पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और म्यांमार में दूतावास बंद करेगा फ़िनलैंड

दूतावासों को बंद करने का फ़ैसला फ़िनलैंड के राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेश के बाद लिया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, अरशद मिसाल

  1. विदेशियों को शरण देने से जुड़े सभी फ़ैसलों पर ट्रंप प्रशासन की रोक

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह सभी "थर्ड वर्ल्ड देशों" से अमेरिका में आने वाले प्रवासियों को "स्थायी रूप से रोकेंगे."

    ट्रंप प्रशासन ने वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के दो सदस्यों को गोली मारे जाने की घटना के बाद विदेशी नागरिकों को शरण देने के सभी फ़ैसलों पर रोक लगाने की घोषणा की है.

    अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) के डायरेक्टर जोसेफ़ एडलो ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि यह रोक तब तक रहेगी, जब तक यह पक्का नहीं कर लिया जाता कि "हर विदेशी की ज़्यादा से ज़्यादा जांच और स्क्रीनिंग हो गई" है.

    एडलो ने पोस्ट किया, "अमेरिकी लोगों की सुरक्षा हमेशा सबसे पहले आती है."

    बुधवार को वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से कुछ ही ब्लॉक दूर नेशनल गार्ड के दो सदस्यों को गोली मार दी गई थी. बुरी तरह घायल दोनों गार्डों में से एक गार्ड की मौत हो गई है.

    इस मामले में एक अफ़गान नागरिक को संदिग्ध के तौर पर पकड़ा गया है, जो कस्टडी में है.

    जोसेफ़ एडलो ने शरण देने से जुड़ी ये घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'थर्ड वर्ल्ड देशों' से लोगों को अमेरिका ना आने देने की बात कहने के कुछ घंटों बाद की.

  2. चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह को लेकर मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी की चेतावनी

    चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह की वजह से शुक्रवार को रामेश्वरम में तेज़ हवाएं चलीं और ऊंची लहरें उठीं

    मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह को लेकर चेतावनी दी है.

    आईएमडी ने एक्स पर पोस्ट किया है, "श्रीलंका के तटीय इलाके और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह 30 नवंबर की सुबह तक उत्तर तमिलनाडु, पुदुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के पास पहुंच सकता है."

    28 नवंबर को जारी प्रेस रिलीज़ में आईएमडी ने दित्वाह तूफ़ान के कारण तमिलनाडु में एक दिसंबर तक भारी बारिश के साथ तूफ़ान की आशंका जताई है.

    आईएमडी के मुताबिक़ आंध्र प्रदेश में इसके कारण 29 नवंबर से एक दिसंबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं केरल, पुदुचेरी और कर्नाटक में आज अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं.

  3. एयरबस सॉफ़्टवेयर अपडेट: दुनिया भर में हज़ारों विमानों के ऑपरेशन प्रभावित होने की आशंका

    एयर इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया ने इसके मद्देनज़र ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है

    विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस ने अपने हज़ारों विमानों के लिए एक सॉफ़्टवेयर अपडेट की घोषणा की है. इसकी वजह सूरज से निकलने वाली तेज़ रेडिएशन बताई गई है, जिससे फ़्लाइट कंट्रोल के लिए ज़रूरी डेटा करप्ट हो सकता है.

    ऐसा माना जा रहा है कि इससे दुनिया भर में लगभग छह हज़ार विमान प्रभावित होंगे.

    अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा, एयर इंडिया और विज़ जैसी दुनिया भर की कई एयरलाइनों ने इस सॉफ़्टवेयर अपडेट से अपनी सेवा प्रभावित होने की बात कही है.

    एयर इंडिया ने एयरबस के निर्देश से अपने "निर्धारित ऑपरेशन में देरी" को लेकर ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है.

    एयर इंडिया ने एक्स पर पोस्ट किया, "हमें एयरबस के एक निर्देश के बारे में पता है जो उसके ए320 फ़ैमिली एयरक्राफ़्ट से जुड़ा है. ये अभी एयरलाइन ऑपरेटरों के बीच सर्विस में हैं. इससे हमारे फ्लीट के एक हिस्से में सॉफ्टवेयर/हार्डवेयर रीअलाइनमेंट होगा, जिससे टर्नअराउंड टाइम लंबा होगा और हमारे तय ऑपरेशन्स में देरी होगी."

    इंडिगो ने एक्स पर पोस्ट किया, "एयरबस ने ग्लोबल ए320 फ़्लीट के लिए एक टेक्निकल एडवाइज़री जारी की है. हम सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल के हिसाब से, पूरी मेहनत और सावधानी से अपने एयरक्राफ़्ट पर ज़रूरी अपडेट्स को पूरा कर रहे हैं."

    इंडिगो ने कुछ फ़्लाइट के शेड्यूल में थोड़े बदलाव की बात कही है और यात्रियों से एयरपोर्ट पहुंचने से पहले एयरलाइन के ऐप या वेबसाइट पर फ़्लाइट का स्टेटस चेक करने की अपील की है.

    एयरलाइन ने यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ़्लाइट का स्टेटस चेक करने की अपील की है. मदद के लिए 011-69329333, 011-69329999 पर संपर्क करने को कहा है.

    वहीं ईज़ीजेट का कहना है कि उसने ज़रूरी सॉफ़्टवेयर अपडेट कर लिए हैं और शनिवार को उसकी सभी उड़ानें सामान्य तरीके से चलाए जाने की योजना है.

    लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट का कहना है कि उसके फ़्लाइट ऑपरेशन पर कोई असर नहीं पड़ेगा जबकि गैटविक ने कुछ समस्या की आशंका जताई है.

    ब्रिटेन की परिवहन मंत्री हेइडी अलेक्ज़ेंडर का कहना है कि ब्रिटेन की एयरलाइनों पर इसका प्रभाव सीमित लगता है. उन्होंने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अधिक जानकारी के लिए एयरलाइनों से संपर्क करें.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.