इंडिगो एयरलाइन: केंद्र सरकार ने हवाई यात्रा का अधिकतम किराया तय किया
लाइव कवरेज
इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत ने जीता टॉस, दक्षिण अफ़्रीका करेगा पहले बल्लेबाज़ी
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीन मैचों की एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ का तीसरा और आख़िरी मुक़ाबला विशाखापत्तनम में खेला जा रहा है.
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है.
रायपुर में खेले गए सिरीज़ के दूसरे मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी. वहीं सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में भारत ने जीत हासिल की थी.
आज का मैच जो भी टीम जीतेगी, वह सिरीज़ अपने नाम कर लेगी.
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी, इंडिगो को लेकर दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है.
एयरपोर्ट का कहना है कि हाल की बाधाओं के बाद अब उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है.
दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक़, कुछ इंडिगो उड़ानों पर असर अभी भी जारी है.
बयान में सलाह दी गई कि यात्री किसी भी असुविधा से बचने के लिए एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की ताज़ा स्थिति एयरलाइन से ज़रूर जांच लें.
इस बयान में कहा गया, "हमारी टीमें सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि बाधाएं कम हों."
पाकिस्तान और तालिबान के बीच फिर से झड़प, एक दूसरे पर लगाए ये आरोप, हाफ़िज़ुल्लाह मारूफ़, बीबीसी अफ़ग़ान सेवा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान फ़ोर्सेज़ के बीच नए सिरे से सीमा पर झड़पें हुई हैं और दोनों देश एक-दूसरे पर संघर्ष-विराम तोड़ने का आरोप लगाया है.
बढ़े तनाव के कारण सीमा पर स्थित अफ़ग़ान शहर स्पिन बोल्दक से लोगों को रातों-रात अपने घर छोड़ने पड़ें.
क़ंधार शहर के एक मेडिकल सूत्र ने बीबीसी पश्तो को बताया कि स्थानीय अस्पताल में चार लोगों के शव लाए गए हैं.
अभी तक यह साफ़ नहीं है कि पाकिस्तान की ओर कोई हताहत हुआ है या नहीं.
पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच बार-बार छिटपुट लड़ाई होती रही है. इस बीच अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर देश के अंदर 'हवाई हमला' करने का भी आरोप लगाया है.
दोनों पक्षों ने पुष्टि की है कि रात भर गोलीबारी हुई, लेकिन चार घंटे तक चले इस संघर्ष की शुरुआत के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहराया है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के प्रवक्ता मुशर्रफ़ जैदी ने तालिबान पर 'बिना किसी उकसावे की गोलीबारी' करने का आरोप लगाया.
बयान के अनुसार, "हमारी सशस्त्र सेनाओं ने तुरंत, प्रभावी और कड़ी कार्रवाई की है. पाकिस्तान अपनी सीमाई अखंडता और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है."
वहीं, तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने 'एक बार फिर हमले शुरू किए' और उन्हें जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा.
रात में हुई झड़पें उस समझौते के कम से कम दो महीने से भी कम समय बाद हुई हैं, जब क़तर और तुर्की की मध्यस्थता में दोनों पक्षों ने संघर्षविराम पर सहमति जताई थी.
मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' के 'शिलान्यास' की तैयारी, सैकड़ों लोग हुए इकट्ठा
इमेज स्रोत, Humayun Kabir
इमेज कैप्शन, टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद ज़िले में बाबरी मस्जिद बनाने की बात कही थी
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में सैकड़ों लोग जमा हुए हैं. ये लोग उस जगह इकट्ठा हुए हैं, जहां 'बाबरी मस्जिद' के 'शिलान्यास' की तैयारी की जा रही है.
दरअसल, तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर ने कुछ दिन पहले कहा था कि वो 6 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले हैं और इसे पूरा होने में तीन साल का वक़्त लगेगा.
हालांकि उनके इस बयान के बाद पार्टी ने उन पर कार्रवाई की और उन्हें तृणमूल कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया.
हुमायूं कबीर के इस बयान के बाद से ही विवाद पैदा हो गया था.
इससे पहले पार्टी से निलंबित किए जाने के बाद उन्होंने कहा था, "इस बाबरी मस्जिद का पार्टी के साथ कोई लेना-देना नहीं है. पार्टी को मेरे ख़िलाफ़ जो कुछ करना चाहिए करने दीजिए."
डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर को उनके 'महापरिनिर्वाण दिवस' पर श्रद्धांजलि दी है.
बाबासाहेब आंबेडकरका 6 दिसंबर 1956 को निधन हो गया था.
उन्हें याद करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व आज भी हमारे राष्ट्रीय मार्गदर्शन का आधार है."
पीएम मोदी ने लिखा, "उन्होंने पीढ़ियों को मानव गरिमा बनाए रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मज़बूत करने की प्रेरणा दी है."
उन्होंने कहा, "विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए उनके आदर्श हमारे रास्ते को रोशन करते रहें."
