लाइव, ट्रंप ने फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर दिया बयान, विमान गिराने को लेकर किया ये दावा

ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान का मामला बहुत ख़तरनाक हो सकता था. परमाणु युद्ध का ख़तरा था.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. ट्रंप ने फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर दिया बयान, विमान गिराने को लेकर किया ये दावा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Shawn Thew/EPA/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान ने संघर्ष के दौरान एक दूसरे के 11 विमान गिराए

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम हमले के बाद हुए भारत और पाकिस्तान के संघर्ष को लेकर फिर टिप्पणी की है.

    यूक्रेन की राजधानी कीएव पर रूस को लेकर किए गए सवाल पर ट्रंप ने दावा किया कि वो अब तक आठ युद्ध रुकवा चुके हैं.

    व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंंने कहा, ''मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष भी रुकवाया. दूसरे मामलों में भी ऐसा किया. भारत और पाकिस्तान का मामला बहुत ख़तरनाक हो सकता था. परमाणु युद्ध का ख़तरा था. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के मुताबिक़ उसमें 4 करोड़ लोगों की जान जा सकती थी. शायद 5 करोड़ लोग भी मारे जा सकते थे.''

    उन्होंने कहा, ''दोनों देशों ने एक-दूसरे के 11 विमान गिरा दिए थे. स्थिति लगातार बिगड़ रही थी. चार दिन तक तनाव बना रहा और फिर मैंने उसे रुकवाया.''

    जब ट्रंप से 4 जुलाई को कीएव पर हुए हमले के बारे में पूछा गया.

    उनसे पूछा गया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के बाद भी उन पर किसी तरह का दबाव क्यों नहीं दिख रहा है, तो उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि पुतिन पर दबाव है. वह इस युद्ध को ख़त्म करना चाहते हैं और वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की इसे ख़त्म करना चाहते हैं. दोनों पक्षों से हमारी बातचीत चल रही है और देखते हैं कि क्या हम इसे समाप्त करा पाते हैं. यह बहुत दुखद स्थिति है.''

    ''मैंने आठ युद्ध खत्म कराए हैं. मेरी राय में यह युद्ध अपेक्षाकृत आसान होना चाहिए था, क्योंकि मैं दोनों नेताओं को जानता हूं. कई दूसरे मामलों में मैं नेताओं को नहीं जानता था.’’

  2. माइक्रोसॉफ़्ट 4800 कर्मचारियों की छंटनी करेगी, एक्सबॉक्स पर सबसे ज़्यादा असर

    माइक्रोसॉफ़्ट में बड़ी छंटनी का एलान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, माइक्रोसॉफ़्ट में बड़ी छंटनी का एलान

    दिग्गज आईटी कंपनी माइक्रोसॉफ़्ट ने 4,800 कर्मचारियों की छंटनी करने का एलान किया है.

    यह उसके कुल कर्मचारियों का करीब 2.1 फ़ीसदी है. इस छंटनी की सबसे बड़ी मार कंपनी के एक्सबॉक्स डिवीजन पर पड़ेगी.

    माइक्रोसॉफ़्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे गए एक संदेश में कहा कि तेजी से बदलती आईटी इंडस्ट्री में कंपनी को उन एरिया पर फ़ोकस करना होगा, जहां से वो ग्राहकों के लिए ज़्यादा फ़ायदा दिला सके.

    इस री-स्ट्रक्चरिंग के तहत एक्सबॉक्स में तुरंत 1,600 से अधिक नौकरियां ख़त्म हो जाएंगीं.

    हाल ही में एक्सबॉक्स की सीईओ बनीं आशा शर्मा ने कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में कहा कि कंपनी "एक्सबॉक्स के इतिहास के सबसे बड़े री-स्ट्रक्चरिंग की शुरुआत कर रही है."

    उन्होंने बताया कि आने वाले एक साल में 1,600 और नौकरियां समाप्त की जाएंगी.

    इसके अलावा, एक्सबॉक्स के चार गेम डेवलपमेंट स्टूडियो-कंप्लशन गेम्स, डबल फ़ाइन प्रोडक्शन, निन्जा थ्योरी और अनडेड लैब्स को भी कंपनी की री-स्ट्रक्चरिंग के तहत अलग किया जाएगा.

