इसराइल का दावा- यमन ने किया रमोन एयरपोर्ट पर हमला

इसराइली अधिकारियों का कहना है कि यमन से छोड़ा गया एक ड्रोन दक्षिणी इसराइल के रमोन एयरपोर्ट से टकराया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. भारतीय हॉकी टीम ने 4-1 से जीत लिया हीरो एशिया कप, हॉकी विश्वकप के लिए किया क्वालीफाई

    भारतीय पुरुष हॉकी टीम

    इमेज स्रोत, IPRD,Bihar

    इमेज कैप्शन, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आठ साल बाद जीता एशिया कप

    भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कोरिया को 4-1 से हराकर हीरो एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया.

    इससे पहले भारत ने 2017 में ढाका में एशिया कप जीता था. इसके साथ ही भारत एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 (नीदरलैंड और बेल्जियम में) के लिए क्वालीफाई कर गया.

    रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मैच शुरू होने के सिर्फ़ तीस सेकेंड में ही सुखजीत सिंह ने पहला गोल दाग कर अपनी बढ़त बना ली.

    इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 28वें और 45वें मिनट में गोल दागे और अमित रोहिदास ने 50वें मिनट में गोल दागकर जीत भारत की झोली में डाल दी.

    इस ऐतिहासिक जीत के लिए हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी को ₹3 लाख और सपोर्ट स्टाफ को ₹1.5 लाख देने की घोषणा की है.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. इसराइल का दावा- यमन ने किया रमोन एयरपोर्ट पर हमला

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    इसराइली अधिकारियों का कहना है कि यमन से छोड़ा गया एक ड्रोन दक्षिणी इसराइल के रमोन एयरपोर्ट से टकराया है.

    हमले में टर्मिनल बिल्डिंग को नुक़सान पहुंचा और कम से कम दो लोगों को मामूली चोटें आईं.

    हमले के बाद कुछ समय के लिए उड़ानें रोक दी गई थीं. हालांकि अब एयरपोर्ट का संचालन फिर से शुरू हो गया है.

    इसराइली सेना ने कहा कि ड्रोन हमले से पहले कोई चेतावनी सायरन नहीं बजा.

    यह जांच की जा रही है कि ड्रोन को पहचानने में नाकामी क्यों हुई.

    इससे पहले इसराइली वायुसेना ने यमन से भेजे गए तीन ड्रोन को गिरा दिया था.

    पिछले महीने यमन के हूती विद्रोहियों के प्रधानमंत्री अहमद ग़ालिब अल-रहावी की इसराइली हमले में मौत हो गई थी.

    इसके बाद हूती विद्रोहियों ने बदला लेने की चेतावनी दी थी.

  4. ट्रंप के बयान पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया पर बोले थरूर, 'इतनी जल्दी माफ़ करना आसान नहीं'

    शशि थरूर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शशि थरूर का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके कर्मचारियों की ओर से आई टिप्पणियों और अपमान को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारत और अमेरिका के संबंधों पर टिप्पणी की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर जो प्रतिक्रिया दी है उस पर भी शशि थरूर ने अपना रुख़ साफ़ किया.

    रविवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कांग्रेस सांसद ने कहा, "प्रधानमंत्री ने बहुत जल्दी जवाब दिया और विदेश मंत्री ने भी इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत-अमेरिका का रिश्ता एक व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो अब भी मौजूद है. यह संदेश देना ज़रूरी था."

    थरूर ने कहा, "लेकिन हम 50 फ़ीसदी टैरिफ़ और राष्ट्रपति और उनके कर्मचारियों की ओर से आई टिप्पणियों और अपमान को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते. दोनों देशों की सरकारों और राजनयिकों को रिश्ते को दुरुस्त करने के लिए गंभीर काम करने की ज़रूरत है."

    उनका कहना है, "राष्ट्रपति ट्रंप का स्वभाव अप्रत्याशित है. उनकी कही बातों से भारत में नुक़सान और नाराज़गी हुई है. 50 फ़ीसदी टैरिफ़ का असर पहले ही दिख चुका है."

    थरूर ने कहा, "मैं इस नए सकारात्मक रुख़ का स्वागत करता हूँ, लेकिन सावधानी के साथ. इतनी जल्दी भूलना और माफ़ करना आसान नहीं है. भारतीयों को ज़मीन पर वास्तविक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें दूर करना ही होगा."

