भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ जर्मनी ने पहलगाम और लाल क़िले के नज़दीक हुए हमलों की निंदा की है
भ्रष्टाचार से जुड़ी जांच के बीच ज़ेलेंस्की के नज़दीकी सलाहकार एंड्री यरमक ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
लाइव कवरेज
इफ़्तेख़ार अली
ब्रेकिंग न्यूज़, भ्रष्टाचार से जुड़ी जांच के बीच ज़ेलेंस्की के नज़दीकी सलाहकार ने दिया इस्तीफ़ा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ एंड्री यरमक
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ एंड्री यरमक ने अपने अपार्टमेंट में चल रही भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसी की रेड के बीच पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
रूस के साथ जारी जंग के बीच 54 साल के यरमक ज़ेलेंस्की के सबसे नज़दीकी सलाहकार में से एक रहे हैं. लेकिन ज़ेलेंस्की के शीर्ष अधिकारियों पर 10 करोड़ डॉलर के भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों के बीच आलोचकों की तरफ़ से उनपर भी इस्तीफ़े का दबाव बनाया जा रहा था.
जबकि न तो ज़ेलेंस्की और न ही उनके नज़दीकी यरमक पर अब तक इसमें शामिल होने के आरोप हैं.
हालांकि अब से थोड़ी ही देर पहले यूक्रेन की भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसियों ने यरमक के अपार्टमेंट की तलाशी शुरू की थी.
यरमक का कहना था कि वह इसमें जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं.
झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम ज़िले में आईईडी विस्फोट, एक महिला की मौत और दो हुईं घायल, सरताज आलम, झारखंड से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के इरादे से जंगल में आईईडी बिछाया गया था
पश्चिमी सिंहभूम ज़िला स्थित सारंडा क्षेत्र में हुए आईईडी विस्फोट में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गई हैं.
ज़िला पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि की है.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि "सिक्योरिटी फोर्सेज़ को निशाना बनाने के लक्ष्य से नक्सलियों ने जराईकेला थाना क्षेत्र के जंगल में IED लगा दिया था.”
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के अनुसार आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिलाएं जंगल में वन उत्पाद इकट्ठा करने गई हुई थीं, उसी समय ज़मीन के अंदर मौजूद आईईडी के ऊपर पैर पड़ने से ज़ोरदार विस्फोट हुआ.
जानकारी के अनुसार विस्फोट जराईकेला थाना के कोलबोंगा गांव के पास के एक जंगल में हुआ है. घटना में इसी गांव की 18 वर्षीय फूलों धनवार की मौत हो गई. जबकि 28 वर्षीय सलामी कुंडलना और 35 साल की बरसी धनवार गंभीर रूप से घायल हैं.
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया, "नक्सलियों की तलाश के लिए पुलिस ने इस क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है."
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को भेजी 73 टन जीवनरक्षक दवाओं-वैक्सीन की खेप
इमेज स्रोत, @MEAIndia
इमेज कैप्शन, भारत ने क़ाबुल को 73 टन जीवनरक्षक दवाइयां, वैक्सीन और ज़रूरी पोषक सामग्री भेजी है.
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को मानवीय सहायता पहुंचाई है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया है, ''अफ़ग़ानिस्तान के स्वास्थ्य से जुड़े प्रयासों को मज़बूती देने के लिए भारत ने क़ाबुल को 73 टन जीवनरक्षक दवाइयां, वैक्सीन और ज़रूरी पोषक सामग्री भेजी है, ताकि वहां की चिकित्सा ज़रूरतों को तत्काल पूरा किया जा सके. भारत का अफ़ग़ानिस्तान की जनता के प्रति मज़बूत समर्थन लगातार जारी है.''
भारत की तरफ़ से अफ़ग़ानिस्तान को यह मदद तब भेजी गई है जब पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में तनाव चरम पर है. वहीं अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार और भारत सरकार के बीच निकटता बढ़ी है.
इसी साल अक्तूबर महीने में अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान प्रशासन के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी छह दिन की भारत यात्रा पर आए थे.
