रात के दस बजे रहे हैं. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को अब दीज़िए इज़ाजत.
तब तक आप बीबीसी हिन्दी के पेज पर कुछ अहम ख़बरों को उसके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
श्रीनगर की हज़रतबल दरगाह क्यों है ख़ास, जहां अशोक स्तंभ पर छिड़ा है विवाद
एशिया कप हॉकी: भारत ने चीन को 7-0 से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई
इमेज स्रोत, IPRD, Bihar
भारत ने हॉकी एशिया कप 2025 के सुपर-4 स्टेज के अपने आख़िरी मुक़ाबले में चीन को 7-0 से हराकर फ़ाइनल में एंट्री कर ली है. जबकि दूसरी ओर से दक्षिण कोरिया भी खिताबी मुक़ाबले में पहुंच गया है.
मैच में भारत ने पहले हाफ़ तक 3-0 की बढ़त बना ली थी. भारत की ओर से शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह और मंदीप सिंह ने एक-एक गोल दागा.
दूसरे हाफ़ में राजकुमार पाल और सुखजीत सिंह ने एक-एक गोल किया, जबकि अभिषेक नैन ने दो गोल जोड़कर टीम की जीत को और शानदार बना दिया.
भारत अब चौथी बार एशिया कप जीतने की कोशिश करेगा, जिसमें से दूसरी बार यह खिताब अपने घरेलू मैदान पर होगा.
एशिया कप 2025 की ख़ास अहमियत है क्योंकि इस टूर्नामेंट का विजेता सीधे एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में क्वालिफ़ाई करेगा.
पीएम मोदी ने फ़्रांस के राष्ट्रपति से की बात, क्या था एज़ेंडा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (दाएं)- फ़ाइल फ़ोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फ़ोन पर बातचीत की. दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष को जल्द ख़त्म करने की कोशिश पर बात की.
बातचीत के दौरान भारत और फ़्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की सकारात्मक समीक्षा भी की गई.
पीएम नरेंद्र मोदी ने इस बातचीत का ज़िक्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करते हुए लिखा, "राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई. हमने कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और उसे सकारात्मक रूप से आंका."
उन्होंने लिखा, "हमने यूक्रेन संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने के प्रयासों सहित अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. भारत और फ्रांस रणनीतिक साझेदारी, वैश्विक शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते रहेंगे."
ये बातचीत ऐसे समय में हुई है जब यूक्रेन युद्ध समाप्त करने लेकर अमेरिकी कोशिश का अभी तक कोई नतीज़ा नहीं दिखा है.
अमेरिका के अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बातचीत के बाद युद्ध ख़त्म करने को लेकर कोई सकारात्मक कदम उठता नहीं दिखा है.
हालांकि इस बीच 26 यूरोपीय मुल्कों में कोआलिशन ऑफ़ द विलिंग बनाने को लेकर सहमति बन गई है. इस कदम के तहत रूस-यूक्रेन जंग ख़त्म होने के बाद यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी के लिए यूरोपीय मुल्क अपनी सेना यूक्रेन भेजने पर सहमत हुए हैं.
शरजील इमाम ने दिल्ली दंगा मामले में ज़मानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, शरजील इमाम
दिल्ली में साल 2020 में हुए दंगों की साज़िश के मामले में अभियुक्त शरजील इमाम ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया है. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने इमाम को ज़मानत देने से इनकार किया था.
यह मामला नागरिकता संशोधन क़ानून और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर के ख़िलाफ़ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्व दिल्ली में हुई हिंसा से जुड़ा है.
इमाम पर आरोप है कि हिंसा भड़काने में उनका हाथ था.
हाई कोर्ट में जिनकी ज़मानत याचिकाएँ ख़ारिज हुई थीं उनमें शरजील इमाम और उमर ख़ालिद के साथ कुछ और लोग भी थे.
उमर ख़ालिद की ज़मानत याचिका इससे पहले एक बार साल 2022 में भी दिल्ली हाई कोर्ट से ख़ारिज हो गई थी.