    अमेरिका और भारत के रिश्तों को 'बहुत ख़ास' बताते हुए शनिवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि वह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'हमेशा दोस्त रहेंगे' और इसमें 'चिंता की कोई बात नहीं' है.

    पीएम मोदी ने ट्रंप के बयान की सराहना की है. उन्होंने कहा है कि वह राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं की सराहना करते हैं और उनका पूर्ण समर्थन करते हैं.

    इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि ऐसा लगता है कि हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है.

  5. हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई के लिए अमेरिका-दक्षिण कोरिया में बनी सहमति, पॉलिन कोला, बीबीसी न्यूज़

    हुंडई बैटरी प्लांट में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फ़ोर्समेंट के अधिकारी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, हुंडई बैटरी प्लांट में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फ़ोर्समेंट के अधिकारी

    दक्षिण कोरिया की सरकार ने कहा है कि अमेरिका के साथ उनकी सहमति बन गई है जिसके बाद जॉर्जिया में हुंडई प्लांट पर हुई बड़ी इमिग्रेशन छापेमारी में हिरासत में लिए गए उसके नागरिकों को रिहा किया जाएगा.

    राष्ट्रपति के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ ने बताया कि प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होते ही इन नागरिकों को देश वापस लाने के लिए एक चार्टर्ड विमान भेजा जाएगा.

    कांग हून-सिक ने कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के लिए वीज़ा सिस्टम को बेहतर बनाया जाएगा.

    अमेरिकी अधिकारियों ने इस छापे में कुल 475 लोगों को गिरफ़्तार किया था. इनमें 300 से ज़्यादा दक्षिण कोरियाई नागरिक थे.

    इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फ़ोर्समेंट (आईसीई) के अधिकारियों का कहना है कि ये लोग बैटरी बनाने वाले कारखाने में ग़ैरक़ानूनी तरीके़ से काम कर रहे थे.

    व्हाइट हाउस ने इस कार्रवाई का बचाव किया है और उन आशंकाओं को ख़ारिज किया है कि छापेमारी से विदेशी निवेश प्रभावित हो सकता है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को छापों के बाद कहा, "वे लोग अवैध प्रवासी थे और आईसीई तो बस अपना काम कर रहा था."

  6. छत्तीसगढ़ के चार ज़िले बाढ़ प्रभावित, सीएम विष्णु देव साय ने क्या बताया?

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मदद के लिए कई राज्यों का शुक्रिया अदा किया है

    छत्तीसगढ़ के चार ज़िले बाढ़ से प्रभावित हैं. इन ज़िलों में बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर शामिल हैं. यह जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी है.

    सीएम साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी और चारों ज़िले प्रभावित हुए. उनके मुताबिक़ बाढ़ से मुख्य रूप से बस्तर और दंतेवाड़ा ज़िले प्रभावित हैं.

    उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रभावित ज़िलों का हवाई सर्वेक्षण किया, लोगों से मुलाक़ात की और राहत शिविरों का दौरा भी किया. उन्होंने कहा कि सरकार हर तरह से लोगों का सहयोग कर रही है.

    सीएम विष्णु देव साय ने रविवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का शुक्रिया भी अदा किया.

    मध्यप्रदेश सरकार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक ट्रेन राहत सामग्री भेजी थी.

  7. ग़ज़ा में युद्ध ख़त्म करने को लेकर इसराइल में प्रदर्शन, पीएम नेतन्याहू से ये मांग

    इसराइली बंधकों रिहाई को लेकर प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, इसराइली बंधकों की रिहाई को लेकर इसराइल में कई बार प्रदर्शन हो चुके हैं

    इसराइल में रविवार को 15 हज़ार से ज़्यादा लोग सड़कों पर उतरे और ग़ज़ा में जारी युद्ध को ख़त्म करने की मांग की.

    उन्होंने प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से अपील की कि वह बचे हुए बंधकों को छुड़ाने के लिए हमास के साथ किसी समझौते पर राज़ी हों.

    अब भी हमास के कब्ज़े में मौजूद बंधकों के परिजन और समर्थक यरूशलम के पेरिस स्क्वायर में इकट्ठा हुए. वहीं कई लोग तेल अवीव में भी जुटे.

    ग़ज़ा में अब भी 48 बंधक हमास के कब्ज़े में हैं. अनुमान है कि इनमें से क़रीब 20 अभी जीवित हैं.

