पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और म्यांमार में दूतावास बंद करेगा फ़िनलैंड

दूतावासों को बंद करने का फ़ैसला फ़िनलैंड के राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेश के बाद लिया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पन्ने को विराम देने का वक़्त आ गया है. देश और दुनिया की ख़बरों के साथ कल फिर हाज़िर होंगे.

    आज की कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए इन लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं.

    असम के विधायक अमीनुल इस्लाम को सात महीने जेल में क्यों गुज़ारने पड़े?

    पुतिन की भारत यात्रा क्यों है अहम और विदेशी मीडिया इस पर क्या लिख रहा है

  2. पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और म्यांमार में दूतावास बंद करेगा फ़िनलैंड

    राष्ट्रपति एलेक्ज़ेंडर स्टब

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़िनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्ज़ेंडर स्टब के आदेश के बाद ये फ़ैसला लिया गया है

    पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और म्यांमार में मौजूद अपने दूतावासों को फ़िनलैंड बंद कर रहा है.

    विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया है कि योजना के मुताबिक़ साल 2026 में इन देशों में मौजूद दूतावासों को बंद किया जाएगा.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, रणनीतिक समीक्षा के बाद यह फ़ैसला लिया गया है. दूतावासों को बंद करने का फ़ैसला फ़िनलैंड के राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेश के बाद लिया गया है.

    मंत्रालय के मुताबिक़, इन दूतावासों को ऑपरेशनल वजहों से बंद किया जा रहा है. इन देशों की राजनीतिक स्थिति में आए बदलावों और फ़िनलैंड के साथ उनके सीमित वाणिज्यिक और आर्थिक संबंधों से जुड़ीं वजहें भी इसमें शामिल हैं.

    वहीं, फ़िनलैंड अमेरिका में उपस्थिति बढ़ाने के लिए ह्यूस्टन में अपना कॉन्सुलेट जनरल खोलने जा रहा है.

  3. रूसी हमलों के बाद कीएव में 6 लाख से ज़्यादा लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा

    कीएव में रूसी हमलों के बाद का मंज़र

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अधिकारियों ने बताया कि रात में यूक्रेन पर क़रीब 36 मिसाइलें और 600 ड्रोन्स दागे गए

    रूस ने शुक्रवार की रात को यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया है. हमले के बाद शनिवार की सुबह यूक्रेन की राजधानी कीएव में 6 लाख से ज़्यादा लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा.

    यूक्रेन के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि इनमें से 5 लाख से ज़्यादा लोग सिर्फ़ राजधानी कीएव में थे. वहीं बाकी लोग आसपास के इलाक़ों में थे.

    मंत्रालय के मुताबिक़, शहर और कई दूसरे इलाक़ों में एनर्जी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया, जिससे बिजली की सप्लाई ठप हो गई.

    अधिकारियों ने बताया कि रात में यूक्रेन पर क़रीब 36 मिसाइलें और 600 ड्रोन्स दागे गए, जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं.

    अमेरिका की अगुवाई में शांति समझौते के प्रयासों के बावजूद, रूस ने सर्दियों से पहले यूक्रेन के सिविलियन और एनर्जी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हमले तेज़ कर दिए हैं.

  4. श्रीलंका में दित्वाह तूफ़ान के बाद से अब तक 153 की मौत, आपातकाल घोषित किया गया

    श्रीलंका में तूफ़ान, बारिश और बाढ़ से भारी तबाही

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, श्रीलंका में आपातकाल घोषित कर दिया गया है

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह की वजह से हुई भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 153 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 191 लोग लापता हैं.

    राष्ट्रपति कार्यालय के मीडिया डिवीज़न के डायरेक्टर जनरल प्रसन्ना परेरा ने कहा कि पूरे द्वीप पर आपातकाल घोषित कर दिया गया है. बीबीसी सिंहला सेवा से उन्होंने इसकी पुष्टि की है.

