दक्षिण अफ़्रीका को हराकर भारत ने जीती वनडे सिरीज़, यशस्वी जायसवाल ने बनाया रिकॉर्ड

यशस्वी जायसवाल

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल तीनों क्रिकेट फ़ॉर्मेट में शतक लगाने वाले छठे भारतीय बन गए हैं
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को तीसरे वनडे में हराकर 2-1 से वनडे इंटरनेशनल मैचों की सिरीज़ अपने नाम कर ली है.

विशाखापत्तनम में खेले गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था और दक्षिण अफ़्रीका को 47.5 ओवर में 270 रन पर ऑलआउट कर दिया.

271 रन के लक्ष्य को पाने के लिए मैदान पर उतरी भारतीय टीम ने 39.5 ओवरों में मैच 9 विकेट से जीत लिया.

भारत की ओर से सबसे अधिक नाबाद 116 रन यशस्वी जायसवाल ने बनाए. यह उनका पहला वनडे इंटरनेशनल शतक भी है.

जायसवाल तीनों क्रिकेट फ़ॉर्मेट में शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं.

उनके अलावा सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने 75 रनों की पारी खेली. वहीं विराट कोहली ने नाबाद 65 रन की पारी खेली.

दक्षिण अफ़्रीका की ओर से क्विंटन डिकॉक का शतक

डिकॉक

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, डिकॉक को प्रसिद्ध कृष्णा ने 106 रनों पर क्लीन बोल्ड किया

टॉस हारने के बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की शुरुआत ख़राब रही. रेयन रिकल्टन के रूप में पांचवीं ही गेंद पर अर्शदीप सिंह ने उन्हें कैच आउट कराया.

हालांकि इसके बाद सलामी बल्लेबाज़ क्विंटन डिकॉक और कप्तान टेम्बा बवुमा ने टीम को बेहद सधी हुई रफ़्तार दी.

डिकॉक ने 80 गेंदों में शतक जड़ा और 106 रन के निजी स्कोर पर उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने क्लीन बोल्ड किया. वहीं कप्तान बवुमा ने भी 48 रनों की पारी खेली.

इनके अलावा दक्षिण अफ़्रीका का कोई भी बल्लेबाज़ क्रीज़ पर लंबा नहीं टिक सका और 47.5 ओवरों में दक्षिण अफ़्रीका की टीम 270 रनों पर ऑलआउट हो गई.

भारत की ओर से सबसे अधिक 4-4 विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने लिए.

वहीं अर्शदीप सिंह और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया.

सलामी बल्लेबाज़ों ने रखी जीत की नींव

रोहित शर्मा

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने 54 गेंद पर 50 रन पूरे किए
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर (Dinbhar)

वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.

एपिसोड

समाप्त

भारत के सलामी बल्लेबाज़ों यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने टीम को मज़बूत शुरुआत दी. दोनों ने साथ मिलकर 155 रनों की पार्टनरशिप की जिसकी वजह से 271 रन का लक्ष्य टीम के आगे बेहद छोटा लगने लगा.

रोहित शर्मा ने छह चौके और एक छक्के के साथ 54 गेंद पर 50 रन पूरे किए.

हालांकि 26वें ओवर की अंतिम गेंद पर केशव महाराज ने रोहित शर्मा को 75 रन के स्कोर पर कैच आउट करा दिया.

लेकिन इसके बाद आए विराट कोहली ने जायसवाल के साथ टीम के रनों की रफ़्तार आगे बढ़ाई.

इसी दौरान जायसवाल ने 10 चौके और एक छक्के के साथ 111 गेंद पर 100 रन पूरे किए.

भारत ने पहला वनडे मैच 17 रन से जीता था. वहीं दूसरे वनडे में उसे 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.

वहीं दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 2-0 से हराया था.

अब 9 दिसंबर से पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ खेली जाएगी. इसका पहला मैच कटक में खेला जाएगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)