    इसराइल ने उस प्रस्ताव पर अभी तक औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है जिसके तहत कुछ बंधकों को छोड़ा जा सकता है.

    हालांकि पहले वह कह चुका है कि किसी भी समझौते में सभी बंधकों की वापसी होनी चाहिए. नेतन्याहू का कहना है कि हमास पर पूरी जीत ही बंधकों को घर ला सकेगी.

  8. टीएमसी नेता ने भाजपा विधायक को दी धमकी, बीजेपी ने की कड़ी आलोचना, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    तृणमूल कांग्रेस नेता अब्दुर रहीम बख्शी

    इमेज स्रोत, Sanjay Das

    इमेज कैप्शन, तृणमूल कांग्रेस नेता अब्दुर रहीम बख्शी

    पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के विवादास्पद बयान से राजनीतिक विवाद पैदा हो गया है.

    मालदा ज़िला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुर रहीम बख्शी ने बीजेपी के एक विधायक का नाम लिए बिना कथित तौर पर उन पर एसिड डालने की धमकी दी है.

    तृणमूल कांग्रेस ने अब तक इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन बीजेपी ने इसकी कड़ी निंदा की है. पार्टी ने टीएमसी पर धमकी देने और हिंसा की संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है.

    मालदा उत्तर संसदीय सीट से बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू ने बख्शी के बयान पर पत्रकारों से कहा, "तृणमूल कांग्रेस लोगों को धमकाने में भरोसा रखती है. बख्शी ने ख़बरों में बने रहने के लिए ही ऐसा विवादास्पद बयान दिया है."

    इससे पहले शनिवार को ज़िले में पार्टी ने देश के विभिन्न राज्यों में बांग्लाभाषी प्रवासी मज़दूरों के कथित उत्पीड़न के ख़िलाफ़ एक विरोध सभा का आयोजन किया था. उसी में बख्शी ने यह बात कही है.

    हालांकि उन्होंने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि उनका निशाना बीजेपी विधायक शंकर घोष पर था. बख्शी ने अपने भाषण में शंकर घोष की ओर से विधानसभा में बंगाल के प्रवासी मज़दूरों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी बताने वाले बयान का ज़िक्र किया.

    तृणमूल कांग्रेस नेता बख्शी ने कहा था, "एक नेता ने बेशर्मी के साथ कहा कि बंगाल के 30 लाख प्रवासी मज़दूर बंगाली नहीं, बल्कि रोहिंग्या और बांग्लादेशी हैं. लेकिन अगर मैंने दोबारा ऐसी बात सुनी तो एसिड डाल दूंगा."

  9. अमेरिकी टैरिफ़ पर अरविंद केजरीवाल बोले, 'मोदी जी हिम्मत दिखाइए'

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी टैरिफ़ पर अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से जवाबी कार्रवाई की अपील की

    आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वे अमेरिकी टैरिफ़ का जवाब और ऊंचे टैरिफ़ लगाकर दें.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में केजरीवाल ने कहा, "अमेरिका ने कनाडा पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया था, तो कनाडा ने पलटकर अमेरिका पर 35 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा दिया. फिर ट्रंप झुक गए और उन्होंने टैरिफ़ वापस ले लिया."

    उन्होंने कहा, "लेकिन जब ट्रंप ने भारत पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया, तो मोदी जी ने जवाबी क़दम उठाने के बजाय अमेरिका पर पहले से लग रहे 11 फ़ीसदी टैरिफ़ को भी हटा दिया."

    केजरीवाल ने कहा, "पूरा देश मोदी जी के पीछे खड़ा है. अगर वे कपास पर 100 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा देते तो ट्रंप को झुकना पड़ता"

    उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को "कायर" और "डरपोक" बताया. उनका कहना है कि जिन देशों ने अमेरिकी टैरिफ़ का सख़्ती से जवाब दिया, ट्रंप ने उनके सामने नरमी दिखाई.

    पीएम मोदी से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा, "मोदी जी आप हिम्मत दिखाइए. अमेरिका से आने वाले सामान पर 75 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाइए. देश इसे बर्दाश्त करने को तैयार है."

    जानकारों का कहना है कि ट्रंप के टैरिफ़ के ख़िलाफ़ भारत को अपनी अर्थव्यवस्था मज़बूत करनी होगी और दुनिया के अन्य बाज़ारों में भी विकल्प तलाशने होंगे.