    एनडीआरएफ़ के डीआईजी मोहसेन शाहेदी ने बताया कि श्रीलंका की मदद के लिए भारत ने एनडीआरएफ़ की दो टीमें भेजी हैं.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, “श्रीलंका, भारत का सबसे नज़दीकी समुद्री पड़ोसी देश है, जो बाढ़ और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हुआ है.”

    उन्होंने आगे बताया, "प्रधानमंत्री कार्यालय ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 80 बचावकर्मियों वाली एनडीआरएफ़ की दो टीमें भेजी हैं. लगभग 27 टन राहत सामग्री एयरलिफ्ट कर कोलंबो भेजी गई है और समुद्र के रास्ते भी भेजी जा रही है, ताकि उसे ज़रूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके.”

  5. एंथनी अल्बनीज़ पद पर रहते हुए शादी करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री बने

    पीएम एंथनी अल्बनीज़ और उनकी पत्नी हेडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज़ और उनकी पत्नी हेडन

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने अपनी पार्टनर जोडी हेडन से शादी कर ली है है.

    अल्बनीज़ पद पर रहते शादी करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री बन गए हैं.

    47 साल की हेडन और 62 साल के अल्बनीज़ पहली बार साल 2020 में मिले थे. हेडन फाइनेंशियल सर्विस इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं.

    बीते साल वैलंटाइंस डे पर दोनों ने सगाई की थी. वहीं इस शादी में अल्बनीज़ की पिछली शादी से हुए बेटे भी शामिल हुए.

    पीएम अल्बनीज़ ने एक बयान में कहा, “हम अपने परिवार और क़रीबी दोस्तों के सामने, अपने प्यार और भविष्य में एक साथ जीवन बिताने के कमिटमेंट को साझा करते हुए बेहद ख़ुश हैं."

  6. पाकिस्तान की सेना बोली- अगर अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवादी पाकिस्तानी हैं, तो हमें सौंप दे, बीबीसी उर्दू

    लेफ़्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़

    इमेज स्रोत, PTV

    इमेज कैप्शन, लेफ़्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ बोले- हम अफ़ग़ान तालिबान शासन से मांग करते हैं कि वो आतंकवादियों को सुविधा देना बंद करे

    पाकिस्तान की सेना के डीजी आईएसपीआर लेफ़्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ ने कहा है कि 'अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवादी केंद्र हैं' और अल-क़ायदा और आईएसआईएस सहित विभिन्न आतंकी संगठनों का लीडरशिप मौजूद है.

    उन्होंने कहा, "हम अफ़ग़ान तालिबान शासन से मांग करते हैं कि वो आतंकवादियों को सुविधा देना बंद करे."

    जनरल अहमद शरीफ़ ने कहा कि तालिबान के इस दावे में कोई दम नहीं है कि प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के सदस्य, पाकिस्तान के नागरिक हैं, और यहां से पलायन कर के गए हैं, अगर वो पाकिस्तानी हैं, तो उन्हें पाकिस्तान को सौंप दिया जाना चाहिए.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका और नेटो सेनाएं जब अफ़ग़ानिस्तान से वापस लौटीं तो वहां सात अरब डॉलर से अधिक मूल्य के हथियार छोड़ गईं और अब उन्हीं हथियारों का इस्तेमाल आतंकवाद में किया जा रहा है.

    पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान में हमले बढ़े हैं और पाकिस्तान इसके लिए आफ़ग़ानिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराता है. वहीं अफ़ग़ानिस्तान इन आरोपों से इनकार करता है.

  7. एनआईए कोर्ट ने लखनऊ अल-क़ायदा टेरर कॉन्स्पीरेसी केस में दो को दोषी पाया

    NIA

    इमेज स्रोत, NIA

    इमेज कैप्शन, दोषी पाए गए मोहम्मद मुस्तक़ीम और शकील दोनों लखनऊ के रहने वाले हैं

    नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए की एक स्पेशल कोर्ट ने दो और अभियुक्तों को लखनऊ अल-क़ायदा टेरर कॉन्स्पीरेसी केस में दोषी ठहराया है.

