नीदरलैंड्स सरकार ने चीन के स्वामित्व वाली चिप कंपनी में दख़लंदाज़ी को निलंबित किया

डच सरकार ने नीदरलैंड्स में चीन के स्वामित्व वाली चिप निर्माता कंपनी नेक्सपेरिया में अपनी दखलंदाज़ी को निलंबित कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, संदीप राय

  1. कांग्रेस ने कहा- ये 60वीं बार है, पीएम मोदी चुप क्यों हैं?

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अपनी 'चुप्पी' तोड़नी चाहिए

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के दावे दोहराने के बाद कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

    ट्रंप ने मंगलवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ हुई बैठक में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के अपने दावे को दोहराया.

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "ट्रंप ने 60वीं बार कहा है कि उनकी वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच में युद्ध रोका गया. भारत को ऑपरेशन सिंदूर रोकना पड़ा. 60 बार उन्होंने दोहराया है और हमारे प्रधानमंत्री चुप हैं."

    जयराम रमेश ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप 60 बार कहते हैं कि मेरी वजह से ऑपरेशन सिंदूर रोका गया क्योंकि मैंने व्यापार समझौते को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया, पर हमारे प्रधानमंत्री चुप हैं."

    "मुझे समझ नहीं आता, क्यों डरे हुए हैं? किस बात से डरे हुए हैं? क्यों नहीं खुलकर कहते कि राष्ट्रपति ट्रंप गलत कह रहे हैं. प्रधानमंत्री को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए."

  2. बिहार कैबिनेट में जगह के सवाल पर क्या बोलीं मैथिली ठाकुर?

    मैथिली ठाकुर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मैथिली ठाकुर ने अलीनगर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है

    बिहार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक बुधवार को विधायक दल की बैठक में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं.

    इस मौक़े पर अलीनगर विधानसभा सीट जीतने वाली लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर से सवाल किया गया कि कैबिनेट में जगह को लेकर क्या उन्हें कुछ उम्मीद है?

    मैथिली ठाकुर ने जवाब दिया, "मुझे जो पार्टी आदेश करेगी, वो मैं करूंगी और अभी मैं बहुत खुश हूं कि मुझे ये सौभाग्य मिला."

    अलीनगर का नाम बदले जाने के सवाल पर मैथिली ठाकुर ने कहा, "अभी बहुत सी चीज़ें करनी है...पहले हम लोग शपथ ग्रहण कर लें, उसके बाद हम लोग एक-एक करके चीज़ें करना शुरू करेंगे, अपडेट करते रहेंगे."

  3. बिहार: आज सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे नीतीश कुमार

    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार कल बिहार के सीएम पद की शपथ लेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया है कि नीतीश कुमार को आज जेडीयू विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा.

    संजय कुमार झा ने कहा, "आज जेडीयू विधायक दल की बैठक है, जिसमें नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा. दोपहर तीन बजे एनडीए विधायक दल की बैठक है, वहां उन्हें (नीतीश कुमार को) नेता चुना जाएगा."

    उन्होंने कहा, "शाम को राज्यपाल से मिलकर सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. 20 नवंबर को गांधी मैदान में 11:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा."

    बीजेपी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष ने भी यही बात दोहराई. उन्होंने कहा कि एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.

    संजय कुमार झा ने बताया कि इस समारोह में पीएम मोदी और दूसरे राज्यों के एनडीए के मुख्यमंत्री शामिल होंगे.

    कैबिनेट को लेकर सवाल किए जाने पर संजय कुमार झा ने कहा कि कल नीतीश कुमार के साथ अन्य लोग भी शपथ लेंगे.

  4. बिहार में कितने उपमुख्यमंत्री होंगे के सवाल पर बीजेपी ने क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केशव प्रसाद मौर्य को बिहार में बीजेपी ने पर्यवेक्षक बनाया है

    बिहार में बीजेपी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है.