  10. वेटिकन में एलजीबीटीक्यू+ तीर्थ यात्रा, 1,400 लोग हुए शामिल, जारोस्लाव लुकिव, बीबीसी न्यूज़

    एलजीबीटीक्यू+ तीर्थ यात्रा

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इटली की राजधानी रोम में क़रीब 1,400 कैथोलिक रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर और हाथों में क्रॉस लेकर पहली बार आधिकारिक तौर पर हो रही एलजीबीटीक्यू+ तीर्थ यात्रा में शामिल हुए हैं.

    यह यात्रा वेटिकन के जुबली ईयर का हिस्सा है और इसमें शामिल लोग 20 देशों से आए हैं.

    ये लोग इस हफ़्ते प्रार्थना सभा और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं. हालांकि उनकी 14वें पोप लियो से निजी मुलाक़ात नहीं होगी.

    पोप फ्रांसिस (जिनका अप्रैल में निधन हुआ था) ने चर्च के एलजीबीटीक्यू+ से जुड़े नियमों में बदलाव नहीं किया था. लेकिन 2023 में जारी एक आदेश में उन्होंने पादरियों को समलैंगिक जोड़ों को आशीर्वाद देने की इजाज़त दी थी.

    इस फ़ैसले से कई पारंपरिक कैथोलिक, ख़ासकर अफ़्रीकी देशों में, नाराज़ हुए थे.

    शनिवार को एलजीबीटीक्यू+ समुदाय के लोग सेंट पीटर्स बेसिलिका के होली डोर से अंदर गए.

    रोमन कैथोलिक चर्च का जुबली ईयर हर 25 साल में मनाया जाता है. इसी दौरान यह ख़ास दरवाज़ा खोला जाता है.

  11. जापान: चुनावी हार के बाद शिगेरू इशिबा ने प्रधानमंत्री पद छोड़ा

    शिगेरू इशिबा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शिगेरू इशिबा अक्तूबर 2024 से जापान के प्रधानमंत्री थे

    जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. इसी साल जुलाई में हुए चुनावों में उनकी सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार संसद के ऊपरी सदन में बहुमत खो बैठी थी.

    इसके बाद से कहा जा रहा था कि इशिबा की राजनीतिक स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है.

    जापान की संसदीय व्यवस्था में निचला सदन अधिक शक्तिशाली माना जाता है. सत्तारूढ़ गठबंधन पिछले साल अक्तूबर में ही निचले सदन में बहुमत गंवा चुका था.

    चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री इशिबा ने कहा था कि वे पद पर बने रहेंगे. उन्होंने इसकी वजह अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते को बताया था.

    इशिबा ने उस समय कहा था, "जापान को पहली अगस्त तक अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना है. यह मेरी प्राथमिक ज़िम्मेदारी है."

  12. रूस के हमलों के बाद ज़ेलेंस्की ने सहयोगियों से की ये अपील

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर 13 मिसाइलें दागीं, इनमें से चार बैलिस्टिक मिसाइलें थीं.

    यूक्रेन पर रूस के रातभर हुए हमलों पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सहयोगियों से अपील की है कि वे "पेरिस में बनी सहमति को लागू करें."

    ज़ेलेंस्की ने टेलीग्राम पर लिखा कि यूक्रेन पर "800 से अधिक ड्रोन और 13 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से चार बैलिस्टिक मिसाइलें थीं."

    इस हफ़्ते पेरिस में हुई बैठक में यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटियों पर बातचीत हुई. ज़ेलेंस्की का कहना है कि बैठक में सहयोगियों के बीच जिन बातों पर सहमति बनी है, उन्हें लागू किया जाना चाहिए.

    उधर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के सहयोगियों की ओर से युद्धविराम के बाद "रीएश्योरेंस फ़ोर्स" भेजने के किसी भी सुझाव को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा है कि यूक्रेन में इस तरह की सेना उसके लिए वैध निशाना होंगी.

    रूस ने रातभर यूक्रेन पर ड्रोन और मिसाइलों से हमले किए. इसके जवाब में यूक्रेन ने भी रूस पर ड्रोन हमले किए हैं.

  13. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्यों कहा- जीएसटी को लेकर पहले ही हमने कहा था

    मल्लिकार्जुन खड़गे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जीएसटी में किए गए बदलाव पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रतिक्रिया दी है

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि कांग्रेस ने आठ साल पहले ही जीएसटी के केवल दो स्लैब रखने की बात कही थी.