    मोहम्मद मुस्तक़ीम और शकील दोनों लखनऊ के रहने वाले हैं. स्पेशल कोर्ट ने दोनों को आर्म्स एक्ट के सेक्शन 25(1बी)(ए) और आईपीसी के सेक्शन 120बी के तहत सज़ा सुनाई है.

    लखनऊ की स्पेशल कोर्ट ने दोनों को 20 महीने जेल की सज़ा सुनाई है. साथ ही पांच-पांच हज़ार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. एनआईए ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.

    इससे पहले 30 अक्तूबर 2025 को कोर्ट ने इस केस में एक और अभियुक्त मोहम्मद मोइद को दोषी ठहराया था.

    एनआईए के मुताबिक़, ये मामला अल-क़ायदा जैसे प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन के दो सदस्यों की गिरफ़्तारी से जुड़ा था. यूपी एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड ने 11 जुलाई 2021 को उन दो लोगों को उस सूचना के आधार पर गिरफ़्तार किया था, जिसमें पता चला था कि अल-क़ायदा का एक सदस्य उमर हलमंदी लखनऊ में अल-क़ायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट के लिए लोगों को कट्टरपंथी बनाने और भर्ती करने में लगा हुआ है.

    जांच पूरी होने के बाद, एनआईए ने इस मामले में गिरफ़्तार किए गए कुल छह अभियुक्तों के ख़िलाफ़ एक मुख्य और एक अतिरिक्त चार्जशीट दाख़िल की थी.

  8. ईडी ने ज़ब्त की मनोज परमार और दूसरे अभियुक्तों की 2 करोड़ की संपत्ति

    मनोज परमार और नेहा परमार
    इमेज कैप्शन, मनोज परमार और नेहा परमार (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मनोज परमार और दूसरे अभियुक्तों से संबंधित क़रीब 2 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की है. ये वही मनोज परमार हैं, जिन्होंने ईडी की रेड के बाद पिछले साल 23 दिसंबर को अपनी पत्नी के साथ आत्महत्या कर ली थी.

    शुक्रवार को ईडी के भोपाल ज़ोनल ऑफिस ने प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट यानी पीएमएलए 2002 के प्रावधानों के तहत मनोज परमार और दूसरे अभियुक्तों की करीब 2.08 करोड़ रुपये की 12 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से ज़ब्त किया है. ये संपत्ति मध्य प्रदेश के आष्टा और सीहोर से ज़ब्त की गई हैं.

    ईडी की जांच में पता चला कि मनोज परमार ने पंजाब नेशनल बैंक के उस समय के ब्रांच मैनेजर की मदद से दो सरकारी स्कीमों, प्रधानमंत्री एम्प्लॉयमेंट जेनरेशन प्रोग्राम और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत धोखाधड़ी से लोन लिए. साल 2016 में नकली एप्लीकेंट, जाली डॉक्यूमेंट और नकली कोटेशन का इस्तेमाल करके 6.20 करोड़ रुपये के कुल 18 लोन मंजूर किए गए. इनमें से 6.01 करोड़ रुपये असल में दिए गए.

    साथ ही ईडी की जांच में पता चला है कि बैंक के लोन देने वाले नियमों को नज़रअंदाज़ किया गया.

    साल 2023 में पहली बार मनोज परमार और उनका परिवार सुर्खियों में उस समय आया था जब उनके बच्चों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान उन्हें एक गुल्लक भेंट की थी.

    सुसाइड के बाद मनोज परमार के घर एक पत्र बरामद हुआ था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि ईडी के अधिकारी उन पर बीजेपी में शामिल होने के लिए दबाव बना रहे थे.

