इसराइल ने ग़ज़ा में नाकाबंदी को लेकर अब क्या कहा है
इसराइल ने कहा है कि वह ग़ज़ा में 'बुनियादी मात्रा में भोजन' जाने की मंज़ूरी देगा, ताकि 10 हफ्ते की नाकाबंदी के बाद वहां भुखमरी का संकट न पैदा हो.
इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह कदम इसराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) की सिफ़ारिश पर और हमास के ख़िलाफ़ उसके नए सैन्य हमले का समर्थन करने की ज़रूरत के आधार पर उठाया गया है.
इस घोषणा से पहले इसराइली सेना ने कहा था कि उसने ग़ज़ा में 'व्यापक ज़मीनी अभियान' शुरू कर दिया है.
अपनी नाकाबंदी के दौरान इसराइल ने ग़ज़ा में खाना, ईंधन और दवाइयों तक की एंट्री पर रोक लगाई है. इसराइल पर ये नाकाबंदी हटाने का दबाव बढ़ रहा है.
कई सहायता एजेंसियों ने ग़ज़ा की 21 लाख आबादी के बीच भुखमरी के ख़तरे को लेकर चेतावनी दी है.