    कांग्रेस अध्यक्ष ने रविवार को पत्रकारों से कहा, "जो भी ग़रीबों के लिए अच्छा होगा, हम उसका समर्थन करेंगे. लेकिन ये लोग ग़रीबों के नाम पर वोट बटोरने के लिए पहले लोगों को सताते रहे."

    उन्होंने कहा, "आठ साल पहले हमने सवाल उठाया था कि अगर सिर्फ़ दो स्लैब (जीएसटी के) होंगे तो ग़रीबों को फ़ायदा होगा, लेकिन इन्होंने चार-पांच स्लैब रखकर जनता को लूटा."

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा, "पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय से लेकर अब तक हमने गुटनिरपेक्ष नीति अपनाई थी. लेकिन मोदी जी ने आकर ‘ट्रंप मेरा दोस्त है’, ‘फिर एक बार ट्रंप’ जैसी बातें बोलकर देश और दुनिया का माहौल ख़राब कर दिया."

    जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में जीएसटी की नई दरें मंज़ूर की गई हैं. इसके तहत अब 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी के स्लैब को हटाकर 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी कर दिया गया है. वहीं लग्ज़री और ‘सिन’ गुड्स पर 40 फ़ीसदी का नया स्लैब जोड़ा गया है.

    जीएसटी में किए गए ये बदलाव 22 सितंबर 2025 से लागू होंगे.

    भारत सरकार ने यह बदलाव ऐसे समय में किया है जब भारत अमेरिका के साथ टैरिफ़ वार में उलझा हुआ है. इससे अमेरिका को होने वाला भारतीय निर्यात प्रभावित हुआ है.

  14. यूक्रेन की मुख्य सरकारी इमारत पर रूस का हमला, विदेश मंत्री ने यह कहा

    यूक्रेन पर रूसी हमला

    इमेज स्रोत, X/Andrii Sybiha

    इमेज कैप्शन, रूस ने यूक्रेन की मुख्य सरकारी इमारत को पहली बार निशाना बनाया है

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में मौजूद मुख्य सरकारी इमारत पर हुए रूस के हमले पर यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिए सिबिहा ने कहा है कि रूस 'अपने आतंक' को और बढ़ा रहा है.

    विदेश मंत्री का कहना है कि "ऐसे में यूक्रेन के सहयोगियों को कड़ी प्रतिक्रिया देनी चाहिए."

    उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "पहली बार, रातभर में 800 से ज़्यादा ड्रोन और मिसाइलें दागी गईं. कीएव, ओडेसा, क्रेमेन्चक, क्रिवी री, ज़ापोरिज़्ज़िया समेत अन्य शहरों में आम नागरिक मारे गए और घायल हुए. इन्फ्रास्ट्रक्चर को काफ़ी नुक़सान पहुँचा है."

    उन्होंने कहा, "सबसे बड़ा निंदनीय पहलू यह है कि ये हमले उस समय हो रहे हैं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शांति लाने की हर कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुतिन कूटनीति को ठुकराकर आतंक को और बढ़ा रहे हैं."

    रूस की ओर से यूक्रेन पर रातभर हुए हमलों के जवाब में यूक्रेन ने भी रूस पर ड्रोन के ज़रिए रातभर हमले किए.

    यूक्रेन ने रूस के पश्चिमी ब्रायांस्क इलाक़े में स्थित तेल पाइपलाइन को निशाना बनाया. यह जानकारी यूक्रेन की ड्रोन फ़ोर्स के प्रमुख रॉबर्ट 'माग्यार' ब्रोवडी ने दी.

  15. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. भारत में कब दिखाई देगा चंद्रग्रहण, वैज्ञानिकों ने बताया

    सुवेंदु पटनायक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुवेंदु पटनायक.

    भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में रविवार को चंद्रग्रहण देखने को मिलेगा. वैज्ञानिकों ने इसके समय के बारे में जानकारी दी है.

    अंतरिक्ष वैज्ञानिक डॉ. सुवेंदु पटनायक ने बताया, "हम आज बिना किसी उपकरण के आंखों से चंद्रग्रहण देख सकते हैं. यह रात क़रीब 9:37 बजे शुरू होगा और क़रीब एक घंटे तक चलेगा. रात 11 बजे चंद्रमा पूरी तरह से ढक जाएगा और लाल दिखेगा. रात 12:22 बजे तक यह इसी तरह दिखेगा."