दिल्ली हाई कोर्ट के सामने इन सभी अभियुक्तों ने अपने-अपने तर्क रखे. हालाँकि, इनमें कुछ बातें एक जैसी थीं.
सभी अभियुक्तों का कहना था कि मुक़दमा अब तक शुरू नहीं हुआ है. जिस गति से बहस चल रही है, इससे लगता है कि ये मुक़दमा काफ़ी लंबे समय तक चलेगा.
साथ ही, उन्होंने पुलिस के सबूतों पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि उन पर 'आतंकवाद' का केस नहीं बनता है.
उनका कहना था कि वे नागरिकता क़ानून के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उसमें कुछ भी ग़ैर-कानूनी नहीं था.
मध्य प्रदेश: चूहों के काटने से नवजात बच्ची की मौत के मामले में नया मोड़, परिवार वालों का ये गंभीर आरोप, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज कैप्शन, परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल ने उन्हें जानकारी दिए बगैर बच्ची को लावारिस घोषित कर दिया
इंदौर के एमवायएच अस्पताल में दो नवजात बच्चों को चूहों के काटने और फिर उनकी मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है.
इनमें से एक बच्ची को अस्पताल प्रशासन ने लावारिस बताया था. लेकिन बच्ची के परिजन सामने आए हैं और दस्तावेज़ बताते हैं कि उसे धार जिला अस्पताल से रेफर किया गया था.
परिजनों का आरोप है कि वे दो दिन तक अस्पताल के बाहर भूखे-प्यासे बैठे रहे. डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया और बाद में बच्ची की मौत के बाद उसे लावारिस घोषित कर दिया गया.
बच्ची को लावारिस बताया था लेकिन परिवार वाले सामने आए
धार जिले के रूपापाड़ा गांव की रहने वाली 25 साल की मंजू कटारा ने बीबीसी से कहा, “मेरी बच्ची को अस्पताल में चूहे ने काट लिया था. इसकी जानकारी देना तो छोड़िए किसी ने यह भी नहीं बताया कि बच्ची की मौत हो चुकी है.”
मंजू और उनके पति देवाराम कटारा की बच्ची को इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवायएच) में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात चूहों ने काट लिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
एमवायएच अस्पताल में अब तक चूहों के काटने से दो नवजात बच्चों की मौत हो चुकी है.
अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अशोक यादव ने 2 सितम्बर को बीबीसी से कहा था, “मृतक नवजात बच्ची को उसके परिजन अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए थे. प्रबंधन ने उसे इलाज के लिए एनआईसीयू में रखा था.”
बीबीसी को मिले दस्तावेज़ बताते हैं कि बच्ची को 31 अगस्त को धार जिला अस्पताल से एमवायएच रेफर किया गया था. उसे अपूर्ण गुदा की समस्या के कारण सर्जिकल उपचार के लिए भेजा गया था.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एक मरीज़ की तीमारदार मिथिलेश जाटव ने बीबीसी को बताया था कि 'अस्पताल में चूहों का आतंक है'
परिवार वालों ने कहा उनके साथ धोखा हुआ
जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश मुजाल्दा ने बीबीसी से कहा, “पूरे प्रदेश में यह जानकारी फैली थी कि चूहों के काटने से दो बच्चों की मौत हो गई है. प्रशासन उनमें से एक बच्ची को लावारिस बता रहा था. हमें जब कुछ गड़बड़ी का इनपुट मिला तो संगठन ने अपने नेटवर्क से उस बच्ची के मां-बाप को ढूंढ़ निकाला. उनसे मिलने के बाद पता चला कि अस्पताल इस मुद्दे को दबाना चाहता था.”
बच्ची के पिता देवाराम कटारा ने कहा, “बच्ची को भर्ती कराने के बाद हम दो दिन तक अस्पताल के बाहर रुके, भूखे-प्यासे. अंदर जाने नहीं दिया गया. फिर डॉक्टरों ने कहा घर जाओ, हम फोन पर जानकारी देंगे. हमारे साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है.”