    महत्वपूर्ण जानकारी-

    मानसिक समस्याओं का इलाज दवा और थेरेपी से संभव है. इसके लिए आपको मनोचिकित्सक से मदद लेनी चाहिए, आप इन हेल्पलाइन से भी संपर्क कर सकते हैं-

    समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की हेल्पलाइन- 1800-599-0019 (13 भाषाओं में उपलब्ध)

    इंस्टीट्यूट ऑफ़ ह्यमून बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज-9868396824, 9868396841, 011-22574820

    हितगुज हेल्पलाइन, मुंबई- 022- 24131212

    नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंस-080 - 26995000

  9. एसआईआर के काम में लगे बीएलओ की मौतों पर अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से कही ये बात

    सपा प्रमुख अख़िलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एसआईआर के काम में लगे बीएलओ की मौतों पर अखिलेश यादव ने बयान दिया है

    स्पेशल इन्टेंशिव रिविज़न यानी एसआईआर के काम में लगे कर्मचारियों की मौत की लगातार ख़बरें आ रही हैं. उत्तर प्रदेश में एसआईआर के काम में लगे दो कर्मचारियों की मंगलवार को मौत हो गई थी.

    इस पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "जब मैं कल रात फतेहपुर में सुपरवाइज़र के परिवार वालों से मिलने गया, जिनकी एसआईआर के दौरान मौत हो गई थी, तो परिवार ने मुझे बताया कि उन पर सरकार की तरफ़ से प्रॉसेस जल्दी पूरा करने का बहुत ज़्यादा दबाव बनाया जा रहा था. इसलिए उन्होंने सुसाइड कर लिया.”

    अखिलेश यादव ने कहा, “इतनी जल्दी क्या है? पश्चिम बंगाल के लोग भी कह रहे हैं कि चुनाव आयोग के हाथ ख़ून से सने हैं. एसआईआर प्रॉसेस के दौरान मर रहे चुनाव आयोग के कर्मचारियों की मदद कौन करेगा? चुनाव आयोग को आगे आकर मदद करनी चाहिए."

    दरअसल उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर ज़िले में एसआईआर के काम में लगे लेखपाल सुधीर कुमार कोरी ने अपनी शादी से एक दिन पहले आत्महत्या कर ली थी.

    महत्वपूर्ण जानकारी-

    मानसिक समस्याओं का इलाज दवा और थेरेपी से संभव है. इसके लिए आपको मनोचिकित्सक से मदद लेनी चाहिए, आप इन हेल्पलाइन से भी संपर्क कर सकते हैं-

    समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की हेल्पलाइन- 1800-599-0019 (13 भाषाओं में उपलब्ध)

    इंस्टीट्यूट ऑफ़ ह्यमून बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज-9868396824, 9868396841, 011-22574820

    हितगुज हेल्पलाइन, मुंबई- 022- 24131212

    नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंस-080 - 26995000

  10. एनएसए हटने के बाद असम के विधायक अमीनुल इस्लाम ने सीएम हिमंत पर क्या कहा?

    एआईयूडीएफ़ विधायक अमिनुल इस्लाम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विधायक अमीनुल इस्लाम बोले- "यह मौजूदा बीजेपी सरकार की ज़्यादती है"

    ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ़्रंट यानी एआईयूडीएफ़ के विधायक अमीनुल इस्लाम पर लगे नेशनल सिक्योरिटी एक्ट यानी एनएसए को गौहाटी हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया था और कोई दूसरा केस न होने पर उन्हें रिहा करने का आदेश दिया था.

    रिहा होने के बाद अमीनुल इस्लाम ने कहा, "यह मौजूदा बीजेपी सरकार की ज़्यादती है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ख़ुद को एक राजा समझते हैं. राज्य के एक डॉन की तरह वो जो चाहें, जब चाहें, जैसे चाहें, वैसा कर सकते हैं. बिना किसी वजह के, बिना किसी सही कारण के, उन्होंने 14 मई को मुझे एनएसए के तहत गिरफ्तार किया.”