    उन्होंने बताया, "अगला चंद्रग्रहण तीन मार्च 2026 को पड़ेगा. आज लगने वाला चंद्रग्रहण लंबे समय तक रहेगा. यह पूरे भारत में बिना किसी उपकरण के देखा जा सकता है, बशर्ते आसमान में बादल न हों."

    नेहरू तारामंडल के वरिष्ठ इंजीनियर ओपी गुप्ता ने बताया कि चंद्रग्रहण के दौरान डरने की ज़रूरत नहीं है.

    उन्होंने कहा, "खाने पीने को लेकर कई तरह की भ्रांतियां होती हैं लेकिन असल में ग्रहण के दौरान खाना खा सकते हैं."

  17. रूस ने यूक्रेन पर 800 से अधिक ड्रोन-मिसाइलें दागीं, बीबीसी की टीम ने देखीं क्रूज़ मिसाइलें

    यूक्रेन पर रूस का हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन की वायुसेना ने बताया है कि रातभर चले हमलों में रूस ने 805 ड्रोन और 13 मिसाइलें दागीं

    यूक्रेन की प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेंको ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि कीएव में कैबिनेट बिल्डिंग पर रविवार सुबह हमले हुए हैं. यह पहली बार है जब इस इमारत को निशाना बनाया गया है.

    यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रातभर चले हमलों में रूस ने 805 ड्रोन और 13 मिसाइलें दागीं. इनमें से 751 को हवा में ही मार गिराया गया.

    वायुसेना के मुताबिक़, 9 मिसाइलें और 56 ड्रोन 37 जगहों पर गिरे, जबकि आठ जगहों पर इनके मलबे गिरे.

    बीबीसी की पूर्वी यूरोप संवाददाता सारा रेन्सफ़र्ड कीएव में मौजूद हैं. उन्होंने रविवार सुबह इंडिपेंडेंस स्क्वायर के पीछे से आसमान में उठते धुएं के एक बड़े ग़ुबार को देखा.

    इसके तुरंत बाद उन्होंने दो रूसी क्रूज़ मिसाइलों को बहुत तेज़ रफ़्तार से गुज़रते हुए देखा और फिर एक धमाका सुना.

    रूसी मिसाइलों और ड्रोन से इस तरह सीधे शहर के मध्य में हमला होना असाधारण है. इस इलाक़े में यूक्रेन का एयर डिफ़ेंस सिस्टम बहुत मज़बूत है.

  18. रूस ने यूक्रेन की मुख्य सरकारी इमारत पर पहली बार किया हमला

    यूक्रेन में रूस का हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यह इमारत सेंट्रल पेचर्स्की ज़िले में स्थित है

    यूक्रेन की प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेंको ने बताया है कि रूस ने पहली बार यूक्रेन की मुख्य सरकारी इमारत पर हमला किया है.

    स्विरिडेंको ने फ़ेसबुक पर लिखा, "पहली बार दुश्मन के हमले में सरकारी इमारत की छत और ऊपरी मंज़िलों को नुक़सान पहुंचा है. राहतकर्मी आग बुझा रहे हैं."

    कीएव के मेयर वितालीए क्लिच्को ने कहा कि सरकारी इमारत में आग "कथित ड्रोन हमले" के कारण लगी.

    क्लिच्को ने टेलीग्राम पर बताया कि यह इमारत सेंट्रल पेचर्स्की ज़िले में स्थित है और दमकलकर्मी अब भी आग बुझा रहे हैं.

    कीएव के अन्य हिस्सों में भी हमले हुए हैं. इनमें एक गोदाम, 16 मंज़िला आवासीय इमारत और एक चार मंज़िला इमारत को निशाना बनाया गया.

    कीएव पर रूसी हमले

    इमेज स्रोत, Ukraine's emergency service DSNS

    इमेज कैप्शन, रविवार तड़के कीएव में कई धमाके हुए

    यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया है कि राजधानी कीएव पर रातभर हुए रूसी ड्रोन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग घायल हुए हैं.

    रूस ने यूक्रेन के मध्य इलाक़े में स्थित राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के होमटाउन क्रिवी रीह पर भी हमला किया है.

    रविवार तड़के कीएव में कई धमाके हुए. इनमें से कम से कम एक धमाका शहर के बीचों-बीच हुआ, जिसे बीबीसी ने भी देखा. कई क्रूज़ मिसाइलों ने भी कीएव को निशाना बनाया.