अस्पताल के डीन अरविंद घनघोरिया ने इन आरोपों पर कहा, “बच्ची के परिजन उसे छोड़कर चले गए थे. बच्ची की मृत्यु होने के बाद हमने पुलिस को सूचना दी थी और तय प्रक्रिया के तहत पुलिस जांच कर रही थी.”
दिल्ली में जुटे मनरेगा मज़दूर, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर लगाया ये आरोप, सुमेधा पाल, बीबीसी संवाददाता
इमेज कैप्शन, दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते मनरेगा कार्यकर्ता और मज़दूर
शनिवार को दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया में नरेगा कार्यकर्ताओं और मज़दूरों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि मनरेगा को योजनाबद्ध तरीक़े से कमज़ोर किया जा रहा है.
नरेगा कार्यकर्ता मुकेश ने कहा, “मनरेगा जिस गारंटी की बात करता है वो गारंटी कहाँ नज़र आ रही है, हमें बस संघर्ष नज़र आ रहा है. लोगों को लगता था कि इस योजना से पलायन कम होगा, लोगों को घरों के पास रोज़गार मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा. मगर ऐसा हुआ नहीं.”
वहीं एक और कार्यकर्ता रामबेटी ने कहा, “मनरेगा के आने से महिलाएं बराबरी की राह पर आगे बढ़ी थीं. मगर अब नई तकनीक जैसे जियो टैगिंग की वजह से दिक़्क़तें पैदा हो रही हैं. जॉब कार्ड नहीं बन पा रहे हैं, भुगतान नहीं हो रहा है. इससे महिलायें सबसे ज़्यादा परेशान हैं.”
कार्यकर्ताओं और मज़दूरों ने बताया कि वे वेतन भत्ता, बेरोज़गारी भत्ता की माँग कर रहे हैं और फ़ेशियल रिकॉग्निशन में आने वाली दिक्कतों से निजात चाहते हैं.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन नरेगा संघर्ष मोर्चा की तरफ़ से किया गया था. यहाँ 11 राज्यों से मज़दूर आए थे.
मनरेगा को शुरू हुए 20 साल हो चुके हैं. महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोज़गार गारंटी अधिनियम यानी मनरेगा रोज़गार देने वाली दुनिया की सबसे बड़ी योजना मानी जाती है.
श्रेयस अय्यर संभालेंगे ऑस्ट्रेलिया 'ए' के ख़िलाफ़ इंडिया 'ए' की कप्तानी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ भारतीय टीम के कप्तान होंगे
बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ खेले जाने वाले दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए इंडिया ए टीम की घोषणा कर दी है. अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इस टीम के कप्तान होंगे.
अय्यर को एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया था. फ़िलहाल वो दलीप ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में वेस्ट जोन की ओर से सेंट्रल जोन के ख़िलाफ़ खेल रहे हैं.
ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ एन जगदीशन को बतौर विकेटकीपर टीम में शामिल किया गया है जबकि ध्रुव जुरेल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जगदीशन दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में साउथ जोन के लिए खेल रहे हैं.
ट्रंप ने वेनेज़ुएला को दी धमकी, कहा- ये कदम उठाया तो लड़ाकू विमानों को मार गिराएंगे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेज़ुएला को चेतावनी दी है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर वेनेज़ुएला के लड़ाकू विमान अमेरिकी नौसैनिक जहाज़ों के ऊपर से उड़ते हैं और अमेरिका के लिए ख़तरा पैदा करते हैं तो उन्हें मार गिराया जाएगा.
अमेरिकी अधिकारियों ने बीबीसी के पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को बताया कि वेनेज़ुएला ने दक्षिण अमेरिका के पास एक अमेरिकी जहाज़ के नज़दीक लगातार दो दिन तक सैन्य विमान उड़ाए थे. ट्रंप का ये बयान इसी के बाद आया है.