    उन्होंने कहा, “इससे पहले, पहलगाम हमले पर दिए मेरे बयान को लेकर मुझे नगांव सदर थाने में दर्ज एक केस में पकड़ा गया था. मेरे बयान की जांच के बाद, नगांव कोर्ट ने 15 दिनों के अंदर मुझे ज़मानत दे दी. लेकिन उसी दिन, राज्य सरकार ने मुझे रिहा करने से मना कर दिया और आदेश जारी किया कि मुझे एनएसए के तहत हिरासत में रखा जाए."

    "उनका कहना था कि अगर मैं बाहर आया तो ‘सामाजिक सौहार्द’ बिगड़ जाएगा. लेकिन यह सब सिर्फ़ सरकार की बदले की कार्रवाई थी, क्योंकि मैंने पिछले बजट सत्र में सरकार की कड़ी आलोचना की थी.”

    विधायक इस्लाम ने गौहाटी हाई कोर्ट का भी आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा, “मैं गौहाटी हाई कोर्ट का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे न्याय दिया. परसों कोर्ट ने फ़ैसला सुनाया कि मेरा डिटेंशन ऑर्डर ग़लत था, मुझे बिना किसी सही वजह के हिरासत में रखा गया था, और कोर्ट ने सरकार को तुरंत मुझे रिहा करने का आदेश दिया."

    दरअसल विधायक इस्लाम ने पहलगाम हमले के बाद बयान देते हुए कहा था कि ये हमला सरकार की साज़िश है. जिसके बाद उन्हें गिरफ़्तार किया गया था.

  11. हांगकांग के अपार्टमेंट ब्लॉक्स में भीषण आग की घटना के बाद तीन दिन का शोक शुरू, टैबी विल्सन, बीबीसी न्यूज़

    हांगकांग

    इमेज स्रोत, Peter PARKS / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कई टावर में लगी आग में कम से कम 128 लोगों की मौत हुई है

    हांगकांग के अधिकारियों ने शहर में लगभग 80 साल में लगी सबसे भीषण आग में मारे गए लोगों की याद में तीन दिन के शोक की शुरुआत में तीन मिनट का मौन रखा.

    बुधवार को कई टावर ब्लॉकों में लगी आग में कम से कम 128 लोगों की मौत हुई है. सैकड़ों लोग अभी भी लापता हैं.

    हांगकांग के अपार्टमेंट ब्लॉक्स में लगी भीषण आग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हांगकांग के अपार्टमेंट ब्लॉक्स में बुधवार को भीषण आग लगी थी

    ब्लॉक में चल रहे मरम्मत के कामों में भ्रष्टाचार के शक में आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इससे पहले तीन अन्य लोगों को हत्या के आरोप में हिरासत में लिया गया था.

    शनिवार सुबह शहर के नेताओं और अधिकारियों ने शोक सभा में हिस्सा लिया. इस दुर्घटना के मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहर में कई जगह मेमोरियल पॉइंट्स बनाए गए हैं.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  13. श्रीलंका में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह

    इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेलम्पिटिया में भारी बारिश के बाद के हालात

    श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने वहां फंसे अपने नागरिकों के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी किया है.

    भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर पोस्ट किया, "श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग कोलंबो के भंडारानायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक इमरजेंसी हेल्प डेस्क बना रहा है. श्रीलंका के एयरपोर्ट या श्रीलंका के किसी भी हिस्से में कोई भी परेशान भारतीय नागरिक इमरजेंसी नंबर + 94773727832 पर संपर्क कर सकता है (वॉट्सएप के लिए भी)."

    "भारतीय उच्चायोग भंडारानायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंसे भारतीय यात्रियों को खाना और पानी सहित सभी ज़रूरी मदद दे रहा है."