  19. हज़रतबल दरगाह के वायरल वीडियो मामले पर बीजेपी सांसद ने अब यह बात कही

    ग़ुलाम अली खटाना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ग़ुलाम अली खटाना बीजेपी के राज्यसभा सांसद हैं

    जम्मू-कश्मीर के हज़रतबल दरगाह के वायरल वीडियो मामले में भारतीय जनता पार्टी के सांसद ग़ुलाम अली खटाना ने कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ़्रेंस पर निशाना साधा है.

    जम्मू-कश्मीर से बीजेपी के राज्यसभा सांसद ग़ुलाम अली खटाना ने कहा, "कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ़्रेंस और कश्मीर के स्थानीय दलों ने मुसलमान के नाम पर मुसलमानों को बहुत नुक़सान पहुंचाया है. मुसलमानों को हिकमत और जज़्बात, दोनों को बैलेंस करके चलना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "ये नेशनल एंब्लेम इबादतगाह के बाहर था. इसमें सरकारी पैसा लगा था. जहां सरकार का पैसा लगेगा, वहां एंब्लेम उस डिपार्टमेंट की अनुमति से लगा सकते हैं और उसकी इज़्ज़त करना हर शख़्स के लिए ज़रूरी है. उसको शरारती तत्वों से तुड़वाना नेशनल कॉन्फ़्रेंस और कांग्रेस की साज़िश है."

    इस मामले में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने भी प्रतिक्रिया दी थी.

    पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "पहला सवाल यह है कि उस पत्थर पर एंब्लेम लगना चाहिए था या नहीं. मैंने अब तक किसी भी मज़हबी कार्यक्रम में इस तरह का एंब्लेम इस्तेमाल होते नहीं देखा है. क्या मजबूरी थी कि हज़रतबल के इस पत्थर पर एंब्लेम का इस्तेमाल किया गया? और नया पत्थर लगाने की क्या ज़रूरत थी?"

    सीएम अब्दुल्लाह का कहना है कि 'लोगों के जज़्बातों के साथ खिलवाड़ हुआ. कम से कम उसके लिए माफ़ी मांगी जाए.'

    दरअसल, जम्मू-कश्मीर के हज़रतबल दरगाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में कुछ लोग एक पट्टिका का हिस्सा तोड़ते दिखाई दे रहे हैं.

    रिपोर्ट्स के मुताबिक़, लोग पट्टिका पर मौजूद नेशनल एंब्लेम से नाराज़ थे, उनका कहना है कि मज़हबी जगह में यह नहीं होना चाहिए.

  20. पुर्तगाल के लिस्बन फ़्यूनिकुलर ट्रेन हादसे की जांच में क्या पता चला?

    फ्युनिक्युलर रेल हादसा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पटरी से उतरने के बाद डिब्बा इमारत से टकरा गया था

    पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में बुधवार को हुई दुर्घटना की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया है कि रेलवे रूट में लगी एक केबल टूट गई थी, जबकि बाकी चीज़ें सही से काम कर रही थीं.

    नेशनल ट्रांसपोर्ट सेफ़्टी ऑफ़िस के बयान में कहा गया, "घटनास्थल पर मलबे की जांच के बाद यह तय हो गया कि दो डिब्बों को जोड़ने वाली केबल टूट गई थी."

    जांच अधिकारियों ने बताया कि ब्रेकमैन ने इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन वह डिब्बे को पटरी से उतरने से रोकने में नाकाम रहा.

    इस हादसे में प्रतिष्ठित ग्लोरिया फ़्यूनिकुलर रेलगाड़ी का एक डिब्बा एक इमारत से टकरा गया था, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 20 लोग घायल हुए थे.

    पुलिस के अनुसार, मरने वाले लोगों में पांच पुर्तगाली, तीन ब्रिटिश, दो दक्षिण कोरियाई, दो कनाडाई, एक अमेरिकी, एक यूक्रेनी, एक स्विस और एक फ़्रांसीसी नागरिक शामिल थे.

    लिस्बन की फ़्यूनिकुलर ट्रेन क़रीब 140 साल पहले शुरू हुई थी. इसे लिस्बन की खड़ी ढलानों पर ऊपर-नीचे चलने के लिए बनाया गया था.

    यह शहर के लोगों के लिए परिवहन का एक अहम साधन होने के साथ-साथ पर्यटकों के बीच भी काफ़ी लोकप्रिय है.