    आशा शर्मा ने कहा, "ये बदलाव एक्सबॉक्स के छोटे होने के लिए नहीं, बल्कि उसके और बड़े भविष्य के लिए किए जा रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "इतिहास ऐसे कई उदाहरणों से भरा है, जहां कंपनियों ने यह मान लिया कि लंबे समय तक बने रहना ही उनके भविष्य की गारंटी है. हम ऐसी गलती नहीं करेंगे."

  3. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: बेल्जियम के ख़िलाफ़ अमेरिका की बुरी हार, टूर्नामेंट से बाहर हुआ

    अमेरिका के ख़िलाफ़ विजयी गोल दागने के बाद जश्न मनाते बेल्जियम के खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के ख़िलाफ़ विजयी गोल दागने के बाद जश्न मनाते बेल्जियम के खिलाड़ी

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के प्री- क्वार्टर फ़ाइनल में बेल्जियम ने अमेरिका को हराकर उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया है.

    बेल्जियम ने अमेरिका के ख़िलाफ़ चार गोल दागे जबकि अमेरिका सिर्फ़ एक गोल कर पाया.

    बेल्जियम के खिलाड़ी चार्ल्स डी केटेलारे के शुरुआती दो गोल दागे. अमेरिकी रक्षा पंक्ति की बड़ी गलतियों का फ़ायदा उठाकर बेल्जियम के खिलाड़ी हांस वानाकेन ने टीम के लिए तीसरा गोल दागा.

    इसके बाद मैच के आख़िरी पलों में रोमेलू लुकाकू ने बेल्जियम के लिए चौथा गोल करके टीम की जीत पर मुहर लगा दी.

    अमेरिका की ओर से पहले हाफ में मलिक टिलमैन ने एकमात्र गोल किया.

    अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन को पिछले मुक़ाबले में दिखाए गए रेड कार्ड की वजह से ये मैच काफ़ी चर्चा में था.

    फोलारिन बालोगुन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी खिलाड़ी फोलारिन बालोगुन को रेड कार्ड दिखाया गया था लेकिन बेल्जियम के ख़िलाफ़ मैच में वो उतरे

    25 साल के बालोगुन पिछले दौर में बोस्निया-हर्जेगोविना के डिफेंडर तारिक मुहारेमोविक पर फ़ाउल करने के लिए सीधे रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद बेल्जियम के ख़िलाफ़ अपनी टीम के अंतिम 16 मुकाबले से बाहर होने वाले थे.

    लेकिन फ़ीफ़ा ने एक चौंकाने वाला फ़ैसला लेते हुए इस एक मैच के प्रतिबंध को 12 महीने के लिए निलंबित कर दिया था. इसकी यूईएफ़ए, बेल्जियम और इंग्लैंड के फ़ुटबॉल संघों ने आलोचना की थी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की थी कि उन्होंने ही फ़ीफ़ा से कहा था कि वह अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन पर लगाए गए एक मैच के बैन की समीक्षा (रिव्यू) करे. फ़ीफ़ा दुनिया भर में फ़ुटबॉल की गवर्निंग बॉडी है.

  4. रोनाल्डो का वर्ल्ड कप सफ़र खत्म, स्पेन से हारने के बाद रोते हुए मैदान से निकले, एमलिन बेगले

    स्पेन से हार के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो भावुक होकर रोते दिखे

    इमेज स्रोत, Tullio Puglia - FIFA/FIFA via Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्पेन से हार के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो भावुक होकर रोते दिखे

    फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो का शानदार करियर वर्ल्ड कप ट्रॉफ़ी जीते बिना ही ख़त्म हो गया.

    उनका आख़िरी वर्ल्ड कप मैच पुर्तगाल के लिए 1-0 की हार के साथ ख़त्म हुआ. स्पेन की टीम ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर रोनाल्डो का सपना तोड़ दिया.

    डलास में खेले गए इस मुक़ाबले में स्पेन के मिकेल मेरिनो ने इंजरी टाइम में विजयी गोल दागा.

    मैच ख़त्म होने के बाद 41 वर्षीय रोनाल्डो रो पड़े और इसके साथ ही उनका वर्ल्ड कप का सफ़र भी ख़त्म हो गया.

    रोनाल्डो फुटबॉल के किसी एक खिलाड़ी को दिया जाने वाला बेहद प्रतिष्ठित पुरस्कार बेलन डी'ओर पांच बार जीत चुके हैं.