अगस्त 2021 में अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद यह तालिबान सरकार के किसी मंत्री की पहली आधिकारिक भारत यात्रा थी.
जर्मनी ने की पहलगाम और लाल क़िले के नज़दीक हुए हमलों की निंदा: भारतीय विदेश मंत्रालय
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत और जर्मनी ने पहलगाम और लाल किले के पास हुए हमले की कड़ी निंदा की है
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ भारत और जर्मनी ने हर तरह के आतंकवाद, ख़ासकर सीमा-पार आतंकवाद की कड़ी निंदा की है.
विदेश मंत्रालय की तरफ़ से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि दोनों देशों ने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और फिर बीते 10 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के लाल किले के पास हुए हमले की भी सख़्त शब्दों में निंदा की है.
बीते 27 नवंबर को नई दिल्ली में भारत-जर्मनी के बीच काउंटर टेररिज़्म यानी आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह की बैठक आयोजित की गई थी.
यह बैठक का दसवां संस्करण था.
बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (काउंटर टेररिज़्म) डॉ. विनोद बहादे ने की. वहीं जर्मनी की ओर से अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, संयुक्त राष्ट्र और हथियार नियंत्रण निदेशालय के निदेशक कोनराड आर्ज़ फ़ॉन स्ट्रॉसनबर्ग शामिल हुए.
भारत की आर्थिक विकास दर बढ़कर 8.2 फ़ीसदी पर पहुंची
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में भारत ने 8.2 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है
भारतीय अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 8.2 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है. बीते वित्त वर्ष इसी तिमाही में ग्रोथ रेट 5.6% दर्ज की गई थी.
वहीं इस वित्त वर्ष की पिछली तिमाही में भारत का विकास दर 7.8% था.
भारत सरकार के सांख्यिकी और योजना क्रियान्वयन मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस तिमाही नॉमिनल जीडीपी में 8.7% दर्ज हुई है.
रिपोर्ट बताती है कि जीडीपी की इस वृद्धि के पीछे मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर की बड़ी भूमिका रही है. इस तिमाही में सेकेंडरी सेक्टर के अंतर्गत मैन्युफैक्चरिंग की ग्रोथ जहां 9.1% दर्ज की गई, वहीं सर्विस सेक्टर में ये 9.2% रही.
पाकिस्तान दौरे पर रूस के ऊर्जा मंत्री, दोनों देशों के बीच इन समझौतों पर बनी सहमति
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस के ऊर्जा मंत्री सर्गेई त्सिविलेव.
रूस के ऊर्जा मंत्री सर्गेई त्सिविलेव पाकिस्तान में हैं. वह यहां 10वें रशिया-पाकिस्तान इंटर गवर्नमेंटल कमिशन में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे.
इस्लामाबाद में व्यापार,आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग पर आयोजित यह बैठक बीते गुरुवार को संपन्न हुई.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने पाकिस्तान के मुख्य अंग्रेज़ी अख़बार 'द डॉन' के हवाले से बताया है कि दोनों ही पक्षों के बीच (पाकिस्तान-रूस) तीन समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं.
यह समझौते गुणवत्ता मानकों में साझेदारी, एंटी-मोनोपोली यानी एकाधिकार के विरुद्ध विनियम और मीडिया क्षेत्र में सहयोग पर हुए हैं.
अरब न्यूज़ के मुताबिक़, रूस और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय व्यापार अब भी 1 अरब डॉलर से कम है, लेकिन इसके बावजूद दोनों देशों ने हाल के वर्षों में ऊर्जा आपूर्ति, इस्पात निर्माण, परिवहन, उच्च शिक्षा और मानवीय सहायता के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं पर काम किया है.
पाकिस्तान प्रेस सूचना विभाग के हवाले से बताया गया है कि दोनों ही देशों ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, निर्यात को डायवर्सेफ़ाई करने और व्यापार पर बातचीत बढ़ाने को लेकर सहमति जताई है.
