इसराइल का दावा- यमन ने किया रमोन एयरपोर्ट पर हमला

इसराइली अधिकारियों का कहना है कि यमन से छोड़ा गया एक ड्रोन दक्षिणी इसराइल के रमोन एयरपोर्ट से टकराया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. लंदन में 'फ़लस्तीन एक्शन' समूह पर बैन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन, 425 से ज़्यादा गिरफ़्तार

    लंदन में प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पार्लियामेंट स्क्वायर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस कई प्रदर्शनकारियों को पकड़कर ले गई

    ब्रिटेन में 'फ़लस्तीन एक्शन' नाम के समूह पर प्रतिबंध लगाने के ख़िलाफ़ हुए प्रदर्शन में 425 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    सेंट्रल लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर पर सैकड़ों लोग इस प्रतिबंध का विरोध करने जुटे थे. कई प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख़्तियां उठाई थीं जिन पर लिखा था, "मैं जनसंहार का विरोध करता हूं, मैं फ़लस्तीन एक्शन का समर्थन करता हूं."

    मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि जिन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है उनमें अधिकतर लोग प्रतिबंधित संगठन का समर्थन करने वाले थे. वहीं 25 से ज़्यादा लोगों को पुलिस अधिकारियों पर हमले और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने से जुड़े अपराधों के तहत गिरफ़्तार किया गया है.

    सरकार ने जुलाई में टेररिज़्म एक्ट के तहत फ़लस्तीन एक्शन पर प्रतिबंध लगाया था.

    इस क़ानून के तहत संगठन की सदस्यता लेना या उसका समर्थन करना अपराध है, जिसकी सज़ा 14 साल तक की जेल हो सकती है.

    'फ़लस्तीन एक्शन' कैंपेन चलाने वाला समूह है. इसके एक प्रवक्ता ने प्रतिबंध पर पहले कहा था, "प्रतिबंध के ख़िलाफ़ विरोध तेज़ी से बढ़ता जा रहा है."

    उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन ने दिखा दिया कि फ़लस्तीन एक्शन पर प्रतिबंध "लागू करना असंभव है और यह संसाधनों की बर्बादी है."

  2. गुजरात: पावागढ़ रोपवे का केबल टूटने से 6 लोगों की मौत

    पावागढ़ रोपवे हादसा

    इमेज स्रोत, Daxesh Shah

    इमेज कैप्शन, स्थानीय प्रशासन के मुताबिक़, इस हादसे की जांच की जा रही है

    गुजरात के पंचमहल ज़िले के पावागढ़ यात्रा मार्ग में रोपवे का केबल टूट जाने से छह लोगों की मौत हो गई है. यह घटना शनिवार दोपहर क़रीब तीन बजे के आसपास हुई.

    पंचमहल के रेज़िडेंट एडिशनल कलेक्टर जेजे पटेल ने बताया कि सामान ले जाने वाली लिफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हुई है, जिससे छह लोगों की मौत हो गई है. पटेल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है.

    गोधरा से बीबीसी गुजराती सेवा के संवाददाता दक्षेश शाह ने बताया, "यह हादसा निर्माण सामग्री ले जा रहे एक ट्रॉली का तार टूटने से हुआ. सामान लेकर जाने वाला रोपवे श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले रोपवे से अलग है. हादसे के बाद, श्रद्धालुओं वाले रोपवे को भी अगली सूचना तक के लिए बंद कर दिया गया है."

    दक्षेश शाह के अनुसार, "मरम्मत के लिए जब सामान ऊपर ले जाया जा रहा था, तभी रोपवे का तार टूट गया और केबिन नीचे गिर गया. केबिन का मलबा नीचे झील में गिर गया है."

    पावागढ़ में महाकाली माता का मंदिर हिंदुओं की आस्था का केंद्र है. यह 52 शक्तिपीठों में से एक है.

    हर साल लाखों भक्त इस मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं. नवरात्रि के दौरान यहां बहुत भीड़ होती है.