    बिहार की नई सरकार में कितने उपमुख्यमंत्री होंगे और कैबिनेट में किसे-किसे शामिल किया जाएगा, इस पर तमाम अटकलें लगाई जा रही हैं.

    पटना में मीडिया के सवालों पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "जो होगा...जैसे-जैसे होता जाएगा...वैसे-वैसे आपको बताया जाएगा. बिहार और देश आगे बढ़ेगा. एनडीए मज़बूत है."

    केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने कहा, "आज विधानमंडल की बैठक है...एनडीए के सभी प्रमुख नेता और प्रधानमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे...निश्चित रूप से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का विकास हुआ है और उन्होंने हर क्षेत्र में काम किया है."

    केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा, "बिहार में हमारी प्रचंड बहुमत से जीत हुई है...उत्साह का माहौल है...कई नेता आएंगे और समारोह में शामिल होंगे...केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि उप मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री कौन होंगे."

  5. शेख़ हसीना के बेटे ने कहा- मेरी माँ अगर बांग्लादेश नहीं छोड़तीं तो...

    शेख़ हसीना के बेटे सजीब वाजिद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शेख़ हसीना के बेटे सजीब वाजिद का आरोप है कि उनकी मां को सज़ा सुनाए जाने के मामले में सब कुछ गैर-कानूनी तरीके से हुआ

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के बेटे सजीब वाजिद ने कहा है कि उनकी मां को मौत की सज़ा सुनाए जाने के मामले में सब कुछ ग़ैर-क़ानूनी तरीक़े से हुआ है.

    बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को मौत की सज़ा सुनाई है. इस फ़ैसले के बाद बांग्लादेश ने भारत से शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है.

    शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण और बांग्लादेश के राजनीतिक संकट के दौरान भारत की भूमिका को लेकर न्यूज़ एजेंसी एएनआई उनके बेटे सजीब वाजिद से बात की.

    सजीब वाजिद ने कहा, "भारत हमेशा से एक अच्छा दोस्त रहा है. संकट के दौरान, भारत ने मेरी माँ की जान बचाई है. अगर वह बांग्लादेश नहीं छोड़तीं, तो चरमपंथियों ने उनकी हत्या की योजना बना ली होती. इसलिए, मैं अपनी माँ की जान बचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सरकार का हमेशा आभारी रहूँगा."

    शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर उन्होंने कहा, "प्रत्यर्पण के लिए न्यायिक प्रक्रिया का पालन करना ज़रूरी है. बांग्लादेश में चुनी हुई सरकार नहीं है, ये असंवैधानिक और अवैध सरकार है."

    उन्होंने कहा, "मेरी माँ को दोषी ठहराने के लिए, उनके मुक़दमे की सुनवाई तेज़ करने के लिए कानूनों में संशोधन किया गया. आप बिना संसद के क़ानून में संशोधन नहीं कर सकते हैं, इसका मतलब है कि क़ानूनों में अवैध रूप से संशोधन किया गया."

    सजीब वाजिद ने आरोप लगाया, "मेरी माँ को अपने बचाव पक्ष के वकील करने की मंज़ूरी नहीं थी. यहां तक कि उनके वकीलों को अदालतों में जाने की भी अनुमति नहीं थी. ट्रायल से पहले ही अदालत के 17 जजों को टर्मिनेट कर दिया गया, नए जज नियुक्त किए गए, जिनमें से कुछ को बेंच पर काम करने का बिल्कुल भी अनुभव नहीं था और वे राजनीतिक रूप से जुड़े हुए थे."

    उन्होंने कहा, "ऐसे में जब सब कुछ गैर-कानूनी तरीके से हुआ हो, तो कोई भी देश प्रत्यर्पण नहीं करेगा, प्रत्यर्पण के लिए उचित प्रक्रिया का पालन होना ज़रूरी है."