वहीं कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
उन्होंने लिखा, "उनकी समानता, न्याय और मानवीय गरिमा को सुरक्षित रखने की कालजयी विरासत संविधान की रक्षा करने के मेरे संकल्प को और मज़बूत करती है और एक ज़्यादा समावेशी भारत बनाने के हमारे सामूहिक संघर्ष को प्रेरित करती है."
रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने पर अमेरिका और यूक्रेन के वार्ताकारों ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ (बाएं) और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर ने शुक्रवार को यूक्रेन के शीर्ष वार्ताकारों से मुलाक़ात की
अमेरिका और यूक्रेन के शीर्ष वार्ताकारों ने शुक्रवार को कहा है कि यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने पर हुई बातचीत 'रचनात्मक' रही, लेकिन शांति का रास्ता रूस की इच्छा पर निर्भर करता है.
अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर ने यूक्रेनी वार्ताकारों के साथ जारी एक संयुक्त बयान में ये बात कही है.
बयान कहा गया, "किसी भी समझौते की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब रूस दीर्घकालिक शांति के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता दिखाए, जिसमें तनाव कम करने और हिंसा रोकने के कदम शामिल हों."
बैठक के दौरान दोनों पक्ष 'सुरक्षा व्यवस्थाओं के ढांचे' पर सहमत हुए और रोकथाम से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की.
विटकॉफ़, कुशनर और यूक्रेन के राष्ट्रीय सुरक्षा सचिव रुसतेम उमेरोव और ब्रिगेडियर जनरल एंड्री हनातोव के बीच दो दिनों की यह बैठक दो हफ़्तों में छठा दौर थी. वे शनिवार को फ्लोरिडा में फिर मिलेंगे.
राष्ट्रपति ट्रंप को मिला शांति पुरस्कार, जानिए किसने दिया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप कई बार नोबेल शांति पुरस्कार का ज़िक्र कर चुके हैं
2026 फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप के ड्रॉ के दौरान शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फ़ीफ़ा का नया 'पीस प्राइज़' दिया गया है.
राष्ट्रपति ट्रंप लंबे समय से नोबेल शांति पुरस्कार पाने की ख़्वाहिश ज़ाहिर कर चुके हैं. उनका कहना है कि उन्होंने 'कई युद्ध रुकवाए', इसलिए उन्हें यह पुरस्कार दिया जाना चाहिए.
ट्रंप इस नए फ़ीफ़ा पुरस्कार के लिए पहले से ही सबसे मज़बूत दावेदार माने जा रहे थे.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ट्रंप और फ़ीफ़ा अध्यक्ष जियानी इन्फ़ैन्टिनो के बीच क़रीबी संबंध हैं, और इन्फ़ैन्टिनो पहले भी कह चुके हैं कि ग़ज़ा में संघर्ष विराम कराने की कोशिशों के लिए ट्रंप को नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए था.
फ़ीफ़ा अध्यक्ष इन्फ़ैन्टिनो ने ट्रंप को यह पुरस्कार देते हुए कहा कि यह एक 'खूबसूरत मेडल है, जिसे आप जहां चाहें पहन सकते हैं.'
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के ड्रॉ का एलान, कौन सी टीमें किस ग्रुप में होंगी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होगी, जो 19 जुलाई तक चलेगा
अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेज़बानी में अगले साल होने वाले फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के लिए ग्रुप स्टेज के ड्रॉ की घोषणा कर दी गई है.
इस बार पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 12 अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है.
माना जा रहा है कि सबसे बड़ी टक्कर ग्रुप आई में देखने को मिलेगी. इसमें फ्रांस को नॉर्वे के साथ रखा गया है. इस ग्रुप में सेनेगल भी शामिल है.
वहीं पिछले बार की विजेता टीम अर्जेंटीना को ग्रुप जे में रखा गया है, जबकि ब्राज़ील को ग्रुप सी में स्कॉटलैंड और मोरक्को जैसी टीमों का सामना करना होगा. वहीं, मेज़बान अमेरिका को ग्रुप डी में ऑस्ट्रेलिया और पराग्वे जैसे प्रतिद्वंद्वी मिले हैं.
कौन किस ग्रुप में शामिल?
ग्रुप ए: मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, प्लेऑफ़ डी का विजेता
ग्रुप बी: कनाडा, प्लेऑफ़ ए का विजेता, क़तर, स्विट्ज़रलैंड
ग्रुप सी: ब्राज़ील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड
ग्रुप डी: अमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, प्लेऑफ़ सी का विजेता
ग्रुप ई: जर्मनी, क्युरासाव, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर
ग्रुप एफ़: नीदरलैंड, जापान, प्लेऑफ़ बी का विजेता, ट्यूनीशिया
ग्रुप जी: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूज़ीलैंड
ग्रुप एच: स्पेन, केप वर्दे, सऊदी अरब, उरुग्वे
ग्रुप आई: फ्रांस, सेनेगल, प्लेऑफ़ 2 का विजेता, नॉर्वे
ग्रुप के: पुर्तगाल, प्लेऑफ़ 1 का विजेता, कोलंबिया, उज़्बेकिस्तान
ग्रुप एल: इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा
उड़ानें रद्द और देरी के बाद इंडिगो ने फिर मांगी माफ़ी, किया ये एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडिगो ने एक बयान जारी कर लोगों से अपील की है कि वह एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करें
इंडिगो ने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और देरी के बाद शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर माफ़ी मांगते हुए एक बयान जारी किया है.
एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि रद्द हुई उड़ानों के बाद सभी यात्रियों को जल्द ही रिफंड कर दिया जाएगा.
एक नए संदेश में इंडिगो ने कहा, "हम माफ़ी चाहते हैं और समझते हैं कि पिछले कुछ दिन आप में से कई लोगों के लिए बेहद मुश्किल रहे हैं. यह समस्या रातों-रात हल नहीं होगी, लेकिन हम भरोसा दिलाते हैं कि इस दौरान आपकी मदद के लिए हम अपनी पूरी क्षमता से काम करेंगे और अपनी सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने की कोशिश करेंगे."
साथ ही इंडिगो का कहना है कि वह 5 से 15 दिसंबर 2025 के बीच की यात्रा पर कैंसिलेशन और री-शेड्यूलिंग शुल्क पूरी तरह माफ़ करेगा.
कंपनी ने यात्रियों से कहा है कि वे ऑनलाइन फ्लाइट स्टेटस चेक करें और अगर उनकी उड़ान रद्द है तो एयरपोर्ट न जाएं.
वहीं दिल्ली एयरपोर्ट ने एक्स पर लिखा, "हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इंडिगो की उड़ान सेवाएं अब धीरे-धीरे दोबारा शुरू हो रही हैं और हालिया रुकावट के बाद सामान्य स्थिति में लौट रही हैं."
हालांकि एयरपोर्ट ने यह सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले अपनी बुकिंग और उड़ान की स्थिति जांच लें.
अमेरिका में जन्म के साथ मिलने वाली नागरिकता पर सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका उन लगभग 30 देशों में से एक है, जो अपनी सीमा के भीतर पैदा होने वाले हर बच्चे को अपने आप ही नागरिकता देते हैं.
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने यह तय करने के लिए एक मामला सुनने पर सहमति जताई है कि क्या अमेरिका में जन्मे कुछ बच्चों को नागरिकता का संवैधानिक अधिकार मिलता है.
इस साल जनवरी में पद संभालने के पहले दिन ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक आदेश पर हस्ताक्षर किए थे.
इस आदेश के तहत अवैध रूप से देश में रह रहे मौजूद माता-पिता के यहां पैदा बच्चों को जन्मसिद्ध नागरिकता देने की व्यवस्था ख़त्म की जानी थी. लेकिन निचली अदालतों ने इस फै़सले पर रोक लगा दी थी.
सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई की तारीख़ अभी तय नहीं हुई है और माना जा रहा है कि आख़िरी फै़सला आने में कई महीने लग सकते हैं.
कोर्ट का निर्णय ट्रंप की इमिग्रेशन नीति और अमेरिकी नागरिकता के मायने, दोनों पर गहरा असर डाल सकता है.
क़रीब 160 साल से अमेरिकी संविधान के 14वें संशोधन में यह सिद्धांत शामिल है कि देश में जन्म लेने वाला हर बच्चा अमेरिकी नागरिक होगा. लेकिन यह नियम राजनयिकों और विदेशी सैन्य अधिकारियों के बच्चों पर लागू नहीं होता.
पुतिन ने राष्ट्रपति भवन में दावत के दौरान भारत को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति भवन में दावत के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए शुक्रवार रात राष्ट्रपति भवन में एक दावत आयोजित की गई थी.
इस दौरान पुतिन ने कहा, "यह बताना भी ज़रूरी है कि रूस और भारत एक अधिक न्यायपूर्ण और संतुलित विश्व व्यवस्था बनाने के लिए साथ काम कर रहे हैं."
रूसी राष्ट्रपति ने कहा, "हम भारत के साथ 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर भी अपने प्रयासों का समन्वय कर रहे हैं. कुल मिलाकर, हम यूरोपीय-एशियाई क्षेत्र में ऐसी व्यवस्था की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसमें पूरी दुनिया के देशों के लिए सुरक्षा, भरोसा और शांति का माहौल बनाया जा सके."
पुतिन ने कहा, "मुझे पता है कि भारत में आप कहते हैं, 'साथ चलो, साथ बढ़ो.' ये शब्द सही मायनों में भारत और रूस के संबंधों के स्वभाव और चरित्र को दिखाते हैं. हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव क़दम उठाएंगे कि हमारी रणनीतिक साझेदारी मज़बूत हो और हमारे सभी लोगों के हित में आगे बढ़े."
रूसी राष्ट्रपति दो दिन के भारत दौरे पर आए थे. वह शुक्रवार रात रूस के लिए लौट गए हैं.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.