  3. महिला हॉकी एशिया कप: भारत ने जापान के ख़िलाफ़ टाली हार, नवनीत कौर के गोल की चर्चा

    नवनीत कौर

    इमेज स्रोत, X/@Media_SAI

    इमेज कैप्शन, नवनीत कौर ने आख़िरी समय में गोल करके मैच ड्रॉ कराया

    महिला हॉकी एशिया कप 2025 में भारत के दूसरे पूल मुक़ाबले में नवनीत कौर के एक गोल की काफ़ी चर्चा है, जिसके दम पर भारत ने मैच बराबरी पर ख़त्म किया.

    यह मैच शनिवार को भारत और जापान के बीच खेला गया, जो कि 2-2 की ड्रॉ पर ख़त्म हुआ.

    नवनीत कौर ने मैच के अंतिम क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके भारत के लिए महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और मैच को ड्रॉ कराया.

    पहले हाफ़ में जापान की हिरोका मुरायामा ने 10वें मिनट में, जबकि भारत की ऋतुजा दादासो पिसल ने 30वें मिनट में गोल किया.

    वहीं दूसरे हाफ़ में 58वें मिनट में चिको फुजीबयाशी ने गोल करके जापान के लिए बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन अंतिम पलों में नवनीत कौर के गोल ने भारत को हार से बचा लिया.

  4. बेलारूस की सबालेंका ने लगातार दूसरी बार जीता यूएस ओपन

    आर्यना सबालेंका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आर्यना सबालेंका, 2014 में सेरेना विलियम्स के बाद यूएस ओपन की ट्रॉफ़ी बरक़रार करने वालीं पहली महिला हैं

    दुनिया की नंबर वन महिला टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने यूएस ओपन के महिला वर्ग के सिंगल्स फ़ाइनल मुक़ाबले में अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा को हराकर इस साल का पहला ग्रैंडस्लैम ख़िताब अपने नाम कर लिया है.

    बेलारूस की सबालेंका ने फ़ाइनल में लगातार स्थिर प्रदर्शन करते हुए 6-3, 7-6 (7-3) से मुक़ाबला जीत लिया.

    मैच जीतने के बाद सबालेंका भावुक दिखीं. इस साल उन्हें दो ग्रैंडस्लैम फ़ाइनल मुक़ाबलों में हार झेलनी पड़ी थी.

    पिछले साल भी सबालेंका ने यूएस ओपन का ख़िताब अपने नाम किया था.

    27 वर्षीय सबालेंका ने इस साल के आख़िरी ग्रैंडस्लैम में बेहतरीन प्रदर्शन करके अपने आलोचकों को जवाब दिया है. सबालेंका का यह चौथा ग्रैंडस्लैम सिंगल्स ख़िताब है.

  5. इसराइल का ग़ज़ा सिटी पर हमला तेज़, दूसरी सबसे ऊंची इमारत गिराई

    सुसी टावर

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुसी टावर ग़ज़ा सिटी की दूसरी सबसे ऊंची इमारत थी

    इसराइल की सेना ने ग़ज़ा सिटी में एक ऊंची इमारत को ध्वस्त कर दिया है. यह लगातार दूसरे दिन है जब किसी बड़े टावर को निशाना बनाया गया है.

    रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने इमारत गिरने का वीडियो एक्स पर साझा किया.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा कि हमास सुसी टावर का इस्तेमाल कर रहा था. हालांकि हमास ने इस दावे को ख़ारिज किया है.

    यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले में कोई हताहत हुआ या नहीं. शनिवार को हमले से पहले इसराइल ने पर्चे गिराए जिनमें फ़लस्तीनियों से दक्षिण में उस इलाक़े में जाने की अपील की गई जिसे वह मानवीय क्षेत्र कहता है.

    सुसी टावर पिछले कुछ दिनों में नष्ट होने वाली इमारतों में दूसरी सबसे ऊंची इमारत है.

    शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया था, जिसमें शहर के अल-रिमाल इलाक़े में मौजूद मुश्तहा टावर को एक बड़े धमाके के बाद गिरते हुए दिखाया गया था.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.