  6. बांग्लादेश ने भारतीय फ़ुटबॉल टीम को 1-0 से दी मात

    भारतीय फ़ुटबॉल टीम

    इमेज स्रोत, AIFF Media Team

    इमेज कैप्शन, ढाका के नेशनल स्टेडियम में भिड़ी भारत और बांग्लादेश की टीम

    एएफ़सी एशियन कप सऊदी अरब 2027 के क्वालीफायर ग्रुप सी मैच में भारतीय फ़ुटबॉल टीम मेज़बान बांग्लादेश से हार गई.

    बांग्लादेश की टीम ने मंगलवार,18 नवंबर को ढाका के नेशनल स्टेडियम में हुए इस मैच में भारत को 1-0 से हरा दिया.

    बांग्लादेश के खिलाड़ी शेख़ मोरसलिन ने 12वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी थी. भारतीय टीम एक भी गोल नहीं कर सकी.

    बांग्लादेश के न्यूज़ पेपर प्रोथोम अलो की रिपोर्ट के मुताबिक़ बांग्लादेश को भारत पर 22 साल बाद जीत मिली है.

    इससे पहले बांग्लादेश ने भारत को साल 2003 में एसएएफ़एफ़ चैंपियनशिप में हराया था.

    एसएएफ़एफ़ चैंपियनशिप दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ के सीनियर मेन्स नेशनल टीमों की फुटबॉल प्रतियोगिता है.

    ग्रुप में सिंगापुर 11 अंकों के साथ पहले पायदान पर है. टीम ने एशियन कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है. हांगकांग आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. बांग्लादेश और भारत क्रमशः पाँच और दो अंकों के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर हैं.

    अपने आख़िरी एएफ़सी एशियन कप 2027 क्वालीफ़ायर्स फ़ाइनल राउंड मैच में भारत का मुक़ाबला हांगकांग से होगा. ये मैच 31 मार्च, 2026 को होगा.

  7. अमेरिकी कांग्रेस ने एपस्टीन की फ़ाइलें जारी करने वाले विधेयक को दी मंज़ूरी, एना फागुय, बीबीसी न्यूज़

    एपस्टीन फ़ाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एपस्टीन यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी क़रार दिए गए थे और 2019 में उनकी मौत हो गई थी

    अमेरिका के दोनों सदनों हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स और सीनेट ने जस्टिस डिपार्टमेंट को जेफ़्री एपस्टीन से जुड़ी सभी फ़ाइलें जारी करने का आदेश देने पर सहमति दे दी है.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स ने फ़ाइलें जारी करने के पक्ष में 427-1 से मतदान किया और सीनेट ने बिना किसी औपचारिक मतदान के सर्वसम्मति से इसे पारित कर दिया.

    अब इस विधेयक को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास क़ानून बनने के लिए भेजा जाएगा.

    एपस्टीन यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी क़रार दिए गए थे और 2019 में उनकी मौत हो गई थी.

    हाल ही में एपस्टीन के ठिकानों से मिले दस्तावेजों के आधार पर अमेरिकी सदन की हाउस ओवरसाइट कमिटी ने 20,000 से अधिक पन्नों वाले दस्तावेज़ जारी किए थे. इनमें से कुछ में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम है.

    ट्रंप और एपस्टीन के बीच कई सालों तक दोस्ताना संबंध थे लेकिन ट्रंप का कहना है कि उन्होंने 2000 के दशक की शुरुआत में संबंध तोड़ लिए थे. उन्होंने हमेशा एपस्टीन के यौन शोषण और तस्करी से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है.

    ट्रंप ने अपनी पार्टी के सदस्यों से जेफ़्री एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइलें जारी करने के पक्ष में मतदान करने की अपील की थी.

    ट्रंप ने रविवार रात लिखा था कि हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स में रिपब्लिक पार्टी के लोगों को ऐसा करना चाहिए "क्योंकि हमारे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है". वहीं इससे पहले वह इन फ़ाइलों को लेकर मतदान को डेमोक्रेटिक पार्टी के नेतृत्व में एक ध्यान भटकाने वाला क़दम बता रहे थे.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.