दरअसल कुछ ऐसी रिपोर्टें आई थीं कि वेनेज़ुएला से आ रहे एक जहाज़ में नशीली दवाइयां लाई जा रही हैं. एक गिरोह इसे चला रहा है. इसके बाद अमेरिकी सेना के हमले में इसमें सवार 11 लोग मारे गए थे.
वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि उनके देश पर अमेरिका जो आरोप लगा रहा है वो सही नहीं है. दोनों देशों के बीच जो मतभेद हैं उसका ये हल ये नहीं है कि सैन्य संघर्ष हो.
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका प्यूर्टो रिको में 10 एफ-35 लड़ाकू विमान भेज रहा है.
ट्रंप लंबे समय से मादुरो के आलोचक रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने अगस्त में वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति की गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने पर इनाम को दोगुना कर 5 करोड़ डॉलर कर दिया था.
उन्होंने मादुरो पर आरोप लगाया था कि वह "दुनिया के सबसे बड़े नार्को-तस्करों में से एक" हैं.
तेजस्वी ने नीतीश पर साधा निशाना, कहा- ‘बिहार की क्या स्थिति बना दी है’?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर नीतीश सरकार
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बिहार पर 20 साल तक शासन किया उनसे क्यों नहीं पूछा जा रहा कि इतने दिनों में राज्य में शिक्षा, रोज़गार और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति क्यों नहीं सुधरी.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘’जिन लोगों ने बिहार में इतने दिनों तक शासन किया, उनको देखिये क्या स्थिति बना रखी है. प्रति व्यक्ति आय, रोजगार, निवेश, शिक्षा सबमें बिहार सबसे पिछड़ा राज्य बन गया है.’’
तेजस्वी यादव ने कहा, "हमने जो नारा दिया- पढ़ाई, कमाई, दवाई उसी की ये लोग नकल कर रहे हैं. चार सौ रुपये महिलाओं को पेंशन दिया जा रहा था, हमारे सरकार में आने पर ये बढ़ी. तेजस्वी जो कहते हैं उसकी ये नकल करते हैं."
बिहार में इस साल के अंत तक चुनाव होने हैं. लिहाजा राजनीतिक सरगर्मियां और बयानबाजियां तेज हो गई हैं.
बिहार में इस बार चुनावी रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है.
विश्लेषकों का कहना है बिहार में इस बार एनडीए,राजद, कांग्रेस और सीपीआई-एमएल के गठबंधन और जनसुराज पार्टी में त्रिकोणीय मुक़ाबला हो सकता है.
जम्मू-कश्मीर: हज़रतबल दरगाह के वायरल वीडियो पर सीएम उमर अब्दुल्लाह ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, AP
इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ( फ़ाइल फ़ोटो)
जम्मू-कश्मीर के हज़रतबल दरगाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसी वीडियो पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने प्रतिक्रिया दी है.
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "पहला सवाल यह है कि उस पत्थर पर एंब्लेम लगना चाहिए था या नहीं. मैंने अब तक किसी भी मज़हबी कार्यक्रम में इस तरह का एंब्लेम इस्तेमाल होते नहीं देखा है."
सीएम ने कहा, "क्या मजबूरी थी कि हज़रतबल के इस पत्थर पर एंब्लेम का इस्तेमाल किया गया? और नया पत्थर लगाने की क्या ज़रूरत थी?"
उन्होंने कहा, "दरगाह हज़रतबल को यह रूप शेख़ मोहम्मद अब्दुल्ला ने दिया था. क्या उन्होंने कहीं ऐसे पत्थर लगवाए थे? लोग उनके काम को याद करते हैं, भले ही उन्होंने अपने लिए कोई पत्थर नहीं लगवाया."
सीएम अब्दुल्लाह का कहना है कि 'लोगों के जज़्बातों के साथ खिलवाड़ हुआ. कम से कम उसके लिए माफ़ी मांगी जाए'.
