गोवा: सीएम सावंत ने बताया- नाइट क्लब हादसे में कितने लोगों की मौत दम घुटने से हुई

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया है कि अर्पोरा के नाइट क्लब में आग लगने के मामले में चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. चीन-रूस ने एंटी-मिसाइल अभ्यासों को लेकर क्या जानकारी दी?

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (फ़ाइल फोटो)

    चीन के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार देर रात कहा कि चीन और रूस ने दिसंबर की शुरुआत में रूसी क्षेत्र में संयुक्त एंटी-मिसाइल अभ्यासों का तीसरा चरण आयोजित किया था.

    मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी बयान के अनुसार, ये अभ्यास किसी तीसरे देश को ध्यान में रखकर नहीं किए गए थे और न ही मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के जवाब में थे.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, दोनों देशों ने पिछले महीने मिसाइल रक्षा और रणनीतिक स्थिरता पर बातचीत की थी. इसके अलावा उन्होंने अगस्त में जापान सागर में तोपखाना और पनडुब्बी रोधी अभ्यास भी किए थे.

    रूस और चीन ने 2022 में, यूक्रेन पर रूस के हमले से ठीक पहले, एक 'नो-लिमिट्स' रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर किए थे.

    इसके तहत दोनों देश अपनी सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए नियमित सैन्य अभ्यास करने पर सहमत हुए थे.

    दोनों देशों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस योजना पर भी चिंता जताई है, जिसमें वे एक 'गोल्डन डोम' मिसाइल शील्ड बनाने और 30 साल बाद फिर से परमाणु परीक्षण शुरू करने की बात कहते रहे हैं.

  2. 'बाबरी मस्जिद' की नींव रखने वाले हुमायूं कबीर को लेकर बीजेपी नेता ने क्या कहा?

    सुकांत मजूमदार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने तृणमूल कांग्रेस पर तंज कसा है

    तृणमूल कांग्रेस से निकाले गए विधायक हुमायूं कबीर की ओर से रखी गई 'बाबरी मस्जिद' की आधारशिला पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा है.

    दरअसल हुमायूं कबीर ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखी.

    उन्होंने मुर्शिदाबाद ज़िले में बेलडांगा से सटे इलाके़ में सैकड़ों समर्थकों के साथ प्रतीकात्मक तौर पर फीता काटकर मस्जिद की नींव रखी.

    इस पर सुकांत मजूमदार ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "ये पूरा राजनीतिक खेल है. ममता बनर्जी सस्पेंशन का नाटक कर रही हैं. वह खुद को हिंदू हितैषी दिखाने की कोशिश कर रही हैं."

    4 दिसंबर को तृणमूल कांग्रेस ने हुमायूं कबीर को पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी का कहना था कि वह 'सांप्रदायिक राजनीति' कर रहे हैं.

    सुकांत मजूमदार का कहना है कि बंगाल और देश की जनता कभी 'बाबरी मस्जिद' को स्वीकार नहीं करेगी.

    बीजेपी नेता ने आरोप लगाते हुए कहा, "क्या आप हुमायूं कबीर को गिरफ़्तार नहीं कर पाते? ऐसा इसलिए नहीं किया गया क्योंकि उन्हें मुस्लिमों का वोट मिलना है."

    साथ ही सुकांत मजूमदार ने ममता बनर्जी पर 'धर्म की राजनीति' करने का आरोप भी लगाया है.

  3. गोवा नाइट क्लब आग: पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख, किया ये एलान

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने आग की घटना के बाद गोवा के सीएम से बात की है

    गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 23 लोगों मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. साथ ही उन्होंने मुआवज़े का एलान किया है.

    शनिवार देर रात हुए इस हादसे पर पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अर्पोरा, गोवा में लगी आग की घटना बेहद दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजन खो दिए हैं, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं."

    साथ ही पीएम मोदी ने इस हादसे में घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.

    उन्होंने बताया, "मैंने इस स्थिति को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री डॉक्टर प्रमोद सावंत से बात की है. राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है."

    वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया, "अर्पोरा, गोवा की इस घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ़ से 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी."

    जारी बयान के मुताबिक़, घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.

  4. ईरान में हिजाब को लेकर दो आयोजक गिरफ़्तार, जानिए पूरा मामला

    ईरान में हिजाब

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, ईरान में हिजाब का मुद्दा अब भी बहस के केंद्र में है. (तेहरान की सड़कों की फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान की न्यायपालिका ने कहा है कि मैराथन के दो आयोजकों को उन महिलाओं को भाग लेने की अनुमति देने के लिए गिरफ़्तार किया गया है, जिन्होंने हिजाब नहीं पहना हुआ था.

    यह क़दम तब उठाया गया जब शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल हुईं, जिसमें महिलाएं बिना हिजाब के प्रतियोगिता में भाग ले रहीं थीं.

    ईरान के दक्षिणी तट के किश द्वीप पर आयोजित मैराथन में दो हज़ार महिलाओं और 3 हज़ार पुरुषों ने अलग-अलग भाग लिया.

    लाल टी-शर्ट पहने कुछ महिला खिलाड़ियों ने हिजाब या किसी भी तरह का सिर ढंकने वाला कपड़ा नहीं पहन रखा था.

    ईरान में बदलाव के समर्थकों ने इन तस्वीरों का स्वागत किया और कहा कि यह इस बात का सबूत है कि ईरानी महिलाएं उन पाबंदियों को ठुकरा रही हैं जो अधिकारी उनके पहनावे पर लगाते हैं.

    वहीं ईरानी अधिकारियों ने इसे मौजूदा स्थिति के लिए एक अस्वीकार्य चुनौती माना है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, गोवा के नाइट क्लब में भीषण आग से 23 लोगों की मौत, सीएम ने क्या कहा?

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने आग की घटना पर दुख जताया है

    गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात लगी आग में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने अंदेशा जताया है कि आग सिलेंडर फटने से लगी है.

    माना जा रहा है कि मरने वालों में ज़्यादातर लोग क्लब के कर्मचारी थे. नॉर्थ गोवा के अर्पोरा इलाके़ में स्थित इस क्लब में कुछ पर्यटक भी उन लोगों में शामिल थे जिनकी जान गई है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि मरने वालों में ज़्यादातर नाइट क्लब के किचन में काम करने वाले कर्मचारी थे. इनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं.

    सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आज गोवा के लिए बहुत दुखद दिन है. अर्पोरा में हुई आग की एक बड़ी घटना में 23 लोगों की जान चली गई है."

    उन्होंने कहा कि मैं इस घड़ी में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

    सीएम सावंत ने बताया, "मैं घटना स्थल पर गया और इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं. जांच में पता लगाया जाएगा कि आग की असल वजह क्या थी."

    "जिन्हें भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उनके ख़िलाफ़ कानून के तहत सबसे कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.