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 123 लोगों की मौत हुई है, जबकि 130 लोग अभी लापता हैं. ये जानकारी श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (डीएमसी) ने शनिवार को दी.

  14. पश्चिम बंगाल: ममता सरकार ने नए वक़्फ़ संशोधन क़ानून को दी मंज़ूरी

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    पश्चिम बंगाल बीजेपी ने वक़्फ़ संशोधन कानून को लेकर टीएमसी सरकार पर निशाना साधा है.

    पश्चिम बंगाल बीजेपी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "उन्होंने (ममता बनर्जी ने) शुरू में वक़्फ़ संशोधन का विरोध किया था. महीनों बाद, उनकी सरकार ने भारत सरकार के संशोधित वक़्फ़ कानून को स्वीकार कर लिया है."

    पश्चिम बंगाल में नये वक़्फ़ संशोधन कानून को मंज़ूरी दे दी गई है. राज्य के अल्पसंख्यक विकास विभाग ने ज़िला अधिकारियों को 5 दिसंबर तक 82 हज़ार वक़्फ़ संपत्तियों की जानकारी सेंट्रल पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया है.

    वक़्फ़ संशोधन विधेयक, 2025 इस साल अप्रैल में संसद के दोनों सदनों से पास हुआ था.

    गुरुवार को सभी डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट को लिखे एक पत्र में, पश्चिम बंगाल अल्पसंख्यक विकास विभाग ने तय समयसीमा तक राज्य की वक़्फ़ संपत्तियों की ज़िलेवार जानकारी सेंट्रल पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया है.

    इस फ़ैसले को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि वह राज्य में नए कानून को लागू नहीं होने देंगी.

  15. यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा- रूस ने रिहायशी इलाक़ों को बनाया निशाना, यांग तियान, बीबीसी न्यूज़

    रूस-यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शनिवार को शहर में जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है और सात लोग घायल हुए हैं. यह जानकारी शहर के अधिकारियों ने दी.

    शनिवार तड़के कई ज़िलों में रिहायशी इमारतों पर हमले हुए और पूरे शहर में जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं.

    कीएव के मेयर विटाली क्लित्सको ने कहा कि घायलों में एक 13 साल का बच्चा भी शामिल है और चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले इसी हफ़्ते कीएव पर हुए ऐसे ही हमले में सात लोगों की मौत हुई थी.

    रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक शांति प्रस्ताव की पेशकश की है, जिस पर यूक्रेन ने कुछ बदलाव की मांग की है. इसे लेकर यूक्रेन के अधिकारी इस हफ़्ते अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत की तैयारी में हैं.

  16. कर्नाटक: सिद्धारमैया से मिलने के बाद डीके शिवकुमार ने क्या कहा?

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और सीएम सिद्धारमैया की प्रेस कॉन्फ़्रेंस

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की शनिवार को मुलाकात हुई. इसके बाद दोनों ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की.

    सीएम सिद्धारमैया ने कहा, "हमने तय किया है कि हाईकमान जो भी कहेगा, हम मानेंगे. कल से कोई कन्फ़्यूज़न नहीं होगा. अभी भी कोई कन्फ़्यूज़न नहीं है. कुछ मीडिया रिपोर्टर्स ने कन्फ़्यूज़न पैदा किया है."

    उन्होंने कहा, "हमारे बीच कोई मतभेद नहीं हैं और भविष्य में भी कोई मतभेद नहीं होंगे...हमारा एजेंडा 2028 के चुनाव हैं. स्थानीय निकाय चुनाव ज़रूरी हैं. हमने उन पर चर्चा की. हमने 2028 के चुनावों में कांग्रेस को वापस लाने पर भी चर्चा की. हमने चर्चा की कि हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे."

    डीके शिवकुमार ने भी पार्टी हाईकमान की बात मानने की बात दोहराई.