उन्होंने कहा, "आप गूगल करके देख सकते हैं कि कहीं पर भी यह सरकारी एंब्लेम इस्तेमाल नहीं होता. यह सिर्फ़ सरकारी कार्यक्रमों में इस्तेमाल होता है."
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग एक पट्टिका का हिस्सा तोड़ते दिखाई दे रहे हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक़, लोग पट्टिका पर मौजूद नेशनल एंब्लेम से नाराज़ थे. उनका कहना है कि मज़हबी कार्यक्रम में यह नहीं होना चाहिए.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
पंजाब के सीएम भगवंत मान अस्पताल में भर्ती, मंत्री हरपाल सिंह ने बताया हाल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री भगवंत मान को शुक्रवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के स्वास्थ्य को लेकर पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जानकारी दी है.
उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा, "पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले दो-तीन दिनों से बीमार थे. बीती रात उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया."
मंत्री हरपाल सिंह ने बताया, "आज हमने उनसे मुलाक़ात की, वह स्वस्थ हैं. डॉक्टरों ने उन्हें दो दिन और आराम करने की सलाह दी है."
हरपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे पंजाब के हालात और लोगों के बारे में बात की.
उनका कहना है कि जब सीएम पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे, तब वह लोगों के बीच जाएंगे और बाढ़ से प्रभावित लोगों को मुआवज़ा देंगे.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मुख्यमंत्री भगवंत मान को शुक्रवार शाम मोहाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्हें थकान और दिल की धड़कन धीमी होने की शिकायत थी.
ट्रंप की तारीफ़ और पीएम मोदी के बयान पर एस. जयशंकर ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जयशंकर ने कहा है कि ट्रंप और पीएम मोदी के अच्छे व्यक्तिगत रिश्ते हैं
भारत-अमेरिका के संबंधों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रतिक्रिया दी है.
विदेश मंत्री ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के साथ हमारे साझेदारी संबंधों को बहुत अहमियत देते हैं."
उन्होंने कहा, "जहां तक राष्ट्रपति ट्रंप की बात है, प्रधानमंत्री मोदी के उनके साथ हमेशा अच्छे व्यक्तिगत रिश्ते रहे हैं. लेकिन असल मुद्दा यह है कि हम अमेरिका से लगातार जुड़े हुए हैं. फ़िलहाल मैं इससे ज़्यादा कुछ नहीं कह सकता."
एस. जयशंकर का बयान ऐसे समय आया है जब कुछ देर पहले ही अमेरिका और भारत के रिश्तों को 'बहुत ख़ास' बताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'हमेशा दोस्त रहेंगे' और इसमें 'चिंता की कोई बात नहीं' है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के बयान की सराहना की. उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं की तहे दिल से सराहना करते हैं और उनका पूर्ण समर्थन करते हैं.
मध्य प्रदेश: ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस में आपत्तिजनक गीत बजाने और झंडे दिखाने का आरोप
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, खंडवा के मुख्य पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे
मध्य प्रदेश के खंडवा में ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक गीत बजाने और झंडे दिखाने का आरोप लगा है.
हिंदू संगठनों का कहना है कि जुलूस के दौरान यह सब किया गया, जिसके विरोध में उन्होंने कोतवाली थाने के बाहर प्रदर्शन किया.
खंडवा के मुख्य पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे ने पत्रकारों से कहा, "ईद के जुलूस को लेकर हिंदू समाज के कुछ लोग ज्ञापन देने आए थे. उन्होंने कुछ तथ्य दिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है."
उन्होंने कहा, "जांच के बाद इसमें जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, की जाएगी."
पाकिस्तान की मशहूर गायिका क़ुर्रतुलैन बलोच पर भालू का हमला, अधिकारी ने क्या बताया?, मोहम्मद ज़ुबैर ख़ान, बीबीसी उर्दू
इमेज स्रोत, GB government
इमेज कैप्शन, डॉक्टरों का कहना है कि क़ुर्रतुलैन की हालत ख़तरे से बाहर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है
पाकिस्तान की मशहूर गायिका क़ुर्रतुलैन बलोच भालू के हमले में घायल हुई हैं.