    रोनाल्डो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैच हारने के बाद पुर्तगाल के प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते रोनाल्डो

    पांच बार यूईएफ़ए चैंपियन लीग के चैंपियन और यूईएफ़ए यूरो 2016 के विजेता रोनाल्डो ने क्लब और देश के लिए रिकॉर्ड 976 गोल किए हैं.

    उन्होंने रिकॉर्ड छह वर्ल्ड कप में गोल दागे हैं. हालांकि, वर्ल्ड कप में जीतने के सबसे करीब वह 2006 में पहुंचे थे, जब पुर्तगाल सेमीफ़ाइनल तक पहुंचा था.

    रोनाल्डो पहले ही एलान कर चुके थे कि यह उनका आख़िरी वर्ल्ड कप होगा. हालांकि मैच के बाद नेशनल टीम से संन्यास के सवाल पर उन्होंने कहा, "मैं अपने परिवार से मिलूंगा और शांत दिमाग से फैसला करूंगा."

    यह बहस जारी रहेगी कि क्या हर मैच में रोनाल्डो को शुरुआती इलेवन में उतारने के दबाव के बिना पुर्तगाल की टीम वर्ल्ड कप जीतने की बेहतर दावेदार हो सकती थी.

    क्रिस्टियानो रोनाल्डो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैच ख़त्म होने के बाद सुस्त कदमों से मैदान से बाहर लौटते क्रिस्टियानो रोनाल्डो

    इस बारे में, क्रिस सटन की राय बिल्कुल साफ़ थी. उन्होंने बीबीसी स्पोर्ट पर कमेंट्री करते हुए कहा, "वह मैदान पर सुस्त और बोझिल अंदाज़ में घूम रहे थे, इसलिए पुर्तगाल बाहर हो गया."

    उन्होंने आगे कहा, "क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कुछ नहीं किया. उन्होंने मैच में कोई असर नहीं छोड़ा."

    " रॉबर्टो मार्टिनेज़ (पुर्तगाली कोच) क्या कर रहे थे? किसी एक खिलाड़ी को इतनी अहमियत कैसे दी जा सकती है?"

    "पुर्तगाल की हार के लिए रॉबर्टो मार्टिनेज़ जिम्मेदार हैं."

    मैच के बाद पुर्तगाल के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज़ ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की और रोनाल्डो की जमकर तारीफ़ की.

    उन्होंने कहा, "हमें इस वर्ल्ड कप में उनकी कोशिशों के लिए उनका शुक्रिया अदा करना चाहिए."

    मार्टिनेज़ ने कहा, "उनका सपना वर्ल्ड कप जीतना था और उन्होंने उसे पूरा करने के लिए बेहतरीन उदाहरण पेश किया."

    उन्होंने आगे कहा, "वह फुटबॉल के प्रतीक हैं और इस महान खिलाड़ी के पीछे मौजूद इंसानियत का भी शानदार उदाहरण हैं."

  5. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: स्पेन ने पुर्तगाल को बाहर का रास्ता दिखाया, टूट गया रोनाल्डो का सपना

    मिकेल मेरिनो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुर्तगाल के ख़िलाफ़ विजयी गोल दागने के बाद स्पेन के खिलाड़ी मिकेल मेरिनो

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में एंट्री ले ली.

    इसके साथ ही पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अपनी टीम को आगे ले जाने का सपना टूट गया.

    डलास स्टेडियम में हुए मुक़ाबले में स्पेन ने 91वें मिनट में गोल कर पुर्तगाल की चुनौती ख़त्म कर दी.

    स्पेन के मिकेल मेरिनो ने 91वें मिनट ( इंजरी टाइम) में अपने देश की ओर से एकमात्र गोल किया.

    फेरन टोरेस से मिले पास को मेरिनो ने गोलकीपर डिएगो कोस्टा के दाएं ओर से गोल पोस्ट में डाल दिया.

    मेरिनो सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरे थे.

    41 वर्षीय रोनाल्डो मिकेल मेरिनो के 91वें मिनट में किए गए विजयी गोल के बाद रोते हुए मैदान से बाहर जाते दिखे.

  6. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.

    अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए अंतरिम महामंत्री कृष्ण मोहन कौन हैं?

    चेहरे पर झुर्रियां, याददाश्त या आंखों की रोशनी: मोबाइल के इस्तेमाल से शरीर पर क्या असर पड़ता है?