कर्नाटक कांग्रेस में जारी उठापटक के बीच डीके शिवकुमार बोले, 'पार्टी जब भी मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली बुलाएगी, हम जाएंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार
कर्नाटक कांग्रेस में जारी उठापटक के बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का एक नया बयान सामने आया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए डीके शिवकुमार ने कहा, ''कांग्रेस पार्टी का इतिहास बहुत लंबा है और दिल्ली हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहा है. हम भले ही यहां (कर्नाटक) में सरकार में हों लेकिन आख़िर में हमें कांग्रेस पार्टी की नीतियों और संविधान के अंतर्गत ही काम करना होगा. तो पार्टी जब भी मुख्यमंत्री के साथ मुझे दिल्ली बुलाएगी, हम जाएंगे.
''मेरा समुदाय कांग्रेस है. हां, मैं भले ही एक ख़ास समुदाय से ताल्लुक रखता हूं और वह मुझे पसंद करते हैं, लेकिन मेरा लगाव समाज के हर समुदाय से है, चाहे वह पिछड़ा वर्ग हो, अल्पसंख्यक हो या कोई और. यहां तक कि वोक्कालिगा भी पिछड़े वर्ग से आते हैं.''
इससे पहले गुरुवार को डीके शिवकुमार एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसे कांग्रेस आलाकमान से जोड़कर देखा गया.
डीके शिवकुमार ने लिखा था, ''अपना वचन निभाना दुनिया की सबसे बड़ी ताक़त है. चाहे वह कोई जज हो, राष्ट्रपति हो या कोई और. यहाँ तक कि ख़ुद मैं भी. सभी को अपने कहे पर अमल करना चाहिए. वचन की शक्ति ही विश्व-शक्ति है."
2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से नहीं कहा था कि ढाई साल सिद्धारमैया मुख्यमंत्री रहेंगे और ढाई साल डीके शिवकुमार. लेकिन डीके शिवकुमार ने हाल ही में इस मामले में गोपनीय समझौते की बात कही थी.
ज़ेलेंस्की के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ के अपार्टमेंट की तलाशी, भ्रष्टाचार से जुड़ा है मामला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ एंड्री यरमक.
यूक्रेन की भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसियों ने राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ एंड्री यरमक के अपार्टमेंट की तलाशी शुरू कर दी है.
भ्रष्टाचार-रोधी कुल दो एजेंसियां इस काम में जुटी हैं जिनमें एक नाबू ने पुष्टि की है कि उन्हें जांच पड़ताल करने की मंज़ूरी मिल गई है. उनका कहना है कि जांच से जुड़ी और जानकारी बाद में दी जाएगी.
दरअसल, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की अपने शीर्ष अधिकारियों पर लगे 10 करोड़ डॉलर के भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों का सामना कर रहे हैं.
हालांकि न तो उन पर और न ही उनके नज़दीकी यरमक पर अब तक इसमें शामिल होने के आरोप हैं.
यरमक ने रूस के ख़िलाफ़ जंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और वह अमेरिका के साथ शांति वार्ता में भी यूक्रेन के प्रमुख वार्ताकार हैं.
हालांकि, भ्रष्टाचार से जुड़ी जांच के बीच आलोचक उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उनका पद ख़तरे में माना जा रहा है.
पीएम मोदी ने श्रीलंका में 'दित्वाह' से मची तबाही पर जताया दुख, 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत मदद की भी की घोषणा
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवाती तूफ़ान 'दित्वाह' के कारण अपनों को खोने वाले श्रीलंका के लोगों के प्रति संवेदना ज़ाहिर की है.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है, ''मैं सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, उनके प्रति सांत्वना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. अपने पड़ोसी देश के साथ एकजुटता का भाव रखते हुए, भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत तत्काल राहत सामग्री और ज़रूरी मानवीय सहायता भेजी है. हम स्थिति के अनुसार और अधिक सहायता भेजने के लिए तैयार हैं. भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति और विज़न 'महासागर' के तहत, भारत संकट की इस घड़ी में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है.''