    उन्होंने कहा, "जहां तक ​​नेतृत्व की बात है, यह पार्टी हाईकमान को तय करना है. वे जो भी कहेंगे, हम मानेंगे. हम पार्टी के वफ़ादार सिपाही हैं. पार्टी देश में मुश्किल दौर से गुज़र रही है, लेकिन हमें भरोसा है कि कर्नाटक में हम 2028 में अपनी जीत दोहराएंगे और मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की नेतृत्व में आगे बढ़ेंगे."

    कुछ विधायकों के दिल्ली जाने का ज़िक्र करते हुए सीएम सिद्धारमैया ने कहा, "जहां तक ​​मुझे पता है, कुछ विधायक मंत्री बनना चाहते हैं, इसलिए वे हाईकमान से मिलने गए होंगे. इसका मतलब यह नहीं है कि वे नेतृत्व के ख़िलाफ़ हैं. उनमें से कुछ ने मुझसे बात की और बताया कि वे दिल्ली क्यों गए थे."

    सीएम सिद्धारमैया ने डीके शिवकुमार को अपने आवास पर नाश्ते के लिए आमंत्रित किया था.

    इस मुलाक़ात के बाद सीएम सिद्धारमैया ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज सुबह उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ नाश्ता किया और थोड़ी बातचीत हुई."

    वहीं डीके शिवकुमार ने एक्स पर लिखा, "आज सुबह ब्रेकफ़ास्ट मीटिंग के लिए कावेरी रेज़िडेंस पर सीएम सिद्धारमैया से मुलाकात हुई. कर्नाटक की प्राथमिकताओं और आगे के रास्ते पर अच्छी चर्चा हुई."

  17. श्रीलंका में दित्वाह साइक्लोन की तबाही तस्वीरों में देखिए, 123 लोगों की मौत

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण हुई बारिश के बाद बाढ़

    इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 28 नवंबर, 2025 को कोलंबो के कडुवेला में भारी बारिश के बाद बाढ़ के पानी में एक आदमी

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 123 लोगों की मौत हुई है, जबकि 130 लोग अभी लापता हैं.

    ये जानकारी श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (डीएमसी) ने शनिवार को दी.

    श्रीलंका

    इमेज स्रोत, Tharaka Basnayaka/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोलंबो के कडुवेला शहर में सड़कों पर भरा पानी (28 नवंबर, 2025 की तस्वीर)

    डीएमसी के डायरेक्टर जनरल संपत कोटुवेगोडा ने कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है.

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण हुई बारिश

    इमेज स्रोत, S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 28 नवंबर, 2025 को कोलंबो में भारी बारिश के बाद सड़क पर गिरे एक पेड़ के पास खड़े पुलिसकर्मी

    उनके मुताबिक़ एक हफ़्ते तक हुई भारी बारिश में लोगों के घर तबाह हो गए, जिसके बाद लगभग 43,995 लोगों को सरकारी सेंटर्स में शिफ़्ट किया गया है.

    श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह के कारण हुई बारिश

    इमेज स्रोत, Krishan Kariyawasam/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोलंबो में भारी बारिश के बाद कई लोग बाढ़ के पानी में अपना सामान लेकर जाते हुए (28 नवंबर, 2025 की तस्वीर)

    कोटुवेगोडा ने कोलंबो में पत्रकारों से कहा, "सेना की मदद से राहत अभियान चल रहे हैं."

  18. एयरबस सॉफ़्टवेयर अपडेट: सोलर रेडिएशन विमान की इलेक्ट्रॉनिक्स को कैसे प्रभावित करते हैं?

    एयरबस सॉफ़्टवेयर अपडेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस ने अपने हज़ारों ए320 विमानों के लिए सॉफ़्टवेयर अपडेट की घोषणा की है. दरअसल एयरबस ने फ़्लाइट कंट्रोल कम्प्यूटर पर सोलर रेडिएशन के संभावित असर को रोकने के लिए ऐसा किया है.

