.

  19. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.

    सिंधु जल समझौते पर अब पाकिस्तानी सेना भी बोली, बिलावल भुट्टो ने कहा- जंग भी करने को तैयार

    'इसे पलट कर दिखाओ': अमेरिका को हराने के बाद बेल्जियम ने कसा तंज़, ट्रंप के 'क़दम' पर की ये टिप्पणी