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान के कारण जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना ज़ाहिर की है
श्रीलंका में बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन ने इस हफ़्ते भारी तबाही मचाई है. इसमें कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई है और 21 लोग लापता हैं.
हाल के वर्षों में यह देश की सबसे गंभीर मौसम संबंधी आपदाओं में से एक है.
बहुविवाह ने मुस्लिम महिलाओं से छीना ज़िंदा रहने का बुनियादी हक़: हिमंत बिस्वा सरमा, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री सरमा ने शुक्रवार को छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में कई फ़ायदों की घोषणा की है
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि असम में मुसलमान समुदाय लगभग 20 से 30 विधानसभा सीटों पर विजेता तय करता है. लेकिन कई दशकों तक असम में मुस्लिम बहनें विधायक नहीं बन सकीं.
दरअसल मुख्यमंत्री सरमा असम विधानसभा में गुरुवार को पास हुए असम बहुविवाह निषेध बिल, 2025 पर बोल रहे थे.
सीएम सरमा ने सदन में कहा, " यहां सदन में आज मुस्लिम समुदाय की ओर से बोलने वाला हर व्यक्ति पुरुष है. असम में आज 22 से 35 विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय तय करता है कि कौन विधायक बनेगा. लेकिन सदन ने बीते बहुत सालों से सैयदा अनवरा तैमूर के बाद यहां मुस्लिम महिला को विधायक के तौर पर देखा नहीं है."
उन्होंने कहा," बाल विवाह और बहुविवाह ने असम के मुस्लिम समाज की महिलाओं से उनके ज़िंदा रहने के बुनियादी अधिकारों को भी छीन लिया था."
इमेज स्रोत, @himantabiswa
इमेज कैप्शन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
असम के सीएम ने दावा किया कि, "12 साल की उम्र में लड़कियां मां बन रही थीं. बहुविवाह और बाल विवाह को रोककर हम अपनी बहनों के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना चाहते हैं. "
इस नए क़ानून में अपराध करने वालों के लिए अधिकतम 10 साल की कै़द और माता-पिता, पुजारियों, काजियों और ऐसे विवाहों में मदद करने वाले अन्य लोगों के लिए दो साल तक की कै़द की सज़ा का प्रावधान है.
साल 2021 में राज्य के मुख्यमंत्री बनने के बाद हिमंत बिस्वा सरमा ने बाल विवाह के ख़िलाफ़ भी कड़ी कार्रवाई शुरू की थी, जिसके तहत 8 हज़ार 600 से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया गया था.
लेकिन मुख्यमंत्री की इन कार्रवाई को लेकर कुछ विपक्षी नेता उनपर मुसलमानों को निशाना बनाने के आरोप लगा रहे है.
छात्रों के लिए नई योजनाओं की घोषणा
इस बीच मुख्यमंत्री सरमा ने छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाओं की घोषणा की है.
उन्होंने अपनी घोषणा में कक्षा 9वीं के सभी छात्रों को फ़्री साइकिल देने की बात कही है.
इसके साथ ही कक्षा 10वीं में फ़्री मैट्रिक एग्ज़ाम फ़ॉर्म दिया जाएगा.
सीएम सरमा ने कहा," कॉलेज जाने वाले 11वीं के क़रीब 80 फ़ीसदी छात्रों के लिए फ़्री एडमिशन की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा कक्षा 11वीं में पढ़ने वाली लड़कियों के लिए मुख्यमंत्री नीजूत मोइना स्कीम के तहत एक हज़ार रुपये महीने का स्टाइपेंड उनके बैंक खातों में दिया जाएगा."
साल 2026 में असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होना है.
राहुल गांधी ने दिल्ली की 'ख़राब हवा' पर पीएम मोदी से पूछे सवाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने प्रदूषण की समस्या पर विस्तृत चर्चा की मांग की है,
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद में राजधानी दिल्ली की वायु प्रदूषण की समस्या पर विस्तृत चर्चा की मांग की है और पूछा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस 'हेल्थ इमरजेंसी की स्थिति' पर चुप क्यों हैं.
राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर कुछ माताओं से मुलाक़ात की और उनकी बातचीत का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर शेयर किया.
उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "हर मां जिससे मैं मिलता हूं, वही बात कहती है-उनका बच्चा ज़हरीली हवा में सांस लेते हुए बड़ा हो रहा है. वे थकी हुई हैं, डरी हुई हैं और गुस्से में हैं."
राहुल गांधी ने कहा, "मोदी जी, भारत के बच्चे हमारे सामने घुट रहे हैं. आप कैसे चुप रह सकते हैं? आपकी सरकार इस मुद्दे पर न कोई एक्शन दिखा रही है, न कोई योजना, न कोई जवाबदेही."
उन्होंने कहा कि भारत को वायु प्रदूषण पर तुरंत संसद में विस्तृत बहस की ज़रूरत है और इस हेल्थ इमरजेंसी की स्थिति से निपटने के लिए सख़्त, लागू करने योग्य एक्शन प्लान की ज़रूरत है.
"हमारे बच्चों को बहाने और ध्यान भटकाने वाली बातें नहीं, साफ़ हवा चाहिए."
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक़, दिल्ली में शुक्रवार को भी कई इलाक़ों में एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 350 के पार है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता प्रेरणा रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.
आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
रूस के राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे की तारीख़ की घोषणा हुई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूक्रेन और रूस में जंग शुरू होने के बाद पुतिन पहली बार भारत आ रहे हैं
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चार दिसंबर को भारत आ रहे हैं. राष्ट्रपति पुतिन का दौरा पाँच दिसंबर तक रहेगा.
भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4-5 दिसंबर 2025 को भारत के दौरे पर आएंगे. राष्ट्रपति पुतिन भारत-रूस की 23वीं सालाना शिखर बैठक में शामिल होंगे.
इस दौरे में राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे. साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी उनकी मुलाक़ात होगी.
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि यह यात्रा भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने, रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी.
साथ ही दोनों नेताओं के बीच वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा होगी.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का आख़िरी भारत दौरा दिसंबर 2021 में हुआ था. यानी फ़रवरी 2022 में यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू होने के बाद पुतिन भारत नहीं आए हैं.
यहाँ तक कि सितंबर 2023 में नई दिल्ली में आयोजित जी-20 समिट में भी पुतिन नहीं आए थे.
श्रीलंका में तबाही के बाद भारत की ओर बढ़ा साइक्लोन 'दित्वाह'
इमेज स्रोत, Thilina Kaluthotage/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, श्रीलंका में भारी बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन ने इस हफ़्ते भारी तबाही मचाई है
मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि चक्रवाती तूफ़ान 'दित्वाह' तमिलनाडु के उत्तरी इलाक़ों, पुदुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है.
आईएमडी ने बताया कि तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों, पुदुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाक़ों के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया गया है.
आईएमडी की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, तूफ़ान 'दित्वाह' पिछले छह घंटों में 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है.
तूफ़ान श्रीलंका के तट और बंगाल की खाड़ी से होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और 30 नवंबर की सुबह तक तमिलनाडु, पुदुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटों से टकराएगा.
इससे पहलेश्रीलंका में 'दित्वाह' के कारण भारी बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई है.
बिहार चुनाव: राम माधव ने प्रशांत किशोर की पार्टी पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आरएसएस नेता राम माधव ने प्रशांत किशोर को लेकर सवाल खड़े किए हैं
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के प्रदर्शन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता राम माधव ने प्रतिक्रिया दी है.
जन सुराज को बिहार में एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी.
राम माधव ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "मैं जन सुराज पार्टी की घटना पर टिप्पणी नहीं करना चाहता."
उन्होंने कहा, "मुझे कभी समझ नहीं आया कि पीके ने पार्टी बनाने की कोशिश क्यों की और फिर चुनाव लड़ने से इनकार क्यों कर दिया. अगर नेता ही मैदान से भाग जाए, तो पार्टी कैसे टिक पाएगी?"
प्रशांत किशोर शुरू में चुनाव लड़ने की बात कर रहे थे और उन्होंने चुनावी अभियान का आग़ाज़ तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से किया भी था लेकिन बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फ़ैसला किया.
उत्तर प्रदेश सरकार ने आधार कार्ड को लेकर किया अहम फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जन्म तिथि के प्रमाण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक फ़ैसला लिया है
उत्तर प्रदेश में जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में आधार कार्ड को वैध दस्तावेज़ नहीं माना जाएगा. प्रदेश की नियोजन विभाग ने इसको लेकर सभी विभागों को निर्देश जारी किया है.
बयान में विभागों से कहा गया, "आपसे अनुरोध है कि कृपया आधार कार्ड को जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार न करने का निर्देश जारी करें."
विभाग का कहना है कि आधार कार्ड में जन्मतिथि का कोई प्रमाण पत्र जुड़ा नहीं होता इसलिए जन्मतिथि प्रमाण पत्र के रूप में मान्य नहीं माना जा सकता.
इस फ़ैसले पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "धोखाधड़ी बंद हो जाएगी. सबसे बड़ी बात यह है कि मोहम्मद आज़म ख़ान जैसे लोग अपने बेटे को विधायक बनाने के लिए पैन कार्ड बदलकर उम्र घटा देते हैं, तो ये अच्छा फै़सला है, इसका सभी को स्वागत करना चाहिए."
ऑनलाइन कॉन्टेंट में सेल्फ़-रेगुलेशन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया पर डलने वाले कंटेंट को लेकर प्रतिक्रिया दी है
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर अश्लील, आपत्तिजनक या अवैध सामग्री को नियंत्रित करने के लिए एक 'निष्पक्ष, स्वतंत्र और स्वायत्त' संस्था बनाने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.
लाइव लॉ के मुताबिक़, कोर्ट ने कहा कि मीडिया संस्थानों की ओर से अपनाया जा रहा 'सेल्फ-रेगुलेशन' मॉडल प्रभावी नहीं है.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया और अन्य लोगों की याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी.
ये याचिकाएं 'इंडियाज़ गॉट लेटेंट' शो में अश्लील सामग्री को लेकर दर्ज एफ़आईआर से जुड़ी हैं. कुछ महीने पहले इस शो को लेकर काफ़ी विवाद देखने को मिला था.
लाइव लॉ के मुताबिक़, सुनवाई के दौरान अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि केंद्र सरकार ने कुछ नए दिशानिर्देश प्रस्तावित किए हैं और इस मुद्दे पर संबंधित पक्षों से चर्चा चल रही है.
सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि यह समस्या केवल 'अश्लीलता' तक ही सीमित नहीं है, बल्कि 'यूज़र्स की ओर से बनाए गए कंटेंट (यूजीसी)' में फैले 'झूठ' तक है, जिसे लोग अपने यूट्यूब चैनल या अन्य प्लेटफ़ॉर्म पर डालते हैं.
सीजेआई सूर्यकांत ने हैरानी जताई कि ऐसे कॉन्टेंट क्रिएटर्स के लिए कोई नियम ही नहीं है. उन्होंने कहा, "मैं अपना चैनल बना लूं और मैं किसी के प्रति जवाबदेह न रहूं...किसी न किसी को तो जवाबदेह होना ही चाहिए."
द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, सीजेआई ने कहा, "अभिव्यक्ति के अधिकार का सम्मान होना चाहिए. अगर किसी कार्यक्रम में एडल्ट सामग्री है, तो पहले से चेतावनी दी जानी चाहिए."
अमेरिका: व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी में दो में से एक नेशनल गार्ड की मौत
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, सारा बेकस्ट्रोम उन दो नेशनल गार्ड में से एक थीं जिन्हें बुधवार को फ़ायरिंग के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वॉशिंगटन डीसी में बुधवार को हुई गोलीबारी में घायल नेशनल गार्ड के दो सदस्यों में से एक की मौत हो गई है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार शाम को बताया कि 20 साल की सारा बेकस्ट्रोम की मौत हो गई है.
उनके मुताबिक़, इस हमले में घायल हुए दूसरे नेशनल गार्ड 24 साल के एंड्रू वोल्फ़ 'अपनी ज़िंदगी की लड़ाई लड़ रहे हैं'.
बुधवार को व्हाइट हाउस से कुछ सौ मीटर दूर तैनात दोनों नेशनल गार्ड पर घात लगाकर हमला किया गया था.
पुलिस ने इस मामले में 29 साल के रहमानुल्लाह लकनवाल को गिरफ़्तार किया है, जो अफ़ग़ानिस्तान के रहने वाले हैं.
श्रीलंका में भीषण बाढ़ से कम से कम 56 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो में घरों को बहते हुए दिखाया गया है
श्रीलंका में भारी बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन ने इस हफ़्ते भारी तबाही मचाई है. इसमें कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई है और 21 लोग लापता हैं.
हाल के वर्षों में यह देश की सबसे गंभीर मौसम संबंधी आपदाओं में से एक है.
डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (डीएमसी) के मुताबिक़, श्रीलंका के चाय बागान वाला ज़िला बदुल्ला ज़िले में रात आए भूस्खलन में 21 लोगों की मौत हुई.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि बाढ़ का पानी घरों को बहा ले जा रहा है. प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी शेल्टर्स तैयार किए गए हैं.
वहीं शुक्रवार को और ख़राब मौसम की आशंका से निपटने के लिए श्रीलंका तैयारी कर रहा है, क्योंकि चक्रवात 'दित्वाह' इसकी पूर्वी तट की ओर से आगे बढ़ रहा है.
'दित्वाह' पहले इसके पूर्वी तट के पास एक गहरे दबाव की स्थिति के रूप में शुरू हुआ था. बाद में यह तेज़ी से बढ़कर एक चक्रवात बन गया. बताया जा रहा है कि यह भारत के तट पर लैंडफॉल कर सकता है.
पुतिन ने अमेरिका से बातचीत से पहले यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने पर क्या कहा?, लौरा गोज़ी, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पुतिन ने कहा कि रूस तभी हथियार डालेगा जब यूक्रेन के सैनिक रूस के दावे वाले इलाक़े से हट जाएंगे
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के लिए मुख्य शर्तों को दोहराया है.
उन्होंने कहा कि रूस तभी हथियार डालेगा जब यूक्रेन अपनी सेना उन इलाक़ों से हटा ले, जिन पर रूस दावा करता है.
पुतिन लंबे समय से उन यूक्रेनी इलाक़ों की क़ानूनी मान्यता की मांग करते रहे हैं, जिन्हें रूस ने बलपूर्वक हथिया लिया है.
इनमें 2014 में कब्ज़ा किया गया क्राइमिया और पूर्वी डोनबास क्षेत्र शामिल है, जिसका ज़्यादातर हिस्सा अब रूस के नियंत्रण में है.
यूक्रेन लगातार डोनबास को छोड़ने से इनकार करता रहा है.
पुतिन के भाषण के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने युद्ध को वास्तव में ख़त्म करने के प्रयासों को 'नज़रअंदाज़' किया है.
पत्रकारों से कीर्गिस्तान की यात्रा के दौरान बात करते हुए पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन 'आख़िरी यूक्रेनी तक लड़ने' की इच्छा रखता है. उन्होंने कहा कि रूस भी 'सिद्धांत रूप में' इसके लिए तैयार है.
इससे पहले रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध ख़त्म करने को लेकर ज़ेलेंस्की ने कहा था कि पीस डील पर अमेरिका के साथ 'सहमति' बन गई है.
पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से 28 बिंदुओं वाले एक पीस प्लान का प्रस्ताव दिया गया था जिस पर पिछले सप्ताहांत जिनेवा में चर्चा हुई और इसे 'अपडेट' किया गया था.
वहीं पुतिन ने इस बात की पुष्टि की है कि अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ सहित एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल अगले हफ़्ते की शुरुआत में रूस पहुंचने वाला है.