गुरुवार की रात वह अपनी टीम के साथ गिलगित-बल्तिस्तान के मशहूर दियोसाई नेशनल पार्क में कैंपिंग कर रही थीं.
वह अपने टेंट में थीं, तभी अचानक एक बड़ा हिमालयी भूरा भालू उनके टेंट में घुस आया.
उन्होंने ज़ोर से चीख़ा तो उनका स्टाफ़, वाइल्डलाइफ़ अधिकारी और होटल के कुछ स्टाफ़ तुरंत वहां पहुंच गए.
वहां मौजूद एक वाइल्डलाइफ़ अधिकारी और गिलगित-बल्तिस्तान सरकार ने बीबीसी उर्दू को बताया कि गायिका के हाथ पर चोट के निशान थे, हो सकता है कि भालू ने अपने पंजे से हमला किया हो.
वाइल्डलाइफ़ अधिकारी के मुताबिक़, हमला करने के बाद भालू तुरंत भाग गया.
घटनास्थल पर पहुंचे एक अधिकारी ने बताया, "क़ुर्रतुलैन बहुत बहादुर हैं और इस भालू को देखकर बेहोश नहीं हुईं."
उन्होंने कहा, "यह 200 किलोग्राम से ज़्यादा वज़न वाला एक भूखा भालू था. अगर वह बेहोश हो जातीं, तो स्थिति और भी ख़राब हो सकती थी."
जॉर्जिया में हुंडई प्लांट पर छापा, अमेरिकी एजेंसी ने वीज़ा उल्लंघन का लगाया आरोप
इमेज स्रोत, ATF
इमेज कैप्शन, आईसीई का कहना है कि यह छापा अमेरिकी नौकरियों की सुरक्षा के लिए ज़रूरी था
अमेरिकी इमिग्रेशन और कस्टम्स एन्फ़ोर्समेंट (आईसीई) के मुताबिक़, गुरुवार को जॉर्जिया राज्य में हुंडई के एक प्लांट से 475 लोगों को गिरफ़्तार किया गया.
इनमें ज़्यादातर दक्षिण कोरिया के नागरिक थे, जो ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से काम कर रहे थे.
एजेंसी का कहना है कि कारख़ाने में काम करने वाले लोगों ने अपने विज़िटर वीज़ा की शर्तों का उल्लंघन किया था.
आईसीई ने कहा, "शॉर्ट-टर्म या घूमने-फिरने वाले वीज़ा पर आए लोग अमेरिका में काम करने के लिए अधिकृत नहीं होते."
दक्षिण कोरियाई कंपनियां आने वाले वर्षों में अमेरिकी उद्योगों में अरबों डॉलर निवेश करने का वादा कर चुकी हैं.
इस बीच दक्षिण कोरिया ने जॉर्जिया में अपने राजनयिक भेजे हैं और अपने नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करने की अपील की है.
मस्क ने अगर कर दिखाया यह काम तो टेस्ला उन्हें देगी 1 ट्रिलियन डॉलर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वर्तमान में एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख़्स हैं
टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क को एक ऐसा वेतन पैकेज मिलने वाला है जिसकी क़ीमत 1 ट्रिलियन डॉलर से ज़्यादा होगी. लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं.
इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के बोर्ड की ओर से दिए गए प्रस्ताव के मुताबिक़, उन्हें यह पैकेज तभी मिलेगा जब वह आने वाले दस सालों में कंपनी के लिए कुछ बेहद महत्वाकांक्षी लक्ष्य पूरे कर पाएंगे.
इस पैकेज को पाने के लिए मस्क को टेस्ला की वैल्यू आठ गुना बढ़ानी होगी, 10 लाख आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस रोबोट बेचने होंगे, 1.2 करोड़ टेस्ला कारों की बिक्री करनी होगी और कई अन्य मुश्किल लक्ष्य हासिल करने होंगे.
इस दौरान मस्क को न तो सैलरी मिलेगी और न ही बोनस. इसके बजाय उन्हें शेयर दिए जाएंगे, जिनकी क़ीमत सभी लक्ष्य पूरे करने पर 1 ट्रिलियन डॉलर तक होगी.
कंपनी के बोर्ड ने निवेशकों से अपील की है कि वे इस प्रस्ताव के पक्ष में वोट करें.
टेस्ला की चेयर रॉबिन डेनहोल्म ने कहा, "आज जो बढ़त असंभव लगती है, उसे नए विचारों, बेहतर तकनीक और बड़ी नवाचार क्षमता से हासिल किया जा सकता है."
हमास ने इसराइली बंधकों का वीडियो जारी किया, इसराइल बोला- ग़ज़ा पर क़ब्ज़ा इकलौता रास्ता, माइया डेविस, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Supplied
इमेज कैप्शन, हमास की ओर से जारी वीडियो में गाइ गिलबोआ-दलाल को देखा जा सकता है, जो ग़ज़ा सिटी में होने का दावा कर रहे हैं
हमास ने एक नया वीडिया जारी किया है, जिसमें दो इसराइली बंधक नज़र आ रहे हैं. हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को इसराइल पर किए हमले के दौरान इन्हें बंधक बनाया था.
वीडियो में दावा किया गया है कि गाइ गिलबोआ-दलाल अगस्त के आख़िर में ग़ज़ा सिटी में हैं.
साथ ही वह वीडियो में यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि वह और आठ अन्य लोग यहां बंदी बनाए गए हैं और इसराइल की ज़मीनी कार्रवाई के बावजूद यहीं रहेंगे.
वीडियो में एक और बंधक अलोन ओहेल भी दिखाई दे रहे हैं.
इससे पहले हमास ने जो इसराइली बंधकों का वीडियो शेयर किया था, दुनिया भर के नेताओं और पीड़ित परिवारों ने 'प्रोपेगेंडा' बताते हुए उसकी निंदा की थी.
इसराइल के धुर दक्षिणपंथी माने जाने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन-ग्वेर ने कहा कि ग़ज़ा पर पूरी तरह क़ब्ज़ा करना ही एकमात्र रास्ता है, जिससे 'बंधकों को सुरक्षित वापस लाया जा सके'.
टेनिस खिलाड़ी अल्काराज़ ने जोकोविच को हराकर यूएस ओपन फ़ाइनल में जगह बनाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अल्काराज़ अब तक पांच ग्रैंडस्लैम ख़िताब जीत चुके हैं
दुनिया में नंबर दो के टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ ने 38 साल के नोवाक जोकोविच को हराकर एक बार फिर यूएस ओपन के फ़ाइनल में जगह बना ली है.
22 साल के स्पेनिश युवा खिलाड़ी अल्काराज़ ने 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता जोकोविच को कड़ी टक्कर देते हुए 6-4, 7-6 (7-4), 6-2 स्कोर से जीत दर्ज की.
पहले दो सेट बेहद कड़े रहे, लेकिन तीसरे सेट की शुरुआत में ही सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच थकान से जूझने लगे और खेल का फ़ासला बढ़ गया.
मैच के बाद जोकोविच नेट के पास आकर अल्काराज़ को बधाई देते दिखे.
2022 के चैंपियन अल्काराज़ अब रविवार के फ़ाइनल में इटली के जैनिक सिनर और कनाडा के फ़ेलिक्स ओजे आलियासिम के बीच होने वाले सेमीफ़ाइनल के विजेता से भिड़ेंगे.
मैच के बाद अल्काराज़ ने कहा, "एक बार फिर फ़ाइनल में पहुंचना कमाल का एहसास है. मेरे लिए यह बहुत मायने रखता है."
उन्होंने कहा, "भले ही यह टूर्नामेंट का मेरा सबसे अच्छा खेल नहीं था, लेकिन मैंने शुरुआत से आख़िर तक संयम बनाए रखा."
नमस्कार!
बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.