    इससे दुनिया भर में एयरबस के हज़ारों ए320 विमानों का ऑपरेशन प्रभावित हुआ है. ऐसा माना जा रहा है कि ज़्यादातर विमान सॉफ़्टवेयर अपडेट के बाद फ़िर से उड़ान भरने लगेंगे.

    इस अपडेट के कारण दुनिया भर में कई उड़ाने रद्द की गई हैं, कई विमान देरी से उड़ान भर रहे हैं.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ जापान की ऑल निप्पॉन एयरवेज़ (एएनए) ने शनिवार को 65 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं.

    क़्वांटास एयरवेज़ के पूर्व कैप्टन डॉ. इयान गेटली, जिनके पास एविएशन में कॉस्मिक और सोलर रेडिएशन पर पीएचडी है, कहते हैं कि उड़ानों पर कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) का असर पड़ सकता है. सीएमई वह स्थिति है, जब सूरज से प्लाज़्मा निकलता है.

    सीएमई के दौरान सूरज से निकले चार्ज़्ड कण पृथ्वी के वायुमंडल तक पहुंचते हैं. ये कण ऊपरी वायुमंडल में और ज्यादा चार्ज़्ड कण पैदा करते हैं, जो विमान के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को प्रभावित कर सकते हैं.

    गेटली बताते हैं कि सीएमई जितना ज़्यादा गंभीर होता है, उपग्रहों और 28 हज़ार फ़ीट (8.5 किमी) से ऊपर उड़ रहे विमानों के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में दिक्कत आने की आशंका उतनी ही अधिक होती है.

  19. कर्नाटक: सीएम सिद्धारमैया से मिले डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार

    कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार

    कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया बनाम उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की लड़ाई में थोड़ी नरमी आती दिख रही है.

    शनिवार को कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से उनके घर पर मुलाकात की. सीएम सिद्धारमैया ने उन्हें आज नाश्ते पर बुलाया है.

    कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इससे पहले, शुक्रवार को सीएम सिद्धारमैया ने कहा था कि उन्हें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जो कहेगा, वही करेंगे.

    सिद्धारमैया ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट किया था, "मेरे रुख़ में कोई बदलाव नहीं है. मैंने पहले ही बता दिया है कि पार्टी हाईकमान जो कहेगा, मैं उसी हिसाब से काम करूंगा."

    उन्होंने लिखा, "पार्टी ने मुझे और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को मिलने के लिए कहा है. इसलिए, मैंने उन्हें लंच पर बुलाया है, जहां हम बात करेंगे. डी.के. शिवकुमार ने कहा है कि वह हाईकमान की बात मानेंगे. अगर हाईकमान मुझे नई दिल्ली बुलाता है, तो मैं जाऊंगा."

  20. चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह से प्रभावित श्रीलंका में भारत ने पहुंचाई 12 टन राहत सामग्री

    ऑपरेशन सागरबंधु

    इमेज स्रोत, X/@DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, भारत ने श्रीलंका की मदद के लिए 'ऑपरेशन सागर बंधु' चलाया है

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जानकारी दी है कि चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह से प्रभावित श्रीलंका के लिए भारत ने अब तक 12 टन राहत सामग्री पहुंचाई है.

    एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, "ऑपरेशन सागरबंधु शुरू हुआ. भारतीय वायुसेना का सी-130 विमान लगभग 12 टन मानवीय मदद लेकर कोलंबो पहुंचा, जिसमें टेंट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट और खाने की चीज़ें शामिल हैं."

    ऑपरेशन सागरबंधु

    इमेज स्रोत, X/@DrSJaishankar

    श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (डीएमसी) ने शनिवार सुबह 6 बजे तक 69 लोगों की मौत की पुष्टि की है जबकि कम से कम 34 लोगों का अभी तक पता नहीं चला है.

    डीएमसी के मुताबिक़ इस आपदा से लगभग 61 हज़ार परिवारों के दो लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं.